छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
चार युवक बाइक पर कर रहे थे खतरनाक स्टंट, पलभर में पुलिस ने दबोचा, मांगने लगे माफी...
21 Mar, 2023 01:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर| रायपुर पुलिस ने बाइक पर स्टंट कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले चार युवकों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने बाइक पर सवार चारों आरोपियों को पकड़कर कोर्ट भेज दिया। वहीं वाहन जब्त कर लाइसेंस निलंबन की की कार्रवाई अलग से की गई।
रायपुर पुलिस ने बाइक पर स्टंट कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले चार युवकों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने बाइक पर सवार चारों आरोपियों को पकड़कर कोर्ट भेज दिया। वहीं वाहन जब्त कर लाइसेंस निलंबन की की कार्रवाई अलग से की गई।
20 मार्च को दोपहर 3 बजे के आसपास सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड हुआ, जिसमें पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय कैंपस के भीतर बाइक पर लापरवाही पूर्वक बिना हेलमेट तीन सवारी स्टंट करते हुए वाहन चलाते हुए देखा गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक पर तीन युवक बैठकर फर्राटे मार रहे हैं। वहीं बाइक पर बैठे तीनों युवक चाैथे युवक को तीरछे लिटाकर लिए जा रहे हैं। इस स्टंट के दौरान चौथा युवक गिर भी सकता था। लिहाजा, पुलिस ने समय रहते चारों को पकड़कर कार्रवाई की।
जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। ये वीडियो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार अग्रवाल के संज्ञान में आते ही त्वरित कार्यवाही के निर्देश पर ट्रैफिक के एएसपी जयप्रकाश बढ़ई के मार्गदर्शन में थाना यातायात टाटीबंध और थाना सरस्वती नगर के अधिकारी कर्मचारियों ने तुरंत कार्यवाही करते हुए बाइस सवार लड़कों को घंटेभर के भीतर पकड़ कर वाहन जब्त किया।
Chhattisgarh में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़...
21 Mar, 2023 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़| छत्तीसगढ़ में पुलिस और नक्सली एक बार फिर आमने-सामने आ गए। कोरचोली और टोडका के बीच के जंगलों में आज सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को सुरक्षा बलों ने मार गिराया।
छत्तीसगढ़ के गंगालूर थाना क्षेत्र के कोरचोली और टोडका के बीच के जंगलों में आज सुबह करीब साढ़े छह बजे पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई है। मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान में 12 बोर की राइफल बरामद हुई है।
बीजापुर एसपी आंजनेय वार्ष्णेय के अनुसार गंगालूर थाना क्षेत्र के कोरचोली और टोडका के बीच जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच सुबह-सुबह मुठभेड़ हुई। इसदौरान में एक महिला नक्सली की मौत हुई है। मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान भी चलाया गया। जिसमें नक्सलियों के पास से 12 बोर की राइफल भी बरामद हुई हैं।
माओवादियों पीएलजीए कंपनी नंबर दो कमांडर वेल्ला एवं गंगालूर एरिया कमेटी एसीएम दिनेश एवं अन्य की उपस्थिति पर सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की है। मुठभेड़ में एक वर्दीधारी नक्सली मारा गया। मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। मौके पर डीआरजी, एसटीएफ, सीआरपीएफ की कार्रवाई जारी है।
16 मार्च से लापता था युवक, स्कूल के बगल में एक कमरे में मिला शव...
21 Mar, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बताया जा रहा है कि युवक 16 मार्च से लापता था। जिसकी परिजन खोजबीन कर रहे थे। लेकिन तभी पता चला की एक कमरे में युपक का शव पड़ा हुआ है। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की है।
जगदलपुर के परपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले माउंट लिटरे स्कूल परिसर के बगल में स्थित एक कमरे में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खोजबीन करते हुए मृतक के परिजनों तक पहुंची। जहां शव का पीएम करने के बाद परिजनों को सौप दिया गया है। वहीं, मृतक के पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सके।
मामले के बारे में जानकारी देते हुए परपा थाना में पदस्थ एसआई दिलीप मेश्राम ने बताया की बिलौरी गांव के सरपंच बिरलेक बघेल ने सोमवार को पुलिस को सूचना दी की माउंट लिटरे स्कूल के बगल में एक युवक का शव पड़ा है। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को देखने के बाद मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू की। वहीं, थाना क्षेत्र में गुम हुए लोगों की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान शव की पहचान बकचंद बघेल 50 वर्ष के रूप में की गई।
पुलिस को परिजनों ने बताया की मृतक कुली मजदूरी का काम करता था। इसके अलावा समय-समय पर घर से अपने रिश्तेदारों के घर जाकर रुक जाता था । कुछ समय के बाद खुद ही वापस आ जाता था। 16 मार्च को भी घर से निकलने के बाद वापस नहीं आया। जिसके बाद परिजन अपने स्तर पर खोजबीन कर रहे थे। लेकिन, पुलिस ने परिजनों को बताया की बकचंद्र की मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पीएम करवाने के बाद परिजनों को सौप दिया है। वहीं, मृतक की पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जिससे इस बात का पता चल सके कि आखिर मौत का कारण हुई है।
हर्राटोला पुलिया पर अनियंत्रित होकर ट्रेलर पलटा, कोयला लाद MP जा रहा था, दो की बची जान...
21 Mar, 2023 10:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा से मध्यप्रदेश के जैतहरी मोजर वेयर पॉवर प्लांट जा रहा कोयले से भरा ट्रेलर पुलिया से नीचे अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक और क्लीनर को मामूली रूप से चोटें आई हैं।
पेंड्रा गौरेला से मध्यप्रदेश को जोड़ने वाली मुख्यमार्ग में हर्राटोला गांव के पास स्थित पुलिया में आए दिन हादसे हो रहे हैं। कोरबा से मध्यप्रदेश के जैतहरी मोजर वेयर पॉवर प्लांट जा रहा कोयले से भरा ट्रेलर पुलिया से नीचे अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि चालक और क्लीनर को मामूली रूप से चोट आई। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि इस पुलिया में आए दिन हादसे होते हैं। पर स्थानीय प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
गौरेला से मध्यप्रदेश को जोड़ने वाली सड़क पर हर्राटोला गांव के पास स्थित पुलिया जो मोड़ पर स्थित है। मोड़ पर होने की वजह से यहां पर आए दिन हादसे होते हैं। बीती रात भी यहां पर एक ट्रेलर जो कोयला लेकर कोरबा से मध्यप्रदेश के जैतहरी स्थित मोजर वेयर पॉवर प्लांट जा रहा था। अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरा। राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक और क्लीनर को चोटें आई पर वे खतरे से बाहर है।
स्थानीय लोगो की माने तो मुख्य मार्ग होने की वजह से गौरेला से हर्रा टोला वेंकट नगर होते हुए मध्यप्रदेश को जोड़ने वाली इस सड़क पर यातायात काफी रहता है। लेकिन, हर्रा टोला का पुल है इसमें मोड़ की वजह से आए दिन हादसे होते हैं। सप्ताह में एक दो बार यहां पर कोई ना कोई दुर्घटना होती ही है। ग्रामीणों की मांग पर भी प्रशासन समस्या को ठीक नहीं कर रहा है।
पहले दिन पारंपरिक लोक संगीत की धुन पर झूमे लोग, कलेक्टर जनमेजय के गीत ने बांधा समां...
20 Mar, 2023 06:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोरमदेव महोत्सव के दो दिनों तक मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की तैयारियों के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इन दो दिनो में मंदिर में शिव की विशेष श्रृंगार, भस्म आरती और रूद्राभिषेक होगा। प्राचीन सरोवर में दीप दान भी होंगे।
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में दो दिवसीय भोरमदेव महोत्सव का रविवार देर शाम से आगाज हो गया। पहले दिन देश-विदेश से आए नामचीन कलाकारों ने अलग-अलग विधाओं में महोत्सव में समां बांध दिया। पारंपरिक लोग संगीत की धुनों के अलावा कव्वाली और भजनों पर लोग झूमते रहे। इस दौरान सबसे खास रही जिला कलेक्टर जनमेजय महोबे की गीत प्रस्तुति। बॉलीवुड गायक जाकिर हुसैन के आग्रह पर उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में याराना फ़िल्म का गाना 'भोले... ' गाया तो लोग झूमने लगे।
महोत्सव का आगाज वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्जवल के साथ हुआ। जिले के प्रमुख मंदिरों के पुजारियों ने इस रस्म का विधिवत पालन कर 17वें भोरमदेव महोत्सव का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी लोक गायिका ऋतु वर्मा ने शानदार प्रस्तुति देकर मंच का मान बढ़ाया। बालीवुड गायक जाकिर हुसैन ने सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति दी। साथ ही भजन और कव्वाली भी गाई। छत्तीसगढ़ के सिने स्टार सुनील तिवारी ने लोक पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति देकर प्रदेश की कला और संस्कृति की बखूबी प्रस्तुति दी।
महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर पंडरिया विधायक ममता चंद्राकर, कवर्धा नपा अध्यक्ष ऋषि शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनि विशेष रूप से मौजूद थे। कलेक्टर जनमेजय महोबे ने सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। भोरमदेव महोत्सव के दो दिनों तक मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की तैयारियों के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इन दो दिनो में मंदिर में शिव की विशेष श्रृंगार, भस्म आरती और रूद्राभिषेक होगा। प्राचीन सरोवर में दीप दान भी होंगे।
दूसरे दिन 20 मार्च को समापन आयोजन में जिले के स्कूली बच्चों का कार्यक्रम, डॉ. नीता राजेन्द्र सिंह, खैरागढ़ कत्थक नृत्य, गुरूदास मानिकपुरी, बोड़ला छत्तीसगढ़ी लोक संगीत, सुश्री अंशिका चौहान, भाटापारा सुगम संगीत, पंडित गोलू दिवाना, दुल्लापुर कवर्धा लोक संगीत, इशिता विश्वकर्मा एवं ग्रुप, मुम्बई सारेगामापा विजेता, बॉलीवुड फेम सिंगर कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा अल्का चंद्राकर, रायपुर छत्तीसगढ़ी लोकगीत की महफिल से महोत्सव का मंच सजेगा।
निजी अस्पताल में 10 दिन से चल रहा था इलाज; 21 साल का बेटा भी संक्रमित...
20 Mar, 2023 04:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान 66 सैंपलों की जांच की गई, लेकिन एक भी संक्रमित नहीं मिला और न ही किसी की मौत हुई है। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर भी शून्य है।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कोरोना के चलते रविवार को एक महिला की मौत हो गई। महिला का करीब 10 दिन से शहर के ही एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था। उसकी मौत के बाद परिजनों ने कोरबा ले जाकर अंतिम संस्कार भी कर दिया और स्वास्थ्य विभाग को पता तक नहीं चला। महिला का 21 साल का बेटा भी संक्रमित मिला है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे आइसोलेट कर दिया है। वहीं आसपास के 25 घरों में सोमवार से कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू की गई है।
जानकारी के मुताबिक, व्यापार विहार में रहने वाली 43 साल की एक महिला को सर्दी-खांसी और बुखार था। उसका करीब 10 दिन से इलाज चल रहा था। इस बीच तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो महिला को 16 मार्च को एक प्राइवेट अस्पताल में वहां भर्ती कराया गया। संदेह होने पर डॉक्टरों ने आरटीपीसीआर जांच कराई। 17 मार्च को रिपोर्ट आई और महिला पॉजिटिव मिली, लेकिन अगले ही दिन 18 मार्च को महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव परिजनों को सौंप दिया।
कोरोना की एक बार फिर दस्तक ने लोगों को परेशान कर दिया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अफसरों और सरकारी रिपोर्ट के आंकड़ों में जरूर अंतर है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान 66 सैंपलों की जांच की गई, लेकिन एक भी संक्रमित नहीं मिला और न ही किसी की मौत हुई है। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर भी शून्य है और 25 जिलों में एक भी संक्रमित नहीं है। रविवार की रिपोर्ट में आठ एक्टिव केस बताए गए हैं, वह भी दुर्ग में दो, रायपुर में पांच और बिलासपुर में एक है।
सीएमएचओ डॉ अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि लोगों को अभी भी सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों ने खुद सोच लिया है कि कोरोना खत्म हो गया है। जबकि न तो सरकार और न ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐसी कोई घोषणा की गई है। उन्होंने बताया कि हम लगातार प्राइवेट अस्पतालों के संपर्क में हैं। टेस्टिंग सेंटर बंद नहीं किए गए हैं, लोगों को संदेह है तो जाकर जांच कराएं। डॉक्टरों से मिलें। महिला के मोहल्ले में आसपास के 25 घरों में कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू की गई है।
PM आवास मुद्दे पर गरमाया सदन, मंत्री के जवाब पर विपक्ष ने किया वॉकआउट...
20 Mar, 2023 04:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ विधानसभा| छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में सोमवार को विपक्ष ने प्रधानमंत्री आवास मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष को घेरा। बीजेपी ने योजना से वंचित लोगों को शामिल करने के लिए सरकार की कार्यवाही की जानकारी मांगी। मामले में मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर विरोध जताया।
भाजपा विधायक पुन्नूलाल मोहिले ने पीएम आवास का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 के सर्वे सूची अनुसार, प्रदेश में पीएम आवास योजना में छूट गए लोगों को क्या फिर से सूची में शामिल किए जाने के लिए क्या कार्यवाही करेंगे। इस पर पंचायत मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि सरकार ने सर्वे कराने का फैसला लिया है। अप्रैल 2023 में उन सभी पात्र लोगों को शामिल किया जाएगा, जो लोग बचे हैं। विपक्ष ने आवास की संख्या पर भी सवाल किया। विपक्ष को केंद्र से मकान बनाने का लक्ष्य बताते हुए मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा मैं इन्हें बताते-बताते हुए खुद ही कंफ्यूज हो गया हूं। इस पर विपक्ष ने कहा कि सरकार गरीबों का मकान छीन रही है। मंत्री सदन को गुमराह कर रहे हैं।
मंत्री बोले- कुल 676.45 करोड़ राज्यांश दिया
मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि हर बार विपक्ष अलग-अलग आंकड़ा देता है। 16 लाख मकान मकान नहीं, कुल 16 लाख बनने थे। वित्तीय वर्ष 2019-20 में 1 लाख 51 हजार 100 स्वीकृत की गई थी। इसी तरह 2020-21 में 1 लाख 57 हजार 815 आवास स्वीकृत हुए थे। साल 2021 -22 में एक भी आवास स्वीकृत नहीं हुआ। साल 2022-23 में 79 हजार पीएम आवास स्वीकृत किए गए है। 4 सालों में कुल 3 लाख 87 हजार 915 आवास स्वीकृत किए गए। इसके लिए कुल 676.45 करोड़ राज्यांश की राशि दी गई है। मंत्री ने कहा कि कोरोना काल की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण हम राज्यांश नहीं दे पाए, लेकिन देश का दुर्भाग्य है कि गरीबों के साथ केंद्र सरकार ने अन्याय किया।
चौखट पर फन फैलाए घंटों बैठा रहा, कमरे में बनी अलमारी पर डर से दुबके रहे लोग...
20 Mar, 2023 04:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़| छत्तीसगढ़ में अचानक मौसम ने ली करवट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एक ओर बिन मौसम के ठंड से बीमारियां दस्तक देने लगी हैं, वहीं सांप और अन्य सरीसृप भी बाहर निकलने लगे हैं। कोरबा में भी एक घर में घुस आए कोबरा ने परिवार को घंटों तक बंधक बनाए रखा।
छत्तीसगढ़ के कोरबा में रविवार रात झमझाम बारिश एक परिवार के लिए मुसीबत बनकर आई। घर में घुसे एक कोबरा सांप ने पूरे परिवार को बंधक बना लिया। चौखट पर फन फैलाए कोरबा को देख परिवार की सांसें अटक गईं। सभी सदस्य घर के कमरे में बनी अलमारी के ऊपर चढ़कर बैठ गए। घंटों तक ऐसी ही स्थिति बनी रही। इस बीच पड़ोसियों को पता चला तो उन्होंने रेस्क्यू टीम को सूचना दी। उन्होंने कोबरा को पकड़ा। इसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली। हालांकि पूरा परिवार उसी समय घर छोड़कर भी चला गया।
हाथ जोड़े सांप से चले जाने की लगाते रहे गुहार
दरअसल, पूरा मामला दादर खुर्द का है। यहां एक कमरे में पति और बेटे के साथ किराये से रहने वाली महिला सरस्वती यादव रविवार रात खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान एक कोबरा अंदर घुस आया। महिला की नजर उस पर पड़ी तो डर से चीख पड़ी। इसके बाद पूरा परिवार भाग कर कमरे के कोने में बनी अलमारी पर चढ़ गया। इस दौरान कोबरा कमरे की चौखट के पास ही फन फैलाए बैठा रहा। परिवार हाथ जोड़े चले जाने की गुहार लगा रहे थे, लेकिन कोबरा था कि उसने सबको जैसे बंधक बना लिया था।
पड़ोसी की सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम
किसी तरह से परिवार के लोगों ने इसकी सूचना पड़ोसी हर्षल पटेल को दी। इसके बाद उन्होंने स्नेक रेस्क्यू टीम के प्रमुख और वन विभाग के सदस्य जितेंद्र सारथी को दी। बताया कि परिवार के लोग अंदर फंस गए है। उस समय हल्की बारिश हो रही थी, ऐसे में जितेंद्र सारथी को भी पहुंचने में करीब एक घंटा लग गया। जितेंद्र सारथी जैसे ही कमरे में दाखिल हुए, महिला ने फूट-फूटकर रोने लगी। वह जितेंद्र सारथी से बचाने की गुहार लगाने लगी। किसी तरह उन्होंने महिला को समझाकर शांत कराया और कोबरा का रेस्क्यू शुरू किया।
जंगल में छोड़ा गया कोबरा को
इस दौरान घर के बाहर भी लोगों की भीड़ जुट गई। काफी मशक्कत के बाद जितेंद्र सारथी ने कोबरा को एक डिब्बे में सुरक्षित तरीके से बंद कर लिया। इसके बाद परिवार के सदस्य हिम्मत कर नीचे उतरे, लेकिन महिला तब भी काफी डरी हुई थी। उन्हें समझाकर नीचे बुलाया गया। आंखों में आंसू भरे सरस्वती ने जितेंद्र सारथी का धन्यवाद दिया। कहा कि आज बेटे ने हमारी जान बचा ली। इसके बाद जितेंद्र सारथी कोबरा को लेकर निकल गए और उसे जंगल में छोड़ दिया है। साथ ही लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
सुबह किराये पर लिया कमरा, रात को किया खाली
सरस्वती यादव का परिवार कहीं बाहर से कमाने खाने के लिए कोरबा आया है। उन्होंने सुबह ही दादरखुर्द में किराये पर मकान लिया था। उस मकान में पहली रात ही उनके लिए भारी हो गई। कोबरा के निकलने के बाद महिला इतना ज्यादा डर गई कि उसने परिवार सहित घर उसी समय खाली कर दिया। इसके बाद अपने दामाद के घर रहने के लिए चली गई।
कांकेर में नक्सलियों का उत्पात, सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 12 मशीनों को आग में झोंका...
20 Mar, 2023 03:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांकेर, पीटीआई। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक बार फिर नक्सलियों का आतंक देखने को मिला है। दरअसल, यहां के एक गांव में नक्सलियों ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल हो रहे कम से कम एक दर्जन वाहनों और मशीनों में आग लगा दी। पुलिस ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी है।
किसी के हताहत होने की खबर नहीं
मिली जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी के घायल होने की कोई जानकारी नहीं मिली है। कोयलीबेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के अल्परस और गुंडुल गांवों के बीच रविवार रात को यह घटना हुई। पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर रेंज) सुंदरराज पी ने बताया कि यहां पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है।
कई मशीनों को आग में झोंका
शुरुआती जानकारी के अनुसार, अज्ञात नक्सलियों के एक समूह ने रायपुर से लगभग 250 किलोमीटर दूर स्थित इस निर्माण स्थल पर धावा बोल दिया और श्रमिकों को काम रोकने की धमकी दी। आईजीपी ने कहा, "इसके बाद नक्सलियों ने आठ ट्रैक्टर, दो जेसीबी मशीन और दो बुलडोजर में आग लगा दी।"
पहले नहीं दी गई थी निर्माण की जानकारी
उन्होंने बताया कि आज सुबह पुलिस की एक टीम मौके पर भेजी गई। उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने दावा किया कि सड़क ठेकेदार ने उन्हें निर्माण कार्य के बारे में सूचित नहीं किया था, अगर इसकी जानकारी पहले मिली होती, तो उस जगह पर सुरक्षा दी जाती।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
पुलिस ने कहा कि नक्सलियों ने बस्तर संभाग में सड़क निर्माण कार्य को अक्सर बाधित करने की कोशिश की है, जिसमें सात जिले शामिल हैं। अगर यहां पर काम शुरू किया जाता है, तो वे सुरक्षा बलों पर हमले शुरू कर देते हैं और सड़कों, वाहनों और काम में इस्तेमाल मशीनों को नुकसान पहुंचाते हैं।पिछले महीने कांकेर के परतापुर इलाके में सड़क निर्माण कार्य में लगी तीन मशीनों को नक्सलियों ने आग के हवाले कर दिया था।
नकली गुड नाइट मॉस्किटो लिक्विड बेचने वाले चार दुकान संचालक गिरफ्तार...
20 Mar, 2023 02:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुलिस चार संचालकों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। जानाकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपी नकली गुड नाइट लिक्विड को शहर में खपाते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 34 व कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया है।
भिलाई छावनी पुलिस ने नकली गुड नाइट मॉस्किटो लिक्विड बेचने वाले 4 संचालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 830 नकली नग गुड नाइट लिक्विड बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 63 हजार रुपये बताई जा रही है।
छावनी थाना में मैसर्स गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड फिरोजशाह नगर ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे विखरोली ईस्ट के अधिकृत प्रार्थी चेतन रेगे निवासी सात धन लक्ष्मी नगर निपानिया इंदौर, मध्य प्रदेश ने थाने में लिखित शिकायत दी है।
शिकायत में कहा गया है कि गोदरेज कंज्यूमर कंपनी के उत्पाद गोदरेज गुड नाइट लिक्विड मॉस्किटो वेपराइजर गोल्ड फ्लैक के हुबहू नकली गुड नाइट लिक्विड गोल्ड फ्लैक मॉस्किटो का व्यापार किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरती ट्रेडर्स के संचालक रमेश चंद्र दुबे के दुकान से 230 नग रिफिल पैक,अजीत किराना स्टोर के संचालक अजीत चौहान के दुकान से 240 नग रिफिल पैक, जय स्टेटस के संचालक अमर बजाज के दुकान से 280 नग रिफिल पैक और बजरंग किराना स्टोर के संचालक महेश अग्रवाल के दुकान से 80 नग रिफिल पैक नकली गुड नाइट लिक्विड जब्त किया है। सभी संचालकों से 830 रिफिल पैक बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 63,910 बताई जा रही है।
पुलिस चार संचालकों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। जानाकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपी नकली गुड नाइट लिक्विड को शहर में खपाते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 34 व कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इस पूरे मामले की विवेचना में जुटी हुई है।
जांजगीर चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ठगी के आरोप में मां और पत्नी के साथ युवक गिरफ्तार...
20 Mar, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जांजगीर चांपा जिले की नवागढ़ थाना पुलिस ने ठगी के आरोप में रायपुर से युवक को पत्नी और मां के साथ गिरफ्तार किया है। उस पर गांव के लोगों को ज्यादा ब्याज का झांसा देकर ठगी करना का आरोप है।
जांजगीर चांपा जिले की नवागढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ठगी के आरोप में दो महिला समेत तीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, नवागढ़ थाना इलाके के केरा का रहने वाला युवक संतोष दास महंत ने अपनी पत्नी और मां के साथ मिलकर गांव के लोगों ज्यादा ब्याज देने का झांसा देकर ठगी की।
15 ग्रामीण से 11 लाख 20 हजार रुपये ठगने के बाद आरोपी रायपुर आ गया। यहां उसने किराए में मकान लिया और अपनी पत्नी, मां के साथ जम्मू भागने की तैयारी कर रहा था, इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को गिरफ्तार किया है।
एएसपी अनिल सोनी ने बताया कि केरा का युवक संतोष दास महंत, उसकी पत्नी जगर बाई महंत और उसकी बूढ़ी मां जानकी महंत ने गांव के रहने वाले युवक रोशन महंत को बैंक में अच्छी स्कीम दिलाने का झांसा दिया। साथ अन्य बैंकों की तुलना में अधिक ब्याज देने का लालच दिया। संतोष ने झांसा दिया कि रोशन उसका पैसा जमा करा दे तो वह उसका पैसा ज्यादा ब्याज मिलाकर वापस कर देगा।
रोशन भी संतोष की बातों में आ गया और उसने फरवरी से लेकर सितम्बर 2022 के बीच अलग-अलग किस्तों में दो लाख रुपये बैंक में जमा करने के लिए उसे दे दिए, लेकिन कुछ माह बाद रोशन ने संतोष से बैंक में जमा किए हुए रकम की रसीद मांगी तो वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद संतोष अपनी पत्नी जगर बाई और मां जानकी बाई के साथ घर छोड़ कर चला गया। जब ठगे जाने का एहसास हुआ तो रोशन ने थाना में इसकी शिकायत की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी संतोष दास महंत (38) उसकी पत्नी जगर बाई महंत और मां जानकी बाई महंत के खिलाफ धारा 409, 420, 34 के तहत एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू की। आरोपियों की लोकेश रायपुर में मिली। पुलिस रायपुर पहुंची और वहां से तीनों को गिरफ्तार किया गया।
इन्हें बनाया ठगी का शिकार
संतोष महंत ने अपनी मां व पत्नी के साथ मिलकर गांव के रोशन महंत से दो लाख, भोला देवांगन से दो लाख, रामनाथ से 63 हजार, कमला बाई से 70 हजार, जगेश्वर बाई से एक लाख, बद्रिका सागर से 94 हजार, रजनी सहिस से 20 हजार, बदरा से 35 हजार, रत्नी कुमार से 45 हजार, कंवल दास से 50 हजार, दिले बाई से 60 हजार, पूजा बाई से 60 हजार, खीखबाई से 10 हजार, निर्मला सहिस से 50 हजार रुपए, शकुन कहरा से 63 हजार रुपए एवं इसके अलावा गांव एवं आसपास के अन्य लोगों से पैसा जमा कराये थे।
दुर्ग में छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, बीटेक की पढ़ाई कर रहा था रोहित...
20 Mar, 2023 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दुर्ग| दुर्ग के सिंधिया नगर में किराये पर रहने वाले छात्र रोहित देवांगन ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
दुर्ग के मोहन नगर थाना इलाके में एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज में आईटी से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। छात्र की पहचान रोहित देवांगन (21) निवासी नारायणपुर के रूप में हुई है। मृतक रोहित दुर्ग के सिंधिया नगर में किराये के मकान में रहकर बीटेक चौथे सेमेस्टर की तैयारी कर रहा था।
मोहन नगर थाना प्रभारी विपिन रंगारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि सिंधिया नगर निवासी उबैद अहमद खान के यहां किराये पर रहने वाले रोहित देवांगन ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, देखा कि छात्र ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है।
फिलहाल पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। परिजनों के आने के बाद कमरा खोला जाएगा। पुलिस ने छात्र के परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी है। पुलिस मृतक के दोस्तों पूछताछ कर रही है।
रिश्वत लेते पकड़े गए SECL के सहायक डिवीजनल फाइनेंस मैनेजर, मिली साल की कैद...
19 Mar, 2023 04:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर, जेएनएन। सात साल पहले रिश्वत लेते सीबीआई भिलाई शाखा के टीम के हत्थे चढ़े एसईसीएल बिलासपुर के डीएफएम कार्यालय में पदस्थ रहे सहायक डिवीजनल फाइनेंस मैनेजर अजय कुमार पंडा को सीबीआई की विशेष न्यायाधीश ममता पटेल ने दो अलग-अलग धाराओं में क्रमश: तीन व चार वर्ष सश्रम कारावास के साथ ही पांच-पांच हजार रूपये की अर्थदंड की सजा से दंडित किया है।
दंड की राशि का भुगतान न करने पर आरोपित को छह माह अतिरिक्त कैद भुगतना होगा। शासकीय लोक अभियोजक रजत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित आरएम सुब्रमण्यम से एसईसीएल बिलासपुर के डीएफएम कार्यालय में पदस्थ सहायक डिवीजनल फाइनेंस मैनेजर अजय कुमार पंडा ने टेंडर में बिना बाधा के नेगोसियेशन के लिए रिश्वत की मांग की थी।
आरएम सुब्रमण्यम परेशान होकर इसकी शिकायत सीबीआई की भिलाई शाखा में की थी।शिकायत के आधार पर 13 मई 2016 को सीबीआई की टीम ने अजय कुमार पंडा को 11 हजार छह सौ रूपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7,13(1)डी के तहत केस दर्ज कर आठ जुलाई 2016 को आरोप पत्र सीबीआई की विशेष न्यायाधीश ममता पटेल की कोर्ट में पेश किया।
न्यायाधीश ने सीबीआई के अधिकारियों की ओर से पेश किए गए ठोस सुबूत,गवाहों के बयान के आधार पर आरोपित अजय पंडा के खिलाफ दोष सिद्व पाकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 में तीन वर्ष और धारा 13(1)डी में चार वर्ष सश्रम कारावास के साथ पांच-पांच हजार रूपये की अर्थदंड की सजा सुनाई।दोनों सजाए एक साथ चलेगी।
आकाशीय बिजली बनी आफत, चपेट में आने से दो मासूम लड़कियों समेत चार की मौत...
19 Mar, 2023 04:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोंडागांव, पीटीआई। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में बिजली गिरने से दो लड़कियां झुलस गई। दोनों लड़कियों को इलाज के लिए अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इस बात की जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।
एक गांव की थी दोनों लड़कियां
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार को कोंडागांव थाना क्षेत्र के चिलपुती गांव में हुई। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान दोनों इमली इकट्ठा करने के लिए गई थी। दोनों मृतकों की पहचान राधा मरकाम और मोनिका नाग के रूप में हुई है। इन दोनों की उम्र 10 साल थी।
पेड़ के नीचे छुपी लड़कियों पर गिरी बिजलियां
शनिवार की शाम को दोनों एक साथ इमली इकट्ठा करने के लिए गई थी। उस दौरान अचानक काफी तेज बारिश शुरू हो गई और बिजलियां कड़कने लगी थी। इससे पहले की दोनों लड़कियां अपने घर जा पाती, अचानक बिजली गिरी और दोनों ही उसमें काफी बुरी तरह झुलस गई।
इलाज के दौरान हुई मौत
पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद उनके परिजनों और ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाई और उन्हें जिला अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दोनों लड़कियों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों का पोस्टमार्टम करके परिजनों को शव सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की गई है।
बारिश से बचने के लिए छिपे थे किसान
शनिवार को खेत में काम करने गए दो किसानों पर खुद को बारिश से बचाने के लिए एक पैलपार हरदी के पास पेड़ के नीचे बैठ हुए थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी और वे इसकी चपेट में आ गए। इससे दोनों की मौत मौके पर ही हो गई।
इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शवों को अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भर्ती किया था। इसके बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
डेटिंग के बहाने बुजुर्ग का अश्लील वीडियो बनाकर ठगा, कोलकाता से पकड़े गए...
19 Mar, 2023 01:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पकड़े गए आरोपी वेस्ट बंगाल में मिनी कॉल सेंटर का संचालन कर रहे थे। जहां कई लड़कियां और लड़के इस कॉल सेंटर में काम करते थे। इसका संचालन प्रेमी जोड़े करते थे पुलिस ने कॉल सेंटर के संचालक सौम्या ज्योति दास और प्रिया मंडल के द्वारा किया जा रहा था। जिन्हे पुलिस ने वेस्ट बंगाल कोलकाता से गिरफ्तार किया है।
छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने सेक्सटॉर्शन के मामले में कोलकाता से एक प्रेमी युगल को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी डेटिंग का झांसा देकर अश्लील वीडियो बनाते और फिर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ठगी करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनकी ही शादी से महज दो घंटे पहले पकड़ा है। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, इसके बाद पुलिस प्रोटेक्शन वारंट पर उन्हें लेकर दुर्ग पहुंच रही है। आरोपियों के आने के बाद पुलिस मामले का खुलासा करेगी। मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, एक बुजुर्ग से आरोपियों ने 11 लाख रुपये ठगे थे। बुजुर्ग ने पुलिस को बताया था कि उनके मोबाइल पर डेटिंग साइट का मैसेज आया। इसमें दिए गए नंबर पर उन्होंने कॉल किया। उसके बाद उन्हें वीडियो कॉल किया गया और मीटिंग से पहले रजिस्ट्रेशन का प्रोसेस समझाया गया। इसके बाद 24 सितंबर 2022 को उन्होंने 2149 रुपये देकर रजिस्ट्रेशन करा लिया। इसके बाद एक युवती का कॉल आया और उसने कहा कि आईडी बनाने के लिए 3999 रुपये और देने होंगे। उसके बाद ही मीटिंग होगी।
ऐसा करते हुए बुजुर्ग को अपनी बातों में फंसा लिया और युवती ने वीडियो कॉल कर अश्लील बातें शुरू कर दीं। इसे रिकार्ड कर लिया और फिर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। बदले में आरोपी बुजुर्ग से लगातार रुपये ऐंठते रहे। तंग आकर बुजुर्ग ने पुलिस से शिकायत कर दी। साइबर सेल की मदद से दुर्ग पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस किया और एक टीम बनाकर कोलकाता भेजी। टीम ने कोलकाता पुलिस की मदद से आरोपियों सौम्या ज्योति दास और प्रिया मंडल को उनकी शादी से दो घंटे पहले पकड़ लिया।