उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
तीन दिन में 450 करोड़ की वसूली प्रभावित, हर दिन डेढ़ सौ करोड़ का हो रहा है नुकसान...
18 Mar, 2023 12:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कारपोरेशन| कारपोरेशन में एकमुश्त समाधान योजना लागू करने की तैयारी चल रही थी। इसके पीछे रणनीति थी कि मार्च माह में उपभोक्ताओं को छूट देकर ज्यादा से ज्यादा वसूली की जाए। इसी बीच हड़ताल शुरू हो गई।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड हर दिन करीब डेढ़ सौ करोड़ का सीधे नुकसान उठा रहा है। तीन दिन में करीब साढ़े चार सौ करोड़ की वसूली प्रभावित हुई है।
प्रदेश के सभी वितरण निगम एक लाख करोड़ रुपए के घाटे पर चल रहे हैं। इस घाटे को पूरा करने के लिए मार्च माह में विशेष वसूली अभियान चलाया गया था। सभी निगमों के करीब 40 क्षेत्र को विशेष घाटे वाले क्षेत्र के रूप में चयनित किया गया था। इन सभी क्षेत्रों में मुख्यालय के अधिकारियों को भेज कर अलग-अलग टीमें गठित की गई थी। इन टीमों को समग्र वसूली की जिम्मेदारी दी गई थी।
कारपोरेशन में एकमुश्त समाधान योजना लागू करने की तैयारी चल रही थी। इसके पीछे रणनीति थी कि मार्च माह में उपभोक्ताओं को छूट देकर ज्यादा से ज्यादा वसूली की जाए। इसी बीच हड़ताल शुरू हो गई। जानकार बताते हैं कि कारपोरेशन ने सभी निगम में अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाकर आपूर्ति व्यवस्था बहाल कर रखी है लेकिन राजस्व वसूली हर दिन प्रभावित हो रही है।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि हर दिन करीब 132 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली होती है। लेकिन, मार्च माह में यह बढ़कर डेढ़ सौ करोड़ रुपए तक पहुंच गई थी। इस तरह देखा जाए तो कार्य बहिष्कार और हड़ताल को मिलाकर तीन दिन में करीब 450 साढ़े करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती अन्य संसाधनों के विकास में भी हर दिन करीब 50 लाख रुपये का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। कारपोरेशन के अधिकारियों का कहना है कि हड़ताल लंबे समय तक चली तो पहले से घाटे में चल रहे निगम को अतिरिक्त घाटा उठाना पड़ सकता है। इसका सीधा असर भविष्य की परियोजनाओं और कर्मचारियों को मिलने
वाले विभिन्न लाभ पर पड़ेगा।
कारपोरेशन के चेयरमैन एम देवराज ने बताया कि पहली प्राथमिकता उपभोक्ताओं को किसी तरह की दिक्कत न होने देना है। इसी वजह से विभिन्न निजी संस्थानों से भी तकनीकी कर्मचारियों को बुलाया गया है। राजस्व वसूली सहित विभिन्न तरह की गतिविधियां ठप होने का असर भविष्य में भी कर्मचारियों पर पड़ना तय है। यही वजह है कि बार-बार कर्मचारियों से अपील की जा रही है कि वह मार्च माह की महत्ता को देखते हुए तत्काल काम पर लौटे। मार्च माह में ज्यादा से ज्यादा राजस्व वसूली में सहयोग करें।
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से फैक्टरियों में उत्पादन ठप, शहरों में गहराया संकट...
18 Mar, 2023 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि बातचीत के रास्ते खुले हैं। नेशनल ग्रिड से जुड़े कार्यालय में बृहस्पतिवार रात 11 बजे के बाद सिस्टम ठप करने का प्रयास करने वाले कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई होगी।
उत्तर प्रदेश में कर्मचारियों की हड़ताल से बिजली आपूर्ति चरमरा गई है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी व मेरठ समेत कई शहरों में हड़ताल के पहले दिन ही जबरदस्त संकट पैदा हो गया। गोरखपुर और कानपुर में फैक्टरियों में औद्योगिक उत्पादन ठप हो गया। राजधानी लखनऊ का करीब एक-चौथाई हिस्सा बिजली संकट की चपेट में रहा। इस मामले में हाईकोर्ट भी सख्त हो गया है। उसने कर्मचारी नेताओं को तलब किया है। वहीं हड़ताल को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है।विद्युत आपूर्ति को बहाल करने में सहयोग नहीं करने वाले कई कर्मियों को बर्खास्त किया गया। साथ ही एजेंसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
वहीं, ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने हड़ताली कर्मचारियों को चेताया है कि लाइन में फॉल्ट करने वालों को आकाश-पाताल से खोज निकालकर कड़ी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने आपूर्ति को पूरे नियंत्रण में बताते हुए कहा कि प्रदेश में चार हजार मेगावाट सरप्लस बिजली है। उधर, हाईकोर्ट इलाहाबाद ने कर्मचारी नेताओं को अवमानना नोटिस जारी किया है।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे का दावा है कि हड़ताल के चलते उत्पादन निगम की 1030 मेगावाट क्षमता की 5 इकाइयां ठप हो गई हैं। प्रदेश में कुल 1850 मेगावाट उत्पादन प्रभावित हुआ है। समिति ने बिजलीकर्मियों पर तोड़फोड़ के आरोपों का कड़ा प्रतिवाद करते हुए कहा कि बिजली कर्मी विद्युत संयंत्रों को अपनी मां की तरह मानते हैं और शांतिपूर्ण ढंग से हड़ताल कर रहे हैं। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि पारेषण की कई लाईनें बंद हैं और बड़े पैमाने पर 33/11 केवी उपकेंद्रों से आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
संघर्ष समिति ने ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबंधन को हड़ताल के लिए उत्तरदाई ठहराते हुए कहा है कि बिजलीकर्मी ऊर्जा मंत्री के साथ हुए समझौते के सम्मान के लिए लड़ रहे हैं। समिति का दावा है कि 16 मार्च की रात 10 बजे हड़ताल शुरू होने के बाद उत्पादन गृहों, एसएलडीसी और पारेषण विद्युत उपकेंद्रों की रात्रि पाली में कार्य करने के लिए एक भी बिजलीकर्मी ड्यूटी पर नहीं गया। हड़ताल शत-प्रतिशत सफल रही है।
अराजकता फैलाने वाले वाले कर्मी होंगे सूचीबद्ध: याेगी
वाराणसी। हड़ताली बिजली कर्मियों पर सख्ती दिखाते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में कहा कि अराजकता फैलाने वालों को सूचीबद्ध किया जाएगा। बिजली फीडर बंद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बातचीत का रास्ता खुला- अरविंद शर्मा
उधर, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बातचीत के रास्ते खुले हैं। नेशनल ग्रिड से जुड़े कार्यालय में बृहस्पतिवार रात 11 बजे के बाद सिस्टम ठप करने का प्रयास करने वाले कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने जनता से अपील की कि ये चुनौती की घड़ी है। संयम बनाए रखें। जो कर्मचारी अपनी सेवा देना चाहते हैं, उन्हें कोई न रोके सके, इसका ध्यान जनप्रतिनिधि रखें।
हाईकोर्ट सख्त, 20 को करेगा सुनवाई
बिजली कर्मचारियों के हड़ताल के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कर्मचारी नेताओं को अवमानना नोटिस जारी किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, लखनऊ को वारंट तामील कराने के आदेश दिए हैं। अदालत ने कर्मचारी नेताओं को 20 मार्च को तलब किया है। हाईकोर्ट में दायर याचिका में कहा गया था कि यह हड़ताल हाईकोर्ट के उस पुराने आदेश के खिलाफ है, जिसमें कहा गया है कि बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।
अभूतपूर्व संकटलखनऊ में हड़ताल में संविदा कर्मियों के शामिल होने से संकट और बढ़ गया है। हड़ताल के पहले दिन राजधानी का एक-चौथाई इलाका बिजली संकट की चपेट में रहा। बिल जमा होने का काम भी ठप हो गया।
वाराणसी
वाराणसी में बिजली आपूर्ति चरमराने से पेयजल संकट पैदा हो गया। औद्योगिक क्षेत्र रामनगर में बिजली गुल रही। चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में भी फॉल्ट व ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। इससे औद्योगिक इकाइयों का उत्पादन प्रभावित हुआ है।
गोरखपुर
गोरखपुर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। बृहस्पतिवार रात 12 बजे से संकट बढ़ना शुरू हुआ। शुक्रवार की सुबह तक अधिकतर स्थानों के 33केवी और 11केवी के फीडर बंद हो गए। कई इलाकों में शाम चार बजे तक बिजली नहीं आई। औद्योगिक क्षेत्र गीडा में सुबह नौ बजे बिजली कट गई और फिर शाम तक नहीं आई। इससे सैकड़ों फैक्टि्यों में उत्पादन ठप हो गया। महराजगंज में 33 में से 25 फीडर बंद हैं। यहां आटा चक्की तथा राइस मिल भी बंद है। संतकबीरनगर, बस्ती और देवरिया में भी यही हालात हैं।
मेरठ
मेरठ में बिजली लाइन में फाल्ट होने पर प्राइवेट ठेकेदारों के कर्मचारियों की मदद ली गई। सभी एसडीओ के फोन बंद रहे और कार्यालय पर ताले लटके रहे। यहां भी शहर और देहात के कई इलाकों में फॉल्ट होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि लाइनों में फाल्ट होने के कुछ ही समय बाद आपूर्ति सुचारू करा दी गई है। बिजनौर सर्किल में 30 और धामपुर सर्किल में 40 यानी जिले के 70 बिजलीघरों से आपूर्ति प्रभावित हुई। बागपत में 50 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जहां करीब 12 घंटे बाद आपूर्ति शुरू हो सकी।
बरेली
बरेली के 5 उपकेंद्रों में दिक्कत आई, जिससे 40 हजार से अधिक परिवार प्रभावित हुए। पीलीभीत में 40 गांवों की बिजली आपूर्ति पर असर पड़ा। बदायूं में फॉल्ट ठीक करवाने और आपूर्ति को सुचारू रखने के लिए बाहर से लोगों को बुलाना पड़ा है।
अन्य क्षेत्र
बुंदेलखंड, रूहेलखंड, अवध और पूर्वांचल के बड़े हिस्सों में भी हड़ताल के कारण व्यापक बिजली संकट दिखा।
बंधक बनाकर कर्मचारियों से काम ले रहा प्रबंधन- दुबे
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने कहा कि बिजली कर्मियों के ड्यूटी पर न जाने पर प्रशासन ने शाम शिफ्ट के कर्मचारियों को सभी बिजलीघरों में बंधक बना लिया और उनसे जबरन प्रातः 7 बजे तक लगभग 17 घंटे लगातार काम
करवाया। भूखे-प्यासे काम करते हुए कई कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई।
दुबे ने कहा कि इन कर्मचारियों के शिफ्ट से बाहर जाने के बाद बिजली उत्पादन पर भारी प्रतिकूल असर दिखाई दिया। अनपरा में 210-210 मेगावाट क्षमता की 2 इकाइयां, ओबरा में 200-200 मेगा वाट क्षमता की 9 एवं 11 नंबर की इकाई, पारीछा में 210 मेगावाट क्षमता की 3 नंबर इकाई बंद करनी पड़ी। इसके अलावा अनपरा में 210 मेगावाट की एक इकाई, 500 मेगावाट की एक इकाई, पारीछा में 110 मेगावाट की एक इकाई जो पहले से बंद थी, उन्हें हड़ताल के दौरान नहीं चलाया जा सका। इस प्रकार कुल 1850 मेगा वाट का उत्पादन प्रभावित हुआ है।
गाजीपुर
जनपद गाजीपुर में विद्युत हड़ताल के कारण बाधित विद्युत आपूर्ति को बहाल करने में सहयोग नहीं करने के कारण अभी तक नौ लोगों के खिलाफ कुल छह एफआईआर दर्ज की गई हैं। वहीं जनपद में पूर्व से कार्य कर रही फर्म भारत इंटरप्राइजेज द्वारा अपने कर्मचारी को विद्युत उपकेंद्र पर उपस्थित न करा पाने के कारण फर्म के महाप्रबंधक एवं सुपरवाइजर राहुल सिंह के विरुद्ध कोतवाली गाजीपुर में एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही अन्य चार एजेंसियों के महाप्रबंधक व सुपरवाइजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया देर रात चल रही है। इन एजेंसियों को भविष्य में निगम में कार्य करने के लिए बैन कर दिया जाएगा।
दक्षिणांचल के 38 संविदकमी हटाए गए, मध्यांचल में 110 तो पश्चिमांचल में 60 हटे
देर रात दक्षिणांचल के 38 संविदकमी हटाए गए। पावर कारपोरेशन के चेयरमैन एम देवराज ने बताया कि सभी जिलों में बिजली अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कार्य नहीं करने वालों के खिलाफ तत्काल ही एफआईआर दर्ज कराई जाए। वहीं मध्यांचल में 110 और पश्चिमांचल में 60 लोग हटाए गए।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में 242 कर्मी बर्खास्त
हड़ताल के चलते पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में 242 कर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया। साथ ही छह एजेंसियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। देखें सूची
झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई, मौसम विज्ञान केंद्र ने दी यह चेतावनी....
17 Mar, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के कुछ हिस्सों में गुरुवार दोपहर गरज के साथ भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि राजधानी रांची सहित राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलीं और कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई, जिससे कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए।
मौसम विज्ञान केंद्र ने दी यह चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार को भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जबकि कुछ हिस्सों में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ आकाशीय बिजली चमकने की घटना 19 मार्च तक जारी रह सकती है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा, "पछुआ हवाओं से गर्त के रूप में एक पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है, जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक एक और गर्त ने झारखंड के मौसम को प्रभावित किया है। सिस्टम के इस प्रभाव के कारण, झारखंड में अगले दो दिनों तक गरज और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।"
उन्होंने कहा कि हल्की बारिश की संभावना के साथ 19 मार्च तक बिजली चमकने और गरज के साथ छींटे पड़ने का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि, बारिश ने तत्काल कुछ राहत भी दी है, क्योंकि राज्य के कई हिस्सों में तालाबों और अन्य स्रोतों के सूखने के कारण पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। झारखंड में मार्च के पहले सप्ताह में हुई हल्की बारिश को छोड़कर पिछले साल नवंबर से लंबे समय तक सूखा पड़ा है।
विधानसभा सत्र के दौरान गुरुवार को कई विधायकों ने सरकार के हस्तक्षेप की मांग करते हुए जल संकट का मुद्दा भी उठाया। इस बीच, बारिश ने दिन के तापमान को कम करने में मदद की। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 30.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया
शादी के नाम पर झांसा देकर, बिहार-झारखंड से इंदौर तक बेची गईं दो महिलाएं....
17 Mar, 2023 01:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में गया जिले के खिजरसराय और जहानाबाद सदर इलाके की दो नवविवाहिता अपने पति से मिली ठोकर के बाद नए सिरे से घर बसाने की आस में जिस्मफरोशी का धंधा करने वालों के चंगुल में फंसकर बिहार के अलावा झारखंड से लेकर मध्य प्रदेश के इंदौर शहर तक जगह-जगह बेची जाती रहीं।
बुधवार की रात पुलिस दोनों नवविवाहिता को इंदौर से बरामद कर जहानाबाद लाई। साथ ही जिस्मफरोशी की सरगना रेणु देवी को भी जहानाबाद से धर दबोचा।
इंदौर पुलिस की मदद से जहानाबाद पुलिस ने जिस्मफरोशी का धंधा करने वाले तीन युवकों को भी धर दबोचा, जिसे इंदौर पुलिस ने पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।
खिजरसराय की नवविवाहिता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी नालंदा जिले के एक गांव में हुई थी। पति का दूसरी महिला से अफेयर था, जिसका विरोध करने पर उसने मारपीट कर एक माह पहले घर से निकाल दिया।
वह ससुराल से निकलकर जहानाबाद के टेहटा आ गई, जहां उसकी मुलाकात रिश्ते की चाची रेणु देवी से हुई। शादी कराने का झांसा देकर रेणु देवी जहानाबाद स्थित अपने घर ले गई।
पीड़िता ने बताया कि एक दिन वह मुझे अपने साथ होटल ले गई और कहा कि एक लड़का है, जिससे तुम्हारी शादी होगी।
होटल के कमरे में युवक ने शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाए। इस घटना के बाद चाची हर दिन एक नए लड़के से शादी के नाम पर मिलवाती और यौन संबंध बनाने पर मजबूर करती।
इस बीच जहानाबाद सदर इलाके की एक और विवाहिता चाची रेणु देवी के संपर्क में आ गई। उसे भी होटल में ले जाकर जिस्मफरोशी का धंधा कराती। विरोध जताने पर मारपीट करती।
शादी कराने का झांसा देकर ही आरोपी चाची रेणु देवी कुछ दिनों पूर्व दोनों को लेकर बोकारो गई। वहां भी जहानाबाद की तरह दोनों के साथ यौन शोषण किया जाता रहा।
एक दिन दोनों वहां से मौका पाकर भाग निकलीं। इस क्रम में पटना स्टेशन पर दोनों की मुलाकाता सहरसा के तीन युवकों से हुई।
शादी का झांसा देकर तीनों युवक पटना से ट्रेन से इंदौर लेकर चले गए। इंदौर पहुंचने पर तीनों युवकों ने दोनों के साथ यौन संबंध बनाए। विरोध करने पर दोनों को बंधक बनाकर रख लिया।
दोनों पीड़िताएं सबकुछ चुपचाप सहती रहीं। इसी बीच होली के समय तीनों युवक बाहर निकले तो महिलाओं ने अपने पिता को मोबाइल पर आपबीती और अपना ठिकाना भी बताया।
पिता ने जहानाबाद सदर थाने में आवेदन देकर बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस भी तुरंत एक्शन में आई और इंदौर पहुंच गई।
इंदौर पुलिस की मदद से दोनों विवाहिताओं को बरामद कर लिया। साथ ही तीनों युवकों को भी धर दबोचा। इधर, बिहार पुलिस ने जिस्मफरोशी की सरगना चाची रेणु देवी को भी पकड़ लिया।
बिहार : NH-80 पर पुलिस वाहन से कुचलकर युवक की हुई दर्दनाक मौत...
17 Mar, 2023 01:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शुक्रवार सुबह लखीसराय जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मुंगेर-लखीसराय राष्ट्रीय राजमार्ग NH-80 पर सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानूचक गांव के पास पुलिस वाहन से कुचलकर एक स्थानीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। दुर्घटना के बाद चालक पुलिस वाहन लेकर भाग निकला। मृतक की पहचान मानूचक निवासी रतिचन पासवान के 26 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस वाहन से कुचलकर युवक की हुई मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह विकास कुमार अपने घर से सड़क पार कर शौच करने बहियार की तरफ जा रहा था। इसी बीच राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे पुलिस वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही विकास की मौत हो गई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने ये हादसा देख हल्ला मचाया जिससे घटनास्थल पर भीड़ लग गई। उधर, जब तक लोग चालक को पकड़ते वो पुलिस वाहन लेकर भाग निकला।
दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए एनएच 80 को जाम कर दिया। इसके आधे घंटे के बाद सूर्यगढ़ा थाना की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाया एवं पीड़ित आश्रित को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम हटवाया। जाम हटवाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय भेज दिया। टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में बताया जा रहा है कि वह एक पुलिस वैन थी जो दूसरे जिले की थी।
बर्तन साफ करने के बहाने जेवर लेकर फरार हुआ जालसाज..
17 Mar, 2023 12:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर । गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना के महराजगंज में बर्तन साफ करने पहुंचा जालसाज महिला का जेवर लेकर फरार हो गया। पीड़िता ने पुलिस को सूचना देते हुए तहरीर दी। सीसी कैमरे से पुलिस जालसाज की तलाश कर रही है।महराजगंज चौराहा के फूलचंद के घर गुरुवार को दोपहर में बाइक से एक जालसाज युवक पहुंचा और महिलाओं से बर्तन साफ कराने के लिए कहा। एक महिला ने लोटा साफ करने के लिए दिया। जालसाज ने तत्काल साफ करते हुए महिलाओं से जेवर साफ कराने की भी बात कही। झांसे आकर मायके आई फूलचंद की पुत्री रीना ने जालसाज को दो अंगूठी, दो मंगलसूत्र और एक जोड़ा कान का झुमका साफ करने को दिया।
आरोप है कि जालसाज जेवर को एक लोटे में रखते हुए उसमें पाउडर लगाया और लोटा ढक कर रीना को दे दिया। बोला कि इसे फ्रिज में रख दें 10 मिनट बाद निकालेंगे। उसके बताने के अनुसार रीना ने लोटा फ्रिज में रखने अंदर गई। उधर, जालसाज किसी को बताए बिना चला गया। 10 मिनट बाद जब पीड़िता ने लोटा बाहर निकाला तो उसमें जेवर की जगह गिट्टी के टुकड़े मिले। सरहरी चौकी प्रभारी राधेश्याम सेहरा ने बताया कि सीसी कैमरे से जालसाज की तलाश की जा रही है।
हत्या के प्रयास व बलवा के मुकदमे से नाम निकलवाने का झांसा देकर जालसाज ने आरोपित ने एक लाख रुपये ले लिए। कैंट थाना पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया। जमानत पर छूटने के बाद आरोपित ने खुद को पुलिस का करीबी बताकर रुपये लेने वाले के विरुद्ध जालसाजी कर रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया। गुरुवार की सुबह पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि विशुनपुरवा निवासी गोलू साहनी पर हत्या के प्रयास, बलवा व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज था। कैंट थाना पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। रानीडीहा में रहने वाले जालसाज मोहम्मद नईम ने मुकदमे में नाम निकलवाने का झांसा देकर गोलू साहनी से एक लाख रुपये ले लिए थे। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जमानत पर छूटने के बाद गोलू ने नईम से अपने रुपये मांगे तो जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गुरुवार की सुबह नईम को गिरफ्तार कर लिया।
Weather: यूपी के कई शहरों में सुबह से बारिश जारी..
17 Mar, 2023 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । प्रदेश के कानपुर लखनऊ सहित कई शहरों में सुबह से तेज बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश जारी है। ऐसे में तापमान में भी करीब पांच से सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अचानक मौसम में हुए बदलाव से किसान परेशान हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के लिए तेज आंधी तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।मौसम में हो रहे बदलाव ने गुरुवार से असर दिखाना शुरू कर दिया। गुरुवार की सुबह से बादलों ने डेरा डाला तो शाम तक शहर के कई इलाकों में हल्की वर्षा हुई।
जिसका सिलसिला शुक्रवार सुबह भी जारी रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान भी सात डिग्री नीचे आ गया। आगामी दो-तीन दिनों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार ओलावृष्टि भी संभव है। बुधवार का दिन जहां मार्च महीने का सबसे गर्म दिन रहा वहीं गुरुवार को तापमान फरवरी महीने वाला हो गया।बुधवार के 34.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले गुरुवार को अधिकतम तापमान सात डिग्री घटकर 27.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि रात में न्यूनतम तापमान एक दिन पहले जैसा ही बना रहा। गुरुवार की सुबह से ही मौसम में बदलाव के संकेत दिखने लगे।
बादलों से घिरे आसमान में सुबह 10 बजे के बाद से ही गर्मी कम महसूस हुई।दोपहर बाद कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई और ठंडक का अहसास कराने वाली हवा बहने लगी। शाम लगभग सात बजे शहर के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई जिससे सड़कें भी भीग गईं।चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कई दिशा से अलग-अलग हवा का मौसम बन रहा है। इससे गरज-तड़क के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना बनी हुई है। 19 मार्च तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा।आलू की खोदाई हो रही है।
धनिया, अरहर, मसूर, चना, सरसों व गेहूं की फसल लगभग तैयार है। चैत्र माह के पहले सप्ताह में फसलों की कटाई शुरू हो जाती है लेकिन मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बाढ़ दी है।बादल छाए रहने के साथ ही धूलभरी आंधी चली। कई जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। इसकी वजह से आम व महुआ की फसल प्रभावित हो सकती है। चैत्र माह किसानों के लिए सबसे व्यस्त महीना होता है। खेत में फसल तैयार हो जाती है। पेड़ और पौधे भी नई पत्तियों से भर जाते हैं। इनके मोहक फूल चारों ओर सुगंध का ऐसा वातावरण तैयार करते है कि मन प्रफुल्लित हो उठता है।सरसों की फसल पक गई है। कहीं-कहीं चना भी तैयार है। किसान फसलों की कटाई की तैयारी में जुटे हैं।
ऐसे में मौसम में अचानक बदलाव हो गया है।दो दिनों से आसमान में बादल छाए हैं। बुधवार की रात में बूंदाबांदी हुई। वहीं, गुरुवार को दिन में धूलभरी आंधी चलने के साथ बूंदाबांदी भी हुई। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। कृषि वैज्ञानिक डा. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मौसम में परिवर्तन व बादलों का असर गेहूं की फसल में नहीं होगा। खड़ी फसलों में भी बूंदाबांदी का प्रभाव नहीं पड़ेगा। सरसों की कटी फसल प्रभावित होगी। सबसे ज्यादा असर आम व महुआ पर पड़ेगा। यही हाल रहा तो आम की बौर में लासी लग सकती है। साथ ही महुआ की फसल भी कम होगी।
इस वजह से कोल्ड स्टोरेज की इमारत भरभराकर गिरी..
17 Mar, 2023 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इस्लामनगर रोड पर ओरछी चौराहा के निकट बने एआर कोल्ड स्टोरेज बना तो पहले था, लेकिन कमाई के लिए जिम्मेदारों ने नियमों को ताक पर रख दिया। पहले से बने कोल्ड स्टोरेज की दीवारों में ही छह-छह इंच के छेद करके तकरीबन 2500 से 3000 स्क्वायर फीट का लिंटर भी कर दिया। लिंटर भी चार इंच से ज्यादा मोटाई का रहा। ऐसे में ध्वस्त बिल्डिंग में न कालम दिखा और न ही पर्याप्त पिलर।
ग्रामीणों की मानें तो हाल यह था कि कमाई के चक्कर में कोल्ड स्टोरेज मालिक ने महज तीन से चार माह में इसे बनाकर तैयार कर दिया था। आलू की बंपर पैदावार की आहट के बीच हुए इस नियम विरुद्ध काम ने कइयों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया।
चंदौसी रोड स्थित कोल्ड स्टोरेज तकरीबन 40 फीट ऊंचा पहले से ही बनकर तैयार है।इस कोल्ड स्टोरेज के पश्चिमी सड़क वाले भाग की दीवार पर तकरीबन चार माह पहले आनन फानन में नया निर्माण कराया गया। दीवार के बीच आठ पिलर तकरीबन दस-दस फीट की दूरी पर पहले से ही बने हैं, जिस पर पुरानी बिल्डिंग खड़ी है। इसी दीवार के सहारे तीन मंजिल में 10-10 छह इंच के छेद करके सरिया घुसाया गया लिंटर हो गया। सामने की तरफ कुछ पिलर भी दिए गए लेकिन जब दीवार में छह इंच का छेद कर लिंटर पड़ा तो पिलर की गहराई का अनुमान भी आसानी से लगाया जा सकता है।
जब यह बनकर तैयार हुआ तो इसमें आलू का स्टोरेज भी शुरू कर दिया गया। आसपास के लोगों की मानें तो इसकी क्षमता एक लाख कट्टों की बताई गई। इसमें सभी फुल थे। बाहर हाउसफुल का बोर्ड तक लगा दिया गया था। इसके बाद भी आलू लदे ट्रैक्टर ट्राली न केवल आ जा रहे थे, बल्कि दो दर्जन से ज्यादा पल्लेदार काम में भी जुटे थे। इसमें से तमाम हादसे का शिकार भी हुए।जब लिंटर गिरा तो आलू के कट्टों पर ही यह टिक गया लेकिन कोल्ड स्टोरेज के नए निर्माण के अंदर चार मंजिल बनाया गया था, जिसे लोहे के जाली के द्वारा बांटा गया था। इन जालियों पर भी आलू के कट्टे रखे गए थे।
जब कोल्ड स्टोरेज की छत गिरी तो क्षमता से ज्यादा भार का खामियाजा निर्दोंष जान को भुगतना पड़ रहा है।जब लिंटर गिरा तो यह दिखा कि उसके चार मंजिल भाग में प्रत्येक में आठ लेयर में आलू के कट्टे रखे गए थे। जबकि अधिकतम पांच या छह लेयर ही रखना चाहिए था। हाल यह था कि आलू के कट्टे छत को छू रहे थे। भार इतना ज्यादा था कि भवन ही भरभराकर गिर गया।लोगों का अनुमान है कि इस भवन के आगे तरफ जो पिलर दिए गए थे वह मानक के अनुरूप नहीं थे। नतीजतन जब आलू के कट्टे भरे गए तो इसके भार से पिलर अपनी जगह से खिसका होगा या गिरा होगा। इसके बाद ही लिंटर नीचे आकर आलू के कट्टे पर रुका। लिंटर के भार से चारों मंजिल पर रखे कट्टे नीचे गिरे और लोग दब गए।
इंटरव्यू देने गये युवक की तार-तार हुई इज्जत..
17 Mar, 2023 10:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा | आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल में बृहस्पतिवार को नौकरी का झांसा देकर एक युवक को बुलाकर लूट लिया गया। युवक इंटरव्यू देने आया था। कमरे में उसे पकड़ लिया। कपड़े उतार दिए। मारपीट कर वीडियो बनाकर डेबिट कार्ड, मोबाइल सहित अन्य सामान छीन लिया। आरोपी ऑटो में बैठकर भाग गए। पुलिस ने होटल के कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के रहने वाले अंशुल ने नौकरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में एक नंबर लिखा था। बात करने पर एक युवती ने बात की। बृहस्पतिवार को उसे फतेहाबाद मार्ग स्थित होटल में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया।
होटल के कमरा नंबर 201 में पहुंचते ही 5-6 लोग मिले। इनमें किन्नर भी थे। उन्होंने घेर लिया।उससे कागजात के साथ एटीएम कार्ड छीनने लगे। उसने मना किया। इस पर पकड़कर कपड़े उतार दिए। बस अंडरवियर ही छोड़ा। वीडियो बनाने लगे। इस दौरान डेबिट कार्ड का पिन पूछने लगे। डर की वजह से उसने बता दिया। वो एटीएम की मदद से रकम ट्रांसफर करने लगे। मगर, रकम नहीं थी। इस कारण कुछ नहीं हुआ। उसकी पिटाई लगा दी। उसके कपड़े उतार दिए।शोर मचाने पर होटल के कर्मचारी आ गए। मगर, उन्होंने भी बचाने की कोशिश नहीं की, बल्कि आरोपियों से ही अपना किराया मांगने लगे।
बाद में आरोपी उसकी पैंट, बाइक की चाबी, पर्स, कागजात, डेबिट कार्ड लेकर भाग गए।उनका ऑटो होटल के बाहर ही खड़ा था। कर्मचारियों ने उसे पकड़ने का प्रयास नहीं किया। अंशुल ने पुलिस को सूचना दी। पीआरवी पहुंच गई। बाद में थाना ताजगंज पुलिस आई। होटल के मैनेजर और एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया। उनसे पूछताछ की जा रही है।थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक बहादुर सिंह ने बताया कि होटल में कमरा सिमरन कौर की आईडी से लिया गया था। उस पर हरियाणा का पता लिखा था। जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियोंं की पहचान होगी। होटल कर्मियों की मिलीभगत की आशंका है। युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
यूपी पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ में एमपी के युवक को मारी थी गोली, प्राथमिकी दर्ज
17 Mar, 2023 08:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा । उप्र के आगरा जिले के थाना इरादतनगर क्षेत्र में छह माह पूर्व हुई मुठभेड़ फर्जी थी। न्यायालय ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के गांव गडौरा निवासी वादिया ममता देवी ने अपने बेटे आकाश के एनकाउंटर के बाद कोर्ट की शरण ली थी। पीड़िता ने न्यायालय को बताया कि बेटा आकाश 26 सितंबर 2022 को घर से अपने भाई विष्णु के पास आगरा गया था। विष्णु आगरा में केंद्रीय आयुध डिपो में कार्य करते हैं। आकाश फौज में भर्ती होना चाहता था। भाई के पास जाने के साथ ही उसे अग्निवीर भर्ती की जानकारी भी आगरा में सेना भर्ती कार्यालय से लेनी थी, लेकिन उससे पहले ही बेटे की मौत की खबर मिली।
बताया जाता है कि 27 सितंबर 2022 को दोपहर में ममता के पति लाल सिंह को सूचना मिली कि आगरा पुलिस द्वारा आकाश को मुठभेड़ में गोली मार दी है। उसका इलाज आगरा में चल रहा था। वह गंभीर रूप से घायल था, जिसे उपचार के लिए केजी मेडिकल कालेज, लखनऊ में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 13 नवंबर 2022 को केजीएमसी हॉस्पिटल लखनऊ में उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में वादिनी ने खुद कई तथ्यों पर जांच की, जिसके बाद न्यायालय की शरण ली। उसने न्यायालय को बताया कि उसे पूरा विश्वास है कि इरादत नगर पुलिस ने आकाश को अगवा कर जानबूझकर फर्जी मुठभेड़ कर मार दिया। इस मामले में सीजेएम ने मामले को संगीन मानते हुए अज्ञात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने के आदेश दिए हैं।
स्वरा भास्कर और फहाद अहमद के वैवाहिक समारोह में शामिल हुए अखिलेश यादव..
16 Mar, 2023 01:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर और फहाद अहमद के वैवाहिक समारोह में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित फिल्म व राजीतिक जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। अखिलेश यादव ने अपने ट्विटर अकाउंट से तस्वीरें शेयर की और उन्हें मुबारकबाद दीं।अखिलेश यादव के साथ ही तस्वीरों में माकपा नेता सीताराम येचुरी भी नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में स्वरा और फहाद काफी खुश नजर आ रहे हैं। इस स्टार कपल की शादी के प्री-वेडिंग और वेडिंग सेलिब्रेशन्स की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।
स्वरा ने अपने कोर्ट मैरिज की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी। उन्होंने लिखा था, ''कभी-कभी आप किसी ऐसी चीज के लिए दूर-दूर तक खोज करते हैं जो आपके ठीक बगल में होती है। हम प्यार की तलाश में थे, लेकिन हमें पहले दोस्ती मिली और फिर हमने एक दूसरे को पाया। मेरे दिल में आपका स्वागत है फहाद अहमद। यहां बहुत शोर है पर यह तुम्हारा है!''स्वरा और फहाद के विवाह सोशल मीडिया पर बयानों के कारण चर्चा में रहा है। राजनीति व धर्म से जुड़े कई लोगों ने इस पर बयान दिए थे। सोशल मीडिया वैवाहिक कार्यक्रमों की तस्वीरें जमकर वायरल हुई थीं।
बदायूं में कोल्ड स्टोर की इमारत ढही, 30 लोगों की दबने की आशंका..
16 Mar, 2023 01:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बंदायू: बदायूं जिले में बड़ा हादसा हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बदायूं जिले के सीमा पर चन्दौसी में स्थित मवई गांव में एक कोल्ड स्टोर के ढहने की सूचना मिल रही है। जहां करीब 30 लोगों के दबने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मौके पर फैजगंज पुलिस पहुंच चुकी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ए आर कोल्ड स्टोरेज पर हादसे के बाद अफरातफरी का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय भी वहां पहुंच गए जोकि राहत और बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। जेसीबी के जरिए मलबा हटाया जा रहा है ताकि मजदूरों को सुरक्षित निकाला जा सके।
चलती कार में लगी आग, कार सवारों ने भागकर बचाई जान..
16 Mar, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर। गोरखपुर जिले में चिलुआताल इलाके के मानीराम स्थित डीपीएस स्कूल के पास बुधवार को चलती कार में आग लग गई। राहगीरों के शोर मचाने पर कार सवारों ने कार से उतर कर अपनी जान बचाई। कार पूरी तरह से जल गई है।जानकारी के मुताबिक,सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ निवासी अमन वर्मा अपनी मां, पत्नी एवं बच्चे के साथ शोहरतगढ़ से बुधवार सुबह दवा कराने के लिए गोरखपुर आए थे। इलाज कराने के बाद घर वापस जा रहे थे।लगभग रात आठ बजे के आसपास मानीराम के पास घटना हो गई। सूचना पर पहुंची फायर की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
25 मार्च को CBI दफ्तर में पेश होंगे बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, दिल्ली HC का आदेश...
16 Mar, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हो रही है। बता दें कि तेजस्वी यादव ने नौकरी के बदले जमीन मामले में सीबीआई समन पर रोक की मांग को लेकर हाईकोर्ट का रुख किया था। सीबीआई ने जमीन के बदले नौकरी के मामले में पूछताछ के लिए समन जारी किया है। तेजस्वी यादव के वकील ने बताया कि वह 25 मार्च को सीबीआई के सामने पेश होंगे। तेजस्वी के वकील ने आशंका जाहिर की है कि तेजस्वी को सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किया जा सकता है।
वहीं सीबीआई का कहना है कि वह फिलहाल तेजस्वी यादव को गिरफ्तार नहीं करेंगे। वह बस चाहते हैं कि तेजस्वी पेश हों ताकि उन्हें कुछ दस्तावेज दिखाए जा सकें। सीबीआई ने ये भी कहा कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा।
बता दें कि दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल अपनी याचिका में तेजस्वी यादव ने कहा कि सीआरपीसी की धारा 160 के तहत नोटिस केवल उस व्यक्ति को जारी किया जा सकता है, जो उस पुलिस थाने के स्थानीय अधिकार क्षेत्र के भीतर आता है। याचिकाकर्ता पटना, बिहार का स्थायी निवासी है और सीबीआई ने समन जारी कर नई दिल्ली बुलाया है। इसलिए सीबीआई का नोटिस सीआरपीसी के प्रावधानों का उल्लंघन है।
याचिका में तेजस्वी ने ये भी अपील की कि कोर्ट सीबीआई को निर्देश जारी करे कि पूछताछ के समय तेजस्वी के वकील भी वहां मौजूद रहे और उनकी बात सुन सकें। उल्लेखनीय है कि इससे पहले बीती चार मार्च और 11 मार्च को भी तेजस्वी यादव को सीबीआई के सामने पेश होने का समन जारी किया गया था लेकिन तेजस्वी पेश नहीं हुए।
क्या है नौकरी के बदले जमीन घोटाला
साल 2004 से 2009 के दौरान लालू यादव यूपीए सरकार में रेल मंत्री रहे। आरोप है कि लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुए रेलवे भर्ती में घोटाला हुआ और नौकरी लगवाने के बदले आवेदकों से जमीन और प्लॉट लिए गए। आरोप है कि जो जमीनें ली गईं, वो मीसा भारती और राबड़ी देवी के नाम पर ली गईं।
यूपी में शहरी बेघर गरीबों का होगा थर्ड पार्टी सर्वेक्षण..
16 Mar, 2023 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी के बाद अब शहर में रहने वाले बेघर गरीबों का थर्ड पार्टी सर्वेक्षण कराया जाएगा। इसके लिए राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश में पिछले साल बेघर गरीबों के लिए शेल्टर होम बनाने की जांच कराई गई थी। इसमें कई शहरों की प्रगति काफी खराब मिली थी। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए बेघर लोगों की थर्ड पार्टी से सर्वेक्षण कराने का आदेश दिया था।गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के इससे पहले के आदेश पर शहरों में रहने वाले निराश्रित व बेघर लोगों के लिए शेल्टर होम बनाने की योजना शुरू की गई थी। इसकी जिम्मेदाररी राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (शहरी) को सौंपी गई थी।
मानक के मुताबिक एक लाख की आबादी पर कम से कम एक शेल्टर होम बनाने थे।वहीं, गरीबों को चिह्नित करने के लिए वर्ष 2011 की जनगणना के मुताबिक सर्वे कराया गया था। इसमें प्रदेश भर में सिर्फ 1,54,101 लाभार्थी मिले थे। इनमें से 80 हजार लाभार्थी अकेले कानपुर में होने की बात कही गई थी। इसके आधार पर में शेल्टर होम बनाने का काम शुरू हुआ लेकिन बीते तीन साल में मानक के मुताबिक शेल्टर होम का निर्माण नहीं हो पाया।पिछले साल कराए गए सर्वे में शहरी बेघरों के लिए शेल्टर होम निर्माण में यूपी की प्रगति को काफी खराब पाया गया था।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित समिति ने इस स्थिति को देखते हुए अपनी रिपोर्ट में यूपी को पूअर परफॉर्मर स्टेट करार दिया था। तो कानपुर शहर को सबसे खराब बताया गया था। वहीं, शेल्टर होम की स्थिति के जांच के लिए गठित समिति ने भी सुप्रीम कोर्ट को अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी। इसमें कहा गया है कि वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर चिह्नित किए गए लाभार्थियों के लिए जितने शेल्टर होम बनाए जाने चाहिए थे, उतने नहीं बने हैं।
अब सूडा ने बेघर गरीबों के आंकड़े को भ्रामक बताते हुए सुप्रीम कोर्ट के समक्ष पक्ष रखा है कि प्रदेश में कुल 1.54 लाख बेघर लाभार्थियों में से अकेले कानपुर में 80 हजार बेघर होने की बता कही गई है, जो व्यावहारिक नहीं है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि शहरों में बेघर गरीबों का फिर से सर्वेक्षण कराया जाए और इस बार यह सर्वेक्षण थर्ड पार्टी एजेंसी से कराया जाए। इसके आधार पर सूडा ने थर्ड पार्टी से सर्वेक्षण कराने के लिए एजेंसी चयन करने का निर्देश जारी कर दिया है। हर निकायों में अलग-अलग एजेंसियों से सर्वेक्षण कराई जाएगी।