मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
मध्यप्रदेश में पाला पडऩे का खतरा...
7 Jan, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश सहित पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। मध्यप्रदेश में ठंड के साथ ही कोहरे की भी दोहरी मार पड़ रही है। कई शहरों में विजिबिलिटी 50 से ज्यादा हो गई है। उधर मौसम विभाग ने अगले दो दिन में मावठा और पाला पडऩे की चेतावनी जारी की है जिससे किसान लगातार चिंतित हैं। लगभग सभी जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। प्रदेश में गुना 2.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। वहीं दतिया में 3.5 खजुराहो में 4 नौगांव में 3 पचमढ़ी में 5 ग्वालियर में 4 शिवनी में 10 भोपाल में 7 और इन्दौर में 8 व जबलपुर में 9 डिग्री तापमान रहा।
प्रदेश में कड़ाके की ठंड के चलते कई जिलों में नर्सरी से लेकर आठवीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। साथ ही कुछ जिलों में स्कूल के समय में बदलाव भी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते आने वाले 2 दिनों तक ऐसी ही ठंड पड़ेगी। इसके बाद हवा का रुख बदलने के बाद तापमान में वृद्धि होगी जिससे लोगों को राहत मिलेगी। उधर पाला पडऩे की आशंका के चलते कई किसान भी मायूस होने लगे हैं।
पहाड़ी क्षेत्रों से ज्यादा मैदानी क्षेत्रों में ठंड
उत्तर भारत सहित पूरा देश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पहाड़ी क्षेत्रों से ज्यादा मैदानी क्षेत्रों का तापमान लुढ़क रहा है। पंजाब हरियाणा के कई शहरों में जहां तापमान 2 से 3 डिग्री तक पहुंच गया वहीं दिल्ली में ठंड हर दिन नया रिकार्ड बना रही है। दिल्ली में रात का तापमान 2 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। ठंड के साथ ही उत्तर भारत में कोहरे की मार पड़ रही है जिसका असर रेल व विमानों की उड़ानों पर भी पड़ रहा है। हर दिन रेलवे 300 से अधिक ट्रेनें रद्द कर रहा है। पंजाब और हरियाणा में हालत बेहद खराब है। यहां कई शहरों का पारा 2 से 3 डिग्री तक जा पहुंचा है।
आदिवासियों को 200 करोड़ का बोनस बांटेगी सरकार
7 Jan, 2023 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मिशन 2023 के तहत सरकार सभी वर्गों को साधने में जुटी हुई है। सरकार का सबसे अधिक फोकस अनुसूचित जनजाति यानी आदिवासी वर्ग पर है। इस वर्ग को साधने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में अब इस वर्ग को 200 करोड़ रूपए का बोनस और 15 लाख आदिवासी परिवारों को जूता-चप्पल साड़ी छाता वितरण करने जा रहा है। सरकार की यह कोशिश प्रदेश के सबसे बड़े थोक वोट बैंक को साधने में की है। गौरतलब है कि एससी-एसटी की सीटें 2018 में भाजपा के हाथ से फिसलती हुई दिखी थीं लेकिन भाजपा एससी-एसटी वर्ग को अपने साथ लेने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रही है जिसमें कई अलग-अलग योजनाएं चलाना हो या जनजाति समाज में भगवान माने जाने वाले बिरसा मुंडा को लेकर पीएम मोदी द्वारा कार्यक्रम करना।
मप्र में हमेशा से ही एससी-एसटी दोनों ही समुदाय सत्ता हासिल करने का रास्ता माने जाते रहे हैं क्योंकि इन दोनों वर्गों के लिए प्रदेश की 36 फीसदी यानी 82 विधानसभा सीटें आरक्षित हैं जिनमें से 35 सीट अनुसूचित जाति और 47 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। 2018 के चुनाव में अनुसूचित जनजाति की 47 सीटों में से 31 सीटें कांग्रेस ने जीती थीं वहीं दूसरी ओर भाजपा को 16 सीट मिली थीं। जबकि 35 अनुसूचित जाति वर्ग की 17 सीटों पर कांग्रेस और 18 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। अब प्रदेश की 23 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति का साधने के लिए लघु वनोपज संघ 200 करोड़ रूपया बोनस वितरण और 15 लाख आदिवासी परिवारों को जूता-चप्पल साड़ी छाता वितरण करने जा रहा है। इस आशय की पुष्टि लघु वनोपज संघ के प्रबंध संचालक पुष्कर सिंह ने की है। तेंदूपत्ता संग्राहको को बोनस वितरण की शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पूर्वी निमाड़ के खंडवा क्षेत्र से कर चुके हैं। संघ बोनस वितरण की कड़ी में अगला कार्यक्रम महाकौशल के आदिवासियों के लिए सिवनी में और विंध्य क्षेत्र के आदिवासियों के लिए सतना में आयोजित करने जा रहा है। दोनों ही कार्यक्रम में 100-100 करोड़ रुपए का बोनस वितरण किया जाएगा।
तेंदूपत्ता संग्रहण का भी मिलेगा अधिकार
आदिवासी वर्ग को साधने के लिए भाजपा ने उन्हें तेंदूपत्ता संग्रहण का अधिकार देने को निर्णय लिया है। संघ 260 ग्राम सभाओं में तेंदूपत्ता संग्रहण का अधिकार आदिवासियों को सौंपने जा रहा है। यह प्रयोगिक तौर पर लागू किया जा रहा है। यह प्रयोग सफल होने पर 5080 आदिवासी बाहुल्य ग्राम सभाओं को तेंदूपत्ता संग्रहण का अधिकार दे दिया जाएगा। इसके पहले लघु वनोपज संघ राजधानी भोपाल में दो बड़े आयोजन जंबूरी मैदान में तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन और लाल परेड पर अंतरराष्ट्रीय वन मेले का आयोजन कराकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वन मंत्री विजय शाह को फील गुड का एहसास करा चुका है। वन मंत्री विजय शाह ने मिशन 2023 के लिए विभाग के मुखिया से कई अपेक्षाएं की है। विजय शाह ने नए साल पर एसीएस फॉरेस्ट जेएन कंसोटिया सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों को अपने बंगले पर औपचारिक मुलाकात के लिए आमंत्रित किया था। बंगले पर पहुंचे सभी अधिकारियों को नए साल की बधाई देते हुए वन मंत्री ने लघु वनोपज संघ के आयोजनों की तारीफ करते हुए पीसीसीएफ हॉफ से अपेक्षा की कि ऐसे ही कुछ और आयोजन और अभिनव प्रयोग विभाग की ओर से भी आयोजित होने चाहिए। विजय शाह का इशारा इमेज बिल्ट अप करने की ओर था।
निवेशकों को सभी सरकारी अनुमतियां मिलेंगी आसानी आसानी से
7 Jan, 2023 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । 11-12 जनवरी को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले ही प्रदेश में निवेश के ऑफर मिलने लगे हैं। उद्योग विभाग को समिट के दो दिनों में कम से कम 4000 निवेश करार तय होने की उम्मीद है। दरअसल इस साल होने जा रही सातवीं समिट में चर्चा और बैठकों से पहले ही निवेश प्रस्तावों पर सरकार और उद्योग विभाग ठोस रूपरेखा बना रहे हैं। समिट के मंच से आखिर में निवेश और करारों की घोषणा की जाएगी। वहीं निवेश की अपार संभावनाओं को देखते हुए सरकार ने निवेशकों को सभी सरकारी अनुमतियां आसानी से उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी शुरू कर दी है। इस व्यवस्था के तहत अब निवेशकों को उद्योग लगाने की अनुमति लेने दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में मप्र में निवेश की योजना के साथ 300 उद्योगपति मुख्यमंत्री से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। ये वे उद्योगपति हैं जिन्होंने ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में मुख्यमंत्री के साथ चर्चा के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया है। वहीं प्रदेश सरकार और उद्योग विभाग के पास पहले से 3000 इंटेंशन आफ इंवेस्टमेंट आ चुके हैं। विभाग के अनुसार ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए कुल 4500 उद्योग प्रतिनिधियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। 300 उद्योगपति मुख्यमंत्री से वन-टू-वन चर्चा के लिए रजिस्टर्ड हैं। ऐसे में चार हजार निवेश प्रस्तावों को समिट के दो दिनों में जमीन पर उतरना लगभग तय माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक 400 बड़े उद्योगपतियों और उद्योग घरानों को भी अलग से न्योता दिया गया है। इनमें अडानी अंबानी गोदरेज बिरला समूह के साथ ख्यात एफएमसीजी कंपनी आइटीसी फाइनेंस कंपनी बजाज और तमाम बड़े नाम शामिल हैं। ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में उद्योगपतियों को विकल्प दिया गया था कि वे चाहें तो आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के किसी विभागीय मंत्री या प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी से वन-टू-वन चर्चा कर सकते हैं। इसके लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने की अनिवार्यता रखी गई थी। संबंधित उद्योगपति से रजिस्ट्रेशन करवाते हुए कंपनी का ब्योरा टर्नओवर से लेकर निवेश प्रस्ताव की जानकारी भी मांगी गई थी। विकल्प दिया गया था था कि उद्योगपति खुद तय कर सकते हैं कि वे मुख्यमंत्री से चर्चा करना चाहते हैं या अपने निवेश व जरूरत के अनुरूप उद्योगमंत्री और अन्य विभागों के मंत्री और अधिकारियों से सीधी बात। पोर्टल पर उद्योगपति को संबंधित के विकल्प पर क्लिक करना था और अपनी जानकारी देनी थी।
प्रदेश में निवेश की आपार संभावनाएं
मप्र में औद्योगिक विकास की सभी मूलभूत सुविधाएं हैं। इसलिए निवेशकों का आकर्षण मप्र की ओर बढ़ा है। यहां 47 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि योग्य भूमि है जो 10 प्रमुख नदियों से जुड़ी है। उद्यानिकी फसलों मसालों संतरा अदरक लहसुन के साथ दलहन तिलहन एवं डेयरी उत्पाद में भी राज्य आगे है। राज्य में 8 सरकारी फूड पार्क और 2 निजी मेगा फूड पार्क है। पीथमपुर में 4500 हेक्टेयर में विकसित औद्योगिक क्लस्टर 25 हजार से अधिक लोगों को रोजगार दे रहा है। इंदौर में एशिया का सबसे लंबे और तेज गति के टेस्टिंग ट्रेक नेट्रेक्स की स्थापना की गई है। राज्य 43 प्रतिशत भारतीय और 24 प्रतिशत वैश्विक जैविक रुई का उत्पादक है। यहां 60 से अधिक टेक्सटाइल यूनिट में 4 हजार से अधिक लूम व 2.5 मिलियन 48 स्पिडल्स संचालित हैं। पीएलआई योजना में टेक्सटाइल सेक्टर को 3513 करोड़ रु. का निवेश हुआ है। इंदौर देवास भोपाल मंडीदीप मालनपुर और पीथमपुर स्पेशल इकोनॉमिक जोन में फार्मा क्लस्टर हैं। यहां 300 फार्मा एवं मेडिकल यूनिट से 1 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है। उज्जैन में मेडिकल डिवाइस पार्क की स्थापना की गई है। प्रदेश में 40 एमएमटी की वेयरहाउसिंग और 13.2 एमएमटी की कोल्ड स्टोरेज क्षमता है। इंदौर और भोपाल में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क का निर्माण प्रस्तावित है। सांची को राज्य की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित किया गया है। विश्व का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर पार्क ( 600 मेगावाट) ओंकारेश्वर में प्रस्तावित है। रेअर अर्थ मेटल प्रोसेसिंग अनुसंधान एवं विकास ट्रेनिंग के लिए भोपाल में रेयर अर्थ एंड टाइटेनियम थीम प्रस्तावित है।
मछलीपालन के नाम पर देश भर मे करोड़ो की ठगी करने वाली कंपनी के खिलाफ एक ओर एफआईआर दर्ज
7 Jan, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। एमपी सहित देश के कई शहरो मे मछली पालन के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाली कंपनी के खिलाफ कोहेफिजा पुलिस ने युवती से 22 लाख से अधिक की जालसाजी करने पर धोखाधड़ी का एक ओर मामला कायम किया है। पुलिस के अनुसार आकृति ईको सिटी बावडियाल कला में परिवार सहित रहने वाली 29 वर्षीय आकांक्षा सिंह पुत्री अनिल सिंह ने लिखित शिकायत करते हुए बताया था कि थाना इलाके के हलालपुरा में हरियाणा की फिशरीज कंपनी का ऑफिस था। अन्य लोगो की तरह वो भी बिजनेस के बारे मे जानकारी लेने के लिये साल 2020 मे आरोपियो के कार्यालय गई थी। वहॉ कंपनी का कर्ताधर्ता बृजेश कश्यप प्रहलाद शर्मा के साथ कंपनी के अधिकारी राजेंद्र सिंह राजपूत गायत्री परिहार वेदप्रकाश शर्मा मिले थे। उन सभी ने मछली पालन में मुनाफे का लालच देते हुए कहा कि यदि वो 22 लाख रुपए इंवेस्ट करेगी तो कंपनी उन्हे तालाब बनवाकर उसमें पानी बिजली और बाड़ की व्यवस्था करने के साथ ही मछली पालन के अन्य कार्य मे उनकी पूरी मदद करेगी जिससे उन्हे मोटा मुनाफा होगा। फरियादिया ने उनकी बातो मे आकर 22 लाख 40 हजार की रकम उन्हे दे दी। बाद मे आरोपियों ने लॉकडाउन का बहाना बनाकर काम नही कराया हालात देखकर युवती ने भी कोई विरोध नहीं किया। इसके बाद कंपनी के खिलाफ अलग-अलग थानों में शिकायते दर्ज होने लगी। वहीं कंपनी के अधिकारी कार्यालय में ताला लगाकर चंपत हो गए। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपियो के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि उक्त कंपनी के कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार किये जा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक राजधानी के कई थानो में चालीस से ज्यादा ठगी की शिकायत हो चुकी है।
जल-जीवन मिशन की योजनाएँ समय-सीमा में पूरी हों
6 Jan, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामकिशोर कावरे ने कहा है कि जल-जीवन मिशन में स्वीकृत योजनाएँ समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरी की जायें। उन्होंने कहा कि जिला अधिकारी वर्ष 2023 में विकास कार्यों को पूरा करने के लिये योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। उमरिया जिले के प्रभारी मंत्री कावरे शुक्रवार को उमरिया में जिला अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में बताया गया कि नल-जल मिशन में 5 परियोजना स्वीकृत हैं। इनमें से 4 योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। जिले के आकाशकोट क्षेत्र में 228 करोड़ रूपये की मंजूरी दी गई है। इस योजना से जनजातीय बहुल क्षेत्र के 109 ग्राम में पानी पहुँचेगा। राज्य मंत्री ने एक फरवरी से शुरू होने वाली जिले की विकास यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले में 3 सी.एम. राइज स्कूल के भवन निर्माण के लिये 36 करोड़ रूपये मंजूर हुए हैं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को इसकी सतत समीक्षा करने के निर्देश दिये।
कन्या छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण
प्रभारी मंत्री कावरे ने शुक्रवार को उमरिया के कन्या छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया। प्रभारी मंत्री ने छात्रावास की व्यवस्थाओं पर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किये जाने के भी निर्देश दिये। प्रभारी मंत्री ने शुक्रवार को कन्या जनजातीय परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।
स्मार्ट सिटी पार्क अब वॉटर विजन पार्क होगा – मुख्यमंत्री चौहान
6 Jan, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनता की भागीदारी से अनेक अभियान सफल हुए हैं। प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के लिए नागरिकों की सहभागिता निरंतर बढ़ रही है। नर्मदा जयंती वर्ष 2021 से प्रारंभ प्रतिदिन पौधे लगाने का संकल्प अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बन रहा है। पौध-रोपण लोगों के स्वभाव में शामिल हो रहा है। स्वयं और परिजन की जन्म और विवाह की वर्षगांठ, परिवार के दिवंगत सदस्य की पुण्य-तिथि पर पौधा लगाने का कार्य नागरिक करने लगे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जब किसी कार्य से आमजन जुड़ जाए तो उसे सफलता मिलती है। जब जनता के मन में बात बैठ जाती है तो उसे साकार होने में देर नहीं लगती।
पर्यावरण की रक्षा के लिए कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भोपाल में जल सम्मेलन में आए केंद्रीय मंत्रियों, राज्यों के मंत्रियों और अन्य प्रतिभागियों द्वारा आज श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में किया गया पौध-रोपण वॉटर विजन@2047 (जल सम्मेलन) की स्मृति को बनाए रखने का प्रयास है। इस संकल्प की सिद्धि के लिए अब इस पार्क का नाम ‘वाटर विजन पार्क’ किया जाएगा। आज कचनार, हरसिंगार और आम के साथ ही अन्य कई प्रजातियों के पौधे लगाए गए। यह पार्क और आज का पौध-रोपण नागरिकों को पर्यावरण की रक्षा के लिए कार्य करने की प्रेरणा देगा। मध्यप्रदेश में वृक्ष-वीर और वृक्ष-वीरांगना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कलेक्टर भोपाल को इस उद्यान में आज पौध-रोपण में शामिल हुए जल सम्मेलन के प्रतिभागी केन्द्रीय मंत्रियों और राज्यों के मंत्रियों के उल्लेख के साथ जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प के अंतर्गत देश में पहली बार पानी के लिए काम करने वाले जन-प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों का सम्मेलन भोपाल में हुआ। सम्मेलन में आए प्रतिनिधि आज मुख्यमंत्री चौहान की प्रतिदिन पौधा लगाने की अनूठी पहल से जुड़ कर पौधा लगा रहे हैं। जल सम्मेलन में पानी की निर्बाध आपूर्ति हो, इस बारे में गहन मंत्रणा हुई है। सम्मेलन में जमीन, जलवायु, जंगल और जल के संरक्षण के लिए सभी एकजुट हों। इन प्राकृतिक संसाधनों को परिपुष्ट कर आने वाली पीढ़ी को संतुलित जीवन देने के संबंध में विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री चौहान का प्रतिदिन पौधे लगाने का कार्य अभिनंदन योग्य है। आज भोपाल के जल सम्मेलन के प्रतिभागियों को पौधा लगाने का अवसर मिला। यह अपनी तरह का पहला सम्मेलन था, जिसकी स्मृति को ताजा बनाए रखने के लिए यह उद्यान स्मृति वन के रूप में पहचान बनाकर हमें भी सम्मेलन की याद दिलाएगा।
आज के पौध-रोपण में केन्द्रीय जलशक्ति और खाद्य प्र-संस्करण उद्योग राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव के अलावा राज्यों के जिन मंत्रीगण ने पौधे लगाए उनमें मिथलेश कुमार ठाकुर झारखंड, पीयूष हजारिका असम, स्वतंत्र देव सिंह उत्तर प्रदेश, कुंवर जी भाई भावलिया और मुकेश पटेल गुजरात, सुभाष ए. शिरोड़कर गोवा, हरजीत सिंह बैंस पंजाब, अवांगबो नेवमाई मणिपुर शामिल थे। इसके अलावा कर्नाटक के सचिव मृत्युंजयन स्वामी ने भी पौधे लगाए।
मुख्यमंत्री चौहान करेंगे तेंदूपत्ता संग्राहकों को सामग्री का वितरण
6 Jan, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के विभिन्न जनजातीय बहुल क्षेत्रों में तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े लोगों को चरण पादुका, वस्त्र और अन्य सामग्री का वितरण करेंगे। हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय वन मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री चौहान ने इस संबंध में घोषणा की थी। प्रदेश के विंध्य और महाकौशल अंचल के साथ अन्य स्थानों पर ये कार्यक्रम किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, अपर मुख्य सचिव वन जे.एन. कंसोटिया और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में विचार-विमर्श किया। सामग्री वितरण के साथ ही महिला स्व-सहायता समूह द्वारा लोक-नृत्य, अन्य स्पर्धाओं में भागीदारी के कार्यक्रम की रूपरेखा और आगामी अप्रैल माह में प्रस्तावित वन महोत्सव पर भी चर्चा हुई।
वन्य-प्राणी संरक्षण प्राथमिकता
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में वन्य-प्राणियों के संरक्षण के साथ मनुष्य और पशुओं के अस्तित्व के संतुलन को भी सदैव ध्यान में रखा जा रहा है। वन्य- प्राणियों का शिकार करने वाले आपराधिक तत्वों पर पूरी तरह अंकुश रहे। इस संबंध में वन विभाग का अमला हमेशा सजग रहे। वन्य-प्राणियों के शिकार के दोषियों के विरूद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए।
भारतीय चिंतन में समाहित है अनेक समस्याओं का समाधान
6 Jan, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारतीय चिंतन में अनेक समस्याओं का समाधान समाहित है। विश्व के राष्ट्र, भारत की पुरातन आध्यात्मिक संपदा को स्वीकारते हैं। रामायण अद्भुत ग्रंथ है। आज भी गाँव-गाँव में इसे गाया और सुनाया जाता है। महत्वपूर्ण शिक्षाओं के साथ ही विश्व शांति का संदेश देने में भारतीय धर्म ग्रंथ सहायक हैं। मुख्यमंत्री चौहान आज तृतीय अंतर्राष्ट्रीय रामायण कान्फ्रेंस को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रेम, शांति, प्रसन्नता, एकता और भाई-चारे का संदेश देने वाले इस आयोजन में शोध-पत्र प्रस्तुत करने आए विद्वानों का मध्यप्रदेश में स्वागत है। मुख्यमंत्री चौहान ने कांफ्रेंस की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दी।
जबलपुर में हो रही कॉन्फ्रेंस में सांसद राकेश सिंह, आयोजन समिति के अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, डॉक्टर गुमास्ता, जी.डी. बक्शी, गोविंद सिंह आदि उपस्थित हुए। कान्फ्रेंस में अनेक देश के प्रतिनिधि उपस्थित हुए हैं। "रामायण की सौम्य शक्ति" विषय पर कॉन्फ्रेंस में महत्वपूर्ण शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए हैं।
परिश्रम से सफलता के पथ पर आगे बढ़ें : मुख्यमंत्री चौहान
6 Jan, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शहर हो या ग्राम, सभी जगह के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता होती है। यदि सही दिशा मिल जाए तो वे चमत्कार कर सकते हैं। परिश्रम से सफलता के पथ पर आगे बढ़ना आसान होता है।
मुख्यमंत्री चौहान आज सीहोर जिले के दो नगर नसरुल्लागंज और शाहगंज में मामा कोचिंग क्लासेस के शुभारंभ समारोह को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मनुष्य ईश्वर का अंश है, अमृत का पुत्र है और अनंत शक्तियों का भंडार समाए हुए हैं। यदि आत्म-विश्वास और अनुकूल वातावरण हो तो किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में विद्यार्थी सफल हो सकते हैं। उन्हें योग्यता के आधार पर सम्मानजनक स्थान अवश्य मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को मनोयोग से अध्ययन करने का परामर्श दिया। नसरुल्लागंज और शाहगंज में नि:शुल्क कोचिंग मिलने से प्रसन्न विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री चौहान का हर्ष ध्वनि से स्वागत किया। मुख्यमंत्री चौहान ने दो बालिकाओं कु. अनीता पवार और कु.आयुषी विश्वकर्मा से चर्चा भी की। कार्यक्रम में कार्तिकेय सिंह, निर्मला, प्रतिभा और अनेक जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
स्व-सहायता समूहों के जरिए गरीबी उन्मूलन की ओर बढ़ रहा मध्य प्रदेश
6 Jan, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । गरीबी उन्मूलन की दिशा में महिला स्व-सहायता समूहों ने बड़ा काम किया है। पिछले 10 साल में राज्य आजीविका मिशन के माध्यम से 45 लाख ग्रामीण महिलाएं समूहों से जुड़ीं और तीन से पांच गुनी आमदनी बढ़ाई है। प्रदेश में ऐसे चार लाख समूह कार्यरत हैं, जो इन महिलाओं को कृषि और गैर कृषि आधारित रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। उन्हें स्वयं का कारोबार शुरू करने के लिए भी कर्ज दिया जा रहा है। इससे स्थिति में अमूलचूल सुधार आया है। सौ और डेढ़ सौ रुपये दिन में खेत और भवन निर्माण में मजदूरी करने वाली महिलाएं अब दिन में पांच से आठ सौ रुपये तक कमा रही हैं। वे किराना दुकान-छोटे कारखाने चला रही हैं, खेती कर रही हैं। आजीविका मिशन ने इस साल 10 लाख और महिलाओं को समूहों से जोड़कर रोजगार दिलाने का लक्ष्य तय किया है।प्रदेश के आर्थिक आधार पर पिछड़े जिलों की महिलाएं रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाकर कृषि-निर्माण मजदूरी करती थीं। इस पलायन को रोकने और उन्हें गांव में ही रोजगार देने के उद्देश्य से मप्र राज्य आजीविका मिशन ने काम शुरू किया। इसमें कोरोना काल में सफलता मिली। दूसरे राज्यों से लौटे मजदूर जब प्रदेश में ही रोजगार तलाश रहे थे, तब मिशन साथ दिया और उन्हें पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मुर्गी पालन, मछली पालन, कृषि, अगरबत्ती, साबुन-सर्फ, सेनेटरी नेपकिन, चप्पल, फिनाइल निर्माण, सिलाई-कढ़ाई, खाद्य पदार्थ, अचार, मसाले, पापड़, चिप्स, खाद्य तेल, मशरूम उत्पादन, शहद उत्पादन सहित 150 प्रकार के अन्य सूक्ष्म-लघु रोजगार से जोड़ा। उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता का नियंत्रण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग के तरीके सिखाए गए। अब समूहों की समस्याओं के समाधान के लिए सौ लोक अधिकार केंद्र खोले जा रहे हैं।
स्वास्थ्य परीक्षण की सौगात
दिन-रात काम में लगी समूह की महिलाओं के स्वास्थ्य की फिक्र भी सरकार कर रही है। इस साल से समूह की सदस्यों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की जा रही है। पहले चरण में एक लाख सदस्यों को इससे जोड़ा जा रहा है। इसके बाद इस व्यवस्था को विस्तार दिया जाएगा।
स्ट्रीट वेंडर योजना ने दिया संबल
गरीबी उन्मूलन में स्ट्रीट वेंडर योजना ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कोरोना काल में जब लाकडाउन की वजह से कारोबार चौपट हो गया था। फुटपाथ पर दुकान या ठेला लगाकर रोज का कमाने और खाने वालों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हुआ, तो सरकार ने स्ट्रीट वेंडर योजना शुरू की। उसमें ऐसे दुकानदारों को 10 हजार रुपये का ब्याज मुक्त कर्ज दिलाया गया, ताकि आर्थिक तंगी के चलते पिछड़े व्यापार को गति मिल सके। इससे लोगों को अपना रोजगार निरंतर रखने में मदद मिली है।
इन्वेस्टर्स समिट पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार - कांग्रेस
6 Jan, 2023 04:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश की वाणिज्यिक राजधानी इंदौर में अगले हफ्ते दो दिवसीय ग्लोबल इंन्वेस्टर्स समिट का आयोजन होने जा रहा है। इससे पहले इस पर सियासत शुरू हो गई है। प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने इंन्वेस्टर्स समिट को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इन्वेस्टर्स समिट का विरोध नहीं करती है। हमारा इसको लेकर स्वागत है, लेकिन अभी तक प्रवेश में जितनी भी इन्वेस्टर्स समिट हुई हैं, उनके निष्कर्षों को जनता के बीच लाया जाना चाहिए। जीतू पटवारी ने कहा, हकीकत यह है कि प्रदेश में न तो युवाओं को रोजगार मिला है और न ही उद्योग धंधे बढ़े हैं। जो भूमि उद्योगों के नाम पर कौड़ियों के दाम दे दी गई, लेकिन उद्योग स्थापित ही नहीं हुए। सरकार ने निवेश आमंत्रित करने के लिए देश-विदेश में यात्रा पर करोड़ों रुपए खर्च कर दिए, पर उसका कोई लाभ प्रदेश को नहीं मिला है। जबकि कमल नाथ सरकार में जो निवेशक सम्मेलन किया गया था, उसके परिणाम सामने आ चुके हैं।
ग्वालियर घाटीगांव एसडीओपी संतोष पटेल ने समझाई हूटर की भाषा
6 Jan, 2023 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । पुलिस जब गश्त करती है और किसी आरोपित को पकड़ने के लिए जाती है तो वह अपने वाहन पर लगे हूटर को बजाती है। हालांकि हूटर बजने के मायने कई होते हैं। लेकिन आमजन यही समझता है कि पुलिस आ गई है। लेकिन हूटर की भाषा को लेकर घाटीगांव के एसडीओपी संतोष पटेल ने समझाया है। उनके हूटर की भाषा के विश्लेषण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। साथ ही लखनऊ की एएसपी मनीषा सिंह ने भी एसडीओपी संतोष पटेल के वीडियो पर टि्वट किया है। साथ ही इंटरनेट मीडिया पर एसडीओपी का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
वीडियो में किस तरह समझाई एसडीओपी ने हूटर की भाषा
एसडीओपी संतोष पटेल ने कोहरे के बीच गश्त देने के लिए निकले। रास्ते में उनके वाहन का हूटर बजर बज रहा था। गश्त के दौरान किसी ने उनसे पूछा कि हूटर बजाने का मतलब क्या होता है। तब संतोष पटेल ने बताया कि गश्त में हूटर का जो साउंड रहता है उसके सुनने भर से लगता है कि मैं जाग रहा हूं, मैं ड्यूटी पर तैनात हूं। जब किसी आरोपित को पकड़ने पुलिस जाती है तो हूटर का साउंड सुनने पर समझ में आता है कि मैं पकड़ने आ रहा हूं। इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर लिया। इसके बाद यह वीडियो इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल हो गया।
वीडियो हुआ वायरल, पुलिस अफसरों ने किया ट्वीट
घाटीगांव एसडीओपी संतोष पटेल का हूटर को लेकर जो वीडियो वायरल हुआ। तो वह वायरल हो गया। कई अफसरों ने इस वीडियो को ट्वीट किया है। संतोष पटेल के इस वीडियो को इंटरनेट मीडिया के हर प्लेटफार्म पर जमकर पसंद किया जा रहा है।
राष्ट्रीय जल सम्मेलन में पहुंचे देवेंद्र फडणवीस, पीपीपी के जरिए समझाया महाराष्ट्र का जल प्रबंधन
6 Jan, 2023 02:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित देश के पहले जल मंत्रियों के सम्मेलन का आज दूसरा और अंतिम दिन है। आज इस सम्मेलन में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी पहुंचे। यहां दूसरे दिन शुक्रवार को महाराष्ट्र की जल नीति का प्रेजेंटेशन दिया गया। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सम्मेलन में वाटर गवर्नेंस थीम पर आधारित प्रेजेंटेशन दिया। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में वाटर रेगुलेटरी अथारटी पानी की कीमत तय करती है। हमने पालिसी बनाई है कि उद्योगों को सामान्य पानी नहीं दिया जाएगा। उद्योगों को केवल ट्रीटेड पानी ही दिया जाएगा और स्थानीय नगरीय निकायों से उद्योगों को पानी खरीदना अनिवार्य किया गया है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय जलशक्ति राज्यमंत्री प्रह्लाद पटेल ने देवेंद्र फडणवीस का मोमेंटो देकर अभिवादन किया। बाद में फननवीस ने मंच पर उपस्थित मंत्रियों का पीकू जैकेट और मोमेंटो भेंट कर अभिवादन किया। जल शक्ति मंत्रलाय के द्वारा आयोजित प्रथम राज्य मंत्रियों के सम्मेलन में भोपाल आए महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस का मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट द्वारा स्वागत किया गया एवं दोनों राज्यों में सिंचाई को बढ़ावा देने तथा अंतरराज्यीय जल समझौते के तहत कार्य करने के संबंध में चर्चा की। गौरतलब है कि वाटर विजन@2047 नामक इस सम्मेलन में सभी राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी और सिंचाई मंत्री तथा संबंधित विभागों के अधिकारी सम्मिलित हैं। इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों में मौजूद जल समस्याओं के समाधान का रोडमैप तैयार किया जाएगा। दो दिवसीय इस आयोजन में पांच विषयों – जल की कमी- जल की अधिकता और पहाड़ी इलाकों में जल-संरक्षण, पानी का दोबारा इस्तेमाल, जल सुशासन, जलवायु परिवर्तन की चुनौती का सामना करने में सक्षम जल अधो-संरचना और जल गुणवत्ता पर सत्रों का आयोजन किया गया है।
राहुल गांधी बताएं कि उन्हें सेना से इतनी नफरत क्यों - नरोत्तम मिश्रा
6 Jan, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राहुल गांधी के अग्निवीर सैनिको को जूते मारकर निकाल देने वाले बयान पर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें आज तक यह ही समझ नही आया कि राहुल जी व कांग्रेसियो को देश कि सेना से इतनी नफरत क्यों है। क्यों वह हमेशा सेना को अपमान करने की भाषा बोलते हैं। देश अब यह जानना चाहता है। गृह मंत्री डॉ मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी जी का यह बयान कि अग्निवीरो को 4 साल बाद जूते मार कर निकाल देंगे पीड़ा पहुचाने वाला तो है ही, देश के सैनिकों का अपमान भी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी हो या कांग्रेस के अन्य नेता सेना का अपमान, राष्ट्रभक्तों का अपमान उनके स्वभाव में है। सेना के शौर्य सर्जिकल स्ट्राइक को फर्ज़ीकल स्ट्राइक कहने वाले यही राहुल बाबा ओर कांग्रेसी थे।सेना के एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले भी यही लोग थे।चीन की सेना हमारे जवानों को पीट रहे है कह कर हमारे वीर सैनिको को अपमानित करने वाले भी यही राहुल बाबा थे। और अब अग्निवीर सैनिको को जूते मार कर निकाल देने वाली जैसी भाषा बोलने वाले भी यही राहुल गांधी है। उन्हें यही आज तक समझ नही आया कि राहुल जी और कांग्रेसियो को देश की सेना से इतनी नफरत क्यों है। और सेना को बलात्कारी कहने वाले कन्हैया कुमार जैसे लोग इन्हें इतने प्रिय क्यों है। क्यों उनके बयान हमारे सैनिको का मनोबल तोड़ने वाले होते है। और क्यों देश की सेना को अपमानित करने वालो उनकी नज़र में सम्मानीय होते है। देश यह जानना चाहता है। औऱ उन्हें भी स्पष्ट करना चाहिए की उन्हें सेना से नफरत क्यों है। गृह मंत्री डॉ मिश्रा ने कहा कि राहुल जी आप जिस सेना को अपमानित करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं, उसी सेना की बदौलत आप, हम और यह देश सब सुरक्षित है। जहां सीमा पर माइनस डिग्री तापमान में इंसान की हड्डियां तक गलने लगती हैं, वहा खड़े रहकर हमारे जवान देश की रक्षा करते हैं। लेकिन आप हो या कांग्रेस के अन्य नेता, इसी सेना को अपमानित करने में लगे रहते हैं। आपको ओर कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि देश कभी भी अपने सैनिकों का अपमान सहन नही करेगा। जनता आपसे सेना से नफरत का जवाब मांगेगी और आपको जवाब भी देना होगा।
कांग्रेस के 'हाथ जोड़ो अभियान' पर कसा तंज, कमल नाथ को लेकर कही यह बात
राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद कांग्रेस पार्टी का आगामी 26 जनवरी से 'हाथ जोड़ो अभियान' शुरू करने का कार्यक्रम है। प्रदेश में कांग्रेस के नेतागण जोर-शोर से इसकी तैयारियों में जुटे हैं। इसके साथ-साथ कांग्रेस ओबीसी वर्ग को भी साधने में जुटी है। इसी सिलसिले में गुरुवार को सतना में ओबीसी सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पहुंचे थे। इसमें विंध्य कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की गैरमौजूदगी को लेकर सियासत शुरू हो गई है। भाजपा नेता और प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस मामले में चुटकी लेते हुए कांग्रेस और कमल नाथ पर तंज कसा है। शुक्रवार सुबह नियमित प्रेस बीफ्रिंग के दौरान उन्होंने इसी मुद्दे पर एक पत्रकार के सवाल के जवाब में कहा कि ये (कमल नाथ) सब नेताओं से हाथ जोड़ते चले जा रहे हैं। जब निमाड़ में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पहुंची तो कमल नाथ जी ने अरुण यादव से हाथ जोड़ लिए और मेरी जानकारी में तो यह है कि विंध्य में आयोजित सम्मेलन में अजय सिंह को बुलाया ही नहीं गया। आखिर वह (कमल नाथ) कैसे हाथ जोड़ रहे, यह समझ से परे है। एक तरफ राहुल बाबा भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं और कमल नाथ जी अपमान यात्रा पर चल रहे हैं।
नाबालिग का गर्भपात करने वाले डाक्टर का क्लीनिक सील, अजाक पुलिस की कार्रवाई
6 Jan, 2023 01:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी में अजाक थाना पुलिस ने लव जिहाद और दुष्कर्म के मामले में ज्यादती की शिकार नाबालिग का गर्भपात करने वाले डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने बागसेवनिया क्षेत्र में आरोपित होम्योपैथिक चिकित्स के क्लीनिक को सील कर दिया है। आरोपित डाक्टर ने दुष्कर्म की एक पीडिता का गर्भपात किया था। पुलिस ने इस मामले में डाक्टर को भी आरोपित बनाया है। पुलिस मुख्य आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बता दें कि कोलार निवासी 19 वर्षीय युवती ने अजाक थाने में दुष्कर्म की एफआइआर दर्ज कराई थी। उसने शिकायत में बताया था कि वह 2019 में 11 वीं कक्षा में पढ़ती थी। स्कूल के बाहर आरोपित शानू पंडित उर्फ फैजल का आना-जाना था। इस दौरान आरोपित ने उससे दोस्ती की और धीरे-धीरे उसे प्रेम जाल में फंसा लिया था। उसे आरोपित घुमाने ले जाया करता था। इस दौरान आरोपित ने 2019 में उसे होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। विरोध करने पर आरोपित ने उसके शादी का झांसा देकर चुप करा दिया था। तब से आरोपित उसका दैहिक शोषण कर रहा था। वह उससे फीस के रुपये भी बहाना बनाकर हड़प लिया करता था। बाद में आरोपित ने उसे बताया कि वह शानू पंडित नहीं है, उसका असली नाम फैजल खान है। इस बात को लेकर युवती का उससे विवाद भी हुआ। इस दौरान आरोपित ने युवती के साथ मारपीट भी कर दी थी। उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित भी किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित पर दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज कर ली थी। आरोपित ने नाबालिग रहते उसका गर्भपात भी कराया था। अजाक थाने के एसआइ बीएल मरावी ने बताया कि गर्भपात करने वाले होम्योपैथिक डाक्टर महेंद्र श्रीवास्तव के क्लीनिक को पुलिस ने गुरुवार को सील कर दिया है। उसे भी इस मामले में आरोपित बनाया जा रहा है। उसके अलावा उस पर गैरकानूनी तरीके से नाबालिग का गर्भपात करने की धाराओं में एफआइआर भी दर्ज की गई है।