मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
दवाइयों के साथ ही पोषक आहार का भी नियमित सेवन करें: राज्यपाल
11 Jan, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि कैंसर से ग्रस्त रोगियों को यह एहसास दिलाएँ कि भले ही बीमारी से वे अकेले लड़ रहे हैं, लेकिन मानसिक तौर पर उनके साथ हम भी खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कैंसर पीड़ित दवाइयों के नियमित सेवन के साथ ही पोषक आहार का भी नियमित सेवन करें। राज्यपाल पटेल आज जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र के स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि एडवांस चिकित्सा पद्धति द्वारा सामान्यतः कैंसर का इलाज संभव है लेकिन हम असाध्य कैंसर से पीड़ित को असहाय महसूस न होने दें। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा गया है कि बीमारी के इलाज के लिए लोग दवाई खाते हैं लेकिन आहार में सही बदलाव नहीं करते हैं। इस कारण से शरीर और भी तेज़ी से कमज़ोर होने लगता है। पोषक आहार और नियमित रूप से व्यायाम से इस ख़तरनाक बीमारी को रोका जा सकता है।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि कई साल पहले समाज के उत्थान एवं मानव सेवा का भाव मन में रख कर जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल के रूप में यह बीज बोया गया था। उन्होंने कहा कि अस्पताल न सिर्फ कैंसर के उपचार बल्कि उसकी रोकथाम के लिए भी अग्रसर है। कैंसर से बचाव और रोकथाम के बारे में जागरूकता के लिए स्वास्थ्य संगठन के साथ ही गैर सरकारी संगठनों एवं आमजन को आगे आना होगा। राज्यपाल पटेल ने कहा कि अस्पताल में रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी और शल्य चिकित्सा से नवीनतम एवं श्रेष्ठ उपकरणों द्वारा कैंसर का उपचार किया जाता है। उन्होंने कहा कि स्तन, गर्भाशय और फेफड़े के कैंसर का विशेष विधि द्वारा ऑपरेशन कर मरीजों को कैंसर मुक्त बनाने में अस्पताल का योगदान सराहनीय है। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2025 तक टी. बी. के उन्मूलन के संकल्प को सिद्ध करने के लिए किए जा रहे राज्य सरकार के प्रयास सराहनीय हैं। भारत सरकार आयुष्मान भारत योजना में बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएँ और मुफ्त इलाज प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में आयुक्त भोपाल संभाग मालसिंह भयड़िया, आयुक्त नगर निगम भोपाल के. वी. एस. चौधरी एवं प्रबंध निदेशक जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल दिव्या पाराशर उपस्थित थे।
विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी: प्रधानमंत्री मोदी
11 Jan, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की आजादी का अमृत काल शुरू हो चुका है। सभी पूरी गति से विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश का सामर्थ्य और संकल्प निर्णायक भूमिका निभाएगा। आस्था, अध्यात्म से लेकर पर्यटन तक और कृषि, शिक्षा से लेकर दक्षता संवर्धन तक मध्यप्रदेश अजब भी है, गजब भी है और सजग भी। विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर इंदौर में सातवीं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का वर्चुअल शुभारंभ किया। गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली और सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी कार्यक्रम में विशिष्ट रूप से शामिल हुए और संबोधन दिया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने न्यूयॉर्क से वर्चुअल संबोधन दिया। प्रमुख निवेशकों ने भी मध्यप्रदेश में निवेश के संबंध में अपने विचार रखे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर भारतीय ही नहीं, दुनिया की हर संस्था, दुनिया का हर विशेषज्ञ भारत की मजबूत होती अर्थ-व्यवस्था को वैश्विक अर्थ-व्यवस्था में चमकते सितारे की तरह देख रहा है। हमारे मजबूत मेक्रोइकोनॉमिक फंडामेंटल्स दुनिया का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थ-व्यवस्था है। आगामी चार-पाँच वर्ष में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थ-व्यवस्था होगी। यह वैश्विक पटल पर भारत का दशक नहीं, बल्कि भारत की शताब्दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज विश्व भर के निवेशकों के लिए भारत आकर्षण का केंद्र है। इसका कारण है उनका भारत में अदम्य विश्वास। भारत में सशक्त प्रजातंत्र है, युवा शक्ति है, राजनैतिक स्थिरता है, तेजी से निर्णय लेने की क्षमता है, ईज ऑफ लिविंग है, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस है। भारत रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म के मार्ग पर चल रहा है। भारत में विकास की अभूतपूर्व गति है। वर्ष 2014 से हम तेज गति से आत्म-निर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में निवेश के लिए हर आवश्यक सुविधा है, नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम है, श्रम कानूनों को सरल किया गया है, विभिन्न पाबंदी हटाई गई है, आधुनिक और मल्टी मॉडल अधो-संरचना है, दुनिया का सबसे प्रतिस्पर्धी लॉजिस्टिक मार्केट है, नई लॉजिस्टिक नीति लागू है, गाँव-गाँव में ऑप्टिकल फाइबर है, 5G नेटवर्क है, बीते 8 वर्षों में हमारे राष्ट्रीय राजमार्गों की गति दोगुना हो गई है, ऑपरेशनल एयरपोर्ट्स की संख्या भी दोगुनी हो चुकी है, हमारे पास डेडीकेटेड इंडस्ट्रियल कॉरिडोर है, एक्सप्रेस-वे हैं, लॉजिस्टिक पार्क हैं, हमारी पोर्ट क्षमता भी बढ़ी है। पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान अधो-संरचना विकास का राष्ट्रीय प्लेटफार्म है। बैंकिंग सेक्टर का री-केपिटलाइजेशन किया गया है, वन नेशन-वन टैक्स है, कई क्षेत्रों में शत-प्रतिशत एफडीआई की अनुमति है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नया भारत प्राइवेट सेक्टर की ताकत पर भी पूरा भरोसा करता है। अब निजी क्षेत्र के दरवाजे रक्षा, खनिज, अंतरिक्ष विज्ञान क्षेत्रों के लिए भी खोल दिए गए हैं। ये सब हमारी विकास की गति को तेज करेंगे और मेक इन इंडिया को नई ताकत प्रदान करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में निवेशकों के लिए प्रमोशन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम (PLI) लागू की गई है, जो अत्यधिक लोकप्रिय हो रही है। इस योजना में अभी तक ढ़ाई लाख करोड़ इंसेंटिव्स की घोषणा की गई है, चार लाख करोड़ का उत्पादन हुआ है। मध्यप्रदेश में भी इस योजना का लाभ लेते हुए सैकड़ों करोड़ का निवेश हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने निवेशकों से कहा कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लें।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ग्रीन एनर्जी को लेकर भी भारत में तेज गति से कार्य हो रहा है। हाल ही में ग्रीन हाइड्रोजन मिशन प्रारंभ किया गया है, जिसमें 8 लाख करोड़ रूपये निवेश की संभावना है। यह अत्यंत महत्वाकांक्षी मिशन है, जो ऊर्जा की वैश्विक आवश्यकता को पूरा करेगा। इससे जुड़ कर हजारों करोड़ रूपये के इंसेंटिव्स का लाभ लें। प्रधानमंत्री मोदी ने निवेशकों से कहा कि निवेश के क्षेत्र में कई नई संभावनाएँ आपका इंतजार कर रही हैं। यह भारत के साथ नई ग्लोबल सप्लाई चेन के निर्माण का समय है। भारत में अधिक से अधिक निवेश करें।
सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री मोदी वसुधैव कुटुम्बकम के भाव से कार्य कर रहे है। अर्थ-व्यवस्था में सुधार के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में कार्य हो रहा है। भारत नेतृत्व कर रहा है। सूरीनाम भारत के साथ विभिन्न क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग करेगा।
गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली ने कहा कि वे मध्यप्रदेश आकर और मुख्यमंत्री चौहान से मुलाकात कर प्रसन्न है। मध्यप्रदेश में सुशासन और अच्छी नीतियों के कारण विकास की गति बढ़ी है। इंदौर शहर की स्वच्छता और सुंदरता का उन्हें प्रत्यक्ष अनुभव हुआ। इन विशेषताओं के कारण मध्यप्रदेश में अनेक उद्योग आ रहे हैं। गुयाना भी औद्योगिक विकास में भागीदार बनेगा। राष्ट्रपति अली ने गुयाना के क्रिकेट के महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में उभरने का उल्लेख किया।
उद्योगों के लिये 24 घंटे में आवंटित करेंगे भूमि
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंदौर में हो रही यह समिट सही अर्थ में वैश्विक है। इस समिट में जहाँ दो देश सूरीनाम और गुयाना के राष्ट्रपति आये हैं, वही समिट में मारीशस के वित्त मंत्री, बांग्लादेश के वाणिज्य मंत्री, जिंबॉब्वे के खनिज मंत्री भी आए हैं। विश्व के 33 देश के प्रतिनिधि आए हैं। कुल 84 देश के 431 डेलिगेट्स आए हैं। आज मध्यप्रदेश की विशेषताओं की विशेष चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिए तैयार वातावरण से उद्योगपति परिचित हुए हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि एक समय मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था। जब इंदौर के सुपर कॉरीडोर और सड़कों की चर्चा होती थी तो मैं अमेरिका से तुलना करता था। आज विश्व के अनेक देशों के प्रतिनिधि स्वच्छता सहित बुनियादी क्षेत्रों में हुए कार्य को देख रहे हैं। हरियाली और पर्यावरण-संरक्षण के लिये निरंतर कार्य हो रहा है। अब गेहूँ सहित मध्यप्रदेश के अन्य उत्पाद निर्यात हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2026 तक 5 ट्रिलियन डालर की अर्थ-व्यवस्था बनाने की बात कही है। इसमें मध्यप्रदेश का योगदान 550 बिलियन डालर से कम नहीं होगा। प्रदेश में 300 से अधिक औद्योगिक क्षेत्र हैं। अनेक फूड पार्क, प्लास्टिक पार्क हैं और अब मेडिकल डिवाइसेस पार्क भी विकसित हो रहे हैं। निवेशक खुद यह मानने लगे हैं कि मध्यप्रदेश निवेश की दृष्टि से अनुकूल है। फार्मा सेक्टर बधाई का पात्र है, जिसने कोविड के संकट के समय निरंतर कार्य कर लोगों के हित में भूमिका निभाई। प्रदेश में ऑटोमोबाइल क्षेत्र, कौशल विकास, सूचना प्रौद्योगिकी, रक्षा क्षेत्र, नवकरणीय ऊर्जा में लगातार कार्य किया गया है। रेडीमेड उद्योग में मध्यप्रदेश चौथे स्थान पर है, शीघ्र ही पहले स्थान पर आने का लक्ष्य है। हमारी बहने और बेटियाँ परिश्रमी हैं। वे तीन शिफ्ट में भी कार्य करती हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अब ओंकारेश्वर में बांधों की जलराशि की सतह पर तैरते हुए ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का कार्य प्रारंभ हुआ है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उद्योगों की आवश्यकता के अनुसार कस्टमाइज पैकेज देने का कार्य भी राज्य सरकार करेगी।
मैं मध्यप्रदेश में सीईओ के रूप में सदैव उपलब्ध हूँ
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वे मध्यप्रदेश के सीईओ के रूप में सदैव उपलब्ध हैं। प्रति सोमवार उद्योगपतियों से भेंट के लिये समय तय किया गया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का सबसे स्वच्छ राज्य है और इंदौर देश का स्वच्छतम शहर है। आज प्रदेश विकास की तरफ तेजी से बढ़ा है। प्रदेश की विकास दर देश में सर्वाधिक है. हम तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। भारत की जीडीपी में मध्यप्रदेश का विशेष स्थान है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय एक लाख 37 हजार हो गई है, लेकिन हमें चैन नहीं है इसलिए मध्यप्रदेश में निरंतर कार्य हो रहा है। प्रदेश को और आगे ले जाना है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जमीन की माँग 24 घंटे में पूरी करेंगे। प्रदेश में जमीन की पर्याप्त उपलब्धता है। इसे प्राथमिकता से औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिये प्रदान करने का कार्य किया जायेगा। मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिए बनाये गये लैंड बैंक में लगभग 2 लाख एकड़ भूमि की उपलब्धता है। प्रदेश में अनेक खनिज हैं। जहाँ तक ऊर्जा उत्पादन की बात है 25 हजार मेगावाट से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है। दिल्ली की मेट्रो रेल भी मध्यप्रदेश की बिजली के सहयोग से चलती है। पानी की कमी नहीं है। औद्योगिक शांति है। प्रदेश से दस्युओं का आतंक समाप्त किया गया है। सुशासन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी है। ब्यूरोक्रेसी सहयोगी है। उद्योग लगाने जो भी आयेंगे उन्हें मंत्रीगण भी सहयोग करेंगे। मध्यप्रदेश में 11 जलवायु क्षेत्र हैं। प्रदेश देश की खाद्य राजधानी के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश में अनेक संभावनाओं को हम देख रहे हैं। फिर चाहे वाइल्ड लाइफ टूरिज्म, हैरिटेज टूरिज्म हो या धार्मिक पर्यटन हो। मध्यप्रदेश के अनेक पर्यटन-स्थलों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कूनों पालपुर में चीतों को बसाने का कार्य सफल हुआ है। फरवरी माह से पर्यटक इन्हें देख सकेंगे। मध्यप्रदेश चीता राज्य बनने के पहले टाइगर, लेपर्ड और क्रोकोडाइल राज्य भी बन चुका है। उज्जैन में महाकाल महालोक और शिव सृष्टि के दर्शन के लिये पर्यटकों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। समिट में आये अतिथि उज्जैन का भ्रमण अवश्य करें।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका से समिट में वर्चुअली जुड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास के लिए अर्थ-व्यवस्था की गति को तेज करने का कार्य किया है। मध्यप्रदेश में औद्योगीकीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। मध्यप्रदेश में भी आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री जी के सुशासन के साथ विकास के विजन को लागू किया गया है। गत साढ़े 8 वर्ष विकास के रहे हैं। आज हमारे पास सरप्लस पावर है। एक राष्ट्र एक ग्रिड के साथ ही वन-नेशन-वन ला और वन नेशन-वन टैक्स की व्यवस्था की पहल हुई है। मुझे आशा है मध्यप्रदेश देश की अर्थ-व्यवस्था को गति प्रदान करेगा। गोयल ने कहा कि मध्यप्रदेश ने इज ऑफ डूइंग और अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किया है। मध्यप्रदेश की केंद्रीय भौगोलिक स्थिति है। प्रदेश में देश का एक चौथाई ऑर्गेनिक कॉटन होता है। नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में मध्यप्रदेश का योगदान 20% है। अब ग्रीन हाइड्रोजन मिशन में भी कार्य हो रहा है। मध्यप्रदेश वाइल्ड लाइफ टूरिज्म के क्षेत्र में भी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश को पर्यटन, फार्मास्यूटिकल, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि और टेक्सटाईल क्षेत्र में संभावनाओं को साकार करने वाला प्रदेश माना है। गोयल ने उद्योगपतियों और निवेशकों से मध्यप्रदेश में निवेश का आहवान भी किया।
आदित्य बिरला ग्रुप के कुमार मंगलम ने कहा कि मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति प्रदेश को निवेश की दृष्टि से सभी रूप से उपयुक्त बनाती है। हमारे समूह के प्रदेश से ऐतिहासिक संबंध है। समूह का 60 हजार करोड़ रूपये का निवेश प्रदेश में है। औद्योगिक नीति तथा स्टार्टअप भविष्य में निवेश की दृष्टि से उपयुक्त हैं।
एक्ससेंचर की रीता मेनन ने कहा कि कौशल उन्नयन के क्षेत्र में प्रदेश की पहल सराहनीय है। रिसर्च एंड डेवलपमेंट क्षेत्र में उपयुक्त वातावरण विकसित करने की आवश्यकता है।
जेएसडब्ल्यू ग्रुप के पार्थ मित्तल ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने हमें प्रदेश में निवेश के लिए प्रेरित किया है। हमारे समूह की प्रदेश में 4500 करोड़ रूपये के निवेश की योजना है। इसके अंतर्गत पन्ना में सीमेंट प्लांट और पीथमपुर में 1500 करोड़ की लागत से पेंट की इकाई लगाई जा रही है।
रिलायंस ग्रुप के निखिल आर. मेसवानी ने कहा कि दिसम्बर 2023 तक प्रदेश की सभी तहसीलों में 5जी की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। किफायती डिजिटल सुविधाओं से छात्रों, किसानों और आम आदमी को लाभ होगा। रिलायंस ग्रुप राज्य में अब तक 22 हजार 500 करोड़ का निवेश कर चुका है तथा 40 हजार करोड़ के निवेश की योजना है।
बजाज फिनसर्व के संजीव बजाज ने कहा कि बजाज समूह का भविष्य मध्यप्रदेश के भविष्य से जुड़ा है। हम प्रदेश के सामान्य व्यक्तियों के जीवन स्तर में सुधार के लिए समर्पित हैं।
अवादा ग्रुप के विनीत मित्तल ने कहा कि प्रदेश में टेलेंट पुल की सुविधा उपयुक्त है। देश के सभी भागों से आवागमन की सुविधा के परिणामस्वरूप विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे तकनीकी रूप से दक्ष व्यक्तियों के लिए प्रदेश में निवास सुगम रहता है। प्रदेश का वातावरण भी लोगों को आकर्षित करता है। मुख्यमंत्री चौहान की राज्य को 550 बिलियन डॉलर की अर्थ-व्यवस्था बनाने की प्रतिबद्धता को देखते हुए हमारे समूह ने यहाँ निवेश का निर्णय लिया है।
अडानी ग्रुप के प्रणव अडानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ईज ऑफ डूईंग बिजनेस में विभिन्न राज्यों में प्रतिस्पर्धी वातावरण निर्मित किया है। मध्यप्रदेश इसमें अग्रणी राज्यों में है। अडानी समूह 60 हजार करोड़ रूपये का निवेश करने जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर निर्मित होंगे। समूह द्वारा धार, गुना, दमोह, उज्जैन और इंदौर में फूड पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। अडानी ने सीमेंट और ऊर्जा के क्षेत्र में समूह योजनाओं की जानकारी दी। अडानी ने कहा कि सद्भावना के साथ विकास के सिद्धांत के अनुरूप समूह शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण के क्षेत्र में भी सक्रिय है।
गोदरेज समूह के नादिर गोदरेज ने मध्यप्रदेश में गोदरेज समूह की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। फोर्स ग्रुप के फिरोदिया ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने आभार व्यक्त किया।
15 हजार रुपये रिश्वत लेते नगर परिषद के उपयंत्री को रंगेहाथ दबोचा
11 Jan, 2023 07:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा । लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने नगर परिषद के उपयंत्री को 15 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा है। एक ठेकेदार ने उपयंत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि नगर परिषद हर्रई में ट्रेंचिंग ग्राउंड (कचरा संग्रहण) के गेट का निर्माण करीब 8 माह पूर्व कराया गया था। 37 हजार की लागत से हुए इस निर्माण के बिल भुगतान के ऐवज में उपयंत्री सतीश डेहरिया पिता फूलचंद्र डेहरिया (42 वर्ष) 17 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था। शिकायत की तस्दीक करने के बाद लोकायुक्त ने आरोपित को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। फरियादी ठेकेदार ने नगर परिषद के कार्यालय में पहुंचकर जैसे ही उपयंत्री के हाथ में 15000 रुपये थमाए, लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया। आवेदक ठेकेदार अभिषेक साहू पिता उमाशंकर साहू (36) हर्रई में ठेकेदारी करता है। आवेदक द्वारा साधना हार्डवेयर हर्रई की ओर से नगर परिषद हर्रई में ट्रेंचिंग ग्राउंड (कचरा संग्रहण) के गेट का निर्माण करीब आठ माह पूर्व कराया गया। इसका करीब 37 हजार रुपये बिल का भुगतान नगर परिषद हर्रई से होना था। उपयंत्री सतीश डेहरिया द्वारा बिल पास कराने के ऐवज में 17 हजार की रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत सत्यापन उपरांत बुधवार को उपयंत्री सतीश डेहरिया को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते कार्यालयीन कक्ष, नगर परिषद हर्रई में पकड़ लिया गया। लोकायुक्त जबलपुर की इस टीम में निरीक्षक कमल सिंह उईके, निरीक्षक भूपेंद्र कुमार दीवान एवं अन्य सदस्य शामिल रहे।
महात्मा गांधी चौराहे पर डटे करणी सैनिक, गृहमंत्री नरोत्तम बोले - 'हमारे स्वजन हैं, मना लेंगे'
11 Jan, 2023 02:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी के भेल एरिया में स्थित महात्मा गांधी चौराहे पर करणी सेना का जन आंदोलन चौथे दिन बुधवार को भी जारी है। भूख हड़ताल पर बैठे करणी सेना के नर्मदापुरम संभागीय प्रवक्ता लल्लन सिंह राजपूत की तबियत मंगलवार बुधवार की रात बिगड़ी। करणी सेना के भोपाल महानगर अध्यक्ष कृष्णा बुंदेला ने दी जानकारी। बताया कि रात को उनका बीपी अचानक बढ़ गया था। घबराहट होने लगी थी। जिस पर करणी सेना के साथ मौजूद डाक्टरों ने जांच की और पानी पिलाने के बाद आराम कराया। सुबह इसकी जानकारी प्रशासन को दे दी है। करणी सैनिक 21 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके संदर्भ में जब प्रदेश के गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा से प्रतिक्रिया ली गई तो उनका कहना था कि करणी सेना वाले हमारे अपने हैं। हम उन्हें मना लेंगे। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा कि 'वो (करणी सेना वाले) हमारे अपने हैं, कोई गैर नहीं। हम भाइयों में आपस में कोई बैर नहीं।' हम बड़े सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में चर्चा करेंगे, आग्रह करेंगे, निवेदन करेंगे और मेरा मानना है कि वो मान जाएंगे। कृष्णा बुंदेला ने दोहराया, मांगे मानने के लिए संयुक्त समिति नहीं बनाने तक जारी रहेगा जन-आंदोलन। हम यहां से उठाने की या जबरन खदेड़ने की कोशिश की और स्थिति बिगड़ी तो इसके लिए प्रशासन होगा जिम्मेदार। महात्मा गांधी चौराहे पर रात में एक बजे के बाद कम हो गई थी करणी सेना के लोगों की संख्या। बुधवार सुबह से फिर से करणी सैनिक वहां पहुंचने लगे हैं।
भारत एक ब्रांड बनकर विश्व के सामने आ रहा है
11 Jan, 2023 01:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रवासी भारतीय सम्मेलन के अंतिम दिन वित्तमंत्री एन. सीतारमन ने कहा कि भारत काफी आशावादी देश बन चुका है। प्रत्येक क्षेत्र में विकास तेजी से हो रहा है। 1991 के दौरान भारत में ग्लोबलाइजेशन का दौर आया। यहां सभी वस्तुओं के लिए दरवाजे खुल चुके हैं। समय-समय पर नीतियां बदली गई है। वे कहती है कि इस तरह से नीति बनाई गई है उस पर अपना इनपुट या सुझाव देने की जरूरत है। आपको अधिक जुड़ाव और एकीकरण करने में मदद करने के लिए सरकार आगे आई है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण को लेकर सरकार प्रत्येक स्तर पर तैयारी करने में लगी है। अगले 25 साल को ध्यान में रखकर केंद्र सरकार काम करने में लगी है। ताकि भारत भी एक ब्रांड बनकर उभर कर विश्व के सामने आए। देश में मैन्यूफैक्चरिंग की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कुछ सालों में स्थितियां बदलेगी। भारत सामान खरीदने के अलावा बेचने की स्थिति में आएगा।
एक जिला एक उत्पाद
वित्त मंत्री सीतारमन ने कहा कि भारत काफी भिन्नताओं वाला देश है। प्रत्येक राज्य की अपनी कुछ खास बात है जो उसे पूरे देश व विश्व में पहचान दिलाती है। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार अब वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (एक जिला एक उत्पाद) योजना पर काम कर रही है। इसे लेकर प्रत्येक राज्य को अपने-अपने जिले की एक उत्पाद को बढ़ावा देना होगा। वे कहती है कि इसमें प्रवासी भारतीय भी मदद कर सकते हैं। इन उत्पाद को विदेशी बाजार उपलब्ध करवाने के लिए सुझाव दे सकते हैं। जैसे पैकेजिंग मार्केटिंग बिक्री सहित अन्य क्षेत्र में योगदान दे सकते हैं। ताकि भारत के स्थानीय उत्पाद को उचित मंच देना होगा। यहां तक इन उत्पाद की विदेशों में बिक्री बढ़ाकर भारत की अर्थव्यवस्था में सहयोग कर सकते है।
19 देशों में वैक्सीन दी
उन्होंने कहा कि कोरोना से लडऩे के लिए भारत ने कई देशों की मदद की है। संक्रमण रोकने के लिए वैक्सीन उपलब्ध करवाई है। करीब 19 देशों में 69 प्रतिशत वैक्सीन भारत ने भेजी है। भारतीय वैक्सीन की बदौलत ही संक्रमण को रोकने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि भारत में चिकित्सा सेवाएं बेहतर हो रही है। वह भी काफी कम कीमतों में उपचार होने लगा है। बीते कुछ सालों में दो मिलियन लोगों ने भारत आकर अपना इलाज करवाया है। इन आंकड़ों को देखते हुए भारत में 78 देशों के लोगों ने उपचार करवाया है। अब मेडिकल टूरिज्म भी यहां बढऩे लगा है। इसके पीछे असर वजह यह है कि इनका उपचार काफी सस्ता है। हालांकि महानगरों और टू-टीयर सिटी में बड़े-बड़े अस्पताल खुल गए है जो गंभीर बीमारियों का उपचार कर रहे है। उन्होंने कहा कि भारत में चिकित्सा और दवाइयों क क्षेत्र में विकास हुआ है। बीमारियों के उपचार के लिए घेरलू फार्मा कंपनियां ही दवाइयां बनाने में लगी है जिन्होंने करीब 80 प्रतिशत बाजार को कवर कर लिया है।
करणी सेना और सरकार में नहीं बन पा रही सहमति
11 Jan, 2023 12:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी भोपाल में करणी सेना परिवार का आंदोलन तेज होता जा रहा है। तीन दिन से भेल इलाके में आंदोलन जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस आंदोलन पर कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार को करणी सेना परिवार से बात करना चाहिए। कोई भी बात हो उस पर चर्चा होना चाहिए। समझना चाहिए कि क्या उनका आक्रोश है। उस आक्रोश को सुनकर जो सही हो वो मानना चाहिए।
भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमलनाथ ने कहा अगर हमारी सरकार आती है तो हम उनसे बात करेंगे। मैंने यही परंपरा बनाई थी कि सब से बात करो। कई ऐसी बात होती हैं जो सरकार के समझ में नहीं आतीं। इसीलिए अधिकारी उनके साथ मीटिंग कर लें फिर मुख्यमंत्री बात कर लें। कांग्रेस के आंदोलन को समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये आंदोलन भाजपा सरकार के खिलाफ है। इसमें कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। ये एक समाज कर रहा है तो कांग्रेस इसमें क्या हस्तक्षेप कर सकती है। करणी सेना के लोग हमसे बात करना चाहते हैं तो हम जरूर करेंगे।
अवधपुरी जाने वाली रोड पर धरना
करणी सेना परिवार और सरकार के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। सोमवार को करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर अपने साथियों के साथ जंबूरी मैदान से एमपी नगर के लिए बढ़े तो उन्हें पुलिस ने भेल के गांधी चौराहे पर ही बैरिकेडिंग कर रोक लिया। इसके बाद से ही करणी सेना के लोग आज मंगलवार को भी अवधपुरी जाने वाली रोड पर ही धरने पर बैठे हुए हैं। यहां उन्होंने श्रीराम स्तुति की। भजन- रघुपति राघव राजा राम गाया।
धरने से पहले अनुमति लें
एडिशनल डीसीपी राजेश भदौरिया ने बताया पुलिस की सुरक्षा की दृष्टि से सभी व्यवस्था की गई है। इनके नेतृत्वकर्ताओं को बताया गया है कि अनुमति नहीं है। प्रॉपर अनुमति लें। प्रजातांत्रिक तरीके से धरने पर बैठें। अभी इनकी तरफ से कोई एप्लिकेशन नहीं आई है। इनसे चर्चा की गई है कि शांतिपूर्ण तरीके से कोई धरना देता है तो कोई आपत्ति नहीं है लेकिन प्रॉपर अनुमति लें। करणी सेना के आंदोलन के चलते भोपाल के भेल पिपलानी अवधपुरी जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करणी सेना के लोग अपनी 21 सूत्रीय मांगों का लिखित में सरकार की ओर से निराकरण के लिए मंत्रियों की कमेटी बनाने की मांग पर अड़े हुए हैं। रविवार शाम से लेकर सोमवार तक करणी सेना परिवार के प्रतिनिधियों की मंत्री अरविन्द भदौरिया से चार बार बैठक हुई लेकिन समाधान नहीं निकल पाया। इधर करणी सेना परिवार के आंदोलन की आग प्रदेश के दूसरे जिलों में भी फैल रही है। आज आगर और शाजापुर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुतले जलाए गए।
भोपाल में आर्थिक तंगी से परेशान एक ही परिवार के 6 लोगों ने जहर पी लिया
11 Jan, 2023 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी में एक शख्स ने अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ कीटनाशक पीकर जान देने का प्रयास किया। परिवार का मुखिया किशोर जाटवठेकेदारी करता है। सामूहिक खुदकुशी के प्रयास का यह मामला बैरागढ़ कलां में घटित हुआ।
हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया
इन सभी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। खजूरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच के मुताबिक आर्थिक तंगी के चलते परिवार ने सामूहिक खुदकुशी करने की कोशिश की। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले पिपलानी के आनंद नगर इलाके में भी एक परिवार द्वारा सामूहिक खुदकुशी का मामला सामने आया था। यह परिवार कर्जदारों से परेशान था। परिवार में मुखिया के अलावा उसकी मां, पत्नी और दो बेटियों ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उन सभी की मौत हो गई थी।
संक्रांति से कड़ाके की ठंड का एक दौर और
11 Jan, 2023 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश में नौगांव पचमढ़ी से भी ठंडा रहा। सोमवार रात नौगांव (छतरपुर) में न्यूनतम पारा 2.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। पचमढ़ी में ये 4 डिग्री रहा। दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़त जरूर हुई है लेकिन ठिठुरन अब भी जारी है। रातें सर्द हैं। प्रदेश के 4 शहरों को छोड़ बाकी 48 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से भी नीचे रहा। इंदौर भोपाल जबलपुर और ग्वालियर में भी तापमान 10 से नीचे चल रहा है।
मध्यप्रदेश में मकर संक्रांति से कड़ाके की ठंड का एक और दौर आएगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में उत्तर भारत में एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहुंच रहा है। यह स्ट्रॉन्ग है। इसके कारण दिल्ली एनसीआर पंजाब हरियाणा में बारिश हो सकती है। इससे उत्तर भारत के राज्यों में तेज ठंड पडऩे और पहाड़ों पर बर्फबारी होने के आसार हैं। इसका असर भोपाल समेत मध्यप्रदेश के कई शहरों में 14 जनवरी को दिखने लगेगा। दिन में कोहरा रहने और रात में कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना है।
प्रदेश का ग्वालियर-चंबल अंचल कड़ाके की ठंड की जकडऩ में है। कोहरे के कारण ट्रेनें 23 घंटे तक की देरी से आ रही हैं। कोहरे के कारण नर्मदापुरम में श्रद्धालुओं से भरी बस खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 1 श्रद्धालु की मौत हो गई। शीतलहर के कारण प्याज की क्वालिटी पर असर पड़ा तो खंडवा में व्यापारियों ने प्याज के रेट घटा दिए। इस हफ्ते प्याज के रेट 4 रु. तक कम हो गए। बुंदेलखंड और बघेलखंड में भी जमा देने वाली ठंड पड़ रही। नौगांव (छतरपुर) में रात का पारा 0 से 1 डिग्री के बीच है। अगले तीन दिन तक इन इलाकों में इसी तरह ठंड पडऩे की संभावना है। अभी रात का तापमान पश्चिमी विक्षोभ के असर से लगातार बढ़ रहा है। सुबह घना कोहरा भी छा रहा है। धूप खिलने की वजह से अभी कोल्ड-डे से कुछ राहत जरूर है लेकिन संक्रांति से यह ठंड फिर जोर पकड़ेगी।
संगठन मजबूत करने कांग्रेस जल्द करेगी खाली पदों पर नियुक्तियां
11 Jan, 2023 10:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । चुनावी साल शुरु होते ही मप्र के सियासी गलियारों में गर्मी का माहौल है। नए साल की छुट्टियों से लौटते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने जिला प्रभारियों और संगठन मंत्रियों की मीटिंग करके बूथ-मंडलम् सेक्टर से लेकर बूथ कमेटियों को मजबूत करने को कहा। कमलनाथ संगठन को दुरुस्त करने में जुटे हैं। मप्र में चुनावी साल शुरु होने के बावजूद प्रदेश के करीब 10 जिले ऐसे हैं जहां कांग्रेस बिना मुखिया के चल रही है। यानि इन जिलों में जिलाध्यक्ष नहीं हैं। इनमें से आधे जिले ऐसे हैं जहां कार्यवाहक जिलाध्यक्षों से काम चल रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल का कहना है जो भी पद खाली है उनपर जल्दी नियुक्तियां हो जाएंगी।
चंबल संभाग के मुख्यालय मुरैना जिले में कांग्रेस का ग्रामीण जिलाध्यक्ष नहीं हैं। मुरैना जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष 12 साल से अध्यक्ष रहे राकेश मावई ने पिछले साल अगस्त में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। पीसीसी चीफ कमलनाथ को दिए इस्तीफे में मावई ने लिखा था कि मैं 12 साल से मुरैना जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष हूं। मुझे पार्टी ने विधानसभा का टिकट दिया अब मैं विधायक के तौर पर मुरैना की जनता को पूरा समय देना चाहता हूं इसलिए मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लें। राकेश के इस्तीफा देने के बाद से ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष का पद खाली है। एमपी के बुन्देलखंड की राजधानी कहे जाने वाले सागर में कांग्रेस की हालत खराब है। सागर जिले की आठ विधानसभाओं में से सिर्फ दो विधानसभाओं देवरी और बंडा में कांग्रेस के विधायक हैं। शिवराज सरकार के मंत्रिमंडल में अकेले सागर जिले से ही तीन मंत्री हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र खुरई में कांग्रेस के उन कार्यकर्ताओं के घर गए थे जिनके ऊपर बीजेपी के दबाव में केस दर्ज हुए हैं। पत्रकारों ने प्रत्याशी के बारे में पूछा तो दिग्गी बोले कोई नहीं लड़ेगा तो मैं खुरई से चुनाव लडूंगा। लेकिन सागर जिले में कांग्रेस की खराब हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सागर शहर और ग्रामीण दोनों ही पदों पर अध्यक्ष नहीं हैं। 11 साल से सागर शहर की जिलाध्यक्ष रेखा चौधरी के बीते सितंबर में इस्तीफा देने के बाद से सागर की पूरी कार्यकारिणी भंग है। वहीं ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरेश जैन की कोरोना से निधन के 4 महीने बाद उनके भाई स्वदेश को ग्रामीण जिलाध्यक्ष बनाया गया था। बीते अक्टूबर में स्वदेश ने भी व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। लंबे समय तक अनुपपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे जयप्रकाश अग्रवाल ने नवंबर 2020 में हुए उपचुनाव में अनूपपुर विधानसभा हारने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद विधायक फुन्देलाल मार्को को अध्यक्ष बनाया गया था। मार्को ने भी पिछले साल कमलनाथ को जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से ही अनूपपुर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष का पद खाली है। अनूपपुर में कांग्रेस विधायकों फुन्देलाल मार्को और सुनील सर्राफ के समर्थकों के बीच हुए एक विवाद के बाद मार्को ने इस्तीफे की पेशकश की थी। पंचायत चुनाव के बाद रतलाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद से सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने इस्तीफा दे दिया था। चार महीने बीतने के बाद अब तक ग्रामीण जिलाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो पाई है। हालांकि पिछले साल पीसीसी चीफ कमलनाथ ने विधानसभा चुनाव लडऩे के इच्छुक नेताओं को पार्टी के प्रमुख पद छोडने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विधायकों ने जिला अध्यक्षों के पद से इस्तीफे दे दिए थे। भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी खरगोन की जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष थीं। कमलनाथ के निर्देश के बाद विधायक झूमा सोलंकी ने जिला अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। चार मजिहीनों से खरगोन में कांग्रेस का नया जिलाध्यक्ष तय नहीं हो पाया है।
कई जिलों में कार्यवाहक अध्यक्षों से चल रहा काम
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ कई बार सार्वजनिक तौर पर यह कह चुके हैं कि हमारा मुकाबला बीजेपी के नेताओं से नहीं उसके संगठन से है। कमलनाथ बीजेपी से निपटने के लिए संगठन को मजबूत करने पर काम कर रहे हैं। नाथ के प्रयासों के बावजूद स्थानीय स्तर पर गुटबाजी के कारण संगठन का काम प्रभावित हो रहा है। निमाड़ अंचल के बुरहानपुर खंडवा दोनों जिलों में शहर और ग्रामीण इकाईयों में कार्यवाहक जिलाध्यक्ष से काम चल रहा है। शहडोल में सुभाष गुप्ता कटनी शहर में विक्रम खम्परिया बतौर कार्यवाहक जिलाध्यक्ष काम कर रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल से जब पूछा गया कि कई जिले ऐसे हैं जहां जिलाध्यक्ष नहीं हैं वहां नियुक्तियां कब तक होंगी? इस पर उन्होंने कहा- नियुक्तियां बहुत जल्दी हो जाएंगी। ये प्रोसेस है कोई भी सीट खाली नहीं रहती। संगठन में यदि जिलाध्यक्ष नहीं हैं तो कार्यवाहक होगा उपाध्यक्ष महामंत्री को जिम्मेदारी दी जाती है। जब भी कोई पद खाली होता है तो समन्वय बनाने और नई नियुक्ति करने में समय लगता है।
हारी सीटों को जीतने कांग्रेस बना रही रणनीति
11 Jan, 2023 09:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अब पूरी तरह सक्रिय हो गई है। पार्टी वर्तमान में अपने कब्जे वाली 96 सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत करने में तो जुटी ही हुई है। वहीं भाजपा के कब्जे वाली 127 सीटों के साथ ही अन्य के कब्जे वाली सीटों को जीतने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके लिए इन क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने त्रैमासिक कार्ययाजना तैयार की है। इसमें वे हारी हुई सीटों का दौरा करके कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेंगे। साथ ही प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल सहित वरिष्ठ नेता भी अलग-अलग क्षेत्रों में दौरा करेंगे। कुछ पूर्व मंत्रियों को विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
कांग्रेस ने वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में 114 सीटों पर विजय प्राप्त की थी। बसपा सपा और स्वतंत्र विधायकों के समर्थन से कमल नाथ ने सरकार बनाई थी। 230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधानसभा में बहुमत के लिए 116 सीट मिलनी चाहिए। पार्टी ने सभी वर्तमान विधायकों को क्षेत्र में मतदाताओं से सीधा संपर्क बनाने और मतदान केंद्र स्तर पर तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्ययोजना बनाई है कि जिन सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा था वहां कमल नाथ अगले तीन माह में दौरा करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। उद्देश्य यही है कि माहौल बनाकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाए। मतदान केंद्र स्तर पर मजबूत टीम खड़ी हो जो भाजपा के संगठन का मुकाबला कर सके। इसके लिए युवा कांग्रेस महिला कांग्रेस सेवादल भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन अनुसूचित जाति-जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग को मतदान केंद्र स्तर पर कार्यकर्ता चिन्हित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
कम मतों से हारी सीटों पर विशेष फोकस
2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जिन सीटों पर 5000 से कम वोट से हारी थी उन पर विशेष फोकस किया जाएगा। ये सीटें हैं-इंदौर पांच जावरा गरोठ बांधवगढ़ जैतपुर धौहनी सिंगरौली देवतालाब अमरपाटन मैहर नागौद जबेरा पथरिया चंदला टीकमगढ़ बीना कोलारस दतिया ग्वालियर ग्रामीण अटेर विजयपुर सारंगपुर और टिमरनी। उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी से एक माह तक गांव-गांव में पार्टी पदयात्रा करेगी। इनमें क्षेत्र के वरिष्ठ नेता तो शामिल होंगे ही प्रदेश पदाधिकारी भी भेजे जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की उपस्थिति कार्यकर्ताओं को उत्साहित करती है। वे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जाते हैं और कार्यकर्ताओं से संवाद करते हैं। निश्चित तौर पर जिन सीटों पर पिछले चुनाव में हमें पराजय का सामना करना पड़ा था उनको लेकर कार्ययोजना बनाकर काम किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष के दौरे उन सीटों के साथ पूरे प्रदेश में होंगे। संभागीय स्तर पर सम्मेलन और जनसभा भी होंगी। इनमें प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता भी भाग लेंगे।
एनआरआई के एकाउंट से अज्ञात ठग ने 15 महीनो मे उड़ाये 14 लाख
11 Jan, 2023 08:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। सायबर क्राइम ने अमेरिका मे रहने वाले एनआइआर की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ जालसाजी का मामला कायम किया है। हैरानी की बात यह है कि ठग करीब 15 महीनो तक फरियादी एनआरआई के एकाउंट से खरीददारी करता रहा लेकिन इसकी जानकारी फरियादी को भारत लौटने पर उस समय लगी जब वो पैसै निकालने बैंक गये। मिली जानकारी के अनुसार मिसरोद इलाके के ग्राम जाटखेड़ी मे रहने वाले 78 वर्षीय रामयश गोस्वामी ने साइबर क्राइम पुलिस को लिखित शिकायत करते हुए बताया कि वो एनआरआइ हैं और अमेरिका में रहते हैं। बीती 1 नवंबर 2022 को वो वापस भोपाल आये थे। बाद मे जब वो पैसै निकालने बैंक गये तो उन्हें पता चला कि उनके एकांउट मे पैसा नहीं है। जब उन्होने बैंक से अपने खाते की डिटेल निकलवाकर चैक की तो पता चला कि उनके खाते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने जालसाजी कर एक मोबाइल नंबर लिंक करा रखा है यह मोबाइल नंबर उनका नही है। आरोपी ने उस मोबाइल नंबर के आधार पर क्रेडिट कार्ड से मार्च 2019 से जून 2020 के बीच 14 लाख 60 हजार रूपये की खरीदारी की और पैसै भी निकाले हैं। धोखाधड़ी की जानकारी लगने पर उन्होने पुलिस को शिकायत की थी। जांच के बाद पुलिस ने बैंक अकाउंट में लिंक मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ मामला कायम कर मोबाइल नंबर के आधार अज्ञात आरोपी की सुरागशी के प्रयास कर रही है।
Murder: सौतेले बेटे को चाय में जहर देकर मारने वाली मां को आजीवन कारावास..
10 Jan, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर | ग्वालियर जिले में पैसों का लालच इंसान को किस कदर हैवान बना देता है कि वह अपने नजदीकी रिश्तों को भी शर्मसार कर देता है। कुछ ऐसा ही मामला ग्वालियर के मुरार इलाके में सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने सौतेले बेटे को चाय में जहर पिलाकर मार डाला था। जिला एवं सत्र न्यायालय ने इस कलयुगी मां को आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया है।बता दें कि मृतक नितिन परिहार की उम्र आठ साल थी। नितिन की मां सीमा का एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था।
उसे मोटर क्लेम के जरिए 12 लाख रुपये की राशि कोर्ट से मंजूर हुई थी। पिता राजू परिहार ने अपने बेटे नितिन परिहार के नाम से आठ लाख रुपये की एफडी कर दी थी। आराधना इसी राशि को किसी तरह हड़पना चाहती थी।राजू परिहार ने तीन शादियां की थीं। उसकी दूसरी पत्नी का नितिन एक ही लड़का था। दूसरी पत्नी सीमा की मौत के बाद आराधना उर्फ जूली से राजू ने तीसरी शादी कर ली थी। आराधना उर्फ जूली अपने सौतेले बेटे नितिन को काफी परेशान करती थी। वो उसे छोटी-छोटी बातों पर मारती पीटती रहती थी।
22 सितंबर 2021 को राजू परिहार अपनी बेटी को लेकर उसके ननिहाल छोड़ने गया था। इसी दौरान सौतेली मां आराधना ने उसे चाय पीने को दी। चाय पीने के बाद उसकी तबियत खराब होने लगी। पिता के घर लौटने पर नितिन ने बताया कि उसे सौतेली मां आराधना ने जब से चाय पीने को दी है, तभी से उसकी तबीयत ठीक नहीं है। पिता राजू परिहार बेटे नितिन को लेकर बिरला अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसकी तबियत बिगड़ती चली गई। तब उसे जयारोग्य चिकित्सालय भर्ती कराया गया।
जहां कुछ ही देर बाद नितिन की मौत हो गई।अपने बेटे के बयान के आधार पर राजू ने अपनी ही पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा मुरार थाने में दर्ज कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों से पता चला था कि चाय जहरीली थी। इस मामले में अभियोजन ने कुल 13 गवाह पेश किए गए थे। आखिरकार सोमवार को एडीजे कोर्ट ने सौतेले बेटे की हत्या करने के मामले में सौतेली मां आराधना उर्फ जूली को दोषी माना और उसे उम्र कैद की सजा से दंडित किया। घटना के बाद से ही आराधना जेल में है।
राजधानी भोपाल में करणी सेना परिवार का आंदोलन तेज होता जा रहा है
10 Jan, 2023 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल तीन दिन से भेल इलाके में आंदोलन जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस आंदोलन पर कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार को करणी सेना परिवार से बात करना चाहिए। कोई भी बात हो, उस पर चर्चा होना चाहिए। समझना चाहिए कि क्या उनका आक्रोश है। उस आक्रोश को सुनकर जो सही हो, वो मानना चाहिए।भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमलनाथ ने कहा, अगर हमारी सरकार आती है तो हम उनसे बात करेंगे। मैंने यही परंपरा बनाई थी कि सब से बात करो। कई ऐसी बात होती हैं, जो सरकार के समझ में नहीं आतीं। इसीलिए अधिकारी उनके साथ मीटिंग कर लें, फिर मुख्यमंत्री बात कर लें। कांग्रेस के आंदोलन को समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये आंदोलन BJP सरकार के खिलाफ है। इसमें कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। ये एक समाज कर रहा है, तो कांग्रेस इसमें क्या हस्तक्षेप कर सकती है। करणी सेना के लोग हमसे बात करना चाहते हैं, तो हम जरूर करेंगे।
अवधपुरी जाने वाली रोड पर धरना
करणी सेना परिवार और सरकार के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। सोमवार को करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर अपने साथियों के साथ जंबूरी मैदान से एमपी नगर के लिए बढ़े, तो उन्हें पुलिस ने भेल के गांधी चौराहे पर ही बैरिकेडिंग कर रोक लिया। इसके बाद से ही करणी सेना के लोग आज मंगलवार को भी अवधपुरी जाने वाली रोड पर ही धरने पर बैठे हुए हैं। यहां उन्होंने श्रीराम स्तुति की। भजन- रघुपति राघव राजा राम गाया।
धरने से पहले अनुमति लें: एडिशनल डीसीपी
एडिशनल डीसीपी राजेश भदौरिया ने बताया पुलिस की सुरक्षा की दृष्टि से सभी व्यवस्था की गई है। इनके नेतृत्वकर्ताओं को बताया गया है कि अनुमति नहीं है। प्रॉपर अनुमति लें। प्रजातांत्रिक तरीके से धरने पर बैठें। अभी इनकी तरफ से कोई एप्लिकेशन नहीं आई है। इनसे चर्चा की गई है कि शांतिपूर्ण तरीके से कोई धरना देता है, तो कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन प्रॉपर अनुमति लें।
मंत्री के साथ चार बैठकें, लेकिन हल नहीं निकला
करणी सेना के आंदोलन के चलते भोपाल के भेल, पिपलानी, अवधपुरी जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करणी सेना के लोग अपनी 21 सूत्रीय मांगों का लिखित में सरकार की ओर से निराकरण के लिए मंत्रियों की कमेटी बनाने की मांग पर अड़े हुए हैं। रविवार शाम से लेकर सोमवार तक करणी सेना परिवार के प्रतिनिधियों की मंत्री अरविन्द भदौरिया से चार बार बैठक हुई, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया। इधर, करणी सेना परिवार के आंदोलन की आग प्रदेश के दूसरे जिलों में भी फैल रही है। आज आगर और शाजापुर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुतले जलाए गए।
कांग्रेस हमारी मांग विधानसभा में उठाए
प्रदर्शन में विनोद सुनार्थी, रानायरा जिला रतलाम से आए हैं। उनका कहना है कि हमारी 21 सूत्रीय मांगें सही हैं। हम नहीं, सरकार परेशान कर रही है। हम तो जा रहे थे, सरकार के कहने पर पुलिस ने रास्ता रोका है। मंत्री अरविंद भदौरिया से अभी बात हुई। हम कह रहे हैं आइए मान लीजिए हमारी मांग। इसमें कौन सी मांग लोकतांत्रिक नहीं है। कांग्रेस ने अगर हमारी मांग का समर्थन किया है, तो बहुत अच्छी बात है। सभी राजनैतिक दल को समर्थन करना चाहिए। कांग्रेस से बस ये कहना है कि अगर समर्थन किया है तो हमारी 22 सूत्रीय मांग विधानसभा में उठाए।
खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, 1 की मौत 32 घायल
10 Jan, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पिपरिया । बालाघाट से उज्जैन महाकाल दर्शन करने जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस ग्राम शोभापुर के समीप ट्रक से टकरा गई। जिससे बस में सवार 32 अधिक यात्री घायल हो गए हैं। घटना लगभग सुबह 7 बजे की है। घायल यात्रियों को पिपरिया, सोहागपुर एवं नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया है। आसपास के क्षेत्रों की एम्बुलेंस की सहायता से गंभीर घायल लोगों को पहुंचाया गया। पिपरिया लाये गए 5 गंभीर घायल मे से एक यात्री रामसहाय पिता प्रेमलाल कावरे 56 वर्ष की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी 4 गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में फुलवारी पति रामसहाय कावरे (54) गौरव पिता संतराम कावरे ( 19) रजेश पिता प्रेमलाल कावरे (42) किशन पिता रामसहाय कावरे ( 26) सभी निवासी सरे का बालाघाट निवासी हैं। घटनास्थल पर एसडीओपी सोहागपुर मदनमोहन समर एवं एसआइ वर्षा धाकड़ मोके पर पुलिस बल के साथ। एसआइ धाकड़ ने बताया कि एक यात्री कि मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक घटना कोहरे के कारण हुई है। यात्रियों ने बताया कि बस चालक तेज गति से बस चला रहा था। सभी यात्री नींद में थे। तेज धमाके के साथ सभी नींद से जागे। बस में चीख पुकार थी। मच गई थी। 32 घायलों को सोहागपुर अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उपचार किया गया।
गुयाना एवं सूरीनाम के राष्ट्रपति और पनामा की विदेश मंत्री पहुँची ह्रदय दृश्यम उत्सव
9 Jan, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में शामिल होने इंदौर आए गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली एवं सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी और पनामा की विदेश मंत्री एच.ई. जनैना तेवाने मेंकोमो लालबाग में हृदय दृश्यम लोक कला उत्सव पहुँचे। पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर ने अतिथियों का पारंपरिक आत्मीय स्वागत किया। अतिथि सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रदेश की संस्कृति, शिल्पकला एवं साहित्य को जाना। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक विवेक श्रोत्रिय एवं कौशल विभाग के डायरेक्टर मनोज सिंह भी मौजूद रहे।
इंदौर के लालबाग में 12 जनवरी तक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक और सुरमयी प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। लालबाग पैलेस में ही पर्यटन विभाग द्वारा रिस्पॉन्सिबल मिशन में संस्कृति और वन विभाग और खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सहयोग से 70 प्रदर्शनी लगाई जा रही हैं, जिनके द्वारा प्रदेश की संस्कृति, शिल्पकला, कला एवं साहित्य को प्रचारित किया जा रहा है। आठ प्रदर्शनी में हस्तशिल्प कला का लाइव डेमो किया गया है, जिसमें आगंतुक माहेश्वरी साड़ी, गोंड पेंटिंग इत्यादि को लाइव बनते देख रहे हैं। स्थानीय व्यंजनों के लिए 15 प्रदर्शनी लगाई गई हैं, जिनमें प्रदेश के स्वादिष्ट व्यंजन चूल्हे की रोटी, बाजरे की रोटी, पातालकोट की रसोई इत्यादि का स्वाद आगंतुक ले रहे हैं।