मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
मुरैना में दो समुदाय में झड़प, तनाव के बीच पत्थरबाजी और फायरिंग, भारी पुलिस बल तैनात
11 Feb, 2023 02:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुरैना । मुरैना शहर के इस्लामपुरा में शुक्रवार की देर रात दो पक्षों में फायरिंग और पथराव हो गया।करीब आधा घंटे तक एक पक्ष सड़क से फायरिंग करता रहा तो दूसरी ओर से मकानों की छतों से महिला-पुरुषों ने फायरिंग कर रहे लोगों पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव व फायरिंग इतनी हुई कि पूरी सड़क ईंट-पत्थरो से भर गई। सड़क पर कईयों कारतूस बिखरे मिले। इस्लामपुरा, गंदी पोखर निवासी 22 वर्षीय अनीष पुत्र नवाब खांन की शुक्रवार की सुबह 10 से 12 युवकों ने बुरी तरह पिटाई लगा दी। पिटाई से घायल अनीष अस्पताल में भर्ती है। बताया गया है, कि इस्लामपुरा की मुस्लिम बस्ती के युवकों ने कुछ दिन पहले एक राठौर युवक की पिटाई लगा दी, इसी के बदले में अनीष पर हमला हुआ। यह विवाद रात 8 बजे के करीब ऐसा बढ़ा कि मुस्लिम बस्ती में 35 से 40 नकाबपोश युवक कट्टे व बंदूकें लेकर घुस आए और ताबड़तोड़ फायरिंग व पथराव करने लगे। यह देख मुस्लिम बस्ती के युवकों ने भी जवाब में पथराव व फायर किए हैं। घरों की छतों से महिला-पुरुषों ने फायरिंग कर रहे लोगों पर पथराव किया। फायरिंग और पथराव का यह घटनाक्रम आधा घंटे तक चला।इसके डर से लोग घरों में दुबक गए। अधिकांश खंभों के स्ट्रीट लाइट व घरों के बाहर लगे बल्ब फायरिंग व पथराव में फूटने से पूरी गली में अंधेरा पसर गया है।इकबाल खान के घर का छज्जा तक टूट गया। गली में बड़े-बड़े पत्थर, ईंट व जहां-तहां कारतूस बिखरे मिले। सूचना मिलते ही सीएसपी अतुल सिंह, कोतवाली, स्टेशन रोड व सिविल लाइन थाने की टीमों को लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस को स्थानीय लोगों ने कुछ सीसीटीवी फुटेज भी दिए हैं, जिनमें पथराव व फायरिंग करते हुए भीड़ दिख रही है।
आठवीं की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी को आजीवन कारावास सहित एक लाख के अर्थदंड की सजा
11 Feb, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी की जिला अदालत ने पिपलानी थाना इलाके में आठवीं की छात्रा से रेप के मामले में सुनवाई पूरी होने पर आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास सहित 1 लाख रुपए के अर्थदंड से भी दंडित किए जाने का फैसला सुनाया है। यह फैसला विशेष न्यायालय पाक्सो पदमा जाटव की अदालत ने सुनाया। शासन की तरफ से विशेष लोक अभियोजक टीपी गौतम ने पैरवी की। मिली जानकारी के मुताबिक 20 अगस्त 2021 को आठवीं में पढ़ने छात्रा ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर बताया कि जून माह में वह मामी के घर गयी थी। दो-तीन दिन बाद मामी ने रायपुर छत्तीसगढ ले जाने के लिए कहा। वह रात करीब साढ़े 8 बजे बजे मामी के घर से निकले। रात होने पर मामी के दोस्त अखिल के घर आनंद नगर भोपाल में वह और मामी रूक गयी थीं। अखिल के घर वाले किसी की शादी में बाहर गए थे। अखिल के घर में अखिल व उसका दोस्त ऐश सोनी रूका हुआ था। रात में सभी लोग खाना खाकर सो गए। रात करीब साढ़े 12 बजे बजे जब उसकी नींद खुली तो देखा कि आरोपी ऐश उसके पास लेटा हुआ गलत हरकतें कर रहा था। उसके विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ गलत काम किया। दूसरे दिन वह मामी और अखिल के साथ छत्तीसगढ़ चले गए। कुछ दिन बाद अखिल उसे मामी के घर से ले आकर भोपाल में नाना-नानी के घर छोड़ गया। गुमशुम रहने पर जब उसकी माँ ने पूछताछ की तब उसने आरोपी की सारी करतूत बता दी। थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ऐश सोनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शुक्रवार को कोर्ट ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
बजट में विकास और निर्माण कार्यों पर खर्च बढ़ाएगी सरकार
11 Feb, 2023 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश सरकार अगले वर्ष का बजट तैयार कर रही है। वर्ष 2021-22 की तुलना में सकल राज्य घरेलू उत्पाद की तुलना में पूंजीगत व्यय कम हुआ है। 2014 -15 में 6.1 फ़ीसदी पूंजीगत निवेश, मध्य प्रदेश सरकार ने किया था। जो घटकर वर्ष 2021-22 में मात्र 4.9 फ़ीसदी रह गया था।
मध्य प्रदेश सरकार वित्तीय वर्ष का आकार बढ़ाने के लिए इस बजट में विकास कार्यों में निवेश करने पर ज्यादा ध्यान देगी। सरकार का जीएसडीपी की तुलना में पूंजी निवेश पिछले सालों में कम होता जा रहा है। जिसका असर पूंजीगत निवेश पर पड़ रहा है। इस बार सरकार 4.9 फ़ीसदी के स्थान पर पूंजीगत निवेश 6.1 फ़ीसदी तक कर सकती है। वर्तमान में मध्य प्रदेश की जीएसडीपी 11.50 लाख करोड़ रुपए के आसपास है।
कांग्रेस ने बीजेपी अध्यक्ष को लिखा पत्र
11 Feb, 2023 11:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भाजपा सरकार पर हमेशा प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाने वाली कांग्रेस ने एक बार फिर हमला बोला है। भाजपा सरकार की विकास यात्रा में पन्ना कलेक्टर का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह ने इसे लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को पत्र लिखा है और कहा है कि पन्ना कलेक्टर को भाजपा में शामिल किया जाए और उनके दफ्तर को भाजपा का कार्यालय बनाया जाएं।
25 सालों तक भाजपा को सत्ता में बनाए रखने की अपील करते पन्ना कलेक्टर के वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस एक बार फिर हमलावर हो गई है। कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा को पत्र लिखकर पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा को भाजपा की सदस्यता दिलाने के लिए पत्र लिखा है। डा. गोविंद सिंह ने कहा है कि टीवी चैनलों और समाचार पत्रों में प्रकाशित पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा के बयान की ओर आपका ध्यान दिलाना चाहता हूं, जिसमें उन्होंने विकास यात्रा के दौरान बीजेपी की सरकार 25 साल तक बनी रहने और लोगों से इसी सरकार में विश्वास रखने का आग्रह किया है। उनके बयान की निपुणता यह बता रही है कि वे किसी भी भाजपा कार्यकर्ता की बजाय भाजपा संगठन का कार्य बेहतर तरीके से कर सकते हैं। पत्र में गोविंद सिंह ने पन्ना कलेक्टर को भाजपा की सदस्यता दिलाने का आग्रह करते हुए कहा कि पन्ना जिले में उनके कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी का अस्थायी कार्यालय भी खुलवाया जाए।
13 फरवरी से फिर ठंड
11 Feb, 2023 11:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश में हल्की ठंड का दौर एक बार फिर लौटेगा। मौसम वैज्ञानिकों की मानें, तो अगले दो दिन तक दिन-रात के तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी, लेकिन 13 फरवरी से तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट होगी। पहाड़ों में बर्फबारी का असर दिखाई देगा।मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इससे तापमान में बढ़ोतरी हुई है। दो से तीन दिन रहेगी। जब यह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तरी भारत से क्रॉस हो जाएगा, तब हमारे यहां ठंडक और बढ़ेगी। तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर जाएगा। इसका असर प्रदेश के सभी हिस्सों में देखने को मिल सकता है।पहाड़ों पर बर्फबारी होने के कारण दिन में हल्की ठंड बढ़ी है, लेकिन सूरज की धूप चुभ रही है। गुरुवार को देश के उत्तरी हिस्से में एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहुंच गया। इस कारण तापमान में इजाफा हो रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फरवरी के आखिरी हफ्ते से मप्र में गर्मी दस्तक दे सकती है। मार्च के आखिरी हफ्ते से लू चलने के हालात बन जाएंगे। आमतौर पर मप्र में तेज गर्मी 15 मार्च से शुरू होती है, जो 10 जून तक चलती है। इसके बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होती हैं। मार्च में सूर्य भूमध्य रेखा के करीब पहुंच जाता है। इससे दक्षिण भारत तपने लगता है। अप्रैल में सूर्य की स्थिति बदलने के बाद ही मप्र के दक्षिणी हिस्सों से तेज गर्मी की शुरुआत होती है, जो मई मध्य तक पूरे प्रदेश को कवर कर लेती है। जून के दूसरे पखवाड़े में सूर्य की स्थिति बदलने पर मौसम भी बदलने लगता है, लेकिन इस बार गर्मी का दौर लंबा चलने के संकेत हैं।
संस्कारधानी में नर्मदा बनेगी चुनावी मुद्दा
11 Feb, 2023 11:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मप्र की राजनीति में महाकौशल का बड़ा महत्व है। चुनावी साल में महाकौशल क्षेत्र के जबलपुर में नर्मदा चुनावी मुद्दा बनेगी। इसके लिए राजनीतिक पार्टियों ने अभी से माहौल बनाना शुरू कर दिया है। कमलनाथ सरकार में स्वीकृत नर्मदा रिवरफ्रंट की बजाय शिवराज सरकार में नर्मदा कॉरिडोर बनाने का ऐलान कर मामले को गर्मा दिया है। सूचना के अधिकार से मिली जानकारी बताती है कि जबलपुर में नर्मदा रिवरफ्रंट बनाने की 162 करोड़ रुपयों की डीपीआर को सरकार ने 1 साल से मंजूरी नहीं दी है और अब कॉरिडोर और रिवरफ्रंट के बहाने कांग्रेस और भाजपा के विधायक सामने सामने है।हर पांच सालों में होने वाले चुनावों की तरह इस विधानसभा चुनाव से पहले भी जबलपुर की सियासत नर्मदा पर गर्मा गई है, इसकी वजह है 15 माह की कमलनाथ सरकार के द्वारा स्वीकृत नर्मदा रिवर फ्रण्ट का प्रोजेक्ट बदलने को लेकर है, बीती कमलनाथ सरकार ने जबलपुर के ग्वारीघाट से लेकर तिलवाराघाट के बीच नर्मदा रिवरफ्रंट बनाने का प्रोजेक्ट मंजूर किया था लेकिन नई सरकार ने इसे ठण्डे बस्ते में डाल दिया थ। हाल ही में 25 जनवरी को जबलपुर पहुंचे सीएम शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा आरती के बाद अब नया ऐलान किया और कहा कि यहां सभी घाटों को जोड़कर एक अद्भुत कॉरिडोर बनाया जाएगा। सीएम ने जब नर्मदा कॉरिडोर बनाने को नया ऐलान बताया तो इस पर बहस भी शुरू हो गई ह। शहर के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने आरटीआई से मिली जानकारी पर दावा किया कि सरकार ने रिवरफ्रंट बनाने की 162 करोड़ रुपयों की डीपीआर की मंजूरी 1साल से रोक रखी ह। मामले में कोर्ट जाने की चेतावनी भी दी है।
रिवरफ्रंट अधर में लटका
सामाजिक कार्यकर्ता डा. पीजी नाजपांडे ने सूचना के अधिकार से खुलासा किया है कि 2020 में राज्य सरकार ने बजट में प्रस्ताव पास किया था कि ग्वारीघाट से तिलवाराघाट तक के बीच के दस घाटो में निर्माण करके रिवरफ्रंट बनाया जाएगा। इसकी डीपीआर भी बन गई और 2022 में प्रशासन ने राज्य सरकार को प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजी, पर आज भी यह स्थिति है कि एक साल हो गया है पर फाइल वही की वही पड़ी हुई है। इस योजना की लागत जो 129.54 करोड़ रुपए थी वह बढ़कर अब 162.09 करोड़ रुपए हो चुका है। मतलब जैसे-जैसे देरी हो रहीं वैसे-वैसे लागत भी बढ़ रहीं है। इसलिए अब इस मुद्दे पर जनहित याचिका दायर की जाएगी। सामाजिक कार्यकर्ता जहां मामले पर हाईकोर्ट जाने की तैयारी में है तो वही कांग्रेस ने भी तीखे तेवर दिखाए। पूर्व वित्तमंत्री और कांग्रेस विधायक तरुण भनोत ने कहा कि सरकार बजट प्रोविजन वाले प्रोजेक्ट को नहीं रोक सकती और अगर तब भी इसे रोका जाता है कांग्रेस 2023 की सत्ता में आकर नर्मदा रिवरफ्रंट को बनवाकर रहेगी। पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि जब हमारी सरकार थी तो हमने बजट में प्रवाधान किया था , पैसा दिया था उसकी डीपीआर तैयार हो गई थी आधे से ज्यादा काम हो जाना चाहिए था पर संस्कारधानी के लोगों का दुर्भाग्य की लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को गिराया और जितने भी विकास शिकार थे वैसे भी रुक गए। इधर नर्मदा के मुद्दे पर भाजपा ने भी कांग्रेस पर पलटवार किया। भाजपा विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि हमारा विजन बहुत बड़ा है हम चाहते हैं कि सिर्फ नर्मदा रिवरफ्रंट तक सीमित ना रहे, हम चाहते हैं कि नर्मदा में बड़ा कारिडोर बने, कांग्रेस को चाहिए कि अगर नर्मदांचल का भला चाहते हैं तो कॉरिडोर बने या फिर रिवरफ्रंट जो भी बने उसका समर्थन करें। भाजपा विधायक ने कहा कि जैसे महाकाल में महालोक बना हुआ है इस तरह से हम करना चाहते है। इसलिए मुख्यमंत्री भी चाहते है कि योजनाबध्द तरीके से नर्मदा कारिडोर बने।
योजनाओं के लाभ से वंचितों को लाभान्वित करना है : सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया
10 Feb, 2023 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया ने कहा है कि शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना और योजनाओं के लाभ से वंचित व्यक्तियों को लाभान्वित करना विकास यात्रा का उद्देश्य है। मंत्री डॉ. भदौरिया शुक्रवार को भिण्ड जिले के अटेर विकासखण्ड के सुरपुरा, मनेपुरा, रमा, परियाया और सकराया ग्राम में विकास यात्रा के दौरान जन-संवाद कर रहे थे।
मंत्री डॉ. भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिये लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हर गाँव आत्म-निर्भर हो। इसके लिये गाँव में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। मंत्री डॉ. भदौरिया ने सुरपुरा ग्राम में 5 लाख 67 हजार, मनेपुरा ग्राम में 43 हजार 40 हजार, रमा ग्राम में 2 करोड़ 23 लाख 71 हजार और सकराया ग्राम में 10 लाख 24 हजार रूपये लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया। मंत्री डॉ. भदौरिया ने यात्रा में ग्रामों में हुए विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के पात्र लोगों को स्वीकृति-पत्र भी वितरित किये।
पशुपालन मंत्री पटेल ने विकास यात्रा में किया 23 विकास कार्यों का लोकार्पण
10 Feb, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल ने प्रभार के जिले बुरहानपुर में विकास यात्रा के दौरान ग्राम निंबोला में एक करोड़ 39 लाख रूपये से अधिक के 23 विकास कार्यों का लोकार्पण और 2 करोड़ 10 लाख रूपये लागत के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया। मंत्री श्री पटेल ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किये। नेपानगर विधायक श्रीमती सुमित्रा कासडेकर भी मौजूद थीं। मंत्री श्री पटेल ने लोगों से अपील की कि शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएँ। उन्होंने प्रशासन से हितग्राहियों की सूची माँगी। उन्होंने कहा कि जिले में आयुष्मान कार्ड बनाये जा रहे हैं। चिन्हित स्थानों पर दिव्यांग शिविर हों। पात्र हितग्राही 'मुख्यमंत्री भू-अधिकार आवासीय' योजना में आवेदन दें। हितग्राही शिविरों का लाभ उठाएँ। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने बताया कि 'दस्तक अभियान' और 'प्रोजेक्ट मुस्कान' में जिला अपने लक्ष्य प्राप्ति के बहुत करीब है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण
मंत्री श्री पटेल ने विकास यात्रा के दौरान ग्राम निंबोला में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने ओपीडी, वैक्सीनेशन कक्ष, मेटरनिटी कक्ष का अवलोकन करने के साथ स्टाफ और मरीजों से भी संवाद किया। सामाजिक न्याय मंत्री श्री पटेल ने निरीक्षण के बाद परिसर में आम और नींबू के पौधे रोपित किये।
विकास यात्रा में हर पात्र व्यक्ति को मिलेगा योजनाओं का लाभ: वित्त मंत्री देवड़ा
10 Feb, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि विकास यात्रा का मुख्य उद्देश्य शासन की हितग्राही मूलक एवं स्व-रोजगार मूलक योजनाओ से वंचित रह गए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना है। इसी उद्देश्य के साथ कटनी सहित संपूर्ण मध्यप्रदेश में गाँव-गाँव विकास यात्रा निकाली जा रही है। शासकीय योजनाओं से पात्र वंचित नागरिकों को लाभान्वित किया जा रहा है। मंत्री देवड़ा कटनी जिले के बड़वारा विधानसभा के ग्राम पंचायत बड़वारा में विकास यात्रा के दौरान जन-संवाद कर रहे थे।
विभिन्न सौगातें दी
जन-संवाद के दौरान प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने विकासखंड ढीमरखेड़ा में 13 करोड़ 4 लाख की लागत के 132/33 के. व्ही. उप केंद्र का लोकार्पण और 2 करोड़ से अधिक राशि के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया।
प्रभारी मंत्री देवड़ा ने बड़वारा ग्राम पंचायत के जनजातीय मोहल्ले में सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 10 लाख रूपए और हाट बाजार में समतलीकरण एवं फर्शीकरण के लिए 8 लाख रूपए की स्वीकृति दी। साथ ही सिलौड़ी स्थित विरासनी माता मंदिर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रूपए की घोषणा की। देवड़ा ने शासकीय महाविद्यालय बड़वारा की छात्राओं द्वारा कॉलेज में पुस्तकालय, सीसीटीवी कैमरा, खेल मैदान का समतलीकरण, कंप्यूटर की मांग को शीघ्र पूर्ति करने की बात कही। मंत्री देवड़ा ने जिले को फाइलेरिया रोग मुक्त कराने के लिए सभी से दवा खाने और अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी दवा खाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
देवड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में कटनी जिले के 1 लाख 84 हजार हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीब, मजदूर, किसान और सभी वर्गों की चिंता कर रही है। देश में वर्ष 2024 तक हर गरीब के पास पक्का घर होगा और उनके घरों में नल से शुद्ध जल पहुँचेगा। उन्होंने बताया कि जिले में 5 लाख 50 हजार लोगों के आयुष्मान कार्ड बने हैं। योजना में 5 लाख रूपये तक के निःशुल्क इलाज का प्रावधान है। जिले में 1 लाख 20 हजार लोगों के घरों में शुद्ध पेयजल पहुँच रहा है। दिसंबर 2023 तक राशन पात्रता पर्चीधारकों को निःशुल्क खाद्यान्न मिलेगा, सरकार ने इसकी व्यवस्था की है। प्रभारी मंत्री देवड़ा ने कन्या-पूजन और माँ सरस्वती के चित्र में माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन किया। विकास यात्रा के दौरान जन-प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचेगी विकास यात्रा
10 Feb, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामखेलावन पटेल ने कहा है कि राज्य सरकार अपनी जन-कल्याणकारी योजना विकास यात्रा के माध्यम से समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास कर रही है। यात्रा के माध्यम से वंचित वर्ग के व्यक्तियों तक योजना का लाभ पहुँचाया जा रहा है। राज्य मंत्री पटेल गुरूवार को अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर में विकास यात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यात्रा के दौरान उन्होंने करीब एक करोड़ रूपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया।
राज्य मंत्री पटेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हर घर में नल से जल, बिजली की निरंतर उपलब्धता, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से नि:शुल्क उपचार की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा का क्रम 25 फरवरी तक निरंतर चलेगा। राज्य मंत्री ने स्थानीय जन-प्रतिनिधियों से विकास यात्रा को सफल बनाने के लिये बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। राज्य मंत्री पटेल ने यात्रा के दौरान आँगनवाड़ी भवन, सामुदायिक शौचालय, सीसी रोड, हाट-बाजार चबूतरा सहित अधो-संरचना से जुड़ी सुविधाओं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया।
11 फरवरी को भोपाल में होगा खेलो इंडिया यूथ गेम्स का समापन
10 Feb, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश में हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 से प्रदेश में पिछले 13 दिन से बने उत्साहपूर्ण माहौल में विभिन्न राज्यों के लगभग 6 हजार खिलाड़ियों ने 27 अलग-अलग खेल में पदकों के लिए जी-जान लगा दी। गेम्स का समापन भोपाल की शान बड़े तालाब पर 11 फरवरी की शाम 6.30 बजे से रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ होगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय खेल एवं युवा कार्य मंत्री श्री अनुराग ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे। केंद्रीय खेल, युवा कार्य एवं गृह राज्य मंत्री श्री निसिथ प्रामाणिक और खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित ओलिंपियन शूटर श्री गगन नारंग विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह की अध्यक्षता प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया करेंगी।
समापन समारोह के पूर्व शाम 5.30 बजे सभी विजेता खिलाड़ियों का चेंपियन बस में बैठा कर मुख्यमंत्री निवास से बोट क्लब तक भव्य रैली निकाल कर स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान बस को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। बस के साथ कलरीपायट्टु, गटका खिलाड़ी और एम.एम.ए आर्टिस्ट प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा आरजे अनादि, बाइकर्स, ब्रेक डांसर्स और साइक्लिस्ट विभिन्न प्रस्तुति देंगे। समापन समारोह की शुरूआत नन्हे बांसुरी वादक अनिरवन रॉय की प्रस्तुति से होगी। एक भारत-श्रेष्ठ भारत पर फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। खिलाड़ियों और टीमों को ओवरऑल ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में गेम्स के एंथम “हिन्दुस्तान का दिल धड़का दो” पर डांस परफॉर्मेंस होगा।
लोगों को सन्मार्ग पर चलने और व्यसनमुक्त जीवन के लिए प्रेरणा दें धर्म-स्थल - मुख्यमंत्री चौहान
10 Feb, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जो दूसरों को जीते वह वीर, जो अपने आप को जीते वह महावीर, जो महावीर वही जितेन्द्रिय, जो जितेन्द्रिय वह जिन और जो जिन वही जैन है। मुख्यमंत्री चौहान मंडला जिले के नैनपुर तहसील के ग्राम पिंडरई में हो रहे जैन समाज के गजरथ महोत्सव में मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से वर्चुअली सम्मिलित हुए और गुजरात गौरव परम पूज्य निग्रंथ भट्टारक आचार्य 108 जय सागर जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिनालय, मंदिर तथा अन्य धर्म स्थान, आस्था के केन्द्र हैं। यही समाज को दिशा देने और व्यक्तियों को सन्मार्ग पर चलाने के लिए उपयुक्त मार्गदर्शन देने का कार्य कर रहे हैं। लोगों को सद्बुद्धि मिले, वे व्यसन मुक्त जीवन व्यतीत करें, इस दिशा में विशेष प्रयास की आवश्यकता है। भौतिकता की अग्नि में दग्ध मानवता को शांति मार्ग का दिग्दर्शन भारत ही कराएगा और इस कार्य के लिए जय सागर जी महाराज जैसे प्रभावी व्यक्तित्वों की देश को आवश्यकता है। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में गरीब, महिला और बेटियों के लिए संचालित विभिन्न योजना, कार्यक्रम और प्रदेश में आरंभ होने वाली लाड़ली बहना योजना की जानकारी दी।
आचार्य जय सागर जी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में गरीब कल्याण, बेटी बचाओ तथा स्वच्छता के क्षेत्र में प्रभावशाली कार्य जारी है। समाज सेवा और जन-कल्याण के लिए प्रदेश में संचालित जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए मुख्यमंत्री चौहान सराहना के पात्र हैं। मुख्यमंत्री चौहान देश के सबसे अधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में से एक हैं।
मंडला के पिंडरई में पंच कल्याणक गजरथ महोत्सव 5 फरवरी से आरंभ हुआ है। महोत्सव में भगवान के जन्म से लेकर मोक्ष तक के जीवन-काल के विषय में चर्चा की जाती है। गजरथ में भगवान नए मंदिर के निर्माण के बाद नगर भ्रमण करते हैं, जिसमें हाथियों की सवारी के माध्यम से रथ निकाला जाता है। कार्यक्रम में पुलक सागर जी, मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा प्रणय जैन और सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद सिंघई विशेष रूप से उपिस्थत थे।
मप्र के आबकारी अधिनियम में अब दो नहीं, तीन प्रकार की शराब, हेरिटेज भी शामिल
10 Feb, 2023 08:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल मध्य प्रदेश के आबकारी अधिनियम में अब तक दो प्रकार की शराब शामिल थी, लेकिन अब महुआ से निर्मित हेरिटेज शराब को भी तीसरी शराब के रूप में स्थान दिया गया है। प्रदेश के आबकारी अधिनियम में विदेशी, देशी और हेरिटेज शराब का प्रविधान कर दिया गया है। राज्य सरकार ने अपने 64 वर्ष पुराने मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम में बदलाव कर नई व्यवस्था लागू कर दी है।
पुरानी अधिसूचना को किया निरस्त
राज्य सरकार ने अगले वित्त वर्ष के लिए निकाले जाने वाले शराब के ठेकों के टेंडर के लिए मध्य प्रदेश आबकारी एक्ट 1915 के तहत विदेशी, देशी एवं हेरिटेज शराब की परिभाषा जारी की है। 64 वर्ष पहले चार जुलाई 1959 को राज्य सरकार ने जो परिभाषा तय की थी, उसमें केवल विदेशी एवं देशी शराब ही शामिल थी। अब इस पुरानी परिभाषा की अधिसूचना को निरस्त कर दिया गया है।
विदेशी, हेरिटेज और देशी शराब की यह होगी परिभाषा
शराब की नई परिभाषा के अनुसार, विदेशी शराब के लिए कहा गया है कि किसी किस्म की मानवी उपभोग के उपयुक्त शराब जो समुद्र, थल या जल द्वारा भारत के किसी राज्य में आयायित की गई हो तथा जो आयायित होने की दशा में, भारतीय टेरिफ एक्ट 1894 या सी कस्टम एक्ट 1874 के अधीन ड्यूटी योग्य हो अथवा जो भारत में विनिर्मित या तैयार और जिसमें रंग या खुशबू, उपरोक्त आयायित शराब के जैसे हों, विदेशी शराब कहलाएगी।
शराब में सिंथेटिक या कृत्रिम कलर नहीं होगा
हेरिटेज शराब विनिर्माण इकाई में उत्पादित ऐसा अल्कोहलिक महुआ शराब पेय जो राज्य शासन द्वारा बनाए जाने वाले हेरिटेज शराब नियमों में परिभाषित हो और जो महुआ फूलों से तैयार हेरिटेज स्पिरिट हो एवं जिसमें मानव उपभोग के लिए उपयुक्त प्राकृतिक योजक (एडटिव्स) हो सकेंगे, लेकिन कोई सिंथेटिक या कृत्रिम योजक या कलर नहीं होंगे। देशी शराब के लिए केवल इतना ही कहा गया है कि विदेशी शराब एवं हेरिटेज शराब से भिन्न पीने योग्य देशी शराब होगी।
मुख्यमंत्री चौहान हैशटेग “मामाजी लाइव’’ के साथ आए इंस्टाग्राम पर
10 Feb, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर संवाद किया। “मामाजी लाइव’’ के हैशटेग से हुए इस कार्यक्रम में आरजे अनादि और पिंकी ने मुख्यमंत्री चौहान से उनकी कार्य-प्रणाली, विभिन्न योजनाओं और जीवन-शैली के संबंध में प्रश्न किए। मुख्यमंत्री चौहान ने इसी क्रम में जन-सामान्य से आए प्रश्नों के भी बहुत सहजता से उत्तर दिए। मुख्यमंत्री ने इंस्टाग्राम पर संवाद की शुरूआत कर सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मैं इस प्लेटफार्म पर नया हूँ, मेरे भांजे-भांजियाँ तो इंस्टाग्राम का पहले से ही उपयोग कर रहे हैं। इस मामले में वे मेरे गुरू हैं।
मुख्यमंत्री चौहान से किए गये प्रश्न और उनके द्वारा दिए गए उत्तर
1. मुख्यमंत्री चौहान से आरजे अनादि ने पूछा कि आप दिन की शुरुआत कैसे करते हैं। इस पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मैं सुबह जल्दी उठ कर समाचार-पत्र पढ़ता हूँ, कुछ देर पैदल टहलता हूँ और योग, प्राणायाम और ध्यान करता हूँ। गाय की दो बच्छियाँ को रोटी खिलाना और पौध-रोपण करने के बाद रोजमर्रा के कार्य शुरू करता हूँ।
प्रश्न : आप युवाओं को पौध-रोपण अभियान से कैसे जोड़ रहे हैं ?
मुख्यमंत्री : मेरे अकेले पौध-रोपण करने से कुछ नहीं होगा। सबकी सहभागिता जरूरी है। मैं लगातार अपील कर रहा हूँ कि अपने जन्म-दिन, विवाह वर्षगाँठ और परिजन की स्मृति में पौधे जरूर लगाए और उनकी देख-रेख भी करें। पौध-रोपण को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में अंकुर अभियान संचालित है। भांजे-भांजियाँ पौध-रोपण कर अपनी फोटो अंकुर पोर्टल पर अपलोड करें और पौधे के बढ़ने के साथ निश्चित अंतराल पर फोटो भी पोर्टल पर डालते रहें।
प्रश्न : आप सभी कार्यक्रम कन्या-पूजन से आरंभ करते हैं, ऐसा क्यों ?
मुख्यमंत्री : हमारे देश में कहा गया है कि जहाँ नारी की पूजा होती है, उसका सम्मान होता है, वहीं देवता निवास करते हैं। माँ-बहन, बेटी के बिना दुनिया नहीं चल सकती। कन्या-पूजन से समाज को यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है। दैनिक जीवन में हम माँ-बहन बेटी का सम्मान करें और उनके साथ बेहतर व्यवहार रखें।
प्रश्न : कृपया लाड़ली बहना योजना के बारे में बताएं?
मुख्यमंत्री : “लाड़ली बहना’’ योजना महिला सशक्तिकरण का अभियान है। अगर माँ-बहन, बेटी सशक्त हैं तो परिवार सशक्त होगा। परिवार सशक्त है तो प्रदेश सशक्त होगा और प्रदेश सशक्त होगा तो देश सशक्त होगा। इसी उद्देश्य से प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना आरंभ की गई। मन में यह भाव था कि किसी को भी बेटी बोझ नहीं लगे, अपितु वह वरदान बन जाए। इसी क्रम में महिला सशक्तिकरण के लिए लाड़ली बहना योजना आरंभ की जा रही है। महिला के पास पैसे होंगे, तो वह परिवार को सशक्त और समृद्ध करने में ही उसका उपयोग करेगी। इस योजना में गरीब, निम्न आय वर्ग के परिवारों की बहनों को एक हजार रूपये प्रतिमाह उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रश्न : मामाजी बनने का सफर कैसे आरंभ हुआ ?
मुख्यमंत्री : लाड़ली लक्ष्मी योजना इस उद्देश्य से आरंभ की गई थी कि बच्ची लखपति ही पैदा हो। साथ ही बेटियों को स्कूल शिक्षा की सुविधाएँ देने की व्यवस्था की गई। इन सबका परिणाम यह रहा कि बेटियाँ कहने लगी कि ये तो हमारे मामा हैं। बेटियों के साथ बेटों और बुजुर्गों ने भी मुझे मामा कहना शुरू कर दिया, जिसके मन में बेटियों के प्रति दो-दो माँ का प्यार हो वह "मामा" है।
प्रश्न : आप युवाओं को कैसे प्रोत्साहित करते हैं ?
मुख्यमंत्री : मैं स्वामी विवेकानन्द और श्रीमद् भगवद् गीता से बहुत प्रेरणा लेता हूँ। स्वामी विवेकानन्द ने कहा कि जीवन में ऐसा कोई काम नहीं है जो आप नहीं कर सकते हैं। आप स्वयं को आत्म-विश्वास से भर कर निश्चित लक्ष्य के साथ आगे बढ़ें, सफलता अवश्य मिलेगी।
प्रश्न : प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए क्या गतिविधियाँ जारी है ?
मुख्यमंत्री : प्रदेश में 1 लाख 14 हजार शासकीय पदों पर भर्ती का क्रम जारी है, अशासकीय क्षेत्र में भी रोजगार प्रदान किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के साथ स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए ये योजना लागू की गई हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 15 लाख 42 हजार 500 करोड़ रूपये के निवेश के प्रस्ताव आए हैं। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए गंभीरता से कार्य जारी हैं। कौशल उन्नयन के लिए विशेष गतिविधियाँ संचालित हैं। भोपाल में ग्लोबल स्किल डेवलपमेंट पार्क विकसित किया जा रहा है।
प्रश्न : आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए क्या गतिविधियाँ चल रही हैं ?
मुख्यमंत्री : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्म-निर्भर भारत का मंत्र दिया है। इसे साकार करने के लिए राज्य स्तर पर आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश का रोडमेप बनाया गया है। इसके चार स्तंभ अधो-संरचना विकास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा, सुशासन और अर्थ-व्यवस्था एवं रोजगार हैं। सभी क्षेत्रों में कार्य चल रहे हैं।
प्रश्न : आपको सर्वाधिक प्रेरणा किससे मिलती है ?
मुख्यमंत्री : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेरे लिए सर्वाधिक प्रेरक व्यक्तित्व हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व में एक अलग स्थान बनाया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोरोना काल में दुनिया के देशों को भारत द्वारा दी गई मदद और रूस-युक्रेन युद्ध में भारतीय विद्यार्थियों को सुरक्षित निकालने में उनके प्रभाव से सिर गर्व से ऊँचा हो जाता है।
प्रश्न : आपकी सफलता का राज क्या है ?
मुख्यमंत्री : लक्ष्य निर्धारित करें। उसे प्राप्त करने का रोडमेप बनाएँ। अनुशासित रहते हुए कठोर परिश्रम के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए दीवानगी और जुनून के साथ निरंतर प्रयासरत रहे तो सफलता अवश्य मिलेगी। इच्छा-शक्ति हो तो असंभव कुछ भी नहीं है। हमें अपनो, अपने समाज, देश-प्रदेश के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
प्रश्न : अगले 5 साल की क्या योजना है ?
मुख्यमंत्री : हम राज्य को एक कदम और आगे ले जाएंगे। अधो-संरचना का विस्तार, एयरपोर्ट, मेट्रो, रोप-वे, ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट, नगरों और औद्योगिक क्षेत्रों का विकास होगा। स्टार्टअप के साथ स्किल्ड मेनपॉवर को प्रोत्साहित किया जाएगा। हम ज्ञान के बल पर दुनिया पर राज कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। हम आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश और आत्म-निर्भर भारत के निर्माण के लिए अग्रसर होंगे।
व्यक्तिगत प्रश्नों के उत्तर में मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि उन्हें परिचय फिल्म सर्वाधिक प्रिय है। संजीव कुमार और जया भादुड़ी उनके पसंदीदा कलाकार हैं। यात्रा के दौरान गाने सुनना उन्हें अच्छा लगता है। कुर्ते-पायजामे के अलावा शर्ट-पेंट और टी-शर्ट भी पहनते हैं। बचपन के खेल आति-पाति को अभी तक याद करते हैं। पसंदीदा गीतों में मन्ना डे का गीत "कोरी चुनरिया आत्मा मोरी", किशोर कुमार का गीत "रूक जाना नहीं, तू कभी हार के" और मुकेश का गीत "ए भाई जरा देख कर चलो" विशेष रूप से पसंद हैं।
बैगा, भारिया और सहरिया परिवारों को पशुपालन से जोड़ने योजना शुरू की जाएगी - मुख्यमंत्री चौहान
10 Feb, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बैगा, भारिया और सहरिया परिवारों को पशुपालन गतिविधियों से जोड़ने के लिए राज्य सरकार योजना शुरू कर रही है। योजना में परिवारों को दो पशु, भैंस या गाय उपलब्ध कराई जाएगी, जिसकी 90 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए आहार अनुदान योजना इस उद्देश्य से आरंभ की गई थी कि महिलाएँ अनुदान की राशि अपने परिवार की बेहतरी के लिए खर्च करें। मुझे प्रसन्नता है कि बैगा, भारिया और सहरिया परिवारों की महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही प्रतिमाह एक हजार रूपए की राशि का महिलाओं ने सही तरीके से उपयोग किया है और इसके परिणाम भी बेहतर आए हैं।
मुख्यमंत्री चौहान बैगा, भारिया और सहरिया जनजाति की 2 लाख 41 हजार 120 महिलाओं के खाते में 24 करोड़ 11 लाख 20 हजार रूपए की अनुदान राशि सिंगल क्लिक से अंतरित कर वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण पल्लवी जैन गोविल तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री मीना सिंह उमरिया से वर्चुअली सम्मिलित हुई। मुख्यमंत्री चौहान ने छिंदवाड़ा, उमरिया और श्योपुर की महिलाओं से वर्चुअली संवाद भी किया।
जनजातीय भाई-बहनों की बेहतरी में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आहार अनुदान योजना प्रदेश के 15 जिलों में संचालित है। इन जिलों के अलावा अन्य जिलों में रह रही विशेष पिछड़ी जनजाति की महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनजातीय भाई-बहनों की बेहतरी में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। ऐसे परिवार जिनके पास रहने की जगह नहीं है, उन्हें नि:शुल्क प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे और उनके घर बनाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
हितग्राहियों से संवाद
मुख्यमंत्री चौहान ने छिंदवाड़ा की रेशमा, उमरिया की दइजी बाई बैगा, श्योपुर की ऊषा और माया से वर्चुअली संवाद किया। रेशमा और दइजी बाई ने कहा कि आहार अनुदान से मिलने वाले पैसों से बच्चों को दूध एवं अन्य पोषक सामग्री उपलब्ध कराना सरल हुआ है। मुख्यमंत्री चौहान को हितग्राही दइजी बाई ने उमरिया आने का निमंत्रण भी दिया।संवाद में श्योपुर की हितग्राही ऊषा बताया कि वे स्व-सहायता समूह की गतिविधियों से जुड़ी हैं तथा टेबलेट से समूह की गतिविधियों का संचालन करती हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने हितग्राही महिलाओं से खाद्यान्न वितरण और आयुष्मान कार्ड के संबंधी जानकारी भी ली।