मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
दिग्विजय सिंह की कार की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल, पुलिस ने वाहन किया जब्त
9 Mar, 2023 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजगढ़ । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की कार ने एक युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जीरापुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से उसे भोपाल रेफर कर दिया है। घटना के साथ ही दिग्विजय सिंह भी जीरापुर अस्पताल जा पहुंचे थे। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बेहतर उपचार व जांचों के लिए भोपाल रेफर किया गया है। दूसरी ओर दुर्घटना के बाद दिग्विजय की कार को जीरापुर पुलिस ने जब्त कर लिया है। वे दूसरी कार से भोपाल के लिए रवाना हुए।
चालक अख्तर खां निवासी गुना पर प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गाड़ी विनोद राठौर निवासी गुना के नाम रजिस्टर्ड है। कुछ दिन पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश पुरोहित की माताश्री का देहांत हो गया था। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गुरुवार को शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए पुरोहित के गांव कोड़क्या पहुंचे थे। वहां से दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद वह वापस राजगढ़ की ओर आ रहे थे। तभी जीरापुर में शिक्षक कालोनी के समीप बाइक सवार बबलू पिता मांगीलाल बागरी, उम्र करीब 25 वर्ष सड़क से गुजर रहा था। दिग्विजय सिंह की कार से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बबलू बाइक से नीचे जा गिरा व जख्मी हो गया। उसे सिर के साथ कई स्थानों पर चोटे आई थी। उसी समय ब्यावरा के पूर्व विधायक पुरूषोत्तम दांगी की गाड़ी मौके पर आ पहुंची। ऐसे में दांगी व उनके सहयोगियों ने घायल को उठाया व स्वयं की गाड़ी में बैठाते हुए उसे जीरापुर अस्पताल पहुंचाया गया। पीछे-पीछे दिग्विजय सिंह भी अस्पताल जा पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों से घायल युवक के हालचाल के बारे में जानकारी ली और बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए कहा। दिग्विजय ने युवक के सिर में चोट होने के चलते भोपाल रेफर करवाने की मांग की, ताकि उसका सीटी स्कैन करवाते हुए बेहतर उपचार हो सके। युवक को भोपाल रेफर किया गया है। भोपाल में भी भर्ती करवाने के लिए दिग्विजय सिंह ने स्वयं निजी अस्पताल में इंतजाम करवाए हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज और केंद्रीय मंत्री सिंधिया माधव नेशनल पार्क में छोड़ेंगे एक बाघ-दो बाघिन
9 Mar, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क में 26 साल बाद बाघ की दहाड़ फिर सुनाई देगी। सतपुड़ा, बांधवगढ़ एवं पन्ना टाइगर रिजर्व से भेजे गए एक बाघ और दो बाघिन को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार दोपहर एक बजे माधव पार्क के क्वारंटाइन बाड़े में आजाद करेंगे।जिन्हें दो सप्ताह बाद खुले जंगल में छोड़ दिया जाएगा। इन बाघ-बाघिन को तीनों स्थानों से ट्रंकुलाइज कर रवाना कर दिया गया है, जो शुक्रवार सुबह 11 बजे माधव पार्क पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री बाघ मित्रों से संवाद भी करेंगे। इसके बाद पोलो ग्राउंड पर लाड़ली बहनों से भी संवाद करेंगे। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। जिसमें वन विभाग के अपर मुख्य सचिव जेएन कंसोटिया, वन बल प्रमुख आरके गुप्ता उपस्थित थे। जबकि शिवपुरी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वर्चुअल शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री सिंधिया की मांग पर माधव नेशनल पार्क को बाघों से आबाद किया जा रहा है। इसके लिए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से एक बाघ (जिसे केरवा से पकड़ा गया था), पन्ना एवं बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से एक-एक बाघिन को भेजा गया है। वन्यप्राणी मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार सतपुड़ा और बांधवगढ़ से देर शाम बाघ व बाघिन को लेकर वन विभाग के वाहन निकल चुके हैं। सभी वाहन के साथ डाक्टरों की टीम भी है। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बाघों के पुनर्स्थापन से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
लाड़ली बहनों से करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री पोलो ग्राउंड पर होने वाले कार्यक्रम में लाड़ली बहनों से भी संवाद करेंगे। यहां लगभग 270 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, वन मंत्री विजय शाह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
अतिरिक्त अवकाश का लाभ मध्यप्रदेश की 1.59 लाख महिला कर्मचारियों को मिलेगा
9 Mar, 2023 09:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश की विवाहित पात्र महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना लागू करने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिला अधिकारी-कर्मचारियों को वर्षभर में सात अतिरिक्त अवकाश की सुविधा देने का निर्णय लिया है। अभी सभी कर्मचारियों को वर्षभर में 13 आकस्मिक अवकाश की पात्रता है लेकिन महिला कर्मचारियों को अब 20 आकस्मिक अवकाश मिलेंगे। प्रदेश में 1.59 लाख से अधिक महिला अधिकारी-कर्मचारी हैं। इसके साथ ही आइटीआइ में अध्ययनरत छात्राओं को डिजिटल व वित्तीय साक्षरता, अंग्रेजी और कम्युनिकेशन का 60 से 80 घंटे का प्रशिक्षण भी दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। जो बहनें शासकीय सेवा में हैं, मातृत्व की जिम्मेदारी संभालने के साथ उनकी कई अन्य व्यस्तताएं भी होती हैं इसलिए उन्हें सात अतिरिक्त अवकाश दिए जाएंगे। इसका लाभ सभी श्रेणी की महिलाकर्मियों को मिलेगा।
अब तक मिलते हैं ये अवकाश
महिला कर्मचारियों को आकस्मिक अवकाश के अलावा हरितालिका तीज का विशेष अवकाश मिलता है। तीन ऐच्छिक अवकाश के अलावा 180 दिन का प्रसूति और गर्भपात होने पर 45 दिन के अवकाश की पात्रता होती है। पूरे सेवाकाल में 730 दिन का संतान पालन अवकाश और 67 दिन के दत्तक ग्रहण अवकाश की पात्रता दी गई है।
दो युवकों की अशोकनगर की नदी में डूबने से मौत
9 Mar, 2023 09:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अशोकनगर । होली के दिन बुधवार की शाम को ललितपुर से चंदेरी पिकनिक मनाने के लिए आए दो युवकों की बेतवा नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव गुरुवार को मिले। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ललितपुर के चौबियाना मोहल्ला निवासी 27 वर्षीय रूपकिशोर सोनी और 38 वर्षीय प्रशांत सोनी अपने पांच अन्य मित्रों के साथ होली के मौके पर चंदेरी आए थे। बताया जाता है कि रूपकिशोर और प्रशांत बेतवा नदी के राजघाट पुल पर ही रुक गए और मित्रों को आधा घंटे बाद चंदेरी पहुंचने की बात कही, लेकिन दोनों ही मित्र करीब एक घंटा से भी अधिक समय होने पर चंदेरी नहीं पहुंचे। पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे एक युवक का शव पुल से 100 मीटर दूर तथा दूसरे युवक का शव दो घंटे बाद पुल से 500 मीटर दूर मिला। पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों को तैरना नहीं आता था।
मुख्यमंत्री चौहान ने सागौन, आँवला और गुलमोहर के पौधे लगाए
9 Mar, 2023 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में सागौन, आँवला और गुलमोहर के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ अवनी वेलफेयर और भोपाल बर्ड्स कंजर्वेशन सोसायटी के सदस्यों ने पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री के साथ सुयोग चौहान ने अपने जन्म-दिवस पर पौधा लगाया।
पौध-रोपण को समर्पित अवनी वेलफेयर सोसाइटी की डॉ. स्मिता राशि, विजय गुप्ता, एस.के. पाठक, आर.एन. पटेल और संतोष खरे ने पौधे लगाए। सोसायटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री चौहान को सीड बॉल्स तथा पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था के लिए नारियल से बनाया सकोरा भेंट किया। मुख्यमंत्री चौहान के साथ भोपाल बर्ड्स कंजर्वेशन सोसायटी की डॉ. संगीता राजगीर और मोहम्मद खलिक ने भी पौध-रोपण किया। साथ ही मुख्यमंत्री को "जन-समर्थन से सारस सरंक्षण" पुस्तक भेंट की। पौध-रोपण में रंजना चौहान सहित कनिष्क सिंह, शुभम चौहान और ओम चौहान भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री चौहान 10 मार्च को शिवपुरी में पर्यटन संवर्धन कार्यक्रम में होंगे शामिल
9 Mar, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि माधव राष्ट्रीय उद्यान सहित शिवपुरी में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की पर्याप्त संभावनाएँ विद्यमान हैं। उद्यान में प्राकृतिक बाघों का समृद्ध इतिहास रहा है। बाघों के पुनर्स्थापन से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियाँ बढ़ने से रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री चौहान 10 मार्च को शिवपुरी में लाड़ली बहना संवाद और पर्यटन संवर्धन कार्यक्रम के लिए जारी तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय समत्व भवन हुई बैठक में अपर मुख्य सचिव वन जे.एन. कंसोटिया, वन बल प्रमुख आर.के. गुप्ता उपस्थित थे। शिवपुरी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वर्चुअली शामिल हुए।
लाड़ली बहनों से करेंगे संवाद
जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री चौहान माधव राष्ट्रीय उद्यान में 3 बाघों को छोड़ेंगे और टाइगर मित्रों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान पोलो ग्राउण्ड पर होने वाले कार्यक्रम में लाड़ली बहनों से भी संवाद करेंगे। लगभग 270 करोड़ रूपए के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। केन्द्रीय विमानन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया सहित क्षेत्र के जन-प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री निवास में बिखरे होली के रंग
9 Mar, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री निवास पर होली पर्व पर उल्लास के रंग बिखरे। अनेक नागरिक, कार्यकर्ता और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी की। इस मौके पर होली के अनेक गीत प्रस्तुत किए गए। ढोल की थाप पर नृत्य प्रस्तुत करने के लिए सभी उत्साहित थे। प्राकृतिक रंग और गुलाल का प्रयोग किया गया। बृज की पारंपरिक फूलों की होली भी खेली गई। मथुरा-वृंदावन (उत्तरप्रदेश) की सांस्कृतिक मंडली ने गीत और नृत्य प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि होली उमंग, उल्लास, आनंद और मस्ती का पर्व है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के प्रथम सेवक होने के नाते उनका संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में खुशियों के रंग शामिल हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के अनुसार हम प्रदेश और देश के विकास के लिए मिल कर कार्य करें। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना लागू होने से पात्र बहनों को हर महीने 1000 रूपये की राशि प्राप्त होगी। इस वर्ष होली पर ही इस योजना ने बहनों को दीपावली का अहसास भी करवा दिया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने उपस्थित नागरिकों को होली पर्व की बधाई और शुभकामनाएँ दी। इस मौके पर रंग और गुलाल लगा कर सभी ने पर्व को उल्लास और आनंद से मनाया।
किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल, सांसद विष्णु दत्त शर्मा, हितानंद शर्मा, किसान संगठन के दर्शन सिंह, विधायक रामपाल सिंह, रामेश्वर शर्मा, पी.सी. शर्मा, पूर्व महापौर आलोक शर्मा सहित सुमित पचौरी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह, पुत्र कार्तिकेय सिंह और कुणाल सिंह भी उपस्थित थे।
होली मिलन कार्यक्रम में प्रस्तुत गीतों में - "आज बृज में होली रे रसिया..., रंग बरसे भीगे चुनरवाली...., आज न छोड़ेंगे बस हमजोली, खेलेंगे हम होली..., होली खेले रघुवीरा अवध में....." शामिल रहे। मुख्यमंत्री चौहान ने भी आंचलिक लोकगीत "मोरी बहू हिरानी है, ए भैया मिले तो बता दईयो...." गाया। इस गीत में सभी ने सुर मिलाए। मुख्यमंत्री चौहान ने अन्य गीतों पर हारमोनियम बजा कर संगत दी।
मिशनरी स्कूल के छात्रावास का घटनाक्रम दुखद, पुलिस की लापरवाही पर की कार्यवाही
9 Mar, 2023 05:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर राज्य सरकार ने डिंडौरी पुलिस अधीक्षक संजय कुमार सिंह को हटाए जाने के आदेश जारी कर दिए है। उनकी पदस्थापना सहायक पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय, भोपाल की गई है।
मुख्यमंत्री चौहान ने डिंडौरी जिले के जुनवानी गाँव स्थित मिशनरी छात्रावास में नाबालिग छात्राओं पर अपराध के मामले में यह कार्यवाही की हैं। उल्लेखनीय है कि छात्रावास में नाबालिग छात्राओं के साथ अपराध के मामले में स्कूल के पादरी, प्राचार्य, एक शिक्षक और वार्डन का नाम शामिल था। पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों पर कार्यवाही में लापरवाही का मामला सामने आया था। लक्ष्मण सिंह
निर्देशक कौशिक ने माना म.प्र. को फिल्म फ्रेंडली स्टेट : मुख्यमंत्री चौहान
9 Mar, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कौशिक ने अपने बेहतरीन अभिनय से हिन्दी फिल्म जगत पर गहरी छाप छोड़ी और अपनी एक अलग पहचान बनाई। मुख्यमंत्री ने स्व. कौशिक का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने नवम्बर में ही भोपाल में फिल्म की शूटिंग की थी। उन्होंने मध्यप्रदेश की प्रशंसा करते हुए प्रदेश को फिल्म फ्रेंडली स्टेट कहा था। वे भोपाल के सौन्दर्य के प्रशंसक थे। मुख्यमंत्री चौहान ने स्व. कौशिक के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजन को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री चौहान श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पौध-रोपण के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे।
भोपाल में किराना व्यापारी को कट्टा दिखाकर मांगी रंगदारी, शोर मचाने पर भागे बदमाश
9 Mar, 2023 02:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी के हनुमानगंज थाना इलाके में दो युवकों ने किराना व्यापारी को कट्टा, चाकू दिखाते हुए रंगदारी मांगी। व्यापारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग दुकान की तरफ आने लगे, तो बदमाश बाइक से फरार हो गए। चेहरों पर कपड़ा बंधा रहने के कारण उनका हुलिया भी नहीं पता चल सका है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की तलाश कर रही है। हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक छोला मंदिर क्षेत्र स्थित शिवशक्ति नगर निवासी 42 वर्षीय चरणसिंह पुत्र सूरजसिंह गुर्जर किराना व्यापारी हैं। उनकी हमीदिया सामानांतर रोड पर दुकान है। मंगलवार सुबह सात बजे वह दुकान पर बैठे थे, तभी दो युवक बाइक से उनकी दुकान पर पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। उनमें से एक युवक ने पैसे देकर सिगरेट खरीदी, तभी उसके साथी ने कट्टा निकालकर चरणसिंह पर तान दिया और रुपयों की मांग करने लगा। साथ ही धमकी दी कि रुपये देने से मना किया तो वह गोली मार देगा। चरणसिंह ने रुपये नहीं होने की बात कही, तो दूसरे युवक ने भी एक बड़ा चाकू निकाल लिया। दोनों दुकान के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे, तभी अनहोनी की आशंका भांपते हुए चरणसिंह ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोग दुकान की तरफ पहुंचते, इसके पहले ही बदमाश चरणसिंह को धमकाते हुए फरार हो गए। व्यपारी की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ अड़ीबाजी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालकर बदमाशों का सुराग तलाश रही है।
पेपर बिगड़ने पर छात्र ने लगाई फांसी
9 Mar, 2023 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिंड. मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रौन थाना क्षेत्र के बिरखड़ी गांव स्थित जवाहर नवोदय स्कूल में पढ़ने वाले 12वीं के छात्र ने हॉस्टल के अंदर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है.
मामले की जानकारी लगते ही रौन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस सूत्रों के अनुसार बिरखड़ी में स्थित जवाहर नवोदय हायर सेकंडरी स्कूल में पढ़ने वाले मनमोहन परिहार बरूअन पुरा लहार (भिण्ड) का रहने वाला है. छात्र मनमोहन नवोदय स्कूल में रहकर पढ़ाई करता था. छात्र के पिता शिक्षक हैं. छात्र का सोमवार को 12वीं का फिजिक्स का पेपर बिगड़ गया. इससे वो बुरी तरह से निराश हो चुका था. छात्र ने इस बात को फोन पर अपने माता-पिता को भी सोमवार की शाम को बताई थी.
जीतू पटवारी के पत्र ने फिर बढ़ाई कांग्रेस में हलचल, स्वयं को बताया कार्यकारी अध्यक्ष
9 Mar, 2023 12:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश कांग्रेस के संगठन में सब-कुछ ठीक नहीं चल रहा है। विधायक जीतू पटवारी ने एक बार भी स्वयं को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बताया है। जबकि, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संगठन चुनाव के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष और महामंत्री की ही नियुक्ति की है। प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष को लेकर असमंजस की स्थिति है। न तो प्रदेश का संगठन स्थिति स्पष्ट कर पा रहा है और न ही प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल को केंद्रीय संगठन ने इस संबंध में कोई दिशानिर्देश दिए हैं। पटवारी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में स्वयं के लिए प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद का उपयोग किया है। उन्होंने मुख्ममंत्री को ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान की जानकारी देते हुए तत्काल सर्वे कराकर किसानों को राहत देने और तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य देने की मांग की है। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डा.हितेष वाजपेयी ने पटवारी के स्वयं को कार्यकारी अध्यक्ष बताए जाने पर कहा कि पटवारी वाकई में कांग्रेस के अध्यक्ष बनने लायक है, जिन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ को चुनौती दे रखी है। वे पहले ही कह चुके हैं कि मेरी नियुक्ति राहुल गांधी ने है और मुझे हटाए जाने के कोई निर्देश नहीं मिले हैं। उधर, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने कहा कि केंद्रीय संगठन ही इस बारे में स्थिति स्पष्ट कर सकता है। अभी प्रदेश उपाध्यक्ष और महामंत्री नियुक्तियां की गई हैं।
अवैध संबंधों के चलते हत्या, साक्ष्य मिटाने जंगल में गाड़ दिया शव
9 Mar, 2023 11:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर । बंडा थाने में 27 फरवरी को लापता हुए बंडा के वार्ड क्रमांक एक निवासी 50 वर्षीय बारेलाल पिता मुल्ले अहिरवार का शव पुलिस ने खजरा भेड़ा गांव के जंगल से बरामद किया। शव बरामदगी के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की, जिसमें अवैध संबंधों के चलते हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोपित युवक व उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक 27 फरवरी को हरीबाई ने बंडा थाने पहुंचकर अपने भाई बारेलाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हीरा बाई का कहना था कि बारेलाल यूपी के ललितपुर का मूल निवासी है, जो कई साल से बंडा के वार्ड क्रमांक एक में रह रहा है। वह पांच साल से भगवानदास लारिया के खेत पर काम करता है। खेत पर ही रहता है। 25 फरवरी की सुबह उनके खेत पर से बगैर बताए कहीं चला गया है। तलाश किया, लेकिन नहीं मिला है।
पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू की। इसमें पता चला कि बारेलाल का खेजरा भेड़ा गांव निवासी सुनीता अहिरवार के घर आना-जाना था। वह रिश्ते में देवर-भाभी लगते हैं। पुलिस ने और छानबीन की तो पता चला कि सुनीता और बारेलाल के बीच अवैध संबंध थे। इसी संदेह में पुलिस ने सुनीता और उसके बेटे नीरज अहिरवार को गिरफ्त में लिया। थाने लाकर पूछताछ की तो वह गुमराह करने लगे। सख्ती से पूछताछ की तो मां-बेटे ने बारेलाल की हत्या कर शव जंगल में दफ्न करने की बात स्वीकार कर ली। बंडा थाना निरीक्षक नवल आर्य ने बताया कि पुलिस आरोपितों के साथ जंगल पहुंची और आरोपितों की निशानदेही पर खोदाई कराई। खोदाई के दौरान मौके से नग्न अवस्था में शव बरामद हुआ, जिसकी शिनाख्त बारेलाल के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपित नीरज ने बताया कि 25 फरवरी को मां सुनीता अहिरवार के साथ बारेलाल अहिरवार को संदेहास्पद स्थिति में देखा था, तभी उसकी हत्या करने की सोच ली थी। साजिश के तय बारेलाल पर पहले पत्थर से हमला किया। वह घायल हो गया तो लात-घूंसों से पीटा। फिर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस से बचने और शव को छिपाने के लिए शव जंगल लेकर पहुंचा। जहां वन विभाग के प्लांटेशन में गड्ढा खोदकर नग्न अवस्था में शव को दफना दिया। मृतक के कपड़े और जूते नष्ट कर दिए। मामले में पुलिस ने आरोपित नीरज अहिरवार और सुनीता अहिरवार के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। बंडा थाना निरीक्षक ने बताया कि मां से अवैध संबंधों के चलते बेटे ने मां के साथ मिलकर बारेलाल की हत्या की थी। शव जंगल में गाड़ दिया था। मामले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव राकेश साहनी का निधन, सीएम शिवराज ने जताया शोक
9 Mar, 2023 11:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव राकेश साहनी का बुधवार को निधन हो गया। 1972 बैच के आइएएस अधिकारी राकेश साहनी ने दिल्ली में अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर शोक जताया है। साहनी लंबे समय से अस्वस्थ थे। उनका दिल्ली में उपचार चल रहा था। उल्लेखनीय है कि साहनी अपने कार्यकाल के दौरान राज्य के अनेक जिलों में कलेक्टर और कमिश्नर के रूप में पदस्थ रहे। उन्होंने मंत्रालय में भी अपने दायित्वों का निर्वहन किया। शिवराज सिंह चौहान ने सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें विद्युत नियामक आयोग का अध्यक्ष बनाया था। इसके बाद उन्हें नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के चेयरमैन का दायित्व भी सौंपा गया। साहनी के निधन पर ट्वीट करते हुए सीएम शिवराज ने लिखा कि राकेश साहनी जी अत्यंत कुशल, अनुभवी और अत्यंत परिश्रमी प्रशासक थे, जिन्होंने प्रदेश के प्रशासनिक फलक पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है।2006 से 2010 तक वह प्रदेश के मुख्य सचिव रहे। तत्कालीन समसामयिक चुनौतियों से निपटने व प्रदेश के सर्वांगीण विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। राकेश साहनी जी की ऊर्जा क्षेत्र में पूरे देश में पहचान थी। शासन तथा प्रशासन के प्रत्येक आयाम में उनकी गहरी पकड़ एवं अध्ययन था। आज वह हमारे बीच नहीं रहे। राकेश जी का निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति है। परमपिता परमात्मा उनकी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। दिवंगत राकेश साहनी जी की सुपुत्री से मेरी फोन पर चर्चा हुई है। बेटी को ढांढस बंधाया। ईश्वर से यही प्रार्थना करता हूं कि बेटी और परिवार को यह गहन दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री निवास में बिखरे होली के रंग
8 Mar, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री निवास पर आज होली पर्व पर उल्लास के रंग बिखरे। अनेक नागरिक, कार्यकर्ता और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी की। इस मौके पर होली के अनेक गीत प्रस्तुत किए गए। ढोल की थाप पर नृत्य प्रस्तुत करने के लिए सभी उत्साहित थे। प्राकृतिक रंग और गुलाल का प्रयोग किया गया। बृज की पारंपरिक फूलों की होली भी खेली गई। कार्यक्रम शालीनता पूर्वक संपन्न हुआ। मथुरा-वृंदावन (उत्तरप्रदेश) की सांस्कृतिक मंडली ने गीत और नृत्य प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि होली उमंग, उल्लास, आनंद और मस्ती का पर्व है। हम चाहते हैं कि खुशियों के रंग प्रत्येक नागरिक की जिंदगी में बिखरे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के अनुसार हम प्रदेश और देश के विकास के लिए मिल कर कार्य करें। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना लागू होने से पात्र बहनों को हर महीने एक हजार रुपये की राशि प्राप्त होगी। इस वर्ष होली पर ही योजना ने बहनों को दीपावली का अहसास भी करवा दिया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के प्रथम सेवक होने के नाते उनका संकल्प है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में खुशियों के रंग शामिल हों।
मुख्यमंत्री चौहान ने समस्त उपस्थित नागरिकों को होली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर रंग गुलाल लगाकर सभी ने पर्व का उल्लास और आनंद मनाया।
सांसद विष्णु दत्त शर्मा, हितानंद शर्मा, किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल, किसान संगठन के दर्शन सिंह, विधायक रामपाल सिंह, रामेश्वर शर्मा, पी.सी. शर्मा, पूर्व महापौर आलोक शर्मा, सुमित पचौरी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह, पुत्र कार्तिकेय सिंह और कुणाल सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
होली मिलन कार्यक्रम में जो गीत प्रस्तुत हुए उनमें - आज ब्रज में होली रे रसिया..., रंग बरसे भीगे चुनरवाली...., आज न छोड़ेंगे, बस हम जोली, खेलेंगे हम होली..., होली खेले रघुविरा अवध में..... शामिल हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने भी आंचलिक लोकगीत "मोरी बहू हिरानी है, ए भैया मिले तो बता दईयो...." गाया। इस गीत में सभी ने सुर मिलाए। मुख्यमंत्री चौहान ने अन्य गीतों पर हारमोनियम बजाकर संगत दी।