मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
रिटायर्ड आईएएस निसार अहमद के खिलाफ एफआईआर दर्ज
12 Mar, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फर्जी नाम से कोर्ट मे जज, वकीलों के खिलाफ भेजा था आवेदन
भोपाल। राजधानी की क्राइम ब्रांच पुलिस ने फर्जी नाम से अदालत में न्यायाधीश व अधिवक्ताओ के विरुद्ध शिकायती आवेदन भेजने के मामले में रिटायर्ड आइएएस निसार अहमद के खिलाफ जालसाजी का मामला कायम किया है। निसार अहमद वक्फ बोर्ड के प्रशासक भी रह चुके हैं। इस मामले में फरियादी तारिक सिद्दीकी ने शिकायत की थी, जांच में शिकायत सही पाये जाने पर यह एफआईआर दर्ज की गई है। क्राइम ब्रांच अधिकारियो के मुताबिक पुराने शहर के शाहजहांनाबाद थाना इलाके मे रहने वाले अधिवक्ता तारिक सिद्दीकी ने लिखित शिकायती आवेदन देते हुए बताया था, कि कुछ न्यायाधीशों को डाक के जरिए एक पत्र मिला था। उसमें प्रेषक के स्थान पर राजेश मेहरा, अधिवक्ता निवासी बागमुगालिया लिखा हुआ था। इस पत्र में कुछ न्यायाधीशों एवं भोपाल अदालत के कुछ वकीलों के बारे में काफी अशोभनीय बातें लिखते हुए मनगंढ़त आरोप लगाए गए थे। इसे लेकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए क्राइम ब्रांच को पत्र लिखा था। पुलिस जांच में सामने आया कि बागमुगालिया इलाके में राजेश मेहरा नाम का कोई भी वकील नहीं रहता है, जिसके नाम से पत्र भेजा गया है। वहीं यह पत्र 28 जनवरी 2023 को जुमेराती स्थित छोटे से पोस्ट आफिस से भेजा गया था। लेकिन वहां सीसीटीवी कैमरे न होने से खास सुराग नहीं मिल सका। आगे की छानबीन में सामने आया कि यह पत्र शाहजहांनाबाद में ही स्थित एक टाइपिंग की दुकान से टाइप कराया गया था। टीम टाइपिंग दुकान संचालक शादाब अहमद तक पहुंची जिसने पूछताछ में बताया कि यह पत्र राशिद गौरी नामक व्यक्ति टाइप करवाने आया था। कड़िया जुड़ने पर पुलिस ने राशिद से पूछताछ की, उसने बताया कि रिटायर्ड आइएएस निसार अहमद ने उसे अपने घर बुलाकर यह पत्र टाइप कराकर लाने को कहा था, और उस समय उनके साथ दो-तीन लोग और बैठे थे। अन्य बिंदुओ की जांच के आधार पर क्राइम ब्रांच ने अभियोजन शाखा से राय लेने के बाद निसार अहमद के खिलाफ कूटरचना व लोगों की प्रतिष्ठा धूमिल करने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की हैं। अफसरो का कहना है कि आगे की जॉच के आधार पर प्रकरण में आईटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ने की संभावना है। वहीं पत्र देते समय निसार अहमद के साथ उनके घर पर बैठै दो अन्य लोग कौन थे, इसकी भी जांच की जायेगी। सूत्रो के अनुसार मामले मे दो अन्य वकीलों की भुमिका भी सदिंग्ध पाई गई है, जिसकी जांच के बाद आगे की कार्यवाही तय की जायेगी।
रिटायर्ड आइएएस ने ऐसा क्यों किया
छानबीन मे सामने आया कि फरियादी वकील तारीक सिद्दीकी ने निसार अहमद के बेटे के भोपाल मल्टीस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में आयुष्मान घोटाले का प्रकरण कोर्ट में लगाया था, जिससे घबराकर निसार अहमद ने वकीलों व जज की प्रतिष्ठा खराब करने के लिए उसी न्यायालय में फर्जी बातें लिखकर दूसरे व्यक्ति के नाम से कई पत्र भेज दिये थे।
स्पेनिश भाषा में उपलब्ध होगी रायसेन के शैलचित्रों की जानकारी
12 Mar, 2023 05:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
स्पेन के विवि में शोधार्थियों के लिए उपयोगी होगी पुस्तक
भोपाल । स्पेन के पुरातत्व विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी पेरे फेरर मार्सेट, एम्पारो मार्टी सोलर व जोस इलियास मोल्टो ने बेतवा के उद्गम स्थल पर शैलकला व जनजातीय जीवन पर स्पेनिश में पुस्तक का प्रकाशन किया है। रायसेन जिले के शैलचित्रों का अध्ययन करने के लिए स्पेन के विश्वविद्यालयों में स्पेनिश भाषा में पुस्तक उपलब्ध कराई जाएगी। पुस्तक के लेखक फेरर के अनुसार, स्पेन के सभी विश्वविद्यालयों में शोधार्थियों के लिए यह पुस्तक उपयोगी साबित होगी। रायसेन के रामछज्जा के शैलचित्र दुनिया में सबसे स्पष्टफेरर ने बताया कि उन्होंने पिछले 20 वर्षों में अनेक बार रायसेन जिले में आकर शैलचित्रों पर शोध कार्य किया है। यहां के जनजातीय समुदाय के लोगों से मिलकर उनकी परंपरा पर चर्चा की है।यहां के शैलचित्रों में हाथी, गैंडा, सुअर जैसे पशुओं के अलावा आखेट में मनुष्य तीरकमान का उपयोग कर रहे हैं। इसके अलावा कुछ शैलचित्रों में बड़े सींग वाले गैंडा तथा ड्रैगन की तरह बड़े आकार के सर्प की भी आकृति है। शैलचित्रों में जनजातीय परिवेश काफी समृद्ध बताया गया है। रायसेन जिले के भीमबैठका, जौरा, झिरी, कठौतिया, शिलाजीत, चिल दंत, दौलतपुर, सतकुंडा, खरबई, रामछज्जा, पेनगवा व उर्देन में स्थित शैलचित्रों का उल्लेख किया गया है। शोध कार्य में भारत के पुराविद दिल्ली ललितकला अकादमी के उप सचिव डा. आरके मोहंती, डा. नारायण व्यास, राजीव लोचन ने भी सहयोग किया है। रायसेन जिले में मौजूद शैलचित्रों का अध्ययन करने से यह स्पष्ट होता है कि यहां प्राचीनकाल में मानव सभ्यता काफी समृद्ध रही है। बेतवा नदी के उद्गम स्थल में भीमबैठिका के शैलचित्रों को यूनेस्को ने विश्व संरक्षित धरोहरों में शामिल किया है। इसके अलावा अन्य कई स्थानों पर भी सुरक्षित शैलचित्र मौजूद हैं। उनका मानना है कि रायसेन के पास रामछज्जा में मौजूद शैलचित्र दुनिया के सबसे स्पष्ट दिखने वाले हैं। इनकी प्राचीनता को लेकर कार्बन जांच कराई जा रही है, लेकिन प्रारंभिक आकलन अनुसार इन्हें 10 हजार वर्ष प्राचीन कहा जा सकता है।
भक्तों ने महाकाल मंदिर में मनाई रंगपंचमी
12 Mar, 2023 04:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के उज्जैन जिले स्थित ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में आज भक्तों ने ध्वज रंगपंचमी मनाई। वहीं शाम को भव्य चल समारोह में भी निकाला जाएगा। अवंतिकानाथ तड़के चार बजे भस्म आरती में टेसू के फूलों से बनाए गए प्राकृतिक रंग से होली खेली। शाम को 6:30 बजे 51 ध्वज के साथ श्री महाकालेश्वर ध्वज चल समारोह निकाला जाएगा। रविवार शाम छह बजे मंदिर के सभामंडप में भगवान वीर भद्र व ध्वज का पूजन होगा। इसके बाद चल समारोह की शुरुआत होगी। गेर में राजभवन से आया ध्वज, मंदिर का प्रतीक चांदी का ध्वज तथा 51 अन्य ध्वज निशान शामिल रहेंगे। विद्युत रोशनी से झिलमिलाती झांकियां, विभिन्न वाद्य दल तथा मंदिर के पुजारी, पुरोहित अधिकारी आदि शामिल होंगे।भगवान महाकाल की रंग-रंगीली होली के लिए शनिवार को पुजारियों ने करीब पांच क्विंटल टेसू के फूलों से प्राकृतिक रंग तैयार कर लिया था। करीब 400 लीटर रंग को ठंडा होने के बाद आइस कंटेनर में सुरक्षित रखा गया। इसी रंग से भगवान महाकाल के दरबार में होली खेली गई। भस्म आरती में मौजूद भक्तों को भी रंग से सराबोर किया गया। पुजारी दिलीप गुरु ने बताया कि रंगपंचमी एकमात्र ऐसा दिन है, जिसमें आरती के दौरान ज्योतिर्लिंग पर सतत रंगधारा अर्पित की जाती है। भस्म आरती के बाद पुजारियों ने भक्तों के साथ होली खेली। शाम को श्री महाकालेश्वर ध्वज चल समारोह के रूप में मंदिर की भव्य गेर निकाली जाती है।
13 से बादल और 14 से बारिश का दौर शुरु होगा
12 Mar, 2023 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश से होकर मध्य महाराष्ट्र तक बनी ट्रफ लाइन कमजोर पड़ चुकी है। इस वजह से वातावरण में नमी कम हो रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक नमी कम होने से बादल छंट चुके हैं। इसकारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। हालांकि हवा का रुख उत्तर-पूर्वी रहने से रात के समय ठंडक महसूस होती है। उधर एक नया पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में ट्रफ के रूप में ईरान और अफगानिस्तान के आसपास बन गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने के आसार हैं। इसके चलते 13 मार्च की शाम से बादल छाने शुरु होने के साथ 14 मार्च से कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा का सिलसिला भी शुरू होगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ ईरान-अफगानिस्तान के आसपास बन गया है। इसके असर से 14 मार्च से मध्य प्रदेश में एक बार फिर वर्षा होने का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं।
पहली बार चारे के लिये गो-शालाओं को मिले 202 करोड़ रूपये
12 Mar, 2023 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल, पशुपालन मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने प्रदेश की पंजीकृत गो-शालाओं में गो-वंश के पोषण के लिये वर्ष 2022-23 में अब तक की सर्वाधिक 202 करोड़ 33 लाख रूपये की राशि प्रदाय की है। मंत्री पटेल ने गो-शालाओं के लिए उपलब्ध कराई गई राशि के लिये मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है। श्री पटेल ने कहा है कि पिछले वर्षों की तुलना में यह राशि कई गुना अधिक है। इससे गो-शालाओं को काफी मदद मिली है और आत्म-निर्भरता में भी वृद्धि हुई है।
मंत्री पटेल ने बताया कि वर्ष 2019-20 में 1583 गो-शालाओं के एक लाख 69 हजार गो-वंश के लिये 41 करोड़ 62 लाख, वर्ष 2020-21 में 1603 गो-शालाओं के 2 लाख 43 हजार गो-वंश के लिये 94 करोड़ 67 लाख, वर्ष 2021-22 में 1630 गो-शालाओं के 2 लाख 76 हजार गो-वंश के लिये 77 करोड़ 89 लाख रूपये और इस वर्ष 1758 गो-शालाओं के 2 लाख 78 हजार गो-वंश के लिये 202 करोड़ 33 लाख रूपये की राशि प्रदाय की गई है। गो-शालाओं में 20 रूपये प्रति गो-वंश दिया जाता है, इसमें 15 रूपये चारा और 5 रूपये सुदाना के लिये शामिल है।
प्रदेश में मुख्यमंत्री गो-सेवा योजना और अशासकीय संस्थानों द्वारा 1758 गो-शालाएँ संचालित कर निराश्रित गो-वंशों का पालन-पोषण किया जा रहा है। गो-शालाओं में गो-काष्ठ, गोबर से गमले आदि बनाने के लिये आर्थिक सहायता भी दी जाती है। गो-शालाओं में जैविक खाद निर्माण, गो-मूत्र औषधि, वर्मीपिट, गोबर गैस प्लांट आदि का निर्माण कर आय के स्रोत भी सृजित किये जाते हैं।
चुनावी साल में अधिकतर जगह प्रापर्टी के दाम बढ़ना मुश्किल
12 Mar, 2023 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । वित्तीय वर्ष 2023-24 की कलेक्टर गाइडलाइन को लेकर एक बार प्रस्ताव बन चुका है। इसमें शहर की 4100 में से 100 लोकेशन पर पांच से 15 प्रतिशत प्रापर्टी के दाम में वृद्धि करना प्रस्तावित है। इस प्रस्ताव को लेकर उप जिला मूल्यांकन समिति की पहली बैठक भी हुई थी। इसके बाद पंजीयन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रस्ताव को वापस बुला लिया था। इस लेकर चर्चा हैं कि चुनावी साल को देखकर प्रस्ताव में संशोधन किया जा रहा है कि कुछ लोकेशन को घटाने-बढ़ाने के साथ ही दाम भी कम ज्यादा करने की तैयारी की जा रही है। दरअसल, चालू वित्तीय वर्ष में शहर की 500 लोकेशन पर 20 प्रतिशत तक प्रापर्टी के दाम बढ़ाए गए थे। इसके बाद में पहले से महंगी संपत्तियां खरीदना और महंगा हो सकता था, लेकिन शासन चुनावी वर्ष में राहत देने की तैयारी में है। इसकारण गाइडलान की बैठक टलती जा रही है।
वित्तीय वर्ष 2023-24 की नई कलेक्टर गाइडलाइन में प्रापर्टी की दरें तय करने के लिए पंजीयन मुख्यालय ने जो शेड्यूल जारी किया था, उसके अनुसार 10 मार्च तक प्रस्तावित कलेक्टर गाइडलाइन का मसौदा तैयार किया जाना था। साथ ही जिला मूल्यांकन समिति से अनुमोदन कराने के बाद केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजना था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका है। कारण है कि अभी तक उप जिला मूल्यांकन समिति की बैठक ही नहीं हो सकी है।
दरअसन पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार ने कलेक्टर गाइडलाइन में राहत देने की घोषणा की थी। कांग्रेस सरकार बनने के बाद दो साल तक कलेक्टर गाइडलाइन नहीं बढ़ी थी। अब एक बार फिर चुनाव हैं, इसके बाद सरकार पर जनता को राहत देने का दबाव भी है। कारण है कि राजधानी जिले में कलेक्टर गाइडलाइन पहले से ही काफी अधिक है। यही कारण है कि हर बार दरें बढ़ाने का विरोध होता है। इस बार अगर बढ़ोतरी की जाती है तब जनता के साथ ही विपक्ष भी सरकार को घेर सकता है। इसी वजह से गाइडलाइन बनने में अधिकारियों को अधिक मशक्कत करनी पड़ रही है।
मध्यप्रदेश के सिवनी से NIA ने अब्दुल अज़ीज़ और शोएब को पकड़ा, टेरर फंडिंग से जुड़ा मामला
12 Mar, 2023 09:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिवनी: मध्य प्रदेश में NIA टीम ने बड़ा एक्शन लिया है. NIA ने सिवनी से दो लोगों को हिरासत में लिया है. उनके नाम अब्दुल अजीज और शोएब खान बताए जा रहे हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला आतंकवाद को पैसे पहुँचाने से जुड़ा है. साथ ही युवकों पर आरोप है कि दोनों ने लोगों को लोकतंत्र के खिलाफ आवाज उठाने के लिए भड़काया.
NIA के अनुसार, 3 लोगों के घरों पर रेड मारी गई, जहाँ से दो लोगों को हिरासत में लिया गया. आरोपी अब्दुल अजीज की उम्र 40 साल बताई जा रही है. वहीं, शोएब खान 26 साल का है. दोनों मध्य प्रदेश के सिवनी के निवासी हैं. बताया जा रहा है कि गत वर्ष कर्नाटक के शिवमोगा में 3 ISIS आतंकियों का नाम सामने आया था. तीनों आतंकियों पर बम विस्फोट करने और राष्ट्रीय ध्वज जलाने का इल्जाम था. इसी मामले में अब्दुल अजीज और शोएब खान को अरेस्ट किया गया है.
इस मामले में सिवनी के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि NIA की टीम यहाँ आई थी. टीम ने दो युवकों को हिरासत में लिया है. उनके घरों से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, हार्ड डिस्क और कई आपत्तिजनक साहित्य मिले हैं. NIA के अधिकारियों ने यह छापेमारी अचानक की, जिससे इलाके में सनसनी मच गई.
नकली-मिलावटी दूध और दुग्ध उत्पादों के विरुद्ध विशेष अभियान
11 Mar, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : नकली-मिलावटी दूध और उससे बने मावा, पनीर आदि दुग्ध उत्पादों की रोकथाम के लिए 2 मार्च से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा दूध के शुद्धिकरण का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुदाम खाड़े ने बताया कि अभियान में अब तक दूध और दूध से बने उत्पादों के 5133 नमूने लिए गए हैं।
विशेष अभियान में नकली-मिलावटी दूध और उससे बने उत्पादों का निर्माण, संग्रह और विक्रय करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही भी की जा रही है। इन उत्पादों के निर्माण तथा विक्रय से जुड़े 2 संस्थान के लाइसेंस निरस्त किए गए और 4 संस्थान के विरुद्ध न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा चलित खाद्य प्रयोगशाला और मैजिक बॉक्स से आमजन द्वारा दैनिक उपयोग में लिये जा रहे दूध एवं दुग्ध उत्पादों की मौके पर जाँच भी की जा रही है। साथ ही जिलों में संचालित दूध के कलेक्शन सेंटर, चिलिंग प्लांट, दूध का परिवहन करने वाले वाहन सहित मावा, पनीर, घी के खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की सघन जाँच भी जारी है।
अंतर्राष्ट्रीय एबिलिम्पिक में भाग लेने दिव्यांग रजनीश फ्रांस रवाना
11 Mar, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : फ्रांस के मेट्ज़ शहर में 22 से 26 मार्च तक होने वाली अंतर्राष्ट्रीय एबिलिम्पिक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये दिव्यांग प्रतिभागी श्री रजनीश अग्रवाल आज जबलपुर से रवाना हुए। श्री रजनीश एबिलिम्पिक में वेब पेज डिजाइनिंग एवं प्रोग्रामिंग प्रतिस्पर्धा में भाग लेंगे। आयुक्त नि:शक्तजन कल्याण श्री संदीप रजक, सामाजिक न्याय के अधिकारी, जन-प्रतिनिधि, परिजन और गणमान्य नागरिकों ने शुभकामनाएँ दी।
आयुक्त श्री संदीप रजक ने बताया कि श्री रजनीश अग्रवाल मध्यप्रदेश के गौरव हैं। उन्होंने वर्ष 2016 में भी इसी प्रतियोगिता में विश्व में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। उस प्रतियोगिता में 16 देशों के प्रतियोगी शामिल हुए थे। श्री अग्रवाल ने इंटरनेट और इंजीनियर मित्रों की मदद से वेब पेज तैयार करने में विश्व की आधुनिकतम तकनीक अपनाई है। स्किल बेस्ड अंतर्राष्ट्रीय एबिलिम्पिक हर 4 साल में फ्रांस में होती है। इलेक्ट्रॉनिक ब्रांच से इंजीनियरिंग करने के बाद श्री रजनीश ने एमबीए किया और स्वयं का कम्प्यूटर ट्रेनिंग सेंटर भी संचालित करते हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने गढ़ाकोटा में किया पौध-रोपण
11 Mar, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सागर जिले के गढ़ाकोटा में पौधा-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने बरगद का पौधा लगाया। लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, जन-प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
ग्वालियर में जायके का काकटेल: दाल के साथ पूरी
11 Mar, 2023 02:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । स्वाद के दीवानों की शहर में कमी नहीं है। जहां जायकेदार व्यंजन मिलते हैं, वहां तक पहुंच ही जाते हैं। ऐसे अड्डों पर पहुंचने के लिए पेट्रोल पर आने वाले खर्च की भी परवाह नहीं करते हैं। टिक्की, समोसे, डोसा की नहीं, आज हम बात करते हैं दाल के साथ मिलने वाली पूरी के काकटेल की। सुनने में आपको थोड़ा सा अजीब लगेगा, लेकिन सच यही है। आप भी अगर इस लाजवाब स्वाद काे चखना चाहते हैं तो पहुंच सकते हैं माधौगंज क्षेत्र में कुंदनलाल पूरी वाले के पास। ये ऐसी जगह है, जहां सुबह-शाम स्वाद के दीवानों की भीड़ जमा रहती है। दुकान संचालक और हलवाई को दोपहर के समय ही थोड़ा बहुत आराम करने का मौका मिल पाता है। स्वास्थ्य के लिए है फायदेमंद: इस दुकान पर दाल के साथ-साथ कड़हाई से निकाली गईं गरमा-गर्म पूरियां परोसी जाती है। इस जायके को स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद भी बताया जाता है। यहां मिलने वाली दाल आयल फ्री होती है। वाकई ऐसा है। मूंग और चने की उबली दाल के साथ इमली की चटनी, हरी मिर्च, प्याज, धनिया, लाल मिर्च और घर का बनाया हुआ लाजवाब मसाला मिक्स किया जाता है। जितने भी मसालों का इसमें प्रयोग किया जाता है, उन्हें घर पर ही कूटा जाता है। यहां 20 रुपये में दाल के साथ चार पूरियां मिलती हैं। नहीं तो दाल के साथ मैदा में बनाया गया टिक्कर मिलता है। संचालक कुंदन माखीजा बताते हैं, वे चालीस साल से शहर को यह जायका परोस रहे हैं। बारिश और ठंड के मौसम में उनके यहां सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ती है। बारिश में तो शहरवासी दाल के साथ टिक्कर का जायका लेना पसंद करते हैं। स्वाद की तलाश में घूमने वाले शहरवासियों के लिए कुंदनलाल पूरी वाला 40 साल से बड़ा विकल्प बना हुआ है। यहां मिलने वाले जायके का हर वर्ग दीवाना बना हुआ है। दोपहर को छोड़ यहां सुबह-शाम स्वाद के दीवानों की कतारें लगी रहती हैं। दाल के जायके को कुंदनलाल घर में कुटे मसालों को मिक्स कर बढ़ाते हैं। कुछ तो इस काकटेल के नियमित ग्राहक बने हुए हैं।
सब इंस्पेक्टर ने ट्रेन से कटकर दी जान, घर में मिले पत्नी-बच्चेे के शव
11 Mar, 2023 02:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी के मिसरोद इलाके में एक सब इंस्पेक्टर ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सब इंस्पेक्टर सुरेश तायड़े के रूप में हुई है। वह स्पेशल ब्रांच में पदस्थ हैं। उधर मृतक सब इंस्पेक्टर की पत्नी और बच्ची के शव कोलार इलाके की राजवैद कालोनी स्थित उनके घर में मिले हैं। दोनों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई। आशंका जताई जा रही है कि सब इंस्पेक्टर सुरेश ने पहले अपनी पत्नी और बच्ची का गला रेता और फिर खुद जाकर ट्रेन के सामने लेट गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे चरित्र शंका की बात भी सामने आ रही है। सुरेश तायडे 2017 बैच के पुलिस सब इंस्पेक्टर थे।
ड्यूटी पर जा रहे एएसआइ को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, मौत
11 Mar, 2023 02:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजगढ़ । उर्स में ड्यूटी करने के लिए बाइक राजगढ़ आ रहे एएसआइ मानसिंह क़ो एक तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। घटना शुक्रवार रात की है, जिसमें एएसआइ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद सुबह पुलिस लाइन में एएसआइ की पार्थिव देह को अंतिम सलामी दी गई। साथ ही बलिदानी का दर्जा दिलवाने के लिए एसपी ने वरिष्ठ अधिकारीयों क़ो घटनाक्रम से अवगत कराया है। जिला मुख्यालय पऱ 10 मार्च से बाबा बदखशानी दरगाह पऱ 109 वा सालाना उर्स की शुरुआत हुई है। सुठालिया थाने की नापानेरा पुलिस चौकी में पदस्थ मानसिंह की ड्यूटी उर्स में लगाई गई थी. वह ड्यूटी करने के लिए रात क़ो बाइक से सुठालिया से राजगढ़ आ रहे थे। तभी उन्हें राजगढ़ से कुछ दूरी पऱ स्थित चौकीढाडी के समीप ब्यावरा की ओर जा रहे ट्रक ने जोरदार टककर मार दी। ट्रक करीब 200 मीटर तक उन्हें घसीटते ले गया। इस दर्दनाक हादसे में एएसआइ की मौक़े पऱ ही मौत हो गई। घटना की जानकारी राहगीरों ने पुलिस क़ो दी। पुलिस ने मौक़े पऱ पहुंचकर शव बरामद किया व राजगढ़ लाए। सुबह पुलिस परेड ग्राउंड में उनके शव क़ो रखा व उन्हें डीआईजी-एसपी अवधेश कुमार गोस्वामी की मौजूदगी में अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद शव परिजनों क़ो सौंप दिया। उनका अंतिम संस्कार गृह जिला भिंड में किया जायगा। परिजन शव लेकर भिंड के लिए रवाना हो गए है। इस घटना के बाद डीआईजी-एसपी अवधेश कुमार गोस्वामी ने पूरे घटनाक्रम से आइजी भोपाल क़ो अवगत कराया है. साथ ही बलिदानी का दर्जा देने क़ो लेकर भी बात की है.
स्पेशल ट्रेनिंग ले रखी थी, इसलिए बनाया था चेकिंग अधिकारी
जानकारी के मुताबिक मानसिंह ने पुलिस सेवा में रहते हुए स्पेशल ट्रेनिंग ले रखी थी। इसी के चलते सुरक्षा के लिहाज से उनकी उर्स में ड्यूटी लगाई थी। उनकी ड्यूटी मुख्य गेट पऱ चेकिंग अधिकारी के रूप में लगाई थी।
यहीं भर्ती हुए, यहीं बने थे एएसआइ
जानकारी के मुताबिक 1974 में उनका जन्म भिंड जिले में हुआ था। 1995 में वह राजगढ़ में ही आरक्षक के पद पऱ नियुक्त हुए थे। यहीं पऱ नौकरी करते हुए 5 मार्च 2020 क़ो एएसआई बने थे। वह तब से ही राजगढ़ जिले में निवासरत थे।
3 बेटे हैँ, पत्नी की हो चुकी मौत
मानसिंह के तीन पुत्र है। पत्नी क़ो 2019 में कैंसर के चलते निधन हो गया था। परिजनों के मुताबिक सबसे बड़ा बेटा 27 वर्षीय प्रभात निजी बैंक में कार्यरत है, दूसरा बेटा ज्ञानेंद्र यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। सबसे छोटा बेटा दीपेंद्र बीए में अध्ययनरत है।
भोपाल में कल रंग पंचमी पर जमकर उड़ेगा रंग-गुलाल, सुभाष चौक से निकलेगा चल समारोह
11 Mar, 2023 01:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । होली के बाद अब कल राजधानी में रंगपंचमी की धूम रहेगी। इस अवसर पर हिन्दू उत्सव समिति द्वारा परंपरागत चल समारोह भी निकाला जाएगा, जिसमें नृत्य मंडली भी शामिल होगी। समारोह में अनेक झांकियां शामिल रहेंगी, जो प्रेरक संदेश देंगी। साथ ही चौराहों पर टैंकरों से रंग बरसाया जाएगा और गाड़ियों से गुलाल उड़ाया जाएगा। हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष संतोष साहू लखपति ने बताया कि समिति के निर्णयानुसार रंगपंमची पर चल समारोह में 12 धर्म ध्वजा, ऊंट, बैंड, शहनाई, रथ, पांच डीजे, चार तांगे, गुलाल उड़ाती मशीन, ढोल पार्टी, होली खेलते भगवान शंकर का स्वरूप, राधा-कृष्ण रथ पर आकर्षण का केंद्र होंगे। समिति के महामंत्री सुबोध जैन ने बताया कि चल समारोह पुराने शहर के सुभाष चौक से प्रारंभ होगा, जो मंगलवारा, इतवारा, लखेरापुरा, चौक से होते हनुमानगंज पहुंचकर समाप्त होगा।
नए शहर में निकलेगा चल समारोह
नया भोपाल त्योहार उत्सव समिति द्वारा रंगपंचमी पर सुबह साढ़े दस बजे शाहपुरा के शैतान सिंह पाल चौराहे से चल समारोह प्रारंभ होगा, जो कैंपियन स्कूल, वंदे मातरम, हबीबगंज थाना, रवि शंकर नगर से होते हुए न्यू मार्केट पहुंचकर समाप्त होगा। चल समारोह में धर्म ध्वजा, ऊंट, बैंड, शहनाई, रथ व डीजे शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने की गिरिराज जी की परिक्रमा
11 Mar, 2023 01:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को देर रात सपत्नीक गिरिराज जी की परिक्रमा की। वे शिवपुरी में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद ग्वालियर से मथुरा पहुंचे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे गोवर्धन पहुंचे। यहां उन्होंने होटल विंग्स्टन में कुछ देर विश्राम किया और इसके बाद वह राधाकुंड पहुंच गए। उनकी पत्नी साधना सिंह शुक्रवार शाम ही मथुरा पहुंच गई थीं। यहां पर यहां पर उन्होंने पत्नी साधना सिंह व भजन मंडली के अलावा कुछ अन्य लोगों के साथ गिरिराज जी की परिक्रमा की। रात्रि विश्राम करने के बाद वे शनिवार को मथुरा से आगरा होते हुए जबलपुर पहुंचेंगे और फिर सागर के गढ़कोटा जाएंगे। यहां लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भोपाल पहुंचेंगे।
साधना सिंह ने किए राधारानी के दर्शन
शिवराज सिंह की पत्नी साधना सिंह ने शुक्रवार को बरसाना स्थित राधारानी मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए। सेवायत भगवान दास गोस्वामी ने माला व दुपट्टा ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद साधना सिंह गोवर्धन पहुंचीं और दानघाटी मंदिर में गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना की।