देश (ऑर्काइव)
पीएम मोदी के आवास के ऊपर देखा गया ड्रोन, एसपीजी और पुलिस में मचा हड़कंप
3 Jul, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री आवास के ऊपर सोमवार सुबह ड्रोन उड़ने की खबर से हड़कंप मच गया। एसपीजी ने दिल्ली पुलिस को इस बारे में सूचना दी, सूचना मिलते ही आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब ५ बजे एसपीजी ने दिल्ली पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दिल्ली इलाके बड़े अधिकारी और भारी फोर्स ड्रोन की तलाश में जुट गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक ड्रेन मिल नहीं पाया था। पुलिस ड्रोन की तलाश में जुटी है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री आवास और उसके आसपास का इलाका नो फ्लाइंग जोन में आता है। दरअसल, सोमवार की सुबह एनडीडी कंट्रोल रूम को पीएम आवास के पास एक अज्ञात उड़ने वाली वस्तु के बारे में सूचना मिली थी। आस-पास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई लेकिन ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली। हवाई यातायात नियंत्रण कक्ष (एटीसी) से भी संपर्क किया गया, उन्हें भी पीएम आवास के पास ऐसी कोई उड़ने वाली वस्तु नहीं मिली।
पीएम मोदी के विचारों और उनके निर्णयों का प्रभाव: जयशंकर
3 Jul, 2023 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि कोई भी देश अनुसंधान एवं विकास और प्रौद्योगिकी को अपनाए बिना प्रगति नहीं कर सकता। एनआईटी दिल्ली के छात्रों से संवाद करते हुए जयशंकर ने विद्यार्थियों को स्थानीय एवं वैश्विक घटनाक्रम को समझने का सुझाव दिया। विदेश मंत्री ने कोविड महामारी और यूक्रेन युद्ध का पेट्रोलियम और खाद्य पदार्थो की कीमतों पर पड़ने वाले प्रभावों का जिक्र कर कहा, वैश्विकरण ने अंदर और बाहर की दीवारों को ध्वस्त कर दिया है और आपको समझना होगा कि आपके आसपास क्या घटित हो रहा है।’’
जयंशकर ने कहा कि कोई भी देश अनुसंधान एवं विकास और प्रौद्योगिकी को अपनाए बिना प्रगति नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षो में कई बदलाव हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी की हाल की अमेरिका यात्रा का उल्लेख कर जयशंकर ने कहा, ‘‘ उनकी एक अलग छवि है, खास तौर पर लोकतांत्रिक दुनिया में उनकी (मोदी) एक वरिष्ठ अनुभवी और विश्वसनीय नेता की छवि है।’’ विदेश मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के विचारों और उनके निर्णयों का प्रभाव है। उन्होंने कहा, अपनी विदेश यात्राओं में प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ भारतीयों की ताकत और उनकी प्रतिभाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। अब दुनिया भारत और इसके युवाओं की ओर देख रही है।’’ विदेश मंत्री ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए भारत को सेमीकंडक्टर विनिर्माण का केंद्र बनाने और देश में राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन स्थापित करने से जुड़े कदमों का उल्लेख किया।
महिला ने ब्लेड से काटा बलात्कारी का प्राइवेट पार्ट, अस्पताल में भर्ती
3 Jul, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बांका । बिहार के बांका जिले में एक महिला ने एक बलात्कारी के प्राइवेट पार्ट को ही काट दिया। पीड़िता के मुताबिक उसने देर रात घर में घुस कर महिला से बलात्कार किया था। गुस्साई महिला ने उस व्यक्ति के गुप्तांग को ही काट दिया। पीड़िता से मिली जानकारी के मुताबिक उसने उसके साथ तब बलात्कार किया, जब उसका पति बाहर गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने कहा कि 20 साल की महिला शुक्रवार रात अपने घर में सो रही थी, तब 27 साल का आरोपी छत की तरफ से उसके घर में घुस आया और उसके साथ बलात्कार किया। शुरू में महिला ने विरोध किया लेकिन उसे रोकने में असमर्थ होने पर, उसने पास में रखा एक शेविंग ब्लेड उठाया और उसके गुप्तांग पर हमला कर दिया। इससे उसका गप्तांग आंशिक रूप से कट गया। जब वो दर्द से कराह रहा था तो महिला उसके चंगुल से छूट गई और शोर मचाने लगी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी भाग चुका था।
इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि वो बिस्तर पर जाते समय छत का दरवाजा अंदर से बंद करना भूल गई थी। उसी का फायदा आरोपी ने उठाया था। इस घटना के संबन्ध में बांका टाउन के एसएचओ शंभू यादव ने बताया कि आत्मरक्षा में आदमी के गुप्तांगों को आंशिक रूप से काट दिया गया। हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बलात्कार पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।
पिछले महीने भी इसी तरह की एक घटना में एक लड़की ने पटना के एक होटल में छत्तीसगढ़ में तैनात अपने प्रेमी सीआरपीएफ जवान का गुप्तांग काट दिया था। ये घटना तब हुई, जब उसे पता चला कि उसके प्रेमी की शादी किसी दूसरी लड़की के साथ तय हो गई है। पुलिस के मुताबिक, लड़की ने अपने प्रेमी को किसी बहाने से शहर के एक होटल में बुलाया था। जब लड़के ने ये कहते हुए अपनी शादी रद्द करने से इनकार कर दिया कि उसे परिवार के फैसले का पालन करना होगा। इससे गुस्साई लड़की ने उसका गुप्तांग काट दिया।
अगले चार दिन मौसम रहेगा साफ, अमरनाथ यात्रा में नहीं आएगी परेशानी
3 Jul, 2023 12:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू । मौसम साफ रहने से अमरनाथ की यात्रा करने वालों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार अगले चार दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि इस बारिश के मौसम से हर कोई परेशान है लेकिन श्री अमरनाथ यात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बारिश न होना अच्छी बात है। जानकार बताते हैं कि जब तक मौसम साफ रहता है श्री अमरनाथ यात्रा सुचारु रूप से चल रही होती है, लेकिन बारिश होते ही कई तरह की परेशानियां शुरू हो जाती हैं। खासकर जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन का खतरा बना रहता है और सड़क बंद हो जाने से कई बार सड़क मार्ग बंद करना पड़ता है। जिससे यात्रियों का परा शिड्यूल गड़बड़ा जाता है। अक्सर जो भी श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए आता है। अपने पंजीकरण के हिसाब से ही रेलवे टिकट करवा कर निकलता है। लेकिन, एक दिन भी यात्रा स्थगित हो जाते ही उसका पूरा कार्यक्रम गडबड़ा जाता है।
बता दें कि अभी तक मौसम साफ होने का बाबा के श्रद्धालु पूरा लाभ ले रहे हैं। आज सुबह आधार शिविर जम्मू यात्री भवन से यात्रा का तीसरा जत्था पूरे उत्साह के साथ बाबा के दर्शनों के लिए निकला। शेर-ए-कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि 5 जुलाई तक बारिश के आसार नहीं हैं। उसके बाद अगले तीन चार दिनों तक बारिश के आसार बनते दिख रहे हैं। इस दौरान चिलचिलाती धूप और उमस बेहाल करेगी। शनिवार को जम्मू का न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।अधिकतम तापमान 34. 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, उमस 56 प्रतिशत रही। श्री अमरनाथ यात्रा को जा रहे श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के पंकज शर्मा ने कहा कि वह पांचवीं बार यात्रा के लिए जा रहे है। अक्सर मौसम के कारण ही परेशानी होती है। मौसम साफ रहने से सब ठीक ही रहता है। यह उमस भरी गर्मी भी जवाहर टनल के इस ओर ही परेशान करती है। आगे मौसम बहुत अच्छा रहता है।
मिड-डे मील में मरी हुई छिपकली मिली
3 Jul, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु । कर्नाटक के रायचूर में अप्पानाडोड्डी गांव के एक सरकारी स्कूल में मिड डे मील में मरी हुई छिपकली मिली। जिसके कारण यह खाना खाने वाले 123 छात्र बीमार पड़ गए। उल्टी, दस्त और सिरदर्द से की शिकायत के बाद बच्चों को रायचूर के यापालदिन्नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। 6 बच्चों की हालत गंभीर है, उन्हें निगरानी में रखा गया है, बाकी बच्चों को छुट्टी दे दी गई है।
1 जुलाई को मिड डे मील के लिए उप्पिट्टू (उपमा) बना था और इसे 123 छात्रों को परोसा गया था। घटना के वक्त कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों को छोडक़र बाकी बच्चों को खाना नहीं दिया गया था। इस घटना के बाद तीन रसोई कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। डीडीपीआई वृषभेंद्रैया ने कहा कि स्कूल के हेडमास्टर समेत तीन टीचरों को नोटिस दिया गया है और उनका ट्रांसफर किया गया है।
एहतियात के तौर पर माता-पिता बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए हैं। यापालदिन्नी ठाणे पुलिस, शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्कूल का दौरा किया और इसकी जांच की। दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी स्कूल में मेडिकल कैंप लगाकर छात्रों की जांच करने गए थे।
दिल्ली में मंदिर-मजार पर चला बुलडोजर
3 Jul, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली। दिल्ली के भजनपुरा इलाके में सीआरपीएफ और दिल्ली पुलिस की निगरानी में एक हनुमान मंदिर और मजार को हटाया गया। सडक़ चौड़ी करने के लिए राजधानी के पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट ने यह कार्रवाई की। मंदिर हटाने से पहले एडिशनल डीसीपी सुबोध गोस्वामी ने हनुमान जी की पूजा भी की। कार्रवाई का पहले विरोध हुआ था, जिसे देखते हुए सुरक्षाबलों को विशेष तौर पर तैनात किया गया था। इसके अलावा किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके की ड्रोन से निगरानी भी गई। पिछले हफ्ते पूर्वी दिल्ली के मंडावली में एमसीडी ने शनि मंदिर के बाहर अवैध रेलिंग को तोड़ा था। कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प भी हुई थी।
गुजरात के 7 जिलों में बाढ़
3 Jul, 2023 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । मौसम विभाग ने इस हफ्ते लगभग सभी राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। राज्यों की बात करें तो गुजरात में पिछले 30 घंटों से भारी बारिश के चलते 10 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के जूनागढ़, कच्छ, जामनगर, वलसाड, मेहसाणा, सूरत और नवसारी जिले में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यहां एसडीआरएफ और एयरफोर्स को रेस्क्यू और रिलीफ ऑपरेशन में लगाया गया है।उत्तराखंड के लंबागढ़ में बद्रीनाथ हाईवे पिछले 13 घंटे से बंद है। खाचड़ा नाले में पानी बढऩे के चलते इसे बंद किया गया है। हाईवे पर दोनों तरफ बड़ी संख्या में टूरिस्ट फंसे हुए हैं। ये हाईवे पिछले एक हफ्ते में तीसरी बार बंद हुआ है। इससे पहले यहां 29 जून और शनिवार सुबह लैंडस्लाइड की घटना हुई थी। जिसके बाद हाईवे कई घंटों तक बंद रहा था। हिमाचल में पिछले एक हफ्ते में 24 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में एक ऑटो चालक की ड्रेनेज में गिरने से मौत हो गई। गुजरात समेत इन तीन राज्यों में 35 मौतें हो चुकी हैं।
अमरनाथ यात्रियों को फेक रजिस्ट्रेशन स्लिप बेचने वाले 3 गिरफ्तार
3 Jul, 2023 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर । एक जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं के साथ धोखाधड़ी करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी जम्मू-कश्मीर में यात्रा की नकली रजिस्ट्रेशन स्लिप बनाने और बेचने का काम कर रहे थे। इनमें से मुख्य आरोपी दिल्ली का रहने वाला है, जो नकली परमिट बनाता था। उसके दो सहयोगी बस सेवा का इंतजाम करने और श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट तैयार करने का काम करते थे। इन लोगों ने बड़ी संख्या में अमरनाथ यात्रियों के साथ फ्रॉड किया था।
हरिद्वार कांवड़ यात्रा आज से शुरु, सुरक्षा व्यवस्था रहेगी तगड़ी
3 Jul, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरिद्वार । सोमवार तीन जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है। इस दौरान मेला भी लगेगा इसलिए यहां सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी रहेगी। कावंड़ यात्रा 2023 को लेकर एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुउद्देशीय भवन में कांवड़ मेला 2023 में नियुक्त किए गए पुलिस बल की ब्रीफिंग आयोजित की गई। आईजी रेंज करन सिंह नगन्याल, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्न्याल व एसएसपी अजय सिंह की मौजूदगी में कांवड़ मेला ब्रीफिंग सम्पन्न हुई। इस दौरान प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट कांस्टेबल सहित कुमाऊं व गढ़वाल रेंज से प्राप्त समस्त फोर्स एवं केंद्र से प्राप्त अर्द्धसैनिक बल की 6 कम्पनी भी सम्मिलित हुई। 12 सुपर जोन, 33 जोन व 153 सेक्टर में बंटे मेला क्षेत्र में सुपर जोन की जिम्मेदारी एएसपी स्तर के अधिकारियों को, जोन की जिम्मेदारी सीओ, आईएनएसपी व सेक्टर की जिम्मेदारी एस एच ओ, एसओ, एसएसआई स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। साथ ही मेला क्षेत्र में बीडीएस, डॉग स्क्वायड की 5 टीमें नियुक्त की गई हैं।
बैठक में जानकारी दी गई कि आतंकी घटनाओं की रोकथाम के लिए नियुक्त एंटी टेररिस्ट सकार्ड की दो टीमें भी हर वक्त मेला क्षेत्र में सक्रिय रहकर हर संदिग्ध व्यक्ति या परिस्थिति से निपटने को आठों पहर तैयार रहेंगी। इस दौरान आईजी-रेंज करन सिंह नगन्याल कांवड़ मेला 2022 से जुड़े अपने गहरे अनुभव को साझकिया। उन्होंने उपस्थित पुलिस बल को आसपास की सभी घटनाओं पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने व ट्रैफिक प्लान को सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश भी दिए।
बस कंडक्टर को 8 साल बाद हाई कोर्ट ने किया बहाल
2 Jul, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सात रुपए का हिसाब नहीं दे पाने पर बर्खास्त हुआ था कंडक्टर
चेन्नै । मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (विल्लुपुरम डिवीजन) को फटकार लगाते हुए एक बर्खास्त बस कडंक्टर की बहाली के आदेश सुनाए हैं। दरअसल चेकिंग के दौरान ए अय्यानगर नाम के एक बस कंडक्टर के बैग से 7 रुपए अतिरिक्त मिलने और एक यात्री को टिकट जारी नहीं करने पर उसे 8 साल पहले बर्खास्त कर दिया गया था। निगम ने कहा था कि यह राजस्व हानि थी। न्यायमूर्ति पीबी बालाजी ने वकील एस एलमभारती द्वारा मामले को उठाने और कंडक्टर के लिए निशुल्क मामले पर बहस करने के बाद आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से यह कल्पना नहीं की जा सकती कि 7 रुपए अधिक राशि ले जाने से निगम के राजस्व को नुकसान होगा। न्यायाधीश ने 10 दिसंबर, 2015 के बर्खास्तगी आदेश को रद्द करने और छह सप्ताह के भीतर अय्यनार की बहाली का निर्देश देने से पहले कहा। दी गई सज़ा अपराध के अनुपात में बिल्कुल असंगत है और यह अदालत की अंतरात्मा को झकझोर देती है। अय्यनार के खिलाफ आरोप लगाए गए थे कि उन्होंने टिकट राशि के रूप में 5 रुपए प्राप्त करने के बाद एक महिला यात्री को टिकट जारी नहीं किया था। कुल मिलाकर उसके बैग में 7 रुपए अतिरिक्त थे। इसलिए उसने निगम को नुकसान पहुंचाने वाला काम किया और वह निगम के एक जिम्मेदार कर्मचारी के रूप में कार्य करने में विफल रहा। आरोपों से इनकार करते हुए अय्यनार के वकील एलमभारती ने तर्क दिया कि कंडक्टर ने वास्तव में कथित तारीख पर सभी यात्रियों को टिकट जारी किए थे। महिला यात्री जो बस में चढ़ी और उससे 5 रुपए में टिकट खरीदा, उसका टिकट खो गया होगा। जुर्माने से बचने के लिए उसने सारा दोष अय्यनार पर मढ़ दिया।
एमएमबी समंदर से निकालेगी रास्ता, मुंबईवासियों को ट्रेफिक जाम से मिलेगी मुक्ति
2 Jul, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई । महाराष्ट्र मेरी टाइम बोर्ड यानिकी एमएमबी ट्रेफिक जाम से मुंबईवासियों को निजात दिलाने एक नया रास्ता निकाल रही है। वॉटर ट्रांस्पोर्ट के जरिए अब यह रास्ता समंदर से होकर निकाला जाएगा। गौरतलब है कि यहां लोकल ट्रेनें न होतीं, तो ये शहर कभी देश की आर्थिक राजधानी न बनता। बेस्ट की बसें न होती, तो लोकल से उतरने के बाद मुंबईकर वक्त पर दफ्तर या घर नहीं पहुंचते। पिछले कुछ सालों में मुंबई की ये दोनों लाइफ लाइन का लोड बढ़ा, तो मेट्रो का जाल बिछाना शुरू किया गया, जो मुंबईकरों के लिए तीसरी लाइफ लाइन का काम करेगी। अब सरकार ने चौथी लाइफ लाइन पर काम करना शुरू कर दिया क्योंकि सात द्वीपों को जोड़कर बने इस शहर का संकट समंदर से ही हल होगा। मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई को मिलाकर बने मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन को जोड़ने के लिए सरकार ने बेलापुर (नवी मुंबई) और घोडबंदर (ठाणे) में वॉटर टर्मिनल बनाने का फैसला लिया है।
वॉटर ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए महाराष्ट्र मेरी टाइम बोर्ड (एमएमबी) ने ठाणे के घोड़बंदर रोड और नवी मुंबई के बेलापुर मे जेट्टी पार्किंग और यात्री टर्मिनल तैयार करने का निर्णय लिया है। इस काम को डेढ़ साल में पूरा करने का दावा किया जा रहा है। टर्मिनल के निर्माण के लिए एमएमबी ने कॉन्ट्रैक्टर की तलाश शुरू कर दी है। इन दो स्थानों पर पैसेंजर टर्मिनल, जेट्टी पार्किंग समेत अन्य सुविधा के निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एमएमबी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, बेलापुर में ग्राउंग प्लस एक मंजिला यात्री टर्मिनल तैयार किया जाएगा। यहां वेटिंग रूम, टिकट काउंटर, रेस्ट रूम होगा। टर्मिनल की पहली मंजिल पर ऑफिस होंगे। बेलापुर में यात्री टर्मिनल समेत अन्य सुविधा के निर्माण पर करीब 6।09 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ठेकेदार को बेलापुर यात्री टर्मिनल का निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा करना होगा।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के क्षेत्र में जेट्टी और यात्री टर्मिनल इमारत एक साल में तैयार हो जाएगी। ठाणे के घोड़बंदर रोड पर जेट्टी पार्किंग और टर्मिनल इमारत के निर्माण पर करीब 3.92 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पिछले कुछ सालों में ठाणे का तेजी से विकास हुआ है। घोड़बंदर रोड के करीब रहने वालों की संख्या में कई गुना इजाफा हुआ है। यहां लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार नया विकल्प उपलब्ध करवाने की योजना तैयार की है। मुंबई के पुराने ट्रांसपोर्ट सिस्टम का लोड बहुत बढ़ गया है। आम लोगों के लिए अब भी लोकल ट्रेनें पहली पसंद है, लेकिन इसके अलावा सड़क मार्ग को विकसित करने में सरकार नाकाम रही है।
तीन माह में दिल्ली वाले पी गए 6800 करोड़ रुपये की शराब
2 Jul, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। आबकारी विभाग के आंकड़े बता रहे हैं कि दिल्ली वालों ने तीन महीने में 6800 करोड़ रुपये की शराब पी डाली। वहीं इससे दिल्ली सरकार का खजाना भी भर गया है। हालांकि इतनी शराब पीने पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है। लेकिन यह सच है कि दिल्लीवासियों ने 62 करोड़ बोतलें तिमाही में खाली कर दी। एक्साइज से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में साल 2023-24 की पहली तिमाही में 6821 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई है। शराब की इस बिक्री से दिल्ली सरकार मालामाल हो गई। इस जबरदस्त बिक्री के आधार पर, दिल्ली सरकार के एक्साइज विभाग ने 2023-24 की पहली तिमाही में एक्साइज ड्यूटी और मूल्य वर्धित कर (वेट) के रूप में लगभग 1,700 करोड़ रुपये जुटाए हैं। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कमाई वित्त वर्ष 2022-23 के बराबर थी जब विभाग ने 62 करोड़ से अधिक शराब की बोतलें बेचकर 6,821 करोड़ रुपये एकत्र किए थे। इस राशि में एक्साइज शुल्क के रूप में 5,548.48 करोड़ रुपये और वैट के रूप में 1,272.52 करोड़ रुपये शामिल हैं। इस बार चार सरकारी निगमों की तरफ से अधिक शराब की दुकानें खोली गई हैं। साथ ही शराब परोसने के लिए नए होटलों और रेस्ट्रॉ के एक्साइज लाइसेंस लेने से राजस्व बढ़ने की उम्मीद है।
निगम के एक अधिकारी ने कहा कि गर्मियों के दौरान बीयर, जिस पर तुलनात्मक रूप से कम एक्साइज ड्यूटी लगती है। इस वजह से स्पिरिट की तुलना में यह अधिक बिकती है। यही कारण है कि वित्तीय वर्ष की दूसरी छमाही की तुलना में पहली छमाही में रेवेन्यू कलेक्शन हमेशा अपेक्षाकृत कम होता है। उस दौरान व्हिस्की अधिक बिकती है। दिल्ली सरकार के चार निगम - दिल्ली राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम, दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम, दिल्ली राज्य नागरिक आपूर्ति निगम और दिल्ली उपभोक्ता सहकारी थोक स्टोर - मिलकर 574 शराब की दुकानें चलाते हैं। वहीं, शहर में 930 से अधिक होटल, क्लब और रेस्तरां शराब परोसी जाती है।
दिल्ली सरकार ने अपने 2023-24 के बजट में वित्तीय वर्ष में कुल स्टेट एक्साइज ड्यूटी कलेक्शन 7,365 करोड़ रुपये होने का अनुमान लगाया है। एक्साइज डिपार्टमेंट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एक्साइज पॉलिसी जिसे पुरानी एक्साइज पॉलिसी भी कहा जाता है, के तहत बिक्री अपेक्षाकृत कम होने पर भी सरकार को अधिक राजस्व मिलता है। हालांकि, अब वापस ली गई नई शराब पॉलिसी में, विभिन्न योजनाओं और डिस्काउंट्स के कारण सेल में तेजी से बढ़ोतरी होने पर भी सरकार का रेवेन्यू फिक्स था। इसीलिए 2022-23 की आखिरी तिमाही में बिक्री कम हो सकती है, लेकिन वास्तविक रेवेन्यू अभी भी अधिक था।
अब तक 7,900 लोगों ने की अमरनाथ यात्रा, एक और जत्था रवाना
2 Jul, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर। रविवार को अमरनाथ यात्रा के लिए 4,903 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था जम्मू-कश्मीर के जम्मू शहर से घाटी के लिए रवाना हुआ। अभी तक लगभग आठ हजार यात्रियों ने पवित्र गुफा के दर्शन कर लिए हैं। यहां तैनान अधिकारियों ने कहा कि शनिवार को 7,900 यात्रियों ने मंदिर के अंदर दर्शन किए, जबकि चार हजार नौ सो से अधिक यात्री आज सुबह उत्तरी कश्मीर बालटाल और दक्षिण कश्मीर पहलगाम में शिविरों से पवित्र गुफा के लिए रवाना हुए। यात्रियों का एक और जत्था आज सुबह भगवती नगर यात्री निवास से सुरक्षा काफिले में घाटी के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने कहा कि इनमें 3790 पुरुष, 847 महिलाएं, तीन बच्चे, 251 साधु, आठ साध्वियां और चार ट्रांसजेंडर शामिल हैं। 62 दिनों तक चलने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई को शुरू हुई और 31 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा उत्सव के साथ समाप्त होगी। समुद्र तल से 3888 मीटर ऊपर स्थित, गुफा मंदिर में एक बर्फ की संरचना है, जिसके बारे में भक्तों का मानना है कि यह भगवान शिव की पौराणिक शक्तियों का प्रतीक है। यहां पर बर्फ के स्टैलेग्माइट की संरचना घटती और बढ़ती रहती है।
4,400 से अधिक तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था रवाना
2 Jul, 2023 01:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू । वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए 4,400 से अधिक तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था भगवती नगर आधार शिविर से शनिवार को रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्री सुबह 188 वाहनों में आधार शिविर से रवाना हुए और साथ ही जम्मू आधार शिविर से रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 7,904 हो गई है। उन्होंने कहा कि 2,733 श्रद्धालु 94 वाहनों में सुबह चार बजकर 50 मिनट पर पहलगाम के लिए रवाना हुए, जबकि 1,683 तीर्थयात्री 92 वाहनों में लगभग एक घंटे पहले बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को भगवती नगर आधार शिविर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। अमरनाथ के लिए 62 दिवसीय तीर्थयात्रा शनिवार को कश्मीर से शुरू हुई। इस यात्रा के लिए दो मार्ग हैं। पहला, अनंतनाग जिले का 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग, जबकि दूसरा गांदरबल जिले का बालटाल मार्ग, जो करीब 14 किलोमीटर छोटा, लेकिन बेहद दुर्गम है।
यात्रा में शामिल राजस्थान निवासी ने कहा, हम अमरनाथ के लिए यात्रा प्रारंभ करके बेहद प्रसन्न हैं। मैं हमेशा से हिम शिवलिंग के दर्शन करना चाहता था।’’ भगवती नगर आधार शिविर के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जम्मू में 33 आवास केंद्र स्थापित किए गए हैं और श्रद्धालुओं को रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान (आरएफआईडी) टैग जारी किए जा रहे हैं। यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों को पंजीकरण कराने के लिए पांच काउंटर बनाए गए हैं और अब तक 3.5 लाख से ज्यादा लोग ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं।
आतंकी पन्नू की भारत को धमकी
2 Jul, 2023 12:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर । विदेश में छिप कर बैठे आतंकी सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक बार फिर भारत को धमकी दी है। कुछ दिन शांत बैठने के बाद आतंकी पन्नू ने अपना एक और वीडियो रिलीज किया है। जिसमें वह कनाडा में मारे गए आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के विरोध में 8 जुलाई को विश्व भर में भारतीय दूतावासों के बाहर रैलियां करने जा रहा है। कनाडा में बीते दिनों मारा गया आतंकी हरदीप निज्जर एसएफजे में अहम पदाधिकारी था और कनाडा में एसएफजे की गतिविधियों को देख रहा था। निज्जर की हत्या के बाद आतंकी पन्नू को भारी नुकसान हुआ है। आतंकी पन्नू मारे गए निज्जर की हत्या का जिम्मेदार भारतीय खुफिया एजेंसियों को ठहरा रहा है। जिसके बाद से ही पन्नू बार-बार भारत के लिए अपशब्द बोल रहा है और मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को धमकियां दे रहा है।