बिहार-झारखण्ड
मोतिहारी में बेखौफ बदमाशों ने ज्वैलरी शॉप में की 50 लाख डकैती, फायरिंग कर हुए फरार
21 Jan, 2025 01:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोतिहारी: मोतिहारी जिले में बेखौफ बदमाशों का तांडव जारी है. यहां बदमाशों ने एक ज्वैलरी शॉप में करीब 50 लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया है. घटना कोटवा थाना से चंद कदमो पर स्थित कोटवा बाजार की है. बताया जा रहा है कि डकैतों ने श्री लक्ष्मी साहेब ज्वेलर्स और एक बर्तन दुकान पर को अपना निशाना बनाया. डकैतों ने करीब 20 मिनट तक डकैती डाली और उसके बाद फायरिंग करके वहां से फरार हो गए. डकैती के दौरान जब इलाके के लोग जग गए और मौके पर पहुंचे तो डकैतो ने उन्हें हथियार की दम पर बंधक भी बना लिया था.
पुलिस को आने में लगा 20 मिनट का समय
डकैतों ने भीड़ पर फायरिंग शुरू कर दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि करीब 5 से 6 की संख्या में हथियारबंद डकैतों ने वारदात को अंजाम दिया है. बदमाशों ने 170 ग्राम सोना, 20 किलोग्राम चांदी के अलावा 5 लाख 80 हजार नकदी लूट ली है. बदमाशों ने भागते समय चौकीदार पर फायरिंग की. गनीमत रही कि उसको गोली नहीं लगी. गोलीबारी के दौरान चौकीदार ने भागकर अपनी जान बचाई. वारदात के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी फोन किया था. लेकिन पुलिस को आने में करीब 20 मिनट का वक्त लगा और तब तक अपराधी भाग चुके थे.
भागलपुर के रिक्शा चलाने वाले पिता की बेटी मोनिका ने खो-खो वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम को दिलवाया गोल्ड
21 Jan, 2025 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भागलपुर: मेहनत कभी किसी पहचान का मोहताज नहीं होता. दिल्ली में हुए खोखो वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम ने इस बात को प्रमाणित भी किया है. एक सब्जी बेचने वाले और भागलपुर की बेटी मोनिका के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम फाइनल मैच खेल कर विश्व विजेता बनी है. मोनिका की इस उपलब्धि पर केवल भागलपुर ही नहीं, पूरा देश गौरवांवित हो रहा है. खोखो वर्ल्ड कप का फाइनल मैच 19 जनवरी की रात दिल्ली में खेला गया था. इसमें भारत की टीम ने प्रतिद्वंद्वी नेपाल को बड़े मार्जिन से हराकर जीत हासिल की है. इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम को मोनिका ने शुरू से लीड दिलाई और आखिर में विजय हासिल किया. भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर प्रखंड में डिमहा गांव निवासी विनोद साह की बेटी मोनिका ने इस मैच में 6 अंक हासिल किए. 13 तारीख से शुरू इस टुर्नामेंट में 11 नम्बर की जर्सी में मोनिका का बेहतर प्रदर्शन रहा. बेहद गरीब परिवार से आने वाली मोनिका के पिता कभी रिक्शा चलाकर तो कभी सब्जी बेचकर परिवार पालते हैं.
प्रधानमंत्री आवास भी नहीं मिला
गांव में मोनिका का घर आज भी मिट्टी और खपरैल का है और उसकी मां लकड़ी चूल्हे पर रसोई बनाती हैं. परिजनों के मुताबिक मोनिका के परिवार को अब तक न तो प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है और ना ही उज्ज्वला योजना का. एक जर्जर मकान से निकलकर मोनिका ने देश और दुनिया में बिहार का मान बढ़ाया है. हालांकि अब तक बिहार सरकार ने उसकी कोई सुध नहीं ली है. पांच बच्चों में मोनिका शुरू से ही खेल में ही अपना करियर बनाना चाहती थी. उसके पिता ने भी विपरीत परिस्थिति के बावजूद उसे कभी रोका नहीं, बल्कि हमेशा उसका हौंसला बढ़ाया.
घर में नहीं है गैस सिलेंडर
अब विश्वकप जीतने पर मोनिका के घरवालों ने उसे वीडियो कॉल पर बात की और उसे जीत की बधाई दी है. मोनिका की मां जुदा देवी के मुताबिक एक समय ऐसा भी था कि मोनिका के पास खेलने के लिए जूता तक नहीं था. बावजूद इसके वह लगातार मेहनत और लगन से खेलती रही. उन्होंने बताया कि घर की माली हालत खराब हैं. उन लोगों कई बार प्रधानमंत्री आवास और उज्जवला योजना के लिए फार्म भरा लेकिन उन्हें अब तक सरकार की कोई सुविधा नहीं मिली है.
बक्सर निवासी को सूचना आयोग से 5 साल बाद मिला जवाब, व्यक्ति हुआ हैरान
21 Jan, 2025 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बक्सर: बक्सर के रहने वाले शिवप्रकाश राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकारी यात्रा से जुड़ी सूचना के साथ ही चार अन्य अलग-अलग सूचनाओं पर राज्य सूचना आयोग से जानकारी मांगी थी. इसमें उन्होंने 2005 से 2020 तक सीएम नीतीश कुमार के द्वारा की गई सरकारी यात्रा में हुए खर्च की जानकारी मांगी थी. इसके अलावा राज्य सूचना आयोग में विभिन्न पदों पर स्वीकृत कार्यबल और रिक्त पदों की संख्या, सूचना आयोग में पत्रकारिता के क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले किस प्रतिनिधि को रखा गया है. चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के तत्कालीन वीसी पर व्यय की गई राशि की जानकारी मांगी गई थी. शिवप्रकाश बताते हैं कि इन सभी सूचनाओं को देने के लिए RTI के माध्यम से उन्होंने मार्च 2020 में आवेदन लगाया था. इसके बारे में राज्य सूचना आयोग की तरफ से यह कहा गया है कि इस संबंध में अब सुनवाई की जाएगी.
अब दिया गया है जवाब
शिव प्रकाश बताते हैं कि करीब 5 साल के बाद राज्य सूचना आयोग की तरफ से जानकारी दी गई कि उनके द्वारा सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई दो सूचनाओं की सुनवाई दिसंबर में और दो की सुनवाई जनवरी माह के अंत में होगी. इनमें दिसंबर महीने में सीएम नीतीश कुमार की यात्रा और सूचना आयोग में स्वीकृत कार्यबल और रिक्त कार्यबल की सुनवाई की जानकारी शामिल थी. इसमें भी दिसंबर महीने में जिन सूचनाओं के बारे में सुनवाई की बात कही गई थी, उनमें दो में से एक ही सूचना के बारे में सुनवाई होगी. दूसरी सूचना की सुनवाई कब होगी, इसके बारे में जानकारी नहीं दी गई है. वहीं जनवरी महीने में सूचना जनसंपर्क विभाग में मीडिया के प्रतिनिधि के लिए किसकी संस्तुति की गई थी और चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के तत्कालीन वीसी पर व्यय की गई राशि की जानकारी वाली सूचना पर सुनवाई की जानकारी दी गई.
एक महीने में देनी होती है सूचना
शिवप्रकाश कहते हैं कि सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत 30 दिनों में सूचना देनी होती है, नहीं तो प्रथम अपील होगा. इसके 70 दिन बाद अपीलीय अधिकारी भी सूचना नहीं दिला पाए तो मामला राज्य सूचना आयोग में चला जाता है. मेरी सूचना के मामले में भी यही हुआ है. 5 वर्ष होने जा रहा है. इसके लिए गठित शीर्ष आयोग ही इस कानून के बिंदुओं को अनदेखा कर रहा है. आयोग के स्तर से न सूचना मिल पा रही है और न ही दोषी अधिकारी दंडित हो रहे हैं. वह आरोप लगाते हुए कहते हैं कि सरकार ने जान-बूझकर वैसे लोगों को आयुक्त बनाया है, जो इस कानून को खत्म कर दें. प्रति वर्ष करीब 10 करोड़ रुपए का खर्च इस आयोग के संचालन में होता है. अगर सही वक्त पर सूचना ही नहीं मिले तो ऐसे आयोग को बंद ही कर देना चाहिए. इससे जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा तो बच जाता.
आयोग की आगे की कार्रवाई का इंतजार
शिवप्रकाश बताते हैं कि इनमें एक मामला, सूचना आयोग में स्वीकृत कार्यबल और रिक्त कार्यबल की सुनवाई हुई, लेकिन सीएम नीतीश कुमार की यात्रा की जानकारी नहीं दी गई. वह कहते हैं कि सूचना कमीश्नर ने उनसे ही सवाल किया है कि आप बताएं कि प्रावधान क्या है, फंड कैसे मिलता है?. शिव प्रकाश कहते हैं कि पहले सूचना आयोग में डबल बेंच, ट्रिपल बेंच भी हुआ करता था. उद्देश्य यही होता था कि अगर किसी सूचना से आवेदक संतुष्ट नहीं है. तो वह मुख्य सूचना आयुक्त उसकी सुनवाई करे या फिर डबल या ट्रिपल बेंच को बनाकर के सुनवाई करे. पहले यह प्रक्रिया थी,अगर सुनवाई के बाद जो जवाब मुझे मिला. वह संतोषजनक रहा तो ठीक है नहीं तो फिर मैं आगे की प्रक्रिया का सहारा लूंगा.
झारखंड के जमशेदपुर में फिल्मी स्टाइल में हत्या, बदमाशों ने 35 साल के शख्स को गोली मारी
20 Jan, 2025 12:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर: जमशेदपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां फिल्मी स्टाइल में एक शख्स का पीछा करके उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने सोमवार को घटना के बारे में जानकारी दी। जिस शख्स को गोली मारी गई उसकी उम्र 35 साल बताई जा रही है। वहीं पुलिस इस हत्या के मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर हुई। पुलिस के अनुसार, संतोष सिंह के घर के पास बाइक पर सवार होकर आए हथियारबंद लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं। संतोष भागकर पास के एक घर में घुस गए, लेकिन बंदूकधारियों ने बाइक से उनका पीछा किया और उन्हें गोली मार दी। संतोष सिंह को तीन गोलियां लग गईं। इसके बाद आनन-फानन में उन्हों एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
नगर के पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी के साथ रात में घटनास्थल का दौरा किया। डीएसपी ने कहा कि अपराधियों की पहचान के लिए इलाके के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि हत्या का कारण पुरानी रंजिश होने का संदेह है और इसकी जांच की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि संतोष सिंह और उसका भाई हत्या के एक मामले में जेल जा चुके थे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सरायकेला-खरसावां में भी हत्या
बता दें कि पिछले सप्ताह सरायकेला-खरसावां जिले में सोमवार को एक फोटो स्टूडियो के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी हत्या भी बाइक सवार दो लोगों ने गोली मारकर की थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चांडिल बाजार स्थित दिलीप गोराई के स्टूडियो के खुलते ही हमलावर अंदर घुस गए और उनकी हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर गोराई के परिवार के सदस्य और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें खून से लथपथ पाया। गोराई को जमशेदपुर के टाटा मेन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
झारखंड के हजारीबाग में सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत, 10 घायल
20 Jan, 2025 12:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हजारीबाग: हजारीबाग में रविवार 19 जनवरी को भीषण सड़क हादसा हो गया. जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं इस सड़क हादसे में 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. इस हादसे में मरने वालों में से एक की पहचान विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के नरकी निवासी मंगर कमार के रूप में हुई है, जबकि अन्य दो लोगों की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो पाई है. जानकारी के मुताबिक 'नेहा' नाम की मिनी बस हजारीबाग से बोकारो जा रही थी. विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में नरकी नामक जगह पर बस का अगला टायर अचानक ब्लास्ट कर गया और तेज गति में जा रही बस अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई.
मौके पर ही तोड़ा दम
हादसे के बाद घटनास्थल पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई,कई लोग बस के नीचे दब गए. सूचना पाकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. इनमें से तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कई घायल लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है.
ये लोग हुए घायल
हादसे में घायलों में बस का कंडक्टर, अरजरी गांव निवासी सन्नी, फुसरो निवासी बजरंग, खरिका गांव निवासी शांति देवी, बीरबल नोनिया, रूनिया देवी, हीरालाल हांसदा आदि शामिल हैं. घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है. तीनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं.
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में जहरीली शराब का सेवन करने से 7 की मौत, पुलिस जांच में जुटी
20 Jan, 2025 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंपारण: पश्चिमी चंपारण जिले में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. घटना के बाद प्रशासन ने मामले में जांच शुरू की है. यह घटना चार दिन पुरानी है. रविवार को पुलिस को इस बारे में पता चला है. अधिकारियों का कहना है कि मृतकों के शवों का अंतिम संस्कार पहले ही किया जा चुका था. इस वजह से जांच में कठिनाई उत्पन्न हो रही है.
दो मौतें शराब से संबंधित नहीं
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह सभी मौतें लौरिया थाना क्षेत्र में हुई हैं. स्थानीय लोगों ने इन मौतों का कारण जहरीली शराब बताई है. एसपी ने स्पष्ट किया कि दो मौतों का कारण शराब से संबंधित नहीं था. उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ट्रैक्टर की चपेट में आकर मर गया था. जबकि दूसरे को लकवा मार गया था. 15 जनवरी को हुई पहली मौत के बाद पुलिस को इन घटनाओं के बारे में रविवार को पता चला. मृतकों के शवों का अंतिम संस्कार पहले ही किया जा चुका था. जिससे मौत के कारणों को स्पष्ट रूप से पता लगाना पुलिस के लिए जांच के दौरान मुश्किल हो गया है. एसपी ने बताया कि पुलिस ने जांच के लिए एक दल गठित किया है, जो मौतों के कारणों का पता लगाएगा.
शवों का हुआ अंतिम संस्कार
पश्चिम चंपारण के उप विकास आयुक्त ने कहा कि मौतों के कारणों की जांच करना मुश्किल है क्योंकि शवों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है. जांच दल को 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. जांच दल लौरिया में पिछले तीन से चार दिनों में हुई मौतों की पहचान भी करेगा. मृतक के परिजनों में से एक ने बताया कि प्रदीप और मनीष नाम के दो दोस्तों ने शराब पी थी और दोनों की मौत हो गई. बिहार में अप्रैल 2016 से शराब पर प्रतिबंध है, लेकिन इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री और सेवन से लोगों की मौत की घटनाएं बढ़ी हैं. यह घटना भी इसी संकट का हिस्सा प्रतीत हो रही है.
बेगूसराय में पुलिस पर ईंट-पत्थर से हमला, थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी घायल
20 Jan, 2025 11:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेगूसराय: बेगूसराय में जमीन विवाद के चलते दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. मारपीट के दौरान बीच बचाव कराने पहुंची पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस घटना के बाद से ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. पुलिस पर हमले के बाद मौके पर पहुंचकर भारी पुलिस बल ने मामले को शांत कराया. घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि वह पुलिस पर हमले करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करेंगे. जमीन विवाद के चलते पुलिस पर हमला करने की घटना बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव की है. महादलित लोग एक जमीन पर रह रहे थे. करीब 16 बीघा जमीन पर 150 महादलित परिवारों ने कब्जा किया हुआ था. यहां इन लोगों ने झोपड़ी बना रखी थी और खेती भी कर रहे थे. मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही थी. कोर्ट में जमीन मालिक के पक्ष में फैसला आया था. मालिक अपनी जमीन को खाली कराने के लिए पहुंचा था, लेकिन इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और फिर मारपीट होने लगी.
थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी घायल
मारपीट की खबर सुनते ही पुलिस मामले को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने माहौल को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इस बीच एक पक्ष के लोगों ने उन पर ईंट-पत्थर से हमला शुरू कर दिया है, जिसमें थानाध्यक्ष सहित 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गुस्साई भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों को भी तोड़ दिया है.
झोपड़ियों में लगाई आग, ट्रैक्टर जब्त
पुलिस का कहना है कि जब वह इन लोगों को समझाने पहुंची, तो पुलिस पर उन लोगों ने हमला कर दिया और बवाल खड़ा हो गया. वहीं कुछ लोगों ने इस दौरान जबरन कई झोपड़ियों में आग लगा दी थी. पुलिस का कहना है कि उन्होंने एक ट्रैक्टर को जब्त किया. उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के SP और DSP घटनास्थल पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए. यहां पहुंचकर पुलिस बल ने कैंप किया. गांववालों का कहना है कि महादलित परिवार पिछले कई सालों से विवादित जमीन पर रह रहा है. परिवार अपनी जमीन ट्रैक्टर से जोत रहा था, तभी पुलिस आई और उन लोगों को पीटना शुरू कर दिया था.
रांची पुलिस ने नकली नोटों के व्यापार में शामिल तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
20 Jan, 2025 11:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: रांची में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया. पुलिस ने इस छापेमारी में तीन लोगों को अरगोड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पुलिस को 500 के नकली नोट बरामद हुए हैं. साथ ही पुलिस ने दो असली नोट और एक बाइक को आरोपियों के पास से जब्त किया है. रांची पुलिस को पिछले काफी समय से नकली नोटों के चलन की शिकायतें मिल रही थी. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान मोहम्मद साबिर उर्फ राजा, अबू हुजैफा उर्फ अफरीदी और साहिल उर्फ करण के तौर पर हुई हैं. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. अपराधियों ने बताया कि वह पिछले एक साल से गिरोह बनकर जाली नोटों का गोरखधंधा कर रहे थे. इसके साथ ही पुलिस के समक्ष अपराधियों ने बताया है कि दिल्ली से बैग में भर-भर कर नकली नोट लाया करते थे.
कैसे खपा रहे थे नकली नोट?
लोगों को शक ना हो इसके लिए नोट की बंडल के ऊपर और नीचे असली नोट रखा करते थे जबकि बीच के सारे नोट 500 -500 के नोट नकली रखा करते थे. आरोपी ऐसा कर बजार में नकली नोट खपाया करते थे. बड़े पैमाने पर रांची के विभिन्न इलाकों के बाजार में नकली नोटों के कारोबार को लेकर पुलिस को गुप्त सूचना मिल रही थी. इसी के आधार पर रांची पुलिस ने एक टीम बनाकर अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू इलाके में छापेमारी की थी.
10 नकली बंडल मिले
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को संदिग्ध हालत गिरफ्तार किया है, जिनके पास एक बैग भी मौजूद था. तलाशी के क्रम में पुलिस को 500- 500 रुपये के नकली नोट के 10 बंडल मिले है जबकि दो 500 के असली नोट भी मिले है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 लाख 99 हजार रुपये के नकली नोट जब्त किये हैं. तीनों गिरफ्तार आरोपियों के आधार पर पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की धर पकड़ में भी जुट गई है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी एक लाख के असली नोट लेकर 3 लाख के लिए नकली नोट दिये करते थे, जो मार्केट में धीरे-धीरे खपा दिया करते थे.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुपौल में 298 करोड़ की योजनाओं का आज करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन
20 Jan, 2025 08:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सुपौल: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी प्रगति यात्रा को लेकर आज सोमवार, 20 जनवरी सुपौल जिले पहुंचेंगे. सीएम के आगमन को लेकर जिलावासियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री यहां 298 करोड़ की सौगात देने वाले हैं. जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुपौल में 4 घंटे से अधिक समय तक रहेंगे. इस दौरान वह 163.84 करोड़ की कुल 52 योजनाओं का मुख्यमंत्री उद्घाटन करेंगे और करीब 134.22 करोड़ की योजनाओं का आधारशिला रखेंगे. इस तरह से मुख्यमंत्री यहां कुल 210 योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करने वाले हैं.
तीन जगहों पर हेलीपैड का निर्माण
सीएम नीतीश कुमार के आगमन को लेकर तीन जगहों पर हेलीपैड का निर्माण कराया गया है. मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 10.55 बजे बकौर में नवनिर्मित हेलीपैड पर लैंड करेगा. यहां से वे त्रिवेणीगंज के बघला नदी के समीप बने हेलीपैड के लिए रवाना होंगे. यहां समाहरणालय में समीक्षा बैठक में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री सीधे आईटीआई मैदान में बने हेलीपैड से प्रस्थान करेंगे. यहां वे वापस पटना लौट जाएंगे.
27 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यहां मनरेगा योजना से जल जीवन हरियाली कार्यक्रम के अन्तर्गत 7.93 लाख रुपये की लागत से तालाब के जीर्णोद्धार और 60 लाख की लागत से निर्मित घाट का अवलोकन और उद्घाटन करेंगे. साथ ही मंदिर प्रांगण में पोखर के चारों तरफ पंचायती राज विभाग से 43 लाख की लागत से मिट्टी भराई और पेभर ब्लॉक से निर्मित प्रांगण का सुदृढ़ीकरण एवं सौंद्रर्यीकरण का अवलोकन और उद्घाटन करेंगे. जिला मुख्यालय अन्तर्गत व्यवहार न्यायालय के पास 1081.19 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले टाउन हॉल का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही सुपौल जिला से संबंधित 22 योजना का शिलान्यास और 27 योजना का उद्घाटन करेंगे.
बिहार के खगड़िया से गिरफ्तार साइबर ठग ने नवी मुंबई के व्यक्ति से की थी 15 करोड़ की ठगी
18 Jan, 2025 01:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले से साइबर मामले में गिरफ्तार 30 वर्षीय सुजीत कुमार के मामले का तार कंबोडिया से भी जुड़ा है। शुक्रवार को मुंबई पुलिस की ओर से दी गई जानकारी में यह राजफाश हुआ है। सुजीत खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के नया नगर बन्नी का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रविवार को नवी मुंबई के साइबर पुलिस उप निरीक्षक रोहित महेशखूंट थाना पहुंचे। सोमवार को स्थानीय पुलिस के सहयोग से नया नगर बन्नी में छापेमारी कर मदन कुमार के पुत्र सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया था। मुंबई पुलिस ने बताया कि सुजीत कुमार के विरुद्ध साइबर थाना नवी मुंबई में मामला दर्ज है, जो साइबर ठगी से संबंधित है।
15 करोड़ की ठगी
जनवरी और अगस्त, 2024 के बीच सुजीत ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर नवी मुंबई के एक व्यक्ति को शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर आकर्षक रिटर्न का आश्वासन देकर जाल में फंसाया और उससे 14,88,91,665 रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने तकनीकी और खुफिया इनपुट सहित कई सुरागों पर काम किया और बिहार के रहने वाले आरोपित तक पहुंच गई। पूछताछ के दौरान सुजीत ने स्वीकार किया कि जून 2023, जनवरी 24, फरवरी एवं जून 24 में उसने कंबोडिया से कॉल सेंटर के माध्यम से कई भारतीय नागरिकों को निशाना बनाया। साइबर पुलिस ने शिकायत पर नए आपराधिक कोड बीएनएस और आइटी अधिनियम के प्रासंगिक प्रविधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित से पूछताछ में पता चला कि जून 2023 से जनवरी 2024 और फिर फरवरी 2024 से जून 2024 के बीच वह कंबोडिया में था, जहां उसने कॉल सेंटरों में काम किया और भारतीयों को साइबर धोखाधड़ी में ठगा।
कंबोडिया में सप्लाई करता था भारतीय सिम
वह भारत में सिम कार्ड खरीदता था और उन्हें कंबोडिया में अपने सहयोगियों को सप्लाई करता था। वह कई टेलीग्राम समूहों का सदस्य था और दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र के लोगों से जुड़ा हुआ था। पता चला है कि वह भारत में अन्य सहयोगियों के संपर्क में भी था। सुजीत कुमार का गांव में साधारण मकान है। खपरैल और छत का मकान है। उसके पिता मदन कुमार सिंह प्राइवेट बिजली मिस्त्री और मजदूरी का काम करता है। सुजीत कुछ महीने से गांव में रह रहा था और लोगों से कहता था कि वह कंबोडिया गया था। वहां उसके रुपये-पैसे छिन लिए गए। जान से मारने की धमकी मिली और किसी तरह से वहां से जान बचाकर आया। सुजीत के पिता मदन कुमार सिंह ने बताया कि, उसको नौकरी के लिए जमीन बेचकर पांच लाख रुपये दिए थे।
बिहार के पटना में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट से एक व्यक्ति की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
18 Jan, 2025 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: पटना में एक भयानक घटना हो गई. पटना में सिलेंडर ब्लास्ट की घटना हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. वही एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. घटना पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र के भूतनाथ रोड स्थित सुनीलम हॉस्पिटल के पास की है. घटना के संबंध में अगमकुआं थानाध्यक्ष का कहना है कि अस्पताल के पास सिलेंडर ब्लास्ट होने की सूचना मिली. इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है जब कि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है. अगमकुआं थानाध्यक्ष ने बताया कि यह घटना तब हुई जब सिलेंडर गाड़ी से उतारा जा रहा था.
अचानक ऑक्सीजन सिलेंडर हो गया ब्लास्ट
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनीलम हॉस्पिटल के पास मेडिकल का ऑक्सीजन सिलेंडर गाड़ी से उतारा जा रहा था. तभी अचानक ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिसमें एक शख्स के शरीर के चीथड़े उड़ गए वहीं दूसरे शख्स का पैर उड़ गया.
हर तरफ हो गया धुआं-धुआं
सिलेंडर ब्लास्ट होते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया. हर तरफ धुआं-धुआं हो गया और जब धुआं खत्म हुआ तब वहां एक युवक मृत था. वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल था. ऐसे में आनन फानन में स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही पटना सिटी के अनुमंडल अधिकारी और सिटी एसपी समेत कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई.
बुढ़मू के तिरु वाटरफॉल में पिकनिक मनाने गए तीन युवकों की पानी में डूबने से मौत
18 Jan, 2025 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत तीन युवकों की मौत के बाद हड़कंप मच गया. पिकनिक मनाने गए तीन युवक बुढ़मू में तिरु वाटरफॉल पहुंचे थे. जहां एक युवक नहाने के दौरान डूबने लगा. युवक को डूबता देख दो अन्य युवक उसे बचाने के लिए पानी में कूद गए. इस दौरान तीनों युवकों की पानी में डूबकर मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों के शव को गोताखोरों की मदद से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. नए साल कोई यादगार बनाने के लिए दो सगे भाई समेत तीन दोस्त पिकनिक मनाने के लिए वाटरफॉल गए थे. ऊंचे पहाड़ से गिरता पानी तीनों के लिए काल बन गया. वाटरफॉल के पानी में नहाने के दौरान तीन युवकों की डूब कर दर्दनाक मौत हो गई.
मृतकों में दो सगे भाई हैं, जबकि तीसरा उनका दोस्त था. तीनों मृतकों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच है. स्थानीय गोताखोरों ने तीनों युवकों को किसी प्रकार वाटरफॉल के गहरे पानी से बाहर निकला और स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया गया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. जांच के बाद डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान आशीष कुमार, अंकुर कुमार और दीपक गिरी के रूप में हुई है.
पिकनिक मनाने गए 3 दोस्तों की मौत
जानकारी के मुताबिक, मृतक आशीष कुमार और अंकुर कुमार दोनों सगे भाई हैं. आशीष और अंकुर कुमार रांची के हेहल के रहने वाले पदलोचन दास के दोनों बेटे थे. जबकि मृतक तीसरा युवक दीपक गिरी रांची के ही चान्हो थाना क्षेत्र के करकट गांव के रहने वाले अशोक गिरी का पुत्र था. पिकनिक मनाने गए 2 भाई समेत तीनों छात्रों की वाटरफॉल में डूबने से मौत हो गई. वहीं युवकों की मौत के बाद उनके घर में कोहराम मच गया. नए साल की खुशियां चीत्कार और मातम में तब्दील हो गईं. मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बुढ़मू थाना की पुलिस ने तीनों मृतक युवकों के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेज दिया है.
वाटरफॉल में डूबने से हुआ हादसा
तीन युवकों की वाटरफॉल में डूब कर हुई दर्दनाक मौत की यह घटना हुए रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरु वाटरफॉल में हुई. घटना को लेकर मिली जानकारी के मुताबिक, नए साल और नई गाड़ी खरीदने की खुशी में दो सगे भाई सहित तीनों युवक पिकनिक मनाने के लिए तिरु वाटरफॉल गए थे. इसी दौरान तिरु वाटरफॉल के ऊपरी हिस्से में आशीष कुमार नामक युवक नहाने के लिए चला गया. नहाने के दौरान वो गहरे पानी में डूबने लगा. उसे बचाने के लिए उसका भाई अंकुर कुमार और दोस्त दीपक गिरी भी पानी में कूद पड़े. एक को बचाने के चक्कर में तीनों युवक पानी में डूब गए और तीनों की मौत हो गई.
रांची रिम्स में प्रेमी का इलाज करवाने आई युवती के साथ सैप जवान ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
18 Jan, 2025 12:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: रांची के RIMS अस्पताल में सैप जवान ने युवती के साथ रेप की घटना को अंजाम दे डाला. पीड़िता अपने प्रेमी का इलाज कराने के लिए अस्पताल आई थी. आरोपी जवान उसे धमकाकर अपने साथ अस्पताल की चौथी मंजिल पर ले गया. वहां उसने सुनसान जगह देखकर उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया. पीड़िता ने मामले की जानकारी अपने प्रेमी को दी, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी सैप जवान को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मचा हुआ है. राजेंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (RIMS) अस्पताल राज्य का सबसे बड़ा हॉस्पिटल है. यहां हुई इस शर्मनाक घटना से हर कोई हैरान है. लोगों का कहना है कि जब यहां मरीज और तीमारदारों की सुरक्षा में तैनात रक्षक ही ऐसी हरकतें करेंगे तो फिर कैसे लोग खुद को सुरक्षित कर पाएंगे. पीड़िता की उम्र करीब 20 साल है.
प्रेमी का इलाज कराने पहुंची थी RIMS
झारखंड के चतरा जिला की रहने वाली युवती अपने प्रेमी का इलाज करवाने के लिए राज्य के सबसे बड़े अस्पताल RIMS आई थी. गुरुवार की देर रात होने पर जगह नही मिलने के कारण वह और उसका प्रेमी वही सो गए. इसी दौरान सैप जवान संतोष कुमार बारला वहां पहुचा और उन दोनों को धमकाते हुए कहा कि तुम लोग यहां क्या रह रहे हो. उसने कहा कि उसे पूछताछ करनी है, इसलिए उसके साथ चलो. इतना कह कर वह जबरन युवती को अपने साथ अस्पताल के चौथे तल्ले पर स्थित सुनसान जगह पर ले गया.
सैप जवान ने किया रेप
आरोप है कि वहां जाकर सैप जवान ने युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. इसके साथ ही घटना का उल्लेख करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी. इधर देर रात अपने साथ हुई शर्मनाक घटना से भयभीत पीड़ित युवती ने आखिरकार अपने प्रेमी को पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद मामले की सूचना बरियातू थाना को दी गई. पुलिस ने आरोपी सैप जवान के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने तत्काल दुष्कर्म के आरोपी सैप जवान संतोष कुमार बारला को गिरफ्तार कर लिया है.
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की तबीयत हुई खराब, टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती
18 Jan, 2025 09:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। सरायकेला विधानसभा सीट से BJP के विधायक चंपई सोरेन ने सोशल मीडिया पर अपनी तबीयत की जानकारी दी और कहा कि डॉक्टरों ने चिंता की कोई बात नहीं बताई है। सोरेन को पेट की बीमारी के कारण हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया।
अपनी तबीयत को लेकर पूर्व CM ने क्या कहा?
सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, "स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण मुझे आज सुबह टाटा मेन हॉस्पिटल जमशेदपुर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, चिंता की कोई बात नहीं है।" उन्होंने कहा, "अब मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं और बहुत जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर आप सभी के बीच वापस आऊंगा।"
पिछले साल अक्टूबर में भी बिगड़ी थी तबीयत
इसके पहले चंपई सोरेन को पिछले साल अक्टूबर महीने में अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से जमशेदपुर के हॉस्पिटल में भर्ती कराया थे। उस वक्त शुगर लेवल बढ़ने की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी थी।
पटना के सुल्तानगंज थाने में शराब छिपाने के मामले में पुलिसकर्मियों और आरोपी को किया गिरफ्तार, 16 बोतलें थाने में छिपाने का मामला
18 Jan, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: पटना में तीन पुलिसकर्मियों को थाना परिसर में ही शराब छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिसकर्मियों की मदद करने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है पटना के सुल्तानगंज थाने में तीन पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति के साथ मिलकर जब्त की गई शराब की 16 बोतलें छिपा दी थीं। जांच में 16 बोतलें कम मिलीं तो एसपी ने जांच शुरू की। इसके बाद 16 बोतलें थाना परिसर में ही एक पेड़ के पास बरामद की गईं। बोतलें मिलने के बाद आरोपी पुलिसकर्मियों और उनकी मदद करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। चारों आरोपियों ने भारत निर्मित विदेशी शराब (IMFL) की जब्त की गई 16 बोतलें थाना परिसर में छिपाई थीं। बिहार में शराब का सेवन, बिक्री और भंडारण प्रतिबंधित है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पटना के सुल्तानगंज थाने में हुई इस घटना के सिलसिले में पुलिस कर्मियों के अलावा एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।
सहायक उपनिुरीक्षक, कांस्टेबल और ड्राइवर गिरफ्तार
शहर पुलिस अधीक्षक ने बताया, "जब्त की गई शराब की 16 बोतलें सुल्तानगंज थाना परिसर में छिपाने के आरोप में पुलिस के तीन कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को की गई गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।" सुल्तानगंज थाने में तैनात पुलिस के तीनों कर्मियों की पहचान सहायक उपनिरीक्षक मुरारी कुमार, कांस्टेबल नागेंद्र पासवान और चालक शैलेश कुमार के रूप में हुई है।
मरीन ड्राइव से पकड़ी गई थी शराब
पुलिस अधीक्षक ने बताया, "पुलिस ने 14 जनवरी को सुल्तानगंज थाने के अधिकार क्षेत्र में 'मरीन ड्राइव' के पास एक वाहन में 46 बोतल IMFL ले जाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधिकारी गिरफ्तार किए गए लोगों को थाने ले आए, लेकिन उस वाहन और उसके चालक को वह नहीं लेकर आए। उन्होंने चालक को बिना किसी रोक-टोक के जाने दिया।" जांच के दौरान पाया गया कि जब्त की गई शराब की 16 बोतलें गायब थीं। एसपी ने बताया कि जांच शुरू की गई और सुल्तानगंज थाना परिसर में एक पेड़ के पास छिपाए गए एक बैग में वो बोतलें बरामद की गईं।
चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
रामदास ने कहा, "जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिसकर्मियों की मदद करने के आरोप में चौथे व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।" बिहार सरकार ने 2016 में राज्य में शराब बनाने, भंडारण, परिवहन, बिक्री और खपत पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून लागू किया।
राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत
मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
प्रधानमंत्री मोदी ने सीधी जिले में बने 1500 तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा नया आयाम : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक
