बिहार-झारखण्ड
पटना में ट्रैफिक पर 24 घंटे का ब्रेक, नौबतपुर से एम्स तक मार्ग बंद
29 Jan, 2025 01:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: पटना के नौबतपुर से एम्स, पटना, फुलवारीशरीफ ब्रेकर होकर जीरो माइल तक आने वाले रास्ते में बुधवार की रात से 24 घंटे तक नो एंट्री रहेगी। ट्रकों का इस रास्ते से दिन और रात दोनों समय परिचालन नहीं होगा। ये वाहन नौबतपुर सिक्स लेन से बिहटा सरमेरा रोड होकर बेलदारीचक से गोपालपुर के रास्ते जीरो माइल तक पहुंचेंगे और वहां से गांधी सेतु जाएंगे। वर्तमान में गांधी सेतु से 1000 ट्रक रोज पार कर रहे हैं। इसे घटाकर तीन सौ पर लाने का लक्ष्य लिया गया है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। ट्रैफिक एसपी ने बताया कि दो दिनों से जीरो माइल, गांधी सेतु और एम्स से फुलवारीशरीफ तक भीषण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसको लेकर उन्होंने अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण और बैठक की थी।
बालू लदे वाहन की वजह से जाम लगता था
इसमें यह बात सामने आई कि बिहटा चौक पर बालू लदे वाहन की वजह से जाम लगता था। इन्हें गांधी सेतु से भेजने के लिए नौबतपुर सिक्स लेन से बिहटा सरमेरा रोड होकर बेलदारीचक गौरीचक थाना, गोपालपुर से जीरो माइल का रास्ता उपयोग करने को कहा गया था। लेकिन, नो एंट्री का समय समाप्त होने के बाद नौबतपुर से एम्स, फुलवारीशरीफ से जीरो माइल जाने के लिए शहर में प्रवेश कर जाते थे।
सुबह 6 बजे नो एंट्री लगते ही बेतरतीब ढंग से सड़कों पर खड़े हो जाते, जिसके कारण आम लोगों को परेशानी हो रही थी। हालांकि, अब ऐसा नहीं होगा। उन ट्रकों को निकालने के बाद बुधवार की रात से 24 घंटे तक नौबतपुर से एम्स, फुलवारीशरीफ से जीरो माइल से गांधी सेतु जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
हाजीपुर में फिर लगा महाजाम
हाजीपुर और उत्तर बिहार के लोगों को मंगलवार को फिर एक बार पुराने दिनों की याद ताजा हो गई। महात्मा गांधी सेतु और इसके कारण जेपी सेतु पर भीषण जाम के कारण हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 भी प्रभावित रहा। हाजीपुर से गांधी सेतु जाने वाले मार्ग में भीषण जाम से वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम का आलम ऐसा रहा कि कई लोग वाहनों को छोड़ पैदल ही चल पड़े।
झारखंड के सोनुआ जंगल में सुरक्षा बलों की मुठभेड़, दो माओवादी मारे गए
29 Jan, 2025 01:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिंहभूम: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक महिला समेत दो माओवादी मारे गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय शहर से करीब 80 किलोमीटर दूर सोनुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक जंगल में बुधवार तड़के हुई। कोलहन संभाग के पुलिस उप महानिरीक्षक ने बताया, 'सोनुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक जंगल में सुबह करीब 6:35 बजे के आसपास सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गयी। तलाशी अभियान के दौरान एक महिला समेत दो शव बरामद किए गए।' उन्होंने बताया कि घटनास्थल से दो इंसास राइफल भी बरामद की गई हैं। इलाके में अब भी तलाशी अभियान जारी है।
बिहार में सूरज सिंह की गिरफ्तारी, सीएम और आरजेडी प्रमुख के खिलाफ अश्लील गाने पर कार्रवाई
29 Jan, 2025 01:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नवादा: आमतौर पर भोजपुरी गायकों पर अश्लील गीतों के गाने के आरोप लगते रहे हैं. इसी कड़ी में चर्चित भोजपुरी गायक सूरज सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि सूरज सिंह ने सीएम नीतीश कुमार और पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव पर आधारित अश्लील गीतों को लिखा था. सूरज सिंह को नवादा पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया. सूरज सिंह ने आने वाले होली त्योहार को लेकर एक भोजपुरी गीत को लिखा था. इस गीत में सीएम नीतीश कुमार और पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव को लेकर असंसदीय शब्दों का प्रयोग किया गया था. सूरज सिंह का यह गीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. लोगों ने भी इस गीत को लेकर अपनी प्रतिक्रियाओं को देना शुरू कर दिया.
JDU-RJD ने गाने पर जताई थी आपत्ति
राज्य में सत्तारूढ जनता दल यूनाइटेड के साथ ही राजद ने भी इस गीत को लेकर अपनी आपत्ति जताई थी. गीत धीरे-धीरे चर्चा में आ गया. इसके बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया. फिर पुलिस ने गायक सूरज सिंह को नालंदा से गिरफ्तार कर लिया.
कहां का रहने वाला है सूरज सिंह?
नवादा पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सूरज सिंह जिले के वारसिलीगंज ब्लॉक के चकवाया गांव का निवासी है. उसके पिता का नाम जय नंदन रावत है. वह मूलरूप से स्थानीय गायक है. इसके पहले भी वह कई गानों को गा चुका है, जो भोजपुरी भाषा में हैं.
पुलिस गायक सूरज सिंह से कर रही पूछताछ
पुलिस ने सूरज सिंह के पास से एक मोबाइल फोन को भी बरामद किया है.जिसमें कई कंटेंट भी मिले हैं, जिसकी पुलिस अब जांच कर रही है. पुलिस ने सूरज सिंह के एक्स प्रोफाइल को भी होल्ड करा दिया है. इसी प्रोफाइल पर इस गाने को अपलोड किया गया था. पुलिस अब इस गायक से पूछताछ कर रही है.
झारखंड सरकार ने ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को हरमू में 3750 वर्ग फीट भूखंड का दिया तोहफा
29 Jan, 2025 01:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हॉकी के क्षेत्र में राज्य सहित देश का नाम ऊंचा करने वाली ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को झारखंड सरकार तोहफा देने जा रही है. दरअसल झारखंड सरकार की आदेश अनुसार हाउसिंग बोर्ड के द्वारा दोनों को हरमू में 3 हज़ार 750 वर्ग फ़ीट के भू खण्ड दिया जा रहा है. समान पा रहे खिलाड़ियों के साथ-साथ उन तमाम ने खिलाड़ियों के लिए यह भूखंड प्रेरणा स्रोत बनकर काम करेगा. मामले की जानकारी देते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि झारखंड की बेटियों के सम्मान के लिए आज प्रोजेक्ट भवन में कार्यक्रम आयोजित है दो स्टार बेटियों को आवास बोर्ड के तहत भूखंड मुहिया करने जा रहे हैं यह झारखंड के खेल नीति के तहत हो रहा है.
आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद हॉकी में सफलता
हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष संजय पासवान ने बताया कि 74वीं बैठक में इस बात को लेकर सहमति बनी थी और आज उन्हें मुख्यमंत्री के द्वारा सम्मान दिया जा रहा है. इस सम्मान से नए खिलाड़ी ऊर्जा स्रोत होंगे. उन्होंने बताया कि 3750 वर्ग फीट की यह जमीन हरमू इलाके में दी जा रही है. सिमडेगा जिले के बड़की छापर गांव की रहने वाली सलीमा टेटे के परिवार के सदस्य अभी भी कच्चे घर में रहते हैं. हाल ही में, उन्होंने अपने पुश्तैनी घर के पास एक छोटा सा कंक्रीट का घर बनवाया है. टोक्यो ओलंपिक 2023 के दौरान, उनके परिवार के पास उनका खेल देखने के लिए टीवी भी नहीं था, जिसके चलते मुख्यमंत्री सोरेन ने उन्हें 43 इंच का स्मार्ट टीवी और एक इन्वर्टर उपहार में दिया.
हरमू इलाके में मिलेगा नया घर
निक्की प्रधान की यात्रा भी उतनी ही प्रेरणादायक है. खूंटी जिले के हेसल गांव की मूल निवासी निक्की के परिवार को गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. उनके पिता एक कांस्टेबल थे, जिन्हें मामूली वेतन मिलता था, और बचपन में निक्की को अपनी मां के साथ खेतों में काम करना पड़ता था. उन्होंने बांस के छिलकों से बनी एक स्टिक से हॉकी खेलना शुरू किया, क्योंकि उनका परिवार उनके लिए उचित उपकरण खरीदने में सक्षम नहीं था. आज, उनके गांव के घर में अभी भी कंक्रीट की छत नहीं है.
रांची के सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड में खाने में मिला मरा चूहा, छात्रों ने खाने की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
29 Jan, 2025 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: रांची में स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड में उस वक्त हड़कंप मच गया. जब छात्रों के रात के डिनर के खाने में मरा हुआ चूहा मिला. इसके बाद आक्रोशित छात्रों ने जमकर बवाल काटा. आक्रोशित छात्रों ने मेस में तालाबंदी कर दी. साथ ही साथ कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. आक्रोशित छात्रों का कहना है कि 27 जनवरी की रात उन्हें जो खाना परोसा गया था उसमें चूहा का मरा हुआ बच्चा मिला है. उस खाने को खाने के कारण कॉलेज के कई छात्र बीमार पड़ गए. जिसमें से कुछ छात्रों को अस्पताल में भी भर्ती करना पड़ा. इससे अन्य छात्रों में कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ आक्रोशित होकर जमकर नारेबाजी की और रातभर धरने पर बैठे रहें. व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के एडमिन ब्लॉक के सामने जर्नलिज्म और अन्य विभाग के कई छात्र धरना प्रदर्शन किया.
छात्रों की बिगड़ी तबीयत
वहीं पूरी घटना के बारे में छात्रों ने कहा कि हॉस्टल में रह रहे छात्रों से खाने के लिए हर माह 2600 रुपए लिए जाते हैं. इसके बावजूद उन्हें ढंग का खाना नहीं दिया जाता है. हद तो तब हो गई जब 27 जनवरी की रात उन्हें डिनर में आलू सोयाबीन की सब्जी परोसी जा रही थी. उस खाने में ही मरे हुए चूहे का बच्चा मिल गया. खाना खाने के बाद कई छात्र बीमार पड़ गए. छात्रों को पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत हुई थी. इसी वजह से आक्रोशित छात्रों ने मेस में भी ताला जड़ दिया. सेंट्रल यूनिवर्सिटी के बॉयज हॉस्टल में करीब 400 छात्र रहते हैं. वहीं गर्ल्स हॉस्टल में भी सैकड़ों की संख्या में छात्राएं रहती हैं.
मैनेजमेंट पर लगाए गंभीर आरोप
सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छात्रों के हंगामा की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची. हालांकि छात्रों का प्रदर्शन जारी है. छात्रों ने कहा कि जब हम लोगों के द्वारा पैसे दिए जाते हैं तो इसके बावजूद इस प्रकार का घटिया खाना क्यों दिया जाता है. इसके लिए मैनेजमेंट दोषियों पर कार्रवाई करें. प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज के गार्ड के द्वारा भी उन लोगों के साथ बदसलूकी की गई है.
खाने में निकला था मरा हुआ चूहा
उन लोगों के साथ धक्का मुक्की की गई तो वो लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपने हक के लिए आवाज उठा रहे थे. क्योंकि खाने का उन लोगों के द्वारा पैसा दिया जाता है और खाने में अक्सर आनियमितता सामने आती हैं. अब तो हद हो गई है कि खाने में मरा हुआ चूहा का बच्चा निकला है. फिलहाल इस मामले को लेकर कालेज प्रबंधन और छात्रों के बीच गतिरोध जारी है. हालांकि कॉलेज प्रबंधन छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया है. हालांकि छात्रों का कहना है कि अक्सर मेस के खाने में कभी कीड़ा मिलता है तो कभी चूहा मिलता है.
महाकुंभ में भगदड़ के बाद प्रयागराज जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल रद्द, पटना से शाम तक नहीं चलेगी कोई ट्रेन
29 Jan, 2025 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ से दर्दनाक खबर आ रही है. यहां आज बुधवार, 29 जनवरी की सुबह-सुबह संगम तट पर भगदड़ मचने से कई लोगों के मरने की खबर है. जानकारी के अनुसार मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के लिए भक्तों का सैलाब संगम तट पर उमड़ा था. तभी भीड़ की वजह से भगदड़ मची. इस हादसे के बाद महाकुंभ आने वाले श्रद्धालुओं को प्रयागराज के बार्डर पर ही रोका जा रहा है. महाकुंभ मेले में मची भदगड़ के बाद पटना से प्रयागराज जाने वाले ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है.
ट्रेनों को मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी पर कैंसिल किया
प्रयागराज होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की कई ट्रेनों को मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी के अवसर पर कैंसिल भी कर दिया गया है. रेलवे ने 28 जनवरी वाले दिन लंबी दूरी की चार ट्रेनें कैंसिल कर दी है. इनमें आनंद विहार से प्रयागराज होकर मध्य प्रदेश के रीवा जाने वाली 12428 रीवा एक्सप्रेस, गुजरात में उधना से बनारस आने वाली 20961 उधना बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस, बिहार के गया से 12397 महाबोधि एक्सप्रेस और बिहार के भागलपुर से पटना, मुगलसराय या दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज होते हुए दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल आने वाली 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस शामिल हैं.
प्रयागराज जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल रद्द
महाकुंभ में भगदड़ मचने के बाद प्रयागराज के लिए जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल को रद्द किया गया है. अब आज बुधवार, 29 जनवरी की शाम तक प्रयागराज के लिए पटना से कोई ट्रेन नहीं है. इतना ही नहीं 30 जनवरी को कई ट्रेनें कैंसिल कर दी गई है. इनमें नई दिल्ली से गया जाने वाली 12398 महाबोधि एक्सप्रेस, दिल्ली से कामाख्या जाने वाली 15657 ब्रह्मपुत्र मेल, बिहार के जोगबनी से आनंद विहार टर्मिनल आने वाली 12487 सीमांचल एक्सप्रेस, नई दिल्ली से पुरी जाने वाली 12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, दिल्ली के आनंद विहार से भागलपुर जाने वाली 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस, पश्चिम बंगाल के हावड़ा से राजस्थान के बीकानेर जाने वाली 22307 हावड़ा बीकानेर एक्सप्रेस, झारखंड के मधुपुर से आनंद विहार आने वाली बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर एक्सप्रेस और पश्चिम बंगाल के आसनसोल से गुजरात के भावनगर जाने वाली 12965 पारसनाथ एक्सप्रेस शामिल हैं.
मंईयां सम्मान योजना के तहत 385886 महिलाओं के आवेदन स्वीकृत, मिलेगा ₹2500 प्रतिमाह
28 Jan, 2025 03:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी माधवी मिश्रा ने 3 लाख से अधिक महिलाओं के लिए खुशखबरी दे दी। उपायुक्त ने महिलाओं को जानकारी देते हुए कहा कि महिला आत्मसम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार की महत्वाकांक्षी योजना झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के वित्तीय वर्ष 2024-25 में 3,85,886 आवेदनों की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत अगस्त 2024 से नवंबर 2024 तक प्रतिमाह एक हजार एवं दिसंबर 2024 से ₹2,500 रुपये प्रतिमाह का भुगतान किया जा रहा है। वहीं केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजना के तहत 2,44,839 लाभुकों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।
सरकारी विद्यालयों में चल रहीं कई योजनाएं
उपायुक्त ने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं लोगों के सहयोग से धनबाद जिला को चहुंमुखी विकास के शिखर पर ले जाने के लिए जिला प्रशासन कृतसंकल्पित है। डीएमएफटी से चलाई जा रहीं विकास योजनाएं उपायुक्त ने कहा कि विभिन्न प्रखंडों के सरकारी विद्यालयों में 229 योजनाएं, जिसमें अतिरिक्त क्लासरूम, मल्टी पर्पस हाल एवं शौचालय निर्माण के लिए 6418.111 लाख रुपये की स्वीकृति डीएमएफटी से प्रदान की गई है। इसके अलावा एगारकुंड के केएफएस ग्राउंड एवं गोविंदपुर में भितिया स्टेडियम के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए 436.206 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
लीडर स्कूल बनाने के लिए 3129 लाख रुपये स्वीकृत
बलियापुर में 14 विद्यालयों को लीडर स्कूल बनाने के लिए 3129 लाख रुपये, निरसा के बेनागोड़िया पंचायत के जवाहर नवोदय विद्यालय को 58 लाख रुपये, विभिन्न प्रखंडों में पेय जलापूर्ति को सुदृढ़ करने क लिए 1,312 लाख, सदर अस्पताल में चहारदीवारी निर्माण के लिए 24 लाख रुपये, विभिन्न प्रखंडों में आधारभूत संरचना की 16 योजनाओं के लिए 3465 लाख रुपये की स्वीकृति डीएमएफटी से दी गई है।
1,796 लाख रुपये ऋण स्वीकृत
उपायुक्त ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024 - 25 में 266 लोगों को मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना का लाभ मिल रहा है। इसके लिए 1,796 लाख रुपये ऋण की स्वीकृति दी गई है। वहीं आदिवासियों के सरना, जाहेर स्थान, हड़गड़ी एवं मसना के संरक्षण एवं विकास के लिए पांच योजना स्वीकृत की गई है। मुख्य समारोह में उपविकास आयुक्त सादात अनवर, नगर आयुक्त रविराज शर्मा, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, एडीएम ला एंड आर्डर पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, डीटीओ दिवाकर सी द्विवेदी आदि थे।
झारखंड में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के ट्रांसफर के नाम पर ठगी का प्रयास, दो गिरफ्तार
28 Jan, 2025 03:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांचीः झारखंड के सीनियर प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी को मनचाहे स्थान पर ट्रांसफर पोस्टिंग कॉन्ट्रैक्ट और टेंडर मैनेज करने के नाम पर ठगी के मामले के प्रयास की पुलिस को गुप्त सूचना मिली है। जिसके आधार पर कोतवाली थाने में सनहा दर्ज आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आईपीएस, डीएसपी और दारोगा का ट्रांसफर कराने के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपये वसूली की बात सामने आई है। पूरे मामले में सीआईडी जांच कर सकती है। हालांकि फंसने के डर से कोई शिकायतकर्ता सामने नहीं आ रहा है और भी पुलिस भी बच रही है।
तबादले के नाम पर ठगी का प्रयास
रांची पुलिस को एक अनजाने फोन कॉल के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक ग्रुप राज्य के सीनियर प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी के ट्रांसफर पोस्टिंग के नाम पर ठगी करने का प्रयास कर रहा है। इसके बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज की गई और इस मामले में रांची के दो लोगों को हिरासत में लिया गया। सनहा के आधार पर रांची के अली रेजीडेंसी के सज्जाद उर्फ मुन्ना और बंसल प्लाजा स्टेशन रोड के कैप्टन सिंह सलूजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
तीन अन्य सदस्यों का नाम आया सामने
पुलिस को इस पूछताछ में ग्रुप के तीन और लोगों के नाम हाथ लगे है। जिसमें जमशेदपुर के सोनारी के आयन सरकार और हल्दी पोखर के चंदन लाल समेत रांची कडरू के सूर्य प्रभात का नाम सामने आया है। साथ ही पुलिस इस ग्रुप के ठगी के शिकार अधिकारी की भी पहचान करने का प्रयास कर रही है। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया
हालांकि पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया है। लेकिन उनके मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं और उसकी जांच की जा रही है। ताकि पता लगाया जा सके की इस ग्रुप की ओर से किन-किन सीनियर प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी को ठगने का प्रयास किया गया है और किस तरह से यह ग्रुप काम कर रहा था।
दरभंगा के अदलपुरा स्कूल में शिक्षक की हत्या, ग्रामीणों का सड़कों पर विरोध प्रदर्शन
28 Jan, 2025 01:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दरभंगा: दरभंगा जिले में एक शिक्षक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. बदमाशों ने शिक्षक के सिर में गोली मारी, जिसकी वजह से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वारदात 28 जनवरी, 2025 दिन मंगलवार की है. दरभंगा के मध्य विद्यालय अदलपुरा में तैनात सहायक शिक्षक रामाश्रय यादव की हत्या कर दी गई है. दिनदहाड़े शिक्षक की गोली मारकर हत्या से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.
हत्या के बाद स्थानीय बाजार बंद
मिली जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. रामाश्रय यादव एक बाइक पर सवार हो स्कूल महिला शिक्षिका के साथ स्कूल जा रहे थे. इस दौरान अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. शिक्षक कुशेश्वरस्थान नगर पंचायत के बहेड़ा गांव के निवासी थे. वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने कुशेश्वरस्थान एसएच 56 दरभंगा मुख्य सड़क को बंद कर दिया है. कुशेश्वरस्थान बाजार भी बंद कर दिया गया है.
स्थानीय लोगों का विरोध
शिक्षक की हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय ग्रामीणों और मौके पर पहुंचे शिक्षकों ने कुशेश्वरस्थान थाना को सूचना दी. पुलिस वारदात की जांच में जुट गई है. फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है.
जमशेदपुर में रेलवे ने 400 मकान तोड़ने की बनाई योजना, 8 हजार लोग हो सकते हैं बेघर
28 Jan, 2025 01:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर: जमशेदपुर में 400 से अधिक घरों को तोड़ने का नोटिस टाटा नगर रेलवे ने दिया है. नोटिस मिलते ही बस्ती वसियों में हड़कंप मच गया है. 31 जनवरी तक घर खाली करने का नोटिस रेलवे ने जारी किया है. दरअसल, जमशेदपुर से सटे परसुडीह, घाघीडीह पंचायत क्षेत्र के चार सौ से अधिक घर जो रेलवे और बिहार सरकार के नवादा क्षेत्रों में बना है. उसे तोड़ने के लिए रेलवे की ओर से नोटिस भेजा गया है. नोटिस में 31 जनवरी का अंतिम समय दिया गया है.
नोटिस के मुताबिक, 31 जनवरी, 2025 तक जगह खाली करें, नहीं तो विभाग की तरफ से अतिक्रमण मुक्त करवाया जाएगा. वहीं नोटिस मिलने के बाद क्षेत्र के चार सौ घरों मे रहने वाले परिवारों मे काफी गम का माहौल देखा जा रहा है. इतने बड़े संख्या में घरों को तोड़े जाने के विरोध में जिला परिषद अध्यक्ष के नेतृत्व मे सैकड़ों मुखिया उपायुक्त से मिल कर इस समस्या का समाधान निकलने की मांग की है.
बस्ती के लोगों का कहना है कि 70 वर्षों से वे लोग वहां रह रहे है. मगर एकाएक इस जगह को खाली करना पड़ेगा तो वह इतनी ठंढ में कहां जाएंगे. उनका कहना है कि अभी बच्चे परीक्षा की तैयारी कर रहे है. अभी उनका आसियाना टूट जाएगा तो सभी कहां जाएंगे. मुखिया ने कहा कि चार सौ घरों मे 8 हजार से भी अधिक की आबादी निवास करती है. वर्षों से रह रहे लोग अब कहां जाएंगे, सभी सड़क पर आ जाएंगे. मगर रेलवे की जमीन पर बने मकानों की व्याकल्पिक व्यवस्था की जाए. इस पूरे मामले पर जिला के उपायुक्त अनंय मित्तल ने कहा कि वे रेलवे के अधिकारियों के सम्पर्क में है, जितना कम घरों को तोडना पड़े उसको लेकर चर्चा की जा रही है.
बांका में गणतंत्र दिवस के मौके पर बच्चों को जिलेबी नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने हेडमास्टर को बनाया बंधक
28 Jan, 2025 12:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बांका: गणतंत्र दिवस के मौके पर बच्चों को जिलेबी नहीं मिलने का मामला इस कदर बढ़ गया कि ग्रामीणों ने हेडमास्टर का घेराव कर दिया. इतना ही नहीं ग्रामीणों ने हेडमास्टर से यह सवाल भी दाग दिया कि बच्चों के बीच जिलेबी का वितरण क्यों नहीं किया गया. अब ग्रामीणों के द्वारा किया गया घेराव सुर्खियों में बना हुआ है. सलेमपुर गांव के स्कूल में बीते रविवार को पूरे धूमधाम व उत्साह से गणतंत्र दिवस को मनाया गया. इस दौरान बच्चों के बीच में बांटने के लिए जिलेबी मंगाई गई. लेकिन कहा जा रहा है कि बच्चों की संख्या ज्यादा होने और जिलेबी की मात्रा कम होने के कारण कुछ बच्चों को जिलेबी नहीं मिली. इसी बात को लेकर सोमवार को जब स्कूल खूला तब स्थानीय ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर हेडमास्टर का घेराव कर दिया.
स्कूल में पढ़ते हैं 552 बच्चे
उन्होंने हेडमास्टर से यह सवाल भी किया कि जब 26 जनवरी को सरकार द्वारा बच्चों को जलेबी देने के लिए आवंटन आता है. तो जिलेबी का वितरण क्यों नहीं किया गया? ग्रामीणों ने यह भी कहा कि स्कूल के हेडमास्टर का सभी के साथ बर्ताव भी खराब रहता है. बताया जा रहा है कि इस विद्यालय में कुल बच्चे 552 हैं. वहीं इस मामले पर जिला पार्षद पूजा कुमारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली थी. उन्होंने वरीय पदाधिकारी से बात भी की. वर्तमान हेडमास्टर का ट्रांसफर किया जाएगा. वहीं स्कूल की शिक्षिका प्रीति कुमारी को प्रभार दिया जाएगा.
कच्ची जिलेबी मिली जांच में
इस पूरे मामले पर शिक्षिका प्रीति ने बताया कि जब गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराया गया, तब जिलेबी आई. जिलेबी आने में देरी हो गई थी. उस वक्त तक आधी जिलेबी ही आई थी. इस संबंध में जब हेडमास्टर से बच्चों को जिलेबी देने की बात कही गई. तो उनका कहना था कि पूरी जलेबी आने के बाद सबको दे दिया जाएगा. जब तक जलेबी आई, तब तक सारे बच्चे स्कूल से जा चुके थे. वहीं जब जिलेबी की जांच की गई तो सारी जलेबी कच्ची निकली.
जिलेबी वितरण न होने पर बच्चों का गुस्सा
शिक्षा सेवक ने बताया कि बहुत अच्छे तरीके से स्कूल में 26 जनवरी का प्रोग्राम किया गया. जब पहली बार जिलेबी आई तो बच्चों की संख्या की तुलना में आधी थी. पूरी जलेबी आने के बाद वितरण नहीं किया गया, क्योंकि कच्ची जिलेबी थी और बच्चे भी स्कूल से जा चुके थे. स्कूल की छात्रा ने भी कहा कि कल हम लोग आए थे. झंडा फहरा कर घर चले गए, जलेबी नहीं मिली. इसलिए आज हमारे गांव के लोग हेडमास्टर से बात करने के लिए आए हैं.
पटना जंक्शन पर प्रयागराज और दिल्ली जाने वाले यात्रियों की छूटी ट्रेन, बोगी के दरवाजे बंद होने से हुई परेशानी
28 Jan, 2025 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: सोमवार को प्रयागराज और दिल्ली जाने के लिए यात्री पटना जंक्शन पर ट्रेन पकड़ने आए, मगर ट्रेन की बोगी को उसमें बैठे यात्रियों ने बंद कर दिया. जिससे लोग ट्रेन में चढ़ नहीं सके. जानकारी के मुताबिक सोमवार 7:30 बजे प्रयागराज होते हुए दिल्ली जाने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (12393) पटना जंक्शन पर पहुंची थी. इस दौरान यहां पर एक बोगी को आम लोगों ने अतिक्रमण कर लिया. जिसकी वजह से रिजर्व टिकट लेकर सफर करने वाले यात्री दरवाजा बंद होने की वजह से ट्रेन में चढ़ नहीं पाए. कुछ बोगियों के गेट को अंदर से बंद कर दिया गया था. हालांकि कई यात्रियों ने दरवाजा पीटा मगर कुछ नहीं हुआ.
सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं
वहीं कछ लोगों ने ट्रेन की एक बोगी पर अतिक्रमण कर लिया लेकिन स्टेशन पर कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं थे. पटना जंक्शन पर जब इसकी शिकायत स्टेशन डायरेक्टर से की गई तो गेट पर ताला लगा हुआ था. इस अव्यवस्था को देख लोग हैरान हो रहे हैं.
श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ी
महाकुम्भ के कारण श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ गई है. ट्रेन में भीड़ बढ़ने के कारण कई लोगों की ट्रेनें छूट रही हैं. इसमें आरक्षित टिकट वाले 45 यात्रियों की ट्रेने छूट गईं, जबकि बड़ी संख्या अनरिजर्व्ड टिकट वालों की है. रेलवे ने सभी को दो स्पेशल ट्रेन के जरिए प्रयागराज रवाना किया. एक स्पेशल ट्रेन रात 10:00 बजे रवाना की गई जबकि दूसरी स्पेशल ट्रेन रात 10:30 बजे रवाना हुई. वहीं दिल्ली जाने वाली यात्रियों को टिकट का पैसा लौटा दिया गया.
झारखंड के कारोबारी सुरेश जालान ने खरीदा 90 करोड़ की प्राइवेट जेट, स्विट्जरलैंड से गिरिडीह एयरपोर्ट पहुंचा
27 Jan, 2025 03:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गिरिडीह: देश के सबसे अमीर कारोबारियों में से एक सुरेश जालान ने 10 सीटर प्राइवेट जेट खरीदा है. इस प्राइवेट जेट की कीमत 90 करोड़ रुपये बताई जा रही है. सुरेश जालान झारखंड के गिरिडीह के रहने वाले हैं और राज्य की सबसे बड़ी कार्बन रिर्सोस कंपनी के मालिक हैं. वो देश के सबसे अमीर कारोबारियों में 299वें स्थान पर है. सुरेश जालान ने स्विट्जरलैंड से 90 करोड़ रुपये की कीमत का प्राइवेट जेट खरीदा है. उन्होंने स्विट्जरलैंड से उड़कर गिरिडीह के बोरो एयरोड्रम पर लैंडिंग की. गणतंत्र दिवस पर विमान की पूजा भी की गई. फिलहाल विमान ने सिंगापुर के लिए उड़ान भरी है. यह कदम सुरेश जालान की क्षेत्र में बढ़ती आर्थिक शक्ति और विश्वव्यापी संबंधों की ओर संकेत करता है.
90 करोड़ की 10 सीटर प्राइवेट जेट
व्यापारी सुरेश जालान की कंपनी कार्बन रिसोर्सेज कार्बनयुक्त कच्चा माल बनाती है, जो भारत के पांच राज्यों में कारोबार करती है. उन्होंने दावा किया कि यह भारत में इलेक्ट्रोड पेस्ट का सबसे बड़ा और एकमात्र उत्पादक है, जिसकी उत्पादन क्षमता दो स्थानों पर 120,000 मीट्रिक टन प्रति वर्ष है. इसके अलावा, कंपनी कैल्सिनेड पेट्रोलियम कोक, इलेक्ट्रिकली कैल्सिनेड एन्थ्रेसाइट, रैमिंग पेस्ट, कार्ब्युराइज़र और इंजेक्शन कार्बन भी बनाती है. सुरेश जालान द्वारा खरीदा गया 90 करोड़ की लागत वाला 10 सीटर प्राइवेट जेट पूरे राज्य भर में चर्चा का विषय बना हुआ है. प्राइवेट जेट की कीमत आकार, रेंज, मॉडल, और सुविधाओं पर निर्भर करती है. आम तौर पर, इसकी कीमत 2 मिलियन डॉलर से लेकर 100 मिलियन डॉलर के बीच होती है. भारतीय रुपयों में यह 16 करोड़ से लेकर 800 करोड़ रुपये के आस-पास आता है.
भारत का सबसे महंगा प्राइवेट जेट
सबसे सस्ता प्राइवेट जेट सिरस विजन है, जिसकी कीमत करीब 16 करोड़ रुपये है. भारत में मुकेश अंबानी के पास सबसे महंगा प्राइवेट जेट है. दुनिया के सबसे महंगे प्राइवेट जेट सऊदी के प्रिंस अलवलीद बिन तलाल अल-सऊद के पास है. प्राइवेट जेट खरीदने के लिए वित्तपोषण के लिए आमतौर पर 10% से 20% डाउन पेमेंट की जरूरत होती है. शेष राशि को 20 सालों तक वित्तपोषित किया जाता है. विमान ऋण के लिए ब्याज़ दरें अच्छी खरीदारों के लिए 6% से 8% तक होती हैं. प्राइवेट जेट को लीज पर भी लिया जा सकता है.
झारखंड के जामताड़ा में साइबर ठगों का भंडाफोड़, 10 करोड़ की ठगी 6 गिरफ्तार
27 Jan, 2025 03:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जामताड़ा: डिजिटलाइजेशन के इस दौर में जहां पूरी दुनिया डिजिटल होते जा रही है. वहीं दूसरी तरफ साइबर ठग भी हर दिन एक से बढ़कर एक ठगी का नायाब तरीका इख्तियार कर रहे हैं.ओटीपी भेज कर मोबाइल हैक कर ठगी करने की घटना तो आम हो गई है. अब साइबर ठगों ने एक नया तरीका इख्तियार किया. अब आपके मोबाइल पर कोई ओटीपी नहीं जाती है. बिना ओटीपी भेजे ही आपके मोबाइल फोन को हैक कर लिया जाता है और साइबर ठग अपनी चाल में कामयाब हो जाते हैं. साइबर अपराधियों के नए गिरोह लोगों के मोबाइल पर एक ऐप का लिंक भेज रहे हैं. जैसे ही कोई उस ऐप पर क्लिक करता है. उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया जाता था. इसी तरह अब तक इन साइबर अपराधियों ने हजारों लोगों से 10 करोड़ रुपए तक की ठगी कर ली है. इस मामले में झारखंड के जामताड़ा जिला की साइबर थाना की पुलिस ने साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कुल 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
10 करोड़ की ठगी की
गिरफ्तार साइबर ठगों के पास से 14 मोबाइल, 23 सिम कार्ड एक ड्रोन कैमरा एक DSLR कैमरा, दो चार पहिया वाहन और 10 ATM कार्ड समेत करीब एक लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं. गिरिडीह जिले के एसपी एहतेशाम वकारीब ने बताया कि साइबर ठगों के गिरोह के सदस्यों ने ओटीपी के बजाय ऐप लिंक का मैसेज भेज कर ठगी की. इन साइबर अपराधियों ने अब तक 10 करोड़ की ठगी की है. पकड़े गए साइबर अपराधियों के पास से जब्त किए गए मोबाइल फोन से करीब 2700 पीड़ितों का अब तक पता चला है.
6 ठगों को किया गिरफ्तार
साइबर अपराध के नए मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड CID टेक्निकल सपोर्ट टीम ने गृह मंत्रालय और इंडियन साइबर कोऑर्डिनेशन से मदद मांगी, ताकि इस मामले में और कार्रवाई की जा सके. इस मामले में 6 ठगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें अजय मंडल, शेख बलाल, मोहम्मद महबूब आलम, सफाउद्दीन अंसारी, आरिफ अंसारी, जैस्मिन अंसारी का नाम सामने आया है. गिरफ्तार साइबर अपराधी जन-कल्याणकारी सरकारी योजनाओं जैसे- पीएम किसान योजना, पीएम फसल बीमा योजना के साथ-साथ कई बैंकों के ऐप डेवलप कर उसे आम लोगों को भेजते थे. जैसे ही कोई लिंक पर क्लिक करता उसका मोबाइल हैक हो जाता था.
झारखंड के गिरिडीह में घर में हुए भयंकर ब्लास्ट से महिला की मौत, छह लोग घायल
27 Jan, 2025 12:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह शहर के शीतलपुर में देर रात एक घर में जबरदस्त ब्लास्ट होने से एक महिला की मौत हो गई. तो वहीं 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना में गृहस्वामी उमेश दास की सास की मौत हो गई है, जबकि उमेश दास, उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, सभी को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया है. ब्लास्ट किस कारण से हुआ फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है.
घटना स्थल पर तैनात की फोर्स
ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि घर की दीवार से अलग होकर छत ऊपर की ओर उठ गई. यही वजह है कि इस घटना के बाद तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, कोई बता रहा है कि उमेश दास का पुराना जमीन विवाद चला रहा हैं, उसी में उसका घर उड़ाया गया है. तो वहीं कुछ लोग अलग दावा कर रहे हैं. इधर घटना के बाद मौक़े पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है. घटना के बाद एसडीपीओ , मुफ्फसिल थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस मौक़े पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है.
ब्लास्ट में एक महिला की मौत
जानकारी के अनुसार, इस घटना में बेदन्ति देवी की मौत हो गई है. जबकि उमेश दास, सबिता देवी, लक्ष्मी कुमारी, सन्नी कुमार और संदीप दास घायल हैं. इधर घटना के बाद एसडीपीओ ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. फॉरेनसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है.
राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत
मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
प्रधानमंत्री मोदी ने सीधी जिले में बने 1500 तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा नया आयाम : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक
