बिहार-झारखण्ड
बिहार में बदलते मौसम से बढ़ेंगी मुश्किलें, अगले 48 घंटे अहम
14 Feb, 2025 03:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। प्रदेश का मौसम तेजी से बदल रहा है। गुरुवार को तेज पछुआ ने वातावरण में नमी बढ़ा दी, जिससे शाम के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पूरे उत्तर भारत में फिलहाल पछुआ का जोर है। ऐसे में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान सामान्य रहेगा।
मौसम विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि प्रदेश का मौसम अभी काफी तेजी से बदल रहा है। कभी वातावरण काफी शुष्क हो जा रहा है तो कभी पछुआ की गति बढ़ने पर सुबह-शाम ठंड में वृद्धि हो जा रही है। इस तरह की स्थिति इस माह तक जारी रहने की उम्मीद की जा रही है।
औरंगाबाद रहा सबसे गर्म
गुरुवार को राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान औरंगाबाद रहा, यहां का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी में न्यूनतम तापमान 16.5 एवं अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक
राजधानी की हवा में आर्द्रता 70 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राज्य में मौसम में आगे भी उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है। आजकल राज्य के न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह रहा है।
भागलपुर में आज के मौसम का हाल
जिले में आज सुबह के समय हल्का कोहरा रहने के बाद धूप निकलेगी, दिन में गर्मी महसूस होगी। तेज पछुआ हवा चलेगी और मौसम साफ रहने का अनुमान है। शाम से सुबह तक ठंड का असर रहेगा।
हवा में प्रदूषण कम होगा। आज दिन का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बक्सर : बढ़ते तापमान ने बढ़ाई किसानों की टेंशन
तेज धूप और पछुआ हवा के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इसका असर रबी फसलों पर पड़ सकता है। यदि मौसम का मिजाज ऐसा ही रहा तो उपज में कमी आना निश्चित है, जिससे किसानों को बड़ा नुकसान हो सकता है।
न्यूनतम तापमान में हो रही वृद्धि रबी फसलों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। फरवरी महीने में मौसम के बदलते तेवर और तापमान में बढ़ोतरी के कारण किसान परेशान हैं। इससे दलहनी फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
किसानों का कहना है कि देर से बुआई की गई चना और मसूर के पौधों में अभी फूल और फल लग रहे हैं, लेकिन अनुकूल तापमान न होने के कारण इन पौधों से फूल झड़ रहे हैं। इसके अलावा, मिट्टी से नमी गायब होने के कारण गेहूं की सिंचाई समय से पहले करनी पड़ रही है।
कौन सी फसलें होंगी प्रभावित
किसान विशेषज्ञों का कहना है कि न्यूनतम तापमान 15 फरवरी तक 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे होना चाहिए था, लेकिन क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
इसके चलते गेहूं, सरसों, मसूर, चना और आम फसलों पर इसका सबसे ज्यादा असर होगा। रबी की फसलों के लिए ठंडे मौसम और ओस गिरने की प्रक्रिया जरूरी होती है।
विधानसभा चुनाव से पहले बिहार दौरे पर उतरेंगे केंद्रीय मंत्री, 18 फरवरी से मिशन शुरू
14 Feb, 2025 01:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिससे पहले भाजपा इसकी तैयारियों में जुट गई है। बिहार भाजपा विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर नरेंद्र मोदी सरकार के बजट की उपलब्धियां गिनाएगी।
इसके लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्रियों को बिहार के हर जिले में भेजकर प्रेसवार्ता कराने का लक्ष्य तय किया है। 18 फरवरी से इसकी शुरुआत होगी और केंद्रीय मंत्री बिहार आएंगे।
केंद्रीय मंत्रियों और नीतीश कैबिनेट के मंत्रियों को मिला टास्क
मोदी सरकार के बजट को भुनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। केंद्रीय मंत्रियों से लेकर नीतीश कैबिनेट के मंत्रियों को बड़ा टास्क दिया है।
अहम यह है कि नीतीश कैबिनेट के सभी मंत्री चाहे वे भाजपा के हों या जदयू के अपने प्रभार वाले जिले में जाकर प्रेसवार्ता करेंगे। इस दौरान एनडीए के नेता भी साथ रहेंगे।
जिला मुख्यालय में करेंगे प्रेसवार्ता
केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही नीतीश सरकार के मंत्रियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। केंद्रीय मंत्री से लेकर बिहार सरकार के मंत्री जिलों में जाकर प्रेसवार्ता करेंगे।
भाजपा नेतृत्व ने जिला स्तर पर पार्टी नेताओं से कहा है कि बजट की खास बातों को जनता के बीच ले जाएं। केंद्रीय बजट में बिहार के लिए जो खास घोषणाएं की गई हैं, उस बारे में जानकारी दें। लोगों को बताएं कि केंद्र सरकार ने बिहार के लिए कितना काम किया है।
बजट में किस वर्ग के लिए खास है। किसान, गरीब, मध्यम वर्ग के साथ ही आयकर में छूट देने से लेकर अन्य बातों को जनता के बीच पहुंचाएं।
केंद्रीय नेतृत्व के आदेश के बाद बिहार भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में बिहार भाजपा के पूर्व प्रभारी व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी पटना आ रहे हैं। संभवत: वे 18 फरवरी को केंद्रीय बजट पर प्रेसवार्ता करेंगे।
बजट में बिहार के लिए हुए ये बड़े एलान
बिहार में मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं विपणन की स्थिति में सुधार के लिए मखाना बोर्ड की स्थापना होगी।
वर्षों से लंबित पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने वित्तीय मदद का एलान किया है।
बिहटा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण की घोषणा की गई है।
बिहार में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलाजी एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट की स्थापना का एलान।
राष्ट्रीय स्तर पर लघु एवं सीमांत किसानों के लिए केसीसी की लोन सीमा में वृद्धि का एलान, जिसका फायदा बिहार के किसानों को भी मिलेगा।
किशनगंज-प्रयागराज हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार-डंपर की टक्कर में दो की मौत
14 Feb, 2025 01:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना-बक्सर एनएच 922 पर स्थानीय थाना क्षेत्र के कठार खुर्द गांव के पास गुरुवार रात को एक भीषण सड़क दुर्घटना घटी। किशनगंज से प्रयागराज जा रही एक कार, जो कुम्भ स्नान के लिए जा रही थी, डंपर से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रयागराज जाने के दौरान हुआ हादसा
घटना की जानकारी के अनुसार, किशनगंज जिले के कुर्ला कोर्ट थाना क्षेत्र के लोधाबारी गांव के छह लोग एक कार में सवार होकर प्रयागराज जा रहे थे। रात के समय जब वे कठार खुर्द गांव के पास पहुंचे तो सड़क पर एक पंचर डंपर खड़ा था और कार उसमें टकरा गई।
दो लोगों की मौत
इस दुर्घटना में कमल राजभर की 50 वर्षीय पत्नी फुलेश्वरी देवी की मौत रास्ते में हो गई, जब उन्हें डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया जा रहा था। वहीं, गणेश राजभर के 35 वर्षीय पुत्र शत्रुघ्न राजभर की इलाज के दौरान बक्सर सदर अस्पताल में मौत हो गई।
इसके अलावा, गंभीर रूप से घायल अन्य लोग मंटू राजभर की 50 वर्षीय पत्नी सरली देवी, गणेश राजभर की 32 वर्षीय पत्नी आशा देवी, रेनु कुमारी (23 वर्ष) और कार के चालक मुनारूल (35 वर्ष) हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया है। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने कार और डंपर को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना का मुख्य कारण सड़क के बीचों बीच खड़ा पंचर डंपर था, जिसकी वजह से कार अनियंत्रित हो गई।
यह भी जानकारी मिली है कि किशनगंज से तीन गाड़ियों से लोग महाकुंभ जाने के लिए निकले थे। इनमें से दो गाड़ियां आगे निकल गई थीं। पीछे वाली गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
ऑनलाइन जॉब फ्रॉड: वर्क फ्रॉम होम के नाम पर रांची की महिला से ठगी
14 Feb, 2025 01:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी रांची से साइबर फ्रॉड करने का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां अपराधियों द्वारा महिला के मोबाइल पर पहले टेलीग्राम के जरिये एक लिंक भेजा गया और फिर दिए गए टास्क के नाम पर एक लाख से ज्यादा रुपये की ठगी कर ली गई है. इसलिए अगर आपके मोबाइल पर किसी भी एप्लीकेशन के जरिए वर्क फ्रॉम होम के नाम पर कोई लिंक आता है, तो इससे आपको सावधान रहने की जरूरत है. क्योंकि साइबर अपराधियों के निशाने पर वैसे शिक्षित बेरोजगार हैं, जिन्हें नौकरी की तलाश है. साइबर अपराध की यह घटना रांची के सिरम टोली में रहने वाली एक ग्रहणी के साथ हुई है. दरअसल महिला की शादी एक साधारण परिवार में हुई है, इसलिए ग्रहणी हमेशा अपने पति की आर्थिक मदद करने के ख्याल से अलग-अलग साइट्स पर वर्क फ्रॉम होम जैसी जानकारी सर्च करती थी. इस क्रम में उसे कोई काम तो नहीं मिला, लेकिन वह साइबर अपराधियों की नजर में आ गई और साइबर अपराधियों ने बड़े ही शातिर तरीके से महज कुछ घंटे के अंदर ही उस ग्रहणी से तकरीबन डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए.
इस घटना के बाद पीड़िता सदमे में है. वह ना तो कुछ खा पा रही है और ना ही अपने परिवार का ख्याल रख पा रही है. पीड़िता की सास ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताती है कि उसकी बहु को टेलीग्राम में एक मैसेज आया और कहा गया कि सिर्फ लाइक करने पर पैसे मिलेंगे कुछ ड्रेस और ज्वेलरी की क्वालिटी बताने पर पैसे दिए जाएंगे. जैसे ही महिला ने इस टास्क को पूरा किया तो सबसे पहले उसके अकाउंट में 129 रुपए आए फिर दूसरे टास्क को पूरा करने पर महिला के अकाउंट में 900 रुपए आए और तीसरे टास्क को पूरा करने पर महिला के अकाउंट में 3900 रुपए आए.
जब महिला पूरी तरीके से साइबर अपराधियों के शिकंजे में आ गई तो अपराधियों द्वारा कहा गया कि अब जो टास्क होगा वह मनी टास्क होगा, जिसके लिए कुछ पैसे डालने होंगे. जिसे लेकर महिला ने दो बार मिलकर 10000 डाल दिए. फिर मैसेज में यह कहा गया कि उसके अकाउंट में कुछ दिक्कत आ गई है इसलिए धीरे-धीरे कर और पैसे डलवाए गए और इस तरीके से महिला ने तकरीबन 97 हजार रुपए उसके अलग-अलग अकाउंट में क्रेडिट कर दिए.
पीड़िता की सास आगे बताती है कि उसके बेटे की कुछ वर्षों पहले शादी हुई है और उसका एक 5 महीने का बच्चा भी है, लेकिन उनकी बहू साइबर फ्रॉड के झांसे में आ गई और उसने अपने तमाम रिश्तेदारों से 10000, 5000 ऐसे कर पैसे उधार ले लिए हैं. जब उसे इस बात की जानकारी हुई कि उसका अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है और फिर एक लाख डालने को बोला जा रहा है, तब वह घबरा गई और इसी बीच उसके पति को इस मामले की जानकारी हुई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. मामले की शिकायत साइबर थाने में कराई गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
गुमला में बड़ा सड़क हादसा, मंत्री के काफिले की गाड़ियां भिड़ीं, कई लोग घायल
14 Feb, 2025 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के गुमला जिला में राज्य की कृषि एवं पशुपालन मंत्री के काफिले की तीन कारें आपस में टकरा गईं. हादसा जिले केबसिया थाना क्षेत्र में हुआ. हादसे में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुप्रिया भगत समेत 5 लोग घायल हो हुए हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना से पुलिस प्रशासन एम् हड़कंप मच गया. घटना की जांच की जा रही है.
हादसा गुमला जिले के बसिया प्रखंड में हुई. जानकारी के मुताबिक, झारखंड सरकार की कृषि सहकारिता एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बसिया के दौरे पर थीं. वह जब जोलो गांव की ओर जा रही थीं, उसी वक्त कृषि मंत्री शिल्पी के काफिले में चल रही एक कार ने अचानक से ब्रेक मारा. अचानक कार रुकने से उस पीछे चल रही स्विफ्ट और बसिया की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ ) सुप्रिया भगत की सुमो कार आपस में टकरा गईं.
हादसे में 5 लोग हुए घायल
कृषि मंत्री की काफिले में चल रही 3 गाड़ियां के आपस में टकराने की घटना से हड़कंप मच गया.हादसे में बसिया की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुप्रिया भगत, उनकी गाड़ी के चालक जगपाल कुमार, जेएसएलपीएस के बनमाली साहू, रामजड़ी निवासी जितेंद्र कुमार भगत और ज्योति लकड़ा घायल हुए हैं. इस घटना में तीनों गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं. कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की कार काफिले में आगे थी , इस कारण वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं.
आपस में टकराईं तीन गाड़ियां
किसानों को समुचित लाभ मिल सके, किसानों के लिए बनी योजना धरातल पर क्रियान्वित होकर, लाभुक तक पहुंच रही है या नहीं, इसके साथ ही किसानो की समस्याओं से रूबरू होने के लिए लगातार कृषि मंत्री झारखंड के विभिन्न जिलों का दौरा कर रही हैं. वह गुमला जिला के बसिया प्रखंड में दौरा करने के लिए पहुंची थी, जहां उनकी कारकेड में चल रही तीन गाड़ी आपस में टकरा गईं, जिसमें बसिया बीडीओ समेत पांच लोग घायल हो गए. कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की पूरी तरह सुरक्षित हैं.
कौन हैं शिल्पी नेहा तिर्की?
शिल्पी नेहा तिर्की रांची जिला अंतर्गत मांडर विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार कांग्रेस पार्टी के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुई हैं. वह राज्य के पूर्व मंत्री बंधु तिर्की की बेटी हैं. इस बार की हेमंत सोरेन कैबिनेट में शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग मंत्रालय संभालने की जिम्मेदारी देते हुए उन्हें 5 दिसंबर 2024 को राज्य की कृषि मंत्री बनाया गया था.
मंईयां सम्मान योजना की जनवरी-फरवरी किस्त पर बड़ा अपडेट, जानें भुगतान की तारीख
14 Feb, 2025 01:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों को जनवरी माह की राशि सभी जिलों से जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलेगी। अभी कई जिलों में आवेदनों के सत्यापन का कार्य चल ही रहा है।
वहीं, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग को अभी तक जिलों से जांच रिपोर्ट नहीं मिली है, जबकि इसे लेकर जिलों को रिमांइडर भी भेजा गया है।
जनवरी और फरवरी की एक साथ जारी होगी किस्त
विभाग जनवरी और फरवरी माह की राशि एक साथ जारी करने को लेकर काम कर रहा है। जिलों से रिपोर्ट मिलने पर शिवरात्रि से पहले राशि बैंक खाते में हस्तांतरित हो सकती है।
सभी जिलों की रिपोर्ट का इंतजार
विभागीय सूत्रों के अनुसार, सभी जिलों से जांच रिपोर्ट आ जाती है तो उन लाभार्थियों के खाते में राशि हस्तांतरित हो सकता है, जिनका बैंक खाता आधार से लिंक हो गया है। हालांकि मार्च माह तक आधार की अनिवार्यता से छूट की फाइल भी बढ़ी हुई है। 18 फरवरी को होनेवाली कैबिनेट की बैठक में इसपर स्वीकृति मिल सकती है।
मार्च तक आधार की अनिवार्यता से छूट मिलने पर उन सभी महिलाओं के खाते में राशि हस्तांतरित होगी, जिनके आवेदन जिलों में चल रहे सत्यापन में सही पाए गए हैं। इधर, पोर्टल के दुरुस्त होने के बाद भी जिलों में नए आवेदकों के आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं।
बता दें कि कई जिलों में सत्यापन के क्रम में योजना के फर्जीवाड़ा के मामला सामने आए हैं। बोकारो, गढ़वा, रांची, हजारीबाग आदि जिलों में बड़ी संख्या में ऐसे मामले आए हैं। ऐसे फर्जीवाड़ा मामले में विभिन्न जिलों में हजारों आवेदन रद किए गए हैं।
केंद्र ने दी तीन माह की पेंशन की राशि
केंद्र सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं में तीन माह की राशि राज्य सरकार को उपलब्ध करा दी है।
इसके बाद विभाग ने पिछले वर्ष अक्टूबर, नवंबर तथा दिसंबर माह की राशि सभी जिलों को उपलब्ध करा दी है।
जिलों के माध्यम से तीनों माह की पेंशन की राशि लाभुकों के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जा रहे हैं।
केजरीवाल की हार के बाद लालू यादव का बीजेपी पर वार, दिया बड़ा चैलेंज
13 Feb, 2025 01:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। दिल्ली में विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार के बाद अब बिहार में भी सियासत तेज हो गई है। नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। इसी क्रम में आज आरजेडी सुप्रीमो अचानक मीडिया से टकरा गए और उन्होंने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी को चैलेंज भी कर दिया।
दरअसल, जब पत्रकारों ने लालू से पूछा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल हार गए, क्या इसका असर अब बिहार में भी दिखेगा। तो इसपर आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने कहा कि हम लोगों के रहते हुए बिहार में कैसे सरकार बना लेगा। हमलोग मजबूती से सामना करेंगे।
लालू यादव ने कहा कि बिहार को समझना इतना आसान नहीं है। हमलोग पूरी मेहनत से लगे हैं। लालू यादव ने इस दौरान अपनी पार्टी की तैयारियों के बारे में भी बताया। लालू यादव ने कहा कि बिहार की जनका को मुफ्त बिजली और युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया जाएगा।
बक्सर में प्रगति यात्रा से ठीक पहले जदयू के धरने पर संगठन में ही उठे सवाल
बक्सर के डुमरांव में स्थानीय नगर परिषद की गलत कार्यसंस्कृति और नागरिकों की ज्वलंत समस्याओं के सवाल को लेकर जनता दल यू की प्रखंड इकाई द्वारा आयोजित धरना चर्चा में रहा। इसको लेकर जदयू के अंदर ही मतभेद सामने आए हैं।
जदयू के विधानसभा प्रभारी रवि उज्ज्वल ने इस मामले में बयान जारी कर इसे गलत कदम बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के ठीक पहले दल के कुछ नेताओं ने भ्रष्टाचार के मसले पर धरना देकर गलत किया है।
उन्होंने सीधे अपने जिलाध्यक्ष पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि वह जिला 20 सूत्री समिति के उपाध्यक्ष हैं। उन्हें सरकार में रहते हुए धरना देने की बजाय यह समस्या उचित फोरम पर रखनी चाहिए थी।
इस धरना को लेकर एक तरफ जनता दल यू के प्रखंड अध्यक्ष के नेतृत्व में नथुनी प्रसाद खरवार, भरत मिश्रा, विशोका चंद एवं महेंद्र राम खूब सक्रिय दिखे, तो दूसरी ओर जदयू के डुमरांव विधानसभा प्रभारी रवि उज्ज्वल, नगर इकाई अध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता, बीरेन्द्र कुशवाहा व मंटू हाशमी ने इसे दल की नीतियों के विरुद्ध कदम बताया।
इधर जदयू जिलाध्यक्ष ने डुमरांव नगर परिषद में भ्रष्टाचार के सवाल पर जदयू के धरने को जायज कहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा प्रभारी को दलीय संगठन के कार्य को विस्तार देने व मजबूती प्रदान करने का दायित्व दिया गया है। लेकिन वह अनुमंडल अस्पताल और नगर परिषद की योजनाओं की जांच करते घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि धरनास्थल पर उन्होंने सरकार की आलोचना नहीं की है, बल्कि क्षेत्रीय विधायक के कार्यकलापों पर सवाल खड़े किए हैं।
उधर जनता दल यू राज्य सलाहकार समिति के सदस्य भरत मिश्रा ने कहा कि नागरिकों की ज्वलंत समस्या के निदान व भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना पर सवाल उठाना पूरी तरह अनुचित है। धरना में शामिल सभी कार्यकर्ता निष्ठावान व दल के प्रति समर्पित रहने वाले हैं।
हाजीपुर में बालू माफियाओं का आतंक, परिवहन विभाग की टीम पर हमला
13 Feb, 2025 01:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाजीपुर। हाजीपुर के स्थानीय महुआ रोड में सदर थाना क्षेत्र के सैदपुर रजौली चौक के निकट बीते बुधवार को वाहन जांच के दौरान बदमाशों ने परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक एवं उनके सहकर्मी पर हरवे हथियार से हमला कर दिया।
इस दौरान मारपीट कर एक महिला अधिकारी समेत तीन कर्मियों को घायल कर दिया। वहीं दो चारपहिया वाहनों को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने की नीयत से फायरिंग भी की और सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार घटना गत रात की बताई गई है। हमले में घायल हुए परिवहन विभाग की ईएसआई हेमा सिंह, कुमार हर्ष नमन और वाहन चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में इलाज कराया गया है। घटना के संबंध में बताया गया कि परिवहन विभाग की महिला अधिकारी अपने सहकर्मियों के साथ सैदपुर रजौली चौक के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी।
इसी दौरान वाहन पासिंग कराने के लिए कई चारपहिया वाहन और बाइक पर सवार दर्जनों की संख्या में सशस्त्र बदमाशों और माफियाओं ने महिला अधिकारी और सहकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला अधिकारी और सहकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
वर्दी का बटन तोड़ दिया, वाहन को कर दिया क्षतिग्रस्त
वहीं, उनके साथ बदतमीजी करते हुए वर्दी का बटन तोड़ दिया गया। पिस्टल और हरवे-हथियार के साथ नशा में उनके वाहन को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। सहकर्मी कुमार हर्ष नमन और चालक को भी मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
10 से 15 बदमाशों के खिलाफ एफआईआर
इस घटना को लेकर ईएसआई हेमा सिंह ने सदर थाने में चिकू राय और अखिलेश राय सहित 10 से 15 अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है। इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के सैदपुर रजौली में गत रात बदमाशों के महिला अधिकारी से मारपीट के मामले में दो नामजद एवं 10 से 15 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही।
उन्होंने बताया कि महिला अधिकारी का आरोप है कि वहांं वाहन जांच के दौरान सशस्त्र बदमाशों ने हमला कर मारपीट की और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी दौरान गोलीबारी भी की गई। प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मुंगेर में मूर्ति तोड़ने से आक्रोश, सड़क पर उतरे लोग, भारी पुलिस बल तैनात
13 Feb, 2025 12:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंगेर। मुंगेर के नयारामनगर थाना क्षेत्र के महमदा गांव स्थित दुर्गा मंदिर में चैती दुर्गा पूजा के लिए बनाई जा रही मां दुर्गा की प्रतिमा को बुधवार की देर रात असमाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। गुरुवार की सुबह जब ग्रामीणों को जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण दुर्गा मंदिर के पास इकट्ठा हो गए। जहां पाया गया कि मां दुर्गा की अर्धनिर्मित दुर्गा की प्रतिमा का क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
इसके बाद उग्र ग्रामीण पाटम-महमदा मुख्य पथ को जाम कर दिया तथा प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि महमदा गांव में वर्ष 1946 से चैती दुर्गा की प्रतिमा बनती है।
मूर्ति का ढांचा आधा ही हुआ था निर्माण
मूर्तिकार ने बुधवार को मूर्ति का ढांचा तैयार किया गया था। इसे असमाजिक तत्वों ने बुधवार की देर रात तोड़ दिया। मामले की जानकारी मिलने पर नयारामनगर, बरियारपुर सहित कई थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची ग्रामीणों को समझाने में जुट गई।
1 घंटे बाद पहुंचे थानाध्यक्ष
लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद नयारामनगर थानाध्यक्ष के आश्वाशन पर जाम हटाया गया। इधर सदर एसडीओ के यहां एसडीपीओ की मौजूदगी में 12 बजे दोनों पक्ष से पांच-पांच लोग मौजूद रहेंगे और शांति समिति की होगी बैठक। जाम के दौरान कार्यालय जाने वाले कर्मी और इंटर के परीक्षार्थीयों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिहार में पासपोर्ट सत्यापन के नियमों में बदलाव, नए आदेश जारी
13 Feb, 2025 12:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। अब बिहार में पासपोर्ट बनाने वालों के लिए पुलिस से अपराध का रिकॉर्ड छिपाना आसान नहीं होगा। पासपोर्ट बनाने के पहले किए जाने वाले पुलिस सत्यापन का काम अब अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं सिस्टम (सीसीटीएनएस) की मदद से किया जाएगा। इससे कम समय में अधिक पारदर्शिता से पुलिस सत्यापन हो सकेगा।
थानास्तर पर पुलिस पदाधिकारियों को दिए गए दिशानिर्देश
इस बाबत थानास्तर पर पुलिस पदाधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसी माह के पहले सप्ताह में सरदार पटेल भवन स्थित पुलिस मुख्यालय के सभागार में पटना जिले के सभी थानों के पदाधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया था। इसमें क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के पदाधिकारी भी शामिल हुए थे। दरअसल, राज्य के लगभग सभी थानों को सीसीटीएनएस से जोड़ दिया गया है।
एक थाना दूसरे थाना से ले सकेंगे जानकारी
इससे राज्य के किसी भी थाने में अगर किसी व्यक्ति पर कोई आपराधिक मामला दर्ज है, तो उसकी जानकारी किसी भी जिले के थाने से ली जा सकेगी। पासपोर्ट का आवेदन आने पर थाने के पुलिस पदाधिकारी आवेदक का नाम और तस्वीर आदि सीसीटीएनएस पर अपलोड कर चेक करेंगे।
पासपोर्ट बनाने के काम में तेजी लाने के लिए बिहार पुलिस पहले से ही एम पासपोर्ट पुलिस एप का भी इस्तेमाल कर रही है।
पासपोर्ट से जुड़े आवेदन ऑनलाइन ही आ जाते
इसके जरिए सभी थानों में अब पासपोर्ट से जुड़े आवेदन ऑनलाइन ही आ जाते हैं। पहले इसकी भौतिक प्रति आती थी और सत्यापन के बाद इसे कई कार्यालयों से होते हुए वापस पासपोर्ट कार्यालय भेजा जाता था।
एम-पासपोर्ट एप के आने से आनलाइन काम कम समय में हो जा रहा है। इसके लिए एक हजार से अधिक थानों को पुलिस मुख्यालय के स्तर से टैबलेट भी उपलब्ध कराए गए हैं।
पासपोर्ट बनवाने के लिए दस्तावेज
आधार कार्ड: आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करनी होती है।
पैन कार्ड: पैन कार्ड की फोटोकॉपी जमा करनी होती है।
जन्म प्रमाण पत्र: जन्म प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी जमा करनी होती है।
पता प्रमाण पत्र: पता प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी जमा करनी होती है।
फोटो: पासपोर्ट साइज की दो फोटो जमा करनी होती हैं
आवेदन प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन: पासपोर्ट सेवा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होता है।
आवेदन फॉर्म भरना: आवेदन फॉर्म में सभी आवश्यक जानकारी भरनी होती है।
दस्तावेज अपलोड करना: आवश्यक दस्तावेजों की फोटोकॉपी अपलोड करनी होती है।
फीस जमा करना: पासपोर्ट फीस ऑनलाइन जमा करनी होती है।
पासपोर्ट सेवा केंद्र में जाना: आवेदन जमा करने के बाद, पासपोर्ट सेवा केंद्र में जाना होता है और आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति दिखानी होती है।
पुलिस सत्यापन
पुलिस सत्यापन: पासपोर्ट सेवा केंद्र में आवेदन जमा करने के बाद, पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया शुरू होती है।
पुलिस रिपोर्ट: पुलिस रिपोर्ट के आधार पर, पासपोर्ट जारी किया जाता है।
पासपोर्ट जारी करना
पासपोर्ट जारी करना: पुलिस रिपोर्ट के आधार पर, पासपोर्ट जारी किया जाता है।
पासपोर्ट प्राप्त करना: पासपोर्ट जारी होने के बाद, आवेदक को पासपोर्ट प्राप्त करने के लिए पासपोर्ट सेवा केंद्र में जाना होता है।
झारखंड के बुजुर्गों को मिलेगा सरकार का तोहफा, वृद्धा पेंशन में होगी बढ़ोतरी
13 Feb, 2025 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ठाकुरगंगटी (गोड्डा)। प्रखंड क्षेत्र की रूंजी पंचायत अंतर्गत परसबन्नी मैदान पर शुभ गृह प्रवेश और फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों के किट वितरण कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने प्रखंड क्षेत्र की सभी 16 पंचायतों के आठ दर्जन से अधिक आवासों की महिला लाभुकों को आवास की चाभी सौंपी।
दीवार घड़ी देकर महिलाओं को किया गया सम्मानित
इस दौरान लाभुकों को एक-एक दीवार घड़ी देकर सम्मानित किया गया। वहीं कई फुटबाल टीमों के खिलाड़ियों को किट उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि सबका अपने घर का सपना होता है।
झारखंड सरकार द्वारा गरीब ग्रामीण,दबे कुचले, पिछड़ा,आदिवासियों, दलितों,आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को अबुआ आवास उपलब्ध कराया गया है।
बेघर लोगों को मिल रहा आवास
झारखंड सरकार की सोच है कि प्रदेश का कोई भी परिवार बेघर नहीं रहे। सभी को तीन कमरे वाला अपना निजी पक्का घर मिले। प्रदेश के तमाम परिवार खुशहाली और अमन चैन के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें।
वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाने पर चर्चा
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि विपक्षी लोग बेवजह जनता कोल गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उनकी एक भी नहीं चली।
सरकार द्वारा महिलाओं के सहयोग के लिए मंईयां सम्मान योजना भी शुरू की गई है। साथ ही साथ बुजुर्गों को मिलने वाले वृद्धावस्था पेंशन की भी राशि बढ़ाने की बात भी चल रही है।
महिला लाभुकों को स्वयं सहायता समूह से जोड़ने की तैयारी
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के कर्मियों से कहा कि जिन माताओं-बहनों को मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिल रहा है उन सभी को स्वयं सहायता समूह से जोड़कर बचत करने और बच्चों को पढ़ने लिखने परिवार का भरण पोषण करने में सहयोग प्रदान कराएं।
बनियाडीह गांव के समाजसेवी दिलीप कुमार भगत के आकस्मिक निधन पर ग्रामीण विकास मंत्री ने उनके घर पर जाकर परिवार बच्चों से मिलकर सांत्वना दिया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उप विकास आयुक्त स्मिता टोप्पो, एसडीओ आलोक वरण केसरी, बीडीओ विजय कुमार मंडल, प्रमुख कुंदन कुमार महतो, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष सह मुखिया अवधेश ठाकुर, मुखिया संघ प्रखंड अध्यक्ष इग्नाशियस मुर्मू आदि ने भी सभा को उपस्थिति किया।
मौके पर कांग्रेसी नेता रंजन कुमार ठाकुर, लोकनाथ ठाकुर, भोला प्रसाद यादव, ठाकुर राजेश, मिहिर महतो, झामुमो नेता शंकर पोद्दार, राजद नेता सुशील प्रसाद यादव, त्रिभुवन यादव, मुखिया सालोमी मुर्मू, आशा देवी, चुन्नी देवी, शीला देवी, मनोज यादव, मनोरंजन कुमार आदि शामिल थे।
यात्रीगण ध्यान दें! धनबाद और रांची-हटिया रूट की 10 ट्रेनें रद्द
13 Feb, 2025 12:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। झारखंड में रेल यात्रियों की परेशानी गुरुवार से बढ़ने वाली है। रेलवे ने 13 से 22 फरवरी तक 10 ट्रेनों के रद करने की घोषणा कर दी है। इनमें धनबाद होकर गुजरने वाली बर्द्धमान-हटिया मेमू के साथ महुदा होकर चलने वाली रांची-हावड़ा इंटरसिटी, बोकारो-रांची पैसेंजर समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं।
इसके साथ ही मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस व रक्सौल-सिकंदराबाद स्पेशल अलग-अलग दिनों में मार्ग बदल कर चलेंगी। इस कारण रांची नहीं जाएगी। दक्षिण पूर्व रेल के रांची रेल मंडल के अंतर्गत चार लेन वाले सिरमटोली, सड़क सह रेल ऊपरी पुल निर्माण कार्य के लिए ब्लाक लिए जाने से ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
कैंसिल की गई ट्रेनें
13503 बर्द्धमान-हटिया मेमू एक्सप्रेस 13 से 21 फरवरी तक रद
13504 हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस 14 से 22 फरवरी तक रद
18628 रांची-हावड़ा एक्सप्रेस 13 से 22 फरवरी तक रद
18627 हावड़ा-रांची एक्सप्रेस 13 से 22 फरवरी तक रद
58034 रांची -बोकारो पैसेंजर 13 से 22 फरवरी तक रद
58033 बोकारो-रांची पैसेंजर 13 से 22 फरवरी तक रद
58663 हटिया-सांकी पैसेंजर 13 से 22 फरवरी तक रद
58664 सांकी-हटिया पैसेंजर 13 से 22 फरवरी तक रद
58665 हटिया-सांकी पैसेंजर 13 से 22 फरवरी तक रद
58666 सांकी-हटिया पैसेंजर 13 से 22 फरवरी तक रद
इन ट्रेनों के बदलेंगे मार्ग
15 फरवरी को चलने वाली 13425 मालदा टाउन -सूरत एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग मूरी, रांची व राउरकेला के स्थान पर परिवर्तित मार्ग मूरी, चांडिल, सिनी व राउरकेला होकर चलेगी।
18 को चलने वाली 07052 रक्सौल-सिकंदराबाद स्पेशल अपने निर्धारित मार्ग मूरी, रांची व राउरकेला के स्थान पर परिवर्तित मार्ग मूरी, चांडिल, सिनी व राउरकेला होकर चलेगी।
झारखंड में आयुष्मान भारत और अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत नई बीमा अवधि की शुरुआत
12 Feb, 2025 12:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: झारखंड में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना एवं अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत नई बीमा अवधि शुरू हो गई है। 10 फरवरी को राज्य में सूचीबद्ध सभी निजी और सरकारी अस्पतालों में पुरानी बीमा की अवधि के समाप्त होते ही इस योजना की नई बीमा अवधि को लागू कर दिया गया है। अब इस बीमा अवधि के दौरान राज्य के सभी पात्र लाभुक लाभ ले सकेंगे और पूर्व की तरह सभी सूचीबद्ध निजी और सरकारी अस्पतालों में अपना निश्शुल्क इलाज करवा सकेंगे।
66 लाख से अधिक लाभुकों को मिलेगा लाभ
स्वास्थ्य विभाग एवं झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के अनुसार राज्य के 66 लाख से अधिक लाल, पीला एवं हरा राशन कार्डधारी परिवार इस योजना का लाभ ले सकेंगे। साथ ही विभाग द्वारा नई बीमा अवधि से एचबीपी 2022 लागू किया गया है। इसके अंतर्गत 534 नये पैकेज भी शामिल किए गये हैं एवं पुराने पैकजों की दर को संशोधित किया गया है। हेल्थ बेनिफिट पैकेज-2022 में प्रशासक देखभाल पैकेज, उच्च अंत प्रक्रियाएं जैसे बोन मैरो ट्रांसप्लांट और कोक्लियर इम्प्लांट सर्जरी आदि प्रक्रियाएं भी सम्मिलित की गई हैं।
ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम-2 लागू
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम (TMS) के नया वर्जन को भी झारखंड में लागू किया गया है। झारखंड में आयुष्मान भारत योजनाहाइब्रिड मोड में संचालित है एवं देश भर में हाइब्रिड मोड में संचालित प्रदेश में झारखंड पहला राज्य है, जहां टीएमएस 2.0 को लागू किया गया है। झारखंड आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक के अनुसार अब अस्पतालों को भी इस योजना के तहत काम करने में काफी सुविधा होगी। TMS 2.0 में डाक्यूमेंट का साइज अब 500 केबी से बढ़ाकर एक एमबी कर दिया गया है। इससे अस्पताल अब अधिक डाक्यूमेंट्स अपलोड कर सकेंगे। साथ ही इस योजना का दुरुपयोग नहीं हो सकेगा।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने छेड़छाड़ पीड़िता की तस्वीर वायरल करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट से वापस ली याचिका
12 Feb, 2025 12:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांचीः झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने छेड़छाड़ पीड़िता की तस्वीर वायरल करने से संबंधित केस में हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट से वापस ले ली है। सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की बेंच ने उन्हें इसकी इजाजत दे दी।
बच्ची से मुलाकात की तस्वीर वायरल करने का मामला
पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा था कि यह याचिका विचार योग्य नहीं है। इरफान अंसारी वर्ष 2018 में छेड़छाड़ की शिकार एक बच्ची से मिलने हॉस्पिटल गए थे। बच्ची से मुलाकात की तस्वीर वायरल होने से उसकी पहचान उजागर हो गई। आरोप है कि यह तस्वीर इरफान अंसारी के मोबाइल से वायरल हुई। इसे लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पिछले वर्ष इस मामले में निचली अदालत ने संज्ञान लिया था। एमपी-एमएलए कोर्ट में उनके खिलाफ ट्रायल चल रहा है।
हाईकोर्ट ने खारिज की थी याचिका
इरफान अंसारी ने ट्रायल रद्द करने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने सितंबर 2024 में उनकी याचिका खारिज कर दी। इसके बाद इरफान सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका पर पिछली सुनवाई के दौरान कहा था कि आप हर चीज के लिए प्रचार क्यों चाहते हैं?
अदालत की टिप्पणी के बाद याचिका वापस
जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने कहा था कि बच्ची से मुलाकात के दौरान कानून के तहत अनिवार्य आवश्यकताओं का पालन नहीं किया गया। जस्टिस नागरत्ना ने पूछा था कि विधायक को अगर पीड़िता से मिलना था तो क्या वह अकेले या एक-दो लोगों के साथ नहीं जा सकते थे? वह समर्थकों का समूह लेकर पीड़िता से क्यों मिलने गए थे? अदालत की इस प्रतिकूल टिप्पणी के बाद इरफान अंसारी ने अपनी याचिका वापस ले ली।
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह का जमशेदपुर में एक महीने का शूटिंग शेड्यूल, फिल्म "कालामाटी" की शूटिंग
12 Feb, 2025 12:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर: भोजपुरी सिनेमा जगत के पावरस्टार कहे जाने वाले पवन सिंह इन दिनों झारखंड में हैं. वह जमशेदपुर में अपनी फिल्म की शूटिंग करने वाले हैं. सूत्रों से मिली सूचना के अनुसार, पवन सिंह जमशेदपुर में करीब एक महीने रुकेंगे. यहां पर एक्टर अपनी आने वाली भोजपुरी फिल्म की शूटिंग करेंगे. जानकारी के अनुसार पवन सिंह जमशेदपुर और इसके आसपास के क्षेत्र में फिल्म 'कालमाटी' की शूटिंग करेंगे. जमदेशदपुर पहुंचने का वीडियो पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है.
भोजपुरी फिल्म 'कालामाटी' की शूटिंग
11 फरवरी, 2025 दिन मंगलवार को भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह जमशेदपुर पहुंचे हैं. पवन सिंह जमशेदपुर के सोनारी स्थित डफलम और एलबम के निर्माता निदेशक बदरी झा के स्टूडियो में भी गए थे. भोजपुरी फिल्म 'कालमाटी' का निर्माण जमशेदपुर म्यूजिक फैक्ट्री की तरफ से किया जा रहा है. भोजपुरी फिल्म 'कालमाटी' की शूटिंग केवल जमशेदपुर में ही नहीं होगी. बल्कि झारखंड के कई आकर्षक जगहों पर भी किया जाएगा. इस फिल्म के लीड रोल में पवन सिंह होंगे. भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह एक सप्ताह बाद लगातार इस फिल्म की शूटिंग करेंगे.
फिल्म से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया
पवन सिंह ने जमशेदपुर का अपना एक वीडियो इस फिल्म से जुड़ा हुआ सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. अपने इंस्टाग्राम पर पवन सिंह ने रील वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि "कालामाटी की स्क्रिप्ट पर चर्चा. मंच तैयार है, कल्पना भव्य है क्या आप इतिहास बनते देखने के लिए तैयार हैं. 'काला माटी' भोजपुरी सिनेमा को नए सिरे से परिभाषित करने के लिए तैयार है हमारे."
राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत
मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
प्रधानमंत्री मोदी ने सीधी जिले में बने 1500 तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा नया आयाम : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक
