छत्तीसगढ़
निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस की 10 मेयर उम्मीदवारों की लिस्ट जारी
27 Jan, 2025 03:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों के मेयर प्रत्याशियों के लिए कांग्रेस ने नाम का एलान कर दिया है। विपक्षी कांग्रेस ने सोमवार को छत्तीसगढ़ में सभी 10 महापौर पदों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनके लिए चुनाव अगले महीने राज्य के अन्य शहरी निकायों के साथ होंगे।
निवर्तमान महापौर डॉ.अजय तिर्की और जानकी काटजू को अंबिकापुर और रायगढ़ से, पूर्व विधायक डॉ. विनय जयसवाल को चिरमिरी से, दीप्ति प्रमोद दुबे को रायपुर से, प्रेमलता पोषण साहू को दुर्ग से, प्रमोद नायक को बिलासपुर से और उषा तिवारी को कोरबा से मैदान में उतारा गया है।
चुनाव समिति से मंजूरी के बाद जारी की लिस्ट
कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रभारी महासचिव (संगठन और प्रशासन) मलकीत सिंह गैंदू जगदलपुर में
निखिल द्विवेदी राजनांदगांव में विजय गोलछा धमतरी में महापौर पद के लिए पार्टी के उम्मीदवार हैं।
गैंदू ने सुबह पार्टी की राज्य चुनाव समिति से मंजूरी के बाद उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। अंबिकापुर नगर निगम के दो बार महापौर रहे टिर्की ने 2014-15 में पहली बार इस पद पर जीत हासिल की।
कांग्रेस ने उन्हें 2023 के विधानसभा चुनाव में रामानुजगंज सीट से मैदान में उतारा जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
दीप्ति दुबे को रायपुर से मैदान में उतारा गया
विनय जयसवाल पिछली राज्य विधानसभा (2018-2023) में मनेंद्रगढ़ सीट से विधायक थे। उनकी पत्नी कंचन जयसवाल वर्तमान में चिरमिरी नगर निगम की महापौर हैं।
दीप्ति दुबे, जिन्हें रायपुर नगर निगम के मेयर पद के लिए मैदान में उतारा गया है, पूर्व मेयर और नागरिक निकाय के मौजूदा अध्यक्ष प्रमोद दुबे की पत्नी हैं।
पार्टी ने 40 नगर पालिका परिषदों और 102 नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की।रविवार को राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा ने सभी 10 मेयर पदों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
कब होंगे चुनाव?
10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों सहित 173 नागरिक निकायों के चुनाव 11 फरवरी को एक ही चरण में होंगे, जबकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 17, 20 और 23 फरवरी को तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे।
नक्सलियों का आतंक: मुखबिरी के आरोप में आदिवासी ग्रामीण की हत्या
27 Jan, 2025 03:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीजापुर। बस्तर में नक्सलियों की कायराना हरकत सामने आई है। नक्सली लगातार सुरक्षा बल से सीधी मुठभेड़ में मात खा रहे हैं, इसी की खीज में अब उन्होंने ग्रामीणों के फिर से निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
आदिवासी ग्रामीण की मुखबिरी के आरोप में हत्या
लोगों में डर का वातावरण बनाए रखने के लिए नक्सलियों ने एक आदिवासी ग्रामीण की मुखबिरी के आरोप में हत्या कर दी है।
कुल्हाड़ी मार कर हत्या की
पुलिस के अनुसार भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के केशामुंडी गांव के 41 वर्षीय ग्रामीण भदरू सोढ़ी पिता हिड़मा की 26 जनवरी की शाम को कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी है। घटनास्थल से नक्सलियों के भैरमगढ़ एरिया कमेटी की ओर से जारी पर्चा बरामद हुआ है। इसमें नक्सलियों ने भदरु को गद्दार का साथ देने, सलवा जुड़ूम में काम करने और पार्टी की सूचना पुलिस को देने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
भैरमगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ज्ञात हो कि सुरक्षा बल के नक्सल विरोधी अभियान से नक्सली संगठन को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। साथ ही नक्सलियों के कोर क्षेत्र में नवीन सुरक्षा कैंप के निर्माण से नक्सलियों का आधार क्षेत्र सिमट रहा है। नक्सली इस खीझ में आम निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों की हत्या कर रहे हैं ताकि उनका वर्चस्व बना रहे।
कबीरधाम में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई, गुड़ फैक्ट्री से 3 लाख रुपये का पत्थर चूरा बरामद
27 Jan, 2025 12:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कवर्धा में एक गुड़ फैक्ट्री में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था. यहां गुड़ में पत्थर का चूरा मिलाकर गुड़ तैयार किया जा रहा था. फैक्ट्री से कई क्विंटल पत्थर का चूरा बरामद किया गया है. इस पत्थर के चूरे की मिलावट गुड़ को वजनदार बनाने के लिए की जा रही थी. अब इस फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ, जहां 620 बोरियों में ये पत्थर का चूरा भरा हुआ रखा था, जिसे बरामद किया गया है.
ये फैक्ट्री कबीरधाम के कवर्धा के कुंडा तहसील क्षेत्र के जंगलपुर गांव में चल रही थी, जिसका संचालन मां दुर्गा गुड़ उद्योग नाम से हो रहा था. उद्योग संचालक ने ये पत्थर चूरा उत्तर प्रदेश से मंगाया था. उन्होंने सीमेंट की बोरियों में भरकर ये चूरा मंगाया था. इस उद्योग का पर्दाफाश शुक्रवार और शनिवार को तब हुआ, जब फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने आधी रात को 2 बजे छापेमारी की. इस दौरान 310 क्विंटल स्टोन पाउडर यानी पत्थर का चूरा बरामद किया गया, जिसे 620 बोरियों में रखा हुआ था.
23 क्विंटल मिलावटी गुड़ भी बरामद
यही नहीं मां दुर्गा इंडस्ट्री से 23 क्विंटल मिलावटी गुड़ भी बरामद किया गया है, जो स्टोन पाउडर बरामद हुआ है. उसकी कीमत 2 लाख 83 हजार 700 रुपये बताई जा रही है. फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने मां दुर्गा इंडस्ट्री के मालिक हलधर चंद्रवंशी से एक बॉन्ड साइन कराया. इसके बाद स्टोन पाउडर उनके सुपुर्द किया गया. मिलावटी गुड़ और स्टोन पाउडर के सैंपल ले लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए रायपुर की लैब में भेजा जाएगा.
स्टोन पाउडर से हो सकती है मौत
एक्सपर्ट्स के मुताबिक स्टोन पाउडर इतना खतरनाक होता है कि 250 ग्राम स्टोन पाउडर से किसी भी व्यक्ति की मौत हो सकती है, लेकिन मां दुर्गा गुड़ उद्योग मालिक गुड़ का वजन बढ़ाकर ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में स्टोन पाउडर की मिलावट कर रहा था. 310 क्विंटल स्टोन पाउडर इतना ज्यादा है कि इससे लाखों लोगों की किडनी और लीवर खराब हो सकता है.
बिलासपुर में बाघिन का मिला शव; वन विभाग ने भेजा पोस्टमार्टम के लिए, शिकार की आशंका
27 Jan, 2025 11:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अचानकमार टाइगर रिजर्व में में बाघिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. बाघिन की मौत ने प्रबंधक की कार्यशैली पर अनेकों सवाल खड़े कर दिए हैं. बाघिन की गले पर किसी नुकीले हथियार के वार करने के निशान मिले है. गुरुवार को सुबह 8 बजे सूचना मिलने बाद शुक्रवार दोपहर वनकर्मी मौके पर पहुंचे. बाघिन की मौत को लेकर प्रबंधक का दावा है कि बाघ से संघर्ष करते हुए बाघिन की जान चली गई.
बाघिन की लाश अचानकमार टाइगर रिजर्व एरिया (ATR)में लमनी से छिरहट्टा जाने वाले मार्ग पर पड़ी हुई थी. हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों को इस बात की जानकारी नहीं थी. गुरुवार को स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स की टीम यहां से गुजर रही थी. तभी उन्हें बाघिन का शव नजर आया. उन्होंने तुरंत वन विभाग को इस बात की जानकारी दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद वन अधिकारी सहित वनकर्मी मौके पर पहुंचे.
बाघिन की मौत बनी पहेली
प्रबंधन का कहना है कि जिस इलाके में बाघिन का शव मिला है. वह टी-200 बाघ का क्षेत्र है. इस बात को देखते हुए प्रबंधक का दावा है कि बाघिन की जान बाघ से संघर्ष करते हुए चली गई है. हालांकि, स्थानीय लोग इस बात को मनाने के लिए तैयार नहीं हैं. बाघिन के गले में नुकीले हथियार के घाव के निशान है. इसलिए लोग इस घटना को शिकारी से जोड़कर देखकर दे रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर बाघिन की मौत बाघ से संघर्ष के दौरान हुई है तो वह ट्रैप कैमरे में जरूर कैद हुई होगी. उसे सामने लाना चाहिए.
6 साल की बाघिन की मौत
अचानकमार टाइगर रिजर्व में जिस बाघिन की मौत हुई उसकी उम्र छह साल थी. बाघिन की मौजदूगी शुरू से ही लमनी क्षेत्र में थी. वन विभाग ने बाघिन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अब बाघिन के मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही पता चल पाएगा.
बस्तर में आजादी के बाद पहली बार तिरंगा फहराया, 26 नक्सल प्रभावित गांवों में गणतंत्र दिवस का जश्न
27 Jan, 2025 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित 26 गांवों में पहली बार गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया गया। यह गांव बस्तर संभाग के बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर और कांकेर जिले में पड़ते हैं। आजादी के बाद पहली बार इन नक्सल प्रभावित 26 गांवों में लोगों ने तिरंगा फहराकर जश्न मनाया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी एक्स पर यह बात साझा की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने इन सभी गांवों में सुरक्षा कैंपों की स्थापना की है। इस वजह से इन गांवों में आज पहली बार तिरंगा फहराया गया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी गांवों में जश्न का माहौल देखने को मिला।
2026 तक नक्सलियों का खात्मा तय
मुख्यमंत्री ने कहा है कि बस्तर में कैंसर रूपी नक्सलवाद के ताबूत पर आखिरी कील ठोंकने का काम हमारी डबल इंजन की सरकार कर रही है। यहां के लोगों के लिए नासूर बन चुके नक्सलियों का मार्च 2026 तक खात्मा तय है।
बीजापुर जिले के उसूर ब्लाक में स्थित वाटेवागु, जिड़पल्ली-1, जिड़पल्ली-2, कोरागुट्टा, कावरगुटटा, कोंडापल्ली में आजादी के बाद पहली बार गणतंत्र दिवस मनाया गया। बीजापुर विकासखंड के पीडिया गांव में 30 साल के बाद झंडा फहराया गया। सलवा जुडुम आंदोलन से पहले यहां पर गणतंत्र दिवस मनाया जाता था।
जहां नक्सली करते थे लोकतंत्र का विरोध, वहां गूंजा वंदे मातरम
दक्षिण और पश्चिम बस्तर क्षेत्र में कुल छह नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में पहले जहां नक्सली लोकतंत्र का विरोध करते थे, वहीं आज ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर राष्ट्रीय पर्व का जश्न मनाया। सुबह स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने प्रभात फेरी निकाली और 'वंदे मातरम' और 'जय हिंद' के नारे लगाए। इस दौरान नक्सली हिंसा में बलिदान हुए जवानों को याद किया गया। उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया और उनके स्वजन का सम्मान किया गया।
कैंप खुलने से 30 साल बाद बहाल हुआ सड़क मार्ग
बीजापुर जिले के घोर नक्सल प्रभावित सात गांवों में सुरक्षा कैंप स्थापित हुए हैं। इसके बाद सड़क मार्ग भी 30 वर्षों बाद बहाल हुआ है। सड़क निर्माण होने से अब लोगों को पामेड़ जाने आने के लिए बहुत आसानी होगी। पामेड़ जिले का अंतिम व सीमावर्ती गांव है, जहां पहले पहुंचने के तेलंगाना के चेरला होते लगभग 200 किमी से ज्यादा सफर तय करना पड़ता था। अब सड़क बने जाने जिले के लोगों को 100 किमी सफर कम करना पड़ेगा।
सड़क मार्ग बहाल करने में आई चुनौतियां
तर्रेम के बाद पामेड़ क्षेत्र को जोड़ने के लिए सुरक्षा बलों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। नक्सलियों का कोर क्षेत्र माना जाने वाला यह इलाके बेहद खतरनाक है। यहां जगह-जगह आइईडी, स्पाइस होल जैसे घातक विस्फोटक सामग्री बिछाई गई है। इसे सुरक्षा बलों ने बरामद कर निष्क्रिय किया गया। पामेड़ क्षेत्र के पांच गांव ऐसे थे, जहां पुलिस व सुरक्षा बलों की रणनीति से नक्सलियों के कब्जे से मुक्त कराया गया।
रायपुर में पादरी के घर हंगामा, हिंदू संगठनों ने लगाया मतांतरण का आरोप, तीन गिरफ्तार
27 Jan, 2025 11:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राजधानी रायपुर में मतांतरण को लेकर मोवा इलाके में रविवार को जमकर हंगामा। मतांतरण की सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता ने एक पादरी का घर लिया। बताया जा रहा है कि जिस समय हंगामा हो रहा था, उस समय घर में 10 लोग मौजूद थे। इनमें महिला, पुरुष और बच्चे भी थे।
रायपुर के सिटी एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि धार्मिक भावना को आहत पहुंचाने की धारा के तहत अपराध दर्जकर पादरी कीर्ति कुमार केशवानी, महारथी बंजारे और जीवन लाल साहू को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को जेल भेज दिया गया है।
हिंदू संगठनों ने किया विरोध प्रदर्शन
हिंदू संगठनों को सूचना मिली कि पंडरी थाना क्षेत्र में पादरी कीर्ति कुमार केशवानी अपने घर पर प्रार्थना सभा आयोजित कर मतांतरण करवा रहा है। इसके बाद भारी संख्या में हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। इसकी सूचना मिलते ही सिटी एडिशनल एसपी लखन पटले, सिविल लाइन सीएसपी समेत करीब आधा दर्जन थाना प्रभारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंच गए।
गूंजे जय श्रीराम के नारे
आरोप है कि मोवा स्थित मितान विहार के एक घर में कुछ लोग लंबे समय से मतांतरण करवा रहे थे। हिंदू संगठनों ने घर को चारों तरफ से घेर लिया था। फिर जय श्रीराम के नारे गूंजने लगे। पुलिस नाराज कार्यकर्ताओं को समझाने में जुटी रही।
इस धारा में दर्ज की अपराध
पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को आहत पहुंचने वाली धारा (299) और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
संपत्ति हड़पने के लिए दूसरी पत्नी ने पति को जिंदा जलाया, ऐसे दिया दहला देने वाली वारदात को अंजाम
26 Jan, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: व्यक्ति की दोनों पत्नियां अलग-अलग मकान में रहती हैं। पति का नाम शिव कुमार, उसकी पहली पत्नी रुक्मणी बंजारे और दूसरी पत्नी सूरज बाई जोशी है। पति के पहली पत्नी के पास जाने से नाराज दूसरी पत्नी ने संपत्ति हड़पने के लिए उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। पति के सो जाने के बाद महिला ने घर में सिलेंडर चालू कर दिया। फिर माचिस जलाकर आग लगा दी। आग लगने से व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उरला के हीरा नगर निवासी शिव कुमार बंजारे की दो पत्नियां हैं। शिव कुमार का अपनी दूसरी पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। दूसरी पत्नी सूरज बाई जोशी उसे पैसे देने और पहली पत्नी के पास जाने से मना करती थी। एक दिन ऐसा हुआ कि मना करने के बावजूद शिव कुमार अपनी पहली पत्नी के पास चला गया। इस बात से दूसरी पत्नी नाराज थी। जब शिव कुमार वहां से रात में अपनी दूसरी पत्नी सूरज बाई जोशी के पास लौटा तो नाराज सूरज बाई अपने पति से विवाद करने लगी।
इस दौरान विवाद बढ़ गया और सूरज बाई अपने पति से पैसे मांगने लगी. इसके अलावा दोनों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर भी विवाद था. शिव कुमार रात में खाना खाने के बाद सोने चला गया. रात करीब 11:30 बजे सूरज बाई ने घर के सिलेंडर का वाल्व खोल दिया, जिससे गैस घर में पूरी तरह भर गई. फिर उसने बाहर से माचिस की तीली जलाकर घर में आग लगा दी. आग लगते ही शिव कुमार आग की चपेट में आ गया. जिससे वह बुरी तरह झुलस गया. आग लगने की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की काफी कोशिश की. शिव कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी सूरज बाई को गिरफ्तार कर लिया है.
बीजेपी ने जारी की 47 नगर पालिका अध्यक्ष के प्रत्याशियों की सूची, देखे किन दावेदारों के है नाम?
26 Jan, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव से जुड़ी एक बड़ी खबर है. बीजेपी ने 47 नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. महासमुंद से विमल चोपड़ा और दंतेवाड़ा से पायल गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है.
बीजेपी ने इन लोगों को बनाया अपना उम्मीदवार
गोबरा-नवापारा से ओमकुमारी संजय साहू, तिल्दा-नेवरा से चंद्रकला वर्मा, आरंग से संदीप जैन, मंदिर हसौद से संदीप जोशी, अभनपुर से शिवनारायण बघेल, महासमुंद से डॉ. विमल चोपड़ा, बागबाहरा से शंकर तांडी, सरायपाली से सरस्वती चंद्र कुमार पटेल, बलौदाबाजार से अशोक जैन, सिमगा से शिवधारी देवांगन, गरियाबंद से रिखीराम यादव को बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है. पंडरिया से मंजुला देवी कुर्रे, तखतपुर से वंदना बाला सिंह, रतनपुर से लवकुश कश्यप, बोदरी से देव कुमारी पांडे, पेंड्रा से रितेश फरमानिया, गौरेला से मुकेश दुबे, मुंगेली से शैलेश पाठक और लोरमी से सुजीत वर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है।
इन निकायों से ये उम्मीदवार
जांजगीर नैला से चित्रलेखा गढ़वाल, चांपा से प्रदीप नामदेव, अकलतरा से शांति भारते, सक्ती से चिराग अग्रवाल, दीपका से राजेंद्र सिंह राजपूत, कटघोरा से आत्माराम पटेल, बांकी मोंगरा से सोनी कुमारी झा, खरसिया से कमल गर्ग, बलरामपुर से लोधीराम एक्का, रामानुजगंज से रमन अग्रवाल, सूरजपुर से देवंती साहू, जशपुर नगर से अरविंद भगत, मनेंद्रगढ़ से प्रतिमा यादव, कोंडागांव से नरपति, नारायणपुर से इंद्र प्रसाद बघेल बीजेपी होंगे. उम्मीदवार. इसी तरह बीजेपी की ओर से कांकेर से अरुण कौशिक, किरंदुल से रूबी शैलेन्द्र सिंह, बड़े बचेली से राजू जयसवाल, दंतेवाड़ा से पायल गुप्ता, बीजापुर से गीता सोम पुजारी और सुकमा से हुंगा मड़कामी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 15 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत, आत्मसमर्पित नक्सलियों और बेघरों को मिलेगी: भाजपा
26 Jan, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: शनिवार को रायपुर स्थित जिला भाजपा कार्यालय एकता परिसर में भारतीय जनता पार्टी की प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने आत्मसमर्पित नक्सलियों और बेघर लोगों के लिए 15 हजार मकान स्वीकृत किए हैं।
पीएम आवास योजना का दोबारा होगा सर्वे
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार को 2011 और 2016 के सर्वे में मकान नहीं मिले थे। हमारी सरकार ऐसे लोगों को आवास मुहैया कराने के लिए दोबारा सर्वे करने जा रही है। इस सर्वे में ऐसे लोग भी इस श्रेणी में आएंगे, जिनके पास दो पहिया वाहन है, जिनकी मासिक आय 15000 है और जिनके पास 2.5 एकड़ सिंचित भूमि या 5 एकड़ तक असिंचित भूमि है।
पीएम आवास योजना पर कांग्रेस ने घेरा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने मोर हाउसिंग मोर अधिकार के तहत आवास मुहैया कराने का वादा किया था। ऐसे में राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मोदी की गारंटी को ध्यान में रखते हुए वादा किया था। सीएम ने कहा था कि जब तक हम गरीबों को आवास देने के कागजों पर हस्ताक्षर नहीं कर देते, मैं अपने ही मुख्यमंत्री के सरकारी आवास में नहीं जाऊंगा। 18 लाख आवासों के कागजों पर हस्ताक्षर करने के बाद ही उन्होंने अपने आवास में प्रवेश किया। पूर्व पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव ने खुद स्वीकार किया था कि हम गरीबों को आवास नहीं दे पा रहे हैं। मुख्यमंत्री इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सिंहदेव ने इसकी शिकायत अपनी सरकार से की थी और कहा था कि हम जनता से किए गए वादे पर खरे नहीं उतर पाए। यह कहते हुए उन्होंने पंचायत मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया: संदीप शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा
भूपेश सरकार पर भाजपा के आरोप
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए भूपेश सरकार ने लोगों को आवास देने के लिए 47000 लोगों का सर्वे कराया था और उन्हें पात्र हितग्राहियों की सूची में शामिल किया था, लेकिन कांग्रेस की सरकार चली गई। भाजपा इस सूची में से 47000 लोगों के लिए अलग से आवास बनाएगी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने आगे कहा कि पिछले साल केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर 32 लाख आवास स्वीकृत किए हैं। अकेले छत्तीसगढ़ के लिए 846931 आवास स्वीकृत किए गए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने 6,18,000 आवासों के लिए पहली किस्त की राशि भी जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए अलग से 3,03,000 और आवास स्वीकृत किए हैं। इसके साथ ही अनुसूचित क्षेत्र की अति पिछड़ी जातियों के लिए "जन मन योजना" के तहत 24000 आवास अलग से स्वीकृत किए गए हैं।
'हर तरफ हमारा तिरंगा लहरा रहा', ध्वजारोहण समारोह में सीएम साय ने कहा
26 Jan, 2025 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: गणतंत्र दिवस पर छत्तीसगढ़ में जश्न का माहौल है। हर तरफ हमारा तिरंगा लहरा रहा है। 76वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सरगुजा संभाग के जिला मुख्यालय अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में ने ध्वजारोहण किया। संयुक्त परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री ने आम जनता के नाम संदेश पढ़ा। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि आज हम सबके लिए बहुत गौरव का दिन है। आज हम देश का गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। इसके पीछे उन स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान है, जिन्होंने भारत को आजादी दिलाई, उन संविधान निर्माताओं का योगदान है, जिन्होंने इस संविधान के जरिए भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनाया। उन महान विभूतियों का योगदान है, जो संविधान की रक्षा के लिए हमेशा अडिग रहे। संविधान के मूल्यों का पालन कर अंत्योदय का कल्याण करते रहे। नक्सलवाद से लड़ते हुए कई जवानों ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, ताकि हम सुरक्षित रह सकें और समाज में शांति स्थापित हो सके। मैं इन जवानों की शहादत को नमन करता हूं।
उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता यात्रा के साथ ही दुनिया के कई देशों ने भी अपनी आजादी की यात्रा शुरू की, लेकिन इनमें से कई देशों में शासन व्यवस्था पटरी से उतर गई और वहां के लोग आज अराजकता का सामना करने को मजबूर हैं। गणतांत्रिक परंपराओं की अपनी ऐतिहासिक जड़ों और अपने उत्कृष्ट संविधान के आधार पर भारत न केवल एक लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में मजबूती से खड़ा है, बल्कि लगातार प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर नए युवा मतदाताओं को मिला ईपिक कार्ड
25 Jan, 2025 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : संविधान द्वारा नागरिकों को प्रदत्त मताधिकार लोकतांत्रिक शासन प्रणाली का महत्वपूर्ण आधार है। मतदाता के पास यह अधिकार न केवल विधायिका के निर्वाचन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, बल्कि प्रजातांत्रिक प्रणाली को मजबूती भी प्रदान करता है। यह विचार जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता ने आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए।
कार्यक्रम में होता ने विशेष रूप से युवा मतदाताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सहायक होगी। उन्होंने नए युवा मतदाताओं को ईपिक कार्ड प्रदान करते हुए कहा कि उनके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने आग्रह किया कि सभी युवा निष्पक्ष और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को और मजबूत बनाएं।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नए युवा मतदाताओं को मतदान की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि आने वाले नगरीय निकाय और पंचायत निर्वाचन में मतदाता दिवस पर ली गई शपथ को सार्थक साबित करें। होता ने इस बात पर जोर दिया कि विगत लोकसभा निर्वाचन में इस क्षेत्र में लगभग 10 प्रतिशत मतदान बढ़ा, जिसका श्रेय युवाओं को जाता है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्र में वोटिंग प्रतिशत बढ़ना लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का प्रमाण है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मूलचंद चौपड़ा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और युवा मतदाता उपस्थित थे।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2025 : लोकतंत्र में मतदाताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय कुमार सिंह
25 Jan, 2025 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : लोकतंत्र में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका मतदाताओं की होती है। मतदाताओं की निर्वाचन में जितनी अधिक संख्या में सहभागिता रहेगी उतना ही लोकतंत्र सशक्त होगा। मतदाता दिवस के आयोजन का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करना है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त अजय कुमार सिंह ने आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के विवेकानंद सभागार में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय कुमार सिंह ने कहा कि हमारे देश के संविधान में निष्पक्ष चुनाव के लिए अनेक प्रावधान किए गए है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और सशक्त निर्वाचन के लिए आज ही के दिन निर्वाचन आयोग की स्थापना की गई थी। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भारत सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। यहां जितने बड़े स्तर पर चुनाव सम्पन्न होता है, उतना अन्य किसी देश में शायद ही होता होगा। उसके बावजूद एक नियत समय में जल्द चुनाव कार्य सम्पन्न होते हैं और चुनाव परिणाम भी आ जाते है। छत्तीसगढ़ में विभिन्न प्रकार की चुनौतियां होने के बावजूद जिस प्रकार चुनाव सफलतापूर्वक कराए जाते हैं, इसके लिए हमारा प्रशासनिक अमला बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि पहले मतदाता पंजीकरण मेन्यूअल होता था। अब यह काफी आसान हो गया है। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के अंतर्गत नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि निर्वाचन के प्रति महिला मतदाताओं में जागरूकता बढ़ी है। पूर्व में हुए लोकसभा चुनाव में जहां पहले महिलाओं की संख्या पुरुषों कि तुलना में कम थी, वहीं इस लोक सभा चुनाव में 1000 पुरुषों की तुलना में 1024 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हुए सफल निर्वाचन में फ्रंटलाइन वर्करों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रबंधन के लिए छत्तीसगढ़ को देश मे बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का अवॉर्ड दिया गया है। इसमें हमारे प्रशासनिक अमले का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हम सभी के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की अध्यक्ष सुरीता शांडिल्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान एक नागरिक का अधिकार और कर्तव्य दोनों है। मतदान के माध्यम से हम अपने देश के भविष्य को आकार देते हैं और विकास की दिशा को तय करते है। इसलिए सभी नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए और देश के समग्र विकास में योगदान देना चाहिए। राष्ट्रीय मतदाता दिवस हमें यह याद दिलाता है कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रत्येक मतदाता का मत महत्वपूर्ण है। संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पी एस ध्रुव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
मतदाता दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नव मतदाताओं, सर्विस वोटरों और निर्वाचन कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। रायगढ़ कलेक्टर कार्तिकेय गोयल को प्रदेश में लोकसभा निर्वाचन 2024 में सर्वाधिक 81.66 प्रतिशत मतदान कराए जाने, दुर्ग कलेक्टर सुऋचा प्रकाश चौधरी को शहरी क्षेत्र होने के बावजूद विगत लोकसभा चुनाव की तुलना में वर्ष 2024 में लोकसभा निर्वाचन में मतदान प्रतिशत में 2.48 प्रतिशत वृद्धि, दंतेवाड़ा कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी को धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होते हुए भी विगत लोकसभा निर्वाचन की तुलना में लोकसभा निर्वाचन 2024 में 10.39 प्रतिशत वृद्धि के लिए उत्कृष्ट जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में सम्मानित किया गया। रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह को लोकसभा निर्वाचन 2024 के दौरान मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्य उत्कृष्ट तरीके से संपन्न कराने, राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुसुरुचि सिंह को गुणवत्ता पूर्ण स्वीप गतिविधियां आयोजित करने और मुंगेली जिले के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पांडे को प्रवासी मजदूरों को मतदान के लिए प्रेरित करने संबंधी स्वीप गतिविधियों के लिए स्पेशल अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट राष्ट्रीय स्तरीय मास्टर ट्रेनर पुरस्कार हेतु यू एस अग्रवाल, प्रणव सिंह, पुलक भट्टाचार्य, सुनील शर्मा, गीता दीवान, डॉ. के.आर.आर सिंह, उज्ज्वल पोरवाल को पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार उत्कृष्ट राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के लिए अपूर्व प्रियेश टोप्पो, विनय अग्रवाल, रूपेश कुमार वर्मा, शारदा अग्रवाल, विनोद अगलावे, असीम थवाईत को पुरस्कृत किया गया। लोकसभा निर्वाचन-2024 में उत्कृष्ट उप जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में पुरस्कृत अधिकारियों में रायपुर उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर बंदे, सरगुजा उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक, सुकमा उप जिला निर्वाचन गजेंद्र सिंह ठाकुर शामिल है। उत्कृष्ट निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पुरस्कार हेतु संभागवार दुर्ग संभाग जिला राजनांदगांव से इंदिरा नवनी सिंह, रायपुर संभाग के धमतरी जिले से डॉ. विभोर अग्रवाल, बस्तर संभाग से कोेण्डागांव जिले से अंकित चौहान, सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले से ललिता भगत एवं बिलासपुर संभाग अंतर्गत बिलासपुर जिले से बजरंग वर्मा को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार उत्कृष्ट 5 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को भी संभागवार सम्मानित किया गया ।मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के उत्कृष्ट सम्पादन हेतु निर्वाचन पर्यवेक्षक , संभागवार 5 सहायक प्रोग्रामर, 5 डाटा एन्ट्री ऑपरेटर, 8 बूथ लेवल ऑफिसर को सम्मानित किया गया ।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर युवा मतदाताओं को किया गया प्रोत्साहित, स्वस्थ लोकतंत्र की स्थापना का लिया संकल्प
25 Jan, 2025 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर युवा पीढ़ी को मतदान के महत्व और जिम्मेदारियों को समझाने के उद्देश्य से बीजापुर स्थित ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान का संचालन जिले के सभी मतदान केंद्रों और ब्लॉक मुख्यालयों में भी किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संबित मिश्रा ने उपस्थित युवाओं, स्कूली बच्चों और जन समुदाय को संबोधित करते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक मत की कीमत को समझाते हुए स्वस्थ लोकतंत्र की स्थापना में योगदान देने की अपील की। मिश्रा ने स्थानीय, पंचायत, नगरीय निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में प्रतिनिधियों के चुनाव से जुड़ी अहम जानकारियां भी साझा कीं।
कार्यक्रम में निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), स्वीप नोडल अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही, नए मतदाताओं को बैच लगाकर उनके पहले मतदान के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित जनसमूह को लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखने और किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण प्रसाद गवेल ने मतदाता दिवस मनाने और जागरूकता अभियान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर उत्तम पंचारी, सहायक आयुक्त डॉ. आनंद सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी लखन लाल धनेलिया, जाकिर खान, बीएलओ, स्कूली विद्यार्थी, युवा मतदाता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
दुर्ग-विशाखापट्टनम वंदे भारत ट्रेन को नहीं मिल रहे यात्री, हटाए गए 8 डिब्बे
25 Jan, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: घाटे का सौदा साबित हो रही दुर्ग-विशाखापट्टनम वंदे भारत ट्रेन से आठ कोच कम कर दिए गए हैं. शुक्रवार को यह ट्रेन 8 कोच के साथ रवाना हुई, लेकिन तब भी कई सीटें खाली थीं. फिर रेलवे इस ट्रेन को चलाता रहेगा. इस ट्रेन से 8 कोच हटाकर दूसरे जोन में भेज दिए गए हैं. इससे यह साफ हो गया है कि यात्रियों में किसी भी ट्रेन के महंगे किराए का बोझ उठाने की क्षमता नहीं है. सफल नहीं हो सकी: ऐसे में जिस तरह रेलवे प्रशासन को बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत ट्रेन से 8 कोच कम करने पड़े, उसी तरह दुर्ग-विशाखापट्टनम वंदे भारत ट्रेन भी ट्रैक पर सफल नहीं हो सकी. रेलवे के जानकारों का कहना है कि अगर यह ट्रेन रायपुर से प्रयागराज के बीच चलाई जाती तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती.
दुर्ग-विशाखापट्टनम वंदे भारत ट्रेन को लेकर रेलवे के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है. क्योंकि एक तरफ जहां मुख्य रूट की ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए भीड़ उमड़ रही है. दूसरी ओर 16 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन को यात्री नहीं मिल रहे हैं। स्थिति यह है कि अब 8 कोच कम कर दिए गए हैं। रेलवे को दशहरा-दिवाली त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी का अनुमान था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। त्योहार के दौरान भी ट्रेन खाली रही।
20 सितंबर से चल रही ट्रेन
दुर्ग-विशाखापट्टनम की शुरुआत पीएम मोदी ने की थी। लेकिन लोगों में अभी तक ट्रेन को लेकर उत्साह नहीं है। यह ट्रेन 20 सितंबर से नियमित समय पर चल रही है, लेकिन लोग ट्रेन में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे में घाटे से बचने के लिए रेलवे बड़ा फैसला ले सकता है।
राज्यपाल डेका ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर दी शुभकामनाएं
25 Jan, 2025 08:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं को याद किया और कहा कि इन्हीं की बदौलत हमें आजादी हासिल हुई है और गणतंत्र मिला है।
राज्यपाल डेका ने कहा कि हमे अपने देश की विरासत पर गर्व करते हुए स्वर्णिम भारत के सपने को साकार करने के लिए एक जुट होकर कार्य करना है। गणतंत्र और आजादी कायम रहे. इसका भार देश के युवाओं पर भी है। इस अवसर पर उन्हें देश के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने का प्रण लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने का आहवान किया।
ये कोर्स कर बनायें अच्छा करियर
ज्वेलरी डिजाइन के क्षेत्र में बनाये करियर
ट्रैवल जॉब्स के जरिये घूमने के साथ ही करें मोटी कमाई
डिग्गी में हादसा, कपड़े धोने गई 3 सगी बहनों की मौत
राजस्थान में निवेश फायदे का सौदा, सरकार का मिलेगा पूरा साथ: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
इन इंजीनियरिंग कोर्स की मांग बरकरार
खाटूश्यामजी: सड़क हादसे में श्रद्धालु घायल, 7 की हालत गंभीर
ईंधन बचत अभियान में CRPF आगे, वाहनों की तेल खपत में की कमी
अरावली मामले में सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी, खनन पक्ष को राहत टली
