छत्तीसगढ़
अब कचरे का संग्रहण एवं परिवहन निर्धारित स्थल पर किया जायेगा
27 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । सिरगिट्टी क्षेत्र में उद्योगों से निकले कचरे के प्रबंधन के लिए सीएसआईडीसी एवं नगर निगम के बीच अनुबंध किया गया है। जिसके अंतर्गत नगर निगम द्वारा औद्योगिक क्षेत्र से कचरे का संग्रहण एवं परिवहन बाहर निर्धारित स्थल पर किया जायेगा। सीएसआईडीसी इसके लिए उन्हें निर्धारित शुल्क अदा करेगी। गौरतलब है कि कलेक्टर अवनीश शरण ने विगत दिनों आयोजित बैठक में औद्योगिक कचरे के निपटारे के लिए स्थायी व्यवस्था करने के निर्देश सीएसआईडीसी को दिए थे।
कलेक्टर अवनीश शरण ने इस सिलसिले में आज सिरगिट्टी औद्योगिक इलाके का दौरा किया। उन्होंने उद्योगों से निकले कचरा के संग्रहण के लिए चिन्हांकित स्थल को फेंसिग कर सूचना फलक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उस स्थल को भी देखा जहां कचरे का अंबार लगा था और नियम विरूद्ध तरीके से इसका डिस्पोजल किया जा रहा था। कलेक्टर के निर्देश के बाद इस स्थल के संपूर्ण कचरे को साफ करके मैदान का समतलीकरण किया जा चुका है। यहां पर बोर्ड भी लगाया गया है। कलेक्टर अवनीश शरण ने सिरगिट्टी के बाद आगे पेण्ड्रीडीह बाईपास इलाके का भी भ्रमण कर कोल डस्ट एवं धूल प्रदूषण के हालात का जायजा लिया।
कलेक्टर ने अफसरों से जोर देकर कहा कि खुले हुए ट्रक में कोल अथवा अन्य खनिजों के परिवहन पर सख्त कार्रवाई किया जाये। धूल एवं वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों में खुले में खनिज परिवहन को माना गया हैं।
उन्होंने प्रदूषण मण्डल, आरटीओ, खनिज एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से कई धाराओं के तहत एक साथ कार्रवाई के निर्देश दिए ताकि कोई भी व्यक्ति दुबारा गलती करने से बाज आये। कार्रवाई में शिथिलता बरतने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इस अवसर पर नगर निगम के प्रभारी आयुक्त आर.के. जायसवाल, एसडीएम सूरज साहू, सीजीएम डीआईसी कुसरे सहित खनिज, आरटीओ, प्रदूषण मण्डल के अधिकारी एवं जिला उद्योग संघ के पदाधिकारी शामिल थे।
वन विभाग में मचा हड़कंप; करंट की चपेट में आने से हुई बाघ की मौत, पांच आरोपी गिरफ्तार
27 Jan, 2024 01:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में करंट लगने से बाघ की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कहा जा रहा है कि आरोपियों ने जंगली सुअर के शिकार के लिए जाल बिछाया हुआ था, जिसकी चपेट में आने से बाघ की मौत हो गई है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सारंगढ़ के गोमर्डा अभ्यारण्य में दिसंबर माह में क्षेत्र के जंगल मे एक बाघ को विचरण करते देखा गया था। जिसके बाद वन विभाग के द्वारा कैमरा ट्रैप लगाकर तथा STPF Tiger का गठन कर उक्त बाघ का सतत् निगरानी की जा रही थी। साथ ही लगातार मॉनिटरिंग एवं ट्रैकिंग किया जा रहा था। इसी बीच 12 जनवरी के पश्चात् इसके जंगल मे बाघ के फूटप्रिंट नहीं मिलने के कारण वन विभाग को हुई शंका के आधार पर विभाग ने अपने मुखबीरों को अलर्ट कर जांच शुरू कर दी।
जिसके बाद आरोपियों को पकड़ा गया जिनके द्वारा पूछताछ में बताया गया कि जंगली सुअर का शिकार करने के लिए लगाये गये बिजली तार में बाघ की मौत हो गई। पकड़े जाने के डर से शिकारियों ने बाघ के शव को नजदीक जंगल में लात नदी के किनारे दफना दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर बाघ के शव बरामद कर लिया गया।
छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक बढ़ेगा तापमान
27 Jan, 2024 11:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने वाला है। प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के न्यूनतम तापमान में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सुबह कोहरा छाया रहेगा, लेकिन धूप खिलने के बाद मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलेगी। प्रदेश में फिलहाल न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।
शनिवार सुबह रायपुर में अच्छी धूप लिखी। इससे लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। रायपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अब दिन गर्म होगा और रात ठंडी होगी। प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
बलरामपुर में 5 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
प्रदेश भर में शुक्रवार को बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज कियागया। दोनों ही क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री कम रहा। रायपुर में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा।
लोकसभा चुनाव के लिए आज छत्तीसगढ़ कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक
27 Jan, 2024 11:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी है। इसे लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस की चुनाव समिति बैठक होगी। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में सुबह 11 बजे यह बैठक होगी। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य नेता शामिल होंगे।
इससे पहले 26 जनवरी को कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में राज्य सभा सदस्या रजनी पाटिल ने आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों से चर्चा की। कांग्रेस ने 11 लोकसभा सीटों के लिए 20 लोगों की टीम तैयार की है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 10 दिन पहले पांच फरवरी को छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकती है। इसका कारण असम में यात्रा का पूरा न हो पाना है। पहले संभावना थी कि कांग्रेस की यह यात्रा 15 से 18 फरवरी के बीच रायगढ़ के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगी।
खिड़की काटकर बैंक में चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
27 Jan, 2024 11:03 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दुर्ग के अंडा थाना क्षेत्र स्थित जिला सहकारी मर्यादित बैंक अटल चौक में डकैती की नियत से बैंक की खिड़की को काटकर अंदर घुसे बदमाश बैंक में रखे कुछ सामान पर हाथ साफ कर लिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दो लोग अभी भी फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।
अंडा थाना प्रभारी ने बताया कि जिला सहकारी बैंक में चोरी की सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर टीम के साथ पहुंचे। जिसके बाद पतासाजी करने पर डकैती करने आए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घटना में इस्तेमाल दो बाइक और बैंक से चोरी किए कंप्यूटर-मॉनिटर तथा 4700 रूपये बरामद किए गए हैं।
पकड़े गए सभी आरोपी रायपुर जिले के रहने वाले हैं। बैंक में बड़ी रकम पर हाथ साफ करने की योजन बनाकर वे सभी आए थे। आरोपियों ने 24 जनवरी के दिन में आकर बैंक की रेंकी करने के बाद और 24 और 25 जनवरी की रात में बैंक की खिड़की को काटकर अंदर घुसे और लॉकर को काटकर रकम ले जाने को तैयारी कर हो रहे थे तभी पुलिस की गस्त गाड़ी वहां पहुंच गई। पुलिस ने साहिल राय, अभिषेक राय, शेख अमित कुरैशी को गिरफ्तार किया है। वहीं, आरोपी धर्मेन्द्र एवं सलमान घटना के बाद से फरार है।
कलेक्टर ने बाल संप्रेक्षण गृह, बालिका गृह और सखी वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण
26 Jan, 2024 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर। कलेक्टर अवनीश शरण ने आज सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह, प्लेस आफ सेफ्टी, विशेष गृह, बालिका गृह और सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने इन संस्थाओं में निवासरत बच्चों से चर्चा कर रहन-सहन, खान-पान की जानकारी ली। रसोई में बन रहे भोजन की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने बच्चों के अनुरोध पर डीएमएफ मद से कम्प्यूटर सेट की स्वीकृति भी दी।
कलेक्टर ने सबसे पहले बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां 29 बच्चे निवासरत है। कलेक्टर ने इत्मीनान से बच्चों से चर्चा की और उन्हें दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उनके अनुरोध पर 5 कम्पयूटर सेट प्रिंटर सहित एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उनसे चर्चा के दौरान कहा कि अपने भविष्य के लिए कुछ मकसद बनाएं और उसे पूरा करने में जुट जाएं। बच्चों ने इस दौरान देश भक्ति से ओत-प्रोत गानों पर प्रस्तुति भी दी। कलेक्टर ने कार्यक्रम के लिए उनकी प्रशंसा करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
कलेक्टर ने यहां बच्चों के शयन कक्ष, भोजन कक्ष, भंडार कक्ष, रसोई कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता भी परखी। मेन्यू के अनुसार बच्चों को भोजन दिया जा रहा है अथवा नहीं इसकी भी कलेक्टर ने जांच की। अधीक्षिका श्रीमती अर्चना चौहान ने बताया कि नाश्ते में पूरी और छोले की सब्जी दी गयी और दोपहर को खाने में दाल, चावल और आलू बैगन, सलाद दिया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर ने प्लेस ऑफ सेफ्टी और विशेष गृह का जायजा लिया। इस संस्थान में 15 बच्चे निवासरत है। यहां बच्चों ने अपने हाथों से बनाया बुके और अन्य सामग्रियां कलेक्टर को दी। कलेक्टर ने इन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण देने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने इन किशोरों को भी 5 कम्प्यूटर सेट डीएमएफ मद से दिलाने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय बालिका संप्रेक्षण गृह का जायजा लिया। यहां 6 से 18 वर्ष की 35 बालिकाएं है। ये बालिकाएं मुंगेली, बेमेतरा, गौरेला पेंड्रा और बिलासपुर जिले की हैं। कलेक्टर ने अधीक्षिका श्रीमती ज्योति तिवारी से बच्चों को दी रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने कहा। कलेक्टर ने कहा कि बाहरी व्यक्तियों को किसी भी हाल में प्रवेश न दिया जाए। बिल्डिंग की मरम्मत के लिए तत्काल प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बालिकाओं से चर्चा कर उन्हें प्रोत्साहित किया। 5 कम्प्यूटर सेट प्रिंटर सहित एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महिला सहायता केन्द्र सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। सखी केन्द्र में महिलाओं को एक ही छत के नीचे कानूनी सहायता, पुलिस सहायता, मेडिकल सुविधा के साथ अल्पकालीन आश्रय की सुविधा है। केंद्र का उद्देश्य घरेलू हिंसाओं से पीडि़त महिलाओं को त्वरित सहायता प्रदान करना है। कलेक्टर अवनीश शरण ने सखी वन स्टॉप सेंटर में परामर्श से जुड़े दस्तावेजों के उचित संधारण के निर्देश दिए। सखी केंद्र में सभी कर्मचारी महिलाएं है, जो पीडि़त महिला को केंद्र में आवश्यक सहायता प्रदान करती है। केंद्र में विगत वर्ष कुल 160 प्रकरण आए जिनमें 149 का निराकरण किया गया। 28 महिलाओं को आश्रय प्रदान किया गया।
सखी केंद्र प्रभारी श्रीमती मीनाक्षी पाण्डेय ने बताया कि केंद्र में आने वाले अधिकतर प्रकरण घरेलू हिंसा के होते है, जिनमें परामर्श के माध्यम से सुलह का प्रयास किया जाता है। निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी तारकेश्वर सिन्हा व जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी उमाशंकर गुप्ता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस
26 Jan, 2024 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल आज कलेक्टर अवनीश शरण और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह की मौजूदगी में सवेरे पुलिस परेड ग्राउंड में किया गया।
फाइनल रिहर्सल में मुख्य अतिथि का आगमन, स्वागत, ध्वजारोहण, परेड सलामी, मार्च पास्ट, मुख्य अतिथि द्वारा परेड कमाण्डों से परिचय, पुरस्कार वितरण आदि का रिहर्सल किया गया। उल्लेखनीय है उप मुख्यमंत्री अरूण साव जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। गौरतलब है कि इस वर्ष स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी और विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं से संबंधित झांकी का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने अंतिम रिहर्सल का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। रिहर्सल के दौरान गणतंत्र दिवस समारोह के परेड का नेतृत्व परेड कमाण्डर प्रशिक्षु आईपीएस अजय कुमार ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी अजय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
बस स्टैंड में यात्री सुविधाओं का होगा विकास
26 Jan, 2024 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । तिफरा स्थित नए बस स्टैंड में यात्री सुविधाओं का समुचित विकास किया जायेगा। कलेक्टर अवनीश शरण ने आज इसका निरीक्षण कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश निगम प्रशासन को दिए हैं। डीएमएफ मद से जरूरी राशि की मंजूरी दी जाएगी।यात्रियों के ठहरने के लिए रैन बसेरा,अंदर और बाहर पर्याप्त रोशनी, साफ पानी, सुरक्षा आदि तमाम व्यवस्था सुनिश्चित की जाएंगी।
कलेक्टर अवनीश शरण ने आज रायपुर रोड पर तिफरा स्थित नये बस स्टैंड का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों के लिए स्टैंड में उपलब्ध मौजूदा सुविधाओं का जायजा लिया। यात्रियों सहित यातायात बस महासंघ के पदाधिकारियों, ड्राइवरों और कंडक्टरों से चर्चा कर उनकी राय जानी। उनकी दिक्कतों को महसूस करते हुए कलेक्टर ने महिला व पुरुषों के लिए अलग अलग रैन बसेरा, रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, सीसीटीवी सहित भवन के आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने सुलभ शौचालय एवम् इसके संचालन की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने वाहनों की टिकट काउंटर का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रमुख शहरों के आने जाने की किराया सूची भी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। किसी भी हालत में शासन द्वारा निर्धारित किराये से ज्यादा वसूली नहीं करने की हिदायत दी। स्टैंड पर शाम और रात में असामाजिक तत्वों को कड़े संदेश देने नियमित रूप से पुलिस की गश्त करने को कहा है। उन्होंने बस स्टैंड में उपलब्ध दुकानों, उनके आवंटन और आमदनी की जानकारी लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम सूरज साहू,प्रभारी निगम आयुक्त आर के जायसवाल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड से राहत नहीं, जाने कैसा रहेगा मौसम
26 Jan, 2024 01:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अंबिकापुर, बलरामपुर और पेंडा रोड में शीतलहर जैसे हालात हैं। वहीं दूसरी ओर रायपुर सहित आसपास समेत ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का क्रम जारी है। रायपुर में भी न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अब तक इस वर्ष जनवरी माह में सबसे कम है।
रायपुर 9 बजे तक गलन है। हालांकि शुक्रवार सुबह ही रायपुर में धूप खिली हुई है, जिससे लोगों को राहत मिली।मौसम विज्ञानियों का कहना है कि रायपुर सहित छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण इन दिनों उत्तर से ठंडी व शुष्क हवाओं का आना प्रभावित होगा। इसके चलते न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।
बलरामपुर में 4 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
प्रदेश भर में गुरुवार को बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज कियागया। दोनों ही क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम रहा। रायपुर में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जगलपुर में किया ध्वजारोहण, कहा.....
26 Jan, 2024 01:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग मैदान में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दुर्ग जिला मुख्यालय के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
सीएम विष्णुदेव साय जगलपुर में कहा कि भगवान राम के प्रति अटूट श्रद्धा हमारी पहचान है। हम ‘रघुकुल रीति सदा चली आई, प्राण जाई पर वचन न जाई’ का अनुसरण करते हैं। हमारी चेतना में एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय का दर्शन समाहित है, जो हमें मानव धर्म के लक्ष्यों के प्रति जागरूक रखता है। इनके रास्ते पर चलते हुए हम छत्तीसगढ़ के जन-जन का सपना पूरा करेंगे। आज के दिन, भारत के अमृत काल में, 75वें गणतंत्र दिवस के रूप में एक सुनहरी कड़ी जुड़ रही है। यह पावन अवसर हमारे देश के महान संविधान की सफलता का सबसे बड़ा पर्व है। इस अवसर पर मैं महान नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करते हुए देश को इस गौरवशाली मुकाम पर पहुंचाने वाली सभी विभूतियों को नमन करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे पहले मैं छत्तीसगढ़ महतारी के महान सपूतों अमर शहीद गैंद सिंह, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुण्डाधूर को सादर नमन करता हूं, जिन्होंने हमारे प्रदेश को राष्ट्रीय आंदोलन से जोड़ा और पूरे छत्तीसगढ़ में त्याग-बलिदान, न्याय-समानता जैसे आदर्शों की अलख जगाई। उन्होंने राष्ट्रीय चेतना के विकास में आदिवासी अंचलों का अग्रणी योगदान दर्ज कराया था। बाद में इस राह पर चलकर प्रदेश के अनेक वीरों और राष्ट्र भक्तों ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई एवं प्रदेश और देश के विकास में योगदान दिया। ऐसी सभी विभूतियों को मैं सादर नमन करता हूं।
उन्होंने कहा कि हम भारत के लोगों ने अपना संविधान बनाया और स्वयं ही इस संविधान को अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। भारत के सुनहरे भविष्य की आधारशिला 26 जनवरी 1950 को, हमारे संविधान को लागू करने के साथ रख दी गई थी। हमारा संविधान, अतीत के अनुभवों, वर्तमान की जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर बनाया गया दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान है। 75 वर्षों का सफर बताता है कि हम एक सफलतम लोकतांत्रिक गणतंत्र के रूप में स्थापित हुए हैं। मैं आज बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों का पावन स्मरण करता हूं, जिन्होंने सामूहिक बुद्धिमत्ता से संविधान रचकर हमारे गणतंत्र को राह दिखाई। हमारा संविधान समस्त नागरिकों को सामाजिक-आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार-अभिव्यक्ति-विश्वास-धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता का अधिकार प्रदान करता है। इस तरह लोकतंत्रात्मक गणराज्य के रूप में भारत की पहचान, सफलता और अभूतपूर्व उपलब्धियों का परचम पूरी दुनिया में फहरा रहा है।
सीएम ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व और पू्र्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा देकर, छत्तीसगढ़वासियों को विकास के पंख प्रदान किए थे। इस प्रकार 1 नवम्बर 2000 से छत्तीसगढ़ में विकास यात्रा शुरू हुई। गणतंत्र में सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है, आम जनता की इच्छाओं, आकांक्षाओं का सम्मान, प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का ध्यान, प्रत्येक नागरिक की आवश्यकताओं की पहचान और उसके अनुसार सरकार की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन।
लोकसभा चुनाव के लिए आज होगी बैठक, सचिन पायलट होंगे शामिल
26 Jan, 2024 01:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी तेज कर दी है। राजीव भवन में 26 जनवरी को सुबह साढ़े 11 बजे कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक रखी गई है। इसमें राज्यसभा सदस्य रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट समेत अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। दूसरे दिन 27 जनवरी को 11 बजे प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी।
कांग्रेस ने 11 लोकसभा सीटों के लिए 20 लोगों की टीम तैयार की है। रजनी पाटिल वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों से इनके क्षेत्र को लेकर चर्चा करेंगी। गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 10 दिन बाद पांच फरवरी को छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकती है। इसका कारण असम में यात्रा का पूरा न हो पाना है। पहले संभावना थी कि कांग्रेस की यह यात्रा 15 से 18 फरवरी के बीच रायगढ़ के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगी।
राम के नाम पर राजनीति कर रही भाजपा
बैजवहीं, बिलासपुर दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा में आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राम के नाम पर राजनीति कर रही है। देश की आर्थिक स्थिति बदहाल है। ज्वलंत मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा राम का सहारा ले रही है। लोगों की आस्था राम से जुड़ी हुई है। भाजपा लोगों के आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है।
बीते पांच वर्ष के दौरान हमारी सरकार ने सभी क्षेत्रों में ईमानदारी के साथ काम किया है। किसानों से लेकर आम लोगों और युवाओं से लेकर उद्यमियों सभी को साथ लेकर चली है और सभी की भावनाओं का ख्याल भी रखा गया। हार के कारणों पर कहा कि इसके एक कारण कदापि नहीं हो सकते। कई कारण होते हैं। इस संबंध में लगातार चर्चा हो रही है।
संगठन में बदलाव के दिए संकेत
एक सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जितना संभव होगा, संगठन में बदलाव करेंगे। कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ताओं को मौका मिलेगा। विधानसभा चुनाव के दौरान भीतरघात को लेकर शिकायत और कार्रवाई के संबंध में कहा कि जहां से शिकायत मिली थी, जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की गई है। अभी भी बहुत सारी शिकायतें लंबित हैं। जिस पर जांच की जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिन कांग्रेसजनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है, उनकी वापसी को लेकर विचार किया जाएगा। आरोपों की गंभीरता के आधार पर आगे की प्रक्रिया की जाएगी।
भाजपा की 10 पीढ़ी भी कांग्रेस को समाप्त नहीं कर सकती
बैज ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता कहते हैं कि कांग्रेस को खत्म कर देंगे। उन्हें नहीं मालूम कि भाजपा की 10 पीढ़ी भी कांग्रेस को समाप्त नहीं कर सकती। कांग्रेस एक विचारधारा है जो आजादी की लड़ाई के साथ ही भारत की आत्मा में रची बसी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास और जोश भरते हुए कहा कि मैं कांग्रेस का सिपाही हूं।
लोकसभा चुनाव से पहले 20 हजार गांवों तक पहुंचेगी भाजपा
26 Jan, 2024 12:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा 20 हजार गांवों तक पहुंचेगी। भाजपा के कार्यकर्ता गांव चलो अभियान का हिस्सा बनेंगे। अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में चार से 11 फरवरी तक यह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में मुख्यमंत्री से लेकर लोकसभा, राज्यसभा सदस्य, विधायक, पूर्व लोकसभा सदस्य व राज्यसभा सदस्य, पूर्व विधायक सहित सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता गांवों में जाकर 24 घंटे वहां रुकेंगे।
राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से मिलेंगे
वहां के लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि गांव चलो अभियान कार्यशाला का मुख्य विषय लोकसभा चुनाव की तैयारी है जिसमें क्या-क्या कार्य करना है, इस पर चर्चा की गई। भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी गांवों में जाकर केंद्र सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से मिलेंगे ।
गांव चलो अभियान की कार्यशाला आयोजित की गई
गुरुवार को प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में गांव चलो अभियान की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में गांव चलो अभियान के चार राज्यों बिहार, ओड़िशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के प्रभारी व झारखंड के राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश, गांव चलो अभियान के प्रदेश संयोजक व पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सह संयोजक विधायक रायपुर ग्रामीण मोतीलाल साहू, विधायक गोमती साय, भरत मटियारा, उपस्थित रहे।
आयकर विभाग द्वारा होलसेल कास्मेटिक्स और आर्टिफिशियल ज्वेलरी कारोबारी के ठिकानों पर दबिश
25 Jan, 2024 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आयकर विभाग द्वारा राजधानी रायपुर के गोलबाजार बंजारी रोड स्थित होलसेल कास्मेटिक्स व आर्टिफिशियल ज्वेलरी कारोबारी के ठिकानों पर दबिश दी गई है। बताया जा रहा है कि इन कारोबारियों के पास से भारी मात्रा में कच्चे में लेनदेन की रसीदें मिली है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि इस कार्रवाई में टैक्स चोरी के फर्जीवाड़े के मामले के आधार पर की गी है। आयकर की यह कार्रवाई बुधवारे देर रात बंजारी रोड स्थित केटी काम्पलेक्स स्थितसंतोष ज्वेलरी और राहुल ट्रेडर्स के प्रतिष्ठानों पर हुई।
तीन गाड़ियों में पहुंचे अफसर
बताया जा रहा है कि आयकर अफसरों की टीम तीन गाड़ियों पर पहुंची और कारोबारी की टैक्स रसीद व दुकान के लेनदेन की जांच में जुट गई। संतोष ज्वेलर्स और राहुल ट्रेडर्स में ज्यादा तर काम कच्चे बिल पर होते थे। बताया जा रहा है कि आयकर अफसरों की टीम ने संस्थानों से आवश्यक दस्तावेज जब्त कर लिए है।
छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड; रायपुर में छाया कोहरा, अगले तीन दिनों में और गिरेगा पारा
25 Jan, 2024 12:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में इन दिनों ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अब उत्तर से आने वाली ठंडी व शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा और इसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इसके साथ ही अब अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
गुरुवार सुबह से ही रायपुर सहित छत्तीसगढ़ में ठिठुरन बनी हुई है। वहीं रायपुर में सुबह से कोहरा छाया हुआ है।बादल छाने के साथ ही उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश भर में शीतलहर का आभास होने लगा है। हालांकि अधिकतम तापमान में जहां गिरावट आई है, वहीं न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी बनी हुई है।
ठंडी हवाओं के चलते दोपहर में भी इन दिनों गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी है। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.9 डिग्री कम रहा।
ठंड बढ़ते ही गर्म कपड़ों के कारोबार में बढ़ोतरी
इसी प्रकार बिलासपुर, पेंड्रा रोड, अंबिकापुर, जगदलपुर में भी अधिकतम तापमान में गिरावट रही। अब ठंड बढ़ते ही गर्म कपड़ों के कारोबार में भी बढ़ोतरी होने लगी है। गर्म कपड़ों पर इन दिनों 60 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, जिसे उपभोक्ताओं द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि हवा की दिशा में बदलाव की संभावना है। इसके चलते उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रभाव ज्यादा रहेगा और न्यूनतम तापमान भी गिरेगा। हालांकि बस्तर संभाग में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।
प्रदेश भर में बलरामपुर सबसे ठंडा
प्रदेश भर में बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। एआरजी बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री और अंबिकापुर में 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी।
छत्तीसगढ़ में आज से राशनकार्डों का नवीनीकरण अभियान शुरू
25 Jan, 2024 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 25 जनवरी से राशनकार्डों का नवीनीकरण अभियान शुरू होगा। इसके लिए राज्य स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। खाद्य विभाग की ओर से सभी कलेक्टरों को 19 जनवरी को विस्तृत निर्देश जारी किए जा चुके हैं। राशनकार्ड नवीनीकरण खाद्य विभाग द्वारा नया मोबाइल एप तैयार किया गया है, जिसे राशनकार्डधारी अपने मोबाइल में डाउनलोड कर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
हितग्राही खाद्य विभाग की वेबसाइट khadya.cg.nic.in में आवेदन कर सकते हैं। ऐसे हितग्राही जिनके पास एंड्राइड मोबाइल नहीं है अथवा जहां पर मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं है, वह उचित मूल्य दुकान स्तर पर आनलाइन या आफलाइन राशनकार्डों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस एप को अपलोड करने के एक घंटे के भीतर 254 हितग्राहियों द्वारा इसे डाउनलोड कर नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत भी कर दिया है।
खाद्य विभाग संचालक जितेंद्र शुक्ला ने कहा, राशनकार्ड के नवीनीकरण के लिए एप को लांच कर दिया गया है। अब आनलाइन एप के माध्यम से लोगों ने आवेदन करना शुरू कर दिया है। जो आनलाइन आवेदन नहीं कर सकते हैं उनके लिए आफलाइन सुविधा भी दी गई है। राशन प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आएगी।
सामान्य परिवार के लिए केवल 10 रुपये शुल्क
अन्त्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित तथा निःशक्तजन श्रेणी के जारी राशनकार्डों के लिए राशनकार्ड नवीनीकरण की पूर्ण प्रक्रिया निःशुल्क होगी और उन्हें नए राशनकार्ड प्राप्त करने के लिए किसी भी प्रकार की राशि का भुगतान नहीं करना होगा। सामान्य श्रेणी के राशनकार्डधारियों के लिए एप के माध्यम से नवीनीकरण के लिए 10 रुपये लगेंगे।
नवीनीकरण नहीं कराने वालों को मिलता रहेगा
राशन किसी भी एक सदस्य का ई-केवाईसी पूर्ण होने की स्थिति में हितग्राही द्वारा एप से आवेदन किया जा सकेगा। राशनकार्ड फरवरी 2024 तक छूटे हुए सदस्यों के ई-केवाईसी का कार्य भी तेजी से पूर्ण हो जाएगा। हालांकि नवीनीकरण नहीं करा पाने वालों को भी राशन मिलता रहेगा।
व्यापक प्रचार-प्रसार करने निर्देश
खाद्य विभाग के संचालक ने कलेक्टरों से कहा है कि राशनकार्ड नवीनीकरण के संबंध में उचित मूल्य दुकान, ग्राम पंचायत और स्थानीय स्तर पर प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने निर्देशित करें। बस्तर संभाग के जिले जहां मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है या नियमित कनेक्टिविटी नहीं है वहां हितग्राहियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष छूट का प्रविधान रखा जाए। एप में हितग्राहियों के पास वर्तमान में क्यूआर कोड को स्कैन करने की सुविधा है।