छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में लुटेरी दुल्हन का खुलासा, पूजा ने बिना तलाक के चार पुरुषों से की शादी
1 Apr, 2025 11:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी में लुटेरी दुल्हन पूजा देवांगन और उसकी मां गायत्री देवांगन को गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट के आदेश के बाद मुजगहन थाने में बेटी और मां के खिलाफ ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया गया था।
पूजा ने बिना तलाक लिए चार लोगों से शादी की, उनके जेवर चुराए और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसों की उगाही की थी। गिरफ्तार के दौरान थाने में महिला के चार पति भी पहुंच गए थे। इस दौरान गहमागहमी का माहौल था।
शादी के बाद पति के साथ रहने से बचती थी
.थाने में बोरियाकला निवासी डाकेश्वर देवांगन ने आरंग निवासी पूजा देवांगन उर्फ गीतांजलि और उसकी मां गायत्री देवांगन के खिलाफ प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा बेक की अदालत में परिवाद दायर किया था।
.प्रार्थी ने कोर्ट में बताया कि उसने पूजा के साथ शादी की थी। उसकी पत्नी ज्यादातर समय अपने मायका में रहती थी। ससुराल में रहने से बचती थी। डाकेश्वर को पत्नी के चरित्र पर संदेह हुआ और उसने अपनी पत्नी के बारे में जानकारी एकत्रित की।
.डाकेश्वर पूजा और सास गायत्री के बारे में जानकारी एकत्रित कर रहा था। उसी दौरान उसकी मुलाकात पुरुषोत्तम देवांगन से हुई। पुरुषोत्तम ने बताया कि पूजा के साथ उसकी शादी 15 जनवरी, 2016 को संजय नगर, टिकरापारा के आर्यसमाज की मंदिर में हुई थी।
.प्रमाण के रूप में मैरिज सर्टिफिकेट भी दिखाया। इसके बाद पता चला कि पूजा इसी तरह से चार से पांच लोगों से शादी कर चुकी है। उसने किसी को भी तलाक नहीं दिया था। वह जेवर-पैसे लेकर निकल लेती थी।
अपराध में बेटी का साथ देती थी मां
पूजा के साथ शादी करने के बाद डाकेश्वर ने परिवार के अन्य सदस्यों के सोने के जेवर बैंक के लॉकर में रखा दिए थे। लुटेरी पूजा ने मौका देखकर बैंक के लॉकर में रखे जेवर निकालकर अपनी मां को दे दिए। इसके बाद पैसों की मांग करने लगी।
पैसे नहीं देने पर झूठे केस में फंसा देने की धमकी देने लगी। डाकेश्वर के अनुसार पूजा ने पूर्व में जिन लोगों से शादी की थी उन लोगों से भी पूजा और उसकी मां ब्लैकमेल कर उगाही कर रही थी।
बालोद जिले के तानसिंह बरवा की अनोखी क्षमता, 28 साल से बिना आधुनिक उपकरण के खोजते हैं जल स्रोत
1 Apr, 2025 11:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आस्था और विज्ञान अक्सर एक-दूसरे के समक्ष सवाल खड़े करते हैं. भारत की प्राचीन परंपराएं कई बार विज्ञान के लिए चुनौती बन जाती हैं. ऐसा ही एक रोचक मामला छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुरुर ब्लॉक में सामने आया है, जहां एक ग्रामीण पिछले 28 वर्षों से बिना किसी आधुनिक उपकरण के केवल दो तारों की मदद से जमीन के नीचे जल स्रोतों की जांच कर रहा है. बालोद जिले के पेरपार गांव में रहने वाले तानसिंह बरवा (पुत्र बनिहार) का दावा है कि 22 वर्ष की उम्र में गंगा मइया ने सपने में उन्हें जल स्रोतों का पता लगाने का आशीर्वाद दिया था. उन्होंने बताया कि एक हफ्ते तक लगातार उन्हें अजीब अनुभव हुए, जिसके बाद मां गंगा मइया ने उन्हें यह विशेष शक्ति प्रदान की.
इसके बाद से ही वे जल स्रोतों की पहचान करने में जुट गए. अब तक वह 10,000 से अधिक जगहों पर जल स्रोत की जांच कर चुके हैं, जिनमें से 80% से अधिक मामलों में उनका दावा सही साबित हुआ है. उनकी इस अनोखी क्षमता की खबर फैलने के बाद अब लोग उन्हें दूर-दूर से बुलाकर अपने क्षेत्र में जल स्रोतों की जांच कराते हैं.
हर साल हजारों जल स्रोतों की करते हैं जांच
तानसिंह बरवा का कहना है कि वे सिर्फ जल की उपलब्धता ही नहीं, बल्कि पानी की गहराई और प्रवाह की दिशा भी बता सकते हैं. उनका मानना है कि यह सब माँ गंगा मइया की कृपा से संभव हो रहा है. वह हर साल चैत्र और क्वार नवरात्रि में झलमला स्थित गंगा मइया मंदिर में तेल ज्योत कलश की स्थापना भी करते हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने पहली बार 26 जनवरी 1998 को पानी की जांच की थी, और तब से यह सिलसिला जारी है.
नवंबर से जुलाई तक का समय उनके लिए मुख्य सीजन होता है, जब वे 2,000 से 2,500 जगहों पर पानी की जांच करते हैं. बालोद जिले के अलावा छत्तीसगढ़, ओडिशा और बागेश्वरधाम तक वे जल स्रोतों की जांच करने जा चुके हैं.
शुल्क के रूप में लेते हैं केवल इतनी राशि
तानसिंह अपने इस कार्य के लिए किसी प्रकार का भारी-भरकम शुल्क नहीं लेते. वे केवल मंदिर में जलने वाली ज्योत कलश की राशि के बराबर शुल्क लेते हैं. पहले यह राशि ₹301 थी, जो बढ़कर अब ₹701 हो गई है. इसके अलावा वे कोई अतिरिक्त धनराशि नहीं लेते.
100 मीटर की गहराई तक पानी मिलने का दावा
नगर व्यवसायी राकेश चौरड़िया ने भी तानसिंह की क्षमता पर भरोसा जताते हुए अपनी जमीन पर जल स्रोत की जांच करवाई. उन्होंने बताया कि 100 मीटर की गहराई पर अच्छा जल स्रोत मिलने का दावा किया गया, जो सत्य भी साबित हुआ. हालांकि, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से इस पद्धति को परखा नहीं गया है, लेकिन तानसिंह की लगातार मिल रही सफलता इस अनोखे दावे को और मजबूत बनाती है.
इस पूरे मामले में वैज्ञानिक पुष्टि आवश्यक है, क्योंकि यह मामला सीधे आस्था और विज्ञान से जुड़ा है. हालांकि, “चमत्कार को नमस्कार” वाली कहावत तानसिंह बरवा के मामले में कहीं न कहीं सटीक बैठती है.
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कबीरधाम जिला के ग्राम मदनपुर में आयोजित भागवत गीता महापुराण में हुए शामिल
31 Mar, 2025 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा अपने कबीरधाम जिला के प्रवास के दौरान ग्राम मदनपुर में आयोजित भागवत गीता महापुराण में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। धार्मिक आयोजन में भाग लेते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भक्ति और आध्यात्मिकता का अनुभव किया। उपमुख्यमंत्री ने जमीन पर बैठकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया और आयोजन समिति के सदस्यों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला पवित्र मार्गदर्शक है। यह धर्म, कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने इस आयोजन के सफल संचालन के लिए समिति और ग्रामवासियों को बधाई देते हुए इसे समाज में संस्कारों और सद्भाव को बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री शर्मा का आत्मीय स्वागत किया और उनसे अपने क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं को लेकर संवाद किया। उनके आगमन से ग्राम में उत्साह और भक्ति का विशेष माहौल बना रहा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा पहुंचे कवर्धा, मंदिर दर्शन कर प्रदेश वासियों को नवरात्रि पर्व की दी शुभकामनाएं
31 Mar, 2025 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज अपने कवर्धा प्रवास के दौरान चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के ऐतिहासिक एवं जन आस्था के केंद्र विंध्यवासिनी मंदिर, महामाया मंदिर, शीतला मंदिर, काली मंदिर और मां परमेश्वरी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश वासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी तथा प्रदेशवासियों की खुशहाली और सुख समृद्धि की कामना की।
इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री शर्मा ग्राम मोटीयारी पहुंचे, जहां उन्होंने ज्योति कलश के दर्शन कर श्रद्धालुओं के साथ पूजन-अर्चन किया। वहां उन्होंने धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ आध्यात्मिकता का अनुभव किया और आयोजन समिति के सदस्यों से भेंट कर कुशलक्षेम जाना।
इस अवसर उन्होंने कहा कि यह पर्व शक्ति उपासना और आत्मशुद्धि का अवसर है, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भक्ति का संचार करता है। उनके आगमन से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में हर्ष और उत्साह का वातावरण रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा,नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चन्दवंशी, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी उपमुख्यमंत्री के साथ मंदिर पहुँचकर पूजा अर्चना की एवं जिले एवं प्रदेश की सुख शांति की कामना की।
स्मार्ट सिटी से अब 'स्मार्टली कनेक्टेड सिटी' की ओर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी नया रायपुर को ऐतिहासिक रेल कनेक्टिविटी की सौगात
31 Mar, 2025 10:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ का नया रायपुर, जो अब तक स्मार्ट सिटी के रूप में पहचाना जाता था, आज एक नए अध्याय में प्रवेश कर चुका है – "स्मार्टली कनेक्टेड सिटी" के रूप में।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 मार्च को बिलासपुर के मोहभट्टा ग्राम में आयोजित आमसभा और लोकार्पण शिलान्यास समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभनपुर-रायपुर मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ कर नया रायपुर को भारतीय रेल नेटवर्क से सीधे जोड़ने की ऐतिहासिक शुरुआत की।
इस नई मेमू सेवा के शुरू होने से अब रायपुर रेलवे स्टेशन से मंदिरहसौद, सीबीडी, केंद्री होते हुए नया रायपुर तक की यात्रा सीधी, सहज और मात्र 10 रुपये में संभव हो गई है। राज्य सचिवालय, मंत्रालय, आवासीय क्षेत्र और शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत हजारों कर्मचारी, विद्यार्थी और आमजन इससे लाभान्वित होंगे।
रेल सेवा की शुरुआत से अब रायपुर रेलवे स्टेशन से मंदिर हसौद, सीबीडी, केंद्री होते हुए नया रायपुर तक यात्रियों के लिए सीधी और किफायती ट्रेन सुविधा उपलब्ध होगी। इसका सीधा लाभ नया रायपुर के मंत्रालय, सचिवालय, आवासीय क्षेत्रों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को मिलेगा । यह सेवा नया रायपुर को रायपुर शहर और क्षेत्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में मील का पत्थर है। यह न केवल यात्रियों के समय और धन की बचत करेगा, बल्कि नया रायपुर को आवागमन, निवेश और आवासीय विकास की दृष्टि से नई उड़ान देगा।
मेमू ट्रेन सेवा की प्रमुख विशेषताएँ:
अत्याधुनिक थ्री-फेज़ मेमू ट्रेन – उच्च गति, ऊर्जा दक्षता और आरामदायक यात्रा अनुभव
स्टॉपेज: रायपुर, मंदिर हसौद, नया रायपुर सीबीडी, केंद्री और अभनपुर
विशेषता: कुशन वाली सीटें, बड़ी खिड़कियाँ, मोबाइल चार्जिंग सॉकेट, जीपीएस-आधारित स्टेशन डिस्प्ले, सीसीटीवी निगरानी, बायो-टॉयलेट्स
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की 4 पूर्ण रेल परियोजनाओं (कुल लागत: ₹2,695 करोड़) को राष्ट्र को समर्पित किया और 7 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जो आने वाले समय में राज्य के रेल नेटवर्क को और सशक्त बनाएँगी।
प्रधानमंत्री की संवेदना से खिला एक पल — एक बेटी की कला को मिला आदर और अपनापन
31 Mar, 2025 10:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मोहभट्ठा ग्राम में आयोजित आमसभा और लोकार्पण-शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के दौरान एक ऐसा मानवीय और भावनात्मक पल आया, जिसे सभा में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति ने देखा और दिल से सराहा।
जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच से जनसभा को संबोधित कर रहे थे, तभी उनकी नजर एक बालिका पर पड़ी, जो उनकी पेंटिंग हाथ में उठाकर काफी देर से खड़ी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसकी भावना को समझा, और मंच से ही उन्होंने कहा "वहाँ एक बेटी पेंटिंग बना के लाई हैं, बेचारी कब से हाथ ऊपर रखे खड़ी हैं। मैं ज़रा सिक्योरिटी वालों से कहूंगा। उस बेटी को... पेंटिंग के पीछे बेटा नाम-पता लिख देना, मैं आपको चिट्ठी भेजूंगा। जरा इस पेंटिंग को कोई कलेक्ट करके मेरे तक पहुंचा दे। बहुत-बहुत धन्यवाद बेटा, बहुत धन्यवाद।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस आत्मीयता भरी पहल से वहां मौजूद जनता की तालियों की गड़गड़ाहट से सभास्थल गूंज उठा। यह घटना प्रधानमंत्री मोदी की सरलता और संवेदनशील स्वभाव को दर्शाती है, जिससे वे हमेशा जनता के दिलों में विशेष स्थान बनाए रखते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ये बातें न सिर्फ उस बच्ची के चेहरे पर मुस्कान ले आईं, बल्कि वहाँ मौजूद हजारों लोगों के मन को भी छू गईं। इस दृश्य ने यह भी दर्शाया कि यदि बच्चे की प्रतिभा को सही समय पर सही व्यक्ति से सराहना मिले, तो उसके मन में आत्मविश्वास और प्रेरणा के दीप जलते है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह छोटा-सा लेकिन भावनाओं से भरा कदम, "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" जैसे अभियानों को और भी अधिक मानवीय अर्थ प्रदान करता है। यह प्रतिभा का सम्मान था - और वह सम्मान मिला देश के सर्वोच्च नेता के हाथों से।
एक बेटी की कला, एक प्रधानमंत्री की संवेदना – यही है नया भारत।
राज्यपाल डेका से भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने सौजन्य भेंट की
31 Mar, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका से भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत अधिकारियों ने आज राजभवन में सौजन्य भेंट की। इन अधिकारियों में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उप-सचिव अश्वनी देवांगन( वर्ष 2018 बैच), नगरीय प्रशासन व विकास विभाग की उप-सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव (वर्ष 2019 बैच) एवं कोरबा नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय (वर्ष 2019 बैच) शामिल थे। इन सभी अधिकारियों को राज्यपाल ने शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यपाल की संयुक्त सचिव हिना अनिमेष नेताम (वर्ष 2016 बैच) भी उपस्थित थीं।
'वर्जिनिटी टेस्ट' के लिए मजबूर करना महिलाओं के सम्मान अधिकार का हनन'- छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कहा
31 Mar, 2025 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने महिला को लेकर अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा है कि किसी भी महिला को वर्जिनिटी टेस्ट के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। ऐसा करना संविधान के अनुच्छेद 21 का उल्लंघन है। यह फैसला जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा ने एक व्यक्ति की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया है। पति ने अपनी पत्नी के वर्जिनिटी टेस्ट की मांग की थी। वह यह साबित करना चाहता था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ संबंध है।
कोर्ट ने क्या फैसला दिया?
कोर्ट ने कहा कि वर्जिनिटी टेस्ट की इजाजत देना महिला के मौलिक अधिकारों, प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों और उसकी व्यक्तिगत गरिमा के खिलाफ होगा। जज अरविंद कुमार वर्मा ने यह टिप्पणी व्यक्ति द्वारा दायर आपराधिक याचिका के जवाब में की। व्यक्ति ने कहा कि वह अपनी पत्नी का वर्जिनिटी टेस्ट इसलिए करवाना चाहता था क्योंकि वह यह साबित करना चाहता था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ संबंध है। व्यक्ति ने फैमिली कोर्ट के 15 अक्टूबर 2024 के आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उसकी अर्जी खारिज कर दी गई थी। पत्नी ने आरोप लगाया था कि उसका पति नपुंसक है और वह उसके साथ संबंध बनाने से इनकार करता है। कोर्ट ने व्यक्ति से कहा कि वह अपने नपुंसकता के आरोप को गलत साबित करने के लिए मेडिकल टेस्ट करा सकता है। पत्नी ने आरोप लगाया था कि उसका पति नपुंसक है और उसने संभोग करने से इनकार कर दिया है। हाईकोर्ट ने कहा कि यदि याचिकाकर्ता यह साबित करना चाहता है कि नपुंसकता के आरोप निराधार हैं, तो वह संबंधित मेडिकल टेस्ट करा सकता है या कोई अन्य सबूत पेश कर सकता है। उसे अपनी पत्नी का कौमार्य परीक्षण कराने की अनुमति नहीं दी जा सकती। हाईकोर्ट द्वारा 9 जनवरी को पारित आदेश हाल ही में उपलब्ध कराया गया।
हाईकोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता की अपनी पत्नी का कौमार्य परीक्षण कराने की मांग असंवैधानिक है। यह संविधान के अनुच्छेद 21 का उल्लंघन करता है, जिसमें महिलाओं के सम्मान का अधिकार शामिल है। भारत के संविधान का अनुच्छेद 21 न केवल जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार की गारंटी देता है, बल्कि सम्मान के साथ जीने का अधिकार भी देता है, जो महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है। कोर्ट ने कहा कि किसी भी महिला को अपना कौमार्य परीक्षण कराने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। अनुच्छेद 21 के तहत व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार अपरिवर्तनीय है और इसके साथ किसी भी तरह से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती।
हाईकोर्ट ने कहा, "मामला जो भी हो, लेकिन किसी भी मामले में प्रतिवादी को कौमार्य परीक्षण की अनुमति देना उसके मौलिक अधिकारों, प्राकृतिक न्याय के प्रमुख सिद्धांतों और एक महिला की विनम्रता के खिलाफ होगा। पीठ ने आगे कहा कि दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ लगाए गए आरोप साक्ष्य का विषय हैं। साक्ष्य के बाद ही कोई निष्कर्ष निकाला जा सकता है। हाईकोर्ट का मानना है कि फैमिली कोर्ट का आदेश न तो अवैध है और न ही विकृत है। जोड़े ने 30 अप्रैल 2023 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी कर ली। महिला कोरबा जिले में पति के पारिवारिक आवास पर साथ रहती थी। याचिकाकर्ता के वकील ने बताया कि पत्नी ने कथित तौर पर अपने परिवार के सदस्यों से कहा कि उसका पति नपुंसक है। उसने अपने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया। उसने 2 जुलाई 2024 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 144 के तहत रायगढ़ जिले के पारिवारिक न्यायालय में एक अंतरिम आवेदन दायर किया, जिसमें अपने पति से 20,000 रुपये का भरण-पोषण मांगा गया।
भरण-पोषण का दावा अंतरिम आवेदन के जवाब में याचिकाकर्ता ने मांग की पत्नी का कौमार्य परीक्षण कराया। आरोप लगाया कि वह अपने देवर के साथ अवैध संबंध में थी। दावा किया कि उसने अपनी पत्नी के साथ कभी शारीरिक संबंध नहीं बनाए। 15 अक्टूबर 2024 को रायगढ़ के पारिवारिक न्यायालय ने पति के अनुरोध को खारिज कर दिया। इसके बाद पति ने हाईकोर्ट में आपराधिक याचिका दायर की। मामला फिलहाल पारिवारिक न्यायालय में साक्ष्य के स्तर पर है। हाईकोर्ट- कौमार्य परीक्षण की अनुमति नहीं दी जा सकती: हाईकोर्ट ने कहा कि यदि याचिकाकर्ता यह साबित करना चाहता है कि नपुंसकता के आरोप निराधार हैं, तो वह संबंधित मेडिकल टेस्ट करा सकता है या कोई अन्य साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है। 9 जनवरी को पारित उच्च न्यायालय के आदेश, जिसे हाल ही में उपलब्ध कराया गया था, में कहा गया था, "उसे पत्नी का कौमार्य परीक्षण करवाने और अपने साक्ष्य में कमी को पूरा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।
क्या है मामला?
इस जोड़े की शादी 2023 में हुई थी। पत्नी ने कथित तौर पर अपने परिवार के सदस्यों से कहा कि उसका पति नपुंसक है, और उसने वैवाहिक संबंध स्थापित करने से इनकार कर दिया। उसने अपने पति से ₹20,000 का भरण-पोषण मांगा। याचिकाकर्ता ने जवाब दिया, फिर अपनी पत्नी का कौमार्य परीक्षण करने की मांग की और आरोप लगाया कि वह अपने देवर के साथ अवैध संबंध में है।
रायपुर: प्रधानमंत्री मोदी ने अभनपुर-रायपुर मेमू ट्रेन सेवा का किया शुभारंभ, साथ ही 7 रेल नई परियोजनाओं का किया शिलान्यास
31 Mar, 2025 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: रायपुर से नया रायपुर राजधानी क्षेत्र रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। अब यहां आवागमन के लिए नियमित रूप से मेमू ट्रेन चलेगी। रायपुर रेलवे स्टेशन से मंदिर हसौद होते हुए नया रायपुर सीबीडी, केंद्री होते हुए अभनपुर और अभनपुर से रायपुर तक ट्रेन से आवागमन संभव हो सकेगा। इससे मंदिर हसौद, मंत्रालय, सचिवालय, नया रायपुर, अभनपुर तक आवागमन सस्ता और आसान हो जाएगा। इससे नया रायपुर के नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों सहित विद्यार्थियों को नई सुविधा उपलब्ध हो गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ के मोहभट्टा बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अभनपुर-रायपुर मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ में 2,695 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी चार रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया और 7 रेल परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
रायपुर अभनपुर मेमू ट्रेन मंदिर हसौद, सीबीडी, केंद्री और अभनपुर स्टेशनों पर रुकेगी। रेल यात्री रायपुर से नया रायपुर और अभनपुर का सफर महज दस रुपये में कर सकेंगे। अभनपुर-रायपुर के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन अत्याधुनिक थ्री फेज है। बड़ी और खास बात यह है कि यह अत्याधुनिक ट्रेन ऊर्जा दक्षता, तेज रफ्तार और बेहतर सुविधा के साथ यात्रियों को नया अनुभव प्रदान करेगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में भी कई रेल खंडों में थ्री फेज मेमू ट्रेनें चलाई जा रही हैं। हर कोच में आकर्षक इंटीरियर, गद्देदार सीटें, बड़ी खिड़कियां, स्लाइडिंग दरवाजे और मोबाइल चार्जिंग सॉकेट हैं। जीपीएस आधारित पीएपीआईएस के तहत हर कोच में डिस्प्ले स्क्रीन और लाउडस्पीकर लगाए गए हैं, जो यात्रियों को स्टेशन की जानकारी देंगे। सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम भी लगाया गया है। हर ट्रेलर कोच में इको-फ्रेंडली बायो-टॉयलेट की सुविधा है।
सीजी बोर्ड परीक्षा घोटाला: परीक्षा पास कराने आ रहे के दलालों के कॉल, माशिम ने जारी किया अलर्ट
31 Mar, 2025 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: 10वीं और 12वीं की परीक्षा में पास कराने के नाम पर छात्रों से ठगी करने वाले दलाल सक्रिय हो गए हैं। ये दलाल छात्रों और अभिभावकों को झांसा देकर उनसे हजारों रुपए ऐंठ रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमएसएचएम) ने इस तरह की ठगी से सावधान रहने की अपील की है।
कैसे कर रहे हैं ठगी?
ये अनजान कॉल और मैसेज भेजकर छात्रों को परीक्षा में पास कराने का लालच देते हैं। फर्जी दलाल रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर जैसी जानकारी मांगते हैं और बदले में पैसे मांगते हैं। पिछले साल भी ऐसे कई मामले सामने आए थे, जिसमें छात्रों को लालच देकर ठगी का शिकार बनाया गया।
माशिम की अपील
माशिमं के उप सचिव जुगल किशोर अग्रवाल ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं और इस तरह की ठगी से बचें। अगर किसी के पास इस तरह की कॉल या मैसेज आए तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
सख्त कार्रवाई की जाएगी
माशिमं ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को परीक्षा पास कराने के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई व्यक्ति परीक्षा पास कराने के नाम पर पैसे मांगता है तो तुरंत पुलिस या शिक्षा विभाग को सूचित करें।
दंतेवाड़ा में जारी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, इनामी नक्सल महिला को किया ढेर
31 Mar, 2025 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर जवानों -नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस एनकाउंटर में एक महिला नक्सली की मारे जाने की खबर सामने आई है। इसके साथ ही जवानों ने बड़ी संख्या में हथियार बरामद किया है। महिला नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है। दोनों ओर से फायरिंग जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों की टीम निकली थी। करीब 9 बजे जवानों का सामना नक्सलियों से हो गया। दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस ने नक्सलियों से इंसास राइफल, गोला-बारूद और अन्य सामान बरामद किया है। फिलहाल, क्षेत्र में मुठभेड़ और सर्चिंग जारी है।
दो दिन पहले सुकमा में 17 मारे
सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और CRPF के 500-600 जवानों ने 17 नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें 11 महिला नक्सली हैं। मुठभेड़ केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में हुई थी।
घटना स्थल पर सर्चिंग जारी
मुठभेड़ स्थल से अब तक एक इंसास राइफल हथियार सहित एक महिला नक्सली का शव, गोला बारूद के साथ अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद हुई हैं। फिलहाल, घटना स्थल पर सर्चिंग जारी है। इससे पहले एक अन्य घटना में छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के केरलापाल इलाके में शनिवार को सुरक्षा बलों ने एक बड़ी मुठभेड़ में 18 नक्सलियों को मार गिराया था। मिली जानकारी के मुताबिक, जिला दंतेवाड़ा और बीजापुर के सरहदी क्षेत्रान्तर्गत माओवादी विरोधी अभियान पर सुरक्षा बल की टीम निकली थी। अभियान के दौरान आज सुबह नौ बजे से माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच लगातार फायरिंग जारी है। मुठभेड़ स्थल से अब तक एक इंसास राइफल हथियार सहित एक महिला नक्सली का शव, गोला बारूद के साथ अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद हुई हैं। फिलहाल, घटना स्थल पर सर्चिंग जारी है।
छत्तीसगढ़ में 50 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
बीजापुर जिले में रविवार को 50 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। जिनमें से 14 पर कुल 68 लाख रुपये का इनाम था। एक अधिकारी ने बताया था कि उन्होंने राज्य पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने हथियार डाले।
कुल 68 लाख रुपये का इनाम
उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले 50 लोगों में से छह पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम था, जिनमें से तीन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था। पांच पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर फाइटर्स, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), सीआरपीएफ और इसकी विशिष्ट इकाई कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रेसोल्यूट एक्शन) ने उनके आत्मसमर्पण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
पीएम मोदी के दौरे के कुछ घंटे पहले आत्मसमर्पण
एसपी ने जानकारी देते हुए कहा था कि आंदोलन छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने वाले नक्सलियों के लिए सरकार की नीति के अनुसार उनका पुनर्वास किया जाएगा। यह आत्मसमर्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य के दौरे से कुछ घंटे पहले हुआ। वह 33,700 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखन वाले हैं। संयोग से सुरक्षा बलों ने बीते शनिवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के सुकमा और बीजापुर जिलों में दोहरे मुठभेड़ों में 11 महिलाओं सहित 18 नक्सलियों को मार गिराया था, जो 31 मार्च, 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के मिशन में एक बड़ी सफलता है।
2024 में 792 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 134 नक्सलियों को मार गिराया गया है। उनमें से 118 बस्तर संभाग में समाप्त हुए। पुलिस के अनुसार, 2024 में सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में कुल 792 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था।
नक्सलियों की मौजूदगी की विशेष जानकारी
क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी के बारे में विशेष खुफिया सूचना मिली थी। जिले के केरलापाल थानाक्षेत्र के गोगुंडा की पहाड़ी पर नक्सली कमांडर जगदीश के होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद डीआरजी और सीआरपीएफ के जवान रवाना हुए।
नक्सलियों को दी जाएगी सहायता राशि
वहीं अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने माओवादियों की खोखली और अमानवीय विचारधारा से निराश होकर तथा राज्य सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर सरेंडर करने का फैसला किया है। अधिकारियों ने बताया कि सरेंडर करने वाले माओवादियों को पुनर्वास नीति के तहत 25-25 हजार रूपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्हें छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मिलने वाली अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।
मुख्यमंत्री साय ने पीएम मोदी को भेंट किया वीरांगना का प्रतीक, नारी शक्ति का संदेश दिया
31 Mar, 2025 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के ग्राम मोहभट्टा में आयोजित आमसभा एवं विकास कार्यों के लोकार्पण शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को एक विशेष मोमेंटो भेंट किया, जो छत्तीसगढ़ की वीरांगना बिलासा देवी केवट की स्मृति में तैयार किया गया है. यह मोमेंटो न केवल छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, बल्कि नारी शक्ति, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता की जीवंत अभिव्यक्ति भी है.
छत्तीसगढ़ की बिलासा देवी एक साहसी, परिश्रमी और दूरदर्शी महिला थीं, जिनके नाम पर छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहर बिलासपुर का नाम पड़ा. वे केवट समुदाय से संबंध रखती थीं—एक ऐसा समुदाय, जो भारतीय इतिहास में जल परिवहन, सेवा भाव और ईमानदारी के लिए जाना जाता है. भगवान श्रीराम के जीवन में केवट समुदाय की भूमिका आज भी आदर्श के रूप में स्मरण की जाती है.
महिला सशक्तिकरण की प्रेरणास्रोत
बिलासा देवी का जीवन इस बात का प्रमाण है कि महिलाएं सीमाओं को पार कर इतिहास रच सकती हैं. उनके नेतृत्व, परिश्रम और कौशल ने यह सिद्ध किया कि चाहे वह प्रशासन हो या सामाजिक नेतृत्व—नारी कहीं भी पीछे नहीं. यह मोमेंटो उन्हीं मूल्यों और प्रेरणाओं का दर्पण है.
यह भेंट क्यों है अहम?
यह भेंट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दूरदर्शी नेतृत्व के साथ प्रतिध्वनित होती है, जिसके केंद्र में नारी शक्ति और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता की संकल्पना है. ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ', ‘उज्ज्वला योजना', ‘महिला स्वयं सहायता समूह', ‘नारी शक्ति मिशन' जैसी योजनाएँ इसी दिशा में उठाए गए ऐतिहासिक कदम हैं. यह मोमेंटो केवल एक शिल्पकृति नहीं, बल्कि एक वैचारिक प्रतीक है—जो दर्शाता है कि भारत का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा, जब उसकी महिलाएं सशक्त होंगी. यह भेंट छत्तीसगढ़ के गौरवशाली अतीत, वर्तमान प्रयासों और भविष्य की संभावनाओं का समन्वय है.
बिलासा देवी केवट का यह प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिलाओं के सामर्थ्य और भारतीय संस्कृति के यशस्वी मूल्यों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित भी किया है.
भिलाई में खाना डिलीवरी करने वाले युवक से लूट करने वाले तीन नाबलिग गिरफ्तार
31 Mar, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के भिलाई जिले में खाना डिलेवरी करने वाले युवक से लूट करने वाले तीन नाबलिगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम 1900, आधार कार्ड और एक स्कूटर जब्त किया है।
लूट की रकम व स्कूटर जब्त
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 310(2) के तहत कार्रवाई की। जामुल टीआई कपिलदेव पांडेय ने बताया कि 28 मार्च को जुनवानी दुर्गा नगर निवासी रोशन कुमार ने लूट की शिकायत थी।वह स्वीगी में डिलीवरी ब्वॉय है। 27 व 28 की दरमियानी रात 1.17 बजे घासीदास नगर जामुल का रहने वाला व्यक्ति खाने का आर्डर किया।
वह खाना लेकर पहुंचा। जहां 5 लड़के आए और उसके स्कूटर की चाबी को निकाला। उसके साथ मारपीट की। जेब में रखे 1900 रुपए और आधार कार्ड लूटकर भाग गए। मामले में खोजबीन कर तीनों नाबलिगों को गिरफ्तार कर लिया।
जल जीवन मिशन के तहत अधूरा छोड़ा गया काम, 25 लाख की सामग्री का हिसाब नहीं
31 Mar, 2025 10:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कंस्ट्रक्शन कंपनी मेसर्स आर्या के अधीन जल जीवन मिशन योजना के तहत जल-नल कनेक्शन के काम में ठेकेदारी ली थी, लेकिन काम अधूरा छोड़कर करीब 25 लाख रुपए की सामग्री का कोई हिसाब-किताब नहीं किया।
घरघोड़ा पुलिस ने अमानत में खयानत के गंभीर मामले में सक्ती जिले के शकील अहमद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने कंस्ट्रक्शन कंपनी मेसर्स आर्या के अधीन जल जीवन मिशन योजना के तहत जल-नल कनेक्शन के काम में ठेकेदारी ली थी, लेकिन काम अधूरा छोड़कर करीब 25 लाख रुपए की सामग्री का कोई हिसाब-किताब नहीं किया।
घटना को लेकर 28 मार्च को मेसर्स आर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी रायगढ़ के एकाउंटेंट मिथलेश कुमार पटेल ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार कंपनी ने तमनार और घरघोड़ा ब्लॉक में जल जीवन मिशन योजना के तहत जल-नल आपूर्ति का कार्यादेश लिया था। घरघोड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जापानी महिला का बैग कचरे में मिला, पुलिस ने जांच शुरू की
31 Mar, 2025 10:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुलिस के मुताबिक, प्रोफेसर कॉलोनी में कुछ लोग रात में टहलने निकले थे। इस दौरान कचरे के ढेर में एक बैग दिखा। बैग संदिग्ध लग रहा था। इसकी सूचना पुरानी बस्ती पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और बैग खोला, तो उसमें एक जापानी महिला का पासपोर्ट और वीजा था। इसके अलावा उसमें एयर टिकट, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट व अन्य चीजें थी। पुलिस ने बैग जब्त कर जांच शुरू की। महिला का 20 दिसंबर 2024 को टोक्यो से दिल्ली आने की हवाई टिकट थी। इसके बाद दिल्ली से जयपुर जाने और फिर वापस आने का टिकट मिला है। पुलिस इसकी सूचना फॉरेन एंबेसी में देगी।
जांच के दौरान पुलिस को प्रोफेसर कॉलोनी के एक युवक के बारे में पता चला है। युवक दिल्ली से उस बैग को लेकर रायपुर पहुंचा था। युवक बैंगलुरू में है। पुलिस ने उससे फोन से संपर्क किया तो युवक ने बताया कि बैग उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर लावारिस मिला था। उसने लैपटॉप होने की आशंका में दिल्ली में किसी को नहीं बताया और सीधे रायपुर आ गया। घर में उसने खोलकर देखा, तो उसमें पासपोर्ट और वीजा भी था। फिर उसने पूरा बैग कचरे के ढेर में फेंक दिया।
मामला संदिग्ध
दिल्ली एयरपोर्ट पर बैग लावारिस मिलने के बाद उसे युवक ने रख लिया। एयरपोर्ट सिक्योरिटी को नहीं बताया और न ही किसी को जानकारी दी। इसके बाद रायपुर आने के बाद भी पुलिस को सूचना नहीं दी।
फॉरेन एंबेसी को देंगे जानकारी पुरानी बस्ती टीआई योगेश कश्यप ने बताया कि उक्त महिला के संबंध में स्थानीय स्तर पर कोई जानकारी नहीं है। वीजा, पासपोर्ट की जानकारी फॉरेन एंबेंसी को दी जाएगी। बैग लाने वाले युवक को बुलाया गया है। उनसे पूछताछ की जाएगी।
राशिफल 16 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सफलता की इबारत: वाटरशेड योजना ने बदली किसान छबी लाल की तकदीर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
सम्राट विक्रमादित्य अंतर्राष्ट्रीय सम्मान के लिए 20 मई तक नामांकन आमंत्रित
कोसमी में सफल बोर खनन से दूर हुआ जल संकट, ग्रामीणों के चेहरे खिले!
सुशासन तिहार बना भरोसे और राहत का माध्यम
