छत्तीसगढ़
समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 'सुशासन तिहार' शुरू
9 Apr, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: प्रदेश के लोगों तक विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्य में ’सुशासन तिहार' आज से प्रारंभ हो गया है। सुशासन तिहार के माध्यम से प्रथम चरण में आम नागरिकों की जरूरतों, समस्याओं, शिकायतों का समाधान करने आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। राज्य शासन द्वारा इस दौरान पारदर्शिता, जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
कोरबा जिले में भी आज से सभी नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन तिहार का आयोजन प्रारंभ हो गया है। नागरिक अपनी जरूरतों को पूरा करने उत्साहपूर्वक स्वस्फूर्त आवेदन करने पहुँच रहे हैं। मौके पर मौजूद अधिकारी-कर्मचारी उनके आवेदन स्वीकार कर पावती प्रदान कर रहे हैं। कई आवेदक खुद अपने आवेदन समाधान डिब्बे में डाल रहे हैं। आमजनो को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान कर योजनाओं से जुड़ने हेतु प्रक्रिया से अवगत भी कराया जा रहा है। नगरीय निकायों के सभी जोन कार्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन तिहार हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई है। निगरानी हेतु विभिन्न अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दायित्व सौंपा गया है। हर गांव और शहर में मुनादी कराकर लोगों के बीच इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है।
सुशासन तिहार में ग्रामीणों में दिखा उत्साह
रंगमती व द्रुपती बाई ने नए पीएम आवास व शौचालय निर्माण के लिए किया आवेदन
कोरबा विकासखंड के कोरकोमा पंचायत में आयोजित सुशासन तिहार में आज सुबह से ही ग्रामीणों की कतार लगी रही। ग्रामीण शिविर स्थल पर पहुँचकर अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु आवेदन प्रस्तुत कर समाधान पेटी में स्वयं आवेदन जमा कर रहे थे। सुशासन तिहार का लाभ लेने आए कोरकोमा निवासी श्री अरदेसी सारथी व उसकी धर्मपत्नी रंगमती सारथी ने नए पीएम आवास व शौचालय के लिए आवेदन जमा किया। उन्होंने बताया कि जनहितैषी सरकार, आम नागरिकों की परेशानियों को अच्छे से समझती है, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा सराहनीय पहल करते हुए पंचायतों में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीण समाधान पेटी में अपनी शिकायत जमा कर रहे हैं, जिसे प्रशासन द्वारा जांच कर तत्परता से निराकरण किया जाएगा।
कोरकोमा की द्रुपती सारथी ने भी आवास व शौचालय निर्माण के लिए आवेदन जमा किया। उसने बताया कि सरकार द्वारा आमजनों की परेशानियों के समाधान के लिए यह आयोजन किया गया है। इससे जरूरतमंद हितग्राही लाभान्वित होंगे। इसी प्रकार गोढ़ी व करतला विकासखण्ड के नोनबिर्रा पंचायत में भी सुशासन तिहार का आयोजन किया गया है। ग्रामीण शिविर में आकर अपनी जरूरतों की पूर्ति हेतु आवेदन जमा कर रहे हैं।
राज्य सरकार के सहयोग से गोपालक राजाराम का जीवन हुआ खुशहाल
9 Apr, 2025 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: जरूरतमंद को समय पर मिली एक छोटी सी मदद भी उसकी राह आसान बना देती है। जिला कोरिया के जनपद पंचायत मुख्यालय की ग्राम पंचायत सोनहत में रहने वाले किसान राजाराम के परिवार के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। पेशे से किसान और महात्मा गांधी नरेगा में अकुशल श्रम के लिए पंजीकृत मनरेगा श्रमिक श्री राजाराम के परिवार में उनकी पत्नी और बच्चे सहित कुल पाँच सदस्य हैं। इनकी थोड़ी सी कृषि भूमि है और उसमें परंपरागत धान की फसल लगाकर यह परिवार अपना जीवन यापन करता है। साथ ही मनरेगा के अकुशल श्रम पर निर्भर इस परिवार के पास अतिरिक्त कोई आय का साधन नहीं था।
अपने छोटे से मकान में राजाराम दो-तीन गाय पालने का कार्य भी करते थे, जिससे उनके घर का दैनिक खर्च बमुश्किल चलता रहा। अपनी आर्थिक स्थिति से संघर्ष कर रहे राजाराम के परिवार को पंजीकृत श्रमिकों को पशुपालन के लिए मिलने वाले शेड की जानकारी प्राप्त हुई। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत में आवेदन देकर पशु शेड बनाए जाने की मांग रखी।
उनके आवेदन के आधार पर ग्राम पंचायत की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा द्वारा दो साल पहले महात्मा गांधी नरेगा के तहत एक लाख बीस हजार रूपए से बनने वाले एक पशु शेड की स्वीकृति प्रदान की गई। इस कार्य के लिए ग्राम पंचायत सोनहत को ही निर्माण एजेंसी बनाया गया। शेड का कार्य लगभग तीन माह में पूरा होने के बाद राजाराम को ज्यादा संख्या में पशु पालन की सहूलियत मिल गई। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे कुल छह दुधारू गाय पाल ली हैं। अब उनके घर पर औसतन पंद्रह से बीस लीटर दूध का उत्पादन होने लगा है।
इससे इस परिवार के पास स्वरोजगार के साथ आर्थिक उन्नति का रास्ता बन गया है। अपने संघर्ष और उसके बाद मनरेगा की सहूलियत से आजीविका का एक नया साधन पाकर राजाराम और उनका परिवार बेहद खुश हैं और अब उनकी मनरेगा के अकुशल श्रम पर निर्भरता भी काफी कम हुई है।
घरघोड़ा क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी का खुलासा, वन विभाग ने किया छापा
9 Apr, 2025 01:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
घरघोड़ा क्षेत्र में सरई व खैर सहित अन्य कीमती लकड़ियों की तस्करी बेखौफ हो रही है। जिस पर सोमवार की रात वन विभाग ने कार्रवाई की है। डीएफओ के निर्देश पर वन अमले ने कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए के लकड़ी का गोला व वाहन जब्त किया है। वन मंडल रायगढ़ की डीएफओ स्टायलो मंडावी को मुखबिर से सूचना मिली कि घरघोड़ा क्षेत्र में भेंड्रा रोड व रायगढ़ रोड के बीच बने एक यार्ड में अवैध रूप से कीमती लकड़ी सरई और खैर के गोला की तस्करी बड़े पैमाने पर हो रही है।
लकड़ी का गोला बड़े पैमाने पर लोड
इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान एक 12 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 07 सीयू 9278 जो कि यार्ड में खड़ी थी उसकी जांच की गई तो टीम ने देखा कि उसमें सरई व खैर लकड़ी का गोला बड़े पैमाने पर लोड है। इस मामले को लेकर वाहन चालक अशोक उपाध्याय भिलाई निवासी को पूछताछ की गई। उक्त ट्रक को जब्त करते हुए उसे वन विभाग के उर्दना स्थित डीपो भेज दिया गया जिसमें 45-50 घनमीटर लकड़ी का गोला होना प्रतित होने की बात कही जा रही है।
इसके बाद जांच टीम ने देखा कि मौके पर इधर-उधर काफी पैमाने पर और भी लकड़ी का गोला पड़ा हुआ है। जिसे किसी जंगल से काटकर तस्करी के उद्देश्य से यहां डंप किया जाता था। उक्त लकड़ी के गोलों को भी जब्त किया गया। बताया जाता है कि देर रात तक मौके पर मिले लकड़ी के गोलों को डीपो ले जाने के लिए करीब 5 ट्रैक्टर लग गए।
चल रही है गणना
ट्रक में लोड लकड़ी के गोलों की नपाई उर्दना स्थित डीपो में की जा रही है तो वहीं घरघोड़ा में रखे लकड़ी के गोला की नपाई का आंकलन करने का कार्य घरघोड़ा में किया जा रहा है। हांलाकि करीब 40 लाख रुपए से अधिक का लकड़ी होने की बात कही जा रही है, लेकिन वास्तिवक्ता विभाग के आंकलन के बाद ही सामने आएगा।
अभी तक नहीं हुआ खुलासा
इस मामले में चालक से विभाग के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि इतने बड़े पैमाने पर लकड़ी की तस्करी कहां से की जा रही थी और इसे कहां खपाने के लिए ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इस दिशा में विभाग की टीम जांच कर रही है। स्टायलो मंडावी, डीएफओ रायगढ़: सूचना पर टीम भेजकर कार्रवाई की गई है। इसमें अभी गणना का कार्य चल रहा है। गणना के बाद ही वास्तिव स्थिति सामने आएगी। मामले में आगे की जांच चल रही है।
धमतरी में गंदे पानी से फैला डायरिया, 50 से अधिक लोग बीमार
9 Apr, 2025 01:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धमतरी जिले के नगर पंचायत आमदी के वार्ड क्रमांक-12 और 5 में दूषित पानी पीने 20 से 25 लोग उल्टी-दस्त और बुखार से पीड़ित हो गए हैं। वार्ड पार्षद की शिकायत के बाद पाइप लाइन लिकेज को ढूंढने कर्मचारियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। इधर वार्ड में एक के बाद एक बीमार पड़ने से वार्डवासी परेशान हैं।
चंद्रशेखर वार्ड के पार्षद चितेन्द्र साहू ने बताया कि पिछले सप्ताह भर से वार्ड क्रमांक-12 और 5 में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। टेपनल से घरों तक पहुंचने वाले पानी में दुर्गंध उठ रही है। कचरा भी आ रहा है। पीने के लिए वार्डवासी इसी पानी का उपयोग कर रहे हैं, जिसके चलते 20 से 25 लोग उल्टी-दस्त और बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। शिकायत पर मितानिनों ने वार्ड में सर्वे भी किया, लेकिन अब तक स्वास्थ्य शिविर नहीं लगाया जा सका है। दिन-ब-दिन वार्ड में स्थिति और ज्यादा खराब हो रही है। बड़ों के साथ ही अब बच्चे भी उल्टी-दस्त से पीड़त हो रहे हैं। सभी पीड़ित अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं।
इधर सूचना मिलने पर नगर पंचायत की टीम को वार्ड में लीकेज पाइप को ढूंढने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। तीन दिन के बाद भी आखिरकर पाइप लाइन कहां से लीकेज है, दूषित पानी कहां से घरों तक जा रहा है इसकी जानकारी अब तक नहीं लग पाई है। ऐसे में लोगो को पानी को उबालकर पीने के लिए कहा जा रहा है।
दूषित पानी पीने से ये हुए बीमार
दूषित पानी पीने से वार्ड के लोकेश पटेल, कविता साहू, सुनीति साहू, धनीराम साहू, हीरालाल साहू सहित 20 से 25 लोग उल्टी-दस्त से बीमार हो गए हैं। वे स्वयं से अपना इलाज करा रहे हैं। इधर सूचना मिलने पर विधायक ओंकार साहू ने मंगलवार को वार्ड क्रमांक-12 और 5 का भ्रमण कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों को जल्द से जल्द व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं।
पाइप लाइन लिकेज के चलते दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। शिकायत के बाद नगर पंचायत की टीम लीकेज पाइप को सुधारने में जुटी हुई है। जल्द ही व्यवस्था को दुरूस्त कर लिया जाएगा। भूपेश दीवान सीएमओ, नगर पंचायत आमदी
आज भाजपा की मैराथन बैठक में महापौर, अध्यक्ष, राष्ट्रपति और उपाध्यक्ष एवं मंत्रिमंडल हुए शामिल
9 Apr, 2025 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा की मैराथन बैठक चल रही है। सबसे पहले सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे तक मुख्यमंत्रियों की बैठक हुई। इसके बाद 10.30 बजे से निगम मंडल, आयोग और प्राधिकरण के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की बैठक शुरू हुई। जो दोपहर 12:30 बजे तक चली।
रायपुर में भाजपा की एक के बाद एक बैठक
निगम मंडल आयोग और प्राधिकरण के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मौजूद रहे। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष को जनता के साथ अपना व्यवहार बेहतर रखने की सीख दी। साथ ही भाजपा का जनाधार बढ़ाने की हिदायत दी। निगम मंडल आयोग और प्राधिकरण के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की बैठक के बाद सीएम साय ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि बैठक आज शाम तक चलेगी। प्रदेश में सुशासन तिहार शुरू हो गया है। पीएम मोदी के वादों को छत्तीसगढ़ की जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। चाहे प्रधानमंत्री आवास योजना की बात हो, धान खरीदी की या फिर महतारी वंदन योजना की।
मंत्री और सांसद करेंगे औचक निरीक्षण
सीएम साय ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में छत्तीसगढ़ में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। मंत्री और सांसद पूरे प्रदेश में औचक निरीक्षण करेंगे। सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का प्रयास है। 11 अप्रैल तक भाजपा पदाधिकारी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।
कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है
गुजरात में कांग्रेस के अधिवेशन को लेकर सीएम साय ने कहा, कांग्रेस अधिवेशन करती रहती है। उनकी करनी और कथनी में बहुत अंतर है। आज पार्टी देश की जनता का विश्वास खो चुकी है। वे जो भी करते हैं, उससे जनता का विश्वास खो चुके हैं। ब्राह्मण ही नहीं, पूरे देश की जनता उनसे दूर होती जा रही है। मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की बैठक: निगम मंडल आयोग और प्राधिकरण के अध्यक्षों की बैठक के बाद मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की बैठक शुरू हो गई है। जो दोपहर 1.30 बजे तक चलेगी। यह बैठक भी राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ले रहे हैं।
मेयर-अध्यक्षों, अध्यक्षों-उपाध्यक्षों की बैठक
इसके बाद दोपहर 3 से 4.30 बजे तक नगरीय निकायों के मेयर-अध्यक्षों, अध्यक्षों-उपाध्यक्षों के साथ ही जिला पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की बैठक होगी।
छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी नितिन नवीन ने किया स्वागत रायपुर
भाजपा प्रभारी नितिन नवीन आज सुबह भाजपा की बैठक में शामिल होने रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मंत्री केदार कश्यप का भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने स्वागत किया। जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार: चर्चा है कि आज की बैठक के बाद जल्द ही छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। हाल ही में निगम मंडल में नियुक्तियां की गई हैं। उसके बाद भाजपा के संगठन प्रभारियों के दौरे से उम्मीद है कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।
मौसम में बदलाव, छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की बारिश और गर्मी में राहत
9 Apr, 2025 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में तेज धूप और गर्मी से राहत मिल सकती है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश में मौसमी तंत्र सक्रिय होने की वजह से मौसम में बदलाव की संभावना है। आज बुधवार से राज्य के चार संभागों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के एक दो जगह पर हल्की मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं एक दो जगह पर गरज चमक के साथ तेज हवा चल सकती है। आगामी दो-चार दिनों तक मौसम ऐसे ही बने रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक जगह पर हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
चार संभागों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 9 अप्रैल को रायपुर संभाग, बस्तर संभाग, उससे लगे दुर्ग संभाग के जिलों और बिलासपुर संभाग के पूर्वी हिस्सों में हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
मौसम एक्सपर्ट में बताया कि दक्षिण पश्चिम और समीपवर्ती पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव हो सकता है।
अभी और बढ़ेगा पारा
छत्तीसगढ़ के मध्य और उत्तर भागों में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। वहीं अगले पांच दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। बता दें कि इन दोनों अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री पहुंच चुका है।
राजनांदगांव में दिन का पारा 42.5 डिग्री
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया है। वही आज राजधानी रायपुर में मौसम साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश के राजनांदगांव को छोड़कर विभिन्न जिलों में अभी तापमान 40 डिग्री से कम रहा है, लेकिन आगामी दिनों में पारा बढ़ने से भीषण गर्मी और तेज धूप का सामना करना पड़ सकता है।
एसपी विजय अग्रवाल की रणनीति से भाटापारा में सटोरियों पर बड़ी कार्रवाई
9 Apr, 2025 12:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जिले के एसपी विजय अग्रवाल एवं उनकी साइबर टीम ने एक सराहनीय और प्रशंसनीय कार्य को अंजाम दिया है, जो वाकई तारीफ के काबिल है। लंबे समय से सफेद कागज पर काले अक्षरों में सच्चाई चीख-चीख कर सामने आ रही थी। भाटापारा सहित अन्य क्षेत्रों में बड़े सटोरिए और खाईवाल सक्रिय हैं।
स्थानीय पुलिस अकसर छोटे सटोरियों को पकड़कर खानापूर्ति करती नजर आती रही, लेकिन बड़े नेटवर्क तक पहुंचने की गंभीर कोशिशें नदारद थीं। वहीं, इस बार इस बढ़ते अपराध की गूंज जिला एसपी विजय अग्रवाल तक पहुंची और उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए विशेष रणनीति बनाई।
एसपी ने साइबर सेल की एक अलग विशेष टीम तैयार कर उसे दिल्ली रवाना किया। यह टीम एसपी के भरोसे पर खरी उतरी और भाटापारा समेत अन्य जिलों में सक्रिय सटोरियों को पकड़ने में कामयाब रही। यह कार्यवाही न केवल बहादुरी भरी थी, बल्कि यह भी साबित करती है कि जब नेतृत्व मजबूत हो तो परिणाम भी स्पष्ट नजर आते हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या स्थानीय पुलिस भी इन बड़े खाईवालों से जुड़े तारों को सुलझा पाएगी या फिर आने वाले समय में ऐसी सभी कार्रवाइयां केवल साइबर सेल के हिस्से ही आएंगी?
तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर
9 Apr, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तेज रफ़्तार ट्रेलर की ठोकर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं इस घटना में उसकी पत्नी और बेटे को गंभीर चोट आई है। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रहा है। उक्त मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, फिलमोन एक्का ने लैलूंगा थाना में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि कल दोपहर 3 बजे महेश एक्का 36 साल निवासी भेडीमुडा (अ) तेंदुपारा किसी काम के सिलसिले में मोटर सायकल क्रमांक CG-13-K-5002 TVS में सवार होकर अपनी पत्नी के और बेटे के साथ गया हुआ था।
जहां से वापसी के दौरान जब वे चौरंगा पतरापारा के बीच मेन रोड पर पहुंचे। तो पीछे की तरफ से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG-10-BW-9555 के चालक ने तेज और लापरवाही पूर्वक वाहन बाइक सवार पति पत्नी को जोरदार ठोकर मार दी।
इस घटना में बाइक सावर पति-पत्नी के अलावा उनके बेटे को गंभीर चोट लगने के अलावा उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की मदद से तीनों घायलों लैलूंगा सिविल अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान महेश एक्का की मौत हो गई। उसकी पत्नी और बच्चे का इलाज जारी है।
बहरहाल, सड़क हादसे में एक की मौत हो जाने के बाद लैलूंगा पुलिस आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ धारा 106(1) 125(ए) 281 के तहत अपराध दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
रायपुर में बीजेपी की बैठक, शिवप्रकाश पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से करेंगे चर्चा
9 Apr, 2025 08:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश नौ अप्रैल को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मैराथन बैठक लेंगे। वे भाजपा और निगम-मंडल व आयोगों के पदाधिकारियों के साथ ही नगरीय निकायों के महापौर, सभापति, अध्यक्ष व उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा ने बताया कि शिवप्रकाश 9 अप्रैल को सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक महामंत्रियों की बैठक लेंगे। इसके बाद 10.30 से दोपहर 12.30 बजे तक निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे। दोपहर 12.30 से 1.30 बजे तक भाजपा के सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की बैठक लेंगे। फिर दोपहर 3 से 4.30 बजे तक नगरीय निकायों के महापौर-सभापतियों, अध्यक्ष-उपाध्यक्षों के साथ ही जिला पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे।
चर्चा है कि इन मैराथन बैठकों के बाद मंत्रिमंडल का जल्द विस्तार हो सकता है। नये मंत्रियों के नामों का ऐलान कभी भी हो सकता है। दो से तीन मंत्री शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, नाम फाइनल कर लिये गये हैं। केवल घोषणा होनी बाकी है। लोकसभा चुनाव, उप चुनाव, नगरीय निकाय चुनाव, त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव, मंडल, आयोग के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की वजह से ये घोषणा अब तक टलती रही है।
बन सकते हैं दो या तीन नए मंत्री
इस बात की चर्चा है कि दो या तीन नए मंत्री बनाये जा सकते हैं। इनमें रायपुर से रमन कैबिनेट में तीन बार मंत्री रह चुके विधायक राजेश मूणत, विधायक अजय चंद्राकर और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा के नाम आगे चल रहे हैं। वहीं बिलासपुर से तीन बार मंत्री रह चुके अमर अग्रवाल का नाम भी चर्चा में है। इसके साथ ही दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव भी रेस में हैं। इन नामों को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रवास के दौरान भी उनसे बातचीत की जा चुकी है। ऐसे में जल्द ही साय मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
हरियाणा की तर्ज पर हो सकता है साय कैबिनेट का विस्तार
हरियाणा की विधानसभा में भी 90 विधायक हैं। हरियाणा में बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं। लिहाजा, हरियाणा के फॉर्मूले को छत्तीसगढ़ में भी लागू करते हुए 3 और मंत्री बनाए जा सकते हैं। हालांकि छत्तीसगढ़ बनने के बाद से 13 मंत्री ही बनते आ रहे हैं। जबकि नियम के तहत विधयकों की संख्या के 15 प्रतिशत ही मंत्री बन सकते हैं। नियम के तहत 90 विधायकों में 13.5 मंत्री बन सकते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री भी हो सकते हैं।
क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण के आधार पर हो सकता है विस्तार
साय कैबिनेट में अभी मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। सबसे ज्यादा सरगुजा संभाग से मंत्री हैं। रायपुर दुर्ग और बस्तर संभाग से मात्र एक-एक मंत्री हैं। इसलिए रायपुर से संभाग से राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा और अजय चंद्राकर का नाम चर्चा में है। बिलासपुर से रमन सरकार में तीन बार मंत्री रह चुके अमर अग्रवाल का नाम भी सूची में है। इसके अलावा यादव समाज को प्रतिनिधित्व देने दुर्ग से गजेंद्र यादव के नाम की चर्चा है।
बता दें कि साय कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री थे, लेकिन लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से मुख्यमंत्री साय समेत 11 मंत्री ही काम कर रहे हैं।
नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने मिशन अमृत 2.0 के कार्यों की समीक्षा की
8 Apr, 2025 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने आज मिशन अमृत 2.0 के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मिशन के कार्यों में देरी और लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों और एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधूरे कार्यों को बारिश से पहले पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। मिशन अमृत 2.0 के नोडल अधिकारी, अभियंता, प्रोजेक्ट डेवलपमेंट एंड मैनेजमेंट कन्सल्टेंट्स एवं उनके डिप्टी टीम लीडर्स, असिस्टेंट कन्सट्रक्शन मैनेजर्स तथा चयनित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद थे।
नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के अधिकारियों को मिशन अमृत 2.0 के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा फील्ड में जाकर प्रगति व गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगली समीक्षा बैठक में कार्यों की भौतिक प्रगति और समयबद्ध योजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने को कहा। उल्लेखनीय है कि मिशन अमृत 2.0 के तहत प्रदेश के 36 नगरीय निकायों में पेयजल परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें से 29 में कार्यादेश जारी हो चुके हैं।
डॉ. बसवराजु ने सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि मिशन के कार्य समय पर पूरे नहीं होने पर केंद्र सरकार से राशि नहीं मिलेगी, जिससे राज्य सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। मिशन अमृत 2.0 को मार्च-2026 तक पूरा करना है। यह केंद्र और राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। भारत सरकार और उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को मिशन के कार्यों में कुशल मानव संसाधन लगाने के साथ ही ड्राइंग-डिजाइन, सर्वे डॉटा और अन्य कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु ने नगरीय निकायों को प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए एक्शन प्लान तैयार करने और उसकी प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने लगातार पत्राचार के बाद भी कार्यों में उदासीनता बरतने वाले नगरीय निकायों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जनवरी-2024 के बाद से परियोजना के लिए 300 करोड़ रुपए आबंटित किए गए हैं और मार्च-2025 तक कोई भुगतान लंबित नहीं है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कार्य में देरी ठीक नहीं है। सुडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शशांक पाण्डेय और उप महाप्रबंधक रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।
प्रथम चरण में आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू
8 Apr, 2025 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु कोण्डागांव जिले में भी ‘‘सुशासन तिहार” का शुभारंभ हो गया है। सुशासन तिहार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा और जन संवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिला कार्यालय, विकासखंड कार्यालय, नगरीय निकायों और सभी ग्राम पंचायतों में समाधान पेटी रखी गई है, जहां पहले दिन आम नागरिकों ने विभिन्न मांगों को लेकर अपने आवेदन जमा किए। आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया 11 अप्रैल तक चलेगी और समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। सुशासन तिहार के पहले दिन जिला कार्यालय में लगाए गए समाधान पेटी का कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निरीक्षण किया और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।
सुशासन तिहार को लेकर ग्रामीणों में उत्साह
सुशासन तिहार के पहले चरण में जिला कार्यालय के साथ ग्राम पंचायतों में ग्रामीणजन अपनी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं और अपने आवेदन को समाधान पेटी में डाल रहे हैं। राज्य सरकार की इस पहल से ग्रामीणों को गांव में ही अपनी समस्याओं को अवगत कराने का मौका मिल रहा है, जिससे वे बेहद उत्साहित हैं।
आम जनता की समस्याओं का होगा समयबद्ध निराकरण
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार आयोजित “सुशासन तिहार-2025” का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा विकास कार्यों में गति लाने के साथ ही आम जनता, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करना है। सुशासन तिहार-2025 का आयोजन तीन चरणों में होगा। पहले चरण में 08 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक आम जनता से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। दूसरे चरण में लगभग एक माह के भीतर प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। तीसरे एवं अंतिम चरण में 05 मई से 31 मई 2025 के बीच समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
सुशासन तिहार: दिव्यांगों की मदद के लिए सुशासन संगवारी
8 Apr, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य के सभी जिलों में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज सुकमा जिले में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन और मार्गदर्शन में आज से सुशासन तिहार प्रारम्भ किया गया है। सुशासन तिहार 2025 के तहत सुकमा जिला प्रशासन द्वारा आम जनता में जन जागरूकता फैलाने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार अभियान प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर ध्रुव ने अभिवन पहल करते हुए विशेष रूप से दिव्यांग और जरूरतमंद लोगों को आवेदन भरने में मदद करने के लिए सुशासन संगवारी भी नियुक्त किए हैं। शासन की यह सकारात्मक पहल सुनिश्चित करेगी कि कोई भी व्यक्ति सुशासन तिहार से वंचित न रहे।
सुशासन तिहार के प्रथम दिवस में सुकमा जिले के सभी पंचायतों और नगरीय निकायों के क्षेत्रों में लोगों ने अपने आवेदन दिए। जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी सुशासन तिहार में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। लोग सुशासन तिहार के बारे में जानकारी लेने लगे और अपनी समस्या और मांग से संबंधित आवेदन समाधान पेटी में जमा किए।
कलेक्टर ध्रुव ने जिलेवासियों से अपील की है कि आम जन सुशासन तिहार के अवसर का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं और सुझावों को सुशासन पेटी में दर्ज करें, ताकि उन्हें जल्द समाधान मिल सके।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में शासन प्रशासन में पारदर्शिता लाने के लिए लगातार शासकीय योजनाओं को उचित क्रियान्वयन कर आम लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
सुशासन तिहार -2025 : बलौदा बाजार जिले में सुशासन तिहार का हुआ शुभारंभ
8 Apr, 2025 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राज्य शासन के निर्देशानुसार आज बलौदाबाजार जिले में सुशासन तिहार 2025 के प्रथम चरण के तहत आवेदन लेने का शुभारंभ आज जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में हुआ। आवेदन प्राप्त करने के स्थल को रंगोली एवं बैनर से आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा प्रथम आवेदक का तिलक लगाकर व गुलदस्ता देकर स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। कलेक्टर दीपक सोनी ने संयुक्त जिला कार्यलय में आवेदन प्राप्ति स्थल पर स्वयं आवेदको से आवेदन प्राप्त किया और पंजी में आवश्यक प्रविष्टि कर पावती दिया।उन्होंने इस दौरान सुशासन तिहार में सबकी सहभागिता हेतु लोगों को प्रोत्साहित किया।
जिले में सुशासन तिहार को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। सुशासन तिहार के उद्देश्य को जन- जन तक पहुंचने के लिए सायकिल रैली, नारा लेखन सहित अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
विकासखंड कसडोल के ग्राम पंचायत गिरौद में एसडीएम की उपस्थिति में प्रथम आवेदक प्रेमलता पटेल का तिलक लगाकर व गुलदस्ता भेंट कर अभिनन्दन किया गया। प्रेमलता के आवेदन को पंजी में प्रविष्टि उपरांत पावती दी गई और आवेदन को समाधान पेटी में डाला गया। प्रेमलता पटेल ने बताया कि सुशासन तिहार राज्य शासन की बहुत अच्छी पहल है। इसके माध्यम से लोगों की समस्याओं और मांग से सम्बंधित आवेदनों का उपयुक्त निराकरण तय समय पर होगा। उन्होंने बताया कि एक सामाजिक भवन मांग के लिए आवेदन दिया है।
नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार में एसडीएम की उपस्थिति में वार्ड क्रमांक 3 में प्रथम आवेदक सूरज पटेल का गुलाब फूल देकर स्वागत किया गया। विकासखंड भाटापारा के ग्राम पंचायत देवरी में मंडल अध्यक्ष की उपस्थिति में प्रथम आवेदक का स्वागत किया गया। इसीतरह सभी नगरीय निकायों के वार्डो और ग्राम पंचायतों में सुशासन तिहार का आगाज हुआ।
सुशासन तिहार को लेकर लोगों में दिखा उत्साह
8 Apr, 2025 08:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राज्य व्यापी सुशासन तिहार को लेकर अम्बिकापुर, बालोद और कांकेर जिले में भी लोगों का उत्साह दिख रहा है। इन जिलों में लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर समाधान पेटी में जमा कराए। कलेक्टर सहित वरिष्ठ प्राशसनिक अधिकारियों द्वारा लगातार मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन देने की अपील की जा रही है। लोगों को आवेदन लेने के लिए ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायत, नगरीय निकायों जिला मुख्यालयों और तहसील कार्यालय समाधान पेटी की व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समाज के सभी वर्गों से तत्परता से संवाद एवं समाधान के उद्देश्य से सुशासन तिहार की शुरुआत आज 8 अप्रैल से की गई है। इस अभियान के अंतर्गत आज से 11 अप्रैल तक आवेदन लिए जा रहे हैं। दूसरे चरण में इन आवेदनों का निराकरण 12 अप्रैल से 4 मई के मध्य संबंधित विभागों द्वारा किया जाएगा। तीसरे एवं अंतिम चरण में आमजनता की समस्याओं के निराकरण हेतु आगामी 05 मई से 31 मई तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आवेदकों को उनके आवेदनों की यथासंभव समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
ग्रामीणों को जानकारी देने मुनादी
अंबिकापुर कलेक्टर विलास भोसकर ने आज विकासखंड लखनपुर एवं उदयपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में केवरा, कुंवरपुर, अंधला, जजगा, उदयपुर, सोनतराई एवं डांड़गांव का दौरा कर सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आमजन की समस्याओं को सहज और सरल भाषा में समझकर आवेदन भरने में सहायता करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार की जानकारी लोगों तक पहुंचाने हेतु मुनादी, पंपलेट और पोस्टर के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने कहा।
कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए ऑनलाइन आवेदन
कांकेर के कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और सुशासन तिहार में लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी आवेदन दिए जा सकते हैं।
हॉट बाजारों में समाधान पेटी की व्यवस्था
बालोद जिले के कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देश पर सुशासन तिहार में लोगों से आवेदन लेने के लिए ग्राम पंचायतों के साथ-साथ हाट बाजारों में समाधान पेटी की व्यवस्था की गई है। जहाँ पर अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। इसके अलावा संयुक्त जिला कार्यालय के साथ-साथ जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालयों के जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों मंे भी आवेदन प्राप्त करने हेतु समाधान पेटी लगाई गई है।
राज्य शासन के सहयोग से गौ पालक राजाराम का जीवन हुआ खुशहाल
8 Apr, 2025 08:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : जरूरतमंद को समय पर मिली एक छोटी सी मदद भी उसकी राह आसान बना देती है। जिला कोरिया के जनपद पंचायत मुख्यालय की ग्राम पंचायत सोनहत में रहने वाले किसान राजाराम के परिवार के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। पेशे से किसान और महात्मा गांधी नरेगा में अकुशल श्रम के लिए पंजीकृत मनरेगा श्रमिक राजाराम के परिवार में उनकी पत्नी और बच्चे सहित कुल पाँच सदस्य हैं। इनकी थोड़ी सी कृषि भूमि है और उसमें परंपरागत धान की फसल लगाकर यह परिवार अपना जीवन यापन करता है। साथ ही मनरेगा के अकुशल श्रम पर निर्भर इस परिवार के पास अतिरिक्त कोई आय का साधन नहीं था।
अपने छोटे से मकान में राजाराम दो-तीन गाय पालने का कार्य भी करते थे, जिससे उनके घर का दैनिक खर्च बमुश्किल चलता रहा। अपनी आर्थिक स्थिति से संघर्ष कर रहे राजाराम के परिवार को पंजीकृत श्रमिकों को पशुपालन के लिए मिलने वाले शेड की जानकारी प्राप्त हुई। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत में आवेदन देकर पशु शेड बनाए जाने की मांग रखी।
उनके आवेदन के आधार पर ग्राम पंचायत की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा द्वारा दो साल पहले महात्मा गांधी नरेगा के तहत एक लाख बीस हजार रूपए से बनने वाले एक पशु शेड की स्वीकृति प्रदान की गई। इस कार्य के लिए ग्राम पंचायत सोनहत को ही निर्माण एजेंसी बनाया गया। शेड का कार्य लगभग तीन माह में पूरा होने के बाद राजाराम को ज्यादा संख्या में पशु पालन की सहूलियत मिल गई। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे कुल छह दुधारू गाय पाल ली हैं। अब उनके घर पर औसतन पंद्रह से बीस लीटर दूध का उत्पादन होने लगा है।
इससे इस परिवार के पास स्वरोजगार के साथ आर्थिक उन्नति का रास्ता बन गया है। अपने संघर्ष और उसके बाद मनरेगा की सहूलियत से आजीविका का एक नया साधन पाकर राजाराम और उनका परिवार बेहद खुश हैं और अब उनकी मनरेगा के अकुशल श्रम पर निर्भरता भी काफी कम हुई है।
राशिफल 16 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सफलता की इबारत: वाटरशेड योजना ने बदली किसान छबी लाल की तकदीर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
सम्राट विक्रमादित्य अंतर्राष्ट्रीय सम्मान के लिए 20 मई तक नामांकन आमंत्रित
कोसमी में सफल बोर खनन से दूर हुआ जल संकट, ग्रामीणों के चेहरे खिले!
सुशासन तिहार बना भरोसे और राहत का माध्यम
