उत्तर प्रदेश
ग्रामीणों में दहशत, आगजनी और धमकी से फैली अफरा-तफरी
21 Aug, 2025 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के चतरा में लंबे समय के बाद भाकपा माओवादियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देने का काम किया है। बुधवार की देर रात लावालौंग थाना क्षेत्र के लेंबोडीह विशनपुर गांव में नक्सलियों ने उत्पात मचाते हुए दो ट्रैक्टर और एक सवारी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। जलाए गए वाहनों में एक सवारी वाहन व एक ट्रैक्टर शामिल है। दोनों वाहन संतन गंझू का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 22 से अधिक की संख्या में हथियारबंद नक्सली संतन गंझू के तलाश में पहुंचे थे, जब घर पर संतन नहीं मिला तो घर के बाहर खड़ी दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
वारदात के फरार हो गए नक्सली
साथ ही संतन गंझू के घर व एक अन्य ग्रामीण के घर को बाहर से ताला जड़ दिया। वहीं, वाहनों को आग को हवाले करते हुए फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में छापामारी अभियान तेज कर दिया है।
क्षेत्र में दहशत
ग्रामीणों के अनुसार भाकपा माओवादी के टॉप कमांडर मनोहर गंझू के दस्ते के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। मालूम हो कि लंबे समय के बाद भाकपा माओवादियों ने घटना को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैलाई है। ग्रामीणों के अनुसार संतन गंझू पर पुलिस को सहयोग देने का आरोप है। उसने पूर्व में पुलिस को पोस्ता (अफीम) नष्ट करने के दौरान सहयोग दिया था। बताया जाता है कि अफीम की खेती को नष्ट करने में उसने पुलिस को ट्रैक्टर मुहैया कराया था। उस कार्रवाई के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत कई लोगों को जेल भेजा गया था। इसी मामले में एक युवक हाल ही में जेल से बाहर आया था और उसने नक्सलियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
कैंपस में छात्रा असुरक्षित! छेड़खानी का विरोध किया तो किया ब्लेड अटैक
21 Aug, 2025 12:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित बिरला इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) देश के प्रतिष्ठित कॉलेजों में शुमार है. इसके मेसरा कैंपस में बुधवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीआईटी की एक एममबीए की छात्रा के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति ने कैंपस में घुसकर छेड़खानी शुरू कर दी. इतना ही नहीं विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा को ब्लेड मारकर जख्मी कर दिया.
मामले की सूचना मिलते ही तत्काल घायल छात्रा को इलाज के लिए नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया. छात्रा से छेड़खानी और उसे ब्लेड मारकर जख्मी किए जाने की घटना से नाराज छात्रों ने देर रात ही कॉलेज कैंपस में बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. कॉलेज प्रबंधन के समझाने और स्थानीय बीआईटी ओपी थाना की पुलिस की मौके पर पहुंचने के बाद भी छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा.
छात्रों ने की आज क्लास बहिष्कार की घोषणा
मेसरा कैंपस में हुई इस घटना के विरोध में छात्रों द्वारा आज (गुरुवार) कॉलेज में क्लास बहिष्कार करने की घोषणा की गई है. आज छात्र कॉलेज कैंपस में हुई घटना के विरोध में क्लास में नहीं जाएंगे. वहीं बीआईटी ओपी थाना की पुलिस पीड़ित छात्रा से भी पूरे मामले की जानकारी ले रही है. बुधवार की देर रात छात्रा कॉलेज के कैंपस में ही टहल रही थी.
इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति कैंपस के अंदर प्रवेश कर आया और उसने छेड़खानी शुरू कर दी. छात्रा द्वारा विरोध करने पर उसने अपने हाथ में ले रखी ब्लेड मारकर उसको जख्मी कर दिया. हालांकि इस पूरी घटना को अंजाम देने वाले आरोपी शख्स की पहचान नहीं हो पाई है. फिलहाल आरोपी की पहचान के लिए पुलिस बीआईटी मेसरा के कैंपस में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
1955 में हुई थी बीआईटीकी स्थापना
बता दें कि रांची में बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) की स्थापना वर्ष 1955 में इंडस्ट्रियलिस्ट बीएम बिड़ला ने की थी. लगभग 780 एकड़ में फैले बीआईटी मेसरा को यूजीसी से डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा प्राप्त है. इस इंस्टीट्यूट को नेशनल असेस्मेंट एंड एक्रडिटेशन काउंसिल और नेशनल बोर्ड ऑफ एसोसिएशन (एनबीए) से मान्यता मिली हुई है.
इस साल 15 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बीआईटी मेसरा के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित प्लेटिनम जुबली कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुई थीं. राष्ट्रपति ने कॉलेज के 70 वर्षों के शैक्षणिक सफर पर लगाए गई प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया था. साथ ही साइंस एवं टेक्नोलॉजी आधारित प्रदर्शनी का निरीक्षण किया था. उन्होंने बीआईटी मेसरा के छात्रों के साथ बातचीत भी की थी.
शाहजहांपुर के जलालाबाद को मिली नई पहचान, हुआ परशुरामपुरी
20 Aug, 2025 05:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शाहजहांपुर : शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद का नाम बदल दिया गया है। अब यह नगर परशुरामपुरी के नाम से जाना जाएगा। इस संबंध में गृह मंत्रालय से पत्र जारी किया गया है। इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया है।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है, 'शाहजहांपुर स्थित जलालाबाद का नाम परिवर्तित कर 'परशुरामपुरी' करने की अनुमति देने पर गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद एवं आभार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आए इस निर्णय ने संपूर्ण सनातनी समाज को गर्व का क्षण प्रदान किया है।'
प्रदेश सरकार ने जलालाबाद का नाम परशुरामपुरी किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदन दे दिया था। प्रदेश के प्रमुख सचिव ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के सचिव को पत्र भेजकर नाम परिवर्तन की स्वीकृति शीघ्र देने की अपेक्षा की थी। इस पर गृह मंत्रालय ने स्वीकृति दे दी है।
बीते दिनों भेजा गया था पत्र
बीते दिनों प्रदेश के प्रमुख सचिव की ओर से केंद्रीय गृह सचिव को पत्र भेजा गया था। जिसमें कहा गया था कि जलालाबाद भगवान परशुराम की जन्मस्थली है। वहां भगवान परशुराम का काफी पुराना ऐतिहासिक मंदिर भी है। इसलिए जलालाबाद का नाम परशुरामपुरी रखे जाने की मांग की जाती रही है। नगर पालिका परिषद ने मार्च 2018 व सितंबर 2023 में इस मांग के प्रस्ताव बोर्ड बैठक में भी पारित किए। अप्रैल में शाहजहांपुर के डीएम ने बोर्ड की बैठक में पारित प्रस्ताव संलग्न कर नाम परिवर्तन को अपनी संस्तुति सहित पत्र शासन को भेजा था।
पत्र में प्रमुख सचिव ने यह भी कहा था कि केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने बीते अप्रैल में ही लोगों की आस्था को देखते हुए नगर का नाम परशुरामपुरी घोषित किए जाने की मांग शासन से की थी। उक्त मांग तथा पालिका बोर्ड के प्रस्ताव पर प्रदेश सरकार ने अपनी सहमति जताते हुए नगर का नाम परशुरामपुरी किए जाने का अनुमोदन दे दिया था। इस प्रस्ताव पर गृह मंत्रालय ने मंजूरी देते हुए बुधवार को पत्र जारी कर दिया।
वर्षों से चली आ रही था मांग
भगवान परशुराम की यह नगरी आसपास क्षेत्र में ही नहीं बल्कि दूरदराज जनपदों के लोगों की आस्था से जुड़ी रही है। इस नगर का नाम परशुरामपुरी घोषित किए जाने की मांग भी लंबे समय से चली आ रही था।
24 अप्रैल 2022 को घोषित हुई परशुराम की जन्मस्थली
भगवान परशुराम की इस नगरी को शासन की ओर से 24 अप्रैल 2022 को जन्मस्थली घोषित किया गया था। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने मंदिर प्रांगण में आयोजित सभा में इसकी घोषणा की थी। इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रांगण का सुंदरीकरण करते हुए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कराने का वादा भी किया था।
30 करोड़ की धनराशि से संवारी जा रही है जन्मस्थली
जन्मस्थली घोषित होने के बाद मंदिर प्रांगण के सुंदरीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न तरह के कार्य कराने के लिए मुख्यमंत्री संवर्धन योजना के तहत 19 करोड़ की धनराशि प्रदेश सरकार ने मंजूर की थी। इसके अलावा सरकार ने मंदिर के पास स्थित करीब 42 एकड़ के रकबे वाले तालाब के पानी को साफ सुथरा करने, इस पर घाट, सीढि़यां और पाथ-वे का निर्माण करने, रामताल के किनारे से ही मंदिर तक सीधा व चौड़ा रास्ता बनाने सहित विभिन्न अन्य तरह के कार्यों के लिए अमृत सरोवर योजना के तहत 11 करोड़ की धनराशि अलग से मंजूर की थी। इस धनराशि से दोनों जगहों पर कार्य चल रहे हैं।
आर्म्स एक्ट केस में फंसे विष्णु मिश्रा को हाईकोर्ट से मिली जमानत
20 Aug, 2025 05:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज : भदोही के बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्रा के बेटे विष्णु मिश्रा को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। गोपीगंज थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वर्ष 2022 में पुलिस ने विवेचना के दौरान एके-47 और कारसूत बरामद करने का दावा किया था। इसके अलावा विष्णु मिश्रा पर कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। यह फैसला जस्टिस राजवीर सिंह की अदालत ने सुनाया।
यह है पूरा मामला
2022 में भदोही के गोपीगंज थाने में विष्णु मिश्रा के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/7 -25 और 29-B में एफआईआर दर्ज हुई थी। विष्णु मिश्रा के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में भी कई मामले पहले से दर्ज है। पूर्व विधायक विजय मिश्रा और विष्णु मिश्रा पर गायिका के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था।
विजय मिश्रा इन दिनों आगरा जेल में बंद हैं जबकि बेटा विष्णु लखीमपुर खीरी जेल में बंद है। चार अगस्त 2022 को पुलिस ने गोपीगंज के अमवा स्थित बंद पड़े एक पेट्रोल पंप से नाइन एमएम के पांच कारतूस, नाइन एमएम की एक पिस्टल, चार मैगजीन, 375 कारतूस और एक एके-47 राइफल बरामद की थी।
मऊ विधानसभा सीट पर नहीं होगा उपचुनाव, अब्बास अंसारी को मिली राहत
20 Aug, 2025 05:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज : मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अब्बास अंसारी की विधायकी बहाल हो सकती है। उत्तर प्रदेश की की मऊ सदर सीट पर अब उपचुनाव नहीं होगा।
हेट स्पीच मामले में एमपी एमएलए कोर्ट मऊ के फैसले पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रोक लगा दी है। आपको बता दें कि हेट स्पीच मामले में एमपी एमएलए कोर्ट मऊ की ओर से सुनाई गई दो साल की सजा पर रोक की मांग करते हुए दाखिल क्रिमिनल रिवीजन को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। इस फैसले के चलते अब्बास अंसारी की विधायकी अब बहाल हो जाएगी।
तीन मार्च 2022 को दर्ज हुआ मुकदमा
नफरती भाषण और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में अभियोजन के अनुसार एसआई गंगाराम बिंद की तहरीर पर शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज हुई। इसमें सदर विधायक अब्बास अंसारी और अन्य को आरोपी बनाया गया।
आरोप था कि तीन मार्च 22 को विधानसभा चुनाव के दौरान सदर विधानसभा सीट से सुभासपा के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे अब्बास अंसारी ने नगर क्षेत्र के पहाड़पुर मैदान में जनसभा के दौरान कहा कि जनपद मऊ के प्रशासन को चुनाव के बाद रोक कर हिसाब किताब करने व इसके बाद सबक सिखाने की धमकी मंच से दी गई थी।
यह है पूरा मामला
विधानसभा चुनाव-2022 के अब्बास अंसारी पर सपा की सरकार बनने पर राज्य अधिकारियों को परिणाम भुगतने की धमकी देने और दो समुदायों में वैमनस्यता फैलाने का आरोप लगा था। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। एमपी/एमएलए कोर्ट ने अब्बास अंसारी को विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और सार्वजनिक सेवक को चोट पहुंचाने की धमकी देने के अपराध का दोषी करार देते हुए दो साल कैद की सजा सुनाई थी।
इस फैसले के खिलाफ अब्बास अंसारी ने विशेष अपर सत्र न्यायाधीश के समक्ष सजा को स्थगित करने के लिए प्रार्थना दाखिल किया था जिसे पांच जुलाई को खारिज कर दिया गया। इस आदेश के खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
भागलपुर की वीरांगना नमिता ने माउंट एल्ब्रस फतह कर रचा नया इतिहास
20 Aug, 2025 03:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साहस और दृढ़ संकल्प का अद्भुत परिचय देते हुए, बिहार के भागलपुर जिले की बेटी नमिता कुमारी ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस (5,642 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर तिरंगा फहराया और पूरे देश को गौरवान्वित किया। 16 अगस्त की सुबह 5:20 बजे, नमिता ने यह चुनौतीपूर्ण अभियान पूरा किया। फिलहाल वे पटना स्थित बिहार ग्रामीण बैंक की करबिगहिया शाखा में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
नमिता भागलपुर के इशाकचक निवासी त्रिभुवन पांडेय और चिंता देवी की सबसे छोटी पुत्री हैं। अपनी इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्होंने कहा कि यह पल न सिर्फ उनके परिवार और राज्य बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।
पर्वतारोहण की ओर समर्पण
नमिता ने बताया कि माउंट एल्ब्रस, जो दक्षिण-पश्चिमी रूस की काकेशस पर्वत श्रृंखला में स्थित एक सुप्त ज्वालामुखी है, उस पर चढ़ाई करना बेहद कठिन अनुभव रहा। अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने 2022 में हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग से लिए गए पर्वतारोहण प्रशिक्षण को दिया। वे अब तक कई प्रमुख अभियानों में हिस्सा ले चुकी हैं, जिनमें युनम पीक (6,100 मीटर), एवरेस्ट बेस कैंप (5,364 मीटर), अन्नपूर्णा बेस कैंप (4,130 मीटर), फ्रेंडशिप पीक (5,287 मीटर), रेनोक पीक (5,025 मीटर), चादर ट्रेक और केदारकंठा ट्रैक शामिल हैं।
बिहार की बेटियों के लिए प्रेरणा
नमिता ने कहा कि माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराना केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बिहार की उन असंख्य बेटियों के लिए प्रेरणा है जो सामाजिक बाधाओं को पार कर अपनी पहचान बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जब अन्य राज्यों की महिलाएं पर्वतारोहण के क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं, तो बिहार की बेटियों को भी पीछे नहीं रहना चाहिए। अगर सरकार और समाज से उचित सहयोग मिले, तो बिहार की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।”
बाढ़ पीड़ितों के खातों में पहुंचे 7000 रुपये, नीतीश कुमार ने की मदद की शुरुआत
20 Aug, 2025 03:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं. उन्होंने 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से वर्ष 2025 में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाता में 7000 रूपये ऑनलाइन भेजे. यह राशि प्रति परिवार के हिसाब से आनुग्रहिक राहत के तौर पर प्रदान की गई.आज बिहार के 12 जिलों के 6 लाख 51 हजार 602 प्रभावित परिवारों को 7000 रुपये प्रति परिवार की दर से 456 करोड़ 12 लाख रुपये का भुगतान किया गया.
राहत राशि ट्रांसफर कार्यक्रम के दौरान विकास आयुक्त सह आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव ने जानकारी दी है कि अगस्त माह में गंगा नदी के जलस्तर में अत्यधिक वृद्धि के कारण गंगा के किनारे स्थित 11 जिलों यथा भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर एवं कटिहार में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई.
12 जिलों में करीब 38 लाख आबादी बाढ़ प्रभावित
उन्होंने बताया कि इससे पहले पड़ोसी राज्य में भारी वर्षा के कारण नालन्दा जिला के 4 प्रखण्डों के 8 पंचायतों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी. इस प्रकार कुल 12 जिलों के 66 प्रखण्डों में लगभग 38 लाख आबादी बाढ़ प्रभावित हुई है. बाढ़ के दौरान अब तक 2.19 लाख पॉलीथीन शीट्स तथा 57 हजार 639 ड्राई राशन पैकेट वितरित की गई. 14 बाढ़ राहत शिविर चलाए जा रहे हैं, जिसमें लगभग 15 हजार लोग रह रहे हैं. सामुदायिक रसोई केंद्र में अब तक लगभग 85 लाख लोग भोजन कर चुके हैं. शिविरों में मानव एवं पशु चिकित्सा के लिए भी सभी इंतजाम किए गए हैं.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 13 अगस्त को बाढ़ प्रभावित जिलों के साथ समीक्षा बैठक की थी और 14 अगस्त को पटना, वैशाली, बेगूसराय एवं मुंगेर जिलों के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति को देखा था. हमने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाने का निदेश दिया था. साथ ही 20 अगस्त 2025 तक बाढ़ प्रभावित परिवारों को आनुग्रहिक राहत की राशि का भुगतान शुरू करने का भी निदेश दिया था.
सीएम ने अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मुझे खुशी है कि आज 12 जिलों के 6 लाख 51 हजार 602 प्रभावित परिवारों को 7000 रुपये प्रति परिवार की दर से 456 करोड़ 12 लाख रुपये का भुगतान किया गया है. उन्होंने कहा कि आप सभी लोगों ने बाढ़ से निपटने में बहुत अच्छा काम किया है लेकिन बाढ़ का समय अभी समाप्त नहीं हुआ है. सितम्बर महीने में भी भारी वर्षा और नदियों के जलस्तर में वृद्धि होती है. कभी-कभी बाढ़ भी आ जाती है इसलिए आप लोग पूरे तौर पर सतर्क रहिये और स्थिति पर नजर रखिये. बाढ़ जैसी स्थिति आने पर पीड़ित लोगों की पूरी संवेदनशीता के साथ मदद कीजिये. मेरा शुरू से मानना रहा है कि राज्य के खजाने पर आपदा पीड़ितों का पहला अधिकार है.
कार्यक्रम में उपस्थित थे वरिष्ठ अधिकारी
कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त सह आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के जिलाधिकारी जुड़े हुए थे.
पटना में छात्रों का खौफनाक खेल! हॉस्टल में बना रहे थे बम, रंगे हाथ पकड़े गए
20 Aug, 2025 03:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: बिहार के पटना के सुल्तानगंज थाना इलाके के अंबेडकर कल्याण हॉस्टल से कई बम बरामद हुए, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया. पुलिस ने बम बनाने की सामग्री भी बरामद की है. इस मामले में हॉस्टल के कई छात्रों को हिरासत में लिया गया है. भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. पूरे कैंपस की तलाशी ली जा रही है. पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापा मारा था.
हॉस्टल में जिंदा बम रखने की साजिश के पीछे किसका हाथ है. ये अभी तक साफ नहीं हो सका है. हालांकि, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कुछ छात्रों को हिरासत में भी लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. इसके बाद हॉस्टल में भारी पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है. जिंदा बम होने का खुलासा एक गुप्त सूचना मिलने के बाद हुआ. सूचना मिली कि हॉस्टल में छात्र बम बना रहे हैं. इसके बाद हॉस्टल में छापा मारा गया.
पुलिस ने आधी रात को मारा छापा
अब सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से अरफाबाद महेंद्रू में अंबेडकर कल्याण हॉस्टल से जिंदा बम बरामद किए गए हैं. पुलिस ने सोमवार को आधी रात में हॉस्टल के 7 नंबर कमरे में छापा मारा. यहां से छात्र बम बनाने का काम कर रहे थे. पुलिस को देखते ही अफरा तफरी मच गई और छात्रों ने इधर-उधर भागना शुरू कर लिया. पुलिस को 4 सुतली बम मिले. पुलिस ने बम के साथ जिन छात्रों को हिरासत में लिया. वह नालंदा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे. इसके बाद पुलिस ने पूरे हॉस्टल की तलाशी शुरू कर दी.
बीएन कॉलेज के हॉस्टल बमबाजी
इससे पहले इसी साल मई में पटना यूनिवर्सिटी के बीएन कॉलेज के हॉस्टल में जबरदस्त बमबाजी से हड़कंप मच गया था. आपसी विवाद में हॉस्टल में सैकड़ों छात्र घुस गए थे. लगातार यहां बमबाजी हुई, जिसमें एक युवक बुरी तरह जख्मी हो गया था. जांच में सामने आया था कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों की स्थानीय लोगों से मारपीट हुई थी और हॉस्टल के छात्रों पर आरोप लगा था.
एफिडेविट विवाद पर भड़के अखिलेश, डीएम और आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
20 Aug, 2025 01:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कासगंज, बाराबंकी और जौनपुर के जिलाधिकारी जिस तरह से हमारे एफिडेविट पर सक्रिय हो गए हैं। उससे यह तो साबित हो गया है कि चुनाव आयोग की एफिडेविट न मिलने की बात झूठी निकली। उन्होंने कहा कि अब जिलाधिकारी इन पर सतही जवाब देकर खानापूर्ति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में इन जिलाधिकारियों की संलिप्तता की जांच होनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने एक्स पर कहा कि डीएम लोगों से जनता का एक मासूम सवाल है, क्यों इतने वर्षों बाद आया जवाब है?
… जिस तरह कासगंज, बाराबंकी, जौनपुर के डीएम हमारे 18000 शपथपत्रों के बारे में अचानक अति सक्रिय हो गये हैं, उसने एक बात तो साबित कर दी है कि जो चुनाव आयोग कह रहा था कि ‘एफिडेविट की बात गलत है’ मतलब एफिडेविट नहीं मिले, उनकी वो बात झूठी निकली। अगर कोई एफिडेविट मिला ही नहीं, तो ये जिलाधिकारी लोग जवाब किस बात का दे रहे हैं। अब सतही जवाब देकर खानापूर्ति करेनवाले इन जिलाधिकारियों की संलिप्तता की भी जांच होनी चाहिए। कोर्ट संज्ञान ले, चुनाव आयोग या डीएम में से कोई एक तो गलत है ही ना?
जो सीसीटीवी पर पकड़े गये हों उनके द्वारा अपने घपलों पर दी गई सफाई पर किसी को भी रत्ती भर विश्वास नहीं है। झूठ का गठजोड़ कितना भी ताकतवर दिखे पर आखिरकार झूठ हारता ही है क्योंकि नकारात्मक लोगों का साझा-गोरखधंधा अपने-अपने स्वार्थों की पूर्ति करने के लिए होता है, ऐसे भ्रष्ट लोग न तो अपने ईमान के सगे होते हैं, न परिवार, न समाज के, तो फिर भला अपने साझेदारों के कैसे होंगे। ये बेईमान लोग देश और देशवासियों से ताउम्र दगा करते हैं और अंततः पकड़े जाने पर अपमान से भरी जिंदगी जीने की सजा काटते हैं।
भाजपा सरकार, चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत वो ‘चुनावी तीन तिगाड़ा’ है, जिसने सारा काम बिगाड़ा है और देश के लोकतंत्र पर डाका डाला है। अब जनता इस ’त्रिगुट’ की अदालत लगाएगी…।
योगी सरकार ने खाद की उपलब्धता पर बढ़ाई नजर, अफसरों को लगातार मॉनिटरिंग का आदेश
20 Aug, 2025 01:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ : योगी सरकार ने एक बार फिर साफ किया है कि प्रदेश में कहीं भी उर्वरकों की दिक्कत या कमी नहीं है। किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। सरकार ने खाद के अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की है। कृषि विभाग ने सभी 18 मंडलों में खाद की उपलब्धता व बिक्री की जानकारी दी। खरीफ सत्र 2024 में इस अवधि (18 अगस्त) तक 36.76 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की बिक्री हुई थी, वहीं इस वर्ष अब तक 42.64 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की बिक्री की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने की किसानों से अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों से अपील की कि खाद का भंडारण न करें। जितनी आवश्यकता है, उतना खाद लें, जब-जब आवश्यकता है, तब-तब खाद लें। हर जनपद में शिकायत प्रकोष्ठ है। किसी भी परेशानी की स्थिति में अवगत कराएं। मुख्यमंत्री ने उर्वरक की ओवररेटिंग, कालाबाजारी करने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी है। उन्होंने जनपद में तैनात अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण करने, किसानों से संवाद स्थापित करने और समस्याओं का निस्तारण करने का निर्देश दिया है। कृषि विभाग ने बताया कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है।
पिछले वर्ष से अधिक हुआ खाद वितरण
प्रदेश में पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष अभी तक अधिक खाद वितरण किया जा चुका है। विगत वर्ष 27.25 लाख मीट्रिक टन यूरिया वितरण हुआ था, इस वर्ष अभी तक 31.62 लाख मीट्रिक टन वितरण किया जा चुका है। डीएपी 2024 में वितरण 5.28 लाख मीट्रिक टन का रहा, इस वर्ष यह बिक्री 5.38 लाख मीट्रिक टन हुई। एनपीके उर्वरक (नाइट्रोजन, फॉस्फोरस व पोटेशियम मिश्रण) का वितरण विगत वर्ष 2.07 लाख मीट्रिक टन रहा, इस वर्ष 2.39 लाख मीट्रिक टन वितरण किया जा चुका है। एमओपी (म्यूरेट ऑफ पोटाश) 0.25 लाख मीट्रिक टन के सापेक्ष इस वर्ष 0.46 लाख मीट्रिक टन वितरित हुआ। वहीं एसएसपी (सिंगल सुपर फॉस्फेट) का वितरण 2024 में 1.91 लाख मीट्रिक टन रहा, इस वर्ष किसानों को 2.79 लाख मीट्रिक टन वितरण किया जा चुका है।
खाद की उपलब्धता
यूरियाः 18 अगस्त तक प्रदेश में 37.70 लाख मीट्रिक टन की उपलब्धता रही। इसमें से 31.62 लाख मीट्रिक टन की खरीद किसानों द्वारा की जा चुकी है।
डीएपी: 18 अगस्त तक 9.25 लाख मी. टन की उपलब्धता रही, जिसमें से 5.38 लाख मी. टन की खरीद किसानों ने कर ली है।
एनपीके: 18 अगस्त तक 5.40 लाख मी०टन की उपलब्धता रही। इसमें से 2.39 लाख मीट्रिक टन की खरीद किसानों ने कर ली।
गत वर्ष की तुलना में 4.37 लाख मीट्रिक टन अधिक यूरिया की बिक्री
खरीफ फसलों की बुवाई का कार्य पूर्ण हो गया है। मुख्य फसल धान में टॉप-ड्रेसिंग हेतु प्रतिदिन औसतन 49564 मी०टन यूरिया की खपत/बिक्री हो रही है। गतवर्ष की तुलना में इस वर्ष 16.04% (मात्रा 4.37 लाख मी०टन) अधिक यूरिया उर्वरक की बिक्री हुई है।
झाड़-फूंक के नाम पर तांत्रिक ने महिला को लूट लिया, मामला दर्ज
20 Aug, 2025 12:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार : मुजफ्फरपुर में एक तांत्रिक ने महिला को चिकनी चुपड़ी बातों में फंसाया. बोला कि तुम्हारे पास पैसा तो है मगर टिकता नहीं है. इसके लिए मैं झाड़-फूंक करूंगा. फिर पैसा तुम्हारे पास हमेशा टिका रहेगा. महिला भी उसकी बातों में आ गई. वो उसे अपने घर ले गई. मगर झाड़-फूंक के दौरान तांत्रिक महिला की ऐसी चीज पर हाथ साफ कर गया, जिसका पता महिला को जब अगले दिन लगा तो वो माथा पीटती रह गई.
परेशान होकर महिला ने फिर पुलिस को सारी बात बताई. पुलिस अब उस ढोंगी तांत्रिक की तलाश में जुट गई है. भगवानपुर स्थित एलएनटी बिजनेस मैनेजमेंट कॉलेज के पास मीरा नामक महिला की चाय दुकान है. सामने आईजी कॉलोनी में उसका घर है. मूल रूप से वैशाली के गारौल निवासी महिला ने पुलिस को बताया है कि उसकी दुकान पर कई दिन से झाड़-फूंक करने वाला एक व्यक्ति आ रहा था.
चाय पीने के बाद काफी देर तक दुकान पर रुकता था. मीरा ने बताया कि वोअक्सर बीमार रहती है. कमाई तो है, लेकिन उसके घर में बरकत नहीं रहती है. यह सब बातें बताने के बाद उक्त ठग ने खुद को तांत्रिक बताकर झाड़-फूंक से मीरा की ठीक करने का झांसा दिया. वह झांसे में आ भी गई और बिना कुछ सोचे समझे उसे अपने घर ले गई. जहां ढोंगी तांत्रिक ने मीरा को कहा कि अपने सारे गहने निकालकर लाओ.
लाल कपड़े में गहने बांध फूंके मंत्र
फिर सारे गहनों को तांत्रिक ने लाल कपड़े में बाधा. कुछ मंत्र फूंके फिर उसे पोटली लौटा दी. कहा कि उसे अभी नहीं खोलना है. अगली सुबह तुलसी में पानी देने के बाद सब कुछ सामान्य हो जायेगा. मीरा ने अगली सुबह तुलसी में पानी देने के बाद गहने की पोटली को खोला तो उसमें केवल कागज का बंडल था. गहने गायब थे. मीरा को आशंका है कि गहना की पोटली देने के समय ही ढोंगी ने कुछ केमिकल छिड़क दिया होगा, जिसके कारण वह होश में नहीं रही होगी. सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.
हॉकी का जश्न: 17 अगस्त से शुरू हुई गौरव यात्रा, 29 को राजगीर में होगी समाप्त
20 Aug, 2025 11:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में पहली बार 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर में होने वाली हीरो एशिया कप 2025 बिहार के प्रचार प्रसार के लिए ट्रॉफी गौरव यात्रा राज्य के सभी जिलों में जा रही है. हॉकी के जुनून को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 अगस्त से शुरू होने वाली ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ चेन्नई, चंडीगढ़ (पंजाब, हरियाणा), दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड राज्यों से होकर गुजरेगी.
इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि जगाना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और इस ऐतिहासिक आयोजन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है. पटना, वैशाली, भोजपुर की यात्रा के बाद मंगलवार को ट्रॉफी गौरव यात्रा बक्सर, मुजफ्फरपुर और मोतिहारी पहुंची. सभी जिलों में ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया गया. बक्सर समाहरणालय में आयोजित स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बक्सर के जिलाधिकारी डॉ विद्यानंद सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्या ने लोगों को एशिया कप और इसके बिहार में होने के महत्व को समझाया.
बड़ी संख्या में खिलाड़ी और स्थानीय लोगों ने भी बड़े उत्साह से ट्रॉफी और यात्रा में गए खिलाडियों का अभिनंदन और स्वागत किया. मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत सेन, जिला खेल पदाधिकारी राजेन्द्र कुमार, शारीरिक शिक्षक राम कुमार राय, करूनेश कुमार तथा बढ़ी संख्या में उपस्थित खिलाडियों और स्थानीय लोगों ने मुजफ्फरपुर समाहरणालय में आयोजित स्वागत समारोह में ट्रॉफी गौरव यात्रा का स्वागत किया. जिलाधिकारी ने सांकेतिक रूप में हॉकी खेल कर खिलाडियों का उत्साहवर्धन किया.
मोतिहारी के खेल भवन सह व्यायामशाला में आयोजित ट्रॉफी गौरव यात्रा स्वागत समारोह में मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ,जिला खेल पदाधिकारी शुभम कुमार, जिला विकास आयुक्त सौरभ सुमन यादव सहित खिलाडियों और स्थानीय लोगों ने ट्रॉफी का शानदार स्वागत किया. जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने उपस्थित लोगों को हीरो एशिया कप के बारे में विस्तार से बताया तथा सांकेतिक रूप से हॉकी खेल कर खिलाडियों को प्रोत्साहित किया. ट्रॉफी गौरव यात्रा जिस भी जिले में जा रही है वहां के लोग पूरे उत्साह और जोश के साथ इसका स्वागत कर रहे हैं. बिहार के सभी ज़िलों से होती हुई ट्रॉफी गौरव यात्रा 29 अगस्त तक राजगीर पहुंच जाएगी.
बिहार में मौसम का बदला मिजाज, 25 अगस्त तक अलर्ट जारी
20 Aug, 2025 10:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में चार दिनों के ब्रेक के मानसून फिर से वापस आ चुका है। मौसम विभाग ने 20 अगस्त से 25 अगस्त तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में अनेक स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को बिहार के पूर्व एवं दक्षिण मध्य भाग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मध्य दर्जे की बारिश और 30 से 40 किली प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। वहीं पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जिलों के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं।
अनेक स्थानों पर बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया
वहीं 21 अगस्त, 22 अगस्त, 23 अगस्त, 24 अगस्त को उत्तर-पश्चिम, उत्तर मध्य्र बिहार में अनेक स्थानों पर बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। इधर, उत्तर पूर्व बिहार, दक्षिण पश्चिम बिहार, दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्ण बिहार में अगले तीन दिनों तक अधिकांश स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, लखीसराय, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया में 21, 22 और 23 अगस्त को कई जगह बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधान रहने की अपील की है। पटना में मंगलवार रात को झमाझम बारिश हुई है। कुछ ही देर की बारिश के कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जौनपुर पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई, डांस करने वाले 8 जवान सस्पेंड
19 Aug, 2025 05:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जौनपुर : जन्माष्टमी पर बदलापुर कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम में एक फिल्मी गाने पर डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में मंगलवार को आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया। इससे पहले मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी डॉ. कौस्तुभ ने थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय को निलंबित किया था। साथ ही जांच एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव को सौंपी थी।
ये था मामला
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जहां एक तरफ जिले के विभिन्न थानों पर झांकी डांस व गायकों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति की गई, वहीं बदलापुर कोतवाली में फिल्मी गाने पर डांस हुआ था।
जैसे ही थाना प्रभारी बदलापुर अरविंद कुमार पांडेय पूजा पाठ के लिए तैयार होने गए, उसी समय स्टेज के सामने सिविल ड्रेस में मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों द्वारा भोजपुरी गीत की फर्माइश की गई। स्टेज पर डांस कर रही नर्तकियों ने भोजपुरी गाने पर तो नहीं लेकिन आम तौर पर आर्केस्ट्रा में बजाए जाने वाले फिल्मी गाना मुझे नौ लक्खा मंगा दे... पर डांस किया।
स्टेज के सामने बैठे लोग भी इस गाने पर झूमने लगे। इसी बीच उसी भीड़ में बैठे किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया और रविवार को दोपहर में इस सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो को संज्ञान में लेते ही तत्काल प्रभाव से एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने थाना प्रभारी बदलापुर अरविंद कुमार पांडेय को लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया था।
एएमयू को लेकर भड़काऊ बयान, तलहा मन्नान मुश्किल में
19 Aug, 2025 05:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अलीगढ : एएमयू के पूर्व छात्र व मौलाना आजाद उर्दू यूनिवर्सिटी हैदराबाद के शोधार्थी तलहा मन्नान के 18 अगस्त को फीस वृद्धि के विरोध में चल रहे धरने पर भड़काऊ बयान देने पर अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कराया गया है। हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष संजय कुमार आर्य की ओर से इसकी शिकायत दी गई।
सीओ सिविल लाइन सर्वम सिंह ने मुकदमे की पुष्टि करते हुए बताया कि पूर्व छात्र नेता बाब-ए-सैयद गेट पर चल रहे विद्यार्थियों के धरने को समर्थन देने पहुंचे थे। गले में फलस्तीन का झंडा झंडा डाले तलहा मन्नान ने कहा कि बाब-ए-सैयद कब बंद होगा, कब खुलेगा, हम तय करेंगे, यूपी सरकार नहीं। एएमयू में यूपी सरकार का कानून लागू नहीं होता है । यह बयान और तस्वीरें आते ही प्रकरण सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। उन्होंने बताया कि भड़काऊ बयान देने के आरोप में दर्ज कराए मुकदमे के मामले में जांच की जा रही है ।
यह कराई रिपोर्ट दर्ज
हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष संजय कुमार आर्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें लिखा है कि 18 अगस्त को मैं संजय आर्य हिन्दू रक्षा दल अलीगढ अपने मोबाइल में मीडिया, सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो फुटेज देख रहा था तो उसी में एक व्यक्ति तलाह मन्नान पुत्र अब्दुल मन्नान बदायूं के द्वारा 4 अगस्त से एएमयू परिसर के अन्दर बाबे सैय्यद गेट के पास बिना अनुमति के धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। बिना अनुमति के भी अंदर प्रोटेस्ट मार्च निकाला जा रहा जो लगभग प्रतिदिन अलग-अलग फैकल्टी द्वारा निकाला जाता है।
इसी के सम्बंध में फीस बढ़ोत्तरी आदि की मांगों को लेकर बिना अनुमति के धरना दिया जा रहा, जिसमें उक्त धरने के दौरान बाबे सय्यद गेट पर तलहा मन्नान ने अपने आठ से दस साथियों के साथ फिलिस्तीन के समर्थन में भड़काऊ नारेबाजी की जा रही है तथा वहां मौजूद भीड़ को विभिन्न तरीकों से उकसाया जा रहा है। इस नारेबाजी की फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें तलहा फिलिस्तीन का झंडा अपने अंगोछे में लगाये हुए है। जिसके कारण समाज के विभिन्न वर्गों में सौहार्द बने रहने पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के कारण शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अतः तलहा मन्नान व 08-10 अज्ञात साथियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही करने की कृपा करें।
पटना में बड़ा हादसा टला, CM मीटिंग से पहले BJP विधायक की कार दुर्घटनाग्रस्त, सुरक्षित बचे
महिला सुरक्षा एवं सम्मान के लिए हमारी सरकार सजग एवं संवेदनशील-मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा
