मध्य प्रदेश
मावठा गिरने के बाद सर्दी ने पकडा जोर
6 Jan, 2024 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । बीते दिनों गिरे मावठे के कारण पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढने लगी है। प्रदेश के कई जिले कोहरे और धुंध के आगोश में समा गए। बादल छाए रहने के कारण कई शहरों मे सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं पर तो नर्मदापुरम, रीवा और सागर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर और भोपाल संभाग में अनेक स्थान पर वर्षा हुई। राजधानी भोपाल में अलसुबह कुछ इलाकों में करीब पौन घंटे तक पानी गिरा। वहीं, कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आसमान खुलने पर तापमान में गिरावट आएगी, विशेषकर रात का तापमान तेजी से गिरेगा। जाहिर है कि ठंड के तेवर और तीखे होंगे। ग्वालियर में गुरुवार की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही। न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां बीते 24 घंटे में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दिन में भी तापमान 15.6 डिग्री रहकर सामान्य से 5.6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री कम रहा। दिन में भी सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। दतिया में 10.9 डिग्री, सागर में 11.7 डिग्री, शिवपुरी में 12.01 डिग्री और राजगढ़ में 12.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग ने शनिवार सुबह तक 16 जिलों में वर्षा होने की चेतावनी जारी की है। भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम, सागर, बैतूल, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, अशोक नगर अनूपपुर में वर्षा का अनुमान जताया है। मौसम केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को श्योपुर, ग्वालियर, दतिया, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर, राजगढ़, भोपाल, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में मध्यम से घना कोहरा रहा। शिवपुरी, उज्जैन, इंदौर, देवास, शाजापुर, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, नर्मदापुरम, रायसेन, गुना, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिवनी, छतरपुर, दमोह, कटनी, पन्ना, सतना, उमरिया और शहडोल में हल्का मध्यम कोहरा देखा गया। ऐसी ही स्थिति शनिवार को भी बनी रहेगी। शुक्रवार को सुबह 8.30 से शाम को 5.30 बजे तक चार जिलों में वर्षा दर्ज की गई है। इसमें सागर में 0.6, सतना में 3.0, खजुराहो में 0.6 और नर्मदापुरम में 9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जबकि गुरुवार सुबह 8.30 से शुक्रवार 8.30 बजे तक 24 घंटों में भोपाल में 9.5, गुना में 2.0, नर्मदापुरम में 15.5, रायसेन 19, दमोह में 2.0, सागर में 8.0, सीधीमें 2.4 और सतना में 0.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 10 साल में जनवरी माह में इस बार सबसे अधिक वर्षा भोपाल में दर्ज की गई है। वर्ष 2014, 2015 और 2016 के जनवरी माह में एक इंच से ज्यादा वर्षा पूरे महीने हुई। 2017, 2018 और 2019 में वर्षा नहीं हुई, जबकि 2020 एवं 2021 में 6.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। 2022 और 2023 में 25 से 37 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस बार जनवरी में 10 मिली से ज्यादा वर्षा हो चुकी है। इसमें साढ़े नौ मिमी वर्षा गुरुवार शाम से शुक्रवार तक वर्षा दर्ज हुई है। इस हिसाब से वर्ष 2017 से 2021 की तुलना में इस बार सबसे ज्यादा वर्षा हुई है।
उच्च न्यायालय ने भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के गिरफ्तारी वारंट पर रोक लगाकर बड़ी राहत
5 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिंड । जबलपुर उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को भिंड से भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के गिरफ्तारी वारंट पर रोक लगाकर उनको बड़ी राहत दी है। उच्च न्यायालय ने आनलाइन सुनवाई के बाद यह राहत दी है। मामला वर्ष 2015 में जिला पंचायत वार्ड-एक बाराकलां से बसपा प्रत्याशी बाबूराम जामौर को कलेक्ट्रेट कैंटीन से अपने वाहन में जबरदस्ती बैठाकर ले गए और उनको चुनाव नहीं लड़ने के लिए धमकाने, मारपीट करने से जुड़ा है।
एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई
एमपी-एमएलए कोर्ट में 27 दिसंबर को प्रकरण की सुनवाई थी। जब कुशवाह को अदालत में पुकारा गया तो उनकी ओर से पेश प्रतिनिधि ने बताया कि वह तबीयत खराब होने की वजह से भोपाल में हैं, वहां उनका इलाज चल रहा है। उनको वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई में शामिल किए जाने की बात भी कही। कोर्ट ने विधायक की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी कर दिया था। उन्हें आठ जनवरी को कोर्ट के समक्ष पेश होकर अपना जवाब देने के निर्देश दिए।
भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को राहत
कोर्ट ने विधायक के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट तामील करवाने के लिए ग्वालियर और भिंड एसपी को निर्देश दिए थे कि गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। कुशवाह के अधिवक्ता अवधेश सिंह तोमर ने जबलपुर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। शुक्रवार को उच्च न्यायालय की बेंच ने सुनवाई के बाद गिरफ्तारी वारंट पर रोक लगा दी। अधिवक्ता तोमर के मुताबिक मामले में समझौता भी पेश हैं, इस पर भी बहस हुई है। इस पर कोर्ट ने आर्डर रिजर्व कर लिया है।
कृषि मंत्री कंषाना ने कार्यभार ग्रहण किया
5 Jan, 2024 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना ने कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कार्यभार ग्रहण से पूर्व मंत्रालय में सपत्नीक पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव कृषि श्री अशोक वर्णवाल, अन्य अधिकारी और जन-प्रतिनिधियों के साथ परिजन भी मौजूद रहे।
मंत्री श्री कंषाना ने युवा उद्यमियों को सौगात देने के साथ कार्य की शुरूआत की। उन्होंने 265 मिट्टी परीक्षण प्रयोगशालाओं के संचालन का जिम्मा युवा उद्यमियों को सौंपने संबंधी कार्य-योजना का अनुमोदन किया। इसके पूर्व एसीएस कृषि श्री वर्णवाल ने बताया कि कार्य-योजना के क्रियान्वयन से 265 मिट्टी परीक्षण प्रयोगशालाओं में मृदा नमूनों के परीक्षण का जिम्मा युवा उद्यमियों को मिलेगा। इससे रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और नि:संदेह बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।
प्रदेश के 7790 विद्यार्थियों को मिली नि:शुल्क ई-स्कूटी
5 Jan, 2024 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : स्कूल शिक्षा विभाग की अभिनव योजना में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पढ़ाई में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर विभाग की अभिनव योजना में नि:शुल्क ई-स्कूटी दी गई हैं। वर्ष 2022-23 में प्रदेश के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूलों में प्रथम स्थान पाने वाले 7790 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया है। इस योजना पर विभाग ने 80 करोड़ रुपये की राशि खर्च की है।
नि:शुल्क साइकिल प्रदाय योजना
स्कूल शिक्षा विभाग की एक अन्य योजना में वर्ष 2022-23 में 5 लाख 30 हजार साइकिल का वितरण किया गया। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिये प्रोत्साहित किया गया।
सुपर-100 योजना
विभाग की एक अन्य योजना सुपर-100 में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भोपाल के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय मल्हाराश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, इंदौर में कक्षा-11 एवं 12 में अध्ययन के दौरान नि:शुल्क कोचिंग देने की व्यवस्था की गई है। यह कोचिंग देश के प्रख्यात व्यवसायिक पाठ्यक्रमों जैसे इंजीनियरिंग, मेडिकल, सीए फाउण्डेशन आदि प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रवेश के लिये दी जाती है। विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग दिये जाने की व्यवस्था है। पिछले वर्षों में इस कोचिंग के माध्यम से विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन कर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लिया है।
समस्याओं का निराकरण तय समय-सीमा में करें : संस्कृति मंत्री लोधी
5 Jan, 2024 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि अधिकारियों को तय समय-सीमा में समस्याओं का निराकरण करना होगा। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिले, यह भी सुनिश्चित करना होगा। मंत्री श्री लोधी गुरुवार को मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र जबेरा जिला दमोह पहुँचे थे।
पर्यटन मंत्री श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि भारत विकासशील देश है। विकसित भारत का मतलब हर गाँव, हर शहर में जो मूलभूत सुविधाएँ हैं, वो सुविधाएँ सभी को मिले, यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याएँ सुलझाने अब सरकार खुद आपके द्वार आ रही है। हर अधिकारी अब पूर्ण जिम्मेदारी से शासकीय योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राही तक पहुँचाना सुनिश्चित करेंगे। मंत्री श्री लोधी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान ग्राम घाघरी एवं नोहटा में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनसामान्य से की भेंट
5 Jan, 2024 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज विन्ध्य कोठी स्थित निवास पर जन सामान्य से भेंट की। उज्जैन से आए जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्प-गुच्छ से अभिवादन किया तथा उन्हें श्रीमद् भगवतगीता की प्रति भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भेंट के लिए आए लोगों से मूलभूत सुविधाओं के उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की, आत्मीय चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुरहानपुर को प्रथम राष्ट्रीय ओडीओपी पुरस्कारों में सम्मानित होने पर दी बधाई
5 Jan, 2024 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर जिले को "एक जिला-एक उत्पाद" में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रथम राष्ट्रीय ओडीओपी पुरस्कारों में 'स्पेशल मेंशन अवॉर्ड-2023' से सम्मानित किए जाने पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिये यह उपलब्धि हम सभी को एक नई ऊर्जा से भरने वाली है, बुरहानपुर ने मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है, नए साल में यह विशेष उपलब्धि है। उन्होंने कामना की कि मध्यप्रदेश आगे भी इसी तरह उपलब्धियां हासिल करेगा। राज्य सरकार सदैव इस दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगी।
उज्जैन के महाकाल महालोक परिसर में 7 जनवरी को देश के पहले प्रसादम का लोकार्पण
5 Jan, 2024 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : विश्व प्रसिद्ध तीर्थ उज्जैन के श्री महाकाल महालोक के नीलकंठ वन परिसर में देश के पहले प्रसादम का शुभारंभ 7 जनवरी को हो रहा है। मध्यप्रदेश के लिये यह बड़ी उपलब्धि है।
यह प्रसादम् 1 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से फ़ूड एंड सेफ्टी स्टैण्डर्ड अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के 'क्लीन स्ट्रीट फूड हब' कार्यक्रम के अंतर्गत उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा श्री महाकाल महालोक के नीलकंठ वन परिसर और अवंतिका हाट के बीच विकसित किया गया है। इसमें 17 दुकानों का निर्माण कर एक स्वच्छ स्ट्रीट फूड हब बनाया गया है। श्रद्धालुओं के लिये पार्किंग एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री मनसुख मांडविया इसका शुभारंभ करेंगे। वे 218 करोड़ 76 लाख रुपये लागत की स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे।
महाकाल लोक परिसर में श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान मे रखते हुए महाकाल लोक परिसर, नीलकंठ द्वार पर औसतन प्रतिदिन 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान मे रखते हुए मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक का संचालन किया जाएगा जिसमें आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, राज्य मंत्री लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
36 स्वास्थ्य संरचनाओं का भूमिपूजन, 151 का लोकार्पण
इस अवसर पर 118 करोड़ लागत की 36 स्वास्थ्य संरचनाओं का भूमिपूजन और 100 करोड़ 69 लाख लागत की 151 स्वास्थ्य संरचनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इसके लिये 189 करोड़ 89 लाख रूपये केंद्र और 28 करोड़ 87 लाख रुपये राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये हैं।
54 संजीवनी क्लीनिक, 66 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का लोकार्पण
शहरी स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ एवं नागरिकों के समीप पहुँचने के उद्देश्य से नवीन शहरी स्वास्थ्य संस्थाओं को 15 वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस स्वीकृति के तहत 54 मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण किया जाएगा। इनमें प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ 67 प्रकार की जाँच सुविधाएं और 208 प्रकार की दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही 2 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (सीएचसी हातोद एवं सीएचसी सांवेर, जिला इंदौर) का लोकार्पण किया जाएगा जिससे व्यापक जांच सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इन केंद्रों के माध्यम से महामारी एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी संस्थाओं से जिले स्तर, राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँच सकेंगी।
इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का लोकार्पण
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत लागत 3 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से तीन इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (विदिशा, बैतूल एवं उज्जैन) का लोकार्पण किया जाएगा। नागरिकों को जिला अस्पताल में 132 प्रकार की जाँच सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। इसी मिशन के अंतर्गत 6 बीआरएचयू भी लोकार्पित की जायेंगी। 13 जिलों मे (छतरपुर, झाबुआ, सिवनी, गुना, भोपाल, खंडवा, बड़वानी, दमोह, बालाघाट, टीकमगढ़, शिवपुरी एवं सिंगरौली) नवीन इंटग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी का भूमिपूजन किया जायेगा।
इमरजेंसी कोविड रेस्पोंस पैकेज-॥ के अंतर्गत 1 करोड़ 68 लाख रुपये लागत से सिविल अस्पताल बड़नगर, उज्जैन मे 20 बिस्तरीय अतिरिक्त वॉर्ड लोकार्पित किया जायेगा। राज्य मद से 28 करोड़ 87 लाख की लागत से तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत राशि रु 148 करोड़ 45 लाख लागत से 97 कार्यों का भूमिपूजन/ लोकार्पण किया जायेगा। इसमें तीन जिला अस्पतालों, तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, 66 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं रीजनल ट्रैनिंग सेंटर में 40 सीटर हॉस्टल लोकार्पित किए जाएँगे। मिशन अंतर्गत 8 जिला अस्पताल, 1 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 1 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 2 उप स्वास्थ्य केंद्र, 4 मैटर्नल एवं चाइल्ड हेल्थ विंग, एवं 5 स्टाफ कॉर्टर कार्यों का भूमिपूजन भी किया जायेगा।
"मनहित" (मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग ऐप) लॉंच होगा
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन् मध्यप्रदेश की मानसिक स्वास्थ्य इकाई द्वारा विकसित आमजन को मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग ऐप "मनहित" लॉंच किया जाएगा। "मनहित" ऐप को मुख्यतः तीन खंडों में विभाजित किया गया है। मानसिक स्वास्थ्य स्व-मूल्यांकन, जागरूकता सामग्री/वीडियो और मानसिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ संपर्क। "मनहित" का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य साक्षरता की समझ विकसित करना, अल्पकालिक और दीर्घकालिक मानसिक स्वास्थ्य लक्षणों का स्व-मूल्यांकन और मानसिक स्वास्थ्य लक्षणों और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के बारे में जागरूकता विकसित करना है।
अंकुश मिश्रा
रीवा में जन आभार यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय स्वागत
5 Jan, 2024 07:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज रीवा में जन आभार यात्रा में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत हुआ। विवेकानंद पार्क कालेज चौराहा से जन आभार यात्रा आरंभ हुई। मुख्यमंत्री का ढोल- ढमाकों तथा पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। फूलों से सजे वाहन में मुख्यमंत्री जन आभार यात्रा में लोगों के बीच पहुंचे। वाहन में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद श्री जनार्दन मिश्र, डॉ. अजय सिंह मुख्यमंत्री के साथ थे।
मुख्यमंत्री का कालेज चौराहे पर छात्र संगठन तथा खिलाड़ियों ने आत्मीय स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी का अभिवादन किया। जन आभार यात्रा में मुख्यमंत्री को तलवार भेंट की गई। विवेकानंद पार्क से लेकर सांई मंदिर तक आभार यात्रा मार्ग को गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रथम रीवा आगमन पर उनके स्वागत में जन सैलाब उमड़ा। मुख्यमंत्री का काफिला पहुंचने पर आमजनता ने पुष्प वर्षा करके मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। जन आभार यात्रा में जनसेवा मित्रों तथा पटेल समाज द्वारा मुख्यमंत्री का कालेज चौराहे में सम्मान किया गया।
सरपंच संघ के प्रतिनिधियों तथा कोल समाज के प्रतिनिधियों ने जान टावर के सामने मुख्यमंत्री का ढोल नगाड़ों तथा पुष्पहार से स्वागत किया। रिमझिम बारिश के बीच जन आभार यात्रा में मुख्यमंत्री बौद्ध समाज, कबीर संघ तथा रविदास समाज ने पुष्पवर्षा करके स्वागत किया।
जन आभार यात्रा के मार्ग के घरों से भी आमजनता ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव पर पुष्पवर्षा करके उनका अभिनंदन किया। जन आभार यात्रा में प्रधानमंत्री आवास योजना तथा संबल योजना के हितग्राहियों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मानस भवन के सामने मुख्यमंत्री जी का रथ पहुंचने पर भूतपूर्व सैनिकों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
जन आभार यात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों स्वयंसेवी संस्थाओं, भारत वंशीय यादव महासभा एवं दुग्ध विक्रेता संघ, पेंशनर समाज, अधिवक्ता संघ, रीवा व्यापारी महासंघ, मुस्लिम समुदाय, सिख समाज, सिंधी समाज, विन्ध्य व्यापारी संघ, संत निरंकारी गायत्री परिवार, विप्र सेवा, प्रजापिता ब्राम्हकुमारी, रोटरी एवं लायंस क्लब संघ, दवा विक्रेता संघ, अनाज व्यापारी संघ, सराफा व्यापारी संगठन तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने जगह-जगह मुख्यमंत्री डॉ. यादव का गजमाला, पुष्पवर्षा एवं केक कटवाकर तथा श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति की स्मृति चिन्ह, महामृत्युंजय भगवान का तैलचित्र एवं मुख्यमंत्री जी के स्केच चित्र भेंट कर भव्य स्वागत किया। जन आभार यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को श्री रामचरित मानस भी भेंट की गयी।
जन आभार यात्रा में हर्षित मन से मुख्यमंत्री ने आमजनता का अभिवादन किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया। पूरी आभार यात्रा में देशभक्त के गीत, ढोल नगाड़ों के स्वर और जयकारे गूंजते रहे। यात्रा में कमिश्नर रीवा संभाग अनिल सुचारी, एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, कमिश्नर नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं नगर निगम के पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
ग्वालियर जोन के एडीजी डी श्रीनिवास वर्मा सीबीआई के संयुक्त निदेशक बनाए गए
5 Jan, 2024 07:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी ग्वालियर जोन के एडीजी डी श्रीनिवास वर्मा को सीबीआई का संयुक्त निदेशक बनाया गया है। राज्य सरकार ने उनकी सेवाएं केंद्र सरकार को सौंप दी है। डी श्रीनिवास वर्मा मध्य प्रदेश कैडर के 1977 बैच के अधिकारी है। राज्य सरकार ने पांच साल की अवधि के लिए उनकी सेवाएं केंद्र को सौंप दी है।
गुना कलेक्टर अमनबीर सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया
5 Jan, 2024 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुना । गुना कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस को तबीयत खराब होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनको शुक्रवार सुबह वोमेटिंग की शिकायत हुई थी। जिसके बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। बैंस गुरुवार को सीएम की बैठक में शामिल होने ग्वालियर गए थे, जहां से देररात लौटे। सुबह सर्किट हाउस में अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उनको आईसीयू में रखा गया था। सूचना के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी तबीयत फिलहाल ठीक हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कविता पाटीदार को लोकसभा चुनाव में उतारने के विकल्प पर विचार कर रही है,पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं नड्डा
5 Jan, 2024 06:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भाजपा इस तैयारी में है कि वह मध्य प्रदेश में राज्यसभा सदस्यों को लोकसभा चुनाव में उतारे। इसकी वजह यह है कि यदि पार्टी राज्यसभा सदस्यों को लोकसभा का चुनाव लड़वाती है तो जीतने वालों की सीट रिक्त होगी। इससे पार्टी राज्यसभा चुनाव में नए लोगों को अवसर दे सकती है।विधानसभा में प्रचंड जीत के साथ परिस्थितियां भाजपा के लिए और अच्छी हो चुकी हैं। भाजपा और कांग्रेस में सीटों का अंतर बढ़ गया है। ऐसी स्थिति में पार्टी को राज्यसभा सीटों का नुकसान नहीं होगा। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में भी सात सांसदों को प्रत्याशी बनाया था, इनमें पांच को जीत मिली।
सिंधिया, कविता पाटीदार को उतार सकती है पार्टी
सूत्रों का कहना है कि पार्टी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कविता पाटीदार को लोकसभा चुनाव में उतारने के विकल्प पर विचार कर रही है। सिंधिया भी गुना-शिवपुरी या ग्वालियर से लड़ने के इच्छुक बताए जाते हैं। बता दें कि अप्रैल में भाजपा के राज्यसभा सदस्य अजय प्रताप सिंह और कैलाश सोनी का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है। धर्मेंद्र प्रधान भी मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य हैं, उनका कार्यकाल भी अप्रैल में समाप्त हो रहा है, इसलिए उन्हें भी ओडिशा से लोकसभा चुनाव लड़वाने पर पार्टी विचार कर रही है।
नड्डा पहली बार चुनाव लड़ सकते हैं
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नड्डा के अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश से ही चुनाव लड़ने की चर्चा है। रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी ने राज्यसभा में एक नेता को दो से ज्यादा कार्यकाल न देने की अपनी नीति पर चलते हुए नड्डा को इस बार लोकसभा चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। तीन बार विधायक और राज्यसभा में अपना दूसरा कार्यकाल पूरा करने जा रहे नड्डा का यह पहला लोकसभा चुनाव होगा। वह 1993 में वह पहली बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विधायक बने।
1998 में उनको फिर जीत मिली और भाजपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बने। फिर 2012 में राज्यसभा सदस्य के रूप में चुने गए। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री भी रहे। इसके बाद जनवरी 2020 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। नड्डा का जन्म पटना में 1960 में हुआ था। पटना विश्वविद्यालय से बीए के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से उन्होंने एलएलबी की है। दरअसल, इस बार पार्टी ने राज्यसभा में एक नेता को दो से अधिक कार्यकाल नहीं देने की नीति बनाई है। इसी नीति के तहत केंद्र सरकार में मंत्री रहते मुख्तार अब्बास नकवी को भी राज्यसभा का टिकट नहीं दिया गया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगर नड्डा लोकसभा चुनाव मैदान में उतरे तो इससे इस नीति के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा।
राज्यसभा में भेजे जाने वाले नेताओं के बारे में अघोषित नियम
सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने राज्यसभा में भेजे जाने वाले नेताओं के बारे में अघोषित नियम बना रखे हैं। इसके तहत किसी भी नेता को दो बार से ज्यादा राज्यसभा में नहीं भेजा जाएगा। इसी रणनीति के तहत मध्य प्रदेश से राज्यसभा में भेजे गए धर्मेंद्र प्रधान का दूसरा कार्यकाल भी अप्रैल में समाप्त हो रहा है। इसके कुछ दिनों बाद ही देश में लोकसभा के चुनाव होना है, इसलिए पार्टी अब ऐसे हर सदस्यों को लोकसभा चुनाव में उतारने की तैयारी कर रही है। मप्र से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कविता पाटीदार भी फिलहाल राज्यसभा सदस्य हैं, पार्टी चाहती है कि दोनों को लोकसभा चुनाव के मैदान में उतारा जाए। सिंधिया कांग्रेस में रहते गुना-शिवपुरी संसदीय सीट से पिछला चुनाव हार गए थे। इस सीट से केपी सिंह भाजपा के सांसद हैं। सिंधिया इस क्षेत्र में लगातार प्रवास कर चुनावी तैयारियां भी करते दिखाई दे रहे हैं। वे ग्वालियर से भी चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं, लेकिन पार्टी वहां से जयभान सिंह पवैया जैसे हिंदुवादी चेहरे को लोकसभा चुनाव लड़वाकर राजनीति की मुख्यधारा में लाना चाहती है। पवैया वर्ष 2018 में विधानसभा चुनाव हार गए थे। दूसरे विकल्प के रूप में उन्हें राज्यसभा भेजा जा सकता है। भोपाल से नरोत्तम मिश्रा को लोकसभा चुनाव लड़वाने का विचार - पार्टी दतिया से विधानसभा चुनाव हारे प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा को भी भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़वाने पर विचार कर रही है। पार्टी नेताओं के मुताबिक भोपाल से ऐसे चेहरे को लोकसभा में प्रत्याशी बनाए जाने का विचार है, जो हिंदूवादी हो। गृह मंत्री रहते हुए मिश्रा ने ही लव-जिहाद कानून बनाया था। दंगों के दौरान हुए नुकसान की भरपाई पत्थरबाजों से करने का भी कानून बनाया था। पार्टी भी चाहती है कि मिश्रा का पुनर्वास किया जाए। संगठन से मिले संकेत के बाद राज्य सरकार ने उनका बंगला भी किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं करने का निर्णय किया है।
इनका कहना
आज की भाजपा आकांक्षी जनादेश की ओर उत्साह से बढ़ रही है। लोकप्रिय निर्णय कर हम बड़े जनादेश को प्राप्त करते हैं। मप्र के मन में क्या है, केंद्रीय नेतृत्व भलीभांति समझता है। उल्लेखित नाम भाजपा के जनप्रिय एवं वरिष्ठ नेता हैं।
- डा. हितेष वाजपेयी, प्रवक्ता भाजपा
दो-तीन दिनों तक प्रदेश में बिगड़ा रहेगा मौसम
5 Jan, 2024 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । आगामी दो-तीन दिनों तक मध्यप्रदेश का मौमस बिगडे रहने का अनुमान है। प्रदेश के मध्य भाग में बादलों के साथ गरज-चमक और भोपाल, सागर, नर्मदापुरम संभाग सहित इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर जिले के कुछ हिस्सों में वर्षा या गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों से लगातार छाए बादलों और बूंदाबांदी से दिन के तापमान में गिरावट नजर आ रही है। गुरुवार को कई जिलों के अधिकतम तापमान में एक से सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दमोह, नौगांव, रीवा, सागर, भोपाल, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन, रतलाम और उज्जैन में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। दिसंबर में सामान्य सी रहने वाली सर्दी नए साल के पहले सप्ताह में जोरदार रंग दिखा रही है। पहले दिन से छाए हल्के बादल पिछले दो दिनों से दिन-रात पूरे आसमान को घेरे हुए हैं। कई जिलों में बूंदाबांदी होने से मौसम का मिजाज ही बदल गया है। बादलों के चलते जहां रात का तापमान ऊंचा बना हुआ है, वहीं इन्हीं बादलों और वर्षा के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है। राजधानी भोपाल में दिन के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान जहां 23.9 डिग्री सेल्सियस था, वही गुरुवार को यह सीधे सात डिग्री गिरकर 16.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे पूर्व दो जनवरी 2015 की शाम सबसे कम अधिकतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यहां आठ साल में सबसे कम तापमान के साथ ही आठ मिमी का आंकड़ा पार कर चुकी वर्षा भी जनवरी के माह में पिछले पांच सालों का रिकार्ड तोड़ने की ओर बढ़ रही है। प्रदेश में गुरुवार दिन में भोपाल, नर्मदापुरम, सतना, खजुराहो और टीकमगढ़ में वर्षा दर्ज हुई। शाम साढ़े पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार भोपाल में आठ मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि शेष जिलों में वर्षा एक मिमी से कम रही। भोपाल और आसपास रुक-रुककर बौछारें जारी हैं, जिससे वर्षा का आंकड़ा बढ़ सकता है। भोपाल, नर्मदापुरम, रायसेन और सीहोर में शाम को भी हल्की वर्षा होने से यहां वर्षा का आंकड़ा बढ़ जाता है। 24 घंटों में शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, भोपाल, रायसेन, शाजापुर, देवास इंदौर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना सतना और रीवा में वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में गुरुवार सुबह भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां, ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, सागर, छतरपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, दमोह, पन्ना और सतना में घना कोहरा छाया। इसके अतिरिक्त उज्जैन, आगर, राजगढ़, देवास, शाजापुर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, दक्षिणी खरगोन, रायसेन, भोपाल, विदिशा, नरसिंहपुर, शहडोल, अनूपपुर, में रीवा और सीधी में कोहरा रहा। अधिकतर जगहों पर दोपहर तक धुंध छाई रही। मौसम विभाग के पूर्व वरिष्ठ विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा के आसपास बना हुआ है, जबकि साउथ वेस्ट उप्र में इसके अतिरिक्त कर्नाटक से साउथ वेस्ट उप्र तक द्रोणिका जा रही है, जिससे प्रदेश में बादल और वर्षा का मौसम बना हुआ है। इसका सबसे ज्यादा असर प्रदेश मध्य भाग पर है।
4 मार्च तक समाप्त हो जाएगी 5वीं-8वीं की बोर्ड परीक्षाएं
5 Jan, 2024 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश में पांचवीं-आठवीं की बोर्ड परीक्षा के आयोजन को लेकर राज्य शिक्षा केंद्र ने गुरुवार को समय-सारिणी जारी कर दी है। जारी समय सारिणी के अनुसार, पांचवीं-आठवीं की बोर्ड परीक्षा छह मार्च से शुरू होंगी और लोकसभा चुनाव के पहले 14 मार्च तक समाप्त भी हो जाएगी। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक पांचवीं की परीक्षा छह से 13 मार्च तक होंगी। परीक्षा का समय सुबह नौ से 11.30 बजे तक रहेगा। परीक्षा में पहला पेपर छह मार्च को प्रथम भाषा हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, उर्दू का होगा। सात मार्च को गणित अथवा दृष्टिबाधितों के लिए संगीत, 11 मार्च को द्वितीय भाषा अंग्रेजी, हिंदी, 12 मार्च को पर्यावरण अध्ययन, 13 मार्च को अतिरिक्त भाषा हिंदी, संस्कृत, उर्दू, पंजाबी का पेपर होगा, जबकि आठवीं की परीक्षा छह से 14 मार्च तक होगी। परीक्षा का समय सुबह नौ से 11.30 बजे तक रहेगा। आठवीं परीक्षा में पहला पेपर छह मार्च को प्रथम भाषा हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मराठी का होगा। सात मार्च को गणित अथवा दृष्टिबाधितों के लिए संगीत का पेपर होगा। 11 मार्च सोमवार को द्वितीय भाषा अंग्रेजी अथवा हिंदी का होगा। 12 मार्च को विज्ञान, 13 मार्च को तृतीय भाषा संस्कृत, हिंदी, उर्दू, मराठी, पंजाबी, गुजराती व मूकबधिरों के लिए चित्रकला की परीक्षा होगी। 14 मार्च को आखिरी पेपर सामाजिक विज्ञान का होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा में निजी व शासकीय स्कूलों के विद्यार्थी शामिल होंगे। पांचवीं और आठवीं में इस साल करीब 24 लाख छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। गौरतलब है कि पिछले साल इन परीक्षाओं में 22 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे।
काैशलेंद्र विक्रम सिंह भोपाल और आशीष सिंह इंदौर कलेक्टर बनाए गए
5 Jan, 2024 04:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मप्र सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादला आदेश जारी कर दिए हैं। आशीष सिंह को इंदौर कलेक्टर बनाया गया है। इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी को अब मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम का प्रबंध संचालक बना दिया गया है। आशीष सिंह इससे पहले भोपाल कलेक्टर थे।
कौशलेंद्र को अब भोपाल का दायित्व
भोपाल कलेक्टर का दायित्व अब कौशलेंद्र विक्रम सिंह को सौंपा गया है। वे इससे पहले मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम भोपाल के प्रबंध संचालक थे।
संजय गुप्ता श्रम आयुक्त बने
सचिव संजय गुप्ता को श्रम आयुक्त बनाया गया है जबकि रीवा संभाग आयुक्त अनिल सुचारी को सामान्य प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है।
बैठक से पहले रीवा आयुक्त को हटाया
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज रीवा दौरे पर पहुंचे हैं। वहां वे संभागीय बैठक लेने वाले हैं। इससे पूर्व ही रीवा संभाग आयुक्त अनिल सुचारी को हटाया गया। चिकित्सा शिक्षा आयुक्त गोपाल चंद्र डाड अब रीवा संभाग के आयुक्त होंगे। श्रम आयुक्त श्रीकांत बनोठ को अब विकअ सह आयुक्त सह संचालक के साथ नगर और ग्राम निवेश का दायित्व भी दिया गया है।