मध्य प्रदेश
हर युवा के हाथों में हुनर के लक्ष्य को लेकर प्रशिक्षण दें – टेटवाल
7 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : हर युवा के हाथों में हुनर हो और वे स्वयं के साथ-साथ प्रदेश व देश की प्रगति में योगदान दे सकें। इस लक्ष्य के साथ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं के माध्यम से युवाओं का कौशल उन्नयन करें। कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने कही। टेटवाल ने संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण शाला ग्वालियर में कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
टेटवाल ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में कौशल उन्नयन के लिये नवाचार करने पर बल दिया। साथ ही कहा कि प्रदेश में तहसील स्तर पर आईटीआई खोलने का निर्णय सरकार ने लिया है।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार टेटवाल ने रविवार को संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण शाला ग्वालियर का निरीक्षण किया। साथ ही विद्यार्थियों से चर्चा की और संभागीय व जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान उन्होंने आह्वान किया कि आप सब पूरी मेहनत और लगन के साथ आईटीआई का कोर्स पूरा करें ओर रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें। सरकार आप सबको उद्यमी बनाने में पूर्ण सहयोग करेगी।
संभागीय संयुक्त संचालक कौशल विकास दीपक गंगाजलीवाले ने संभाग में चल रहीं विभागीय गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
स्वास्थ्य क्षेत्र सर्वोपरि, इसलिए खुले में खाद्य सामग्री के विक्रय पर की गई कार्रवाई - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
7 Jan, 2024 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को इस परिसर में प्रसादम के माध्यम से हेल्दी फूड मिलेगा। अच्छे स्वास्थ्य के लिए अच्छे आहार के विचार को क्रियान्वित किया जा रहा है। जन-स्वास्थ्य रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इस नाते गत कुछ सप्ताह में खुले में खाद्यान्न सामग्री बेचने और अस्वच्छ तरीके से माँसाहार के विक्रय पर अंकुश के लिए 25 हजार से अधिक दोषी लोगों को दंडित किया गया है। नागरिकों को अच्छा स्वास्थ्य देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत सरकार प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज के लिए संकल्पबद्ध है। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज हो, इस दिशा में राज्य सरकार भरपूर प्रयास करेगी। समाज के गरीब वर्ग के साथ महिलाओं, किसानों और युवाओं के कल्याण को समान महत्व देते हुए योजनाएं क्रियान्वित होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में फूड स्ट्रीट प्रसादम एवं स्वास्थ्य संस्थाओं के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं केंद्रीय मंत्री मांडविया ने संयुक्त रूप से उज्जैन फूड स्ट्रीट (प्रसादम) का उद्घाटन किया। यह देश की पहली हेल्दी एंड हाइजैनिक फूड स्ट्रीट है।
पौराणिक महत्व है उज्जैन का
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन की रचना को देखें तो यह पृथ्वी का लघु रूप भी है। दुनिया के इस छोटे से स्वरूप में 84 महादेव हैं, सप्त सागर हैं। काल का केन्द्र महाकाल है। उज्जैन भविष्य का ग्रीनविच है। जब 21 जून और 22 दिसम्बर को सूर्य देव कक्षा बदलते हैं तो अपनी परछाई भी नहीं दिखाई देती। उज्जैन में काल गणना पौराणिक काल से हो रही है। करीब 300 वर्ष पहले तक समय की गणना दुनिया में कहीं से होती थी तो वह शहर मध्य बिंदु उज्जैन था। इसलिए विज्ञान और प्राद्योगिकी विभाग के साथ ही अन्य संबंधित संस्थाओं के सहयोग से उज्जैन में ऑब्जर्वेटरी की स्थापना की पहल की गई। उज्जैन से अनेक विभूतियों का उदय हुआ है। हजारों वर्ष से विभूतियों का संबंध उज्जैन से रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि प्रभु राम पिता के श्राद्ध के लिए उज्जैन आए थे। इसी तरह भगवान कृष्ण की शिक्षा-दीक्षा यहीं हुई। महात्मा बुद्ध के काल में सम्राट अशोक ने अपने बेटे और बेटी को यहीं से बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए अन्य देशों के लिए रवाना किया। सम्राट विक्रमादित्य, भर्तृहरि सभी का संबंध उज्जैन से रहा है। राजा भोज के विषद ज्ञान को भोज पत्रों से जाना जा सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मांडविया का केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से प्राप्त सहयोग के लिए आभार माना।
देश के अन्य नगरों में भी प्रारंभ होंगी फूड स्ट्रीट - केन्द्रीय मंत्री डॉ. मांडविया
केन्द्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि महाकाल के पवित्र स्थान पर फूड स्ट्रीट का शुभारंभ हो रहा है। यह फूड स्ट्रीट यात्रियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने आयुष्मान भारत, हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के माध्यम से स्वास्थ्य संरचना को मजबूत बनाने की ठोस पहल की है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य क्षेत्र में आवश्यक आर्थिक संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी जी ने विकसित भारत के लिए नागरिकों का स्वस्थ होना आवश्यक माना है। पहली बार देश में यह हुआ है कि विकास को मनुष्य के स्वास्थ्य से जोड़ा गया है। सिर्फ अस्पतालों के निर्माण से स्वास्थ्य क्षेत्र में लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। नागरिक स्वस्थ रहें, इसके लिए उन्हें हाइजैनिक फूड मिलना जरूरी है। आने वाले समय में उज्जैन के बाद अन्य नगरों में इस तरह के फूड स्ट्रीट प्रारंभ किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी समग्र दृष्टिकोण से नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे हैं। कोविड के दौर में उनके नेतृत्व में जो लड़ाई लड़ी गई, दुनिया उसकी गवाह है। भारत में कोविड के प्रबंधन से विश्व के बड़े देशों को भी मोदी जी की क्षमताओं का ज्ञान हुआ। आज भारत सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रत्येक जिले को 100 करोड़ रूपए की राशि प्रदान कर रही है। नए भारत का निर्माण हो रहा है।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि महाकाल लोक परिसर के विकास के बाद यहाँ प्रतिदिन एक से डेढ़ लाख लोग आ रहे हैं। शनिवार और रविवार में इनकी संख्या 3 और 4 लाख तक पहुंच जाती है। मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए भारत सरकार से वित्तीय सहायता मिल रही है। जिला अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए भी धन की कोई कमी नहीं है। प्रधानमंत्री जी ने सड़क और आवास योजनाओं की भांति नेशनल हेल्थ मिशन के माध्यम से अनेक सुविधाएं प्रदान की है। उज्जैन फूड स्ट्रीट एक मॉडल है, जिसमें 17 संस्थान विभिन्न तरह का खान-पान उपलब्ध करवा रहे हैं। इसके लिए भारत सरकार द्वारा राशि प्राप्त हुई है। स्मार्ट सिटी के सहयोग से यह प्रकल्प क्रियान्वित हो रहा है।
आज प्रारंभ हुई स्वास्थ्य सेवाएं और उज्जैन फूड स्ट्रीट - एक नजर में
आज उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 218 करोड़ रुपये की लागत की 187 स्वास्थ्य संस्थाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसके साथ ही महाकाल मंदिर और उज्जैन के अन्य मंदिरों में विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। उज्जैन फूड स्ट्रीट के लोकार्पण से महाकाल लोक के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और पोषण से भरपूर आहार प्राप्त होगा। महाकाल परिसर में स्मार्ट पार्किंग के निकट अवंतिका हाट का विकास हुआ है। प्रसादम के अंतर्गत श्रद्धालुओं और पर्यटकों को 900 वर्ग फीट क्षेत्र में ईट राइट इंडिया के तहत स्ट्रीट फूड उपलब्ध करवाया गया है। यहाँ काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा एप्रिन और ग्लब्स का उपयोग किया जा रहा है। हाइजिन का विशेष ध्यान रखा गया है। विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन भी रखी गई है। मोबाइल फूड टेस्टिंग इकाई, डिजिटल मेनू बोर्ड की सुविधा के साथ ही प्रसादम में विभिन्न सांस्कृतिक उत्सवों का आयोजन भी होगा। केन्द्रीय मंत्री डॉ. मांडविया और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन फूड स्ट्रीट से जुड़ी वेबसाइट और ब्रोशर का लोकार्पण भी किया। फूड स्ट्रीट के लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न सेवा प्रदाताओं से संवाद भी किया।
कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक सतीश मालवीय, अनिल जैन, जितेन्द्र पंड्या, डॉ. तेज बहादुर के साथ ही उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम की सभापति श्रीमती कलावती यादव, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्याम बंसल, भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव, मध्यप्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान सहित अनेक अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.मांडविया एवं उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की
7 Jan, 2024 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं रसायन व उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने महाकालेश्वर मन्दिर में पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। गर्भगृह के बाहर द्वार से दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूजन-अर्चन पं. राजेश गुरू आदि ने सम्पन्न करवाई। पूजन-अर्चन के बाद मुख्यमंत्री, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री, उप मुख्यमंत्री को कलेक्टर एवं महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने भगवान महाकाल की तस्वीर, प्रसाद, दुशाला भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक सतीश मालवीय, यूडीए अध्यक्ष श्याम बंसल, संभागायुक्त डॉ.संजय गोयल, आईजी संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी सचिन शर्मा, विवेक जोशी, विशाल राजौरिया, जगदीश अग्रवाल, इकबाल सिंह गांधी, राजपाल सिंह सिसौदिया, संजय अग्रवाल, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, सत्यनारायण खोईवाल, मुकेश यादव, सचिन सक्सेना, मुकेश जैन, धनंजय शर्मा, जगदीश पांचाल, दिनेश जाटवा, ऋषि वर्मा आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मन्दिर देवदर्शन के पहले वाल्मिकीधाम स्थित राष्ट्रीय सन्त बालयोगी उमेशनाथ महाराज के आश्रम पहुंचकर समाधि के दर्शन कर बालयोगी उमेशनाथ महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उमेशनाथ महाराज ने मुख्यमंत्री का सम्मान कर आशीर्वाद प्रदान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भर्तृहरि गुफा पहुंचकर शिव गोरखनाथाय का पूजन-अर्चन किया। भर्तृहरि गुफा के गादीपति महन्त रामनाथ महाराज ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने महन्त रामनाथ महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। भर्तृहरि गुफा में स्थित गौशाला में गौमाता को भूसा खिलाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल गऊघाट स्थित महन्त रामेश्वरदास के आश्रम पहुंचकर महन्त से आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम के महन्तों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। इस अवसर पर रामेश्वरदास महाराज, महाकालेश्वर मन्दिर के महन्त विनीत गिरि महाराज, महामण्डलेश्वर मंदाकिनी दीदी, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन्दौर रोड स्थित तपोभूमि पहुंचकर तपोभूमि प्रणेता आचार्य प्रज्ञासागर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का जैन समाज के नागरिकों ने अभिनन्दन किया। इस अवसर पर उन्हें मालवा गौरव से सम्मानित कर जैन समाज के पदाधिकारियों ने 58 प्रकार के विविध फलों से एवं मालाओं से मुख्यमंत्री का सम्मान किया। मुख्यमंत्री को आचार्य प्रज्ञासागर महाराज ने दण्ड भेंट किया। धर्मदण्ड प्रदान कर आचार्य प्रज्ञासागर महाराज ने कहा कि यह धर्मदण्ड रक्षा करेगा और धर्मदण्ड न्याय का प्रतीक है और मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता में न्याय प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने आचार्य प्रज्ञासागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आचार्य प्रज्ञासागर महाराज ने कहा कि मेरी ओर से और जैन समाज की ओर से उन्हें चौबीसों घंटे आशीर्वाद मिलता रहेगा। सकल जैन समाज की ओर से मुख्यमंत्री का समाजसेवी अशोक जैन ने तिलक लगाकर, पगड़ी पहनाकर उनका अभिनन्दन किया। इसी तरह सांसद अनिल फिरोजिया, विधायकद्वय अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, ओम जैन, राकेश अग्रवाल, कपिल यार्दे आदि ने मुख्यमंत्री को माला पहनाकर उनका अभिनन्दन किया।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि हमें कई पुण्यों के बाद मानव योनी प्राप्त होती है। मानव योनी प्राप्त होने पर व्यक्ति देवमार्ग पर चलता है या लोभ-लालच की राह पर चलता है। यह हमें तय करना है। मनुष्य के जन्म के बाद परमात्मा सन्तों के सान्निध्य से आशीर्वाद मिलते हैं और उनके बताये गये सही रास्ते पर चलकर मानव कल्याण के लिये काम करें। मुख्यमंत्री होने के नाते प्रदेश में सुख-समृद्धि आये, विकास के पथ पर प्रदेश आगे बढ़े और सबके कल्याण के लिये अच्छा काम करूं, यही ईश्वर से प्रार्थना करूंगा और जनता की भलाई करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि जियो और और जीने दो का नारा चरितार्थ करते हुए हम सबको मानव कल्याण की दिशा में कार्य करना चाहिये।
इस अवसर पर संभागायुक्त डॉ.संजय गोयल, आईजी संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी सचिन शर्मा आदि समाजसेवी, बड़ी संख्या में जैन समाज के प्रबुद्धजन आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ का आकस्मिक भ्रमण किया
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ का आकस्मिक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने जेल अस्पताल, पाकशाला, बन्दी आवास, सभा भवन आदि का भ्रमण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बन्दियों से शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के सम्बन्ध में चर्चा की और केन्द्रीय जेल अधीक्षक से जेल की सुरक्षा व्यवस्था आदि के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिये कि जेल में विधिक सहायता के सम्बन्ध में आर्थिक रूप से कमजोर बन्दियों के लिये समय पर विधिक सहायता व शासन स्तर पर मदद सुनिश्चित करें। पाकशाला में भ्रमण के दौरान बन्दियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया। बन्दियों के लिये पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था तथा शुद्ध पेयजल को दृष्टिगत रखते हुए एक अतिरिक्त वाटर प्यूरीफायर प्रदाय करने के लिये कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिये। गंभीर अपराध से भिन्न बन्दियों की उचित व्यवस्थाओं में रखे जाने व बन्दियों को स्वास्थ्य सम्बन्धी पर्याप्त सुविधाओं की आपूर्ति करने के भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये। बन्दियों के सामाजिक पुनर्वास के लिये प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्थाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जाये और बन्दियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन तथा बाहर कमान पास बन्दियों को जेल से बाहर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी करवाये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के भ्रमण के दौरान जनसम्पर्क आयुक्त संदीप यादव, संभागायुक्त डॉ. संजय गोयल, आईजी संतोष कुमार सिंह, डीआईजी, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी सचिन शर्मा, जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू आदि उपस्थित थे।
उज्जैन शहर के नालों एवं सीवरेज का पानी शिप्रा में न मिले, मुख्यमंत्री ने दिये सख्त निर्देश
7 Jan, 2024 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि सीवरेज एवं नालों का गन्दा पानी शिप्रा नदी में न मिले, इसके लिये उज्जैन एवं इन्दौर के अधिकारी प्लान तैयार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चिन्ता का विषय है कि सीवरेज एवं नालों का गन्दा पानी शिप्रा में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिये विशेषज्ञों की राय ली जाये। गन्दा पानी हम शिप्रा में जाने से कैसे रोके, इसका प्लान तैयार किया जाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्दे पानी के नाले एवं सीवरेज का पानी को रोकने के लिये सांवेर, रामवासा, पंथपिपलई, राघौपिपल्या में स्टापडेम बनाया जाये और यहां वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाया जाये। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से साफ हुए पानी का उपयोग किसान सिंचाई के लिये करें, इसके लिये किसानों को समझाईश भी दी जाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर हाल में गन्दा पानी शिप्रा में जाने से रोकना चाहिये। उन्होंने कहा कि साल दो साल में नई कॉलोनियां भी डेवलप होती हैं। वहां के सीवरेज के पानी की निकासी भी पर्याप्त व्यवस्था की जाये। वह पानी किसी भी स्थिति में शिप्रा नदी में न मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टापडेम का रख-रखाव, मरम्मत का कार्य एवं आवश्यकता पड़ने पर उसकी ऊंचाई बढ़ाने का काम प्राथमिकता से किया जाये। उक्त निर्देश मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने शिप्रा नदी संरक्षण एवं संवर्द्धन की बैठक में दिये। बताया गया कि कान्ह नदी पर पक्का स्टापडेम बनाने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सदावल में पम्पिंग स्टेशन है। पानी को स्टापडेम की ओर डायवर्ट किया जाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांवेर पर ही गन्दे पानी को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं स्टापडेम बनाकर कंट्रोल कर लें तो शिप्रा शुद्ध रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में टाटा प्रोजेक्ट अपना कार्य समय पर पूरा नहीं कर रही है। उनके कार्यों की पुन: समीक्षा की जाये। उन्होंने कहा कि नृसिंह घाट में किसी भी स्थिति में गन्दगी इकट्ठी न हो, अन्यथा वह रामघाट तक प्रवाहित होती है। गोंदिया ट्रेंचिंग ग्राउण्ड के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही जगह कचरा डम्प होने से आसपास के पांच गांव में पेयजल पीने योग्य नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नई-नई टेक्नालॉजी आ गई है। आवश्यकता है कि नई टेक्नालॉजी के द्वारा हम कचरा अपशिष्ट प्रबंधन करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में नगर निगम के अपशिष्ट पदार्थ एवं इण्डस्ट्री के गन्दे पानी को रोकने का प्लान तैयार करें। उन्होंने इन्दौर संभागायुक्त मालसिंह को निर्देश दिये कि कार्य-योजना तैयार करें।
सांसद अनिल फिरोजिया ने रूद्र सागर में मिलने वाले नाले, नई कॉलोनियों में पानी निकासी की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि गन्दे नालों के पानी की रोकथाम के लिये छोटे-छोटे स्टापडेम बनाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने नमामि गंगे प्रोजेक्ट के सम्बन्ध में भी जानकारी ली।
बैठक में विधायक सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, संभागायुक्त डॉ.संजय गोयल, इन्दौर कलेक्टर आशीष सिंह, उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, देवास कलेक्टर ऋषव गुप्ता सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।
2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने का संकल्प लें -राज्यपाल पटेल
7 Jan, 2024 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल नागरिकों को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने का संकल्प दिलवाया। गुलामी की मानसिकता को जड़ से उखाड़ने और देश की एकता को और ज्यादा सुदृढ़ बनाने और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करने में जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभायें। राज्यपाल रविवार को उज्जैन की जनपद पंचायत घट्टिया की ग्राम पंचायत सोढंग में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए।
राज्यपाल ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान लगाए गए शिविर में विभिन्न कारणों से छूट गए पात्र लोगों को पंजीकृत भी किया जा रहा है। इस प्रकार की यात्रा पहले कभी नहीं निकाली गई। केंद्र की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर और सशक्त बन रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की चिंता करते हुए उज्ज्वला योजना शुरू की। आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों के उपचार का खर्च उठा रही है। आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि जो कभी भी जीवन में पक्का मकान नहीं बना सकते थे, प्रधानमंत्री ने उनके सिर पर पक्की छत का प्रबंध किया है। देश की जनता का आशीर्वाद निरंतर प्रधानमंत्री को मिल रहा है। उन्होने कहा कि सभी के प्रयासों से भारत विश्व गुरु बनेगा।
सरकार ने सभी वर्गों का ध्यान रखा
सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले और कोई भी हितग्राही शासकीय योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होने कहा कि कोरोना के कठिन काल में भी सरकार ने सभी वर्गों का ध्यान रखा। गरीब वर्ग के लोगों को निशुल्क अनाज वितरण किया गया। साथ ही सभी को निःशुल्क वैक्सीन भी उपलब्ध कराई गई। राजस्व विभाग के अंतर्गत बटांकन व सीमांकन से संबंधित प्रकरणों का निराकरण भी शीघ्रता से किया जाएगा।
घट्टिया के विधायक सतीश मालवीय ने राज्यपाल को तुलसी का पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। ग्राम सोढंग के शासकीय माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात मेरी कहानी-मेरी जुबानी के अंतर्गत शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किये।
मिल गई पक्की छत
हितग्राही दिनेश पिता गंगाराम ने बताया कि पहले में कच्चे मकान में रहा करते थे, जिससे उनके परिवार को बहुत असुविधा होती थी। पीएम आवास योजना के माध्यम से उनके सिर पर पक्की छत आई है। मां को वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त हो रही है। बालक का आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपचार इंदौर में हुआ। गरीबों के लिए इतनी सारी कल्याणकारी योजनाएं प्रारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद ।
एक अन्य हितग्राही सुशीला ने बताया कि उन्हें उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन प्राप्त हुआ है। पहले बहुत परेशानी होती थी। अब गैस कनेक्शन आने के बाद कम समय में उनका भोजन बनकर तैयार हो जाता है। अन्य कार्यों के लिए काफी समय मिलता है।
हितग्राही सपना चौहान ने बताया कि आजीविका मिशन के अंतर्गत उनका शिवशक्ति स्वसहायता समूह है। इससे कई महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। साथ ही गांव की अन्य महिलाओं को उज्ज्वला योजना, गरीब कल्याण और आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है। आजीविका मिशन से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। हितग्राही सीमा राठौर ने बताया कि उनके गांव में शासन की सभी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। शौचालय निर्माण हुए हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद।
ग्राम सोढंग में सरपंच श्रीमती धापूबाई को जल जीवन मिशन के अंतर्गत शत-प्रतिशत नल कनेक्शन गांव में किए जाने पर अभिनंदन पत्र वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त मॉडल ओडीएफ का प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का प्रमाण पत्र, शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का प्रमाण पत्र, ब्लड प्रेशर की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग करने पर विधायक घट्टिया सतीश मालवीय को प्रमाण-पत्र वितरित किया गया।
अटल ज्योति योजना के अंतर्गत हितग्राही मांगीलाल को प्रमाण-पत्र वितरित किया गया। आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूह को चेक प्रदान किया गया। नवीन आयुष्मान कार्ड भंवर सिंह को प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत प्रभुलाल कछावा को 9 लाख 80 हजार रुपए का चेक, पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत हितग्राही सेवाराम को 4 लाख 86 हजार रुपए का चेक, कक्षा पांचवी की छात्रा खुशी को और शानू सूर्यवंशी को परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रमाण पत्र और गांव के आकाश पिता राधेश्याम को साइकिल रेस में राज्य स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने पर पुरस्कार प्रदान किया गया। एनआरएलएम योजना के अंतर्गत श्रीमती ललिता राठी को साड़ी के उद्योग के लिए 3 लाख रुपए का चेक वितरित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर, उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर, बहादुर सिंह बोरमुंडला, सीईओ जिला पंचायत मृणाल मीना, एसडीएम घट्टिया, अन्य अधिकारीगण तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.संदीप नाडकर्णी ने किया। घट्टिया के विधायक सतीश मालवीय ने आभार प्रदर्शन किया।
संकल्प यात्रा के माध्यम से वंचित व्यक्ति शासन की योजनाओं का लाभ लेवे : उप मुख्यमंत्री देवड़ा
7 Jan, 2024 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा आज विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान ग्राम बड़वन एवं धमनार में शामिल हुए। यात्रा के दौरान शिविर का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके पश्चात शिविर में नन्ही-नहीं बालिकाओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पर प्रस्तुतियां दी गई।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि आयुष्मान कार्ड आम जनता के लिए गारंटी कार्ड है। प्रधानमंत्री ने 5 लाख रुपए का गारंटी कार्ड प्रदान किया है। यह कार्ड फ्री में इलाज की गारंटी प्रदान करता है। एक समय था जब गंभीर बीमारियों के लिए इलाज करना बहुत मुश्किल हुआ करता था। कई लोगों को बड़ी-बड़ी बीमारियों के कारण जान तक गवानी पड़ती थी, लेकिन प्रधानमंत्री ने इस बात की चिंता कर आयुष्मान कार्ड योजना बनाई। जो गरीब परिवारों के लिए सहारा बनी। किसी गरीब व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना किसी पुण्य से कम नहीं है। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सहित अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने। जिसमें हम सभी का सहयोग बहुत जरूरी है। यह भाव सबके अंदर उत्पन्न होना चाहिए। और यह हम सभी की जिम्मेदारी भी हैं। भारत को विश्व में नंबर वन स्थान पर लाने की। सरकार ने सभी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति की है। सभी को शुद्ध पानी मिले, जिससे बीमारियों का प्रकोप ना हो। इसके लिए नल जल जैसी योजना सरकार ने बनाई। केन्द्र सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हर राज्य का बराबर विकास किया है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से हर गरीब के घर में गैस के चूल्हे पर रोटियां बना रही है। ऐसे हितग्राही जिनको शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, या किसी कारण आवेदन जमा नहीं कर पाए वे संकल्प यात्रा के माध्यम से आवेदन दे सकते है। तथा शासन की योजनाओं का लाभ ले।
शिविर में उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने सभी लोगों से 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने के लिए शपथ दिलाई। उप मुख्यमंत्री देवड़ा द्वारा नवीन गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रमाण पत्र, स्वस्थ बालक स्पर्धा कार्ड, पोषण किट आदि हितग्राहियों को प्रदान किए।
राजधानी सहित 15 जिलों में हो सकती है बारिश
7 Jan, 2024 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में वर्षा हो सकती है। हालांकि, दिन के तापमान में कुछ बढ़ोतरी भी हो सकती है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल और कोहरा बना हुआ है। बादल छाए रहने से पूरे प्रदेश में रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, लेकिन धूप नहीं निकलने के कारण दिन में ठिठुरन है। कोहरा और धुंध रहने के कारण सभी शहरों में दृश्यता भी कम बनी हुई है। प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के कारण वातावरण में बड़े पैमाने पर नमी आ रही है। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के कारण बड़े पैमाने पर नमी आ रही है। इस वजह से कोहरा एवं बादल बने हुए हैं। साथ ही कहीं-कहीं वर्षा भी हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अधिकतर शहरों में सुबह के समय कोहरा बना रहेगा। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो दिन तक रह सकता है। उधर, आठ जनवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में आने के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। गुजरात से पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवात तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो पश्चिमी मध्य प्रदेश से होकर जा रही है। इसके अतिरिक्त अमीनी दीप से लेकर विदर्भ तक एक और द्रोणिका बनी हुई है, जो उत्तर मध्य महाराष्ट्र से होकर गुजर रही है।
खाली खजाना भरने घर-घर से चंदा जमा करेगी कांग्रेस
7 Jan, 2024 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कांग्रेस के 138 साल पूरे होने पर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा की जा रही फंडिंग के लिए जारी निर्देश का पालन करने के लिए कहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अधिक से अधिक पार्टी फंड जमा करें। पटवारी भी मितव्ययिता बरतते हुए कार्यकर्ताओं के घर पर ही रात्रि विश्राम करेंगे। पटवारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए वह स्वयं और पार्टी के वरिष्ठ नेतागण कमल नाथ, दिग्विजय सिंह सहित अन्य सभी वरिष्ठ नेता पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे। केंद्र में पिछले नौ साल से बाहर और मप्र के विधानसभा चुनाव में लगातार मिल रही हार के बाद कांग्रेस आर्थिक संकट से जूझ रही है। कांग्रेस पार्टी अब अपना खाली खजाना भरने के लिए घर-घर जाकर चंदा जुटाएगी। इसको लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की अध्यक्षता में हारे हुए प्रत्याशियों की मैराथन बैठक में कार्ययोजना बनाई गई। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद अब कांग्रेस आत्ममंथन कर रही है। इसी को लेकर हारे हुए प्रत्याशियो की बैठक बुलाई गई। बैठक में प्रत्याशियों ने हार के कारण बताए और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भितरघातियों की रिपोर्ट सौंपी। बैठक को संबोधित करते पटवारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव अब पीछे छूट चुका हैं। हमें नया सबक लेते हुए पूरे उत्साह के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों में उतरना है। पटवारी ने कहा कि आप लोग भले ही चुनाव हार गए हों, लेकिन हर विधानसभा में हजारों लोगों ने आपको वोट दिया है और लोकसभा चुनाव में आपकी सक्रियता और एकजुटता पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण होगी। बैठक में तय किया गया कि हारे हुए प्रत्याशियों को लोकसभा चुनाव में विधानसभावार प्रभारी बनाया जाएगा।
कल से विद्यार्थियों को अभ्यास कार्य के लिए दिए जाएंगे पेपर
7 Jan, 2024 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नौवीं से 12वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं को सोमवार सेअभ्यास कार्य के लिए पेपर दिए जाएंगे। इस बार वार्षिक व बोर्ड परीक्षा से पहले प्रैक्टिस पेपर से अभ्यास कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए स्कूल के प्राचार्यों के लागइन में प्रैक्टिस पेपर माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की अंक योजना के आधार पर भेज दिया गया है। प्रैक्टिस पेपर के आधार पर डाउट्स क्लियर किए जाएंगे। माशिमं की नवीन अंक योजना के आधार पर स्कूलों में आनलाइन दो-दो सेट के प्रश्र-पत्र भेज दिया गया है। यह प्रश्रपत्र विमर्श पोर्टल पर प्राचार्यों की लाग इन पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्राचार्य डाउनलोड कर फोटो कापी करवाकर विद्यार्थियों को देंगे। प्रश्नपत्रों के माध्यम से अभ्यास आठ से 13 जनवरी के बीच होंगे।विद्यार्थी इन पेपरों को घर ले जाकर भी हल कर सकते हैं। नौवीं से 12वीं की कक्षाओं के सी, डी एवं ई ग्रेड के विद्यार्थियों का वार्षिक परीक्षा के पूर्व अभ्यास कराया जाएगा। आठ से 13 जनवरी के बीच स्कूलों में प्रतिदिन विषय शिक्षक द्वारा प्रश्न पत्र हल करने में हुए शंका समाधान का निराकरण किया जाएगा। विद्यार्थी संबंधित पेपर को हल करने के लिए अपने घर भी ले जा सकते हैं। एक दिन पहले दिए गए पेपर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अगले दिन विषय शिक्षक करेंगे।इसी दिन विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा। नौवीं व दसवीं कक्षा में हिंदी, इंग्लिश, संस्कृत, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के अलावा छह विषयों के पेपर भेजे जाएंगे। वहीं 11वीं-12वीं में हिंदी, इंग्लिश, संस्कृत, फिजिक्स, केमिस्ट्री, गणित, जीव विज्ञान, पालिटिकल साइंस, इतिहास, अर्थशास्त्र, भूगोल, अकाउंट्स, बिजनेस स्टडीज के पेपर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कुछ तैयारियों के साथ बढाया जा सकता है मूंग उत्पादन
7 Jan, 2024 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिग्विजय ने दी सीएम यादव को पत्र लिख सलाह, किसान होंगे मालामाल
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखकर सुझाव दिया है कि तवा डैम के सिंचाई क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन मूंग की बहुत अच्छी फसल होती है। कुछ तैयारियों के साथ मूंग के उत्पादन को और अधिक बढ़ाया जा सकता है। दिग्विजय ने पत्र में कहा है कि नर्मदापुरम जिले में स्थित तवा डैम से करीब 3.5 लाख हेक्टेयर भूमि पर प्रत्यक्ष और काफी बड़े क्षेत्रफल में अप्रत्यक्ष रूप से सिंचाई होती है। तवा डैम के सिंचाई क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन मूंग की बहुत अच्छी फसल होती है। कुछ तैयारियों के साथ मूंग के उत्पादन को और अधिक बढ़ाया जा सकता है। आगामी ग्रीष्मकालीन फसल का संभावित उत्पादन 90 लाख टन तक हो सकता है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी तथा सरकार को भी लगभग 1400 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। तवा डैम के सिंचाई क्षेत्र में मूंग की फसल का अधिकतम उत्पादन प्राप्त करने के लिए किसान पाठशाला का आयोजन किया जा सकता है।दिग्विजय ने कहा है कि मार्च में तवा डैम की नहर को बंद करने के बजाए सतत कम गेज के साथ खुला रखने से किसान रबी की फसल कटाई के तत्काल बाद मूंग की फसल बो सकेंगे। इससे कटाई के समय मौसम के कारण उत्पन्न जोखिम को कम किया जा सकता है और पानी का अधिक से अधिक उपयोग किया जा सकता है।
प्रदेश में नागरिकों को सुशासन देने के लिये अनेक सुविधाएँ
6 Jan, 2024 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश में नागरिकों को सुशासन देने केलिये राज्य सरकार ने अनेक सुविधाएँ दी हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के प्रयास किये जा रहे हैं। इन सेवाओं में सीएम हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन, सीएम जनसेवा और दिव्यांग हेल्पलाइन प्रमुख हैं।
सीएम हेल्पलाइन 181 कॉल सेंटर
राज्य सरकार ने प्रदेश के नागरिकों के लिये सीएम हेल्पलाइन 181 संचालित की है। कॉल सेंटर के माध्यम से नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी, शिकायत और सुझाव हेतु संपर्क किया जाता है। अब तक सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से करीब 3 करोड़ शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। जन सामान्य में नागरिकों की समस्या के निराकरण के लिये सीएम हेल्पलाइन 181 काफी लोकप्रिय हुई है।
महिला हेल्पलाइन
प्रदेश में महिला उत्पीड़न से बचाव के लिये महिला हेल्पलाइन का संचालन भी किया जा रहा है। महिला हेल्पलाइन के संचालन के लिये सीएम हेल्पलाइन 181 से एकीकरण किया गया है। महिला हेल्पलाइन में महिलाओं से संबंधित अपराधों और समस्याओं में महिला की काउंसलिंग कर तत्काल राहत पहुँचाई जा रही है। महिला हेल्पलाइन के माध्यम से अब तक करीब 60 हजार 800 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है।
सीएम जन सेवा
सीएम जनसेवा का शुभारंभ प्रदेश में लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर किया गया था। इसका संचालन भी 181 के माध्यम से किया जा रहा है। सीएम जन सेवा के माध्यम से 7 प्रमुख सेवाएँ, इनमें स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, चालू खसरा की प्रतिलिपि, खतौनी की प्रतिलिपि, चालू नक्शा की प्रतिलिपि, भू-अधिकार पुस्तिका की प्रतिलिपि और स्पेसिमेन कॉपी (खसरा, खतौनी एवं नक्शा) टोल-फ्री नंबर 181 पर एक कॉल पर SMS/Whatsapp एप के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। सीएम जन सेवा की स्थापना के बाद से अब तक 3 लाख 90 हजार आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है।
दिव्यांग हेल्पलाइन
प्रदेश में दिव्यांगजनों की समस्याओं के तेजी से निराकरण किये जाने के मकसद से फरवरी 2023 में दिव्यांग हेल्पलाइन प्रारंभ की गई है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से अब तक करीब 12 हजार 400 समस्याओं का निराकरण किया जा चुका है। यह हेल्पलाइन 181 से ही जुड़ी हुई है। यह सभी सेवाएँ लोक सेवा प्रबंधन द्वारा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
6 Jan, 2024 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने शनिवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ निर्वाचन सदन भोपाल में बैठक की। 6 जनवरी से प्रारंभ हुए फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 अंतर्गत की जा रही गतिविधियों के बारे में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को अवगत कराया।
राजन ने कहा कि प्रदेश के सभी 64 हजार 523 मतदान केंद्रों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में मतदाता सूची के प्रारूप का आज प्रकाशन किया गया। सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने की अपील की गई।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अंतर्गत 6 से 22 जनवरी तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया चलेगी। इस बीच जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है एवं जो युवा 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं वे ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। साथ ही 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवा भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अग्रिम रूप से आवेदन कर सकते हैं।
राजन ने राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अंतर्गत अधिक से अधिक नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं, इसमें सहयोग करने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी से भगवानदास सबनानी, एस.एस. उप्पल, कांग्रेस पार्टी से जे.पी. धनोपिया, आम आदमी पार्टी से सुमित चौहान, बहुजन समाज पार्टी से सीएल गौतम सहित कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से रामचरण पी.व्ही. उपस्थित थे।
13 एवं 20 जनवरी को लगेंगे विशेष शिविर
फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 अंतर्गत विशेष शिविर लगाए जाएंगे। यह शिविर 13 जनवरी एवं 20 जनवरी को लगाए जाएंगे। विशेष शिविर के दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्र अंतर्गत आने वाले मतदाताओं के घर जाएंगे और मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 का आवेदन प्राप्त करेंगे। 2 फरवरी तक दावे-आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। 8 फरवरी 2024 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
प्रदेश में 5 करोड़ 60 लाख 73 हजार 696 है मतदाताओं की संख्या
प्रदेश में 5 करोड़ 59 लाख 98 हजार 370 सामान्य मतदाता हैं। इमसें 2 करोड़ 87 लाख 90 हजार 967 पुरुष और 2 करोड़ 72 लाख 6 हजार 136 महिला मतदाता हैं। 1 हजार 267 थर्ड जेंडर मतदाता है। सेवा मतदाताओं की संख्या 75 हजार 326 है, जिसमें 73 हजार 028 पुरुष एवं 2 हजार 298 महिला मतदाता है।
इस प्रकार कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 60 लाख 73 हजार 696 है, जिसमें 5 लाख 3 हजार 564 दिव्यांग तथा 103 अप्रवासी भारतीय है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन की सुविधा प्रदान की गई है। नागरिक Voter Helpline App और voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन के लिए बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही निर्वाचन संबंधी किसी भी जानकारी एवं सहायता के लिए मतदाता कार्यालयीन समय में टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर सकते हैं।
नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और मानवीय मूल्यों की स्थापना पर केंद्रित है - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
6 Jan, 2024 09:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सभी युगों में हमारे देश में शिक्षा-दीक्षा को बहुत महत्व प्रदान किया गया। आज से 5 हजार साल पहले भगवान कृष्ण द्वारा बाल रूप में कंस जैसी महाशक्ति का पराभव करने के बाद भी तत्कालीन समाज ने कहा कि भगवान कृष्ण की शिक्षा-दीक्षा होना चाहिए। परिणामस्वरूप कृष्ण उज्जैन स्थित आचार्य सांदीपिनी आश्रम पधारे। तत्कालीन शिक्षा व्यवस्था 14 विद्या, 64 कला से परिपूर्ण थी। प्रत्येक शिष्य का सर्वांगीण विकास और उनमें मानवीयता के उत्कृष्ट मापदंडों की पुनर्स्थापना करना इस व्यवस्था का उद्देश्य था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में क्रियान्वित हो रही नई शिक्षा नीति भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और मानवीय मूल्यों की स्थापना पर केन्द्रित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव हरिद्वार में पतंजलि गुरूकुलम् एवं आचार्यकुलम् के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मध्यप्रदेश भगवान कृष्ण की शिक्षा स्थली के रूप में भी जाना जाता है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति गुरू और गुरूकुल दोनों की महिमा बताती है। त्रेता युग में भगवान राम और द्वापर युग में भगवान कृष्ण ने गुरूकुल में अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। हमारा यह सौभाग्य है कि मध्यप्रदेश भगवान कृष्ण की शिक्षा स्थली के रूप में भी जाना जाता है। योगगुरू स्वामी रामदेव ने हरिद्वार में पतंजलि गुरूकुलम् एवं आचार्यकुलम् की स्थापना से इस पुण्य धरा को शिक्षा से जोड़ने का पुनीत कार्य किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योगगुरु स्वामी रामदेव को इस प्रकल्प के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उज्जैन या प्रदेश के अन्य किसी उपयुक्त स्थल पर गुरूकुल व आश्रम स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया।
21वीं शताब्दी भारत के उत्कर्ष की शताब्दी है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का मानना था कि 21वीं शताब्दी भारत के उत्कर्ष की शताब्दी होगी और उत्कर्ष के यह लक्षण दिखाई देने लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का यश सम्पूर्ण विश्व में स्थापित हुआ है। योग गुरू स्वामी रामदेव जी महाराज ने भारतीय संस्कृति की महत्ता को विश्व में स्थापित करते हुए भारतीय दर्शन व चिंतन में विश्वास की पुनर्स्थापना की है। स्वामी दयानंद जी ने 200 साल पहले जो अलख जगाया और स्वामी दर्शनानंद जी महाराज ने गुरूकुलों के माध्यम से जिन मूल्यों और विचारों का प्रसार किया, उन सबको नई शिक्षा नीति में सम्मिलित किया गया है। भगवान राम व भगवान कृष्ण के अलग-अलग दृष्टांतों को जोड़कर नई पीढ़ी को उनसे परिचित कराने, देश की संस्कृति को जोड़ने तथा आने वाली पीढ़ियों को मानवता की स्थापना में हरसंभव योगदान देने के लिए प्रेरित करने का नई शिक्षा नीति के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है।
हरिद्वार में पतंजलि गुरूकुलम् एवं आचार्यकुलम् शिलान्यास समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल, राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी आदि उपस्थित थे।
क्राइम ब्रांच की शराब तस्करों पर कार्यवाही,आरोपी से जप्त की 53.10 लीटर अवैध देशी शराब कुल कीमत 21 हजार रु
6 Jan, 2024 09:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल के कई जगहो पर की जा रही थी शराब की तस्करी ।
❖ थाना क्राइम ब्रांच द्वारा अवैध शराब तस्कर को किया गिरफ्तार।
❖ आरोपी से जप्त की 53.10 लीटर देशी शराब ।
भोपाल । शहर में अपराध व अपराधियों पर नियंत्रण हेतु पुलिस आयुक्त भोपाल हरिनारायणाचारी मिश्र एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भोपाल श्री अनुराग शर्मा द्वारा आरोपियों की धरपकड़ पर कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया । उक्त निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं अतिपुलिस उपायुक्त अपराध श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान,सहायक पुलिस आयुक्त श्री मुख्तार कुरैशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी थाना क्राइम ब्रांच अशोक मरावी व उनकी टीम को शहर में अवैध शराब तस्करो की तलाश पतारसी में लगाया था ।
क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर द्वारा सूचना मिली की मजदूर नगर पुलिया के पास नाले के किनारे डेनी मकवाना नाम का एक व्यक्ति सफेद रंग की बोरी मे बडी मात्रा मे अवैध शराब रखा है जिसे पकडने पर बडी मात्रा मे शराब मिल सकती हैं सूचना से वरिष्ट अधिकारियो को अवगत कराकर हमराह स्टाफ के साथ मुखविर द्वारा बताये गये स्थान पर पहुंचे तो मुखविर द्वारा बताये गये हुलिया का एक व्यक्ति सफेद रंग की दो बोरी मे शराब रखे हुऐ बोरी पर बैठा दिखा जो शराब विक्रय कर रहा था । जिसे घेराबन्दी कर पकड़ा नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम डेनी कुमार मकवाना पिता स्व.डालचन्द्र मकवाना उम्र 44 सल नि.मं.नं.10 मजदूर नगर मिलेट्री गेट के पास शाहजहानाबाद भोपाल का बताया । जिसके पास से सफेद रंग की दो बोरियों में कुल 53.10 लीटर देशी शराब कीमत 21000 रू मिली । जिसके सम्बन्ध मे वैध कागजात मांगा तो नही होना बताया । आरोपी का कृत्य धारा 34 (2) आबकारी एक्ट का होने से मौके पर मिली उक्त शराब 53.10 लीटर को जप्त कर अपराध 05/24 धारा 34(2) आबकारी का पंचीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया ।
आरोपियों की जानकारी:-
क्र नाम पता आरोपी शैक्षणिक योग्यता आपराधिक रिकार्ड
01 डेनी कुमार मकवाना पिता स्व. डालचन्द्र मकवाना उम्र 44 सल नि. मं.नं. 10 मजदूर नगर मिलेट्री गेट के पास शाहजहानाबाद भोपाल 8 वी 1.अपराध क्र.445/2023 धारा 34 (2) आबकारी एक्ट थाना शहाँजानाबाद
सराहनीय भूमिका - थाना प्रभारी अशोक मरावी, सउनि जुबेर अहमद, प्र.आर सुमीत साह, प्र.आर योगेन्द्र पंथी ,प्र.आर सुनील सिंह चंदेल प्र.आर नितेश कुमार ,आर सतीश विश्वकर्मा, आर नीलू दांगी, आर मनोज बघेल ,आर रोहित यादव आर नीरज यादव ,महिला आर. 3394 मनीषा राठौर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शांतिकुंज पहुँचे
6 Jan, 2024 08:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुँचे। शांतिकुंज व्यवस्थापक श्री महेन्द्र शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का हार्दिक स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शांतिकुंज में अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं श्रद्धेया शैल दीदी से भेंट कर विभिन्न रचनात्मक और सृजनात्मक विषयों पर चर्चा कर आशीर्वाद लिया। डॉ. पण्ड्या एवं शैल दीदी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मंगल तिलक कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को उन्होंने युगसाहित्य एवं गायत्री महामंत्र लिखित उप-वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही आश्वस्त किया कि नारी सशक्तिकरण, युवा जागरण सहित समाज के नवसृजन में चलाये जाने वाले कार्यक्रमों में अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रदेश का सतत् सहयोगी रहेगा।
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार शांतिकुंज पहुँचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सन् 1926 से सतत् प्रज्ज्वलित सिद्ध अखण्ड दीपक का दर्शन कर समाज और प्रदेश की खुशहाली के लिये कामना की। साथ ही युगऋषिद्वय की पावन स्मारक सजल श्रद्धा प्रखर प्रज्ञा में अपनी भावांजलि भी अर्पित की। इस अवसर पर हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक भी उपस्थित थे।