मध्य प्रदेश
मंत्री विजयवर्गीय ने पूर्व CM कमलनाथ से की मुलाकात, दोनों के बीच जनकल्याण के मुद्दों पर भी हुआ मंथन
8 Jan, 2024 07:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार को राजधानी भोपाल में छिंदवाड़ा से विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से सौजन्य भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर दोनों के बीच जनकल्याण से जुड़े विषयों पर भी संवाद हुआ। विजयवर्गीय ने कहा कि हम सब प्रदेश की प्रगति के लिए पूरे सामर्थ्य के साथ कार्य करेंगे। मध्यप्रदेश देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बने, यही हम सबका अंतिम लक्ष्य है।
जनजातीय विशिष्ट आवासीय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा के आवेदन की तिथि 10 जनवरी तक बढ़ी
8 Jan, 2024 06:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
6वीं कक्षा की 8447 सीटों के लिए 11 फरवरी को होगी प्रवेश परीक्षा
भोपाल । जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित प्रदेश के विशिष्ट आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं की 8447 सीटों की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 8 जनवरी से बढ़ाकर 10 जनवरी की गई है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर और आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिये 11 फरवरी 2024 को सुबह 10 बजे परीक्षा आयोजित होगी। प्रवेश-पत्र 29 जनवरी से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन प्रदेश में संचालित 63 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में 6वीं कक्षा में 3615 सीटें हैं। प्रदेश के 81 कन्या शिक्षा परिसर में कुल 4552 बालिकाओं के लिये और 8 आदर्श आवासीय विद्यालयों में कुल 280 सीटें हैं। मेरिट सूची में चयनित एवं न्यूनतम योग्यता प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अपने विकल्प के अनुसार विद्यालयों में रिक्त सीट के विरुद्ध प्रवेश के लिये पात्र होंगे। विभागीय वेबसाइट https://www.tribal.mp.gov.in/MPTAAS के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने सारे अधिकारियों को सांसद और विधायकों के साथ शिष्टाचार का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी
8 Jan, 2024 05:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश में माननीयों के सम्मान में लापरवाही बरती जाती है। उनके साथ शिष्टाचार का पालन नहीं किए जाने की बार-बार राज्य सरकार को शिकायत मिलती है। इसको लेकर गंभीर हुए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने सारे अधिकारियों को सांसद और विधायकों के साथ शिष्टाचार का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है। उनके निर्देश पर शासन स्तर से प्रदेश के सारे अधिकारियों से कहा है कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभाग के प्रमुखों, संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टरों एवं जिला पंचायतों के सीईओ को पत्र जारी किया है। यह भी कहा है कि सांसदों एवं विधायकों के पत्रों का उत्तर अवश्य और समय पर दिया जाए और उनको शासकीय कार्यक्रमों में आमंत्रित भी किया जाए। पत्र में कहा गया है कि समय-समय पर सूचनाएं प्राप्त होती रहती हैं कि सांसदों एवं विधायकों के साथ शिष्टाचार का पालन नहीं किया जाता है, जिससे जनप्रतिनिधियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में असुविधाएं होती हैं तथा राज्य शासन की छवि पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है। वहीं विधानसभा की सदस्य सुविधा समिति की बैठकों के दौरान विधायकों की शिकायतों के निराकरण होने में विलंब होने और विभाग द्वारा जारी निर्देश के पालन का उल्लंघन होने का उल्लेख करते हुए समय-समय पर अप्रसन्नता व्यक्त की जाती है, इसलिए निर्देशित किया जाता है कि राज्य शासन द्वारा जारी शिष्टाचार के पालन के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
शिष्टाचार का पालन कराने को 19 बार जारी किए जा चुके हैं निर्देश
वैसे यह पहली बार नहीं है, जब अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ शिष्टाचार का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले भी कई बार शासन स्तर से ऐसे निर्देश जारी किए जाते रहे हैं, फिर भी जनप्रतिनिधियों के सम्मान में लापरवाही के मामले सामने आते रहे हैं। अब चूंकि प्रदेश में मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार बनी है इसलिए फिर से निर्देश जारी किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश संसदीय कार्य विभाग ने इस बारे में सबसे पहले 23 जनवरी 2002 को सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) को शिष्टाचार के पालन के संबंध में पत्र लिखा था और इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने 10 अगस्त 2004 से चार अप्रैल 2022 तक कुल 19 बार इस शिष्टाचार का पालन करने के निर्देश जारी किए थे और अब पुनः 20 वीं बार ये निर्देश जारी किए गए हैं।
कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में संभागीय समीक्षा के क्रम में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव भोपाल संभाग की समीक्षा बैठक ले रहे
8 Jan, 2024 04:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । बैठक कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में संभागीय समीक्षा के क्रम में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव भोपाल संभाग की समीक्षा बैठक ले रहे है। इसमें कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि बैठक में कमिश्नर, कलेक्टर, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भाग लें रहे है। इसमें भोपाल में चल रहे अधोसंरचना विकास के कार्यों को गति देने, यातायात व्यवस्था सहित अन्य विषयों के साथ कानून व्यवस्था की जानकारी ली जाएगी। इसके अतिरिक्त 26 जनवरी को आयोजित होने वाले समारोह की तैयारी को लेकर मंत्रालय में सामान्य प्रशासन, गृह सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
इन मुद्दों की चर्चा के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले मुख्यमंत्री मोहन यादव
8 Jan, 2024 02:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश से जुड़े अहम मुद्दो और सरकार की योजनाओं पर चर्चा हुई।
लोगों की सुनी समस्याएं
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विन्ध्य कोठी स्थित निवास पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की। जहां उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
दमोह की कसाई मंडी में पुलिस को मिली जानवरों की 4200 किलो हड्डियां, मिनी ट्रक में हो रही थीं लोड
8 Jan, 2024 02:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह । दमोह की कसाई मंडी में पुलिस ने दबिश देकर 4000 किलो से अधिक हड्डियां बरामद की हैं। यहां एक अवैध हड्डी गोदाम होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने यहां दबिश दी तो यहां रहने वाले चांद बाबु कुरैशी ने हड्ड़ी गोदाम में बड़े पैमाने पर हड्डियां जमा करके रखी थीं। पिछले कुछ दिनों से लगातार पुलिस के द्वारा इस क्षेत्र में कार्यवाई की जा रही है। इसके चलते ये अवैध कारोबारी इन हड्डियों को कहीं ले जाने की फिराक में था और एक लोडिंग वाहन में इन हड्डियों को लोड करवा रहा था उसी वक़्त पुलिस टीम वहां पहुंच गई। सीएसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि ये अवैध कारोबार है और जानवरों की 4200 किलोग्राम से ज्यादा हड्डियां यहां मिली हैं। वहीं इन हड्डियों को दूसरी जगह ले जाने के लिए जो गाड़ी लोड की जा रही थी उसे भी जब्त किया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इलाके में अवैध स्लाटर हाउस भी संचालित हो रहे हैं और इन हड्डियों की तादाद देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां कितने जानवरों का कत्लेआम किया गया है।
हिंदूवादी संगठन लगातार कर रहे प्रदर्शन
बता दें शहर के कसाई मंडी में बड़े पैमाने पर हो रही गोवंश हत्या रोकने के लिए हिंदू संगठनों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। इसी के चलते अब पुलिस कसाई मंडी क्षेत्र में पूरी सक्रियता के साथ पेट्रोलिंग कर रही है। रविवार सुबह 4 बजे जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे उस दौरान एएसपी संदीप मिश्रा ने पुलिस बल के साथ कसाई मंडी में दबिश दी थी। ताकि यहां इस तरह का कोई भी अवैध कारोबार होते मिले तो तत्काल ही आरोपी पकड़े जा सकें। वहीं एक दिन पहले ही आरोपियों द्वारा कसाई मंडी क्षेत्र में बनाए गए स्लॉटर हाउस खुद ही तोड़ दिए थे।
कमल नाथ ने सोमवार को विधायक पद की शपथ ली
8 Jan, 2024 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और छिंदवाड़ा से विधायक कमलनाथ ने सोमवार को विधायक पद की शपथ ली। उन्हें विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने शपथ दिलाई। वहीं शपथ ग्रहण के बाद कमल नाथ ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ‘मैंने आज शपथ ली है, मेरे लिए यह बहुत खुशी की बात है कि मुझे प्रदेश की सेवा करने का एक और मौका मिला है।’
विदेश प्रवास पर थे कमल नाथ
बता दे कि कमल नाथ विदेश प्रवास पर थे, जिसके चलते वे विधानसभा के तीन दिवसीय सत्र में उपस्थित नहीं हो पाए थे। इसकी सूचना उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को दी थी और सदन ने अनुज्ञा प्रदान की थी।
वहीं कमल नाथ के अतिरिक्त परासिया से कांग्रेस विधायक सोहन वाल्मीक और कसरावद से विधायक सचिन यादव भी व्यक्तिगत कारणों से शपथ के लिए आयोजित सत्र में भाग नहीं ले पाए थे। इन विधायकों को भी सोमवार को शपथ दिलाई गई।
22 जनवरी को डिलीवरी चाहती हैं गर्भवती महिलाएं
8 Jan, 2024 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। अयोध्या में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां चल रही हैं। देश 22 जनवरी को भगवान राम के आगमन का उत्सव मनाने के लिए बेकरार है। भगवान श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख का विशेष महत्व है। कानपुर में गर्भवती महिलाएं चाहती हैं कि उनकी डिलीवरी 22 जनवरी को हो, ताकि उनके घर के आंगन में भी राम आएं।
भगवान श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा के दिन महिलाएं गर्भवती महिलाएं बच्चों को जन्म देना चाहती हैं। दरअसल गर्भवती महिलाओं का कहना है कि अयोध्या में भगवान श्रीराम आ रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा के दिन ही हम बच्चे को हम जन्म देना चाहते हैं। ताकि हमारे घर में भी भगवान का आगमन हो। हम इस दिन को हमेशा के लिए यादगार बनाना चाहते हैं।
प्राण प्रतिष्ठा के दिन कुछ ऐसी है तैयारी
भगवान श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अयोध्या में ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में खास तैयारियां की जा रही हैं। प्राण प्रतिष्ठा के दिन भोपाल के 85 वार्डों में घरों को दीप से रोशन किया जाएगा। शहर के सभी मंदिरों, मस्जिदों, गुरूद्धारों और चर्चों को सजाया जाएगा। ऐतिहासिक और सरकारी इमारतों को रोशन किया जाएगा। इसके साथ ही चौराहों को रंगोली से सजाया जाएगा। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। हर घर भगवा और राम नाम के झंडे लगाए जाएंगे।
राम आएंगे... यादगार होगा दिन
भगवान श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर हर व्यक्ति अपना योगदान देना चाहता है। ऐसे में भोपाल की गर्भवती महिलाएं भी पीछे नहीं हैं। जिनकी डिलीवरी जनवरी महीने में होने वाली है। वो महिलाएं अपने डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए क्लीनिक पहुंच रही हैं। गर्भवती महिलाओं का कहना है कि उनकी डिलीवरी 22 जनवरी को कराई जाए। ताकि हमारे घर में भी रामजी का आगमन हो सके। यह लम्हा हमारी संतानों के लिए यादगार बन जाए।
गर्भवती महिलाएं पहुंच रहीं अस्पताल
शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं पहुंच रही हैं। चिकित्सकों का कहना है कि जिन महिलाओं की डिलीवरी जनवरी लास्ट या फिर जनवरी महीने के बीच में होनी हैं। उनका कहना है कि उनकी डिलीवरी 22 जनवरी को कराई जाए। इस तरह की 20 से 25 से गर्भवती आ चुकी हैं। इसी प्रकार शहर के प्राइवेट अस्पतालों और क्लीनिकों से भी बात सामने आ रही हैं।
प्रसूताओं को नहीं मिल रहा जननी सुरक्षा योजना का लाभ
8 Jan, 2024 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश में प्रसूताओं को पिछले 3 महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी जननी सुरक्षा योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालत यह है, कि अब तक राशि पाने के लिए अस्पतालों के चक्कर काट रही प्रसूताओं ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर रखी है। लेकिन बावजूद इसके अब तक उन्हें किसी भी तरह की राशि नहीं मिल पा रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी प्रसुताओं को राशि देने में हो रही देरी को सॉफ्टवेयर में आ रही तकनीकी दिक्कत बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं। जबकि हकीकत यह है कि जिले में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में अब तक हजारों महिलाओं को राशि नहीं मिली है।
मध्य प्रदेश में सरकार द्वारा-संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने वाली महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के तहत शहरी क्षेत्र की प्रसूता को एक हजार रुपए और ग्रामीण क्षेत्र की प्रसूता को 1400 रुपए देती है। तो वहीं मजदूरी कार्ड धारक प्रसूताओ को सहायता योजना के तहत 16 हजार रुपए दिए जाते हैं। लेकिन बीते लगभग 3 माह से ज्यादा समय से शासन ने इसका बजट नहीं भेजा है। इस कारण से प्रसूताओं को इस योजना की राशि नहीं मिल पा रही है और वह राशि के लिए अस्पतालों के चक्कर काट रही हैं। ऐसे में इन प्रसूताएं सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत कर चुकी है, लेकिन अभी तक उनका भी निराकरण नहीं हुआ है। कई प्रसूताएं तो अस्पताल में ऐसी मिली, जो बीते करीब एक साल से राशि पाने के लिए चक्कर लगा रही है लेकिन उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं दिया जा रहा है।
प्रसूताओं की ओर से लगातार सीएम हेल्पलाइन में शिकायत और लगातार अस्पतालों के चक्कर लगाए जाने की खबर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी है। लेकिन उनके पास भी जवाब देने के लिए कुछ भी नहीं है। जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ यही जानकारी दे रहे हैं कि पिछले दो ढाई महीने से जननी सुरक्षा योजना और प्रसूता सहायता योजना का पोर्टल काम नहीं कर रहा है। इस कारण यह सारी परेशानियां आ रही है। उधर, चिकित्सकों का कहना है कि कि वरिष्ठ अधिकारियों को भी इससे अवगत करा दिया गया है। साथ ही शासन स्तर पर पत्राचार भी किया गया है लेकिन अब तक फंड रिलीव नहीं हो सका है। इस मामले पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता राम पांडेय ने यह मांग की है कि प्रसूताओं को योजना के तहत राशि दी जानी चाहिए। ताकि जच्चा और बच्चा को जरूरी पोषण आहार और आर्थिक मदद मिल सके। कांग्रेस ने भाजपा पर तंज कसते हुए ये भी कहा है कि भाजपा लाडली बहनों को 3 हजार की राशि दे, साथ ही मोदी जी की गारंटियों को भी पूरा करे। विपक्ष लगातार आरोप लगाता रहा है कि सरकारी सिस्टम आर्थिक संकट से जूझ रहा है। सरकार कर्ज में डूब चुकी है, जिसके कारण प्रसूताओं को मिलने वाली सहायता राशि पर भी संकट आ खड़ा हुआ है। ऐसे में अब देखना होगा कि मप्र की नई सरकार में प्रसूताओं की सहायता के लिए जननी सुरक्षा योजना की रुकी हुई यह राशि कब तक बहाल करती है।
कांग्रेस ने सभी लोकसभा सीटों पर कॉर्डिनेटर किए नियुक्त
8 Jan, 2024 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने सभी लोकसभा सीटों के लिए कॉर्डिनेटर नियुक्त किए हैं। मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर भी कोऑर्डिनेटर तैनात किए गए हैं। इंदौर सीट पर बाला बच्चन और भोपाल सीट के लिए प्रियव्रत सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर जिन्हें कॉर्डिनेटर बनाया गया है उनमें मुरैना सीट पर जयवर्धन सिंह, भिंड सीट पर नितेंद्र सिंह राठौड़, ग्वालियर सीट पर विपिन वानखेड़े, गुना सीट पर लाखन सिंह, सागर सीट पर रामचंद्र दांगी, टीकमगढ़ सीट पर फूल सिंह बरैया, दमोह सीट पर लखन घनघोरिया, खजुराहो सीट पर संजय यादव, सतना सीट पर तरुण भनोट, रीवा सीट पर रजनीश सिंह, सीधी सीट पर विनय सक्सेना, शहडोल सीट पर अशोक मर्सकोले, जबलपुर सीट पर सुखदेव पांसे, मंडला सीट पर सुखेंद्र सिंह बना, बालाघाट सीट पर संजय शर्मा, छिंदवाड़ा सीट पर सुनील जायसवाल, होशंगाबाद सीट पर दीपक जोशी, विदिशा सीट पर हर्ष यादव, भोपाल सीट पर प्रियव्रत सिंह, राजगढ़ सीट पर सत्यनारायण पटेल, देवास सीट पर विशाल पटेल, उज्जैन सीट पर बाबूलाल यादव, मंदसौर सीट पर दिलीप सिंह गुर्जर, रतलाम सीट पर सचिन यादव, धार सीट पर रवि जोशी, इंदौर सीट पर बाला बच्चन, खरगोन सीट पर रामलाल मालवीय, खंडवा सीट पर आरके दोगने, बैतूल सीट पर आरिफ मसूद शामिल हैं।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों पर होगी आज चर्चा
8 Jan, 2024 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज राजनीतिक मामलों और चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई है। बैठक में लोक सभा चुनाव अभियान की रूपरेखा बनाने के साथ ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, दिग्विजय सिंह के अलावा सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया समेत सभी वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने सूत्रों का कहना है कि चुनाव में मिली करारी हार का बड़ा कारण उम्मीदवारों ने भितरघात और संगठन की कमजोरी को बताया है। निशंक जैन, यादवेंद्र सिंह यादव, सुरेंद्र सिंह शेरा से लेकर कई नेता हैं, जो प्रदेश अध्यक्ष से कह चुके हैं, जब तक भितरघातियों को बाहर का रास्ता नहीं दिखाया जाएगा, कुछ भी नहीं सुधारेगा। कुछ उम्मीदवारों ने भितरघात करने वालों के नाम दिए हैं, अनुशासन समिति इस पर कार्रवाई कर रही है। प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को शामिल करते हुए लोकसभा चुनाव के लिए राजनीतिक मामलों और चुनाव समिति बनाई है। सोमवार को दोनों समितियों की संयुक्त बैठक होगी। इसके बाद लोकसभा प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चा संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक होगी। सभी बैठकों में प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के बाद उज्जैन में भी ठंड में ठिठुरते लोगों को दिया सहारा
7 Jan, 2024 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज रविवार को प्रात: उज्जैन नगर के विभिन्न आश्रमों का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौमाता को चारा भी खिलाया। इसके पूर्व शनिवार की देर रात्रि उज्जैन पहुंचने पर फुटपाथ पर विश्राम कर रहे नागरिकों को कंबल वितरित किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज प्रात: संत बाल योगी उमेश नाथ जी महाराज के आश्रम पहुंचकर उनसे सौजन्य भेंट की। बाल्मिकी धाम में समाधि के दर्शन भी किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसके पश्चात भृर्तहरि गुफा पहुंचकर महंत रामनाथ जी से भेंट की। उन्होंने पूजा अर्चना के पश्चात गौशाला में गायों को चारा खिलाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भैरवगढ़ केन्द्रीय जेल परिसर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ठंड में ठिठुरते लोगों को कंबल वितरित किए
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शनिवार देर रात उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने चामुंडा चौराहा पर ठंड में ठिठुरते हुए बुजुर्गों को कंबल बांटे। इसके बाद देवास गेट बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर वहां मौजूद यात्रियों को उन्होंने जब ठंड में ठिठुरते देखा तो उनसे बातचीत की और उन्हें कंबल वितरित किए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजधानी भोपाल में भी कुछ दिन पूर्व रैन बसेरों और शहर के विभिन्न हिस्सों में शीतकाल में फुटपाथ पर रात बिता रहे निर्धन लोगों से मुलाकात की थी और उन्हें कंबल वितरित किए थे। ऐसे नागरिकों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सहयोग के लिए प्रशासन को निर्देश भी दिए।
हर युवा के हाथों में हुनर के लक्ष्य को लेकर प्रशिक्षण दें – टेटवाल
7 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : हर युवा के हाथों में हुनर हो और वे स्वयं के साथ-साथ प्रदेश व देश की प्रगति में योगदान दे सकें। इस लक्ष्य के साथ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं के माध्यम से युवाओं का कौशल उन्नयन करें। कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने कही। टेटवाल ने संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण शाला ग्वालियर में कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
टेटवाल ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में कौशल उन्नयन के लिये नवाचार करने पर बल दिया। साथ ही कहा कि प्रदेश में तहसील स्तर पर आईटीआई खोलने का निर्णय सरकार ने लिया है।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार टेटवाल ने रविवार को संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण शाला ग्वालियर का निरीक्षण किया। साथ ही विद्यार्थियों से चर्चा की और संभागीय व जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान उन्होंने आह्वान किया कि आप सब पूरी मेहनत और लगन के साथ आईटीआई का कोर्स पूरा करें ओर रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें। सरकार आप सबको उद्यमी बनाने में पूर्ण सहयोग करेगी।
संभागीय संयुक्त संचालक कौशल विकास दीपक गंगाजलीवाले ने संभाग में चल रहीं विभागीय गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
स्वास्थ्य क्षेत्र सर्वोपरि, इसलिए खुले में खाद्य सामग्री के विक्रय पर की गई कार्रवाई - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
7 Jan, 2024 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को इस परिसर में प्रसादम के माध्यम से हेल्दी फूड मिलेगा। अच्छे स्वास्थ्य के लिए अच्छे आहार के विचार को क्रियान्वित किया जा रहा है। जन-स्वास्थ्य रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इस नाते गत कुछ सप्ताह में खुले में खाद्यान्न सामग्री बेचने और अस्वच्छ तरीके से माँसाहार के विक्रय पर अंकुश के लिए 25 हजार से अधिक दोषी लोगों को दंडित किया गया है। नागरिकों को अच्छा स्वास्थ्य देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत सरकार प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज के लिए संकल्पबद्ध है। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज हो, इस दिशा में राज्य सरकार भरपूर प्रयास करेगी। समाज के गरीब वर्ग के साथ महिलाओं, किसानों और युवाओं के कल्याण को समान महत्व देते हुए योजनाएं क्रियान्वित होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में फूड स्ट्रीट प्रसादम एवं स्वास्थ्य संस्थाओं के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं केंद्रीय मंत्री मांडविया ने संयुक्त रूप से उज्जैन फूड स्ट्रीट (प्रसादम) का उद्घाटन किया। यह देश की पहली हेल्दी एंड हाइजैनिक फूड स्ट्रीट है।
पौराणिक महत्व है उज्जैन का
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन की रचना को देखें तो यह पृथ्वी का लघु रूप भी है। दुनिया के इस छोटे से स्वरूप में 84 महादेव हैं, सप्त सागर हैं। काल का केन्द्र महाकाल है। उज्जैन भविष्य का ग्रीनविच है। जब 21 जून और 22 दिसम्बर को सूर्य देव कक्षा बदलते हैं तो अपनी परछाई भी नहीं दिखाई देती। उज्जैन में काल गणना पौराणिक काल से हो रही है। करीब 300 वर्ष पहले तक समय की गणना दुनिया में कहीं से होती थी तो वह शहर मध्य बिंदु उज्जैन था। इसलिए विज्ञान और प्राद्योगिकी विभाग के साथ ही अन्य संबंधित संस्थाओं के सहयोग से उज्जैन में ऑब्जर्वेटरी की स्थापना की पहल की गई। उज्जैन से अनेक विभूतियों का उदय हुआ है। हजारों वर्ष से विभूतियों का संबंध उज्जैन से रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि प्रभु राम पिता के श्राद्ध के लिए उज्जैन आए थे। इसी तरह भगवान कृष्ण की शिक्षा-दीक्षा यहीं हुई। महात्मा बुद्ध के काल में सम्राट अशोक ने अपने बेटे और बेटी को यहीं से बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए अन्य देशों के लिए रवाना किया। सम्राट विक्रमादित्य, भर्तृहरि सभी का संबंध उज्जैन से रहा है। राजा भोज के विषद ज्ञान को भोज पत्रों से जाना जा सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मांडविया का केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से प्राप्त सहयोग के लिए आभार माना।
देश के अन्य नगरों में भी प्रारंभ होंगी फूड स्ट्रीट - केन्द्रीय मंत्री डॉ. मांडविया
केन्द्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि महाकाल के पवित्र स्थान पर फूड स्ट्रीट का शुभारंभ हो रहा है। यह फूड स्ट्रीट यात्रियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने आयुष्मान भारत, हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के माध्यम से स्वास्थ्य संरचना को मजबूत बनाने की ठोस पहल की है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य क्षेत्र में आवश्यक आर्थिक संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी जी ने विकसित भारत के लिए नागरिकों का स्वस्थ होना आवश्यक माना है। पहली बार देश में यह हुआ है कि विकास को मनुष्य के स्वास्थ्य से जोड़ा गया है। सिर्फ अस्पतालों के निर्माण से स्वास्थ्य क्षेत्र में लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। नागरिक स्वस्थ रहें, इसके लिए उन्हें हाइजैनिक फूड मिलना जरूरी है। आने वाले समय में उज्जैन के बाद अन्य नगरों में इस तरह के फूड स्ट्रीट प्रारंभ किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी समग्र दृष्टिकोण से नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे हैं। कोविड के दौर में उनके नेतृत्व में जो लड़ाई लड़ी गई, दुनिया उसकी गवाह है। भारत में कोविड के प्रबंधन से विश्व के बड़े देशों को भी मोदी जी की क्षमताओं का ज्ञान हुआ। आज भारत सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रत्येक जिले को 100 करोड़ रूपए की राशि प्रदान कर रही है। नए भारत का निर्माण हो रहा है।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि महाकाल लोक परिसर के विकास के बाद यहाँ प्रतिदिन एक से डेढ़ लाख लोग आ रहे हैं। शनिवार और रविवार में इनकी संख्या 3 और 4 लाख तक पहुंच जाती है। मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए भारत सरकार से वित्तीय सहायता मिल रही है। जिला अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए भी धन की कोई कमी नहीं है। प्रधानमंत्री जी ने सड़क और आवास योजनाओं की भांति नेशनल हेल्थ मिशन के माध्यम से अनेक सुविधाएं प्रदान की है। उज्जैन फूड स्ट्रीट एक मॉडल है, जिसमें 17 संस्थान विभिन्न तरह का खान-पान उपलब्ध करवा रहे हैं। इसके लिए भारत सरकार द्वारा राशि प्राप्त हुई है। स्मार्ट सिटी के सहयोग से यह प्रकल्प क्रियान्वित हो रहा है।
आज प्रारंभ हुई स्वास्थ्य सेवाएं और उज्जैन फूड स्ट्रीट - एक नजर में
आज उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 218 करोड़ रुपये की लागत की 187 स्वास्थ्य संस्थाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसके साथ ही महाकाल मंदिर और उज्जैन के अन्य मंदिरों में विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। उज्जैन फूड स्ट्रीट के लोकार्पण से महाकाल लोक के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और पोषण से भरपूर आहार प्राप्त होगा। महाकाल परिसर में स्मार्ट पार्किंग के निकट अवंतिका हाट का विकास हुआ है। प्रसादम के अंतर्गत श्रद्धालुओं और पर्यटकों को 900 वर्ग फीट क्षेत्र में ईट राइट इंडिया के तहत स्ट्रीट फूड उपलब्ध करवाया गया है। यहाँ काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा एप्रिन और ग्लब्स का उपयोग किया जा रहा है। हाइजिन का विशेष ध्यान रखा गया है। विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन भी रखी गई है। मोबाइल फूड टेस्टिंग इकाई, डिजिटल मेनू बोर्ड की सुविधा के साथ ही प्रसादम में विभिन्न सांस्कृतिक उत्सवों का आयोजन भी होगा। केन्द्रीय मंत्री डॉ. मांडविया और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन फूड स्ट्रीट से जुड़ी वेबसाइट और ब्रोशर का लोकार्पण भी किया। फूड स्ट्रीट के लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न सेवा प्रदाताओं से संवाद भी किया।
कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक सतीश मालवीय, अनिल जैन, जितेन्द्र पंड्या, डॉ. तेज बहादुर के साथ ही उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम की सभापति श्रीमती कलावती यादव, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्याम बंसल, भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव, मध्यप्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान सहित अनेक अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.मांडविया एवं उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की
7 Jan, 2024 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं रसायन व उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने महाकालेश्वर मन्दिर में पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। गर्भगृह के बाहर द्वार से दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूजन-अर्चन पं. राजेश गुरू आदि ने सम्पन्न करवाई। पूजन-अर्चन के बाद मुख्यमंत्री, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री, उप मुख्यमंत्री को कलेक्टर एवं महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने भगवान महाकाल की तस्वीर, प्रसाद, दुशाला भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक सतीश मालवीय, यूडीए अध्यक्ष श्याम बंसल, संभागायुक्त डॉ.संजय गोयल, आईजी संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी सचिन शर्मा, विवेक जोशी, विशाल राजौरिया, जगदीश अग्रवाल, इकबाल सिंह गांधी, राजपाल सिंह सिसौदिया, संजय अग्रवाल, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, सत्यनारायण खोईवाल, मुकेश यादव, सचिन सक्सेना, मुकेश जैन, धनंजय शर्मा, जगदीश पांचाल, दिनेश जाटवा, ऋषि वर्मा आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मन्दिर देवदर्शन के पहले वाल्मिकीधाम स्थित राष्ट्रीय सन्त बालयोगी उमेशनाथ महाराज के आश्रम पहुंचकर समाधि के दर्शन कर बालयोगी उमेशनाथ महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उमेशनाथ महाराज ने मुख्यमंत्री का सम्मान कर आशीर्वाद प्रदान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भर्तृहरि गुफा पहुंचकर शिव गोरखनाथाय का पूजन-अर्चन किया। भर्तृहरि गुफा के गादीपति महन्त रामनाथ महाराज ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने महन्त रामनाथ महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। भर्तृहरि गुफा में स्थित गौशाला में गौमाता को भूसा खिलाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल गऊघाट स्थित महन्त रामेश्वरदास के आश्रम पहुंचकर महन्त से आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम के महन्तों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। इस अवसर पर रामेश्वरदास महाराज, महाकालेश्वर मन्दिर के महन्त विनीत गिरि महाराज, महामण्डलेश्वर मंदाकिनी दीदी, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन्दौर रोड स्थित तपोभूमि पहुंचकर तपोभूमि प्रणेता आचार्य प्रज्ञासागर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का जैन समाज के नागरिकों ने अभिनन्दन किया। इस अवसर पर उन्हें मालवा गौरव से सम्मानित कर जैन समाज के पदाधिकारियों ने 58 प्रकार के विविध फलों से एवं मालाओं से मुख्यमंत्री का सम्मान किया। मुख्यमंत्री को आचार्य प्रज्ञासागर महाराज ने दण्ड भेंट किया। धर्मदण्ड प्रदान कर आचार्य प्रज्ञासागर महाराज ने कहा कि यह धर्मदण्ड रक्षा करेगा और धर्मदण्ड न्याय का प्रतीक है और मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता में न्याय प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने आचार्य प्रज्ञासागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आचार्य प्रज्ञासागर महाराज ने कहा कि मेरी ओर से और जैन समाज की ओर से उन्हें चौबीसों घंटे आशीर्वाद मिलता रहेगा। सकल जैन समाज की ओर से मुख्यमंत्री का समाजसेवी अशोक जैन ने तिलक लगाकर, पगड़ी पहनाकर उनका अभिनन्दन किया। इसी तरह सांसद अनिल फिरोजिया, विधायकद्वय अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, ओम जैन, राकेश अग्रवाल, कपिल यार्दे आदि ने मुख्यमंत्री को माला पहनाकर उनका अभिनन्दन किया।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि हमें कई पुण्यों के बाद मानव योनी प्राप्त होती है। मानव योनी प्राप्त होने पर व्यक्ति देवमार्ग पर चलता है या लोभ-लालच की राह पर चलता है। यह हमें तय करना है। मनुष्य के जन्म के बाद परमात्मा सन्तों के सान्निध्य से आशीर्वाद मिलते हैं और उनके बताये गये सही रास्ते पर चलकर मानव कल्याण के लिये काम करें। मुख्यमंत्री होने के नाते प्रदेश में सुख-समृद्धि आये, विकास के पथ पर प्रदेश आगे बढ़े और सबके कल्याण के लिये अच्छा काम करूं, यही ईश्वर से प्रार्थना करूंगा और जनता की भलाई करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि जियो और और जीने दो का नारा चरितार्थ करते हुए हम सबको मानव कल्याण की दिशा में कार्य करना चाहिये।
इस अवसर पर संभागायुक्त डॉ.संजय गोयल, आईजी संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी सचिन शर्मा आदि समाजसेवी, बड़ी संख्या में जैन समाज के प्रबुद्धजन आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ का आकस्मिक भ्रमण किया
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ का आकस्मिक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने जेल अस्पताल, पाकशाला, बन्दी आवास, सभा भवन आदि का भ्रमण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बन्दियों से शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के सम्बन्ध में चर्चा की और केन्द्रीय जेल अधीक्षक से जेल की सुरक्षा व्यवस्था आदि के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिये कि जेल में विधिक सहायता के सम्बन्ध में आर्थिक रूप से कमजोर बन्दियों के लिये समय पर विधिक सहायता व शासन स्तर पर मदद सुनिश्चित करें। पाकशाला में भ्रमण के दौरान बन्दियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया। बन्दियों के लिये पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था तथा शुद्ध पेयजल को दृष्टिगत रखते हुए एक अतिरिक्त वाटर प्यूरीफायर प्रदाय करने के लिये कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिये। गंभीर अपराध से भिन्न बन्दियों की उचित व्यवस्थाओं में रखे जाने व बन्दियों को स्वास्थ्य सम्बन्धी पर्याप्त सुविधाओं की आपूर्ति करने के भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये। बन्दियों के सामाजिक पुनर्वास के लिये प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्थाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जाये और बन्दियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन तथा बाहर कमान पास बन्दियों को जेल से बाहर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी करवाये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के भ्रमण के दौरान जनसम्पर्क आयुक्त संदीप यादव, संभागायुक्त डॉ. संजय गोयल, आईजी संतोष कुमार सिंह, डीआईजी, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी सचिन शर्मा, जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू आदि उपस्थित थे।