मध्य प्रदेश
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने शनिवार को प्रदेश के तीन नए जिले मऊगंज, पांढुर्ना, मैहर के साथ बड़वानी में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की
13 Jan, 2024 11:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने शनिवार को प्रदेश के तीन नए जिले मऊगंज, पांढुर्ना, मैहर के साथ बड़वानी में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की है। मऊंगज में राजेंद्र मिश्रा, पांढुर्णा में वैशाली महाले, मैहर में कमलेश सुहाने और बड़वानी में कमल नयन इंगले को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। अब जिलाध्यक्ष अपनी टीम बनाएंगे। भाजपा संगठन का मानना है कि इससे पार्टी को लोकसभा चुनाव में भी लाभ मिलेगा।
बता दें कि तीनों नए जिले पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले बनाए गए थे, पर अभी तक यहां जिलाध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हुई थी। इनमें सबसे पहले मऊगंज जिला बना था। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में जातिगत व क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान रखा गया है। उदाहरण के तौर पर मऊगंज ब्राह्मण बहुल जिला है, इसलिए वहां राजेंद्र मिश्रा को अध्यक्ष बनाया गया है। दूसरी बात यह कि रीवा में क्षत्रिय समाज के अजय सिंह अध्यक्ष हैं, इसलिए मऊगंज में ब्राह्मण नेता को दायित्व दिया गया है।
श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन हो सकती है छुट्टी
13 Jan, 2024 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । उत्तरप्रदेश के अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा नवनिर्मित श्री राम मंदिर में 22 जनवरी को हो रही है। इसी दिन मध्य प्रदेश भी राममय होगा। अयोध्या के राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सरकारी छुट्टी घोषित की जा चुकी है। उम्मीद है कि अगले एक-दो दिन में मध्य प्रदेश में भी इस दिन सरकारी छुट्टी की घोषणा की जा सकती है। इसी दिन प्रदेश भर के सभी मंदिरों में रामधुन, भजन-कीर्तन होंगे। जगह-जगह प्रभात फेरी निकाली जाएंगी। मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था होगी। सभी जन इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन सकें, इसके लिए सरकारी छुट्टी देने की भी तैयारी है। इसको लेकर कर्मचारी संगठन मांग भी कर चुके हैं। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं कि 22 जनवरी को बिजली आपूर्ति किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रत्येक सुझाव और प्रस्ताव मान्य होगा - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
12 Jan, 2024 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों की एशियाड और ओलम्पिक खेलों में अर्जित उपलब्धियां सराहनीय हैं। खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रबंधन को बेहतर बनाते हुए राज्य सरकार प्राप्त सुझावों एवं प्रस्तावों को मान्य करते हुए उन पर अक्षरश: अमल करेगी। खिलाड़ियों के कोच अर्थात खेल प्रशिक्षक भी सामान्य शिक्षकों की तरह पदोन्नति के पात्र होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई शिक्षा नीति में खेल भी पाठ्यक्रम का हिस्सा है। उदीयमान खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुरस्कार प्राप्त समस्त खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में खेलों का विशेष स्थान है। प्राचीन काल में होने वाले स्वयंवर में तींरदाजी जैसी गतिविधि को स्थान प्राप्त था। स्वामी विवेकानंद जी युवाओं के लिए खेल आवश्यक मानते थे। उन्होंने उस कठिन समय में शिकागो में विश्व धर्म सम्मेलन में अपनी बात रखी, जब भारत को दकियानूसी लोगों और सपेरों का देश कहा जाता था। वास्तविकता यह है कि भारत की संस्कृति की ऊंचाइयां हिमालय की ऊंचाइयों से भी बढ़कर हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम चंद्रयान से गगनयान तक पहुंच रहे हैं। हमारे यान सूर्य देव (आदित्य) तक भी पहुंच सकते हैं। इक्कीसवीं सदी भारत की होगी, यह कोई कल्पना नहीं है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के कार्य को गौरवशाली बताते हुए कहा कि भगवान राम आदर्श पुत्र, आदर्श पिता और आदर्श शासक थे। उनका प्रकृति के प्रति सम्मान था। वनवासियों और मनुष्यों के साथ वन्य प्राणियों के प्रति भी प्रेम था। भारतीय संस्कृति की विशेषताओं को जहाँ स्वामी विवेकानंद ने विश्व तक पहुंचाया, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी प्रत्येक कार्य से अमिट छाप छोड़ रहे हैं। उन्होंने कोविड वैक्सीन, देशवासियों के साथ ही अन्य देशों तक भी नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए पहुंचाने का कार्य किया। हाल ही में उन्होंने लक्षद्वीप जाकर यात्रा को ऐतिहासिक बनाया। यहाँ पर पर्यटन की असीम संभावनाओं को साकार किया जा सकेगा। इसी माह विश्व के अन्य स्थानों पर पर्यटन के लिए जाने वाले लोग अपनी यात्रा निरस्त कर लक्षद्वीप जाने लगे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा उद्यमियों का सम्मान किया। इन प्रतिभाशाली युवाओं में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित साक्षी भारद्वाज, संतूर वादन में आकाशवाणी से सम्मानित निनाद अधिकारी, लेखन के क्षेत्र में ईशान शुक्ला और शिल्पकला के क्षेत्र में दीपांशी वाजपेयी शामिल हैं। कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हुई स्पर्धाओं के पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान भी किया गया। इन खिलाड़ियों में पैरा-केनो खेल में अजुर्न अवार्डी कु. प्राची यादव को एक करोड़ 50 लाख रूपए और एशियन गेम्स 2023 में घुड़सवारी में स्वर्ण पदक विजेता कु. सुदीप्ति हजेला को एक करोड़ रूपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स 2023 के तीन रजत पदक विजेता खिलाड़ियों कु. नेहा ठाकुर (सेलिंग), कु. प्रीति रजक (शूटिंग) और कपिल परमार (जूडो) को 50-50 लाख रूपए की पुरस्कार राशि प्रदान की। पाँच अन्य खिलाड़ियों को 25-25 लाख रूपए की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। इनमें द्रोणाचार्य अवार्डी शिवेन्द्र सिंह (हॉकी) और एशियन गेम्स 2023 के चार कांस्य पदक विजेता शामिल हैं। कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों में अर्जुन सिंह (क्याकिंग-केनोइंग), मनीष कौरव (पैरा केना), सुरूबीना फ्रांसिस (पैरा शूटिंग) और गजेन्द्र सिंह (पैरा केनो) शामिल हैं। इसके अलावा हॉकी में अजुर्न अवार्डी कु. सुशीला चानू को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अनेक पूर्व खिलाड़ी और कोच उपस्थित थे। इनमें सर्वदलवीर सिंह, समीर दाद, शिवेंद्र सिंह, मनोज झा, पी.एन. प्रकाश, भगवान सिंह आदि शामिल हैं।
प्रधानमंत्री जी का संबोधन
युवा दिवस के उपलक्ष्य में नासिक में राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा दिए गए संबोधन का मुख्यमंत्री डॉ. यादव और अन्य अतिथियों ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में श्रवण किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज युवा नेतृत्वकारी भूमिका में है। भारत देश युवाओं का देश है। भारत का मिजाज और अंदाज युवा है। भारत में मोबाइल डेटा के उपयोग का कार्य क्रांति की तरह हुआ है। आजादी के अमृत काल में अनेक क्षेत्रों में कार्य करते हुए आगे बढ़ाना है। इस दौर में यह भी आवश्यक है कि युवा अपने सामने नई चुनौतियाँ लाकर कार्य करें। भारत शीघ्र ही विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्थ होगी। आज जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में लक्ष्य प्राप्त करना है। आयुर्वेद और योग का महत्व बढ़ रहा है। मोटे अनाज अर्थात् अन्न को सुपर फूड के रूप में भारत के रसोई घरों में पहुंचाने में सफलता मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर युवाओं से आव्हान किया कि वे नशे की प्रवृत्ति त्याग दें। अपने सामर्थ्य से संकल्पों को पूर्ण करें।
कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर के सभाकक्ष में युवा दिवस पर निमाड़ी लोक कलाकारों का गायन भी हुआ। निमाड़ अंचल के बड़वानी जिले के बालकृष्ण लोकगायकों ने लोकगीतों की प्रस्तुति दी।
माँ तुझे प्रणाम योजना में युवाओं के दल रवाना
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मां तुझे प्रणाम योजना में युवाओं के दल जो गुजरात के केवड़िया तक भ्रमण के लिए जा रहे हैं, उनके वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। योजना में 125 बालिकाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वास्थ्य सौन्दर्य के क्षेत्र में कार्य करने वाली अंतर्राष्ट्रीय संस्था वीएलसीसी के युवाओं के साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाया। कार्यक्रम में बताया गया कि खेल और युवा कल्याण संचालनालय ने युवाओं को रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जन्मदिवस युवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। भारतीय दर्शन, संस्कृति और विचार दुनिया को दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। स्वामी विवेकानंद जी ने शिकागो की धर्म सभा में अपने संबोधन में भारत के प्रति अन्य देशों के लोगों के मन में व्याप्त गलतफहमियों को दूर किया। स्वामी विवेकानंद जी मात्र 39 वर्ष जिए, लेकिन उन्होंने दुनिया में भारत का परचम फहराया। उन्होंने संपूर्ण भारतीय समाज को जो दिशा दी, वो उत्प्रेरक का कार्य करती है। स्वामी जी का मानना था कि युवाओं का तन-मन और मस्तिष्क से सुदृढ़ होना आवश्यक है। मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व में सिरमौर बन रहा है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं अन्य अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और दीप प्रज्जवलित किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, सचिव ओलंपिक संघ दिग्विजय जी उपस्थित थे। अपर मुख्य सचिव स्मिता भारद्वाज ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। संचालक खेल रवि गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन पदम भंडारी ने किया।
स्वामी विवेकानंद जी की जयंती युवा दिवस पर इंदौर में योगाभ्यास और सूर्य नमस्कार का आयोजन हुआ
12 Jan, 2024 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इंदौर जिले की सांवेर तहसील में स्कूल के बच्चों के साथ योगाभ्यास किया और लोगों को स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया।
सिलावट ने सांवेर तहसील की कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं के साथ सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया। सुबह 7 बजे से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर लोगों से चर्चा भी की। इस अवसर पर स्थानीय जन प्रतिनिधि और समाज सेवी भी सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लाइव उदबोधन सुना गया और उपस्थित सभी लोगों को नियमित प्राणायाम और योग करने की शपथ भी दिलाई।
स्वस्थ समाज आर्थिक संपन्न भारत के निर्माण में सहायक - उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल
12 Jan, 2024 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वस्थ समाज, आर्थिक संपन्न भारत के निर्माण में सहायक है। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। अच्छा स्वास्थ्य कार्यक्षमता में वृद्धि करता है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल स्वामी विवेकानंद जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस में रीवा के मार्तण्ड स्कूल क्रमांक-1 में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री ने सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं के साथ प्राणायाम किया।
स्वामी विवेकानंद के चरित्र को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करें
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वामी विवेकानंद जयंती, राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं से आह्वान किया है कि स्वामी विवेकानंद जी के जीवन का अध्ययन करें उनके चरित्र को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के अंदर जो ऊर्जा है उसका सदुपयोग समाज और देश के हित में करें। भारत को विश्व गुरु के स्थान पर पहुंचाने में अपना योगदान दें।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि महापुरूषों के आदर्श हमें प्रेरणा देते हैं और मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। इसी उद्देश्य से रतहरा में शिवाजी पार्क का निर्माण कर शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित की जायेगी जो धर्म और संस्कृति के वाहक रहेंगे। उनकी प्रतिमा के लोकार्पण अवसर पर निबंध एवं लेख प्रतियोगिताएं होंगी।
भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है
उप मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि 19वीं सदी में स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि भारत विश्व गुरु बनेगा, 21वीं सदी भारत की होगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम लोग देख रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी के साथ विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सभी को युवा दिवस की बधाई दी। विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जिला पंचायत सदस्य गुलवसिया देवी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों ने सहभागिता दी।
सड़कें प्रदेश के विकास का द्वार- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
12 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : सड़कें प्रदेश के विकास का द्वार है। जिन क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण होता है, वहाँ आवासीय और औद्योगिक विकास होता है। अगले 10 वर्ष में विकास की गति को देखते हुए शहरों का चयन करें और भविष्य में विकास की संभावनाओं वाले क्षेत्रों की पहचान कर सड़क निर्माण की योजना बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्रालय में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य उच्चतम गुणवत्ता का करें। समय पर कार्य पूरा हो इसका विशेष ध्यान रखें। निर्माण करने के लिए सड़कों और भवनों के मेंटेनेंस का भी ध्यान रखें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि क्वालिटी कार्य करने वाली अच्छी एजेंसियों को कार्य दें। क्वालिटी कंट्रोल और मॉनिटरिंग के लिए राज्यस्तरीय ऑनलाइन क्वालिटी स्टेटस डैशबोर्ड बनाए। क्वालिटी लैब विकसित करने के साथ ही थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट कराएं। 50 लाख रुपए से अधिक की लागत वाले निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए मॉनिटरिंग सेल बनाए। इसके साथ ही दूसरे देश और राज्यों की सड़क निर्माण की बेस्ट प्रैक्टिसेज का अध्ययन करे और प्रेरणा ले। अधोसंरचना के क्षेत्र में कार्य करने वाली बड़ी संस्थाओं से भी चर्चा करें। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि एनएचआई जैसे निर्माण संस्थाओं से प्रेरणा लेकर रेवेन्यू जेनरेशन मॉडल पर कार्य करने की योजना बनाएं, जिससे निर्माण कार्य की लागत निकलने के साथ ही शासन को अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति होगी। इसी तरह समग्र विकास की परिकल्पना पर कार्य करते हुए सड़क निर्माण, भवन निर्माण और पुल निर्माण आदि गतिविधियों में प्राधिकरण, नगरीय निकाय, पर्यटन विभाग, संस्कृति विभाग आदि को योजना में शामिल करें। उनसे आवश्यक सुझाव ले और योजना बनाएं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि सड़क और भवन निर्माण की योजना बनाते हुए स्थानीय जन-प्रतिनिधि और जनता से चर्चा करें। साथ ही भौगोलिक जानकारी रखने वाले स्थानीय कंसल्टेंट की सेवाएं ले। ऐसे प्राप्त सुझाओं पर बने निर्माण से अधिक जन-सुविधा होगी और स्थानीय संतोष बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लोक निर्माण विभाग की बुकलेट क्वालिटी कंट्रोल मैन्युअल फॉर रोड एंड ब्रिजेस का लोकार्पण किया। केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली के सहयोग से प्रदेश की भौगोलिक स्थिति तथा जलवायु के अनुकूल सड़कों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए यह मैन्युअल तैयार किया गया है। सड़क और पुल के निर्माण के दौरान डिजाइन, निर्माण की कार्य विधि, निरीक्षण की प्रतिबद्धता और संधारण के विषय में विस्तृत रूप से दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को विभागीय संरचना, प्रदेश में सड़कों की संख्या और स्थिति, मुख्य परियोजनाएं एवं कार्य, आगामी वर्ष में आने वाली परियोजनाएं, केंद्रीय सड़क एवं अधोसंरचना निधि, वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिये लक्ष्य एवं उपलब्धियां, रेलवे ओवरब्रिज, भवन विकास निगम और सड़क विकास निगम की परियोजनाओं और एक्सप्रेस वे नेटवर्क के निर्माण सहित विभागीय योजनाओं संबंधी प्रेजेंटेशन दिया गया।
बैठक में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, प्रमुख सचिव लोक निर्माण सुखवीर सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
वर्ड पॉवर चैम्पियनशिप के राज्य प्रतियोगी विजेता मुम्बई जायेंगे
12 Jan, 2024 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : सीहोर में दो दिवसीय राज्य-स्तरीय वर्ड पॉवर चैम्पियनशिप ओलंपियाड का आज सीहोर में समापन हो गया। चैम्पियनशिप ओलंपियाड में प्रदेशभर के बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विजेता बच्चे अब मुम्बई में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राज्य शिक्षा केन्द्र की अपर मिशन संचालक श्रीमती आर. उमा माहेश्वरी ने कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चे अब अपनी श्रेष्ठता के कारण किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा में रटने की प्रवृत्ति से हटकर सीखने की क्षमता की गति को और बेहतर बनाने के प्रयास होना चाहिये। प्रभारी कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता बच्चों में उत्साह पैदा करती है। वर्ड पॉवर चैम्पियनशिप की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन राज्य शिक्षा केन्द्र मध्यप्रदेश और सहयोगी संस्था लीप फॉर वर्ड द्वारा किया गया। इसमें प्रदेश के शासकीय विद्यालयों के कक्षा दूसरी से कक्षा पाँचवीं तक के बच्चों ने प्रतिभागिता की।
वर्ड पॉवर चैम्पियनशिप की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कक्षा दूसरी के प्रणीत सुलेखिया भोपाल, कक्षा तीसरी से गुना के नमन लोधी, कक्षा चौथी के चैतन्य कुम्भलवार बालाघाट और कक्षा पाँचवीं के विराट पाण्डे भिण्ड ने प्रथम स्थान हासिल किया। पुरस्कार स्वरूप विजेता को चैम्पियन ट्रॉफी, सर्टिफिकेट, गोल्ड मैडल, साइकिल, स्पोर्ट्स किट, टेबलेट, स्कूल बैग और अन्य सामग्री दी गई।
मप्र में राम मंदिर को लेकर सात दिन तक मनेगा उत्सव, कीर्तन-भंडारे तक होंगे, कलेक्टरों को निर्देश दिए
12 Jan, 2024 09:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी की जा रही है। इस दिन मध्य प्रदेश में सात दिन तक उत्सव मनाने की तैयारी है। मध्य प्रदेश सरकार ने जिले के सभी कलेक्टरों को इसको लेकर दिशा निर्देश जारी किया है। 16 जनवरी से 22 जनवरी तक कार्यक्रम होंगे। सरकार ने सभी कलेक्टर को धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की तरफ निर्देश जारी किए हैं कि 16 जनवरी से 22 जनवरी तक प्रत्येक मंदिर में जन सहयोग से राम कीर्तन आदि का आयोजन कराया जाए। पूरे प्रदेश के समस्त मंदिरों में दीप प्रज्वलित कराया जाए। हर घर में दीपोत्सव के लिए आमजन को जागृत किया जाए। प्रदेश के नगरों तथा ग्रामों में राममंडलियों को स्थानीय कार्यकम मोहल्लों तथा ग्रामों में आयोजित किए जाने के लिए प्रेरित किया जाए।
प्रदेश के मुख्य मंदिरों में टीवी स्कीन लगाकर अयोध्या के उक्त कार्यक्रम का प्रसारण किया जाए। उक्त मंदिरों में आयोजनों में आमजनों की सहभागिता के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में ट्रस्ट/ समिति के द्वारा दिनांक 22 जनवरी, 2024 को भंडारों का आयोजन किया जाए। इस बाबत विभिन्न धर्मगुरुओं से भंडारों के आयोजन किए जाने हेतु समन्वय किया जाए। प्रदेश के प्रत्येक जिले के प्रमुख मंदिरों में साफ-सफाई, रोशनी, दीप प्रज्जवलन आदि के साथ ही भगवान श्रीराम जानकी आधारित सांस्कृतिक आयोजन मंदिर के ट्रस्ट / समिति के माध्यम से आमजन हेतु आयोजित किए जाए। सभी नगरों में नगरीय विकास एवं आवास विभाग तथा गांवों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से दिनांक 14 से 21 जनवरी, 2024 के मध्य विशेष सफाई का अभियान चलाया जाए। सभी सरकारी इमारतों तथा स्कूल एवं कॉलेजों में साज-सज्जा की जाए।
प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में दिनांक 16 से 21 जनवरी, 2024 (एक सप्ताह) तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। 21 जनवरी से 26 जनवरी, 2024 तक समरत शासकीय कार्यालयों में रोशनी (लाइटिंग) की व्यवस्था की जाए। 11 से 21 जनवरी, 2024 तक संस्कृति विभाग द्वारा श्रीरामचरित लीला समारोह कार्यकम जिला रतलाम, मंदसौर, उज्जैन, इंदौर, खंडवा, आगर-मालवा, देवास, सीहोर, छिंदवाडा, जबलपुर, अनूपपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, रीवा एवं दमोह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। स्पेशल ट्रेनों तथा सड़क मार्गों से अयोध्या जा रहे तीर्थ यात्रियों के सम्मान / स्वागत की व्यवस्थाएं स्थानीय निकायों तथा स्थानीयजनों के सहयोग से सुनिश्चित की जाए। 16 से 22 जनवरी तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। सभी मंदिरों में साफ सफाई, रोशनी की व्यवस्था की जाए। अयोध्या दर्शन के लिए जाने वाले सभी यात्रियों का सम्मान किया जाए।
सड़क निर्माण की कार्य योजना बनाते समय शहरों की सुंदरता का रखें ध्यान - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
12 Jan, 2024 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सड़कों के निर्माण की योजना बनाते हुए शहरों की सुंदरता का ध्यान रखें। जन आकांक्षाओं के अनुरूप और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर सड़क निर्माण की योजना बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय में एमपीआरडीसी के संचालक मंडल की बैठक ले रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दो स्थानों के बीच दूरी और यात्रा का समय कम हो, इन मुख्य बिन्दुओं को ध्यान में रखकर नए वैकल्पिक मार्ग की तलाश करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम लिमिटेड के संचालक मंडल निगम द्वारा किए गए कार्यों का प्रेजेंटेशन दिया। संचालक मंडल के प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वीकृति के साथ आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, प्रमुख सचिव लोक निर्माण सुखवीर सिंह, संचालक मंडल के सदस्य, प्रबंध संचालक एमपीआरडीसी अविनाश लवानिया सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
पटवारी बोले-कांग्रेस लोकसभा चुनाव में पूरी तैयारी से उतरेगी, सिंघार ने कहा- जनता की आवाज उठाएंगे
12 Jan, 2024 09:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलारस । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और उपनेता हेमंत कटारे के संयुक्त चार दिवसीय दौरे के अंतिम दिन नेतागणों ने शुक्रवार को कोलारस, गुना, अशोकनगर और मुंगावली में कांग्रेसजनों के साथ संगठनात्मक बैठक ली। इस दौरान भारत जोड़ों न्याय यात्रा, लोकसभा चुनाव सहित अन्य मुद्दों पर बैठकों के दौरान चर्चा की गई। नेतात्रय सहित बैठकों में उपस्थित नेताओं ने आज युग पुरुष स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण किया। पटवारी ने कांग्रेस कार्यकर्ता बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी संगठन ने जो जिम्मेदारी हम सभी को सौंपी है, उसे मैं नहीं हम की भावना के साथ सबको मिलकर काम करना है। भाजपा के तमाम षड्यंत्रों के कारण विधानसभा चुनाव में हमें हार का सामना करना पड़ा, जिसका अंदाजा किसी भी कांग्रेसजन, आमजनता और यहां तक की मीडिया भी नहीं समझ पा रही है। पटवारी ने कहा कि भाजपा जिन घोषणाओं पर चुनाव जीती उन घोषणाओं को पूरा कराना हर कांग्रेसजन का दायित्व है, चाहे लाड़ली बहना को 3000 रुपये देने की बात हो, किसानों को 3100 रु. धान का समर्थन मूल्य देने की बात हो या 450 रु. में गैस सिलेंडर देने की बात हो। हम जनता के साथ न्याय कराने के लिए विपक्ष की भूमिका का निर्वहन कर जनता की लड़ाई सदन से सड़क तक पूरी ताकत के साथ करेंगे और लड़ेंगे।
सिंघार ने कहा कि कांग्रेस संगठन को ओर अधिक मजबूत करने के लिए पार्टी पूरी सक्रियता से संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए हम पूरी तरह से सक्रियता के साथ मैदान में उतरेंगे और अच्छा परिणाम हमें देखने को मिलेगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जी द्वारा निकाली जा रही 14 जनवरी से 20 मार्च तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कहा कि यात्रा को सफल और प्रभावी बनाने के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता जुट गया है। पटवारी ने कहा कि प्रदेश में जो भाजपा की सरकार चल रही है, उसका रिमोर्ट कंट्रोल केंद्र की मोदी सरकार के पास है। भाजपा सरकार जो वादे करती है, उस पर अमल कभी नहीं करती। जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार है, प्रदेश की जनता त्राहिमाम कर रही है। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई ने जनता की कमर तो तोड़ी ही है, लेकिन किसानों और महिलाओं के सम्मान पर भी गहरी चोट दी है। इसलिए अब हम सभी ‘मैं नहीं हम’ की भावना से मिलकर लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं ताकि भाजपा को मुंहतोड़ जवाब दे सकें।
स्वामी विवेकानंद का जीवन, दर्शन युवाओं के लिए प्रेरणादायक : मंगुभाई पटेल
12 Jan, 2024 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के जीवन चरित्र और उनके दर्शन का अध्ययन युवा अनिर्वाय रूप से करें। उनके जीवन और आदर्शों को याद करें, उन्हें समझें और उनसे प्रेरणा लेकर स्वयं और देश के उत्थान के लिए कार्य करे। सभी युवा अपने सामर्थ्य, क्षमता, ऊर्जा और ओज को राष्ट्र निर्माण में लगाए। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जी और अन्य महापुरुषों के आदर्शों की जानकारी देना चाहिए। युवाओं को आगे आकर काम करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि स्वामी जी अद्भुत और बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। वे धर्म, दर्शन, इतिहास, कला, संगीत, साहित्य और खेल में विद्वान थे। इसीलिए उनके गुरु रामकृष्ण परमहंस ने उन्हें सम्पूर्ण पुरुष कहा था। पटेल यूथ फॉर नेशन के मध्यप्रदेश चेप्टर के शुभारंभ अवसर को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर उन्होंने ओजस्विता के प्रतीक स्वामी जी को उनके जन्मदिवस पर नमन किया।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने युवाओं से आह्वान किया कि अपने नवाचार और विचारों से देश के भविष्य निर्माण में योगदान के लिए आगे आए। अपने गौरवशाली अतीत और वैभवशाली भविष्य की मज़बूत कड़ी के रूप में काम करे। भारत दुनिया का सर्वाधिक युवा देश है। युवा देश का भविष्य है, देश के चहुँमुखी विकास और देश को विश्व गुरु बनाने का दारोमदार युवाओं पर है।
युवा नियमित रूप से करे योग
राज्यपाल पटेल ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शुरुआत हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त राष्ट्र की पहली ज़रूरत सशक्त युवा है। जब सपने बड़े होते हैं तो मेहनत भी कड़ी होना चाहिए। युवा नियमित रूप से कसरत, योग और ध्यान करें। पौष्टिक भोजन लें, मोटे अनाजों को आहार में शामिल करें, अच्छी नींद, पर्याप्त पानी और भरपूर व्यायाम स्वस्थ रहने के मूल मंत्र है। युवा तंदुरूस्त होंगे तब ही भारत स्वस्थ देश कहलाएगा। राज्यपाल पटेल ने कहा की आगामी 25 साल युवाओं के सामर्थ्य और क्षमता का परीक्षण काल है। सभी युवा स्वामी विवेकानन्द जी के "उठो जागो और अपने लक्ष्य प्राप्ति तक रुको नहीं.." विचार को अपने जीवन में उतारे।
लोकल उत्पादों को अब ग्लोबल बनाए
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि हमारे देश के युवा हर क्षेत्र में कामयाबी के झंडे गाड़ रहे हैं। भारत अब दुनिया की सबसे सर्वश्रेष्ठ अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए युवाओं की बड़ी ज़िम्मेदारी है कि वो लोकल उत्पादों को वोकल से आगे बढ़ाकर ग्लोबल बनाने के लिए कार्य करें। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवा शक्ति के साथ 2047 तक विकसित भारत और देश को महाशक्ति बनाने का संकल्प लिया है। उनका कहना है कि "युवा जितना प्रोडक्टिव होगा, देश उतना प्रोग्रेसिव" होगा। जरूरी है कि युवा "जॉब सीकर नहीं जॉब गीवर" बने।
स्वामी जी पुनर्जागरण के प्रतीक- डॉ. मोहन गुप्त
शुभारम्भ कार्यक्रम में यूथ फॉर नेशन मध्यप्रदेश चेप्टर के अध्यक्ष एवं पूर्व संभागायुक्त डॉ. मोहन गुप्त ने कहा कि स्वामी जी युवाओं के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी जी ने अल्पायु में अद्वैत दर्शन और सनातन का झंडा पूरे विश्व में लहराया है। हमारी संस्कृति के शाश्वत मूल्यों से विश्व को परिचित कराया।
कार्यक्रम में राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुनील कुमार, यूथ फॉर नेशन के राष्ट्रीय मुख्य संयोजक प्रो. जी.एस. मूर्ति उपस्थित थे।
स्वामी विवेकानंद ने विश्व में भारत की गरिमा बढ़ाई : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
12 Jan, 2024 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद ने विश्व में भारत की गरिमा बढ़ाई थी। आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दुनिया में भारत का मान सम्मान बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज स्वामी विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में सुभाष शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर भोपाल में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन सिंह पटैल, सांसद सुप्रज्ञा सिंह ठाकुर और विधायक भगवान दास सबनानी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और उपस्थित अतिथियों ने कार्यक्रम में सभी के साथ सूर्य नमस्कार एवं योग किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सभी को बधाई शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई जाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में विश्व में मान्यता दिलवाई है।
प्रधानमंत्री के निर्णय करते हैं रोमांचित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत पूरे विश्व में अपनी गरिमा बढ़ाने में सफल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का जीवन देशवासियों को प्रेरित कर रहा है। वे अपने निर्णयों से रोमांचित करते हैं। युवा हो या बुजुर्ग सभी वर्गों से आसानी से जुड़ जाते हैं। उनके नेतृत्व में भारत रक्षा के क्षेत्र में, खेल के क्षेत्र में और अन्य क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। भारत सर्वाधिक युवाओं वाले देशों में से एक है। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति और सनातन के महत्व को विश्व में स्थापित किया। उन्होंने कठिन दौर में भी संन्यास ग्रहण करने के बाद शिक्षा ग्रहण करते-करते स्वामी रामकृष्ण परमहंस के मार्गदर्शन में धर्म और आध्यात्मिक का अध्ययन किया। उन्होंने विश्व के समक्ष भारत की विशेषताओं को उजागर किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुई। सामूहिक सूर्य नमस्कार के अवसर पर मध्य प्रदेश गान भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान जन गण मन हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा रश्मि अरुण शमी और आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव भी उपस्थित थीं।
अफसरों को 'शिव' की छत्रछाया से मुक्त कर 'मोहन' ने एक माह में गढ़ी सख्त सीएम की छवि
12 Jan, 2024 08:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। वे 2003 के बाद प्रदेश में लगातार बन रही भाजपा सरकार के चौथे मुख्यमंत्री हैं। इसके साथ ही अब उनकी सरकार को एक माह पूरा हो गया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई सख्त निर्णय लिए। उन्होंने महाकालनगरी में प्रदेश के मुखिया के रात्रि विश्राम नहीं करने के पुराने मिथक को तोड़ा तो अधिकारियों को भी अपनी सख्त कार्यप्रणाली से हद में रहने का संदेश दिया। लोकसभा चुनाव में कुछ माह का समय बचा है। ऐसे में डॉ. मोहन यादव सरकार इन चुनावों को देखते हुए ही काम करते नजर आई। सीएम यादव का फोकस अपनी एक अलग छवि गढ़ने के साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव साधने पर है। आइये बीते एक माह में उनके द्वारा लिए गए फैसलों के मायने समझते हैं:
पहला- धार्मिक स्थलों पर लाउड स्पीकर के शोर पर नियंत्रण
मुख्यमंत्री ने अपने पहले फैसले में छोटी छोटी लेकिन गंभीर समस्याओं को लेकर निर्णय लिया। उन्होंने अपने पहले आदेश में धार्मिक स्थानों पर लाउड स्पीकर बजाने और खुले में मांस और अंडे की बिक्री को लेकर सख्त निर्णय लिया। इन दोनों निर्णय को हिंदुत्व के मुद्दे पर चलने वाला फैसला बताया गया। हालांकि, सीएम ने सभी धार्मिंक स्थलों पर समान रूप से आदेश लागू करा कर विरोधियों को जवाब भी दिया।
दूसरा- भाजपा का संकल्प पत्र अधिकारियों को सौंपा
सीएम ने शपथ ग्रहण के दूसरे ही दिन अधिकारियों की बैठक बुलाई और भाजपा का संकल्प पत्र सौंपते हुए विभाग अनुसार वादों को पूरा करने रोडमैप बनाने निर्देश दिए। इससे उन्होंने अधिकारियों को अपनी कार्यशैली बताते हुए लोकसभा चुनाव को देखते हुए जनता को संदेश दिया कि भाजपा की ही सरकार है, जो कहती है वो करती है।
तीसरा- सीएम ने रात उज्जैन में रूक कर तोड़ा मिथक
मुख्यमंत्री बनने के तीन दिन बाद डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में रात रूक कर सालों पुराना मिथक तोड़ा। माना जाता है कि कोई भी दूसरा राजा उज्जैन में रात्रि विश्राम नहीं करता है, ऐसा इसलिए कि उज्जैन के राजा बाबा महाकाल हैं। डॉ. मोहन यादव ने अपने आप को महाकाल का बेटा बताया और उज्जैन में अपने घर पर ही रात बिताई। इसके जरिए उन्होंने मुख्यमंत्री होने के बावजूद अपनी सादगी और नई सोच वाले नेता होने का संदेश दिया।
चौथा-अलग-अलग संभाग में कैबिनेट बैठक
डॉ. मोहन यादव सरकार ने मंत्रियों के विभाग के बंटवारे के बाद अपनी पहली कैबिनेट बैठक जबलपुर में की। अब दूसरी कैबिनेट बैठक उज्जैन और इसके बाद चित्रकूट या रीवा में कैबिनेट प्रस्तावित है। वहीं, ग्वालियर में भी कैबिनेट होनी है। इससे मुख्यमंत्री का यह संदेश देने का प्रयास है कि प्रदेश के सभी क्षेत्र समान हैं। सभी को बराबर महत्व दिया जाएगा किसी की उपेक्षा नहीं की जाएगी।
पांचवां- विक्रम संवत को भी सरकार ने दी मान्यता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार ने विक्रम संवत को प्रदेश सरकार के सरकारी कैलेंडर में मान्यता दी। इससे उन्होंने साफ संदेश दिया कि हिंदुत्व पर उनका फोकस रहेगा। वहीं, धार्मिक स्थलों पर कैबिनेट बैठक करने से साफ है कि डॉ. मोहन सरकार हिंदुत्व को साधने के प्रयास में जुटी है।
छठवां- गुना बस हादसे और ड्राइवर से अभद्रता पर सख्त
गुना बस हादसे में 13 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। इस हादसे में परिवहन से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों की लापरवाही सामने आई। कंडम बस सड़क पर दौड़ रही थी। इस मामले में मुख्यमंत्री ने लापरवाही बरतने पर परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव, परिवहन आयुक्त, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, संभागीय परिवहन अधिकारी आरटीओ को हटा दिया। यहीं नहीं एक अन्य मामले में शाजापुर के कलेक्टर किशोर कान्याल को ड्राइवरों की हड़ताल के दौरान आपत्तिजनक भाषा में बात करने पर पद से हटा दिया। इससे सीएम ने साफ संदेश दिया कि जनता से दुर्व्यव्हार और लापरवाही पर किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा।
सातवां- संभाग का प्रभारी बना कर अधिकारियों को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने एसीएस स्तर के अधिकारियों को संभाग का प्रभारी बना कर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, आईपीएस अधिकारियों को भी प्रभार सौंपा गया है। इन अधिकारियों को विकास के साथ कानून व्यवस्था बेहतर करने और सीएम के निर्देशों के पालन की मॉनीटरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई है। सीएम ने उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, भोपाल संभाग की बैठक भी की और अधिकारियों को जमीनी हकीकत जानने और प्रशासनिक कसावट के निर्देश दिए।
सीएम डॉ यादव PWD की समीक्षा बैठक में बोले-जो एजेंसी गुणवत्ता के साथ रिजल्ट देंगी, उसे ही काम मिलेगा
12 Jan, 2024 07:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यू) की शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समीक्षा बैठक की। बैठक में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विभागीय मंत्री श्री राकेश सिंह ने लोक निर्माण विभाग की बुकलेट क्वालिटी कंट्रोल मैन्युअल फॉर रोड एंड ब्रिजेस का लोकार्पण किया। केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली के सहयोग से प्रदेश की भौगोलिक स्थिति तथा जलवायु के अनुकूल सड़कों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए यह मैन्युअल तैयार किया गया है। सड़क और पुल के निर्माण के दौरान डिजाइन, निर्माण की कार्य विधि, निरीक्षण की प्रतिबद्धता और संधारण के विषय में विस्तृत रूप से दिशा निर्देश दिए गए हैं मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिए कि पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे शासकीय भवनों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हो तो थर्ड पार्टी से क्वालिटी ऑडिट भी कारया जाए। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि विभाग अन्य राज्यों के किए जा रहे रिफॉर्म्स का अध्ययन करें और उन्हें प्रदेश में लागू करें। दूसरे देश और राज्यों की सड़क निर्माण की बेस्ट प्रैक्टिसेज का अध्ययन करे और प्रेरणा ले। अधोसंरचना के क्षेत्र में कार्य करने वाली बड़ी संस्थाओं के भी चर्चा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी शासकीय निर्माण एजेंसियों में आपस में प्रतिस्पर्धा होना चाहिए। जो एजेंसी गुणवत्ता के साथ रिजल्ट देंगी, उसे ही काम मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा सड़के प्रदेश के विकास का द्वार है। जिन क्षेत्रों में सड़को का निर्माण होता है। वहां आवासीय और औद्योगिक विकास होता है। अगले 10 वर्ष में विकास की गति को देखते हुए शहरो का चयन करें। और भविष्य की संभावनाओं वाले क्षेत्रों की पहचान कर वैकल्पिक सड़क निर्माण की योजना बनाए। सड़क निर्माण कार्य उच्चतम गुणवत्ता का करें। समय पर कार्य पूरा हो इसका विशेष ध्यान रखें। निर्माण करने के लिए सड़को और भवनों के मेंटेनेंस का भी ध्यान रखें। डॉ यादव ने कहा समग्र विकास की परिकल्पना पर कार्य करते हुए सड़क निर्माण, भवन निर्माण और पुल निर्माण आदि गतिविधियों में प्राधिकरण, नगरीय निकाय, पर्यटन विभाग, संस्कृति विभाग आदि को योजना में शामिल करें। उनसे आवश्यक सुझाव ले और योजना बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सड़को के निर्माण की योजना बनाते हुए शहरों की सुंदरता का ध्यान रखें। जन आकांक्षाओं अनुरूप और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर सड़क निर्माण की योजना बनाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय में एमपीआरडीसी के संचालक मंडल की बैठक ले रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दो स्थानों के बीच दूरी और सफर का समय कम हो, इसे ध्यान में रखकर नए वैकल्पिक मार्ग की तलाश करें।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 20 दिसंबर 2023 से आनलाइन क्राउड फंडिंग अभियान डोनेट फार देश शुरू किया है
12 Jan, 2024 05:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कांग्रेस के आनलाइन क्रांउड फंडिंग अभियान डोनेट फार देश में अब तक प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने 70 लाख 18 हजार 49 रुपये दिए हैं। अभियान को गति देने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने कोषाध्यक्ष अशोक सिंह की अध्यक्षता में समिति बनाई है। इसका समन्वयक डा. संजय कामले को बनाया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 20 दिसंबर 2023 से आनलाइन क्राउड फंडिंग अभियान डोनेट फार देश शुरू किया है। इसमें अभी तक कुल 12,81,69,088 रुपये जमा हुए हैं। प्रदेश का हिस्सा 7.7 प्रतिशत है। इसे बढ़ाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सभी पदाधिकारियों को आगे बढ़कर भूमिका निभाने के लिए कहा है। बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के लिए आनलाइन फंडिंग की न्यूनतम राशि 138 रुपये रखी गई है।
संसद सदस्य, विधायक और महापौर को एक लाख 38 हजार रुपये जमा करने होंगे। विधानसभा चुनाव 2023 के प्रत्याशी, पूर्व सांसद, नगर पालिका और परिषद के अध्यक्ष, मोर्चा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष, जिला व जनपद पंचायत के अध्यक्ष, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, अखिल भारतीय कांग्रेस के प्रतिनिधियों को 13 हजार 800 रुपये जमा करने हैं। ब्लाक अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि, पार्षद और पार्षद प्रत्याशी, मोर्चा-संगठनों के जिला अध्यक्ष, जिला व जनपद पंचायत सदस्य के साथ मंडलम और सेक्टर अध्यक्षों के लिए एक हजार 380 रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इन सभी से राशि अनिवार्य रूप से जमा कराने का काम समिति देखेगी।