राजस्थान
हरियाणा में खाद्य विभाग का बड़ा घोटाला: इंस्पेक्टर ने 2,427 क्विंटल सरकारी गेहूं 68 लाख में बेचकर किया गबन, खुलासा होते ही मचा हड़कंप
10 Sep, 2025 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करनाल: हरियाणा के करनाल जिले के कुंजपुरा में 68 लाख का गेहूं गबन करने वाले आरोपी इंस्पेक्टर अशोक शर्मा को पुलिस ने मंगलवार को शाहबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि कुंजपुरा सेंटर पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर अशोक शर्मा ने विभाग को 68 लाख 61 हजार 358 रुपए का चूना लगाया। यह गबन अप्रैल और मई 2025 में खरीदे गए गेहूं के स्टॉक से किया गया। जांच में सामने आया कि इंस्पेक्टर ने 50 किलो के बैगों की जगह 20 से 25 किलो के बैग भरकर स्टॉक दिखाया। वहीं शेष गेहूं मार्केट में बेचकर मुनाफा कमा लिया। विभाग के मुताबिक, अप्रैल में गेहूं स्टॉक किया गया और 10 जून तक करीब 2427 क्विंटल गेहूं मार्केट में बेच दिया गया। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब शिकायत मिली कि बैगों का वजन पूरा नहीं है कुंजपुरा थाना पुलिस ने इस मामले में इंस्पेक्टर अशोक शर्मा के खिलाफ गबन की धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस के अनुसार 2427 क्विंटल गेहूं का गबन हुआ है, जिसकी कीमत 68 लाख से अधिक है। करनाल के डीएफएससी अनिल कुमार ने बताया कि जांच में साफ हुआ कि गेहूं की खरीद के समय ही कम वजन के बैग स्टॉक में लगाए गए। किसी बैग में 10 किलो कम था, तो किसी में 15 किलो कम। जब यह चोरी पकड़ में आई तो 34 कट्टों की जांच की गई, जिसमें 4902 बैग कम निकले।
50 किलो का बैग सिर्फ 25 किलो का निकला
गेहूं गबन की जांच हेड ऑफिस चंडीगढ़ की तरफ से गठित कमिटी ने की। इसमें अंबाला के डीएफएसओ जीतेश गोयल, कुरुक्षेत्र के एएफएसओ बृज मोहन, यमुनानगर के निरीक्षक राजीव सैनी, अंबाला के एचए संजीव के अलावा स्थानीय एएफएसओ और निरीक्षक शामिल थे। 12 अगस्त को जांच शुरू हुई। 5 सितंबर को रिपोर्ट सौंपी गई। कमिटी की रिपोर्ट के अनुसार सेंटर पर खुले में रखे गेहूं के बैग आधे वजन के थे। आरोप है कि 50 किलो का बैग सिर्फ 25 किलो का निकला। कई बैग फटे हुए भी मिले, जिनसे गेहूं निकालकर बेच दिया गया।
आरोपी ने विभाग में कुछ पैसे जमा करवाए
जांच यह भी सामने आया है कि आरोपी ने विभाग में कुछ पैसे जमा करवाए हैं, लेकिन कितने रुपए जमा करवाए गए हैं। विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद साफ हो जाएगा कि कितनी रकम वापस की गई है और कितना घाटा अब भी बाकी है। आरोपी को पहले ही निलंबित किया जा चुका था और अब गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी। जांच में पता चला कि जब सरकार को गेहूं की डिलीवरी दी जाती थी, तो बैगों का वजन पूरा दिखाने के लिए गेहूं को पानी में भिगो दिया जाता था। इससे वजन बढ़ जाता और चोरी पकड़ी नहीं जाती। डीएफएससी अनिल कुमार ने कहा कि 4902 बैग गेहूं कम पाया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी को पहले ही निलंबित कर दिया गया था। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पानीपत में हरियाणा पुलिस ने ट्रक रोका, चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी संदिग्ध खेप, देखकर हक्का-बक्का रह गई टीम
9 Sep, 2025 03:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत: अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने देर रात अनाज मंडी से शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा। ट्रक से पुलिस ने 279 पेटी अंग्रेजी शराब और 215 पेटी बीयर बरामद की। मौके से आरोपी ट्रक चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह भारी मात्रा में अवैध शराब चंडीगढ़ से बिहार के मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी। एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने किया। सरोहा ने बताया कि टीम जीटी रोड स्थित अनाज मंडी कट के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि मंडी में खड़ा एक यूपी नंबर का ट्रक अवैध शराब से भरा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची और वहां खड़े ट्रक में दो युवक दिखाई दिए। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राजकुमार पुत्र रामचंद्र निवासी किशनपुर, मधुबन, मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया, जबकि परिचालक ने अपनी पहचान मिंटू पुत्र जगदीश राय निवासी बिरमामठ, वैशाली (बिहार) बताई।
चालक और परिचालक ने बोला झूठ
पुलिस ने जब ट्रक में भरे सामान के बारे में पूछा तो आरोपियों ने बताया कि उसमें चोकर (पशु चारा) भरा हुआ है। शक के आधार पर जब ट्रक की बॉडी पर लगी तिरपाल हटाई गई तो उसमें भारी मात्रा में शराब और बीयर की पेटियां मिलीं। टीम ने तुरंत एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया और लाइसेंस व परमिट मांगे, लेकिन आरोपी कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। जांच में सामने आया कि ट्रक के पिछले हिस्से में चोकर की बोरियां रखी गई थीं और उसके आगे शराब और बीयर छिपाई गई थी।
279 पेटी अंग्रेजी शराब और 215 पेटी बीयर बरामद
पुलिस ने एक्साइज इंस्पेक्टर की मौजूदगी में जब गिनती की तो 279 पेटी अंग्रेजी शराब और 215 पेटी बीयर बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह खेप चंडीगढ़ से लेकर बिहार जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी राजकुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि मिंटू को आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
हाईकोर्ट का बड़ा आदेश – आतंकियों को पकड़ना भी ‘एनकाउंटर’ की श्रेणी में आएगा, पुलिस को मिलेगा कानूनी कवच
9 Sep, 2025 03:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा है कि हथियारबंद आतंकियों की गिरफ्तारी को भी ‘एनकाउंटर’ माना जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिसकर्मियों के परिजनों को भर्ती के दौरान आरक्षण का लाभ मिलेगा। कोर्ट ने कहा कि अगर पुलिसकर्मी आतंकियों को मारने की बजाय उन्हें जीवित पकड़ लेते हैं तो यह उनकी बड़ी उपलब्धि है और इससे सरकार की नीति की भावना और मजबूत होती है। यह आदेश जस्टिस जगमोहन बंसल ने 4 सितंबर को सुनाया। मामला पंजाब के बठिंडा जिले की रहने वाली सोनम कंबोज की याचिका से जुड़ा है।
जानें क्या है मामला
सोनम ने पंजाब पुलिस भर्ती में उस श्रेणी में आवेदन किया था जो उन पुलिसकर्मियों के परिजनों के लिए आरक्षित है, जिन्होंने कम से कम तीन एनकाउंटर में हिस्सा लिया हो। सोनम ने डीआईजी पटियाला रेंज द्वारा जारी प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किया था। हालांकि, डीजीपी की ओर से गठित समिति ने उनकी पात्रता को खारिज कर दिया और कहा कि उनके पिता ने केवल दो एनकाउंटर में हिस्सा लिया है। राज्य सरकार की ओर से दलील दी गई कि जिस एक एफआईआर को तीसरे एनकाउंटर के रूप में दिखाया गया, उसमें कोई गोलीबारी नहीं हुई थी और सिर्फ चार आतंकियों की गिरफ्तारी हुई थी, इसलिए इसे एनकाउंटर नहीं माना जा सकता।
पंजाब सरकार की दलील को किया खारिज
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की इस दलील को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि 1996 की नीति एक लाभकारी प्रावधान है और इसका उद्देश्य ईमानदार व बहादुर पुलिस अधिकारियों को प्रोत्साहित करना है। ‘आतंकियों से एनकाउंटर’ का अर्थ केवल गोलीबारी और हताहत होना नहीं है। अगर पुलिस ने हथियारों और आपत्तिजनक सामग्री के साथ आतंकियों को गिरफ्तार किया है तो इसे एनकाउंटर माना जाएगा। कोर्ट ने सोनम कंबोज को आरक्षण का लाभ देते हुए पंजाब सरकार को निर्देश दिया कि छह हफ्तों के भीतर उन्हें पुलिस विभाग में नौकरी दी जाए। साथ ही, उनकी नियुक्ति की तिथि को उनकी वास्तविक जॉइनिंग तिथि माना जाएगा।
अमेरिका में भारतीयों पर बढ़ते हमले, हरियाणा के युवक की कैलिफोर्निया में सड़क पर टॉयलेट रोकने पर हत्या
8 Sep, 2025 04:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: हरियाणा में एक युवक की अमेरिका में गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आय है। जुलाई महीने में करना के मोनू वर्मा नाम के युवक की गोलीमार हत्या की गई थी। अब जींद जिले के रहने वाले युवक को कैलीफोर्निया में एक टोकने पर अमेरिकी ने गोली मार दी। युवक ने पैतृक जमीन बेचकर डंकी रूट से अमेरिका गया था। सामने आया है कि यह घटना सड़क पर पेशाब करने वाले अमेरिकी को टोकने पर हुई। जींद का रहने वाले युवक अपने परिवार को इकलौता बेटा था। बेटे की अमेरिका में मौत की सूचना पर परिवार और रिश्तेदार मातम में डूब गए हैं। परिजन अब डेडबॉडी का इंतजार कर रहे हैं।
45 लाख रुपये किए थे खर्च
जानकारी के अनुसार हरियाणा के जींद जिले के गांव बराह कलां निवासी 26 साल के कपिल की अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना का कारण सिर्फ इतना था कि कपिल ने सड़क किनारे पेशाब कर रहे एक अमेरिकी नागरिक को टोका। इससे गुस्साए अमेरिकी ने पिस्तौल निकालकर कपिल पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कपिल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर चुका था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कपिल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ढाई साल पहले छोड़ा था देश
यह घटना भारतीय समयानुसार शनिवार रात को हुई। परिजनों के मुताबिक कपिल उनके परिवार का इकलौता बेटा था। वह ढाई साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में 45 लाख रुपये खर्च कर गैरकानूनी तरीके से डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। कपिल वहां पर एक स्टोर में काम कर रहा था। जानकारी के अनुसार कपिल अपनी जिंदगी दांव पर लगाकर अमेरिका जाने के सपने को पूरा किया था। वह डंकी रूट से मेक्सिको की दीवार फांदकर अमेरिका पहुंचा था। कपिल के पिता खेती करते हैं। उसके चाचा ने जींद में रखकर पढ़ाया था। अमेरिका में हरियाणा के युवक को मारे जाने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले करनाल के रहने वाले मोनू की हत्या की गई थी। मोनू ने हरियाणा से अमेरिका जाने के डंकी रूट का इस्तेमाल किया था।
हरियाणा में अधिकारी की नौकरी लगते ही घर में उठी हलचल, पत्नी ने किया पति से अलग होने का फैसला
8 Sep, 2025 04:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पलवल: यूपी के बहुचर्चित एसडीएम ज्योति मौर्या और उनके सफाई कर्मी पति आलोक मौर्य के केस की तरह ही हरियाणा के पलवल में एक मामला सामने आया है। यहां युवक-युवती के बीच आर्य समाज मंदिर में लव मैरिज हुई थी। 26 वर्षीय प्रीतम का आरोप है कि उन्होंने पत्नी को दिल्ली पुलिस में भर्ती के लिए टेस्ट की तैयारी कराई। जैसे ही पत्नी की पुलिस में नौकरी लगी वो उसे छोड़कर मायके चली गई। अब उसके साथ रहने से इनकार कर दिया है। पति ने इसको लेकर सीएम हरियाणा और राष्ट्रीय मानवाधिकार नई दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई है।
ऐसे हुई थी दोनों की मुलाकात
पलवल के गांव बड़ौली के रहने वाले 26 वर्षीय प्रीतम ने बताया कि साल 2021 में उसने पलवल में एक लाइब्रेरी शुरू की थी। ताकि सरकारी नौकरियों में भर्ती या प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा यहां आकर तैयारी कर सकें। इसी दौरान राजीव नगर की युवती भी तैयारी के लिए आती थी। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और धीरे-धीरे रिलेशन बढ़ने लगा। प्रीतम का कहना है कि उन्होंने युवती को अपने घरवालों से भी मिलवाया। 4 जनवरी 2023 को उन्होंने बल्लभगढ़ के एक आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। शादी करने के बाद वह कुछ समय युवती के घर पर ही रहे। उसके बाद रसूलपुर चौक पर फ्लैट लेकर रहने लगे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की भर्ती खुल गई।
पत्नी ने दिल्ली पुलिस में भर्ती होने के लिए अप्लाई किया
पत्नी ने दिल्ली पुलिस में भर्ती होने के लिए अप्लाई कर दिया। इस दौरान वह लाइब्रेरी को शिफ्ट करके किठवाड़ी चौक के पास ले आए थे। पत्नी की नौकरी की तैयारी करने के लिए उनको पैसों की बेहद जरूरत थी। इसी जरूरत को पूरा करने के लिए अपनी लाइब्रेरी को बेच दिया और अपनी कुछ जमीन का हिस्सा भी बेच दिया। क्योंकि शहर में लाइब्रेरी और किराए के घर खर्चों ने उसकी कमर तोड़ दी थी। टेस्ट पास होने के बाद उसने पत्नी की फिजिकल टेस्ट की तैयारी कराई। फरवरी 2024 में दिल्ली पुलिस में ट्रेनिंग के लिए बुलाया लिया गया।
पुलिस टेस्ट में शादी की बात छुपाई
प्रीतम का कहना है कि जब दिल्ली पुलिस में टेस्ट और फिजिकल पास होने के बाद वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया, तो उनकी पत्नी ने अपने आपको विवाहित न दिखाकर अविवाहित दिखाया। जिसका पता उनको बाद में चला है। उसने बताया कि फरवरी 2025 में पत्नी अपनी ट्रेनिंग को खत्म करके वापस मायके घर आ गई। लेकिन किसी ने उसको इसकी जानकारी नहीं दी। जब वह पत्नी को लेने राजीव नगर घर पहुंचा तो उसके माता-पाता ने सामाजिक तौर पर शादी करने का हवाला देकर बेटी को साथ भेजने से इनकार कर दिया। जब उसने पत्नी से घर चलने के लिए बोला को उसने साफ इनकार कर दिया।
दूसरी शादी करने के लिए कहा
पत्नी के घरवालों ने उससे कहा कि वह अपने लिए कोई दूसरी लड़की देखकर शादी कर ले। प्रीतम ने शिकायत में कहा है कि पत्नी धमकी देती है। पत्नी तलाक देने के लिए उस पर दबाव बना रही है और उसको फोन पर धमकी दे चुकी है। कुछ समय पहले उसको पुलिस के द्वारा बिना किसी जांच के प्रताड़ित किया गया। प्रीतम ने कहा कि उन्होंने सीएम हरियाणा और राष्ट्रीय मानवाधिकार नई दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई है। उसकी पत्नी और उसके घरवालों ने उसके साथ धोखा किया है। अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए उन्होंने कोर्ट का सहारा लिया है। उन्होंने सेक्शन 9 के तहत कोर्ट में अपील की है। जिसको लेकर फरवरी 2026 की तारीख लगी है। उन्होंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भी शिकायत दी है कि कि पत्नी ने वेरिफिकेशन के दौरान शादीशुदा होने की जानकारी छिपाई है।
अतिक्रमण हटाने के लिए अधिकारियों को 3 दिन की डेडलाइन
1 Sep, 2025 12:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंचकूला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMDA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग ने शहर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ढांचागत व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
सीईओ ने सेक्टर 11 और 14 की पार्किंग में गंदगी मिलने पर नगर निगम को तुरंत सफाई करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टरों की पार्किंग की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि शहर की छवि खराब न हो। साथ ही, पॉलीथिन पर सख्ती से प्रतिबंध लागू करने और नागरिकों को कपड़े के थैले इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के प्रमुख बिंदु
अतिक्रमण हटाना: सड़क किनारे सभी अतिक्रमण 3 दिन में हटाने के आदेश। , ट्रैफिक सुधार: माजरी चौक पर रेड लाइट लगाने और स्लिप रोड चौड़ा करने पर जोर।
बागवानी: शहीद संदीप सांकला चौक पर पेड़ों की छंटाई के निर्देश। औद्योगिक क्षेत्र: वर्षा जल निकासी लाइनें, रोड-गलियों की सफाई और टूटी सड़कों की तुरंत मरम्मत के आदेश। चंडीगढ़ सीमा तक सड़क: गड्ढे भरने, सड़क चौड़ीकरण और ट्रैफिक जाम का समाधान निकालने पर बल।
एचएसवीपी प्लॉट: सेक्टर-16 और 17 के खाली प्लॉटों से झाड़ियां तीन दिन में हटाने के निर्देश। लेबर चौक: तुरंत मरम्मत और डिवाइडिंग ग्रिल की खाली जगह भरने के आदेश। पार्क: निरझर वाटिका और आम बाग (मैंगो गार्डन) पार्क में सफाई, लाइटिंग और घास कटाई सुनिश्चित करने को कहा।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी निष्ठा से काम करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों की प्रगति की समीक्षा अगले सप्ताह की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, डीसीपी सृष्टि गुप्ता, पीएमडीए व नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हरियाणा सरकार ने केंद्र को लिखा पत्र, कहा- “BBMB बांध से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा घटाई जाए”
30 Aug, 2025 06:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ (हरियाणा)। बाढ़ जैसे हालात के बीच पंजाब और हरियाणा में पानी को लेकर फिर से विवाद शुरू हो गया है। हरियाणा ने बीबीएमबी को पत्र लिखकर कहा है कि हरियाणा की मांग के अनुरूप बोर्ड की तरफ से कम पानी छोड़ा जाना चाहिए। वहीं आम आदमी पार्टी पंजाब का आरोप है कि अब संकट की स्थिति में पंजाब को अकेला छोड़ा जा रहा है, जबकि पहले अधिक पानी के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
हरियाणा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने पत्र में कहा कि हरियाणा के लिए पानी का डिस्चार्ज 8,894 क्यूसेक दर्ज किया गया, जबकि उन्होंने 7,900 क्यूसेक पानी देने की ही मांग की थी। विभाग ने बताया कि 26 अगस्त को 7,900 क्यूसेक तक पानी की मांग घटा दी गई थी, लेकिन पानी का डिस्चार्ज कम नहीं हुआ। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पानी की मांग काफी घट गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब 6,250 क्यूसेक पानी लेने की ही उन्होंने सहमति दी है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए नहर प्रणाली और आसपास की आबादी की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। इसलिए संबंधित अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से कम पानी छोड़ना चाहिए। आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि जब पंजाब की धरती प्यासी होती है तो उसका हक छीना जाता है। अब जब चारों तरफ पानी ही पानी है तो पंजाब को अकेला छोड़ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब ने हरियाणा से गुहार लगाई कि भाखड़ा का पानी ज्यादा ले लो, ताकि पंजाब को बाढ़ से बचाया जा सके, लेकिन हरियाणा पानी का कोटा कम करने की मांग कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या पंजाब सिर्फ नुकसान झेलने के लिए है। हरियाणा को जवाब देना चाहिए कि क्या मदद की पेशकश सिर्फ सियासी जुमला था।
हरियाणा में अनोखा वाकया: दुकानदार को काटने के बाद अचानक मौत का शिकार हुआ कुत्ता, ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं
29 Aug, 2025 05:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले में ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। दरअसल शहर के बाजार में एक दुकानदार पर कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने दुकानदार के पैर में दांत लगा दिए। दुकानदर को काटने के बाद अचानक कुत्ते की मौत हो गई। कुत्ते की मौत होगई से सभी लोग हैरानी में पड़ गए। सभी के मन में एक ही सवाल था कि कुत्ते की मौत कैसे हो गई। इस बीच दुकानदार अपना इलाज और जांच करवाने के लिए शहर के सिविल अस्पताल में पहुंचा।
कैसे हुई कुत्ते की मौत
दुकानदार ललित बजाज ने बताया कि वो होलसेल का काम करता है। उसकी महावीर बाजार में प्रेम मंदिर के पास किराना होलसेल की दुकान है। उन्होंने बताया कि जैसे ही मैं अपनी दुकान के बाहर से बाइक पर जा रहा था कि दो कुत्ते आपस में लड़ रहे थे। मैने उन्हें हटाने का प्रयास किया, क्योंकि ये कुत्ते दुकान पर आने वाले ग्राहकों को काटने का प्रयास करते है। इस दौरान एक कुत्ते ने मुझे काट लिया। मुझ काटने के कुछ समय के बाद ही उस कुत्ते की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कुत्ते की मौत कैसे हुई, इसके बारे में मुझे जानकारी नहीं है। मुझे भी आसपास के दुकानदारों ने जानकारी दी कि तुझे काटने के बाद कुत्ते की हालत खराब हो गई और उसी मौत हो गई है।
दुकानदार इलाज करवाने पहुंचा अस्पताल
दुकानदार ने बताया कि इस बात से मुझे टेंशन हो गई। मैं हैरान था कि मुझे काटने के बाद अचानक कुत्ता कैसे मर गया। इसिलए मैं अपना इलाज करवाने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मुझे इंजेक्शन लगा दिया है। वहीं जन सेवा दल के पदाधिकारी चमन गुलाटी ने बताया कि आज प्रदेश के हर शहर में आवारा कुत्तों की संख्या बेहद अधिक हो गई है और सरकारी अस्पतालों में रोजाना कुत्तों द्वारा लोगों को काटने के ऐसे बहुत से केस आ रहे है। परंतु ये केस हमने भी पहली बार सुना है कि युवक को काटने पर कुत्ते की मौत हो गई। युवक को डॉक्टरों द्वारा हिमोग्लोबिन का इंजेक्शन लगा दिया गया है।
हरियाणा के नूंह में सामने आई धर्म परिवर्तन की घटना, 5 लोगों ने कबूला इस्लाम, जांच में जुटा प्रशासन
28 Aug, 2025 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के नगीना में धर्मांतरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां हिंदू समुदाय से जुड़े एक ही परिवार के पांच सदस्यों के इस्लाम धर्म कबूल करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि उन्हें बहला-फुसलाकर और लालच देकर धर्मांतरण कराया गया, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल हुए एफिडेविट के मुताबिक अपनी स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन किया है। परिजनों का आरोप है कि इसमें नगीना ब्लॉक के रहने वाले शहीद अटेरणा की मुख्य भूमिका है। आरोप है कि परिवार के पांचों लोग 25 अगस्त की शाम को ही घर छोड़कर निकले थे। उन्हें इस्लाम धर्म कबूल करने के बाद शहीद अटेरणा निवासी अटेरना के मकान में छिपा कर रखा हैं।
नगीना थाना पुलिस को दी शिकायत में मरोड़ा गांव के रहने वाले सतबीर ने कहा कि सोमवार से उनका भाई चेतराम (45), भाभी रेखा (39), बड़ा भतीजा शिवम (21), भतीजी सोनम और छोटा भतीजा अरुण (8) सोमवार से गायब है। उन्होंने कहा कि परिवार के पांचों सदस्यों को शहीद निवासी अटेरना, जिनका मकान बडकली चौक पर बना हुआ है, वहां पर छिपा कर रखा गया है और उन्हें तरह-तरह का लालच देकर उनके भाई और भतीजे का धर्मांतरण कराया है। इसके साथ ही सिराजुद्दीन निवासी राजाका सहित अन्य लोगों पर भी धर्मांतरण का आरोप लगाया है। सतबीर ने कहा कि चेतराम के साथ-साथ उनकी भाभी रेखा और भतीजे अरुण और भतीजी सोनम को भी कहीं गायब कर दिया है।
पुलिस ने थाने बुलाकर की पूछताछ
सतबीर ने बताया कि उनकी शिकायत पर पुलिस ने पांचों सदस्यों को पूछताछ के लिए थाना नगीना में बुला लिया। देर रात तक उनसे पूछताछ होती रही। उन्होंने कहा कि उनके पास कुछ एफिडेविट भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। जिसमें लिखा गया है कि उन्होंने अपनी स्वेच्छा से इस्लाम धर्म कबूल किया है। सूत्रों की माने तो थाने में भी परिवार के लोगों के सामने चेतराम और उसके परिवार के लोगों ने साफ तौर पर कहा था कि यह किसी की नहीं मानेंगे, उन्होंने अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म कबूल किया है।
2 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
नगीना थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर शहीद अटेरना और सिराजुद्दीन राजाका के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। धर्मांतरण करने वाले सभी लोगों के कोर्ट में बयान करवाए हैं। बयानों में उन्होंने बताया है कि अपनी मर्जी से बिना किसी दबाव में इस्लाम धर्म कबूल किया है। परिवार के बयान करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है।
मामले पर हुई पंचायत
इस मामले के विरोध बुधवार को नूंह के कबीर नाथ मंदिर में हिंदू समाज के लोगों की एक पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें जिला के गणमान्य लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस दौरान सभी ने जिला में समय समय पर कराए जाने वाले धर्म परिवर्तन का विरोध किया। वक्ताओं ने बताया कि यह कोई पहला अवसर नहीं है बल्कि इससे पूर्व भी जिला के अल्पसंख्यक हिंदू समाज के लोगों को मुसलमान बनाया जा रहा है। यहां का बहुसंख्यक मुसलमान समाज उसका तमाशा देख रहा है। इस दौरान उन्होंने लव जिहाद, जबरन धर्मांतरण सहित हिंदूओं को प्रताडि़त करने के कई पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
लाडो लक्ष्मी योजना कब से होगी लागू? हरियाणा सरकार ने महिलाओं को सीधे खाते में 2100 रुपये भेजने की बनाई योजना
25 Aug, 2025 01:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कुरुक्षेत्र : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2100 रुपये देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पहले बजट में इसके लिए पांच हजार करोड़ का प्रावधान किया गया था। अब हमारा दूसरा बजट आएगा। दूसरा बजट आने के बाज हरियाणा की महिलाओं को पैसे मिलने शुरू हो जाएंगे। हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने जो चुनावी वादे किए थे, उनमें से एक है लाडो लक्ष्मी योजना।
CM सैनी ने बताया कि 'लाडो लक्ष्मी योजना' को लागू करने के लिए पूरा प्लान तैयार हो गया है। इसके लिए एक पोर्टल शुरू किया जाएगा। पोर्टल पर सारी जानकारी रहेगी। लोग लाडी लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया के बाली में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाया जाएगा। ये कार्यक्रम स्वामी ज्ञानानंद की अध्यक्षता में 12 से 14 सिंतबर तक होग। प्रधानमंत्री ने हरियाणा केविकास करने के लिए 2000 करोड़ की दो परियोजना शुरू करने का ऐलान किया है।
ग्राम पंचायतों को 21 लाख
हरियाणा सीएम ने ग्राम पंचायतों को 21 लाख रुपये देने ककी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। कांग्रेस झूठ फैलाने का काम कर रही है। जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है। चुनाव में हारने के बाद ये पहले ईवीएम को दोष देते थे, जबकि यह एक पारदर्शी व्यवस्था उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया में स्वामी ज्ञानानंद महाराज द्वारा 12 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव शुरू होगा।, 13 सितंबर को सेमिनार और, प्रदर्शनी लगेगी।
मनीषा के पिता का भावुक बयान: “बेटी के नाम पर कोई राजनीति न करे”
23 Aug, 2025 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिवानी: हरियाणा के भिवानी जिले में 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा के मामले में इन प्रदेश की राजनीति गरमाई हुई है। हालांकि नायब सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई को जांच सौंप दी है। लेकिन इस मामले पर विपक्षी दल सरकार को घेर रहे हैं। अब इस मामले में मनीषा के पिता ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस मामले में नायब सरकार का बचाव किया है। मनीषा के पिता ने वीडियो जारी कर कहा है कि मैं सभी से निवेदन करना चाहता हूं कि मेरी बेटी की मौत के बार में हमने और जनता ने हरियाणा सरकार से दो मांगे मांगी थी। पहले मांग थी की इस मामले में सीबीआई जांच हो और दूसरा दिल्ली एम्स से शव का पोस्टमार्टम हो। हरियाणा सरकार ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए हमारी दोनों मांगे मान ली।
इस मामले पर राजनीति न करें
मनीषा के पिता ने आगे कहा कि मेरे पास बहुत से लोग आते हैं। यहां पर मैं कभी किसी सुनती हूं तो कभी की। कोई आकर कुछ कहता है तो कोई कुछ और। मैं सभी राजनीतिक दलों से हाथ जोड़कर ये निवेदन करता हूं कि मेरे बेटी की मौत के बारे में इस तरह की राजनीति न करें। बता दें कि भिवानी और रोहतक के बाद बुधवार को दिल्ली के एम्स में मनीषा के शव का तीसरा पोस्टमार्टम किया गया था। दिल्ली एम्स में पोस्टमार्टम के बाद मनीषा का शव उसके गांव पहुंचा, जहां भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच अंतिम संस्कार किया गया था।
डीजीपी ने कही थी ये बात
डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि सारी जांच पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक स्तर पर हो रही थी, जिसमें समय लगता है। मनीषा के जहर खाने या किसी और की तरफ से खिलाने, सीसीटीवी और सुसाइड नोट से जुड़े सवालों पर डीजीपी ने कहा कि इन सभी तथ्यों की जांच सीबीआई करेगी। ऐसे में अब कोई खुलासा पुलिस नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि इन सभी विवरणों को सीबीआई पर छोड़ देना ही बेहतर है। जहां तक मेरा सवाल है, मैं इस मामले पर पारंपरिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं करूंगाष लेकिन हां, यह आम तौर पर समझा जाता है कि अगर लड़ाई के कोई निशान नहीं हैं, तो यह आत्म-सेवन का संकेत है। नाखूनों पर किए गए डीएनए परीक्षण, जहां से डीएनए नमूने लिए गए और उनकी जांच की गई, लड़ाई के कोई निशान नहीं मिले। ये सभी बातें जांच के दौरान सामने आएंगी।
आप ने सरकार को घेरा था
मनीषा हत्याकांड की जांच सीबीआई को दिए जाने पर आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने सरकार को घेरा था। उन्होंने कहा था कि हरियाणा सरकार कानून व्यवस्था को सुधारने में विफल साबित हो रही है। हरियाणा देश में नागरिक सुरक्षा में अंतिम पायदान पर आता है, जिस भरोसे के साथ लोगों ने भाजपा को चुना था, नायब सैनी ने उस भरोसे को तोड़ा है। अनुराग ढांडा ने कहा कि जब लोग हिंसा और हत्याओं के खिलाफ आवाज उठाते हैं तो इंटरनेट बंद कर दिया जाता है और लोगों की आवाज दबाई जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नायब सरकार की यह विफलता है, जिसको छुपाने का वह प्रयास कर रहे हैं।
हरियाणा के पानीपत में हड़कंप, दुकानों के आगे बने छज्जे ढहाए गए
23 Aug, 2025 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले में नगर निगम अधिकारियों ने शुक्रवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर निगम की टीम की ओर से की गई कार्रवाई में दुकानों के आगे अवैध रूप से बनाए छज्जों को तोड़ा गया। निगम की कार्रवाई से बाजार के दुकानदार भी अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को अंदर करते नजर आए। नगर निगम एक्सईएन गोपाल कलावत कर्मचारियों की टीम के साथ शुक्रवार को शहर के ठठेरा बाजार और गुडमंडी बाजार में अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के लिए पहुंचे।
दुकानदारों ने किया विरोध
दुकानदारों ने इकट्ठा होकर निगम की कार्रवाई का विरोध किया, पर दुकानदारों के विरोध का निगम अधिकारियों पर रत्तीभर भी फर्क नजर नहीं आया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के सभी बाजारों में दुकानदारों ने दुकानों के बाहर हद से ज्यादा अतिक्रमण किया है, जिससे करीब 15 से 20 फुट की सड़क आधी रह जाती है। दुकानों के बाहर खरीदारी करने के लिए आने वाले ग्राहकों के वाहन भी खड़े हो जाते है। ऐसे में दूसरे लोगों के आने-जाने का रास्ता भी नहीं रह जाता और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लोगों की नगर निगम अधिकारियों की सराहना
वहीं लोगों ने नगर निगम अधिकारियों की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि एक बाजार को पार करने के लिए करीब 30 मिनट का समय लगता था, परंतु अब जब से निगम अधिकारियों ने अतिक्रमण पर कार्रवाई करनी शुरू की है, कोई जाम नहीं मिलता और बाजार में काफी सुविधा होती है। नगर निगम अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगातार जारी रहेगा। निगम ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में फिर से अतिक्रमण पाया गया तो कठोर जुर्माना लगाया जाएगा और दुकानों के लाइसेंस भी रद्द किए जा सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि शहर को जाम मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए निगम का यह अभियान आवश्यक है और इसे पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
डॉक्टर बना हनीट्रैप का शिकार, फ्लैट में बुलाकर बनाए गए संबंध, फिर ब्लैकमेल
21 Aug, 2025 05:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले में एक डॉक्टर को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए टीम ने इस प्रकरण में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव नोल्था निवासी सोनू और आशीष के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मामले की शुरुआत तब हुई जब एक महिला ने बीमारी का बहाना बनाकर डॉक्टर को अपने फ्लैट पर बुलाया। फ्लैट पर पहुंचने के बाद महिला ने डॉक्टर को कोल्ड ड्रिंक पिलाई और फिर शारीरिक संबंध बनाने की मांग रखी। इसी दौरान मौके पर आरोपी सोनू और आशीष पहुंच गए। दोनों ने डॉक्टर को फंसा लिया और उस पर दबाव बनाकर 11 लाख रुपये की मांग की।
पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपी सोनू कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले से ही हत्या, लूट, डकैती और अवैध हथियार रखने जैसे एक दर्जन से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। इस बार उसने अपने साथी आशीष और महिला के साथ मिलकर डॉक्टर को ब्लैकमेल करने की योजना बनाई थी। ब्लैकमेलिंग के इस खेल में महिला की मदद एक वकील ने भी की। वकील ने बीच में दखल देकर डॉक्टर से समझौता कराया और मामले को 4 लाख रुपये में निपटा दिया।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पीड़ित डॉक्टर ने जब इसकी शिकायत पुलिस को दी, तो मामला खुलकर सामने आया। सीआईए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पूछताछ में इस पूरे गिरोह के और राज खुलने की संभावना है।
प्रेमानंद को धमकी देने वाले से गैंगस्टर की भिड़ंत तय? गोदारा ने दी चेतावनी
21 Aug, 2025 01:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा भी स्वामी प्रेमानंद जी महाराज का बड़ा भक्त निकला। हाल ही में स्वामी प्रेमानंद महाराज को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद रोहित गोदारा ने खुलकर चुनौती दी है कि जो भी महाराज को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसे वह बख्शेगा नहीं। रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उसने लिखा है कि पूज्य प्रेमानंद जी महाराज को सनातन धर्म के लिए निशाना बनाया जा रहा है। उसने आगे लिखा कि जिन्होंने अपनी दोनों किडनी खराब होने के बाद भी इतने सालों तक संघर्ष किया और लोगों को सही राह दिखा रहे। उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं! उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं! तो ये हमारी खुली चुनौती है! हमारे संतों को निशाना बनाने वालों का अंत करेंगे!
मनीषा को लेकर भी किया पोस्ट
रोहित गोदारा ने साथ ही, मनीषा हत्या का बदला लेने की बात कही। उन्होंने लिखा कि अगर हमारी बहन जो आज स्वर्ग में हैं और हमारे पूज्य संतों को समय रहते न्याय नहीं मिला! तो हम वो समय लाएंगे! जिसकी सरकार, प्रशासन और राजनेता कल्पना भी नहीं कर सकते! और ये नंगा नाच बॉलीवुड में चल रहा है! कोई इसे देख ही नहीं रहा! अगर कदम उठाने ही हैं! तो बॉलीवुड के इस नंगे नाच को रोकने के लिए कदम उठाओ।
बॉलीवुड को धमकी
अब हम बॉलीवुड के इस नंगे नाच का अंत करेंगे और हमारी बहन-बेटियों का कत्लेआम करने वाले दुष्ट लोगों का अंत करेंगे। हमारे संतों को निशाना बनाने वालों का अंत करेंगे! ये हमारी सभी बॉलीवुड गायकों, कलाकारों और समाज के कुछ (जानवरों) के लिए चेतावनी है! अगर कोई किसी भी (जाति-धर्म) समाज की मर्यादा भूलकर कुछ पैसों के लिए या नशे की हालत में कोई गलत काम करता है, तो तैयार रहो ! हमारे लिए सभी समाज समान हैं!
मनीषा मर्डर केस: इंसाफ की मांग के बीच 9 दिन बाद हुआ अंतिम विदाई
21 Aug, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिवानी: हरियाणा के भिवानी जिले के लोहारू कस्बे की प्लेवे स्कूल की टीचर मनीषा की मौत ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। लगातार आठ दिनों तक चले तनाव और विरोध प्रदर्शनों के बाद गुरुवार सुबह गांव ढाणी लक्ष्मण के श्मशान घाट में मनीषा का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों की मांग पर शव का पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में कराया गया था। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे, छोटे भाई नितेश ने अपनी बहन को मुखाग्नि दी। मनीषा का शव सीधे सिविल अस्पताल से गांव लाया गया। अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और पूरा इलाका जनसैलाब में बदल गया। स्थिति को संभालने और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई थी। शव यात्रा के मार्ग को सुगम बनाने के लिए JCB मशीनों का भी सहारा लिया गया।
कब लापता हुई मनीषा
11 अगस्त को मनीषा अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। पिता को उसने बताया था कि स्कूल के बाद वह पास के नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश के लिए भी जाएगी। लेकिन उसी दिन से वह लापता हो गई। चिंतित पिता जब थाने पहुंचे तो पुलिस ने गंभीरता से मामला लेने के बजाय टालमटोल किया और यहां तक कह दिया कि बेटी भाग गई होगी, शादी करके लौट आएगी। परिवार को यह जवाब बेहद चुभा और 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। केवल खानापूर्ति के लिए केस दर्ज किया गया।
13 अगस्त को मिला शव
13 अगस्त को मनीषा का शव सिंघानी गांव के पास एक नहर के किनारे बाजरे के खेत में मिला। शुरुआती पोस्टमार्टम भिवानी अस्पताल में हुआ, जिसमें गला रेतकर हत्या की आशंका जताई गई और गले पर 29 एमएम लंबा घाव पाया गया। परिवार ने इस रिपोर्ट के बाद शव लेने से मना कर दिया और न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठ गया।
मामले ने पकड़ा तूल
लगातार विरोध के बीच मामला राजनीतिक रंग लेने लगा। बढ़ते दबाव के बाद राज्य सरकार ने भिवानी एसपी को हटाया और लोहारू थाने के पांच पुलिसकर्मियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया। हालांकि, 18 अगस्त को पुलिस ने नया दावा किया कि मनीषा ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या की है और एक सुसाइड नोट मिलने की भी बात कही। इसके बाद पीजीआई रोहतक में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मेडिकल बोर्ड ने पेट में कीटनाशक मिलने की पुष्टि की और बलात्कार की संभावना से इंकार किया। लेकिन परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस की इस थ्योरी को पूरी तरह खारिज कर दिया। उनका कहना है कि यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है। लोगों की मांग थी कि जांच सीबीआई से कराई जाए और पोस्टमार्टम एम्स दिल्ली में हो। लगातार नौ दिनों तक चले बवाल और ग्रामीणों के आंदोलन के बाद सरकार ने परिवार की दोनों मांगें मान लीं। दिल्ली एम्स में पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लाया गया और पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
राशिफल 24 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
