राजनीति
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर कांग्रेस कल निकालेगी 'जय हिंद यात्रा'
8 May, 2025 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी ऑपरेशन सिंदूर के बाद एकजुटता दिखाने के लिए 9 मई को देश भर के सभी राज्यों में 'जय हिंद यात्रा' निकालेगी। कांग्रेस सूत्रों ने बताया, "कांग्रेस पार्टी एकजुटता दिखाने के लिए कल देश भर की सभी प्रदेश कांग्रेस कमिटी (पीसीसी) इकाइयों में 'जय हिंद यात्रा' निकालेगी।" इससे पहले दिन में, 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में बुधवार की सुबह भारत द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान के साथ चल रहे तनाव पर राजनीतिक नेताओं को जानकारी देने के लिए एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी शिविरों को निशाना बनाया गया था।
सर्वदलीय बैठक के दौरान कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार को अपना पूरा समर्थन दिया। हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या प्रधानमंत्री खुद को संसद से ऊपर समझते हैं। खड़गे की टिप्पणी पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी के सर्वदलीय बैठक से अनुपस्थित रहने पर की गई उनकी इसी तरह की आलोचना की याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को विपक्षी सदस्यों के विचारों को सीधे सुनना चाहिए था। गुरुवार को केंद्र ने संसद भवन में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजनीतिक दलों को सीमा पार आतंकवाद पर भारत की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई अन्य नेता शामिल हुए।
इस बीच, भारत द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने के बाद, जिसमें पाकिस्तान के अंदर नौ आतंकी शिविर नष्ट कर दिए गए थे, पाकिस्तान ने 7 मई की रात को कई सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश की। अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में सैन्य प्रतिष्ठानों को ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके निशाना बनाया गया। इन्हें इंटीग्रेटेड काउंटर यूएएस ग्रिड और एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा बेअसर कर दिया गया। इन हमलों का मलबा अब कई जगहों से बरामद किया जा रहा है, जो पाकिस्तानी हमलों की पुष्टि करता है।
महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने भारतीय सेना द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' की प्रशंसा की
8 May, 2025 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना की ओर से किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की खूब प्रशंसा की। दानवे ने कहा कि पहलगाम हमले में आतंकियों ने पुरुषों को निशाना बनाया, जिससे उनकी पत्नियों का सिंदूर मिट गया। उन्होंने इस ऑपरेशन के नाम ‘सिंदूर’ को भावनात्मक रूप से उचित ठहराते हुए इसे पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना का प्रतीक बताया।
दानवे ने कहा, “पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में आतंकियों ने पुरुषों को चुन-चुनकर मारा, जबकि महिलाओं को अलग रखा। इस हमले में 26 पुरुषों की मौत हुई, जिससे उनकी पत्नियों का सिंदूर मिट गया। यह एक दुखद और हृदयविदारक घटना थी। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम भावनाओं से खिलवाड़ नहीं है, बल्कि यह उन बहनों के दर्द को दर्शाता है, जिनके सुहाग को आतंकियों ने छीन लिया। इस नामकरण के पीछे भारतीय सेना की मंशा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं थी, बल्कि यह पीड़ित परिवारों के प्रति सम्मान और प्रतिशोध की भावना को दर्शाता है।
उन्होंने भारतीय सेना के ऑपरेशन की सराहना करते हुए कहा कि यह पहलगाम हमले का सटीक जवाब था। उन्होंने कहा, “हमने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। 6-7 मई की रात को भारतीय वायुसेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों के मुख्यालय शामिल थे। यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ नीति को दर्शाती है। इस ऑपरेशन में करीब 90 आतंकियों के मारे जाने की खबर है, जो भारत की सैन्य ताकत और खुफिया एजेंसी रॉ की सटीक योजना का परिणाम है।”
दानवे ने पाकिस्तान की कार्रवाइयों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “हमारी सेना ने आतंकी ठिकानों पर हमला किया, जबकि पाकिस्तान की ओर से होने वाले हमले आम नागरिकों को निशाना बनाते हैं। यह अंतर स्पष्ट करता है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ रहा है, न कि निर्दोष लोगों के खिलाफ। हमारी सेना इस तरह के कायराना हमलों का करारा जवाब देगी। पूरा विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार और सेना के साथ एकजुट है। हम पाकिस्तान की तरह नहीं हैं, जो निर्दोष लोगों को निशाना बनाते हैं। हमारा देश इस तरह से काम नहीं करता। हमारा लक्ष्य आतंकवादी हैं, पाकिस्तान के लोग नहीं। मेरा मानना है कि हमारा देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। जब समय आएगा, तो देश पूरी ताकत से जवाब देगा।”
‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नामकरण खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, जिसे दानवे ने संवेदनशील और प्रतीकात्मक बताया। उन्होंने कहा, “यह नाम उन महिलाओं के दर्द को दर्शाता है, जिनके पतियों को आतंकियों ने मार डाला। यह ऑपरेशन न केवल पहलगाम हमले का जवाब है, बल्कि भारत की उस नीति का प्रतीक है, जो आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय एकता और सेना का समर्थन इस समय की सबसे बड़ी जरूरत है। हमारी सेना ने साबित किया है कि भारत किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।”
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर गुरुवार को सर्वदलीय बैठक हुई, बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की
8 May, 2025 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इस मुद्दे पर गुरुवार को सर्वदलीय बैठक हुई। इस सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में सभी दलों को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में विपक्ष ने एकमत होकर कहा कि वे सरकार का समर्थन करेंगे। बैठक की खास बात यह रही कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है। किरेन रिजिजू ने कहा कि बैठक में सभी नेताओं ने अपने सुझाव दिए। सभी नेताओं ने ऐसे समय में परिपक्वता दिखाई है, जब हम सब मिलकर काम कर रहे हैं। सभी ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए सशस्त्र बलों की प्रशंसा की है और उन्हें बधाई दी है। यह भी कहा है कि हम सरकार और सशस्त्र बलों का समर्थन करेंगे। हमें कुछ सुझाव भी मिले हैं... रक्षा मंत्री ने कहा कि हम सिर्फ शासन करने के लिए सरकार नहीं बनाते।
हम सरकार के साथ हैं
राहुल इस मामले में कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता ने सरकार के साथ एकजुटता दिखाई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हम सरकार के साथ हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि संकट की इस घड़ी में हम सरकार के साथ हैं। खड़गे ने कहा, बैठक में हमने सुना कि वे (केंद्र) क्या कहना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ गोपनीय जानकारी बाहर साझा नहीं की जा सकती। हमने उनसे कहा कि हम सब सरकार के साथ हैं। इससे पहले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि इस मामले में पूरा विपक्ष सरकार के साथ है।
टीआरएफ पर प्रतिबंध
सर्वदलीय बैठक के बाद एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मैंने ऑपरेशन सिंदूर के लिए हमारे सशस्त्र बलों और सरकार की प्रशंसा की है। मैंने यह भी सुझाव दिया कि हमें रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के खिलाफ वैश्विक अभियान चलाना चाहिए। मैंने यह भी सुझाव दिया कि सरकार को अमेरिका से इसे (टीआरएफ) आतंकवादी संगठन के रूप में नामित करने का अनुरोध करना चाहिए। हमें एफएटीएफ में पाकिस्तान को ग्रे-लिस्ट करने का भी प्रयास करना चाहिए। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में रेजिस्टेंस फोर्स (टीआरएफ) का नाम सामने आया था। इस आतंकवादी संगठन ने हमले के बाद इसकी जिम्मेदारी ली थी। टीआरएफ लश्कर का एक छद्म संगठन है।
शशि थरूर ने की भारतीय सेना की सराहना, पीएम मोदी की भी तारीफ
8 May, 2025 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरुर आजकल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करने का कोई मौका छोड़ने नहीं हैं। उन्होंने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर की लेकर भारतीय सेना की जमकर तारीफ की और पीएम नरेंद्र मोदी की भी सराहना की। कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से न्याय का वादा किया था। सरकार ने सेनाओं को फ्रीहैंड दिया और 15 दिन के अंदर ही भारतीय सेना ने एयरस्ट्राइक कर दी। राजनीति में धुर विरोधी शशि थरूर ने भी भारतीय सेना और सरकार दोनों की तारीफ की है। पाकिस्तान और पीओके में भारतीय सेना की एयरस्ट्राइक को लेकर उन्होंने कहा कि यह बहुत ही सधा हुआ और तैयारी के साथ हुई कार्रवाई है।
यूएन में भारत के डिप्लोमैट रह चुके शशि थरूर ने कहा कि पहलगाम में आतंकी साजिश रचने वाले पाकिस्तान को भारत ने साफ संदेश दे दिया है। उन्होंने कहा कि हमने आत्मरक्षा में एक्शन लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की सेना पर उन्हें गर्व है। शशि थरूर ने कहा कि वाकई में सेना ने बहुत ही अच्छा और बड़ा काम किया है। भारतीय सेना ने कम से कम 9 आतंकी लॉन्च पैड्स और आतंकियों के ठिकानों को तबाह कर दिया है। इसमें आतंकियों के ट्रेनिंक कैंप और मुख्यालय तक शामिल हैं। लश्कर का अड्डा मुरादके कैंप, लश्कर के अब्बास कैंप, बरनाला कैंप, सरजल आतंकी कैंप, महमूना जोया कैंप बुरी तरह तबाह हो गया है। शशि थरूर ने कहा कि भारतीय सेना की सूझबूझ भी इस एयरस्ट्राइक में देखी जा सकती है। सेना ने केवल आतंकी ठिकानों को ही निशाना बनाया। वहीं सेना और सरकार की इमारतों पर कोई हमला नहीं हुआ। इससे आम नागरियों की क्षति को भी कम किया जा सका है। थरूर ने कहा कि इस एक्शन का मतलब यह नहीं है कि लंबा संघर्ष शुरू हो जाए। इसका मकसद इतना है कि पाकिस्तान को समझ में आना चाहिए कि उसे अपनी धरती का इस्तेमाल आतंकियों के लिए किए जाने से रोका जाएगा।
शशि थरूर ने कहा कि पाकिस्तान से निकट भविष्य में भी बातचीत संभव नहीं है। वहीं पाकिस्तान के पास भारत के सामने टिकने के लिए चार दिन की भी औकात नहीं है। ऐसे में उसे भी समझदारी दिखानी चाहिए और भारत के खिलाफ जहर उगलना बंद कर देना चाहिए। पहलगाम में खुफिया एजेंसियों पर नाकामी के आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि अभी इसपर बात करने का समय नहीं है। उन्होंने कहा, हम सबसे पहले अपने देश के लिए जिम्मेदार हैं।
"भारत को छेड़ने वालों को नहीं बख्शेंगे: शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान"
8 May, 2025 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत किसी को नहीं छेड़ता है, अगर कोई हमें छेड़े तो उसे हम छोड़ते नहीं हैं।
ऑपरेशन सिंदूर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “हम सबका कल्याण चाहते हैं और इसलिए हम किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन यह भी स्पष्ट है कि कोई हमें छेड़ता है तो उसे हम नहीं छोड़ते। यह अद्भुत देश है। एक साथ कई मोर्चों पर काम चल रहा है। भारत अब दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।”
केंद्रीय कृषि मंत्री ने नई दिल्ली स्थित पूसा में आयोजित कृषि आधारित राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत के आतंकवाद विरोधी अभियान का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, “एक तरफ आईपीएल भी चल रहा है, तो दूसरी तरफ आतंकवादियों के सफाए का महाअभियान चल रहा है। हमारी बेटियों की इज्जत को तार-तार करने वालों का सफाया हो चुका है। इन आतंकवादियों और उनके ठिकानों, उन्हें समर्थन देने वालों का सफाया हो चुका है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारा यही संकल्प है कि आतंकवादियों को जड़ से मिटाकर ही सांस लेंगे।”
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “विकास कोई साधारण कार्य नहीं है, यह वास्तव में असाधारण है। हालांकि, मैं इस क्षेत्र में परियोजनाओं और विकास के बारे में अभी विस्तार से नहीं बताऊंगा, लेकिन मैं इतना कहूंगा कि हमारा देश, भारत, 5,000 वर्षों से अधिक पुराने ज्ञात इतिहास वाला एक प्राचीन और महान राष्ट्र है।”
6-7 मई की दरमियानी रात को भारतीय सेना ने पहलगाम हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों को तबाह कर दिया।
पाकिस्तान के इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशन (आईएसपीआर) के प्रमुख जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने बताया कि इन हवाई हमलों में कम से कम 26 लोगों की मौत हुई और 46 घायल हुए हैं। ये हमले पीओके और पंजाब प्रांत के उन इलाकों में हुए जहां भारत के अनुसार आतंकियों के ठिकाने थे।
इस स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी सरकारी अस्पतालों को तैयार रहने को कहा गया है, देश की हवाई सीमाएं 24 से 36 घंटे के लिए बंद कर दी गई हैं, इस्लामाबाद और पंजाब के सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है।
शिवसेना का समर्थन: पीएम मोदी के लिए चले 'ऑपरेशन सिंदूर', पोस्टरों में किया सम्मान
8 May, 2025 10:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई , 8 मई । मुंबई में ऑपरेशन सिंदूर के बाद कई जगहों पर शिवसेना ने भारतीय सेना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए पोस्टर लगाए हैं। खास तौर पर यह पोस्टर दादर में लगाया गया है। इस पोस्टर में प्रधानमंत्री मोदी को एक योद्धा के रूप में दिखाया गया है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पूरा देश एक स्वर में प्रधानमंत्री और भारतीय सेना की तारीफ कर रही है। विपक्ष ने भी इस अहम वक्त में भारतीय सेना और केंद्र सरकार के साथ खड़े रहने का वादा किया है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद सरकार की ओर से प्रेस ब्रीफिंग की गई। इसमें सैन्य अफसरों ने हवाई अटैक की जानकारी दी। एक क्लिप भी चलाई गई जिसमें अटैक से पहले और बाद की स्थिति दिखाई गई। थल सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया, “पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था। नौ आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया गया। पाकिस्तान में पिछले तीन दशकों से आतंकवादी इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो रहा था, जो पाकिस्तान और पीओके दोनों में फैला हुआ है।”
उन्होंने बताया कि इसमें भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के नौ ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। ये हमले नौ लक्षित स्थानों- मुजफ्फराबाद, कोटली, बहावलपुर, रावलकोट, चकस्वरी, भीमबर, नीलम घाटी, झेलम और चकवाल में किए गए।
वहीं, गुरुवार को केंद्र सरकार संसद के पुस्तकालय में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया, “सरकार ने 8 मई, 2025 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली में संसद पुस्तकालय भवन, संसद परिसर में समिति कक्ष: जी-074 में सर्वदलीय नेताओं की बैठक बुलाई है।”
इससे पहले 7 मई को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऑपरेशन के लिए भारतीय सेना की बहादुरी की जमकर सराहना की। कैबिनेट मंत्रियों ने इस सफल अभियान के लिए पीएम मोदी को बधाई दी और उनके नेतृत्व में पूर्ण विश्वास जताया।
खड़गे का बयान: 'सिंदूर ऑपरेशन' पर सरकार के कदम का कांग्रेस करती है समर्थन
7 May, 2025 07:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ऑपरेशन सिंदूर पर बयान देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पाकिस्तान के खिलाफ सरकार के इस कदम का पूरी तरह से समर्थन करती है। खड़गे ने कहा कि देश की सेफ्टी और आतंकवाद के खिलाफ कोई भी कड़ी कार्रवाई उचित है। पार्टी सरकार के इस दिशा में उठाए गए हर कदम में साथ खड़ी है।
खड़गे का बयान-
खड़गे ने कहा, "हमारी प्राथमिकता हमेशा देश की सुरक्षा रही है। यदि सरकार आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है, तो कांग्रेस इसका समर्थन करती है।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी देश की सीमा की रक्षा के लिए किसी भी कदम का समर्थन करेगी, बशर्ते वह राष्ट्रीय हित में हो। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह बयान उस समय दिया जब भारत की वायुसेना ने PoK में एयरस्ट्राइक करके आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया था।
भारतीय वायुसेना का बड़ा हमला-
भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बहावलपुर में स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकाने पर सटीक हमला किया, जिससे पूरी इमारत ध्वस्त हो गई। यह वही स्थान था जहां 2019 के पुलवामा हमले की योजना बनाई गई थी। इस हमले को पुलवामा, उरी और 26/11 हमलों का बदला माना जा रहा है।
भारत का बड़ा ऑपरेशन-
भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर ऑपरेशन किया है। इस ऑपरेशन में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्य मारे गए हैं। इस पर मसूद अजहर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "अगर मैं भी मर जाता तो अच्छा था।" यह घटना पाकिस्तान में खलबली मचा रही है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान पर दबाव बना सकता है। वहीं, भारत ने किसी भी जवाबी कार्रवाई के लिए अपनी तैयारियों को मजबूत किया है।
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारतीय सेना द्वारा शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' पर कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक
7 May, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' पर कार्यसमिति की आपात बैठक बुलाई थी। जिसमें कांग्रेस के सभी शीर्ष नेता शामिल हुए हैं। इस बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, हम सेना के वीर जवानों को सलाम करते हैं, हम आतंकवाद के खिलाफ सरकार के साथ खड़े हैं।
'वीर जवानों के साहस और देशभक्ति को सलाम'
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, 'हमें भारतीय सेना पर गर्व है जिसने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके के आतंकी ठिकानों पर साहसिक और निर्णायक कार्रवाई करके मुंहतोड़ जवाब दिया है। हम अपने वीर जवानों के साहस, दृढ़ संकल्प और देशभक्ति को सलाम करते हैं... आतंकी हमले के पहले दिन से ही कांग्रेस सेना और सरकार के साथ एकजुटता से खड़ी रही और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ हर निर्णायक कार्रवाई का समर्थन किया।' हमारी सेनाओं को पूरा समर्थन और शुभकामनाएं- राहुल:
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'हमने कार्यसमिति में चर्चा की। हमारी सेनाओं को पूरा समर्थन। उन्हें शुभकामनाएं। उन्हें ढेर सारा प्यार। कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस कार्यसमिति की ओर से पूरा समर्थन है। हमें कल सर्वदलीय बैठक के लिए बुलाया गया है।'
भारतीय सेना का 'ऑपरेशन सिंदूर'
भारतीय सेना का ऑपरेशन सिंदूर 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना के बहादुर जवानों ने पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइलों से हमला किया था। इस हमले को लेकर पाकिस्तान ने दावा किया है कि भारतीय हवाई हमले में 26 लोग मारे गए हैं।
पहलगाम में भीषण आतंकी हमला
22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने बैसरन घाटी में घास के मैदान में छुट्टियां मना रहे 26 पर्यटकों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस दौरान आतंकियों ने सभी का नाम पूछा था और उनके परिजनों के सामने ही उन्हें गोली मार दी थी। जिसके बाद भारत ने पाकिस्तान पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए थे। इसी सिलसिले में आज भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत कार्रवाई की है।
मोदी ने गारंटी दी थी ! आज पूरा भी किया !!
7 May, 2025 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पाकिस्तानी ठिकानों पर भारतीय थल सेना के हमलों का विवरण आज (07 मई 2025) राष्ट्रीय मीडिया को कर्नल सोफिया ताजुद्दीन कुरैशी ने दिया तो विश्व को अचरज तो हुआ होगा। आखिर सोफिया ही प्रवक्ता क्यों थीं। ? हालांकि उनके साथ वायु सेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह भी थीं। दोनों की जोड़ी बड़ी अद्भुत रही। सोफिया कुरैश वंश की हैं। इसमें पैगंबर-ए-इस्लाम मोहम्मद साहब भी जन्मे थे। सोफिया के पति मेजर ताजुद्दीन कुरैशी इन्फेंट्री में अधिकारी हैं। चेन्नई सैनिक अकादमी में प्रशिक्षित हैं। साल 2016 में सोफिया ने 'एक्सरसाइज फोर्स 18' में भारतीय दल का नेतृत्व किया था, जो भारत की ओर से आयोजित सबसे बड़ा विदेशी सैन्य अभ्यास था। इस सैन्य अभ्यास में भाग लेने 18 देश के सैन्य दलों में कर्नल सोफिया कुरैशी एकमात्र महिला कमांडर थीं। वडोदरा (गुजरात) में विज्ञान (जैव रसायन) से स्नातकोत्तर डिग्री का चुकी सोफिया के दादा भी भारतीय सेना में थे। कर्नल सोफिया कुरैशी ने संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों के तहत छह सालों तक सेवाएं दी हैं। सोफिया ने साल 2006 में कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना मिशन में सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में सेवा दी। मीडिया से वार्ता करते वायुसेना से विंग कमांडर व्योमिका सिंह थीं। वे हेलीकॉप्टर पायलट हैं। विंग कमांडर व्योमिका उच्च जोखिम वाले इलाकों में अनुभव रखने वाली पायलट हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर सहित कुछ सबसे कठिन इलाकों में चेतक और चीता जैसे हेलीकॉप्टरों का संचालन किया है।उन्होंने नवंबर 2020 में अरुणाचल प्रदेश में उनके द्वारा संचालित प्रमुख अभियानों में से एक था। ये अभियान ऊंचाई, कठिन मौसम और दूरदराज के स्थानों पर किए गए थे, जहां जीवन बचाने के लिए हवाई सहायता महत्वपूर्ण है
इन दोनों प्रवक्ताओं का महिला होना एक संदेश था देश और दुनिया को कि पूरा भारत एकजुट है
आज के प्रतिशोधात्मक हमले का नाम नरेंद्र मोदी द्वारा "सिंदूर" रखना भी कम दिलचस्प नहीं है। जब 22 अप्रैल को यह हमला पहलगाम में हुआ था तो कुछ महिलाओं के सिंदूर मिट गए थे। विधवा हो गईं थीं। यही कारण रहा प्रधानमंत्री द्वारा इस पूरे हमले की कार्यवाही का नामकरण किया, ऑपरेशन "सिंदूर"। इस बार के पाकिस्तानी हमले पर तीव्र कार्यवाही इसलिए हुई क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थे। याद कीजिए (24 दिसंबर 1999) भारत का विमान हाईजैक करके आतंकी कंधार ले गए थे। तब प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई थे। भयभीत होकर तीनों आतंकियों को रिहा कर दिया था। जिसमें मसूद अजहर शामिल था। आज सुबह के हमले में जैश-ए-मोहम्मद का संस्थापक इस मसूद का पूरा परिवार बम से उड़ा दिया गया। अर्थात अटल बिहारी वाजपेई की भयंकर भूल का बदला आज ले लिया गया है। मगर अटलजी की एक और भूल का खामियाजा लेना बाकी है। जब अटलजी प्रधानमंत्री थे तो भारत के दिल्ली में संसद भवन पर 13 दिसंबर 2001 को आतंकवादी हमला हुआ था। यह हमला करने वाला लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद नामक आतंकवादी संगठन के लोग थे। इस हमले में कुल 14 लोगों की जानें गई थी।इस भाजपाई प्रधानमंत्री ने सेना को आदेश दिया था कि पाकिस्तानी सीमा पर मुस्तैदी से खड़े रहो। मगर अटलजी आदेश देना भूल गए। सीमा पर भारतीय सेना के साथ कई दिनों तक बड़ा वीभत्स मजाक चलता रहा। कांधार और संसद पर हमले वाली घटनाओं पर अपने लिबलिबीपन के बावजूद अटल बिहारी वाजपेई प्रधानमंत्री बने रहे।ऐसा ही वाकया कांग्रेसी प्रधानमंत्री सरदार मनमोहन सिंह के राज में हुआ था। तब एक पाकिस्तानी आतंकी गिरोह ने (26-29 नवंबर 2008) मुंबई में 166 भारतीयों को मार डाला था और 300 को घायल कर दिया था। अजमल कसाब इस प्रकरण का खलनायक था। तब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिजलिजेपन से मुंबई के कुछ आतंकी बचे रहे, सिवाय कसाब के। उनके गृहमंत्री शिवराज पाटिल के पास दिन में चार बार सूट बदलने का टाइम तो था। मगर मुंबई के आतंकियों के खिलाफ कार्यवाही पर शीघ्रता की सोच या जरूरत की भावना नहीं थी। पर वाह रे नरेंद्र मोदी ! जो कहा वो किया। इसीलिए उन्हें देश का सलाम। राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना की समता अंजनी पुत्र बजरंगबली से की जिन्होंने अपनी पूंछ से लंका जला दी थी। एक बात विपक्षी राजनेताओं के बारे में। वे श्रेय सेना को देते हैं। मगर भूल गए सेना को आदेश कौन देता है ? इतनी वैचारिक तुच्छता और डाह मोदी से ? देश कभी भी माफ नहीं करेगा।
पीएम मोदी पर मांझी का भरोसा: वादों को निभाने वाले नेता बताया
7 May, 2025 02:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली, 7 मई । भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके के 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद यह भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की है। सेना की इस कार्रवाई के बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि यह उन लोगों के मुंह पर जोरदार तमाचा साबित हुआ है जो कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ बातें करते हैं, वह सिर्फ खोखले वादे करते हैं। इस कार्रवाई से सिद्ध हो गया कि पीएम मोदी जो कहते हैं वह पूरा करते हैं।
बुधवार को केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि हम ऐसी कार्रवाई करेंगे कि दुश्मन को समझ में आ जाएगा कि हमें उकसाने का क्या मतलब होता है। इस कार्रवाई के लिए हम भारतीय सेना और नरेंद्र मोदी का दिल से आभार व्यक्त करते हैं।
कांग्रेस नेताओं के बयानों पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को यह समझ नहीं है कि कब क्या बयान देना है। अनुभवहीनता के कारण वह पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। पीएम मोदी और हम लोग कांग्रेस के बयान को गंभीरता से नहीं लेते हैं। हम भारत की प्रतिष्ठा को बचाने के लिए काम कर रहे हैं।
आतंक पर भारत की कार्रवाई पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि अभी बहुत कुछ बाकी है। ऑपरेशन सिंदूर से भारतीय जनता संतुष्ठ है। लेकिन, अभी पाकिस्तान को पूरा जवाब नहीं दिया है। अभी तो हमारी सेना ने आतंकवादियों के गढ़ को ध्वस्त किया है। अगर पाकिस्तान किसी बहकावे में आता है तो जवाब में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “हम मुसहर लोग हैं, चूहों को बिल से निकालकर कैसे मारा जाता है हमें अच्छे से पता है। कहा था ना कि पाकिस्तानी चूहों के साथ हम क्या करेंगे उसका अंदाज़ा उनके हुक्मरानों को भी नहीं लगेगा। “बदला लेंगे,बदल देंगे नक्शा ए पाकिस्तान” जय हिन्द की सेना।”
बता दें कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भारतीय सेना, वायुसेना और विदेश मंत्रालय ने संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग में आतंकी ठिकानों पर किए गए हमले की क्लिप दिखाई है। प्रेस ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा, “पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था। नौ आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया गया।”
आतंक के खिलाफ सख्त रुख: मोदी सरकार की नीति पर बोले अरुण साव
7 May, 2025 12:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने ‘नए भारत’ का जवाब करार दिया है। उन्होंने कहा कि ये पीएम मोदी का भारत है जो घर में घुस कर मारता है और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ इसकी एक झलक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया था कि हम आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे और पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाएंगे जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। इसलिए, आतंकवाद का अंत होना आवश्यक है। यह स्वाभाविक रूप से एक ऐसा कदम है जिसे हर देश अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाता है और हमेशा तैयार रहता है।
इससे पहले साव ने एक्स पोस्ट में भारतीय सेना के बदले की प्रशंसा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “जब नाश मनुज पर छाता है। पहले विवेक मर जाता है।। पाक पोषित आतंकियों ने धर्म पूछकर भारत की बेटियों के 26 “सिंदूर” उजाड़े थे, आज मां भारती के लालों ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च कर नापाक आतंकवादियों के बड़े ठिकानों को ही उजाड़ दिया है। ये नया भारत है, ये मोदी का भारत है। घर में घुसकर मारता है। जय हिंद की सेना। वंदे मातरम।“
बता दें कि रक्षा मंत्रालय की ओर से भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों पर हमला करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और निर्देशित किया गया। भारतीय सेना ने 9 आतंकी ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया। संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग में वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह और थल सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी ने 2 मिनट की क्लिप दिखा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता की कहानी बताई।
इस दौरान विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दावा किया कि भारत की कार्रवाई केंद्रित, मापी गई और गैर-उग्र प्रकृति की रही है। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य सुविधाओं को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्यों के चयन और निष्पादन के तरीके में काफी संयम दिखाया। ये कदम पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले के मद्देनजर उठाए गए हैं, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की हत्या कर दी गई थी।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीएम उमर अब्दुल्ला की बड़ी बैठक, बोले- डटे रहें, कमजोर न हों
7 May, 2025 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर, 7 मई । भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान स्थित आतंकियों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अधिकारियों के साथ एक बैठक की। सीएम अब्दुल्ला ने सभी लोगों से एकजुट और मजबूत रहने की अपील की।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री कार्यालय ने अपने एक्स अकाउंट पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, “मौजूदा घटनाक्रम को देखते हुए सभी डिप्टी कमिश्नरों को तत्काल आपातकालीन फंड जारी करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को गलत सूचनाओं का मुकाबला करने और जनता से केवल सत्यापित स्रोतों पर भरोसा करने की अपील करने के लिए कहा गया है। आइए, हम एकजुट और मजबूत रहें।”
एक अन्य पोस्ट में बताया गया, “सीमा/नियंत्रण रेखा क्षेत्रों में सुरक्षा और तैयारियों का आकलन करने के लिए बैठक आयोजित की गई। नागरिक जीवन की सुरक्षा, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और किसी भी उभरती चुनौती का त्वरित जवाब सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।”
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के हालात पर उच्च स्तरीय चर्चा की। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक (डीजी), उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर बात की।
केंद्रीय गृह मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमा के नजदीक रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, “सीमा के पास रहने वाले सभी नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर बने बंकरों में तत्काल शिफ्ट किया जाए। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।”
इस बीच, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठा रही है। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में स्थिति का जायजा लिया।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर लक्षित हमले किए, जिसमें 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की खबर है। इस कार्रवाई को पहलगाम आतंकी हमले का जवाब माना जा रहा है, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी।
"सेना के शौर्य को सलाम: विपक्षी नेताओं ने ऑपरेशन सिंदूर पर जताया गर्व"
7 May, 2025 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली, 7 मई । ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भारत में हर तरफ खुशी की लहर है। हर कोई पाकिस्तान में आतंकियों पर की गई कार्रवाई का समर्थन कर रहा है। इस कड़ी में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमें अपनी सेना पर अत्यंत गर्व है। हमारे बहादुर जवान हमारी स्वतंत्रता और अखंडता को सुरक्षित रखते हैं। भगवान उनकी रक्षा करें।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”हमारी सेना पर हमें अत्यंत गर्व है। हमारे बहादुर जवान हमारी स्वतंत्रता और अखंडता को सुरक्षित रखते हैं। भगवान उनकी रक्षा करें और उन्हें धैर्य और वीरता से चुनौतियों का सामना करने की अपार हिम्मत दें। जय हिंद।”
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक्स पोस्ट में लिखा, ”पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने की भारतीय सेना की ’ऑपरेशन सिंदूर’ कार्रवाई गौरवमय व सराहनीय।”
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”पराक्रमो विजयते!”
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादियों के ठिकानों पर हमला किया। ये ऐसे चिन्हित स्थान हैं, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और उन्हें निर्देशित किया गया। कुल मिलाकर, नौ (9) ठिकानों को निशाना बनाया गया है, जिसमें आतंकवादी स्थल मरकज सुभान अल्लाह बहावलपुर, मरकज तैयबा, मुरीदके, सरजाल/तेहरा कलां, महमूना जोया सुविधा, सियालकोट, मरकज अहले हदीस बरनाला, भिम्बर, मरकज अब्बास, कोटली, मस्कर राहील शाहिद, कोटली जिले में स्थित हैं।
इसके अलावा मुजफ्फराबाद में शावई नाला कैम, मरकज सैयदना बिलाल शामिल हैं।
इस पूरे ऑपरेशन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रात भर प्रगति पर बारीकी से नजर रखी। सूत्रों ने पुष्टि की कि प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सैन्य कमांडरों के साथ लगातार संपर्क में थे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अभियान योजना के अनुसार आगे बढ़े।
जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन सिंदूर के तहत केंद्रीय गृहमंत्री सक्रिय, एलजी और पूर्व सीएम से चर्चा
7 May, 2025 11:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली, 7 मई । ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सीजफायर उल्लंघन और लगातार गोलाबारी के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के हालात पर उच्च स्तरीय चर्चा की। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक (डीजी), उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर बात की।
केंद्रीय गृह मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमा के नजदीक रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “सीमा के पास रहने वाले सभी नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर बने बंकरों में तत्काल शिफ्ट किया जाए। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।”
वहीं, पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भारी गोलाबारी की खबरें हैं, जिसमें दस नागरिकों की मौत और 50 लोगों के घायल होने की सूचना है। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर लक्षित हमले किए, जिसमें 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की खबर है। इस कार्रवाई को पहलगाम आतंकी हमले का जवाब माना जा रहा है, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी।
गृह मंत्रालय ने सीमावर्ती इलाकों में अर्धसैनिक बलों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए बैठक की और नागरिकों की सुरक्षा पर जोर दिया। सीएमओ ने कहा कि नागरिक जीवन की सुरक्षा, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और किसी भी उभरती चुनौतियों का त्वरित जवाब सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठा रही है। उन्होंने केंद्रशासित प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में स्थिति का जायजा लिया।
पहलगाम हमले के जवाब में भारत का ‘ऑपरेशन सिंदूर’: शांभवी चौधरी का बड़ा बयान
7 May, 2025 11:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना, 7 मई । पहलगाम आतंकी हमले का बदला भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके के 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करके ले लिया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर लोजपा (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि हमें अपनी सेना पर गर्व है। पहलगाम आतंकी हमले का जवाब भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से दिया है।
शांभवी चौधरी ने कहा कि भारतीय सेना को सलाम करते हैं। आज अगर हम सुरक्षित महसूस करते हैं, तो यह भारतीय सेना की वजह से है। बहुत ही रणनीतिक और समझदारी भरे तरीके से आतंकवादियों के बेस कैंपों को पूरी तरह से नष्ट किया गया है। पहलगाम में टूरिस्टों पर हमले का कड़ा जवाब दिया गया है और कहीं न कहीं भारत की अखंडता और संप्रभुता पर हमला करने वालों को करारा जवाब मिला है।
उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी ने कहा था कि आतंकवादियों की बची जमीन को भी मिट्टी में मिला देंगे। ऑपरेशन सिंदूर के तहत उसे मिट्टी में मिला दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की वजह से आज हर भारतीय सुरक्षित महसूस करता है।
बिहार के पांच जिलों में होने वाली मॉक ड्रिल पर उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय की ओर से जो गाइडलाइंस आई है। हमें उसका पालन करना होगा। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। यह हमारी भलाई के लिए किया जा रहा है।
बता दें कि रक्षा मंत्रालय की ओर से भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों पर हमला करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और निर्देशित किया गया। भारतीय सेना ने 9 ठिकानों को ध्वस्त किया।
भारत ने कहा कि हमारी कार्रवाई केंद्रित, मापी गई और गैर-उग्र प्रकृति की रही है। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य सुविधाओं को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्यों के चयन और निष्पादन के तरीके में काफी संयम दिखाया है। ये कदम पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले के मद्देनजर उठाए गए हैं, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की हत्या कर दी गई थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
दिलीप घोष बोले- बंगाल में खिलेगा कमल, BJP की जीत का भरोसा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार
छत के नेट से टीम इंडिया की कैप तक का सफर
केदारनाथ धाम में उत्सव का माहौल, कल सुबह खुलेंगे कपाट
सुपर सकर मशीन द्वारा लगातार चौथे दिन तानसेन नगर में सीवर सफाई कार्य जारी
रायपुर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में सूरजपुर बना प्रदेश में प्रथम स्थान पर
