देश
केरल के इस मंदिर में महिलाओं की तरह तैयार होते होते हैं पुरुष
1 Feb, 2024 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तिरुवनंतपुरम । कोल्लम के चावरा में प्रसिद्ध कोट्टानकुलंगरा देवी मंदिर में पारंपरिक अनुष्ठान के हिस्से के रूप में, इस साल रविवार को समाप्त होने वाले त्यौहार के अंतिम दो दिनों में हजारों पुरुष महिलाओं के रूप में तैयार होते हैं। मान्यता है कि यदि पुरुष 19 दिनों तक चलने वाले वार्षिक मंदिर उत्सव के अंतिम दो दिनों में महिलाओं के रूप में तैयार होते हैं, तब स्थानीय देवता प्रसन्न होते हैं और मनोकामना पूरी करते हैं। पिछले कुछ सालों में, अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ आने वाले पुरुषों की संख्या में वृद्धि हुई है और 10,000 का आंकड़ा पार कर लिया गया है। इस विशेष घटना को कोट्टनकुलंगरा चमायविलक्कू कहा जाता है।
परंपरा की शुरूआत लड़कों के एक समूह द्वारा की गई थी, जो गायों को पालते और लड़कियों के रूप में तैयार होते थे। फूल और कोटन (नारियल से बनने वाली डिश) चढ़ाते थे। एक दिन देवी एक लड़के के सामने प्रकट हुईं। इसके बाद, देवी की पूजा करने के लिए महिलाओं के रूप में पुरुषों के कपड़े पहनने की रस्म शुरू हुई। एक मान्यता यह भी है कि पत्थर सालों से आकार में बढ़ता जा रहा है। अब जब यह अनुष्ठान बेहद लोकप्रिय हो गया है, तब यह त्यौहार विभिन्न धर्मों के लोगों को आकर्षित करता है और उनमें से बड़ी संख्या लोग केरल के बाहर से आते हैं। तमिलनाडु के एक युवक ने कहा, मैं कुछ सालों से इस अनुष्ठान के बारे में सुन रहा था और मैं आना चाहता था और आखिरकार मैं इस साल आ गया। एक महिला के रूप में तैयार होने के बाद, मुझे लगा कि मैंने वह हासिल कर लिया है जिसकी मैं कुछ समय से योजना बना रही थी।
अनुष्ठान में भाग लेने के लिए सबसे शुभ समय 2 बजे से 5 बजे के बीच है। पारंपरिक साड़ी में सजे-धजे पुरुषों को शाम के समय दीपक ले जाते हुए भारी संख्या में देखा जा सकता है। पुरुषों को महिलाओं या लड़कियों के रूप में तैयार होने के लिए दीपक ले जाना पड़ता है, जो किराए पर उपलब्ध हैं, लेकिन उन्हें अपनी पोशाक लेनी पड़ती है। अगर किसी को मदद की जरूरत है, तब सहायता के लिए ब्यूटीशियन हैं।
आज केद्रीय अंतरिम बजट संसद में होगा प्रस्तुत, लगातार छठा बजट पेश करेंगी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
1 Feb, 2024 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। केन्द्रीय अंतरिम बजट गुरूवार को संसद में प्रस्तुत होगा। चूंकि यह अंतरिम बजट है। चुनावी वर्ष भी है, इसलिए कुछ लोक-लुभावने वायदे किए जा सकते हैं। इसमें वेतनभोगी वर्ग को स्टैंडर्ड डिडक्शन जिसमें अभी 50 हजार रुपए की छूट मिलती है, उसे सरकार बढ़ाकर 1 लाख रुपए तक कर सकती है। आयकर की दरों में भी कुछ बदलाव की उम्मीद की जा रही है। इसी प्रकार वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कानून में भी कुछ रियायतें दी जा सकती हैं। इसमें विकास के कार्यों के खर्चों पर सरकार का विशेष जोर रह सकता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को लगातार छठा बजट पेश करेंगी। इसके साथ ही उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज होंगे। वह लगातार पांच पूर्ण बजट और एक अंतरिम बजट पेश कर पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के क्लब में शामिल हो जाएंगी। सीतारमण पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री हैं, जो जुलाई 2019 से अब तक पांच पूर्ण बजट पेश कर चुकी हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने सर्वाधिक 10 बार बजट पेश किए थे।
विपक्ष जब जातिगत जनगणना के मुद्दे के सहारे केंद्र सरकार को घेरने की योजना बना रहा था, प्रधानमंत्री मोदी ने इसकी खूब आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि जातिगत राजनीति करके देश को गर्त में धकेलने का काम किया गया है। अब यह सोच बदलनी चाहिए। विकसित भारत संकल्प यात्रा के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों को अपने लिए चार विशेष जातियां बताया था। एक फरवरी को पेश किए जाने वाले बजट में इन्हीं चार वर्गों के लिए विशेष कल्याणकारी योजनाएं पेश की जा सकती हैं। ऐसा कर भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करना चाहेगी। वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के पूर्व पेश किए गए अंतरिम बजट में भी केंद्र सरकार ने किसानों के लिए नकद आर्थिक सहायता योजना पेश कर पूरा खेल पलट दिया था। माना जाता है कि किसानों की तमाम नाराजगी के बीच केंद्र सरकार ने यह योजना पेश कर किसानों के एक बड़े वर्ग का समर्थन हासिल कर लिया था, जिसने उस महत्त्वपूर्ण चुनाव में भाजपा को रिकॉर्ड जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
एक समय प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की संख्या 11 करोड़ से ऊपर पहुंच गई थी। हालांकि बाद में इसमें कमी आई। दिसंबर 2023 में कृषि एवं कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने संसद में जानकारी दी थी कि अब इस योजना के लाभार्थियों की संख्या 8.12 करोड़ है। कृषि मंत्रालय के एक अधिकारी ने अमर उजाला को बताया कि पीएम किसान योजना की राशि में कुछ बढ़ोतरी कर सरकार एक बार फिर किसानों को लुभाने की कोशिश कर सकती है। लेकिन नकद आर्थिक सहायता राशि बढ़ाने की बजाय हर उपयुक्त किसान तक योजना का लाभ पहुंचाने और किसानों को ज्यादा आसान कर्ज उपलब्ध कराने, किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाते हुए उसका सभी कार्यों के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति देकर भी सरकार किसानों को आकर्षित करने की कोशिश कर सकती है। जिस तरह स्वास्थ्य, बिजली, जल और राशन योजना को हर गरीब परिवार तक पहुंचाने की कोशिश की गई है, उसी प्रकार इस योजना को भी हर किसान तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयासों की घोषणा की जा सकती है।
मोदी के निशाने पर होंगी महिलाएं
महिलाएं और युवा मतदाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष समर्थक वर्ग के रूप में उभरा है। इस बजट में इन वर्गों को लुभाने की कोशिश की जा सकती है। केंद्र सरकार ने पहले ही उज्जवला योजना, जनधन खाता योजना और स्वयं सहायता योजनाओं के जरिए विशेष उद्यम स्थापित करने में महिलाओं का सहयोग कर उन्हें अपने विशेष समर्थक के तौर पर उभारने का काम किया है। इस बार भी महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं पेश कर उन्हें आकर्षित करने का काम किया जा सकता है।
युवाओं को लुभाने की रहेगी कोशिश
युवा मतदाता भाजपा के बड़े समर्थक वर्ग के तौर पर उभरे हैं। यही कारण है कि केंद्र सरकार विशेष योजनाओं के जरिए इन्हें लुभाने की कोशिश कर सकती है। बेरोजगारी भत्ता, उच्च शिक्षा के लिए विशेष आर्थिक सहायता और स्वयं रोजगार स्थापित करने में विशेष आर्थिक मदद देने की घोषणा कर भी केंद्र सरकार इन्हें अपने से जोडऩे की कोशिश कर सकती है।
कोर्ट ने ज्ञानवापी तहखाने में पूजा की इजाजत दी
1 Feb, 2024 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाराणसी । वाराणसी जिला कोर्ट ने बुधवार को ज्ञानवापी के व्यास जी तहखाने में व्यास परिवार को पूजा की इजाजत दे दी है। 31 सालों से यानी 1993 से तहखाने में पूजा-पाठ बंद था।? कोर्ट ने कहा कि वाराणसी के डीएम 7 दिन के अंदर पुजारी नियुक्त करेंगे, जिसके बाद व्यास परिवार पूजा-पाठ शुरू कर सकता है।
इससे पहले, कोर्ट ने 17 जनवरी को व्यास जी के तहखाने का जिम्मा डीएम को सौंप दिया था। डीएम ने मुस्लिम पक्ष से तहखाने की चाबी अपने पास ले ली थी। इसके 7 दिन बाद यानी 24 जनवरी को डीएम की मौजूदगी में व्यास तहखाने का ताला खोला गया था। वहीं, मुस्लिम पक्ष के वकील मेराजुद्दीन ने कहा कि फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे। यह फैसला न्यायसंगत नहीं है।
4 महीने में कोर्ट ने सुनाया फैसला
25 सितंबर 2023 को शैलेंद्र व्यास ने वाराणसी कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने व्यास जी के तहखाने में पूजा-पाठ का अधिकार देने की मांग की थी। करीब 4 महीने बाद वाराणसी कोर्ट ने फैसला सुनाया है। ज्ञानवापी के व्यास जी तहखाने में 1993 से पहले सोमनाथ व्यास पूजा पाठ किया करते थे। हालांकि, बाद में पूजा पाठ बंद हो गई थी। 2020 में सोमनाथ व्यास का निधन हो गया था। इसके बाद शैलेंद्र व्यास ने कोर्ट से पूजा का अधिकार मांगा था। जिला जज डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश की कोर्ट ने मंगलवार को बहस पूरी कर ली गई थी। इस दौरान अंजुमन इंतजामिया ने वकील मुमताज अहमद, एखलाक अहमद कहा था कि व्यासजी का तहखाना मस्जिद का पार्ट है। यह वक्फ बोर्ड की संपत्ति है। इसलिए पूजा-पाठ की अनुमति नहीं दी जा सकती है।
1551 से मिलता है व्यास परिवार का सजरा
वाराणसी में व्यास परिवार वंशवृक्ष (सजरा) 1551 से मिलता है। सबसे पहले व्यास शतानंद व्यास थे, जो 1551 में इस मंदिर में व्यास थे। इसके बाद सुखदेव व्यास (1669), शिवनाथ व्यास (1734), विश्वनाथ व्यास (1800), शंभुनाथ व्यास (1839), रुकनी देवी (1842) महादेव व्यास (1854), कलिका व्यास 1874), लक्ष्मी नारायण व्यास (1883), रघुनंदन व्यास (1905) बैजनाथ व्यास (1930) तक यह कारवां चला।
बैजनाथ व्यास की बेटी ने आगे बढ़ाया वंश
बैजनाथ व्यास को कोई बेटा नहीं था। इसलिए उनकी बेटी राजकुमारी ने वंश को आगे बढ़ाया। उनके बेटे सोमनाथ व्यास, चंद्र व्यास, केदारनाथ व्यास और राजनाथ व्यास ने परंपरा को आगे बढ़ाया। सोमनाथ व्यास का देहांत 28 फरवरी 2020 को हुआ। उनकी बेटी ऊषा रानी के बेटे शैलेंद्र कुमार व्यास हैं।
चीनी सैनिकों से भिड़े लद्दाख के चरवाहे
1 Feb, 2024 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लद्दाख । लद्दाख में कुछ भारतीय चरवाहों ने चीन से लगी सीमा के पास चीन के सैनिकों को जवाब दिया। ये चरवाहे इस इलाके में भेड़ चराने आए थे। चीनी सैनिकों ने इन्हें रोका, जिसके बाद चरवाहों ने कहा कि हम भारतीय जमीन पर खड़े हैं। ये घटना इस महीने की शुरुआत की बताई जा रही है।
2020 में हुए गलवान विवाद के बाद से स्थानीय चरवाहे इस इलाके में अपने मवेशियों को चराने नहीं लाते थे। गलवान विवाद के बाद से ये पहली बार है जब चरवाहों ने इस इलाके को अपना बताया और चीनी सैनिकों को यहां से जाने को कहा। इस बातचीत का वीडियो सामने आया है।
पूर्वी लद्दाख के चुशुल से पार्षद कोंचोक स्टेन्जिन ने सोशल मीडिया पर ये वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा कि देखिए किस तरह से हमारे स्थानीय लोगों ने चीन की सेना के सामने अपनी बहादुरी दिखाते हुए दावा किया कि जिस इलाके में उन्हें दाखिल होने से रोक रहे हैं, वह हमारे बंजारों की ही चरागाह भूमि है। उन्होंने आगे कहा कि चीन की सेना हमारे बंजारों को उनकी ही भूमि पर मवेशियों को चराने से रोक रही थी। मैं हमारे बंजारों को सलाम करता हूं, जो हमेशा हमारी जमीन की रक्षा के लिए देश की दूसरी संरक्षक शक्ति के रूप में खड़े रहते हैं।
कोंचोक बोले- भारतीय सेना के प्रति आभारी हूं
एक अन्य ट्वीट में कोंचोक ने लिखा कि पूर्वी लद्दाख के बॉर्डर वाले इलाकों में भारतीय सेना की फायर फ्यूरी कॉप्र्स सकारात्मक बदलाव लाई है, जिसे देखकर खुशी होती है। पैंगोंग झील के उत्तरी किनारे से सटे चारागाह पर हमारे चरवाहों और बंजारों को हक दिलाने में सेना ने मदद की है। मजबूत सैन्य-नागरिक संबंध बनाने और बॉर्डर से सटे इलाकों के लोगों के हितों का ध्यान रखने के लिए भारतीय सेना का आभारी हूं।
कुल्लू-मनाली में सीजन का पहला स्नोफॉल, खुशगवार हुआ मौसम
31 Jan, 2024 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिमला । कुल्लू-मनाली में इस समय भारी बर्फबारी हो रही है। हालांकि लोग यहां पर लंबे समय से बर्फबारी-बारिश का इंतजार कर रहे थे। अब लेकिन हिमाचल प्रदेश के टूरिस्टों के लिए यह खुशखबरी है। प्रदेश भर में मनाली, कुल्लू, लाहौल स्पीति, डलहौजी, पांगी, भरमौर सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। साथ ही मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर सहित अन्य जिलों में बारिश हुई है। इस दौरान लाहौल स्पीति में अटल टनल सहित अन्य इलाकों में बड़ी संख्या में टूरिस्ट फंस गए थे, जिन्हें कुल्लू और लाहौल पुलिस ने सुरक्षित निकाला है। फिलहाल, बुधवार को प्रदेश के मंडी, कुल्लू, मनाली सहित ज्यादातर इलाकों में बादल छाए हुए हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, कुल्लू पुलिस ने अटल टनल रोहतांग से सोलंगनाला तक 300 पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर मनाली पहुँचाया है। एसडीएम रमन शर्मा ने एसएचओ तहसीलदार और लोकल लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया है।
एसडीएम रमन शर्मा ने बताया कि अटल टनल रोहतांग के आसपास भारी बर्फबारी में फंसे 50 पर्यटक वाहनों और एचआरटीसी बस मे क़रीब 300 पर्यटकों को प्रशासन की टीम ने सकुशल मनाली पहुंचाया। एसडीएम रमन शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी टूरिस्ट सुरक्षित निकाल लिए गए हैं। इधर बर्फबारी का इंतजार कर रही मनाली की पब्लिक के लिए भी खुशखबरी है। मनाली शहर में सीजन का पहला हिमपात देर रात हुआ। यहां मंगलवार देर शाम पहले बारिश हुई औऱ फिर बर्फबारी भी हुई। बर्फबारी के चलते मनाली में पर्यटन कारोबारी और किसान-बाग़वानों के चेहरे खिल गए हैं।
लाहौल स्पीति के एसपी मयंक ने बताया कि पुलिस ने जिले में बर्फबारी के दौरान फंसे पर्यटक और वाहनों को कोकसर से रेस्क्यू किया है। पुलिस पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। एसपी ने बताया कि जिले में कोई भी पर्यटक वाहन बर्फबारी में नहीं फंसे हैं। लाहौल स्पीति में देर रात जमकर बर्फ गिरी है। यहां पर घाटी के शिंकुला दर्रे, बारालाचा रोहतांग और कुंजम जोत समेत ऊंचाई वाले पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। इसके अलावा, चंबा के डलहौजी, भरमौर, पांगी सहित अन्य इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। फिलहाल, शिमला शहर में बर्फबारी का इंतजार हो रहा है।
भारतीयों के लिए अमेरिकी वीजा महंगा हुआ
31 Jan, 2024 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय छात्रों और व्यापारियों को अमेरिकी वीजा जारी करने की संख्या पिछले साल की तुलना में हाल के महीनों में 60 फीसदी तक बढ़ गई है। इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए गार्सेटी ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार बढ़कर 200 अरब डॉलर प्रति वर्ष हो गया है और वह निकट भविष्य में 500 अरब डॉलर का लक्ष्य देख रहे हैं। गार्सेटी ने कहा कि हाल ही में अमेरिका में वैश्विक व्यापार नेताओं की एक बैठक में प्रतिभागियों की सबसे बड़ी संख्या भारत से थी और यह दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों को दिखाता है। बोइंग और एप्पल जैसी अमेरिकी कंपनियों द्वारा भारत में किए जा रहे बड़े निवेश का हवाला देते हुए गार्सेटी ने कहा कि अमेरिकी कंपनियों ने भारत में 30 लाख से अधिक नौकरियां पैदा की हैं।
व्यासजी के तहखाने में पूजा की मिली अनुमति, हिंदू पक्ष की जीत पर जश्न का माहौल
31 Jan, 2024 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाराणसी । ज्ञानवापी केस में बड़ा फैसला आया है। यह फैसला हिंदू पक्ष में सुनाया गया है। फैसले के मुताबिक, ज्ञानवापी तहखाने में हिंदुओं को पूजा का अधिकार मिला गया है। ज्ञानवापी स्थित व्यासजी के तहखाने में पूजा किए संबंधी आवेदन पर जिला जज डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश की अदालत में दोनों पक्ष की तरफ से मंगलवार को बहस पूरी कर ली गई थी। अदालत ने इस प्रकरण में बुधवार को अपना आदेश सुनाया। तहखाने में पूजा करने की अनुमति मिल गई है। प्रकरण को लेकर हिंदू पक्ष के वकील सुभाष नंदन चतुर्वेदी कहते ने कहा आज व्यासजी के तहखाने में पूजा करने का अधिकार दिया गया है और कोर्ट ने एक सप्ताह के भीतर आदेश का अनुपालन करने का आदेश जिला अधिकारी को दिया है।
वादी के अधिवक्ताओं के मुताबिक व्यासजी के तहखाने को डीएम की सुपुर्दगी में दिया गया है। अधिवक्ताओं के अनुरोध पर कोर्ट ने नंदी के सामने की बैरिकेडिंग को खोलने की अनुमति दी है। ऐसे में अब तहखाने में 1993 के पहले के जैसे पूजा के लिए अदालत के आदेश से आने- जाने दिया जाएगा। मंगलवार को कोर्ट में अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की तरफ से अधिवक्ता मुमताज अहमद और एखलाक अहमद ने कहा था कि व्यासजी का तहखाना मस्जिद का हिस्सा है। वहां पूजा की अनुमति नहीं दी जा सकती। यह मुकदमा पूजा स्थल अधिनियम से बाधित है। तहखाना वह वक्फ बोर्ड की संपत्ति है। लिहाजा, वहां पूजा-पाठ कि अनुमति न दी जाए।
लकड़ी पर वो नक्काशी की देखने वाले हो जाएं हैरान,अब कश्मीर के गुलफाम को मिला पद्मश्री
31 Jan, 2024 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर। इस साल पद्म सम्मान पाने वालों में श्रीनगर के 72 वर्षीय शिल्पकार गुलाम नबी डार भी शामिल हैं जिन्हें लकड़ी पर नक्काशी में योगदान के कारण पद्मश्री के लिए चुना गया है। गुलाम नबी डार का मानना है कि पारंपरिक कलाओं को संरक्षित करने के लिए सरकारी मान्यता और मदद बहुत महत्वपूर्ण हैं। हम आपको बता दें कि छह दशक से अधिक समय तक अपनी कला के प्रति उनके समर्पण के लिए उन्हें वैसे तो कई बार सम्मान मिला लेकिन जब 75वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर उन्हें देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने की घोषणा की गई तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
गुलाम नबी डार ने अपनी कठिन यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद वह कम उम्र में ही लकड़ी की नक्काशी कला से परिचित हो गए थे। शुरू में कई कारीगरों ने उन्हें यह हुनर सिखाने से इंकार कर दिया लेकिन उनकी दृढ़ता अंततः उन्हें गुरु नूरुद्दीन टिकू के पास ले गई, जिन्होंने कागज पर जटिल डिजाइनों के माध्यम से ज्ञान प्रदान किया। उन्होंने कहा, मैं जब 10 साल का था तब मेरे पिता को अपने कारोबार में घाटा हुआ और वह टूट गए। वह फीस नहीं भर सके, इसलिए मुझे स्कूल से निकाल दिया गया। मेरे मामा मुझे और मेरे छोटे भाई को सराय सफाकदल में लकड़ी पर नक्काशी इकाई में ले गए। ताकि हम शिल्प सीख सकें।’’ पुराने श्रीनगर शहर के सेकिदाफर इलाके में रहने वाले गुलाम नबी डार ने कहा कि लकड़ी पर नक्काशी इकाई में पांच साल रहने के दौरान उन्होंने बहुत कुछ नहीं सीखा, लेकिन इस कला के प्रति उनकी रुचि जागृत हुई और उन्होंने फैसला किया कि वह अपनी आजीविका के लिए इसे सीखेंगे।
उन्होंने कहा, मैं इसके लिए अल्लाह का शुक्रगुजार हूं।’’ गुलाम बनी डार ने कहा, टीकू का दाहिना हाथ लकवाग्रस्त था और जब उन्होंने मेरी कहानी सुनी, तो कहा कि वह मुझे कागज पर बने डिजाइन के माध्यम से यह कला सिखाएंगे। मैंने उनके निर्देशों का पालन किया और उन्होंने मुझे यह कला सिखाई। बाद में उनकी कला को पहचान मिली और उन्हें 1984 में राज्य का एक पुरस्कार मिला और बाद में 1990 के दशक में उन्हें बगदाद में काम करने का मौका मिला। उन्हें 1995-96 में राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।किसी शिल्पकार को कोई पुरस्कार मिलता है, तो उसे प्रोत्साहन मिलता है। वह उस क्षेत्र में आगे बढ़ने की कोशिश करता है। अगर सरकार कारीगरों को प्रोत्साहित नहीं करती है, तो उनकी रुचि कम हो जाती है। हम आपको यह भी बता दें कि जबसे गुलाम नबी डार को पद्मश्री दिये जाने की घोषणा की गयी है तबसे उनके निवास पर बधाई देने और उन्हें सम्मानित करने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है।
30 शहरों को किया जाएगा भिक्षावृत्ति से मुक्त
31 Jan, 2024 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारत सरकार 30 शहरों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराने की कार्य योजना तैयार की है। भिक्षावृत्ति के काम में लगे वयस्क,महिला और बच्चों का सर्वेक्षण किया जाएगा। इनके पुनर्वास के लिए सरकार व्यवस्था करेगी। धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने का अभियान केंद्र सरकार द्वारा चलाया जाएगा।
केंद्र सरकार ने प्रथम चरण में 30 शहरों की सूची तैयार की है। इस सूची में मध्य प्रदेश के 5 शहर शामिल किए गए हैं। इन पांच शहरों में उज्जैन, ओंकारेश्वर,सांची, खुजराहो और इंदौर को शामिल किया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा इन 30 शहरों को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने की कार्य योजना तैयार की गई है।
केंद्रीय मंत्रालय ने फरवरी के मध्य तक राष्ट्रीय पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च करने की तैयारी कर ली है। भिक्षा वृत्ति करने वालों की पहचान कर, इसका राष्ट्रीय पोर्टल पर ऐप के माध्यम से अपडेट किया जाएगा। इसके बाद भिक्षा मांगने वाले लोगों के पुनर्वास, कौशल, शिक्षा इत्यादि की प्रतिमाह रिपोर्ट एकत्रित की जाएगी।
कश्मीर से खत्म होगी सूखी ठंड, आज से शुरू होगी बारिश
31 Jan, 2024 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर। कश्मीर में 20 दिसंबर से जनवरी के आखिर तक 40 दिनों की अवधि को चिल्लई कलां कहा जाता है। इसका अर्थ बड़ी ठंड होता है। इस दौरान आमतौर पर जमकर बर्फबारी और बारिश होती है, लेकिन इस साल यह पूरी अवधि सूखे में ही गुजर गई। पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं हुई और मैदानों में बारिश नहीं हुई। हालांकि अब मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 31 जनवरी से 4 फरवरी तक अच्छी खासी बारिश हो सकती है।
इसके कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। इससे 40 दिनों से चला आ रहा इंतजार खत्म होगा। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव होगा और अब 31 जनवरी से 4 फरवरी तक बारिश होगी। जनवरी में उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और यूपी में बारिश में 99 से 100 फीसदी तक की कमी रही है। हालांकि अब अगला एक सप्ताह बेहतर होगा। मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 7 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होगी।
वहीं हिमाचल प्रदेश में 31 जनवरी और 1 फरवरी को बारिश होगी। उत्तराखंड में भी 31 तारीख को बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली और यूपी में भी अगले दो दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होगी। दिल्ली में भी बुधवार और गुरुवार को बारिश का अनुमान है। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में तो बारिश के अलावा तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 2 और 3 फरवरी को पर्वतीय इलाकों में अच्छी खासी बर्फबारी भी हो सकती है। हालांकि बारिश के चलते सर्दी में ज्यादा इजाफा नहीं होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है।
साइबर सुरक्षा कंपनी ने किया 75 करोड़ भारतीयों के डाटा चोरी का खुलासा
31 Jan, 2024 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। साइबर सुरक्षा कंपनी ने 75 करोड़ भारतीय ग्राहकों के डाटा चोरी का खुलासा किया है। इसके बाद दूरसंचार विभाग ने सर्विस ऑपरेटर से अपने सिस्टम का सिक्योरिटी ऑडिट कराने के लिए कहा है। मिली जानकारी के अनुसार विभाग ने ये निर्देश एक साइबर सुरक्षा कंपनी द्वारा 75 करोड़ भारतीय ग्राहकों की जानकारी में सेंध लगने के दावे के बाद जारी किया है। साइबर सुरक्षा कंपनी क्लाउडसेक के दावे के अनुसार, उसके यूज़र्स ने पाया है कि हैक करने वाले डार्क वेब पर 75 करोड़ भारतीय मोबाइल यूज़र्स से जुड़ी जानकारी (1.8 टेराबाइट) या ब्योरा बेच रहे हैं। हालांकि क्लाउडसेक ने कहा कि हैकर ने किसी भी उल्लंघन में शामिल होने से इनकार किया है और कानूनी रूप से उसने अघोषित स्रोत के माध्यम से आंकड़े प्राप्त करने का दावा किया है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा कि दूरसंचार विभाग ने दूरसंचार परिचालकों से अपने सिस्टम के सिक्योरिटी ऑडिट कराने को कहा है। हालांकि, अधिकारी ने यह भी कहा कि दूरसंचार परिचालकों ने अनौपचारिक रूप से विभाग को जानकारी दी है कि ‘क्लाउडसेक रिपोर्ट में लीक जानकारी का जो दावा किया गया है, वह दूरसंचार ग्राहकों के पुराने आंकड़ों का संकलन लगता है।
अधिकारी ने कहा कि यह उनके सिस्टम में किसी भी तरह की गड़बड़ी या कमजोरी के कारण नहीं है। साइबर सुरक्षा फर्म क्लाउडसेक के शोधकर्ताओं ने पाया कि साइबो क्रू के सहयोगी साइबोडिविल और यूनिट8200 ने हाल ही में बिक्री के लिए एक विशाल ‘भारतीय मोबाइल नेटवर्क उपभोक्ता डेटाबेस’ का विज्ञापन किया है। इसमें नाम, मोबाइल नंबर, पता और आधार विवरण जैसी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल है। सरकारी साइबर सुरक्षा इकाई इंडियन कंप्यूटर एमरजेंसी रेस्पॉन्स टीम से जुड़ी साइबर खुफिया कंपनी ने कहा कि मामला 23 जनवरी को सामने आया। इसके बाद क्लाउडसेक ने संबंधित अधिकारियों और संगठनों को सूचित किया है।
31 जनवरी तक नहीं मिलेगा शीतलहर से छुटकारा
30 Jan, 2024 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा कि बुधवार और शुक्रवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, शनिवार को भी कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा। हालांकि, आईएमडी ने जानकारी दी है कि अगले पांच दिनों के दौरान देश के किसी भी हिस्से में शीत लहर की संभावना नहीं है।मौसम पूर्वानुमान एजेंसी के मुताबिक, अगले छह दिनों के दौरान जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि कश्मीर घाटी, हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भी भारी बारिश/बर्फबारी की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि कश्मीर घाटी, हिमाचल प्रदेश में बुधवार और गुरुवार को और उत्तराखंड में भी बुधवार को भारी बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है।
रामलला के करने है दर्शन तो जानें समय और आरती में शामिल होना हो तो यह करें
30 Jan, 2024 04:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इस साल 2024 का जनवरी की 22 तारीख का दिन भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से लिखा जा चुका है। 500 वर्षों के बाद भारतीय सनातन धर्म को अपने आदर्श प्रभु मर्यादापुरुषोत्तम भगवान राम के मंदिर का निर्माण हुआ और भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। भारत के हर कोने से लेकर पूरी दुनिया में प्राण प्रतिष्ठा का समारोह पूरे जोश उल्लास और उत्सव के साथ मनाया गया है। भारत का सालों का सपना साकार हुआ। अब भगवान राम लला अपने मंदिर में विराजमान हैैं और लाखों प्रभु भक्त भगवान राम के दर्शन प्रतिदिन कर रहे हैैं। राम लला का अमूल्य आभूषणों से श्रृंगार किया गया है।
रामलला पूरे सप्ताह हर दिन पहनेंगे मनमोहक वस्त्र दिव्य छवि के होंगे दर्शन
जानकारी के अनुसार भगवान राम को प्रतिदिन आभूषणों के साथ साथ पूरे सप्ताह के सातों दिवस अलग अलग रंगों के खुबसूरत अंग वस्त्रों से सजाया जायेगा। भक्तों को सप्ताह के सातों दिन भगवान के दिव्य रूप के दर्शन अलग अलग रंगों के वस्त्रों में होंगे। प्राप्त हुई जानकारी के अनुसार भगवान राम को सोमवार के दिन सफेद रंग के वस्त्रों से सुशोभित किया जायेगा तो मंगलवार को लाल, बुधवार का हरे रंग और गुरुवार को पीले रंग के वस्त्र पहनाए जायेंगे। इसी प्रकार शुक्रवार जहां भगवान को पीले तो शनिवार को नीलवर्ण के वस्त्रों से सुशोभित किया जायेगा रविवाक तो भगवान आपको गुलाबी रंग के वस्त्रों के साथ दिव्य रूप में नजर आयेंगे साथ ही वस्त्रों के अनुसार आभूषणों से भी उनको सुशोभित किया जायेगा। भगवान के आभूषण और उनके वस्त्रों को बहुत ही सावधानी और बारीकी से तैयार किया गया है।
रामलला के दर्शन की समयावधि
भगवान राम लला के दर्शनों के लिये सुबह 6.30 बजे से दोपहर 12.00 तक, फिर दोपहर 2.00 बजे से रात 10.00 बजे का समय निर्धारित किया गया हैं। भीड़ की स्थिति के अनुसार दर्शन का समय घटाया या बढ़ाया जा सकता है। प्रतिदिन प्रात: 4.00 भगवान को मंगल आरती से जगाया जायेगा और भगवान प्रतिदिन दोपहर 12.00 से 2.00 बजे तक 2 घंटों के लिये विश्राम करेंगे।
आरती में शामिल होना हो तो यह करें
दिन में तीन बार रामलाल की आरती की जाएगी। आरती में शामिल होने के लिए आपको ट्रस्ट की तरफ से पास लेना अनिवार्य होगा, जिसके लिए आप ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरह से प्रयास कर सकते हैं। ऑनलाइन पास लेने के लिए ट्रस्ट की वेबसाइट srjbtkshetra.org पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
महात्मा गांधी के 76वीं पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि
30 Jan, 2024 11:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को महात्मा गांधी की 76वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का बलिदान लोगों की सेवा करने और उनके दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए प्रेरित करता है।
पीएम मोदी पहुंचे राजघाट
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, पीएम मोदी ने कहा, "मैं पूज्य बापू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मैं उन सभी को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जो हमारे देश के लिए शहीद हुए हैं। उनका बलिदान हमें लोगों की सेवा करने और राष्ट्र के लिए उनके दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए प्रेरित करता है।"
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी महात्मा गांधी की 76वीं पुण्यतिथि पर राजघाट पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महात्मा गांधी को उनकी 76वीं पुण्य तिथि पर राजघाट पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महात्मा गांधी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा, "सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देशवासियों के दिलों में स्वदेशी की भावना जागृत करने वाले महात्मा गांधी जी की पुण्य तिथि पर उन्हें शत्-शत् नमन। गांधी जी के शांति और सद्भाव के संदेश आज भी प्रासंगिक हैं और उनके विचार हमेशा देशवासियों को राष्ट्र के प्रति बलिदान देने और समर्पित होने के लिए प्रेरित करें।"
सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देशवासियों के दिलों में स्वदेशी की भावना जगाने वाले महात्मा गाँधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन।
गाँधी जी के शांति और सद्भाव के संदेश आज भी प्रासंगिक हैं और उनके विचार देशवासियों को राष्ट्र के लिए त्याग व समर्पण की प्रेरणा देते रहेंगे।
'बापू के रास्ते हर युग में प्रासंगिक है'
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बापू के दिखाए रास्ते हर युग में प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा, "स्वदेशी और स्वावलंबन के माध्यम से भारत की आजादी का मार्ग प्रशस्त करने वाले, सत्य और अहिंसा के पुजारी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बापू के दिखाए रास्ते हर युग में प्रासंगिक हैं। उनके आदर्श और विचार हमें हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।"
सत्य व अहिंसा के पुजारी, स्वदेशी और स्वावलंबन से भारत की स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर शत-शत नमन करता हूँ।
बापू के दिखाए मार्ग हर युग में प्रासंगिक हैं। उनके आदर्श व विचार सदैव हमें प्रेरणा प्रदान करते रहेंगे।
राजनाथ सिंह ने किया याद
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में कहा, "मैं पूज्य बापू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। राष्ट्र उनके योगदान के लिए हमेशा आभारी रहेगा। साथ ही, इस दिन, हम उन सभी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने राष्ट्र सेवा में अपना जीवन लगा दिया।"
भारत हर साल 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मनाने और देश की आजादी में उनके योगदान का सम्मान करने के लिए शहीद दिवस मनाता है। भारत की आजादी के कुछ महीनों बाद 30 जनवरी, 1948 को बिड़ला के घर में गांधी स्मृति में नाथूराम गोडसे द्वारा महात्मा गांधी की हत्या कर दी गई थी।
उत्तराखंड से लेकर कश्मीर तक बर्फ से ढके पहाड़, IMD ने बारिश को लेकर अलर्ट किया जारी, जाने अन्य राज्यों के मौसम का हाल
30 Jan, 2024 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी इलाकों में 30 जनवरी से बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 1 फरवरी से बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर का असर जारी है। आज कोहरे की वजह से दृश्यता कम हुई। बता दें कि एक फरवरी से मौसम करवट लेगा और बारिश होने के आसार हैं। ये सिलसिला 2 फरवरी तक जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश वासियों को मिलेगी ठंड से राहत
IMD ने बताया कि उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में भीषण ठंड से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो-तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी होगी।
बिहार में पड़ेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
बिहार में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा। IMD ने बताया कि यह स्थिति 30 जनवरी से तीन फरवरी तक बनी रहेगी। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी, जिसके चलते ठंड का असर भी बढ़ेगा।
पंजाब में बारिश के आसार
पंजाब के लोगों को ठंड से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती हैं। वर्षा का यह सिलसिला तीन फरवरी तक चलेगा।
झारखंड में बदलेगा मौसम
झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, झारखंड में बारिश के आसार हैं। 31 जनवरी और 1 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में वर्षा हो सकती है।
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के चलते 31 जनवरी रात से हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 30 जनवरी को प्रदेश का मौसम साफ रहेगा।
उत्तराखंड में वर्षा और बर्फबारी की संभावना
उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों पर हुई बर्फबारी के बीच मौसम विभाग ने आज हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। IMD के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी हो सकती है।
बर्फबारी से गुलजार होगा जम्मू-कश्मीर
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में कुपवाड़ा, बांडीपोरा, बारामुला, गांदरबल, शोपियां, कुलगाम और अनंतनाग जिले में कुछ ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है।