देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन Wave का आज उद्घाटन किया
1 May, 2025 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) का गुरुवार को उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने भारतीय सिनेमा की जमकर तारीफ की और कहा कि इसकी दुनिया भर में गूंज है। सिनेमा भारत को दुनिया के कोने-कोने में ले जाने में सफल रहा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ”वेव्स एक ऐसा वैश्विक मंच है, जहां हर कलाकार, हर युवा एक नई योजना के साथ रचनात्मक दुनिया के साथ जुड़ेगा। बीती एक सदी में भारतीय सिनेमा ने भारत को दुनिया के कोने-कोने में ले जाने में सफलता पाई है। हर कहानी भारतीय संस्कृति की आवाज बनकर दुनिया के करोड़ों लोगों के दिलों में उतरी है। गांधीजी की 150वीं जयंती पर मैंने लोगों को उनके प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ गाने के लिए कहा था। दुनियाभर के आर्टिस्ट ने इसे गाया। इसका बहुत बड़ा प्रभाव हुआ। दुनिया एकसाथ आई। हमें जग के मन को जीतना है। आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है।”
समिट 2025 में लगभग पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री शामिल हुई। हर कोई पीएम मोदी की बातों को ध्यान से सुनता नजर आया।
उन्होंने आगे कहा, ”राज कपूर ने रूस, सत्यजीत रे ने कान और आरआरआर ने ऑस्कर में भारतीय सिनेमा की ताकत को दर्शाया है। आज देश के मंच पर हमने भारतीय सिनेमा के अनेक दिग्गजों को डाक टिकट के माध्यम से याद किया है। बीते वर्षों में मैं कभी गेमिंग वर्ल्ड, कभी म्यूजिक की दुनिया के लोगों से, फिल्म मेकर्स से मिला, कभी स्क्रीन पर चमकने वाले चेहरों से मिला। इन चर्चाओं में अक्सर भारत की रचनात्मकता, सृजनात्मक क्षमता और वैश्विक सहयोग की बातें उठती थीं। आज उसी समय की कल्पना हकीकत बनकर वेव्स के रूप में जमीन पर उतरी है। जैसे नया सूरज उगते ही आकाश को रंग देता है, वैसे ही यह समिट अपने पहले पल से ही चमकने लगा है। अपने पहले एडिशन में ही वेव्स ने दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है।”
यह समिट 1 से 4 मई तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में जारी रहेगा। इस समिट का मकसद मीडिया और मनोरंजन की क्षमता को बढ़ावा देना है।
चारधाम यात्रा के प्रमुख केंद्र केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तैयारियां पूरी
1 May, 2025 02:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में से एक बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई को विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे। बाबा केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए केदारघाटी पहुंचने लगे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तों की चहल-पहल देखते ही बन रही है।
चारधाम यात्रा के प्रमुख केंद्र केदारनाथ धाम में कपाट खोलने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार केदारनाथ मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। ऋषिकेश और गुजरात से आई पुष्प समिति ने मंदिर को 108 क्विंटल फूलों से सजाया है, जिसका भव्य रूप देखने लायक है। रंग-बिरंगे फूलों की सुगंध और भव्यता मंदिर को और भी दिव्य आभा प्रदान कर रही है।
जिला प्रशासन ने कपाट खोलने से पहले हर प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। यहां सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं का खास ख्याल रखा गया है, ताकि केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। साथ ही मंदिर परिसर में पुलिस बल, आपदा राहत टीमें और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है।
बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने से पहले केदारघाटी पहुंचे श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की तारीफ की। एक श्रद्धालु ने कहा कि केदारनाथ आकर मुझे काफी अच्छा लग रहा है। उत्तराखंड सरकार और प्रशासन ने मंदिर में अच्छे इंतजाम किए हैं और साफ-सफाई का भी खास ख्याल रखा गया है। एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि मुझे हर साल बाबा के कपाट खुलने का इंतजार रहता है और इस बार भी मैं मंदिर के खुलने का इंतजार कर रहा हूं। इस बार यहां अच्छे इंतजाम किए गए हैं, जो देखने लायक हैं।
ऋषिकेश पुष्प सेवा समिति के सदस्य ने बताया कि हम यहां केदारनाथ मंदिर को सजा रहे हैं, जिसमें 108 क्विंटल फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने से पहले स्थानीय व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों में भी उत्साह का माहौल है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि आने वाले महीनों में लाखों श्रद्धालु केदारनाथ धाम की यात्रा करेंगे।
देश में आज से 5 बड़े बदलाव! ATM से लेकर रेलवे टिकट और दूध के दाम तक... सब चेंज
1 May, 2025 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: आज से मई महीने की शुरुआत हो गई है और पहली तारीख से ही देश में कई तरह के बदलाव भी लागू हो गए हैं, जिनका असर हर घर और हर जेब पर देखने को मिल सकता है. जी हां. 1 मई 2025 से लागू होने वाले बदलावों पर नजर डालें तो एक तरफ जहां ATM से पैसे निकालना महंगा हो गया है और कैश निकासी पर ज्यादा चार्ज देना होगा, वहीं दूसरी तरफ भारतीय रेलवे की ओर से टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है. आइए ऐसे ही 6 बड़े बदलावों के बारे में विस्तार से जानते हैं...
पहला बदलाव- ATM से पैसे निकालना महंगा
आज यानी 1 मई 2025 से अगर आप कैश निकालने के लिए ATM मशीन का इस्तेमाल करते हैं तो आपको ज्यादा चार्ज देना होगा. दरअसल, रिजर्व बैंक (RBI) ने हाल ही में नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के प्रस्ताव पर शुल्क बढ़ाने की अनुमति दी थी. ऐसे में पहली तारीख से अगर ग्राहक अपने होम बैंक के एटीएम की जगह किसी दूसरे नेटवर्क के बैंक एटीएम से पैसे निकालते थे तो उन्हें हर ट्रांजेक्शन पर 17 रुपये की जगह 19 रुपये का चार्ज देना होगा। इसके अलावा किसी दूसरे बैंक के एटीएम से बैलेंस चेक करने पर 6 रुपये की जगह 7 रुपये का शुल्क देना होगा। इसके अलावा कई बड़े बैंकों ने अपनी वेबसाइट पर फ्री-लिमिट के बाद ट्रांजेक्शन पर लगने वाले चार्ज की जानकारी भी देनी शुरू कर दी है। एचडीएफसी बैंक की वेबसाइट के मुताबिक फ्री ट्रांजेक्शन लिमिट से ज्यादा ट्रांजेक्शन पर 21 रुपये + टैक्स वाला एटीएम ट्रांजेक्शन शुल्क अब 1 मई 2025 से 23 रुपये + टैक्स हो जाएगा। वहीं पीएनबी और इंडसइंड बैंक के एटीएम से कैश निकालने पर 23 रुपये का शुल्क लगेगा।
दूसरा बदलाव- रेलवे ने बदला ये नियम
1 मई 2025 से होने वाला दूसरा बदलाव भारतीय रेलवे से जुड़ा है। दरअसल, रेलवे टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव किए जा रहे हैं और अब वेटिंग टिकट सिर्फ जनरल कोच में ही मान्य होंगे. मतलब आप वेटिंग टिकट के साथ स्लीपर कोच में यात्रा नहीं कर सकते. वहीं, एडवांस रिजर्वेशन की अवधि 120 दिन से घटाकर 60 दिन कर दी गई है.
तीसरा बदलाव- 11 राज्यों में आरआरबी योजना
मई के पहले दिन एक और बड़ा बदलाव होने जा रहा है. दरअसल, 1 मई 2025 से देश के 11 राज्यों में 'एक राज्य-एक आरआरबी' योजना प्रस्तावित है, जिसे आज से लागू किया जा सकता है. इसके तहत हर राज्य में सभी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को मिलाकर एक बड़ा बैंक बनाया जाएगा. इससे बैंकिंग सेवाएं और भी बेहतर होंगी और ग्राहकों को पहले से ज्यादा सुविधाएं मिलेंगी. यह बदलाव यूपी, आंध्र प्रदेश, गुजरात, एमपी समेत दूसरे राज्यों में भी लागू किया जा सकता है.
चौथा बदलाव- अमूल ने दूध के दाम बढ़ाए
अमूल ने दूध के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है. अमूल के दूध उत्पादों की नई दरें आज यानी 1 मई 2025 से लागू हो गई हैं। अमूल के मुताबिक देशभर में दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है। आपको बता दें कि इससे पहले मदर डेयरी ने भी अपने दूध के दाम बढ़ाए थे।
पांचवां बदलाव- 12 दिन बैंक अवकाश
अगर आपको मई महीने में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो आरबीआई द्वारा जारी बैंक अवकाश सूची को देखकर ही घर से निकलें, कहीं ऐसा न हो कि आप शाखा में पहुंचें और वहां ताला लगा हुआ पाएं। दरअसल, मई के लिए बैंक अवकाश सूची के मुताबिक, अलग-अलग राज्यों में विभिन्न त्योहारों और आयोजनों के कारण बैंक कुल 12 दिन बंद रहने वाले हैं।
यहां आपको बता दें कि हर महीने की पहली तारीख को आम लोगों की निगाहें एलपीजी सिलेंडर की कीमत में होने वाले बदलाव पर टिकी रहती हैं, लेकिन पहली मई को तेल विपणन कंपनियों ने 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि, आरबीआई द्वारा लगातार दो बार रेपो रेट में 0.50% की कटौती के बाद, कई बैंकों ने अपनी एफडी ब्याज दरों में कमी की थी और कई बैंक मई की शुरुआत में भी एफडी ब्याज दर में कमी कर सकते हैं।
भारत ने पाकिस्तानी उड़ानों के लिए हवाई मार्ग बंद किया, 23 मई तक लागू रहेगा प्रतिबंध
1 May, 2025 12:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: भारत ने बुधवार को पाकिस्तान के स्वामित्व वाली और संचालित उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को 23 मई तक बंद करने की घोषणा की। कुछ दिन पहले ही इस्लामाबाद ने भारतीय विमानन कंपनियों के स्वामित्व वाली और संचालित सभी उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने का फैसला किया था।
भारत ने इस संबंध में नोटम (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया है, जिसके तहत पाकिस्तानी विमानों को 23 मई तक भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से रोक दिया गया है। यह कदम जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
नोटम के अनुसार, यह प्रतिबंध 30 अप्रैल से 23 मई तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान किसी भी पाकिस्तानी विमान को भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने भारतीय विमानन कंपनियों के स्वामित्व वाली और उनके द्वारा संचालित सभी उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था, जिसके जवाब में भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों के लिए हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगा दिया था।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) की बैठक में पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भीषण आतंकवादी हमले के बाद सुरक्षा परिदृश्य और भावी कार्रवाई पर चर्चा की गई। राष्ट्रीय सुरक्षा पर निर्णय लेने वाली शीर्ष संस्था की बैठक कुछ दिनों के भीतर प्रधानमंत्री आवास पर दूसरी बार हुई। सीसीएस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में आयोजित पहली सीसीएस बैठक में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कदम उठाए।
भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने, अटारी सीमा को बंद करने, पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने, अपने कई यूट्यूब चैनलों और एक्स हैंडल को अवरुद्ध करने तथा दूतावासों में पहले से ही कम किए गए कर्मचारियों की संख्या में कटौती करके पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों को कम करने की घोषणा की, जिससे उन्हें अपने मूल देश वापस जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
अक्षय तृतीया पर लोढ़ा ने लॉन्च किया 'हिंदू जॉब पोर्टल', युवाओं को रोजगार और कौशल प्रशिक्षण का वादा
1 May, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बुधवार को मुंबई में ‘हिंदू जॉब पोर्टल’ की शुरुआत की। इस पोर्टल का उद्देश्य हिंदू समाज के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना, स्किल डेवलपमेंट में मार्गदर्शन देना और स्वरोजगार के लिए आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
इस कार्यक्रम को लेकर मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या इस देश में ‘हिंदू’ के नाम पर कुछ अच्छा करना गुनाह है? हर समाज अपने लोगों के लिए कुछ बेहतर करना चाहता है। मेरे अधीन कौशल विकास विभाग आता है, इसलिए मैंने इस पोर्टल की शुरुआत का जिम्मा लिया है। इस पोर्टल के जरिए हम न केवल युवाओं को रोजगार देंगे, बल्कि उन्हें स्टार्टअप, मार्केटिंग और स्वरोजगार से जुड़ी ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
मंत्री लोढ़ा ने स्पष्ट किया कि यह पहल समाज में समरसता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसके अलावा, उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी जुबानी हमला बोला। कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिना सिर वाली तस्वीर को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बेहद नीच हरकत की है। प्रधानमंत्री का इस प्रकार का चित्र लगाना न केवल असम्मानजनक है, बल्कि एक प्रकार का गुनाह है। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकत एक राष्ट्रीय पार्टी के लिए अशोभनीय है, खासकर जब प्रधानमंत्री का विश्व भर में सम्मान है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले और पाकिस्तान की परमाणु हमले की धमकी पर उन्होंने कहा कि यह मामला केंद्रीय नेतृत्व देखेगा और वे इस स्थिति को संभालेंगे। यह उनका कार्यक्षेत्र नहीं है।
मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतें बढ़ाई
30 Apr, 2025 09:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया है। नई दरें कल सुबह यानी एक मई से पूरे देश में प्रभावी होंगी।अमूल ने दूध की कीमतें बढ़ाने का एलान किया है। अमूल के दुग्ध उत्पादों की नई दरें कल सुबह यानी एक मई से प्रभावी होंगी। अमूल ने बताया कि देशभर में दूध की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है।
देशभर में अमूल दूध के प्रकारों के नए दाम
अमूल का मुख्यालय गुजरात के आणंद जिले में है। खेड़ा जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड की तरफ से जारी बयान में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की सूचना जारी की गई। बयान में कहा गया, देशभर में अमूल दूध के प्रकारों के नए दाम पैक पर अंकित रहेंगे और वही बिक्री दर मानी जाएगी।
अमूल दूध की नई कीमतें--
दूध का प्रकार पैकिंग वर्तमान मूल्य (रु.) नया मूल्य (रु.)
अमूल स्टैंडर्ड दूध 500 मिली 30 31
अमूल भैंस का दूध 500 मिली 36 39
अमूल गोल्ड दूध 500 मिली 33 36
अमूल गोल्ड दूध 1 लीटर 64 69
अमूल टी.एस.एम (स्लिम और ट्रिम) 500 मिली 24 25
अमूल टी स्पेशल दूध 500 मिली 31 32
अमूल टी स्पेशल दूध 1 लीटर 61 63
अमूल ताजा दूध 500 मिली 27 28
अमूल ताजा दूध 1 लीटर 53 55
अमूल गाय का दूध 500 मिली 28 28
मदर डेयरी के उपभोक्ताओं की जेब भी ढीली होगी
बता दें कि एक दिन पहले मदर डेयरी ने गर्मी के मौसम में बढ़ती लागत को देखते हुए दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। कंपनी के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि कीमतों में यह संशोधन 30 अप्रैल 2025 से पूरे बाजार में लागू होगा। मदर डेयरी अपने स्टोर, अन्य दुकानों और ई-कॉमर्स मंचों के जरिये दिल्ली-एनसीआर के बाजार में प्रतिदिन लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है।
पिछले कुछ महीनों में लागत चार-पांच रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं दाम
मदर डेयरी के अधिकारी ने कहा, खरीद लागत में हुई वृद्धि से निपटने के लिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया है। पिछले कुछ महीनों में लागत चार-पांच रुपये प्रति लीटर बढ़ चुकी है। अधिकारी ने कहा कि खरीद कीमतों में उछाल मुख्य रूप से गर्मियों की शुरुआत होने के अलावा लू की स्थिति के कारण भी आई है।
जाति जनगणना कराएगी केंद्र; कैबिनेट बैठक में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साझा की जानकारी
30 Apr, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: मोदी सरकार जातिगत जनगणना कराएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई 'सुपर कैबिनेट' बैठक में जातिगत जनगणना कराने का फैसला लिया गया। आजाद भारत में पहली बार जातिगत जनगणना कराई जाएगी। आपको बता दें कि विपक्षी दलों की ओर से लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार इस पर सरकार पर हमला बोल रहे थे। बिहार चुनाव से पहले इसे मास्टर स्ट्रोक के तौर पर देखा जा रहा है। बिहार में महागठबंधन सरकार के दौरान नीतीश कुमार की कैबिनेट ने जातिगत सर्वेक्षण कराया था, जिसके बाद पूरे देश में इसे कराने की मांग उठ रही थी।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को 'सुपर कैबिनेट' की बैठक हुई, जिसमें केंद्रीय कैबिनेट के कुछ शीर्ष मंत्री मौजूद थे। इसमें जातिगत जनगणना समेत कई अहम फैसले लिए गए। सरकार ने जनगणना के साथ-साथ जातिगत जनगणना कराने का भी फैसला लिया। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस वार्ता में बताया कि आगामी जनगणना में जातियों की भी गणना की जाएगी। कैबिनेट बैठक की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज हुई राजनीतिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीपीए) की बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि अगली जनगणना में जातिगत जनगणना को शामिल किया जाएगा।
इसे ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, क्योंकि अब तक जातिगत जनगणना मूल जनगणना का हिस्सा नहीं रही है। उन्होंने कहा, "कुछ राज्यों ने अपने स्तर पर जातिगत सर्वेक्षण किया है, लेकिन सामाजिक ताने-बाने को समझने के लिए समग्र दृष्टिकोण जरूरी है। सीसीपीए ने निर्णय लिया है कि अब जातियों की गणना किसी अलग सर्वेक्षण के तहत नहीं, बल्कि अगली जनगणना में की जाएगी।"
विपक्ष पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों ने जातिगत जनगणना का विरोध किया है। उन्होंने कहा, "1947 से जातिगत जनगणना नहीं हुई है। कांग्रेस ने जातिगत जनगणना की जगह जातिगत सर्वेक्षण कराया। यूपीए सरकार में कई राज्यों ने राजनीतिक दृष्टिकोण से जातिगत सर्वेक्षण कराया है।" कैबिनेट के अन्य 2 बड़े फैसले: शिलांग से सिलचर (मेघालय-असम) हाई-स्पीड कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह 166 किलोमीटर लंबा और 6 लेन लंबा होगा। यह पूर्वोत्तर के लिए महत्वपूर्ण होगा। इस पर 22,864 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरकार ने 2025-26 के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य तय किया है। इसमें गन्ने का मूल्य 355 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। यह मानक मूल्य है, इससे कम कीमत पर गन्ना नहीं खरीदा जा सकता।
मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, 22864 करोड़ के हाईवे प्रोजेक्ट को हरी झंडी
30 Apr, 2025 05:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्र सरकार ने कैबिनेट की मीटिंग में कई बड़े फैसले लिए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में अहम जानकारियां दी हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, मोदी सरकार पूरे देश में जाति जनगणना कराएगी।
साथ ही मीटिंग में किसानों के हितों में भी कई फैसले लिए गए। वहीं केंद्र सरकार ने हाईवे को लेकर भी एक अहम फैसला सुनाया है। अब आपको आगे बताते हैं कैबिनेट की मीटिंग में क्या-क्या फैसले लिए गए।
केंद्र सरकार के बड़े फैसले
जाति जनगणना कराएगी सरकार: अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मोदी सरकार पूरे देश में जाति जनगणना कराएगी। जनगणना के साथ ही जातियों की गिनती होगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा जातियों का इस्तेमाल वोट बैंक के लिए किया है।
अश्विनी वैष्णव ने आगे कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में राजनीतिक मामलों की कैबिनेट ने फैसला किया है कि जाति की जनगणना को आने वाली जनगणना में सम्मिलित करके किया जाए।
शिलांग से सिलचर कॉरिडोर को मंजूरी: कैबिनेट ने 22,864 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से शिलांग से सिलचर राजमार्ग परियोजना को मंजूरी दी। मेघालय से असम तक नए हाइवे को मंजूरी दी गई है। इसकी अनुमानित लागत 22,864 करोड़ रुपए है।
किसानों को बड़ी सौगात: कैबिनेट ने 2025-26 सीजन के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य 15 रुपये बढ़ाकर 355 रुपये प्रति क्विंटल किया। गन्ने का FRP बढ़ाया गया है। इससे गन्ना किसानों को बड़ी राहत दी गई।
पाकिस्तान से तनाव के बीच पीएम मोदी का रूस दौरा रद्द
30 Apr, 2025 04:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पाकिस्तान के साथ चल रहे तनाव के बीच, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस का अपना दौरा रद्द कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी अब मास्को में आयोजित होने वाली वार्षिक विजय दिवस परेड में शामिल नहीं होंगे। द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर विजय की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह समारोह 9 मई को मास्को में आयोजित किया जाएगा।
सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस के मॉस्को में 9 मई को होने वाली विजय दिवस परेड में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। रूसी पक्ष को पहले ही बताया गया था कि भारत का प्रतिनिधित्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।
पुरी की तर्ज पर बना दीघा का भव्य जगन्नाथ मंदिर, सीएम ममता ने किया उद्घाटन
30 Apr, 2025 04:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को पूर्व मिदनापुर जिला के दीघा में जगन्नाथ मंदिर का उद्घाटन किया. मंदिर उद्घाटन के अवसर पर ममता बनर्जी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ का प्रसाद और चित्र हर घर तक पहुंचाया जाएगा. बता दें कि अगले साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव है. विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी ने दीघा में जगन्नाथ मंदिर का उद्घाटन कर सॉफ्ट हिंदुत्व का बड़ा कार्ड खेला है.
उद्घाटन के अवसर पर अपने भाषण में ममता बनर्जी ने जय जगन्नाथ-जय बांग्ला कहते हुए कहा कि मैं इस जगन्नाथ मंदिर को मां-माटी-मानुष को समर्पित करती हूं. मैं सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग को यह जिम्मेदारी दे रही हूं कि प्रसाद और जगन्नाथ देव की तस्वीरें पश्चिम बंगाल के हर घर और भारत के प्रसिद्ध लोगों के घरों तक पहुंचें.
ममता बनर्जी ने मंदिर के दरवाजे खुलने पर आप जब चाहें आ सकते हैं. बगल में गाजा-पारा-खाजा की दुकान बन रही है. मुख्य मंदिर पर झंडा फहराया गया है.
दीघा में जगन्नाथ मंदिर का उद्घाटन
ममता बनर्जी ने विष्णु के आठ तत्वों का नीला चक्र मंदिर के शीर्ष पर है. वहां चार प्रवेश द्वार हैं. इसमें एक गर्भगृह, एक रंगमंच, एक भोज कक्ष और अन्य आवश्यक मंडप हैं. जैसे यहां पत्थर से बनी मूर्तियां हैं, वैसे ही नीम की लकड़ी से बनी मूर्तियां भी हैं. मंदिर परिसर के चारों ओर पांच सौ से अधिक पेड़ लगाए गए हैं. यह मंदिर हजारों वर्षों तक एक भव्य रचना रहेगा.
उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल से लेकर दक्षिण बंगाल तक सभी लोग इसमें शामिल हुए हैं. इतना बड़ा काम स्थानीय लोगों की मदद के बिना पूरा नहीं हो सकता है.
पुरी के जगन्नाथ मंदिर के तर्ज पर बना है मंदिर
ममता बनर्जी ने कहा कि मैं उन लोगों को नमन करती हूं, जिन्होंने जगन्नाथ धाम मंदिर का सारा काम पूरा किया. मैं इस शानदार कार्य के लिए हिडको को सलाम करती हूं. अष्टधातु चक्र मंदिर के शीर्ष पर रखा गया है. आने वाले 1000 वर्षों तक यह उत्सव का स्थान रहेगा. यह आकर्षण और धार्मिक सद्भाव का स्थान होगा. यह मंदिर पुरी के जगन्नाथ मंदिर के तर्ज पर बनाया गया है.
ममता बनर्जी ने कपाट खुलने के बाद मेहमानों को प्रसाद भेजा जाएगा. आम जनता धीरे-धीरे इसमें शामिल होगी. इस अवसर पर ममता बनर्जी ने सभी सितारों, उद्योगपतियों और पुजारियों को धन्यवाद दिया और कहा कि यह काम तीन साल से चल रहा है, मैं इस मंदिर के कार्य से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद देती हूं.
तीन राज्यों में पीएम मोदी की धूम, कई अहम कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
30 Apr, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 और 2 मई को महाराष्ट्र, केरल और आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल भी हो सकते हैं। पीएम मोदी अनेकों विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। उनका यह दौरा देश के विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे, मीडिया और समुद्री क्षमताओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। आइए जानते हैं वे कब किस राज्य में जाएंगे।
महाराष्ट्र
पीएम मोदी अपने दौरे की शुरुआत मुंबई से करेंगे। यहां वे विश्व ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) का उद्घाटन करेंगे। यह समिट भारत को ग्लोबल मीडिया और मनोरंजन उद्योग के केंद्र में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर भारत ग्लोबल मीडिया डायलॉग की भी मेजबानी करेगा, जिसमें लगभग 25 देशों के मंत्री और प्रतिनिधि हिस्सा लेने वाले हैं। यह मंच वैश्विक मीडिया सहयोग और साझेदारियों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा।
केरल
इसके बाद पीएम मोदी केरल के विझिंजम अंतरराष्ट्रीय डीपवॉटर मल्टीपर्पज सीपोर्ट को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह भारत का पहला समर्पित कंटेनर ट्रांसशिपमेंट पोर्ट है, जो देश की समुद्री क्षमता को ग्लोबल डेस्क पर प्रतिस्पर्धी बनाएगा। यह बंदरगाह न केवल दक्षिण भारत को वैश्विक व्यापार के साथ जोड़ने में मदद करेगा, बल्कि रोजगार और निवेश के भी नए अवसर देने वाला है।
आंध्र प्रदेश के अमरावती में करोड़ों रुपयों का प्रयोजन
अमरावती में पीएम 58,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने वाले हैं। इन परियोजनाओं में सड़क और रेलवे की बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं, जो रीजनल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य दक्षिण भारत के विकास को गति देना और बेसलाइन को आधुनिक बनाना है।
यह दौरा देश के विकास को एक नई दिशा देने देगा और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की ओर ठोस प्रयास होगा।
कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस: लॉन्च डेट में बार-बार बदलाव क्यों?
30 Apr, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत 19 अप्रैल 2025 को होनी थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरान कैंसिल होने की वजह से उद्घाटन को टाल दिया। इस ट्रेन के शुरू होने से यह तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए एक गेम-चेंजर के तौर पर देखी जा रही है। दरअसल, कटरा-वैष्णो देवी मंदिर के आधार से श्रीनगर तक सड़क मार्ग से यात्रा करने में लगभग 6 से 7 घंटे का समय लगता है। हालांकि, यह वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों के सफर को 3 घंटे तक कम किया जा सकेगा। देशभर के लोगों को इस ट्रेन के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार था, जो अभी और बढ़ गया है। जानिए अब ट्रेन का उद्घाटन कब किया जा सकता है?
क्यों टला उद्घाटन?
19 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन करने वाले थे, लेकिन इसको एक बार फिर से टाल दिया गया। हालांकि, रेलवे प्रशासन ने ऑफिशियली इस दौरे पर को कैंसिल करने की कोई जानकारी नहीं दी है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक, मौसम विभाग की चेतावनी की वजह से दौरा आगे बढ़ाया गया था। इस पर रेलवे के कश्मीर के चीफ एरिया मैजेनर साकिब यूसुफ ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा फिलहाल टाल दिया गया है। इस दौरे के लिए किसी नई तिथि का अभी तक कोई ऐलान नहीं किया गया है, जल्द ही दौरा होने की संभावना है।
कितनी बार बदल चुकी है तारीख?
वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन की तारीखों में पहले भी कई बार बदलाव किया जा चुका है। सबसे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन जनवरी 2025 को होना था, जिसे आगे बढ़ाते हुए फरवरी का अपडेट दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जानकारी सामने आई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 फरवरी 2025 को श्रीनगर के लिए चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन करने वाले हैं। इसके बाद एक बार फिर से उद्घाटन की तारीख 19 अप्रैल तय कर दी गई, जिसमें भी उद्घाटन नहीं हो पाया है। हालांकि, अभी तक वंदे भारत के उद्घाटन की नई तारीख अभी सामने नहीं आई है।
जम्मू सीमा पर एक बार फिर पाकिस्तान की कायराना हरकत, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब
30 Apr, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से ही तनावपूर्ण रिश्ते अब और ज़्यादा बिगड़ते नजर आ रहे हैं। दोनों देशों के बीच संबंधों लगातार खराब हो रहे हैं। ऐसे माहौल में 29 और 30 अप्रैल की दरम्यानी रात पाकिस्तान की फौज ने सरहद पर फायरिंग की है।
पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों में नियंत्रण रेखा (LoC) पर अचानक और बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से फायरिंग की। यह फायरिंग रात के समय की गई, जिसका मकसद स्पष्ट रूप से तनाव बढ़ाना और भारतीय चौकियों को निशाना बनाना था।
भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
भारतीय सेना की ओर से कहा गया, "29-30 अप्रैल की रात को, पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने जम्मू और कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश में नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों के सामने नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सेना के जवानों ने तेजी से और उचित जवाब दिया।"
भीषण गर्मी से मिलेगी राहत! मई के पहले हफ्ते में बदलेगा मौसम का मिजाज
30 Apr, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में इन दिनों मौसम का मिजाज बदल रहा है। लगातार बदलाव के चलते एनसीआर के लोगों को कभी तेज धूप और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ आसमान में बादल छाए हुए हैं। अब IMD ने मौसम को लेकर लेटेस्ट अपडेट जारी किया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके असर की वजह से देश के कई राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि 30 अप्रैल से 4 मई के दौरान चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की उम्मीद है।
आईएमडी के अनुसार कल देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की स्थिति में बदलाव देखने को मिलेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी और लू की स्थिति कुछ क्षेत्रों में जारी रहेगी, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में बारिश और गरज के साथ आंधी की संभावना है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
30 अप्रैल को असम और मेघालय में तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं 1 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में 01-05 मई के दौरान बारिश के साथ तेज हवाओं का भी पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण राज्यों में भी बारिश का अनुमान है।
अगले 7 दिनों के दौरान रायलसीमा, केरल, माहे, तमिलनाडु, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में हीट वेव की स्थिति रहने की संभावना है। आज दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में भी गर्मी पड़ेगी।
तेलंगाना की फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 3 की मौत, कई घायल
30 Apr, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेलंगाना के यादाद्री-भुवनगिरी जिले के कटेपल्ली गांव में विस्फोटक बनाने वाली एक फैक्ट्री में मंगलवार शाम को विस्फोट हो गया. फैक्ट्री में विस्फोट के कारण तीन लोगों की मौत हो गई और इतने ही लोग घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह विस्फोट एक इकाई में हुआ, जहां प्रणोदक का निर्माण होता है. उन्होंने बताया कि यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट कैसे हुआ. पुलिस ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.
सूत्रों का कहना है कि फैक्ट्री में वाणिज्यिक और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) सहित प्रमुख संस्थानों के लिए विस्फोटक बनाए जाते रहे हैं. वहीं दमकल विभाग एक अधिकारी के अनुसार, मंगलवार शाम 6.40 बजे फैक्ट्री में विस्फोट होने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. अधिकारी ने कहा कि जब टीमें पहुंचीं, तब तक आग कम हो चुकी थी, लेकिन विस्फोट की तीव्रता के कारण इमारत पूरी तरह से ढह गई थी.
श्रमिकों के परिवार के सदस्यों के लिए मुआवजे की मांग
विस्फोट फैक्ट्री के ब्लॉक 18ए में हुआ. उस समय ब्लॉक में छह कर्मचारी थे. विस्फोट के कारण ब्लॉक 18ए की इमारत ढह गई. मृतकों की पहचान जी संदीप, चौधरी चरण और कलवाला नरेश के रूप में हुई है. घायलों में बुग्गा लिंगस्वामी, श्रीकांत और महेंद्र शामिल हैं. उन्हें भोंगीर के एक स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया. वहीं कटेपल्ली के ग्रामीणों ने मृतक श्रमिकों के परिवार के सदस्यों के लिए मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री के सामने प्रदर्शन प्रदर्शन किया.
बता दें कि इस साल जनवरी में जिले में विस्फोटक सामग्री के उत्पादन से जुड़ी एक अन्य फैक्टरी में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी.
धार्मिक पहचान पर विवाद, BJP ने कांग्रेस सरकार को घेरा
UP में जयंती पर कार्यक्रम, बहुगुणा को दी गई श्रद्धांजलि
मिडिल ईस्ट में हलचल: खामेनेई के बेटे को लेकर फैली खबरों का सच
पुलिस भर्ती पर सवाल: क्यों नहीं टिक पा रहे युवा ट्रेनिंग में?
Instagram फॉलोइंग पर विवादित बयान, फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा तेज
‘आशिकी 2’ का जादू बरकरार, श्रद्धा का पुराना बयान बना हेडलाइन
