खेल (ऑर्काइव)
नीरज चोपड़ा को दूसरे स्थान से करना पड़ा संतोष, चेक गणराज्य के वादलेच को नहीं हरा सके
17 Sep, 2023 01:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत के सुपरस्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने प्रतिष्ठित डायमंड लीग के फाइनल में दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने शनिवार (16 सितंबर) देर रात अमेरिका के ओरेगन में आयोजित टूर्नामेंट के दौरान अपने दूसरे प्रयास में 83.80 मीटर दूर थ्रो फेंका। यह उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। नीरज चेक गणराज्य के जाकुब वादलेच को नहीं पछाड़ सके। वादलेच ने 84.24 मीटर दूर भाला फेंक पहला स्थान हासिल किया। फिनलैंड के ओलिवर हेलेंडर 83.74 मीटर के साथ तीसरे पायदान पर रहे।
25 वर्षीय नीरज ने पिछले साल डायमंड लीग में स्वर्ण पदक जीता था। इस सीजन उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। नीरज चोपड़ा ने पिछले महीने पहली बार विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीता था। नीरज अगर पहला स्थान हासिल कर लेते तो वह डायमंड लीग खिताब का बचाव करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाते, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
ऐसा रहा नीरज का जेवलिन मैच
पहला थ्रो: नीरज का पहला प्रयास फाउल रहा। वह पहले राउंड के बाद आखिरी स्थान पर रहे। वहीं, चेक गणराज्य के जाकुब वादलेच शीर्ष पर कब्जा जमाया। उन्होंने पहले राउंड में 84.01 मीटर दूर थ्रो फेंका।
दूसरा थ्रो: नीरज ने इस बार शानदार वापसी की। उन्होंने 83.80 मीटर दूर थ्रो फेंका। इसके साथ ही वह दूसरे स्थान पर आ गए। उनके प्रतिद्वंद्वी वादलेच का दूसरा प्रयास फाउल करार दिया गया।
तीसरा थ्रो: नीरज का तीसरा थ्रो दूसरे के मुकाबले कमजोर रहा। उन्होंने 81.37 मीटर दूर थ्रो फेंका। वादलेच का तीसरा प्रयास भी फाउल करार दिया गया। फिनलैंड के ओलिवर हेलेंडर ने 83.74 मीटर दूर थ्रो फेंका। वह तीसरे स्थान पर आ गए।
चौथा थ्रो: नीरज के चौथे थ्रो को फाउल करार दिया गया। ओलिवर हेलेंडर का भी चौथा थ्रो फाउल हो गया। वहीं, पहले पायदान पर चल रहे वादलेच का भी चौथा प्रयास फाउल रहा।
पांचवां थ्रो: नीरज ने पांचवें थ्रो में 80.74 मीटर दूर भाले को फेंका। यह तीन सफल प्रयासों में नीरज का सबसे कमजोर थ्रो था। वह पांच राउंड के बाद दूसरे स्थान पर ही थे। हेलेंडर पांचवें थ्रो को ठीक से फेंकने में नाकाम रहे और उसे फाउल करार दिया गया। वहीं, वादलेच ने तीन फाउल थ्रो के बाद इस बार सही थ्रो किया। उन्होंने 82.58 मीटर दूर भाले को फेंका।
छठा थ्रो: नीरज चोपड़ा ने छठे और आखिरी थ्रो में 80.90 मीटर दूर थ्रो फेंका। वह वादलेच को पीछे नहीं छोड़ सके और उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। हेलेंडर ने छठे प्रयास में 80.98 और वादलेच ने 84.24 मीटर दूर फेंका। यह उनका इस बार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वह पहले स्थान पर रहे।
इस साल नीरज का डायमंड लीग के चरणों में कैसा रहा प्रदर्शन
नीरज ने इस साल दोहा डायमंड लीग में उन्होंने 88.67 मीटर दूर भाला फेंका था, जबकि लुसान डायमंड लीग में वह 87.66 मीटर के साथ जीते थे। ज्यूरिख डायमंड लीग में 85.71 के बेस्ट अटेम्प्ट के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। अब अमेरिका के ओरेगन में वह 83.80 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
भारतीय महिला हॉकी टीम की स्वर्ण जीतने की तैयारी
16 Sep, 2023 01:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया के कंधों पर एशियाई खेलों में 41 साल से देश के खिताबी सूखों को खत्म करने का भार है। महिला हॉकी टीम ने पिछी बार इन खेलों में स्वर्ण पदक 1982 में जीता था और तब टीम पहली बार इन खेलों में खेली थी। अब एशियाई खेल 23 सितंबर से चीन के हांगझोऊ शहर में आयेाजित होंगे। सविता हीं नहीं टीम की अन्य खिलाड़ी भी इन खेलों में देश को स्वर्ण जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती हैं। खिलाड़ियों ने स्वर्ण के लिए अपनी फिटनेस को प्राथमिकता देने के लिए खाने की चीजों से दूरी बना ली।
कप्तान सविता ने पिज्जा-गोल गप्पे से बनाई दूरी
गोलकीपर और कप्तान सविता ने इन खेलों में अपनी फिटनेस को प्राथमिकता देने के लिए पिज्जा और गोल-गप्पे खाने भी छोड़ दिए। उन्होंने कहा, ‘हमने तय किया है कि फिटनेस के लिए एशियाई खेलों तक कुछ चीजें छोड़ेंगे। मुझे पिज्जा और गोलगप्पे बहुत पसंद हैं, लेकिन मैने प्रण किया है कि अब एशियाई खेलों तक नहीं खाऊंगी। मैं 2009 से 2018 तक बेरोजगार रही, लेकिन परिवार ने पूरा साथ दिया और मैंने अपना खेल प्रभावित नहीं होने दिया।’
कई वर्षों तक रहीं बेराेजगार
हरियाणा की सविता कई वर्षों तक बेरोजगार रही थीं। उन्होंने कहा, ‘मुझे 2018 में अर्जुन पुरस्कार मिला तो मेरी मम्मी बोली कि अब नौकरी मिल जाएगी। मेरे लिए यह बहुत मुश्किल दौर था। 2014 एशियाई खेल में पदक था, 2016 में ओलंपिक खेली और 2017 एशिया कप में पदक था, लेकिन नौकरी नहीं मिली। फिर 2018 में जब भारतीय खेल प्राधिकरण में ओलंपियन के लिए नौकरी निकली थी तब मैने सहायक कोच के रूप में जुड़ी थी।’
शादी के पांचवें दिन बाद ही शिविर में लौटीं
सविता अप्रैल में शादी के बाद पांचवें दिन ही शिविर में लौट आई थी। वह अलग टाइम जोन होने के कारण विदेश में बसे अपने पति से फोन पर भी कम बात कर पाती हैं। उन्होंने कहा, ‘इस साल पांच अप्रैल को मेरी शादी हुई थी। लेकिन उसके बाद से सात दिन ही पति के साथ रही हूं। शादी के पांच दिन बाद ही मैं शिविर में आ गई थीं।’ मैंने उनसे (पति) कहा है कि मैं बात करने की जिद भी करूं तो आप याद दिलाओगे कि फोन बंद करना है क्योंकि अगले दिन सुबह अभ्यास होता है। कई बार बहुत बातें करने का मन करता है, लेकिन खुद से वादा किया है कि एशियाड तक ऐसा नहीं करना है।’
नेहा ने जंक फूड से की तौबा
हरियाणा की मिडफील्डर नेहा गोयल ने अपनी मां को 800 रुपये के लिए महीने भर साइकिल की फैक्ट्री में दिन-रात मजदूरी करते देखा। उन्होंने कहा कि परिवार को इस हालात से बाहर निकालने के लिए हॉकी का खेल जरिया बना। उन्होंने कहा, ‘स्कूल में जूते और कपड़ों के लिए मैंने हॉकी खेलना शुरू किया था। मेरी मम्मी और हम सभी साइकिल के पहिए पर तार बांधने का काम करते थे और सौ तार बांधने पर तीन रुपये मिलते थे। महीने के 800 या 1000 रुपये मिलते जिससे घर चलता था।
उन्होंने कहा- मुझे अभ्यास के लिए गांव से 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था और ऑटो के 20 रुपये मांगने में भी शर्म आती थी।’ नेहा को 2015 में रेलवे में नौकरी मिली जिसके बाद उसने बहनों की शादी कराई और अपनी मां का काम करना बंद कराया। नेहा ने कहा, ‘मैंने तय किया है कि एशियाई खेलों तक कोई जंक फूड नहीं खाऊंगी। मुझे पिज्जा पसंद है, लेकिन अब खेलों के बाद ही खाऊंगी।’
निक्की ने चाय से बनाई दूरी
झारखंड के खूंटी जैसे नक्सल प्रभावित आदिवासी इलाके से आई अनुभवी डिफेंडर निक्की प्रधान के पास इतने पैसे भी नहीं थे कि वह हॉकी स्टिक खरीद सके। लेकिन उन्होंने हार नहीं मारी और बांस को छीलकर स्टिक बनाई व खेलना शुरू किया। निक्की ने कहा, ‘हमारे गांव में खेल का मैदान नहीं था और अब भी नहीं है। स्टिक खरीदने के पैसे नहीं थे तो बांस छील कर खेतों या सड़क पर हॉकी खेला करते थे। मैं 2016 में रियो ओलंपिक खेली और अब पेरिस में पदक तक का सफर तय करना है। इसके लिए हम एशियाई खेलों के जरिये ही सीधे क्वालिफाई करने की कोशिश करेंगे।’
चाय की शौकीन निक्की दिन में आठ से दस कप पी जाती थी, लेकिन अब अपनी इस आदत से उन्होंने दूरी बना ली। निक्की ने कहा, ‘मैं बहुत चाय पीती थी। जब मिल जाए तब, लेकिन अब मैंने एशियाई खेलों के बाद ही पीने का फैसला किया है।’
एशियाड तक मिठाई नहीं खाएंगी इक्का
ओडिशा की दीप ग्रेस इक्का ने एशियाई खेलों तक मिठाई नहीं खाएंगी। उन्होंने कहा, ‘मुझे मीठा पसंद है, लेकिन अब नहीं खा रही हूं। हम सभी का ध्यान पूरी तरह से एशियाड पर है। मैंने सुंदरगढ़ में हॉकी का गौरव देखा है और ओलंपिक पदक के साथ मैं इसका हिस्सा बनना चाहती हूं। परिवार का, अपने जिले का और देश का नाम रोशन करना चाहती हूं।’
छेत्री ने क्लब की जगह राष्ट्रीय टीम को दी प्राथमिकता
15 Sep, 2023 12:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हांगझोऊ एशियाई खेलों को लेकर ‘क्लब बनाम देश’ के मुश्किल सवाल पर भारतीय फुटबॉल ‘लूजर’ साबित हुई, लेकिन देश के महान फुटबॉलर सुनील छेत्री ने इन सभी से ऊपर उठकर राष्ट्रीय दायित्व को प्राथमिकता दी। करिश्माई स्ट्राइकर छेत्री ने अपने 18 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय कॅरिअर में कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए हैं। कई इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लबों ने एशियाड के लिए अपने खिलाड़ियों को ‘रिलीज’ करने से इनकार कर दिया था लेकिन 39 वर्षीय छेत्री ने राष्ट्रीय टीम की अगुवाई करने का फैसला किया।
पिछले महीने एशियाई खेलों के लिए 22 सदस्यीय टीम की घोषणा की गई थी लेकिन इसमें से 13 खिलाड़ियों को उनके संबंधित आईएसएल क्लबों ने रिलीज ही नहीं किया जिसमें डिफेंडर संदेश झिंगन और नंबर एक गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू भी शामिल हैं। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने काफी मुश्किलों के बाद दोयम दर्जे की 18 सदस्यीय टीम चुनी जिसमें छेत्री एकमात्र जाना माना चेहरा हैं।
एशियाड की 17 सदस्यीय टीम में सुनील छेत्री एकमात्र
14 Sep, 2023 12:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एशियाई खेलों के लिए चुनी गई 17 सदस्यीय फुटबॉल टीम में सुनील छेत्री एकमात्र बड़ा चेहरा हैं। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ इन खेलों के लिए दूसरे दर्जे की ही टीम चुन पाया। यही नहीं इन खेलों के लिए विदेशी कोच इगोर स्टिमेच पर भी अब तक स्थिति साफ नहीं है। पहले एआईएफएफ ने इन खेलों के लिए 22 सदस्यीय टीम चुनी थी, लेकिन इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीमों की ओर से फुटबॉलरों को एशियाड के लिए नहीं छोड़े जाने के चलते 17 सदस्यीय दूसरे दर्जे की टीम का चयन हो पाया। आईएसएल और एशियाड की तिथियों में टकराव होने के चलते ऐसा हुआ है।
ऐसा होने से एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे की प्रतिष्ठा को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने एशियाड में फुटबॉल टीम भेजने के लिए पूरा जोर लगाया था। खेल मंत्रालय ने पहले फुटबॉल टीम को हरी झंडी नहीं दी थी, लेकिन अच्छे खिलाडिय़ों की उपलब्धता और हालिया प्रदर्शन का हवाला देकर चौबे फुटबॉल टीम को मंजूरी दिलाने में सफल रहे थे। 17 सदस्यीय टीम में छेत्री समेत सिर्फ नौ खिलाड़ी ही पहले चुनी गई 22 सदस्यीय टीम में से हैं। भारत को 19 को चीन से 21 को बांग्लादेश से और 24 सितंबर को म्यानमार से खेलना है।
टीम: गुरमीत सिंह, धीरज सिंह, सुमित राठी, नरेंदर, अमरजीत सिंह, सैमुअल जेम्स, राहुल, अब्दुल रबीह, आयुष देव, ब्राइस मिरांडा, अजफार नूरानी, रहीम अली, विंसी बरेटो, सुनील छेत्री, रोहित दानू, गुरकीरत सिंह, अनिकेत जाधव।
कोलंबियाई फुटबॉलर जुआन चिली के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर से बाहर हुए
11 Sep, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बगोटा । कोलंबियाई फुटबॉलर जुआन कुआड्राडो चोटिल होने के कारण चिली के खिलाफ होने वाले विश्व कप क्वालीफायर से बाहर हो गये हैं। इंटर मिलान के विंगर जुआन को पैर की मांसपेशियों में चोट लगने के कारण बाहर होना पड़ा है। उन्हें क्वालीफायर में वेनेजुएला पर कैफेटेरोस की 1-0 की घरेलू जीत के दौरान हाफटाइम के बाद मैदान के बाहर जाना पड़ा।
ऐसे में जुआन की जगह जॉर्ज कैरास्कल को शामिल किया गया जिन्होंने बैरेंक्विला में एस्टाडियो मेट्रोपोलिटानो में अपनी गति और शैली से सभी का ध्यान खींचा था। डायनेमो मॉस्को के मिडफील्डर के मंगलवार को चिली की राजधानी सैंटियागो के एस्टाडियो मोनुमेंटल में होने वाले मैच खेलने की संभावनाएं हैं। चिली को शुक्रवार को मोंटेवीडियो में उरुग्वे से 3-1 से हार का सामना करना पड़ा था।
मॉडल जैसी नजर आती है फुटबॉलर सेंटासो
10 Sep, 2023 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इटली की स्टायलिश महिला फुटबॉलर अगाता सेंटासो आगामी सीजन का जश्न मनाते हुए गीली टी-शर्ट में बेहद खूबसूरत नजर आयीं। सेंटैसो - जो सीरी बी साइड वेनेजिया के लिए खेलती है। उन्हें इटली की सबसे ग्लैमरस फुटबॉलर भी कहा जाता है। उनकी हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट देखकर यह समझना मुश्किल नहीं है कि वह कितनी खुश हैं। सेंटासो ने गीली टी-शर्ट में टीम के साथी के साथ तस्वीर खिंचवाई। साथ ही पोस्ट किया, हम नया सत्र शुरू करने वाले हैं। एक ट्रेनिंग कैंप समाप्त हुआ है, चैंपियनशिप एक सप्ताह में शुरू होगी और मैं इंतजार नहीं कर सकती। मैं इसका पूरा आनंद लेना चाहती हूं। हर प्रशिक्षण सत्र, हर किलोमीटर की दौड़, पसीने की हर बूंद, हर टैकल जीता गया।
सेंटासो ने कहा कि आज भी मैं फुटबॉल को बहुत कुछ देना चाहती हूं। जब मैंने शुरू किया था तब से अब मैं और अधिक खेलना चाहती हूं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया फॉलोइंग में वृद्धि होने पर कहा कि मैं खुश हूं। मैं इसे एक अवसर के रूप में देखती हूं क्योंकि यह मुझे अपने खेल को बेहतर ढंग से प्रसिद्ध करने की अनुमति देता है।
मालदीव को 8-0 से हराकर भारत फाइनल
9 Sep, 2023 01:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत ने सैफ अंडर-16 फुटबाल में मालदीव को सेमीफाइनल में 8-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। एबरोलंग और मोहम्मद अरबाश ने दो-दो गोल किए। विशाल यादव, मोहम्मद कैफ, लेविस जैंगमिनलुन और मनभाकुपर ने अन्य गोल किए। ब्लू कोल्टस ने मैच के शुरुआत से दबदबा बना लिया था। विशाल ने 21वें मिनट में खाता खोल दिया।
इसके बाद 36वें मिनट में कैफ ने गोल कर दिया। मध्यांतर तक भारतीय टीम 2-0 से आगे थी। लेविस ने 53वें मिनट में तीसरा गोल किया। एबरोलंग ने 62वें और मनभाकुपर ने 70वें मिनट में 5-0 से आगे कर दिया था। उसके बाद अरबाश (77 और 84 वां मिनट) ने दो गोल किए। एबरोलंग(82वां मिनट) ने एक गोल और कर दिया। भारत की टक्कर पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाले अन्य सेमीफाइनल के विजेता से होगी।
जमशेदपुर एफसी ने स्टीवानोविच के साथ दो साल का करार किया
6 Sep, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर । जमशेदपुर एफसी ने सर्बिया के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एलेन स्टीवानोविच के साथ दो साल का करार किया है। जमशेदपुर ने 2023-24 आईएसएल सत्र से पहले स्टीवानोविच को शामिल करने की घोषणा की। इस खिलाड़ी के पास खासा अनुभव है। उसने इटली में इंटर मिलान की युवा टीम के साथ शुरुआत की थी और दिग्गज कोच जोस मोरिन्हो की देखरेख में इसकी सीनियर टीम की ओर से भी खेला है। इसके साथ ही इटली में टोरिनो एफसी, पलेर्मो , एसएससी बारी और स्पेजिया जैसी टीमों का भी प्रतिनिधित्व किया है।
स्टीवानोविच इंटर मिलान की उस टीम में भी शामिल थे हिस्सा थे जिसने साल 2009-10 में मोरिन्हो के नेतृत्व में लगातार तीन खिताब जीते थे। स्टीवानोविच ने जमशेदपुर टीम में जगह मिलने पर खुशी जताते हुए कहा , ‘‘ जमशेदपुर एफसी का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैंने क्लब और उसके प्रशंसकों के बारे में बहुत कुछ सुना है और मैं यहां आकर खेलने को लेकर उत्साहित हूं। वहीं जमशेदपुर एफसी के मुख्य कोच स्कॉट कूपर ने कहा , ‘‘ एलेन (स्टीवानोविच) के साथ करार टीम के लिए लाभप्रद रहेगा। उनके अनुभवों का लाभ टीम को मिलेगा जिससे उसका प्रदर्शन और भी बेहतर होगा।
रैसलर होगन को योग से हुआ लाभ
6 Sep, 2023 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
न्यूयार्क । डब्लयूडब्लयूई रैसलर हल्क होगन ने कहा है कि योग से उन्हें बेहद लाभ हुआ है। योग ट्रेनर ने ही उनकी शराब की आदत से उन्हें आराम हुआ है। इससे वह बेहद खुश हैं। होगन ने कहा कि इससे उनको काफी लाभ भी हुए हैं। इस पहलवान ने कहा कि शराब से दूर रहने के कारण ही वह वजन कम करने में भी सफल हुए हैं। होगन ने कहा कि वजन घटाने का काम उन्होंने नये साल से शुरू कर दिया था क्योंकि वह उन दिनों बीमार थे। बीमार होने के कारण वह जल्द थक जाते थे।
होगन की पिछले महीने ही हयोग प्रशिक्षक स्काई डेली से सगाई हुई थी। जिनसे मिलने के बाद उन्होंने अपना वजन कम करना प्रारंभ किया। ट्रेनिंग के अलावा होगन ने अपने आहार में भी बदलाव किए हैं। जिसके कारण उन्हें अपने शरीर में भी बदलाव देखने को मिले हैं। होगन को पिछले साल दिल की बीमारी हुई थी। जिसके बाद से ही उन्होंने अपनी सेहत पर ध्यान देना शुरू कर दिया था।
होगन ने कहा कि पहले वह अपने मुकाबलों से पहले और बाद में काफी शराब पीते थे। इस रेसलर ने साल 2012 में रिटायर होने के बाद से ही रैसलिंग नहीं की है। होगन इस साल की शुरुआत से ही बिना शराब के बिना बेहतर जीवन जी रहे हैं। होगन ने कहा कि शराब छोड़ने के बाद से ही उनके जीवन में सब कुछ बदल गया है। मैं अब जंक फूड नहीं खा रहा।
मोहन बागान ने डूरंड कप जीता , खिताबी मुकाबले में ईस्ट बंगाल को हराया
5 Sep, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता । दिमित्री पेट्राटोस के गोल से मोहन बागान सुपर जाइंट ने ईस्ट बंगाल को 1-0 से हराकर 132वें डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट जीत लिया है। मोहन बागान ने इस मुकाबले को 10 खिलाड़ियों से खेलते हुए जीता। इस मुकाबले में बागान के अनिरुद्ध थापा को एक गलती के लिए रैफरी ने बाहर कर दिया। इसके बाद भी बगान ने अपने प्रयास जारी रखे। पेट्राटोस ने 71वें मिनट में एक गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इस मुकाबले में पेट्राटोस के अलावा अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन सामान्य रहा। बागान को शिमला ट्रॉफी और डूरंड कप, मूल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
गोल्डन बूट (सर्वोच्च स्कोरर)- डेविड लालह्लानसंगा-छह गोल (मोहम्मडन स्पोर्टिंग)
गोल्डन ग्लव्स- प्रभुसुकन गिल (इमामी ईस्ट बंगाल)
गोल्डन बॉल (प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट)- नंदकुमार शेखर (इमामी ईस्ट बंगाल) ।
एशियन गेम्स में मप्र के 43 खिलाड़ी सिलेक्ट
5 Sep, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। चीन के हांग्जो में 19वें एशियन गेम्स-2022 की शुरुआत होगी। यह गेम्स 23 सितंबर से शुरू होकर 8 अक्टूबर तक चलेंगे। इस बार एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश के 43 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। कोविड-19 की वजह से एशियन गेम्स को स्थगित किया गया था। ओलंपिक में जीत हासिल करने वाले हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर भी गेम्स में खेलेंगे।
एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश खेल अकादमी के 19 खिलाड़ी, मध्यप्रदेश के (अकादमी के बाहर के) 11, स्पोर्टस ऑथारिटी ऑफ इंडिया (स््रढ्ढ) के 3, मध्यप्रदेश खेल अकादमी के 7 पूर्व खिलाड़ी और 3 खिलाड़ी जो अकादमी के एसोसिएट मेम्बर है भारतीय टीम में शामिल हैं। एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश खेल अकादमी के सबसे ज्यादा वाटर स्पोर्टस के खिलाडिय़ों का चयन हुआ है।
नर्मदापुरम के चांदौन गांव के रहने वाले विवेक
हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर नर्मदापुरम के इटारसी के पास चांदौन गांव के रहने वाले हैं। ओलिंपिक में विवेक के गोल की बदौलत भारत ने अर्जेंटिना के विरुद्ध जीत हासिल की थी। इसके बाद सेमीफाइनल में ब्रॉन्ज मेडल मिला था। शिवराज सरकार ने विवेक को डीएसपी बनाया है।
सबसे ज्यादा वाटर स्पोट्र्स के खिलाड़ी
वाटर गेम्स के केनो सलालम में शुभम केवट, शिखा चौहान, हितेश केवट, विशाल वर्मा।
सेलिंग में नेहा ठाकुर, शीतल वर्मा, हर्षिता तोमर
कयाकिंग-कनोईंग में अर्जुन सिंह, नीरज वर्मा, शिवानी वर्मा, कावेरी, ओ विनीता देवी, प्राची यादव और मनीषा कौरव (दोनो पेरा केनो)।
रोईंग में रूक्मणी दांगी।
घुड़सवारी में मध्यप्रदेश अकादमी के राजू सिंह और सुदिप्ती हजेला।
शूटिंग इवेंट में मध्यप्रदेश अकादमी के एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और आशी चौकसे भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मध्यप्रदेश मार्शल आर्ट अकादमी के कपिल परमार जुडो (ब्लाईंड जूडो कैटेगरी) खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अकादमी के दो एसोसिएट मेंबर दीक्षा और सपना बर्मन भारतीय एथलेटिक्स दल का हिस्सा होंगी।
ये भी होंगे शामिल
इस वर्ष आयोजित हो रहे एशियन गेम्स मे अकादमी के बाहर के 11 मध्यप्रदेश के खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसे अद्धेत पात्रे (स्वीमिंग), आध्या तिवारी, जय मीणा, तुषिता सेन और आदित्य दुबे (सभी साप्ट टेनिस), अनंजुल नामदेव और रोहित यादव (वुशु), दमिता देवी (क्याकिंग कनोईंग), रोहिणी कलाम (जी-जुत्सु), ज्योति चौहान (महिला फुटबॉल), आवेश खान (क्रिकेट) भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
स्पोट्र्स ऑथेरिटी ऑफ इंडिया की तुलिका और अवतार सिंह (जुडो) तथा सोनिया देवी पहीरेमबाम (कयाकिंग - कनोईंग) में चयन हुआ है। मध्यप्रदेश अकादमी के सात पूर्व खिलाडिय़ों का भी भारतीय टीम में चयन हुआ है। इसमें महिला हॉकी टीम मे मोनिका, सुशीला चानु, इशिका, विष्णु देवी और पुरुष हॉकी में विवेक सागर और नीलाकांता शर्मा भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व एशियन गेम्स में करेंगे।
2028 तक मैनचेस्टर यूनाइटेड से खेलेंगे माउंट
4 Sep, 2023 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मैनचेस्टर । इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के लिए मैनचेस्टर यूनाइटेड क्लब ने अंतरराष्ट्रीय मिडफील्डर मेसन माउंट के साथ पांच साल का करार पूरा कर लिया है। 24 वर्षीय के मिडफील्डर माउंट ने 279 क्लब मैच खेले हैं, 58 गोल किए हैं और 53 सहायता प्रदान की है। वह चैंपियंस लीग विजेता 2020/21 और 2021/22 दोनों सीज़न के लिए चेल्सी का प्लेयर ऑफ द ईयर था। उनके पास इंग्लैंड के लिए 36 कैप हैं और उन्होंने 2021 में यूरोपीय चैम्पियनशिप फाइनल में अपने देश की दौड़ में अहम भूमिका निभाई।
माउंट ने कहा, उस क्लब को छोड़ना कभी आसान नहीं होता जहां आप बड़े हुए, लेकिन मैनचेस्टर यूनाइटेड मेरे करियर के अगले चरण के लिए एक रोमांचक नई चुनौती प्रदान करेगा। उनके खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने के बाद, मुझे पता है कि यह कितनी मजबूत टीम है जिसमें मैं शामिल हो रहा हूं, और मैं प्रमुख ट्रॉफियां जीतने के लिए इस समूह के अभियान का हिस्सा बनने के लिए इंतजार नहीं कर सकता। क्लब ने यह भी पुष्टि की कि नए हस्ताक्षरकर्ता माउंट चेल्सी से अपने स्थानांतरण के बाद प्रतिष्ठित शर्ट नंबर 7 पहनेंगे
भारतीय हॉकी टीम ने जीता पुरूष हॉकी 5 एशिया कप
3 Sep, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सालालाह । भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एक रोमांचक शूटआउट मुकाबले में पाकिस्तान को 2-0 से हराकर पहला पुरूष हॉकी 5 एशिया कप टूर्नामेंट जीता है। इस मैच में तय समय तक दोनो ही टीमें 4-4 से बराबरी पर थी पर शूटआउट में भारत ने बाजी मार ली। इस जीत के साथ ही भारत ने एफआईएच पुरूष हॉकी 5 विश्व कप 2024 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। भारत की ओर से जुगराज सिंह ने शुरुआत के 7 वें जबकि मनिंदर सिंह ने 10वां मिनट में गोल कर भारत को बढ़त दिलायी। इसके बाद मोहम्मद राहील ने 19वें और 26वें मिनट में दो गोल किये। गुरजोत सिंह और मनिंदर सिंह ने शूटआउट में गोल दागे।
वहीं पाक की ओर से अब्दुल रहमान ने पांचवे और कप्तान अब्दुल राणा ने 13वें जबकि जिकरिया हयात ने 14 वें मिनट में एक गोल दागा। अरशद लियाकत ने 19 वें मिनट में एक गोल किया। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में मलेशिया को 10-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। इस जीत से भारतीय टीम का एशियाई खेलों के लिए मनोबल बढ़ा है।
भारतीय टीम का इस टूर्नामेंट में दबदबा रहा और उसने 7 मैचों में सबसे अधिक कुल 87 गोल कर एक रिकार्ड बनाया है। वहीं पाक ने 7 मैचों में 71 गोल जबकि ओमान ने 9 मैचों में 38 गोल किये।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बांग्लादेश को हराया
30 Aug, 2023 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सालालाह । ओमान में खेल जा रहे एशियाई हॉकी 5एस विश्व कप क्वालीफायर में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार जीत से शुरुआत की है। भारतीय टीम ने मनिंदर सिंह के चार गोल और मोहम्मद राहिल के तीन गोलों की सहायता से बांग्लादेश को 15-1 से हराया। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में शुरूआत से ही बढ़त हासिल कर जमकर गोल दागे। वहीं बांग्लादेश की टीम केवल एक गोल कर पायी। भारत ने उसे दूसरा अवसर नहीं दिया। भारतीय टीम की ओर से मनिंदर ने 10वें, 18वें, 28वें और 30वें मिनट में जबकि राहिल ने दूसरे, 15वें और 24वें मिनट में गोल दागे। इनके अलावा सुखविंदर ने 13वें, 22वें, गुरजोत सिंह ने 13वें, 23वें और पवन राजभर ने 19वें, 26वें मिनट में दो गोल किये। मंदीप मोर ने 8वें, और दिपसन तिर्की ने 9वें मिनट में एक-एक गोल किया। बांग्लादेश की ओर से एकमात्र गोल सावोन सरोवर ने दूसरे मिनट में किया।
अमन सहरावत विश्व चैंपियनशिप कुश्ती की टीम में शामिल, ट्रायल्स में जीते
27 Aug, 2023 01:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पहलवान अमन सहरावत ने शनिवार को 57 किग्रा भारवर्ग का ट्रायल्स जीतकर विश्व कुश्ती चैंपयनशिप की टीम में अपनी जगह पक्की की। अमन ने ट्रायल्स के फाइनल में आतिश टोडकर को हराया। विश्व चैंपियनशिप 16 सितंबर से सर्बिया के बेलग्रेड में होगी। आकाश दहिया 61 किग्रा में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि अनुज कुमार 65 किग्रा वर्ग में खेलते नजर आएंगे। अनुज के 65 किग्रा भारवर्ग में ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया खेलते आ रहे हैं।
अन्य मुकाबलों में अभिमन्यु ने मुलायम यादव को हराकर 70 किग्रा में विश्व चैंपियनशिप टीम में जगह बनाई। वहीं, नवीन ने सागर जगलान को हराकर 74 किग्रा का ट्रायल जीता। सचिन मोरे ने 79 किग्रा में रोहित गुलिया को हराकर विश्व चैंपियनशिप में खेलने का हक पाया।
संदीप सिंह ने 86 किग्रा के ट्रायल में जोंटी कुमार को हराया। पृथ्वीराज पाटिल ने 92 किग्रा वर्ग में गौरव बालियान को साहिल ने 97 किग्रा में विक्की को हराकर भारतीय टीम में जगह पक्की की। सुमित मलिक ने आकाश अंतिल को हराकर 125 किग्रा में जीत दर्ज की।
यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। अगर यह प्रतिबंध नहीं हटा तो भारतीय पहलवान तटस्थ खिलाड़ी के तौर पर यूडब्ल्यूडब्ल्यू के बैनर तले चुनौती पेश करेंगे।
फ्रीस्टाइल टीम : अमन सहरावत (57 किग्रा), आकाश दहिया (61 किग्रा), अनुज कुमार (65 किग्रा), अभिमन्यु (70 किग्रा), नवीन (74 किग्रा), सचिन मोरे (79 किग्रा), संदीप सिंह (86 किग्रा), पृथ्वीराज पाटिल (92 किग्रा), साहिल (97 किग्रा), सुमित मलिक (125 किग्रा)।
ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया और अनुभवी ओलंपियन दीपक पूनिया राष्ट्रीय ट्रायल्स में शामिल नहीं हुए। बजरंग ने एशियाई खेलों के लिए विदेश में प्रशिक्षण लेने के लिए पहले ही विश्व ट्रायल छोड़ने का फैसला कर लिया था। बजरंग के करीबी जितेंद्र किन्हा के अलावा ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक के पति सत्यव्रत कादियान ने इस ट्रायल्स में हिस्सा नहीं लिया। विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता दीपक पूनिया ने भी 86 किग्रा वर्ग में ट्रायल्स में शिरकत नहीं की। भारतीय खेल प्राधिकरण ने उन्हें एशियाई खेलों की तैयारी के लिए विदेश में प्रशिक्षण की अनुमति दे रखी है।