उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
दर्दनाक हादसाः सड़क किनारे डंफर से टकराई कार, एक की मौत, तीन गंभीर
10 May, 2023 12:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के भलुअनी थाना क्षेत्र स्थित बरहज मार्ग पर देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। बारीपुर चौराहे के निकट सड़क के किनारे खड़ी डंफर से कार की टक्कर हो गई। इसमें कार में सवार बरहज थाना क्षेत्र के परसियां भीखम गांव निवासी सत्येंद्र सिंह (48) पुत्र कैलाश सिंह की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए देवरिया और गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। सभी देवरिया में एक शादी समारोह से वापस गांव जा रहे थे।
मंगलवार को कार चालक सत्येंद्र, भलुअनी थाना क्षेत्र के सोनाड़ी गांव निवासी हर्ष सिंह पुत्र सतीश सिंह, सुमन देवी पत्नी सत्यभान सिंह, चंद्रावती देवी पत्नी कनक सिंह देवरिया एक मैरेज हाल में शादी समारोह में गए थे। जहां से देर रात करीब एक बजे सभी गांव के लिए चल दिए।लोग बारीपुर चौराहे के निकट पहुंचे थे। इसी बीच सड़क के किनारे खड़ी डंफर से कार टकरा गई। जोर का धमाका और घायलों की चीख-पुकार सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकलवाया। जिन्हें इलाज के लिए ले जाया गया।
चिकित्सकों ने कार चालक सत्येंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं हर्ष सिंह, सुमन देवी, चंद्रावती देवी की हालत गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार कर गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।इंस्पेक्टर भलुअनी बीबी राजभर ने बताया कि सूचना पर पुलिस गई थी। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। हादसे में सत्येंद्र की मौत की सूचना है। घायलों को इलाज चल रहा है।
मौलाना तौकीर रजा ने दिया भड़काऊ बयान
9 May, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने बरेली के फरीदपुर में सोमवार देर रात एक जनसभा में कहा कि अगर अतीक और अशरफ की हत्या का बदला लेना है, आजम खां के ऊपर हुए जुल्मों का बदला लेना है तो मुसलमानों तुम्हें खुद को बदलना होगा। अगर अपने हालात दुरूस्त रखना चाहते हो तो तुम्हें अपने तौर-तरीके बदलने होंगे। मुसलमानों जैसा बनना होगा। अगर तुम नहीं बदले इससे भी बुरा हश्र होगा।
फरीदपुर के आईएमसी के समर्थित प्रत्याशी इफ्तिखार के समर्थन में आयोजित जनसभा को आईएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां संबोधित कर रहे थे। कहा कि मुसलमान पर जब भी जुल्म और ज्यादती हुई है। उन्होंने कभी उसकी बिरादरी नहीं देखी।उन्होंने कहा कि अतीक-अशरफ की हत्या और आजम खां की जिल्लत के लिए जितनी जिम्मेदार भाजपा है, उससे कम जिम्मेदार समाजवादी पार्टी भी नहीं है। अखिलेश यादव का उतना ही हाथ है, जितना भाजपा का हाथ है। निकाय चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा कि तुम्हें एक मौका मिला है। यह बताने के लिए कि तुम एकजुट हो जाओ।
कानपुर में सीएम योगी ने भरी जीत की हुंकार
9 May, 2023 09:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार का आज अंतिम दिन है। मंगलवार शाम छह बजे से प्रचार की गाड़ियों पर ब्रेक लग जाएगा। ऐसे में भाजपा पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर दौरे पहुंचे थे।दक्षिण कानपुर क्षेत्र में किदवई नगर के कमर्शियल मैदान में आयोजित जनसभा को मुख्यमंत्री योगी ने संबोधित किया। यहां उन्होंने मंच से पांच निकाय क्षेत्रों को साधने का काम किया।सीएम ने लोगों से ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला भी बोला।कानपुर में अब दंगा कर्फ्यू नहीं होता है। कनेक्टिविटी बढ़ने से प्रोडक्टिविटी बढ़ी है। कानपुर में इसी महीने एयरपोर्ट का हम उद्घाटन करने वाले हैं। रिंग रोड बनने वाली है। मेट्रो का काम भी चल रहा है। आज गुंडा टैक्स और वसूली नहीं हो रही है। लोगों को सुरक्षा के साथ विकास मिल रहा है।
लोगों को रौंदते हुए दुकान में घुसी अनियंत्रित बोलेरो,1 की मौत, 3 घायल
9 May, 2023 04:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मिर्जापुर | थाना क्षेत्र के ददरा बाजार में मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर मंगलवार की सुबह अनियंत्रित बोलेरो ने रेलवे कर्मचारी समेत तीन को टक्कर मारते हुए परचून के दुकान में जा घुसी। घायलों को उपचार के लिए राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद ले जाया गया। जहां रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई। गंभीर अवस्था में घायल बोलेरो चालक को मण्डलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल दो राहगीरों का प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज कराया गया।प्रयागराज निवासी प्रयाग (52) लूसा रेलवे स्टेशन पर ट्राली मैन के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार की सुबह नौ बजे लूसा से ड्यूटी के लिए कर्मा स्टेशन जा रहे थे। ददरा बाजार के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी पीछे से आई अनियंत्रित बोलेरो ने टक्कर मार दिया।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो ने वहां दो अन्य राहगीरों को धक्का मारते हुए दुकान के बाहर खड़ी तीन बाइकों को टक्कर मार परचून की दुकान में घुस गई।परचून दुकान मालिक राधेश्याम घर में थे। जिससे उनकी उनका जान बच गई। दोनों घायलों में बाबू (18) व सुनील (22) निवासी पतेरी को हल्की चोट आई। जो अपना इलाज प्राइवेट अस्पताल में करा कर ऑटो से घर चले गए। जबकि गंभीर रूप से घायल रेलवे कर्मचारी व चालक को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण का रेलवे कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया। बोलेरो चालक बाबूराम (30) निवासी मगरदहा का गंभीर अवस्था में प्राथमिक उपचार कर मण्डलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। राजगढ़ पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही में जुट गई। राजगढ़ थानाध्यक्ष राणा प्रताप ने बताया कि अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आकर रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई।
मेरा सपना अधूरा रह गया लिखकर रेलवे अफसर के बेटे ने दी जान
9 May, 2023 03:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झांसी शहर की पॉश पंचवटी कॉलोनी में यूपीएससी परीक्षा में दो बार असफल हुए डीआरएम कार्यालय में बजट अनुभाग अधिकारी के इकलौते बेटे ने रविवार को फंदे पर लटक कर जान दे दी। इस दौरान उसका पालतू कुत्ता लगातार उसे बचाने की कोशिश करता रहा। लेकिन, उसे बचा नहीं सका। मालिक की मौत से दुखी कुत्ते ने मृतक के पिता की सूचना पर घर पहुंचे चौकी इंचार्ज को भी बुरी तरह काटकर घायल कर दिया गया।
नगर निगम की टीम ने कुत्ते को किसी तरह जाल डालकर पकड़ा। तब पुलिस घर में घुस सकी। पुलिस को घर में युवक की डायरी मिली है, इसमें उसने अपना सपना अधूरा रह जाने की बात लिखी है। घटना के वक्त उसके पिता पत्नी का इलाज कराने भोपाल गए थे।नालंदा ओम गार्डन निवासी आनंद अग्निहोत्री डीआरएम कार्यालय में बजट अनुभाग अधिकारी हैं। उनका इकलौता बेटा संभव (25) यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। मामा अभिषेक के मुताबिक संभव की मां की कुछ दिनों से तबीयत खराब थी। उनका इलाज कराने आनंद उनको लेकर भोपाल गए थे। संभव घर में अकेला था।
रविवार रात करीब 10 बजे पिता आनंद ने संभव को फोन किया लेकिन, उसने फोन नहीं उठाया। पिता ने पड़ोसियों को घर भेजा लेकिन, काफी देर तक घंटी बजाने के बाद भी संभव बाहर नहीं निकला। घर में सिर्फ उनके पालतू कुत्ते एलेक्स के भौंकने की आवाज आ रही थी। ऐसे में किसी अनहोनी की आशंका से सहमे पिता ने पुलिस को सूचना दे दी।थोड़ी देर में उन्नाव गेट चौकी इंचार्ज शिवम सिंह मौके पर पहुंच गए। किसी तरह उन्होंने अंदर जाने का प्रयास किया लेकिन, कुत्ते एलेक्स ने उनको काटकर जख्मी कर दिया। एलेक्स किसी को भीतर नहीं आने दे रहा था। यह देखकर नगर निगम की टीम को बुलाया गया। नगर निगम टीम ने जाल डालकर किसी तरह पालतू कुत्ते को काबू में किया।
निकाय चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन
9 May, 2023 03:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मेरठ | निकाय चुनाव प्रचार का मंगलवार को अंतिम दिन है, जिसमें जुलूसों पर जोर रहेगा। सभी प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोकेंगे। पांच बजे के बाद चुनाव प्रचार का पहिया थम जाएगा। इसके बाद प्रचार करने वाले प्रत्याशियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बुधवार सुबह से मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां रवाना होनी शुरू हो जाएंगी। प्रत्याशियों की 11 मई 2023 को अग्नि परीक्षा होगी। 13 मई को नतीजे आएंगे।मेरठ में दूसरे चरण में गुरुवार सुबह 7:00 बजे से मतदान होगा। नगरीय निकाय चुनाव में महापौर पद पर 15, पार्षद पद पर 522, दोनों नगर पालिकाओं (मवाना व सरधना) में अध्यक्ष पद पर 27, सदस्य पद पर 237 व नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर 141 और सदस्य पद पर 763 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि 316 वार्ड, 503 पोलिंग स्टेशन, 1480 बूथों पर 16,09, 831 मतदाता वोट करेंगे। नगर निगम का मतदान ईवीएम से और नगर पालिका-नगर पंचायत में बैलेट पेपर से मतदान होगा। इसके लिए 57 निर्वाचन अधिकारी, 89 सहायक निर्वाचन अधिकारी, 38 जोनल मजिस्ट्रेट और 154 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
नगर निगम और नगर पालिका, नगर पंचायतों के मतगणना के लिए पोलिंग पार्टियां भामाशाह पार्क से रवाना होंगी। सभी 16 निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की निगरानी के लिए 19 टीमें बनाई गई हैं। नगर निगम चुनाव कराने के लिए बने प्रेक्षक सुधीर महादेव बोडबे और नगर पालिका-नगर पंचायत चुनाव प्रेक्षक कंचन सरन ने कहा कि निगरानी टीम को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रचार करने वाले प्रत्याशियों और उसके समर्थकों की वीडियोग्राफी कर मुकदमा दर्ज कराया जाए।
बैंक लूटने का बना रहे थे आरोपी प्लान, हथियार सहित किए गिरफ्तार
9 May, 2023 11:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना : थाना क्षेत्र के आईआईटी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) मार्ग पर अमहारा के आईडीबीआई बैंक को लूटने की साजिश रचने के दौरान ही सोमवार को पुलिस ने पूर्व मुखिया उदय कुमार और उसके गुर्गे ओमकार कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को पकड़ कर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है और बैंक लूट होने से रोका है।गिरफ्तार पूर्व मुखिया उदय कुमार और उसके गुर्गे ओमकार कुमार के पास से दो हथियार, चार मोबाइल और डेढ़ लाख रुपये कैश बरामद हुए हैं। उदय अख्तियारपुर गांव का रहने वाला है। वह तारानगर पंचायत का पूर्व मुखिया रहा है। थानेदार प्रमोद कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार ओमकार ने पहले भी बैंक लूटने की बात स्वीकार की है। मामले की छानबीन की जा रही है।
बताया जाता है कि सुबह करीब 11 बजे आईडीबीआई बैंक के सामने चबूतरा के नजदीक ओमकार बाइक खड़ी कर के बैठा था। नियमित जांच के लिए थानेदार प्रमोद कुमार दलबल के साथ बैंक पहुंचे। तभी उनकी नजर ओमकार पर पड़ी, वो संदेहास्पद तरीके से बैंक को निहार रहा था।पुलिसकर्मियों ने उसे बुलाया तो वह भागने लगा। संदेह होने पर सिपाहियों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्तौल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस उसे थाने पर लेकर आई और सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह पूर्व मुखिया उदय कुमार के कहने पर बैंक की रेकी कर रहा था।
कत्ल के बाद रातभर पति की लाश संग सोती रही पत्नी, आरोपी गिरफ्तार
9 May, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मथुरा के लक्ष्मीनगर में तीन मई की रात घर में सो रहे युवक की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पति-पत्नी आरोपी युवक के घर किराये पर रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला ने प्यार की राह में रोड़ा बनने पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी थी।एसएसपी शैलेष पांडेय ने बताया कि चार मई की सुबह थाना गोविंद नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि बिड़ला मंदिर क्षेत्र स्थित लक्ष्मी नगर में एक युवक ने आत्महत्या कर ली है।
पुलिस मौके पर पहुंची तो शव बेड के नीचे पड़ा था और उसके गले में पीले रंग का दुपट्टा बंधा हुआ था। जांच के पहले ही दिन पुलिस को मृतक की पत्नी नीतू सैनी (25) के बयान संदिग्ध लगे।उसने बताया कि वह कमरे में सो रही थी सुबह देखा तो पति मृत पड़े थे। पुलिस ने मृतक सिकंदर उर्फ हीरा सैनी के भाई प्रहलाद सैनी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण गला दबाना आया तो पुलिस का शक यकीन में तब्दील हो गया।
आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि सिंकदर के घर पर मकान मालिक गौरव उर्फ डेविड का आना जाना लगा रहता था।इसको लेकर पति-पत्नी में झगड़ा भी होता था। पुलिस ने महिला के मोबाइल की सीडीआर निकाली तो पता चला कि वारदात वाले दिन उसने सबसे ज्यादा फोन गौरव को किए थे। इसी से पुलिस को दोनों पर शक गहरा गया। सोमवार को पुलिस ने गौरव व नीतू को पीएमवी कॉलेज के पास हनुमान मंदिर से पकड़कर पूछताछ की तो सारा मामला खुल गया।
फिल्म 'द केरल स्टोरी' यूपी में होगी टैक्स फ्री
9 May, 2023 11:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | फिल्म 'द केरल स्टोरी' यूपी में टैक्स फ्री होगी। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद ट्वीट कर देखी। मुख्यमंत्री योगी 12 मई को पूरी कैबिनेट के साथ फिल्म देखेंग । फिल्म युवतियों को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराए जाने की कहानी कहती है। फिल्म डायरेक्टर सुदिप्तो सेन के निर्देशन में बनी 'द केरल स्टोरी' शालिनी, नीमा और गीतांजलि नाम की लड़कियों पर आधारित है, जो नर्स बनने का सपना लिए घर से दूर एक कॉलेज में आती हैं, जहां उनकी मुलाकात आसिफा से होती है।
आसिफा एक फंडामेंटलिस्ट है और जैसे-जैसे फिल्म की कहानी आगे बढ़ती है, वैसे-वैसे यह पता चलता है कि वह आईएसआईएस के लिए लड़की भेजने का काम करती है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे आसिफा अपने साथियों की मदद से उन तीन लड़कियों का ब्रेनवॉश करके उन्हें अपना धर्म बदलने के लिए उकसाती है।
'द केरल स्टोरी' पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'द केरल स्टोरी सिर्फ एक राज्य में हुई आतंकी साजिशों पर आधारित है। देश का इतना खूबसूरत राज्य, जहां के लोग इतने परिश्रमी और प्रतिभाशाली होते हैं, उस केरल में चल रही आतंकी साजिश का खुलासा इस फिल्म में किया गया है। इस सिनेमा का भी कांग्रेस ने विरोध किया। इतना ही नहीं, ऐसी आतंकी प्रवृत्ति वालों से कांग्रेस, पिछले दरवाजे से राजनीतिक सौदेबाजी तक कर रही है।'
Bihar: भागलपुर में मॉर्निंग वॉक के लिए निकली महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला
9 May, 2023 10:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भागलपुर में मॉर्निंग वॉक के लिए निकली दर्जन भर महिलाओं को अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया जिसमें दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो महिला की स्थिति काफी नाजुक बताई जा रही है। कुछ महिलाएं चोटिल हैं। घटना सुलतानगंज थाना क्षेत्र के घोरघट पीरदरगाह के समीप की है।घटना करीब 4:30 बजे सुबह की है। मृतका की पहचान कन्हैया पोद्दार की पत्नी सरस्वती देवी (35) और बबलू तांती की पत्नी सविता देवी के रूप में की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुबह में करीब 4:30 बजे कुछ महिलाएं मॉर्निंग वाक के लिए निकली थी। तभी घोरघट के पीरदरगाह के पास भागलपुर से मुंगेर की तरफ जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन महिलाओं को रौंद ते हुए फरार हो गया। इस घटना में सरस्वती देवी और सविता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि पूजा देवी और रुपा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई।कुछ अन्य महिलाएं भी चोटिल हैं। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सुल्तानगंज अस्पताल में भरती कराया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
PFI पर खुलासा: मुसलमानों पर अत्याचार के नाम पर गुमराह, बेहद खतरनाक थे परवेज-रईस के मंसूबे
9 May, 2023 10:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के वाराणसी से गिरफ्तार सदस्यों परवेज अहमद और रईस अहमद के मंसूबे बेहद खतरनाक थे। दोनों बीते कई दिनों से मुस्लिम युवाओं को भड़काऊ मैसेज भेज रहे थे। प्रयागराज में पुलिस अभिरक्षा में हुई हत्या समेत यूपी से जुड़े हर मामले को इस्लाम पर हमले से जोड़कर युवाओं को लगातार भड़काया जा रहा था ताकि मौका पड़ने पर प्रदेश का माहौल खराब किया जा सके।बीते कई दिनों से जांच एजेंसियां दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल के मैसेज पर नजर रखे हुई थी। दोनों की गतिविधियां बढ़ने पर उनको गिरफ्तार करने के साथ उनसे जुड़े युवाओं को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
दरअसल, प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन पीएफआई पर केंद्र सरकार के प्रतिबंध लगाने के बाद उसके सदस्य अंदरखाने संगठन से सहानुभूति रखने वाले युवाओं को जोड़ने में जुटे थे।सूत्रों की मानें तो इसका आदेश केरल में पीएफआई हेडक्वार्टर के पदाधिकारियों की तरफ से दिया जा रहा था। परवेज और रईस सीएए, एनआरसी प्रकरण के समय से सक्रिय थे। दोनों असम तथा अन्य राज्यों में पीएफआई, कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया (सीएफआई) और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। एटीएस ने दोनों के मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है, ताकि उससे अहम जानकारियां हाथ लग सके।
सनकी बेटे ने पिता की लाठियों से पीट-पीटकर की नृशंस हत्या
8 May, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झांसी के मऊरानीपुर में सनकी बेटे ने पिता की लाठियों से पीट-पीटकर नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद बेटा फरार हो गया लेकिन, पुलिस ने गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हुई है। हत्यारोपी बेटे से पूछताछ की जा रही है।देवरी सिंहपुरा गांव निवासी दयाल कुशवाहा (65) रविवार रात खाना खाने के बाद अपने घर के बाड़े में सो रहा था। रात करीब साढ़े बारह बजे उसका बड़ा बेटा रामनाथ शराब के नशे में पहुंचा और बुजुर्ग पिता पर लाठियों से तबाड़तोड़ वार करने लगा। बुजुर्ग पिता दयाल लहुलुहान हो गए। लाठियों से बुरी तरह मारने के बाद आरोपी रामनाथ मौके से भाग गया।
कुछ देर बाद अपनी बेटी को फोन करके उसने अपनी इस हरकत के बारे में बताया। उसकी सुनकर बेटी के होश उड़ गए। परिजन जब बाड़े में पहुंचे तब दयाल चारपाई पर खून से लथपथ पड़े थे। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में मऊरानीपुर सीओ स्नेहा तिवारी, कोतवाल तुलसीराम पांडेय पुलिस बल समेत मौके पर पहुंच गए।हत्या के बाद आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीओ के मुताबिक हत्या की वजह अभी साफ नहीं हुई है। रामनाथ नशे का आदी है। शराब के नशे में ही उसने हत्या की। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यूपी निकाय चुनाव में समर्थन जुटाने के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ने किया रोड शो
8 May, 2023 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय मंत्री व अमेठी सांसद स्मृति ईरानी ने सोमवार को यूपी निकाय चुनाव में समर्थन जुटाने के लिए जायस नगर पालिका में रोड शो किया। रोड शो में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी व राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी शामिल रहे।सभी नेताओं ने जायस की भाजपा प्रत्याशी बीना सोनकर को जिताने की अपील की। कहा कि हमारी इज्जत आप के हाथ में है जिस तरह पिछली बार आप लोगों ने महेश सोनकर को जायस की कमान सौंपी थी ठीक उसी प्रकार इस बार उनकी पत्नी बीना सोनकर को ज्यादा से ज्यादा बहुमत से विजयी बनाकर जायस का चेयरमैन बनाएं।स्मृति ने जय श्रीराम का नारा लगाते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। सांसद ने जायस की जनता को धन्यवाद देते हुए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने इन पांच वर्षों में देखा होगा कि हमारी सरकार ने विकास की गंगा बहाई है।
सपा प्रत्याशियों के समर्थन में अलीगढ़ पहुंचे अखिलेश यादव
8 May, 2023 03:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अलीगढ़ | प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अलीगढ़ में मेयर प्रत्याशी जमीरउल्लाह खान और नगर पंचायत-पालिका के समर्थन में रोड शो करने पहुंचे। अखिलेश यादव ने रोड शो से विपक्षियों को दमदार विपक्ष का संदेश दिया। रोड शो में सपाईयों ने पैदल और वाहन से मुलायम सिंह यादव अमर रहे और अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए।अखिलेश यादव धनीपुर हवाई पट्टी पर पहुंचे। उसके बाद वह जमालपुर रोड शो के लिए रवाना हुए। जमालपुर से रोड शो की शुरुआत हुई, अखिलेश यादव खुली जीप में प्रत्याशी जमीरउल्लाह खान और सपा नेता अज्जू इश्हाक के साथ सवार हुए। रोड शो में सपाई पैदल और वाहनों से सपा के झंडे लेकर दिखे। रोड शो में अखिलेश यादव ने जनता से प्रत्याशी जमीरउल्लाह खान और नगर पंचायत और नगर पालिका के सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।अखिलेश यादव जमालपुर पुल से जीप में बने रथ में सवार होकर रोड शो में वोट मांगते दिखे। रोड शो पुरानी चुंगी स्थित एएमयू सेनेटरी गेट पहुंचा। इसके बाद वे कार में सवार होकर क्वार्सी थाने के सामने रामबाग कालोनी में अतरौली के पूर्व विधायक वीरेश यादव के आवास पर पहुंचे, जहां पूर्व विधायक के नवदंपति पुत्र-बहू को आशीर्वाद दिया। अब अखिलेश यादव आगरा रोड के क्लार्स-इन होटल के लिए रवाना हो गए हैं।
भीषण हादसा में मारे गए लोगों की चकनाचूर हो गई थीं हाड्डियां, शवों का हाल देख कांप उठे डॉक्टर
8 May, 2023 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुरादाबाद के अलीगंज-दलपतपुर मार्ग पर रविवार दोपहर ओवरटेकिंग और तेज रफ्तार की वजह से भीषण हादसा हुआ। कैंटर के चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में सामने से आ रहे टाटा मैजिक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा मैजिक में सवार मारे गए लोगों के सिर फट गए। उनकी हड्डियां चकनाचूर हो गईं।मुरादाबाद के भगतपुर थाना इलाके में अलीगंज-दलपतपुर मार्ग पर रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कैंटर ने सामने से आ रही टाटा मैजिक में टक्कर मार दी। इस हादसे में चालक समेत मैजिक में सवार भोजपुर इलाके के 10 लोगों की मौत हो गई। 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मैजिक सवार सभी लोग रिश्तेदार की शादी में शामिल होने रामपुर जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगी बहनें और मां-बेटे शामिल हैं।
दुर्घटनास्थल के आस पास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कैंटर तेजी से दलपतपुर की ओर आ रहा था। उसने एक के बार एक कई वाहन ओवरटेक किया। इसके बाद उसने एक और वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। सड़क छोटी और खराब होने के बावजूद भी कैंटर के चालक ने न तो रफ्तार कम की और न ही सामने से आ रहे वाहन को बचाने का प्रयास किया। हालांकि टाटा मैजिक के चालक ने हॉर्न बजाया।चालक ने टाटा मैजिक को सड़क से नीचे उतार लिया। सड़क किनारे खाई थी। इसलिए चालक टाटा मैजिक सड़क से ज्यादा किनारे नहीं कर पाया। इसी बीच टैंकर ने टाटा मैजिक में टक्कर मार दी। जिससे टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए। कैंटर में टाटा मैजिक फंस गई। दूर तक टाटा मैजिक घसीटती चली गई और खाई में पलट गई। इसके बाद कैंटर भी पलट गया। वाहन में फंसे लोगों में चीख पुकार मच गई।