मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
अग्निवीर भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित, 304 अभ्यर्थी पास...
29 Jan, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : अग्निवीर भर्ती लिखित परीक्षा के जनरल ड्यूटी, तकनीकी और ट्रेडमैन के परिणाम आ गए हैं। परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवारों को 1 फरवरी को सेना भर्ती कार्यालय में अपने ओरिजनल दस्तावेज लेकर उपस्थित होने को कहा गया है।
सेना भर्ती कार्यालय ने जनरल ड्यूटी, तकनीकी और ट्रेडमैन की लिखित परीक्षा आयोजित कराई थी। 3 ईएमई सेंटर बैरागढ़ पर 15 जनवरी को परीक्षा में 9 जिलों के अभ्यार्थी शामिल हुए थे। इसमें भोपाल, सीहोर, विदिशा, रायसेन, बैतूल, छिंदवाड़ा, हरदा, नर्मदापुरम और राजगढ़ के अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसके लिखित परीक्षा में परिणाम घोषित कर दिये गए। इसमें 160 अग्निवीर जनरल ड्यूटी, 68 अग्निवीर तकनीकी, 49 अग्निवीर ट्रेडमैन (10th) और अग्निवीर ट्रैडमैन (8th) शामिल हुए। उत्तीर्ण अग्निवीर अभ्यर्थियों को सेना भर्ती कार्यालय में भोपाल में ओरिजनल दस्तावेज के साथ बुलाया गया है। इससे पहले 16 अग्निवीर क्लर्क के रिजल्ट घोषित किये गए थे।
बता दें 9 जिलों के 1503 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल हुए थे। इससे पहले अक्टूबर-नवंबर 2022 मेंं अग्निवीर सेना भर्ती में 40 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शारीरिक परिक्षण परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से अभ्यर्थियो को लिखित परीक्षा के लिए चयन किया गया था।
मप्र में गरीब महिलाओं को एक हजार रुपये प्रति माह मिलेगा : शिवराज
29 Jan, 2023 01:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नर्मदापुरम| मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा जयंती एवं नर्मदापुरम के गौरव दिवस के मौके पर गरीब महिालाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। अब राज्य की गरीब महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, "लाडली लक्ष्मी योजना की तरह अब प्रदेश में लाडली बहना योजना शुरू की जाएगी। योजना में सभी वर्गों की गरीब बहन को प्रतिमाह एक हजार रुपए मिलेंगे और यदि उन्हें अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है, तो वह पूर्ववत मिलता रहेगा। योजना पर पांच वर्षों में अनुमानित 60 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे।"
उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना प्रदेश की बहनों की जिन्दगी को और बेहतर बनाएगी। मुझे मेरी बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त करना है। बहनें सशक्त होंगी तो परिवार सशक्त होगा। परिवार सशक्त होगा तो समाज सशक्त होगा, समाज सशक्त होगा तो प्रदेश सशक्त होगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने जिले को अनेक विकास कार्यों की सौगात देते हुए श्री महाकाल लोक की तर्ज पर नर्मदापुरम लोक और नर्मदा कॉरीडोर बनाने की घोषणा की।
समारोह को सांसद राव उदयप्रताप सिंह और विधायक सीतासरन शर्मा ने भी संबोधित किया। जिले के प्रभारी एवं खनिज साधन मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
भाजपा की विकास यात्रा में हर घर दी जाएगी दस्तक
29 Jan, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के अन्य जिलों के साथ भोपाल जिले में भी आगामी 5 फरवरी से विकास यात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा शहर में हर वार्ड की बस्ती-बस्ती तथा जिले के गांव-गांव पहुंचेगी। यह यात्रा 20 दिन तक चलेगी। इस यात्रा की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। नकारी के अनुसार सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। यात्रा के दौरान राज्य शासन की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। यात्रा के दौरान नागरिकों को शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न हितग्राही मूलक तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। उन्हें राज्य शासन द्वारा किए जा रहे विकास संबंधी कार्यों के बारे में भी बताया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों का लोकार्पण तथा भूमि पूजन भी होगा। हालांकि दूसरी तरफ इसे 2023 के विधानसभा चुनावों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार ने पूरे प्रशासनिक अमले को झोंककर इसके बहाने हर घर को जोडऩे की तैयारी की है।
हर बूथ पर 53 प्रतिशत वोट शेयर का लक्ष्य
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि जिस प्रकार गुजरात में प्रत्येक बूथ पर 53 प्रतिशत मत हासिल करने पर काम किया उसी प्रकार कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर सक्रिय होकर बूथ को सशक्त करने में जुटेंगे। राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी से लेकर मंडल तक के पदाधिकारियों को बूथ पर जिम्मेदारी से जोडऩे का काम करना होगा।
संगठन को मजबूत करने कांग्रेस चलाएगी घर वापसी अभियान
29 Jan, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का रूठ जाना एक बड़ी बीमारी है। कुछ माह पहले हुए नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में टिकट न मिलने से कार्यकर्ता रूठकर पार्टी का दामन छोड़ गए थे। हाल ही में घोषित प्रदेश पदाधिकारियों की नई नियुक्ति के बाद फिर असंतोष सामने आ रहा है। ऐसी स्थिति में नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय करके अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है। रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के साथ-साथ घर वापसी अभियान भी चलाया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने इसकी जिम्मेदारी कांग्रेस सेवादल को दी है। 15 साल बाद वर्ष 2018 में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी थी लेकिन विभिन्न कारणों के चलते ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कई पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ दी थी।
वहीं बीते साल जुलाई में हुए नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में भी टिकट न मिलने व अन्य कारणों से कार्यकर्ता रूठकर घर बैठ गए थे। इसका नुकसान भी पार्टी को उठाना पड़ा था। कुछ दिन पहले प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद एक बार फिर कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आई। इंदौर में पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध जताया गया। माहौल को भांपते हुए प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल ने इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए अरविंद बागड़ी की नियुक्ति को स्थगित कर दिया।
दो माह चलेगा हाथ-हाथ
प्रदेश में 26 जनवरी से शुरू हुए कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में नेता व कार्यकर्ता दो माह तक भाजपा सरकार की विफलताएं बताएंगे। एक माह तक पदयात्रा के माध्यम से पार्टी नेता और कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद करेंगे। इसमें भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य के साथ 15 माह की कमल नाथ सरकार में हुए कामों के बारे में बताया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने गुरुवार को भोपाल के मुगालिया छाप गांव से यात्रा का शुभारंभ किया।
महंगाई भत्ता देने में दोहरे मापदंड अपना रही है राज्य सरकार
29 Jan, 2023 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मप्र कर्मचारी मंच का कहना है कि प्रदेश के 7:50 लाख कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने के मामले में राज्य सरकार दोहरे मापदंड अपना रही है। अधिकारियों को तो केंद्रीय तिथि से नगद एरियर सहित भुगतान करने के आदेश राज्य सरकार ने जारी किए हैं वही प्रदेश के कर्मचारियों को बिना एरिया के महंगाई भत्ता देने के आदेश जारी किया है। इससे प्रदेश के 7:50 लाख कर्मचारियों में भयंकर असंतोष व्याप्त हो गया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच महंगाई भत्ता केंद्रीय से एरियर सहित कर्मचारियों को देने की मांग को लेकर सोमवार को भोजन अवकाश के समय मंत्रालय के सामने प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे।
मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के प्रांत अध्यक्ष अशोक पांडे ने बताया कि राज्य सरकार ने अधिकारियों को 4 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ 1 जुलाई 2022 से एरियर सहित नगद भुगतान करने का आदेश जारी किया है। वही प्रदेश के सातवां वेतनमान प्राप्त कर्मचारियों को 1 जनवरी 2023 से 4 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ देने का आदेश जारी किया है जो कि न्यायोचित नहीं है। राज्य सरकार ने कर्मचारी संगठनों के साथ समझौता किया था कि कर्मचारियों को भी केंद्रीय कर्मचारियों के समान केंद्रीय तिथि से ही महागाई भत्ता का लाभ दिया जाएगा। लेकिन सरकार लंबे समय से अधिकारियों को तो केंद्रीय तिथि केंद्र के कर्मचारियों के समान एरियर सहित महागाई भत्ता का भुगतान करने के आदेश जारी कर अधिकारियों को बराबर लाभ पहुंचा रही है। लेकिन कर्मचारियों को 2019 से अभी तक सदैव ही घोषणा दिनांक से महागाई भत्ता का लाभ देने का आदेश जारी कर रही है। केंद्रीय शिक्षा केंद्र के कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता का बकाया एरियर का भुगतान नहीं कर रही है। जिससे अभी तक प्रदेश के कर्मचारियों का राज्य सरकार 800 करोड़ रुपए बचा चुकी है। कर्मचारियों को कहने को तो सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के समान 38 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ देने का आदेश जारी कर दिया है लेकिन वास्तविक रूप में कर्मचारियों को 38 प्रतिशत महंगाई भत्ते का केंद्रीय कर्मचारियों के समान लाभ अभी भी नहीं मिला है। जारी आदेश से कर्मचारियों में किसी प्रकार का हर्ष व्याप्त नहीं है बल्कि भयंकर असंतोष व्याप्त हो गया है। वहीं सरकार ने छठवें वेतनमान प्राप्त कर्मचारियों स्थाई कर्मियों को भी 4 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ देने का आदेश जारी नहीं किया है। सरकार कर्मचारियों के साथ दोहरे मापदंड अपना रही है। कर्मचारियों को उनके वास्तविक अधिकार नहीं दे रही है जिससे कर्मचारी अब आंदोलन के रास्ते पर आ गया है।
प्रदेशभर में बढ़ गया ठंड का असर
29 Jan, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । बारिश और घने कोहरे के साथ अब मध्यप्रदेश सर्द हवाओं से कांप उठा है। प्रदेश के कई शहरों में कोल्ड वेव चल रही है। शनिवार को ग्वालियर छतरपुर और दतिया में कोल्ड-डे रहेगा। भोपाल जबलपुर उज्जैन समेत 20 शहरों सुबह घने कोहरे के आगोश में है। जबलपुर में इतना घना कोहरा था कि 50 मीटर के बाद कुछ नहीं दिखाई दे रहा था। भोपाल में सुबह 9 बजे तक कोहरे का असर देखने को मिला।इधर दतिया और ग्वालियर की रात सबसे ठंडी रही। दतिया में पारा 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 28 जनवरी से प्रदेश में बारिश का नया सिस्टम एक्टिव हो जाएगा। इससे फरवरी के पहले सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। शनिवार सुबह रीवा और शहडोल चंबल के सभी जिले रीवा सिंगरौली सीधी सतना शहडोल उमरिया और अनूपपुर समेत भोपाल पन्ना दमोह छतरपुर जबलपुर कटनी डिंडौरी बालाघाट नरसिंहपुर बैतूल उज्जैन शाजापुर सीहोर में खासा असर रहा। जबलपुर में 50 मीटर विजिबिलिटी रही। उज्जैन बालाघाट और मालाजखंड में 200 से 500 मीटर भोपाल में 200 मीटर खजुराहो में 300 मीटर दमोह में 500 से एक हजार मीटर और उमरिया में विजिबिलिटी एक हजार मीटर दर्ज की गई।
भोपाल में सुबह 9 बजे तक कोहरा रहा
राजधानी भोपाल में सुबह 9 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। वहीं ठंड का असर भी देखने को मिला। इससे बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। भोपाल में स्कूलों की टाइमिंग बदल गई है। अब सुबह साढ़े 9 बजे की बजाय साढ़े 8 बजे स्कूल लग रहे हैं। शुक्रवार सुबह ठंड का असर बढऩे से बच्चों को ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ा।
अब तक आधा एमपी भीगा
पिछले एक सप्ताह से आधे प्रदेश में बारिश का दौर चल रहा है। खासकर भोपाल विदिशा नर्मदापुरम रायसेन भिंड ग्वालियर सीहोर देवास अशोकनगर दतिया हरदा शिवपुरी खंडवा खरगोन राजगढ़ बुरहानपुर गुना छतरपुर सागर टीकमगढ़ रीवा पन्ना कटनी दमोह सीधी सतना जबलपुर निवाड़ी भींग गए हैं। शुक्रवार को मौसम सामान्य रहा। बादल जरूर छाए रहे और सर्द हवाएं चलती रही।
नर्मदापुरम में मां नर्मदा जयंती महोत्सव का छाया उल्लास, सीएम शिवराज ने जलमंच से की पूजा-अर्चना
28 Jan, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नर्मदापुरम । अंचल का सबसे बड़ा पर्व मां नर्मदा प्रकटोत्सव नर्मदापुरम में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सेठानी घाट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में यहां प्रमुख कार्यक्रम हो रहा है। इसके लिए सेठानी घाट सहित अन्य घाटों पर विशेष साज सज्जा की गई है। श्रद्धालुओं का तांता सुबह से ही मां नर्मदा घाटों पर लगा रहा। शाम करीब छह बजे सीएम शिवराज सिंह चौहान भी अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ यहां पहुंचे। यहां सेठानी घाट पर विशेष जलमंच तैयार किया गया है, जहां सीएम शिवराज ने पत्नी साधना के संग वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज के साथ मां नर्मदा की पूजा-अर्चना और अभिषेक किया। इस अवसर पर नर्मदापुरम के सांसद राव उदय प्रताप सिंह, विधायक समेत जिला प्रशासन के आला अधिकारी व अन्य गणमान्य लोग भी यहां मौजूद हैं। एक दिन पूर्व से ही समूचा शहर दीपों और रोशनी से जगमग हो गया। शुक्रवार सुबह सेठानी घाट पर मां नर्मदा की पूजा अर्चना एवं भजनांजलि की गई। इसके बाद घाट पर सैंकड़ों स्कूली छात्राओं के द्वारा घाट के गुर्जों व फर्श पर आकर्षण रंगोली, चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
आकर्षक जलमंच से करेंगे पूजा-अर्चना
मुख्य समरोह स्थल नर्मदा तट के सेठानी घाट की एक माह से साफ-सफाई पुताई की जा रही थी। इसे बहुत आकर्षक रूप दिया गया है। वहीं प्राचीन नर्मदा मंदिर के सामने मुंबई की कंपनी एचएन मेरिन प्रा लि के प्रदीप शुक्ला और 29 सदस्यों की टीम ने नगर पालिका होमगार्ड तथा विभिन्न विभागों के साथ मिल कर नर्मदा की जलधारा पर जेटिस से जलमंच बनाकर तैयार कर दिया है। इस जलमंच पर 100 लोग सवार हो सकते हैं। यहीं से सीएम शिवराज मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म ने कम्युनिकेशन में ला दी है नई क्रान्ति -मुख्यमंत्री चौहान
28 Jan, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पहले अखबार और टीवी प्रमुखता से मीडिया में छाये हुए थे, इनकी बड़ी भूमिका थी। इसके बाद आये सोशल मीडिया प्लेटफार्म ने अब कई भ्रान्तियाँ तोड़ दी है। टीवी दिखाये या न दिखाये, अखबार छापे या न छापे, आम जनता का प्लेटफार्म बने सोशल मीडिया ने सूचना जगत में नई क्रान्ति ला दी है। अब कोई भी बात किसी से छुपी नहीं रह सकती है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के विशेषज्ञों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने हमारी परम्परा और हमारे धर्म को विश्व पटल पर स्थापित कर दिया है। जो लोग कभी राम का विरोध करते थे, वे अब राम नाम जप रहे हैं, जय महाकाल का उद्घोष कर रहे हैं। इस बदलाव को लाने में सोशल मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के युग में यदि अपने विचारों का प्रचार-प्रसार करना है तो सोशल मीडिया अपरिहार्य है। सोशल मीडिया ने देश की मानसिकता बदल दी है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज उज्जैन के विक्रम कीर्ति मन्दिर में दो दिवसीय सोशल मीडिया कॉन्क्लेव का दीप जला कर शुभारम्भ किया। श्री मुरलीधर राव, सांसद श्री व्ही.डी. शर्मा, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री बहादुरसिंह चौहान, महापौर श्री मुकेश टटवाल, फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष श्री ओम जैन मौजूद थे। भारत नीति के इस कॉन्क्लेव में देश के कई हिस्सों से सोशल मीडिया विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश विकास के मामले में नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आज नर्मदा जयन्ती है। हमने नर्मदा-शिप्रा को जोड़ने का कार्य किया है। इसे गंभीर, कालीसिंध और पार्वती तक ले जा रहे हैं। प्रदेश की सिंचाई क्षमता कभी 7 लाख हेक्टेयर हुआ करती थी, जो अब 45 लाख हेक्टेयर हो गई है। वर्ष 2024 तक यह बढ़ कर 65 लाख हेक्टेयर हो जायेगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिये अच्छा सन्देश देने के लिये उनके द्वारा प्रतिदिन पौधा लगाने की परम्परा शुरू की गई, जिसे आज 2 वर्ष पूरे हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस पहल पर प्रदेश के नागरिकों ने काफी अच्छा प्रतिसाद देते हुए अंकुर पोर्टल पर पेड़ लगा कर लाखों फोटो अपलोड किये हैं। पौधा-रोपण के 75 दिन बाद के पौधों के लगभग 68 लाख फोटो पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारत अत्यन्त प्राचीन राष्ट्र है। पश्चिम में जब सभ्यता का उदय नहीं हुआ था तब हमारे यहाँ वेदों की ऋचाएँ रच दी गई थी। हमारे यहाँ तक्षशिला और नालन्दा जैसे विश्वविद्यालय कार्यशील थे। देश की धरती ने हर विचार का आदर किया है। वर्तमान में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से देश जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। हमारी परम्परा वसुधैव कुटुम्बकम की रही है और इसी के अनुरूप एक धरती, एक भविष्य और एक परिवार का सूत्र लेकर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ तो बाद में बना, इसके पहले हमारे ऋषियों ने विश्व को वसुधैव कुटुम्बकम की अवधारणा दे दी थी। मुख्यमंत्री ने विगत 15 वर्षों की मध्यप्रदेश की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की धरती पर पैदा होने वाली हर बेटी लखपति पैदा होती है। इस योजना ने स्त्री-पुरूष संख्या में बड़ा बदलाव किया है। लिंगानुपात पहले 912 हुआ करता था, जो 956 और इससे भी बढ़ कर अब 978 हो गया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही हवाई जहाज से तीर्थ-दर्शन यात्रा शुरू होने वाली है। प्रदेश के शासकीय स्कूलों में रामायण और गीता पढ़ाई जायेगी। प्रदेश में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग की पढ़ाई को हिन्दी में प्रारंभ कर एक नई शुरूआत की गई है। गुड गवर्नेंस के मामले में मध्यप्रदेश, देश में प्रथम स्थान पर है और संयुक्त राष्ट्र संघ ने इस पहल को पुरस्कृत भी किया है। प्रदेश में जहाँ पहले सड़क नहीं गड्ढे हुआ करते थे, आज 4 लाख किलोमीटर सड़कें तैयार की गई हैं। प्रदेश ने पिछले 15 वर्षों में विद्युत उत्पादन को 2900 मेगावाट से 26 हजार मेगावाट तक पहुँचा दिया है। दिल्ली की मेट्रो रीवा के सोलर प्लांट में बन रही बिजली से चल रही है।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन की विशेषता है कि हम अपने मन्दिर की प्रतिमाओं में भी प्राण-प्रतिष्ठा कर देते हैं। यहाँ कालभैरव मन्दिर में मंत्रोच्चार से प्रतिमा मदिरापान करती है। बोरेश्वर महादेव दंगवाड़ा में शिव लिंग पर जितना भी जल चढ़ाओ, पृथ्वी के गर्भ में समा जाता है, पता नहीं लगता पानी कहाँ जा रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि 5 हजार वर्ष पहले यहाँ महर्षि सान्दीपनि ने गुरूकुल स्थापित किया, जहाँ अमीर और गरीब का भेद नहीं था। कृष्ण और सुदामा एक साथ अध्ययनरत थे। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और होने वाले सिंहस्थ मेले के प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया की अहम भूमिका है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर पूजन-अर्चन की
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को उज्जैन प्रवास के दौरान भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन, पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिये मंगल कामना की। पूजा पं. प्रदीप पुजारी एवं श्री यश पुजारी ने कराई।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, महापौर श्री मुकेश टटवाल सहित जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जो राम के अस्तित्व को नकारते थे वे अब राम नाम जप रहे हैं
28 Jan, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोशल मीडिया कॉन्क्लेव में चुनावी रंग मेें दिखे सीएम, राहुल दिग्गी कमलनाथ पर निशाना
भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को उज्जैन में आयोजित दो दिवसीय सोशल मीडिया कॉन्क्लेव का शुभारम्भ कर संबोधन के दौरान कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि हमने वह दौर भी देखा है जब लोग भगवा पहनने में डरते थे। जो लोग भगवान राम को काल्पनिक बताते थे। जो कभी राम के अस्तित्व को नकारते थे वे लोग अब राम नाम की माला जप रहे हैं। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि ऐसे लोग अब माथे पर त्रिपुंड लगाकर महाकाल महाराज के चरणों में साष्टांग दंडवत कर लेटे हुए दिख रहे है। अपनी यात्राओं में भी महाकाल महाराज के नाम की गूंज कर है। विचारों के इस बदलाव को लाने में सोशल मीडिया ने अहम भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा अपना विश्वास है भौतिकता की अग्नि में दंडवत विश्व मानवता को शांति के दर्शन कोई कराएगा तो वह है हमारा भारत। उन्होंने कहा कि एक नरेंद्र कहा था 100 साल से ज्यादा समय हो गया है। जो अंधा है देख नहीं सकते जो बहरे हैं वह सुन नहीं सकते लेकिन मैं स्पष्ट रूप से देख रहा हूं कि भारत माता एक बार फिर उठ कर खड़ी हो रही है और विश्व गुरु के पथ पर अग्रसर हो रही है। नरेंद्र स्वामी विवेकानंद ने कहा था मेरा विश्वास है कि दूसरे नरेंद्र के नेतृत्व में युग होगा नरेंद्र मोदी। मुख्यमंत्री ने आदिवासी वीर योद्धाओं की चर्चा करते हुए कहा हमारे क्रांतिकारी आदिवासी नायक हुए उनकी समाधि पर एक दिया नहीं जलता है जिनके लहू से हमें मिली थी आजादी वतन डगमगा रहे थे मकबरे उनके जो बेचा करते थे शहीदों के कफन। इसीलिए हमने मध्यप्रदेश में शहीदों के एक से एक स्मारक बनवाए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सिंहस्थ में उज्जैन शहर का कोई मंदिर नहीं छोड़ा सभी का जिर्णोद्वार करवाया। सरकार का पैसा है जनता का पैसा है। धर्म के काम में लगना चाहिए मंदिर में काम नहीं होंगे तो कहां होंगे।
लव चल सकता है जिहाद नहीं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लव जिहाद पर कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर लव चल सकता है। जिहाद नहीं चल सकता है। मध्यप्रदेश की धरती पर धर्मांतरण का खेल नहीं चलने देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया पर पहले मैं भरोसा करता था ना ज्यादा ध्यान देता था। मीडिया मतलब इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया लेकिन मैं मानता हूं कि आज के युग में अगर आपको अपने विचारों का प्रसार करना है। अच्छे कामों को जन तक ले जाना है तो सोशल मीडिया अपरिहार्य है। सोशल मीडिया ने जो परिवर्तन किया है उससे देश की मानसिकता ही बदल गई।
मुख्यमंत्री ने दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संबोधन के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। नक्सलवाद पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार मध्यप्रदेश में नक्सलवादी सिटिंग मिनिस्टर की गर्दन काट ले गए थे। उस दौरान दिग्विजयजी मुख्यमंत्री हुआ करते थे। हमारी सरकार आते ही हमने महाराष्ट्र मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ कि सीमा पर नक्सलवाद को आगे नहीं बढऩे दिया। आज इसी साल हमारी पुलिस ने 6 नक्सली मारे है जिन पर एक करोड़ 14 लाख रुपए का इनाम था। मुख्यमंत्री ने कहा राष्ट्र विरोधी गतिविधि मप्र में चलने नहीं देंगे। पहले मध्य प्रदेश में मालवा में कुआं में एके-47 मिलती थी। हमने मध्य प्रदेश में सिमी के नेटवर्क को पूरी तरह से खत्म कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा भोपाल जेल से कुछ लोगों ने निकलने की कोशिश की थी। ज्यादा दूर नहीं जा पाए थे। आतंक फैलाने वाले देश के दुश्मन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होंगे। मध्यप्रदेश की भूमि पर गुंडागर्दी दादागिरी माफियाओं पर दो-चार दिन के अंतराल में बुलडोजर चलता रहता है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून बनाया है कि मासूम बिटिया की तरफ किसी ने गलत निगाह से देखा तो फांसी की सजा होगी। उन्होंने कहा कि फांसी की सजा सुनाई तो जाती है फांसी देने में कठिनाई होती है। सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति जी तक मामला जाता है लेकिन ऐसे मामलों में बुलडोजर दूसरे दिन ही चल जाता है।
मप्र से सारे डाकू समाप्त किए
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2006 में मैंने कहा था कि मध्यप्रदेश में या तो डाकू रहेंगे या हम रहेंगे। 1 साल के अंदर सारे डाकू समाप्त कर दिए। सूचीबद्ध डकैतों के सारे गिरोह समाप्त किए। कोई डकैत पनप नहीं पाया चंबल के बीहड़ में। पहले गांव वाले शाम को 5 बजे बाद घरों से नहीं निकलते थे लेकिन अब वहां अटल एक्सप्रेस-वे बना रहे है। शानदार फोरलेन रोड बना रहे है ताकि बीहड़ की जमीन पर इंडस्ट्री डाल सकें।
कांग्रेस ने फिर से झूठे वादा करना शुरू कर दिए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान पूरी तरह से चुनाव के रंग में दिखाई दिए। उन्होने कांग्रेस पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं गंवाया। मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने फिर से झूठे वादे करना शुरू कर दिए हैं। उनके वचन पत्र में जो वचन दिए थे वे वचन पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि अब मैं लगातार कमलनाथ से पूछूंगा कि जो वादे किए थे वे पूरे क्यों नहीं किए। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि कांग्रेस ने वचन पत्र में कहा था हम गेहूं चना सरसों चावल कोई भी फसलों के लिए बोनस देंगे लेकिन सवा साल में एक को भी बोनस दिया क्या? कमलनाथ जी आखिर झूठ की भी हद होती है।
नर्मदा मैया का आशीर्वाद बना रहे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि आज नर्मदा जयंती पर नर्मदा मैया से यही प्रार्थना करते हैं कि वह मध्यप्रदेश में कृपा और आशीर्वाद की वर्षा करें। उनकी कृपा से हमको बिजली सिंचाई के लिए पानी पीने के लिए पानी मिलता है। उनकी कृपा सदैव बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा नर्मदा जयंती के दिन ही मैंने संकल्प लिया था। रोज एक पेड़ लगाउंगा। आज उस संकल्प को 2 वर्ष पूर्ण हो गए और तीसरा वर्ष प्रारंभ हो गया है। मुझे खुशी है कि मैंने लोगों से आह्वान किया कि था कि अपने जन्मदिन के दिन एक पेड़ लगाओ। आज प्रदेश में लगभग 68 लाख पेड़ लग चुके है। अंकुर एक अभियान बन गया है।
बसंत पर्व से हुआ 40 दिवसीय फाग महोत्सव का शुभारंभ
28 Jan, 2023 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भगवान कृष्ण की विभूति है बसंत ऋतु : कैलाश मंथन
मां सरस्वती की साधना से सिद्ध होती है वाणी-लेखनी: मंथन
गुना। ऋतूना कुसुमाकर ऋतुओं में बसंत ऋतु है। श्रीमद् भगवद् गीता के विभूति योग में भगवान कृष्ण ने बसंत ऋतु को अपनी विभूति बताया है। पुष्टिमार्गीय वैष्णव परिषद के प्रांतीय प्रचार प्रमुख कैलाश मंथन ने बताया कि बसंत पंचमी से सभी पुष्टिमार्गीय केंद्रों पर फाग महोत्सव की शुरूआत हुई। जो लगातार डेढ़ माह तक चलेगी। इस दौरान धुलेंडी तक पुष्टिमार्गीय केंद्रों पर श्रीठाकुर जी के साथ रंग गुलाल से होली खेली जाती है। 40 दिवसीय बसंत फाग पर्व उल्लास उमंग एवं जीवन में रंग भरने का महोत्सव है। फाग महोत्सव के तहत पुष्टिमार्गीय श्रीनाथजी के मंदिरों एवं सत्संग मंडलों में होली की पूर्णिमा घुलेड़ी तक बसंतोत्सव पर भक्ति श्रद्धा के साथ नित्य नए रंगों से श्रीनाथ जी को दुलार किया जाता है। श्रीनाथ जी के मंदिर से रंग गुलाल के साथ विशेष मनोरथ कर बसंत पर्व का आरंभ हुआ।
सरस्वती जयंती पर हुए कार्यक्रम विचार गोष्ठी
बसंतोत्सव के तहत चिंतन हाउस में मां सरस्वती की पूजन अर्चन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। इस मौके पर हिउस प्रमुख श्री मंथन ने कहा कि बसंत पंचमी मां सरस्वती की आराधना का दिवस है। भगवान श्रीकृष्ण ने बसंत ऋतु का अपनी विभूति बताया है। मां सरस्वती की साधना से वाणी एवं लेखनी की सिद्धि प्राप्त होती है। सृष्टि के आरंभ में ब्रह्मा की वाणी के रूप में सरस्वती वेदों के रूप में प्रकट हुई। सरस्वती की रचना कर ब्रह्मा भी मोहित हो गए थे। आदिकाल से लेकर वर्तमान काल तक महान लेखकों कवियों साहित्यकारों सुर साधकों संगीतकारों गायकों एवं बुद्धिजीवियों ने मां सरस्वती की आराधना कर महानता प्राप्त की है। रामायण के लेखक आदि कवि वाल्मिकी महाकवि कालिदास महाभारत-गीता एवं भागवत के रचियता वेद व्यास जी एवं ऋषियों मुनियों ने अपने ग्रंथ की प्रशस्ति सरस्वती के ध्यान से की है। कैलाश मंथन ने कहा मां सरस्वती जिस पर मेहरबान होती हैं उस पर दुनिया कुर्बान होती है। स्थिर बुद्धि एवं मेधावीवृत्ति सरस्वती की आराधना करके प्राप्त की जा सकती है। सर्राफा बाजार स्थित चिंतन हाउस में मां सरस्वती का पूजन अर्चन किया गया। इसमें साहित्यकार लेखक आदि शामिल हुए।
चौबीस घंटों में घाट सेक्शन में छह हादसे, तीन की मौत
28 Jan, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर । राऊ खलघाट फोरलेन और खंडवा इच्छापुर मार्ग के भेरूघाट में छह हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। कलेक्टर इलैया राजा एक्शन मोड में आ गए व हादसों वाली जगह चिन्हित कर ट्रैफिक व सुधार के निर्देश दिए।
पहला हादसा नर्मदा जयंती पर महूगांव से आयशर ट्रक में बैठकर औंकारेश्वर जाने वालों का हुआ। आयशर पलटकर घाट में गिर गई। उसमे 70 वर्षीय महिला कमलाबाई की मौत हो गई। 26 लोग घायल हो गए इनमें से 4 की हालत नाजुक है। सभी को एमवाय लाया गया। कुछ लोगों को कम चोंट थी जिन्हें आसपास के अस्पतालों में ले जाया गया। इनकी संख्या भी दस बताई गई है। घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल है। इंदौर में किसी पर्व त्यौहार शादी ब्याह धार्मिक यात्राओं में ट्रकों मिनी ट्रकों में सवारियां ढोई जाती है। अक्सर फसल कटाई या मजदूरी पर जाने वालों को भी कम किराए में ट्रकों ट्रालों में ले जाया जाता है। यह भी हादसों का कारण बनता है। घायल यात्रियों में कैलाश पिता नंदू अलका चैनसिंह पिंकी रामाधार बबीता पति इंदर राधा इंदर सुजल इंदर दीपक पिता दिलीप मनीषा राठौर अंगूरी पिता कैलाश आदि को एक वाय में भर्ती किया गया है।
कलेक्टर इलैया राजा ने घाट सेक्शन में हादसों की संख्या बढ़ने पर घाट कंटिंग कर संकेत व पुलिस व्यवस्था कर हादसे रोकने के उपाय करने के निर्देश दिए है।
राऊ खलघाट फोरलेन पर बाकानेर से इंदौर तरफ से आ रही कार एमएच 04 ईएस 5371 आगे जा रही गाड़ी से टकराकर गढ्डे में जा गिरी। हादसे में शिवा पिता गोविंद महेश्वर की मौत हो गई। सेला पिता ओमप्रकाश विक्की सोनी व प्रद्युम्न पिता महेश घायल हो गए। टोल टैक्स नाके की एंबुलेंस से इन्हें अस्पताल भेजा गया। सभी लोग इंदौर से शादी के कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहे थे। दूसरे हादसे में धानमोद की तरफ से इदौंर जा रही बाइक एमपी 46 एमडब्ल्यू 0209 के सवार को अज्ञात ट्रक घसीटता ले गया। 500 मीटर तक घसीटने से बाइक सवार सीताराम निवासी झोपला ग्राम सेंघवा की मौत हो गई।
तीसरे हादसे में इंदौर से जा रही कार गणपति घाट में 30 फुट नीचे खेत में जा गिरी दो लोग घायल हो गए। चौथे हादसे में मिनी ट्रक एचार 55 एके 2135 ब्रेक फेल होने से घाट में जा गिरा। कुछ लोग घायल हुए। पांचवें हादसे में ट्राला आरजे 07 जीसी 4569 ब्रेक फेल होने से रेलिंग तोड़कर गढ्डे में जाकर गिर गया। किसी को चोट नहीं लगी है।
ईडी के समन पर बिफरे नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, सुप्रीम कोर्ट में लगाएंगे केस
28 Jan, 2023 06:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नोटिस पर तिलमिलाए हुए हैं। उन्होंने ईडी के समन पर पत्र लिखकर पूछा है कि उन्हें 27 जनवरी को ईडी के दिल्ली कार्यालय में बुलाया गया, लेकिन इसमें कहीं यह नहीं बताया कि आरोप क्या है। अभी तक मैने ऐसा कोई काम नहीं किया है, जिससे ईडी नोटिस दे सके। नियमानुसार किसी भी समन में यह उल्लेख किया जाता है कि किस आरोप में बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईडी भाजपा सरकार का एजेंट बनकर काम कर रहा है। डा. सिंह शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि ईडी ने उन्हें 13 जनवरी को नोटिस भेजा था। डा. सिंह के अनुसार उन्हें यह नोटिस 24 जनवरी को मिला। इसके बाद उन्होंने अधिवक्ता कपिल सिब्बल और विवेक तन्खा से चर्चा की। दोनों ने कहा कि इस तरह का नोटिस नहीं भेजा सकता। इसके बाद उल्टा ईडी को नोटिस देकर पूछा है कि उन पर आरोप क्या है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने कहा कि ईडी, सीबीआइ, लोकायुक्त जैसी संस्थाएं भाजपा के अनुषांगिक संगठन की तरह काम कर रही हैं। भाजपा ने कांग्रेस के 130 नेताओं की सूची तैयार की है, जिन्हें विधानसभा चुनाव से पहले इसी तरह से प्रताड़ित करने की तैयारी है। कांग्रेस सड़क पर उतरेगी, पर हार नहीं मानेगी।
टोल नाका कर्मचारियों पर भड़के सौंसर विधायक, अंदर कराने की दी धमकी
28 Jan, 2023 05:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा । नेशनल हाइवे-547 छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर महाराष्ट्र सीमा पर स्थित केलवद टोल नाके पर सौंसर विधायक विजय चौरे भड़क गए। उनके वाहन में विधायक का बोर्ड लगा होने के बाद भी उनसे आइडी कार्ड मांगने पर वे नाराज हो गए और टोल कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाने लगे। उन्होंने टोल कर्मचारी को धमकाते हुए कहा कि दो मिनट में अंदर करा दूंगा। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे लेकर सौंसर के पूर्व विधायक नानाभाउ मोहोड़ ने कहा कि अब कांग्रेस के विधायक गुंडागर्दी भी करने लगे हैं। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों द्वारा टोल टैक्स के कर्मचारियों या जनता के साथ इस प्रकार का कार्य अशोभनीय एवं निंदनीय है।नानाभाऊ मोहोड़ ने कहा कि टोल का पैसा देश के विकास के लिए होता है, एक आम नागरिक भी टोल का पैसा देता है और वीडियो में दिखा रहा है कि अपनी गाड़ियां छुड़वाने के लिए विधायक कर्मचारियों से गाली-गलौच तथा अभद्रता कर रहे हैं। वहीं इस बारे में जब विधायक विजय चौरे से बात की गई तो उन्होंने कहा कि टोल कर्मचारी बदतमीजी से बात कर रहा था। टोल नाके पर रंगदारी से वसूली की जा रही है। अक्सर ही यहां से शिकायतें प्राप्त होती हैं। जब जनप्रतिनिधियों से इस तरह बर्ताव किया जाता है तो आमजन की क्या स्थिति होती होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। यहां एंबुलेंस को भी दस से 15 मिनट तक रोका जाता है।
यह है मामला
विधायक विजय चौरे का जो वीडियो वायरल हो रहा है, वो शुक्रवार दोपहर 3.45 बजे का है, वे महाराष्ट्र के सावनरे से एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी टोल नाका कर्मचारियों ने उनका वाहन रोक लिया। विधायक के मुताबिक कुछ घंटे पहले ही वो सावनेर गए थे। जाते समय भी रोका गया था, लौटते समय फिर रोके जाने पर उन्हें गुस्सा आ गया। उनके मुताबिक कर्मचारी बदतमीजी से बात कर रहा था।
छिंदवाड़ा में एक रुपये किलो में बिक रहा टमाटर
28 Jan, 2023 04:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा । छिंदवाड़ा जिले में किसानों का अब सब्जी की खेती से मोहभंग हो रहा है। जिसकी वजह सब्जी के दामों में हो रहे उतार, चढ़ाव को बताया जा रहा है। सब्जी के दाम जब ज्यादा होते हैं तो इसका फायदा बिचौलिये और बड़े व्यापारी उठा लेते हैं, लेकिन जब सब्जी के दाम गिरते हैं तो किसानों की मुश्किल बढ़ जाती है, वर्तमान में फिर वहीं स्थिति बन रही है। किसानों को टमाटर के दाम एक रुपये किलो मिल रहे हैं। इतनी मेहनत करने के बावजूद भी मुनाफा तो छोड़िए किसान की लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। इसे लेकर किसानों ने सब्जी का समर्थन मूल्य देने की मांग की है।
खेतों से टमाटर तोड़कर फेंक रहे
गुरैया के किसान रामदास अहिरवार ने बताया कि टमाटर की खेती करने वाले किसानों की इतनी खराब स्थिति है कि वर्तमान में टमाटर का मूल्य एक रुपए प्रति किलो तक पहुंचने के कारण किसान खून के आंसू रोने को मजबूर हो गया है। खेतों से टमाटर तोड़कर खेत में ही फेंक रहे हैं, नहीं तो जानवरों को खेत में छोड़ दिया जाता है। किसान उमेश साहू ने बताया कि सब्जियों को लगाने वाले किसान अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं। जिस प्रकार गेहूं, चना, चावल अन्य चीजों का समर्थन मूल्य तय किया जाता है उसी प्रकार सब्जियों का भी एक निश्चित समर्थन मूल्य तय कर दिया जाए। जिससे किसान को नुकसान न उठाना पड़े।
कर्जा चुकाना हो जाता है मुश्किल
सब्जियों की खेती करने वाले किसान गोविंद मुनि ने बताया कि किसान कर्जा लेकर जैसे तैसे खून पसीना बहाकर खेतों में सब्जियां लगाते हैं, ऐसे में सब्जियों के दाम नहीं मिलते तब उसकी मेहनत का पैसा तो छोड़िए लागत भी नहीं निकल पाती है। जिसके कारण किसान कर्जा चुकाने में समर्थ नहीं हो पाता। मजबूरन वह आत्महत्या करने की ओर बढ़ने लगता है। इस साल सब्जियों की फसल के दामों में आई गिरावट के कारण किसान खेतों में ही खराब होने के लिए टमाटर को छोड़ दे रहे हैं। कुछ अन्य सब्जियों के दाम भी लागत से कम मिल पा रहे हैं। किसान का कहना है कि वह पहले ही लागत और मेहनतन कर बर्बाद हो चुके हैं। ऐसे में अब तुड़वाई का पैसा देकर और क्यों और बर्बाद हों।
लाकडाउन के समय भी बनी थी यही स्थिति
लाकडाउन के दौरान भी किसानों को इस प्रकार की स्थिति का सामना करना पड़ा था, लाकडाउन के दौरान किसानों को टमाटर, पत्ता गोभी, फूल गोभी खेतों में ही फेंकनी पड़ी थी, जिसके कारण किसानों ने आंदोलन किया था, जिसके बाद तत्कालीन एसडीएम राजेश शाही ने किसानों से बात की थी, उस वक्त भी किसानों ने सब्जी के समर्थन मूल्य देने की बात कही थी। एसडीएम अतुल सिंह के मुताबिक सब्जी के समर्थन मूल्य का कोई प्रविधान नहीं है, लेकिन किसानों की भावनाओं से प्रशासन को अवगत कराया जाएगा।
राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए डीएसपी इसरार मंसूरी चयनित..
28 Jan, 2023 03:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रीवा निवासी,व वर्तमान में उमरिया ज़िले में डीएसपी पद पर सेवारत,इसरार मंसूरी को उनके उत्कृष्ट कार्य,व सेवाभाव के लिए 2023 के राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।ज्ञात हो कि, 1990 में एसआई पद पर चयनित हो कर 1996 में इन्हें अपने समर्पण व उत्कृष्ट सेवा भाव के चलते आउट ऑफ टर्म टीआई पद पर प्रमोशन प्राप्त हुआ था, टीआइ पद पर उनकी पहली पोस्टिंग तत्कालीन अखंड मध्यप्रदेश के बिलासपुर जिले में हुई थी। इसके बाद इन्हें अपनी बेस्ट सर्विस के चलते, प्रमोशन दे 2013 में सतना जिले के नागौद में डीएसपी पद पर नियुक्ति दी गई।
इसी वर्ष वे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नत होने जा रहे हैं।ये रीवा के जाने-माने व्यवसायी,व समाजसेवी स्वर्गीय शकूर मंसूरी जी के तीसरे पुत्र हैं। इसरार मंसूरी का कहना है कि, उनकी सफलता में सब से बड़ा योगदान उनके पिता का रहा है।ज्ञात हो कि, पूर्व में इनको रुस्तम जी,डीजी डिस्क,व सिंहस्त मैडल से पुरस्कृत किया जा चुका है।