विदेश (ऑर्काइव)
नाइजीरिया में नौका पलटने से 24 लोगों की मौत, दर्जनों लापता
12 Sep, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अबूजा । नाइजीरिया में एक नौका पलटने की घटना में कम से कम 24 लोगों की मौत हुई, जबकि कई अन्य लापता हो गए हैं। आपातकालीन अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में अधिकतर महिलाएं एवं बच्चे हैं, जो कि नाइजीरिया के नाइजर प्रांत के मोकवा में नाव पर यात्रा करते समय डूब गए। नाइजीरिया की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के प्रांत प्रमुख जैनब सुलेमान ने बताया कि नाव पर 100 से ज्यादा यात्री सवार थे। अंदेशा हैं कि कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। सुलेमान ने बताया, अब तक बचाव कार्य के दौरान 24 शव निकाले जा चुके हैं और 30 लोगों को बचाया गया है।
मोरक्को में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,122 हुई
12 Sep, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोरक्को । मोरक्को में आए भीषण भूकंप के बाद से कम से कम 2,122 लोगों की मौत हुई और 2,421 लोग घायल हो गए हैं। मोरक्को के आंतरिक मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि मरने वालों में अल हाउज प्रांत में 1,351, तरौदंत प्रांत में 492, चिचौआ में 201 और मराकेश में 17 लोग शामिल हैं। मोरक्को के सैनिक और आपातकालीन सेवाएं कथित तौर पर एटलस पर्वत क्षेत्र में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रही है, क्योंकि वहां तक जाने वाली सड़कें गिरे हुए पत्थरों के कारण अवरुद्ध हो गई थीं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुमान के अनुसार, इस आपदा ने प्राचीन शहर और उसके बाहरी इलाके में 300,000 से अधिक लोगों को प्रभावित किया है। मोरक्कन रेड क्रिसेंट (एमआरसी) ने कहा है कि जमीनी स्थिति ने खोज और बचाव प्रयासों के लिए एक बड़ी चुनौती पेश की है, और इसमें मदद के लिए एटलस पर्वत के उन दूरदराज के इलाकों में भारी मशीनरी पहुंचाना एक प्राथमिकता है।
पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने सात आतंकवादियों को मार गिराया
12 Sep, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इस्लामाबाद । पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई झड़प में कम से कम सात आतंकवादी मारे गए और छह अन्य घायल हो गए है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा, चित्राल जिले के उर्सून इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी हुई।
ब्राजील में उष्णकटिबंधीय चक्रवात से 44 लोगों की मौत
12 Sep, 2023 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साओ पाउलो । दक्षिणी ब्राजील में पिछले हफ्ते आए उष्णकटिबंधीय चक्रवात के बाद कुल 44 लोगों की मौत हुई और 46 अन्य लापता हो गए। नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने इसकी जानकारी दी। चक्रवात के कारण अर्जेंटीना और उरुग्वे की सीमा से लगे रियो ग्रांडे डो सुल राज्य के लगभग 60 शहरों और पड़ोसी राज्य सांता कैटरीना के कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश, बाढ़, 110 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की हवाएं चली और भूस्खलन शुरू हो गया।
एजेंसी ने कहा कि एक को छोड़कर सभी मौतें रियो ग्रांडे डो सुल में हुईं, जहां 224 लोग घायल हो गए और 14,000 से अधिक लोगों को निकाला गया। सबसे बुरी तरह प्रभावित शहर म्यूकम है, जहां इस चक्रवात से 16 लोगों की मौत हुई और रोका सेल्स में 10 लोगों की मौत हुई। ब्राज़ील के उपराष्ट्रपति गेराल्डो एल्कमिन ने चक्रवात से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को लगभग 160 अमेरिकी डॉलर का मुआवजा देने की सरकार की योजना की घोषणा करने के बाद क्षेत्र का दौरा किया। राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डी सिल्वा ने भारत से बोलते हुए चरम मौसम की घटना को जलवायु परिवर्तन के परिणामों से निपटने के लिए आवश्यक पर्यावरणीय एजेंडे से जोड़ा।
चीनी रक्षा मंत्री के लापता होने की आशंका
12 Sep, 2023 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीजिंग। चीन में विदेश मंत्री के बाद अब रक्षा मंत्री ली शांगफू के भी गायब होने की रिपोट्र्स हैं। जापान में अमेरिका के राजदूत रेहम इमैनुअल ने चीन में बढ़ते राजनीतिक उलटफेर को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि पिछले दो सप्ताह से चीन के रक्षा मंत्री नहीं देखे गए हैं। इससे पहले चीन की सेना के रॉकेट फोर्स के जनरल भी गायब हो गए थे।
रिपोट्र्स के मुताबिक चीनी रक्षामंत्री ली शांगफू को 29 अगस्त 2023 के बाद से ही नहीं देखा गया है। उन पर 2017 में हुए भ्रष्टाचार के मामले में जांच चल रही थी। उन्होंने आखिरी बार चीन-अफ्रीका शांति और सुरक्षा फोरम को संबोधित किया था। इससे पहले वो सिक्योरिटी फोरम में शामिल होने के लिए रूस के दौरे पर गए थे। इस दौरान शांगफू ने चीन को घेरने के लिए ताइवान के इस्तेमाल करने पर अमेरिका पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि अमेरिका ऐसा कर आग से खेलने का काम कर रहा है।
जापान में भालू के हमले रिकॉर्ड स्तर पर
11 Sep, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
टोक्यो । इस साल अप्रैल से जुलाई तक पूरे जापान में रिकॉर्ड संख्या में भालू के हमले हुए। बताया गया है कि देशभर में चोटों के 53 मामले दर्ज किए गए, जिनमें इवाते प्रीफेक्चर में 15, अकिता प्रीफेक्चर में नौ और फुकुशिमा प्रीफेक्चर में सात मामले शामिल हैं, जो वित्तीय वर्ष 2007 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से एक रिकॉर्ड ऊंचाई है। इसमें कहा गया है कि मई में होक्काइडो के होरोकनाई टाउन में भालू के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक समाचार एजेंसी ने एनएचके रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि इस शरद ऋतु में भोजन की तलाश में तोहोकू क्षेत्र के आवासीय इलाकों में अधिक भालू दिखाई देने की संभावना है, क्योंकि भालू के आहार में शामिल बलूत के फल इस क्षेत्र में उनके प्राकृतिक आवास में दुर्लभ हैं। मंत्रालय के अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने और दूर से भालू का सामना होने पर चुपचाप चले जाने का आह्वान किया, साथ ही लोगों को सलाह दी कि जब वे धीरे-धीरे दूर जा रहे हों तो भालू को देखते रहें और जब पास में भालू दिखे तो भागें नहीं।
इजराइली सेना ने वेस्ट बैंक में फलस्तीनी किशोर को गोली मारी
11 Sep, 2023 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यरूशलम । इजराइल के सुरक्षाबलों ने दक्षिणी वेस्ट बैंक में एक फलस्तीनी किशोर को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। फलस्तीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि यह वेस्ट बैंक में करीब दो दशक में इजराइल-फलस्तीन संघर्ष में हिंसा की ताजा घटना है। फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मृतक की पहचान 16 वर्षीय मिलाद अल-राई के रूप में की है और कहा कि उसकी पीठ में गोलियां मारी गईं। मिलाद अल-राई की मौत से इस साल वेस्ट बैंक में अब तक इजराइल की गोलीबारी में मारे गए फलस्तीनियों की संख्या बढ़कर 185 हो गई है। मृतकों में 18 वर्ष तक की आयु के 30 किशोर शामिल हैं। इजराइली सेना ने कहा कि उसने दक्षिणी वेस्ट बैंक में अल-आरुब शरणार्थी शिविर के बाहर फलस्तीनियों के एक समूह पर आंसू गैस के गोले दागे और गोलियां चलाईं। उसने बताया कि फलस्तीनियों ने सैनिकों पर विस्फोटकों से हमला किया था। इजराइली सेना के मुताबिक, उसे एक फलस्तीनी को गोली मारे जाने की जानकारी है। उसने कहा कि इजराइली सैनिक भी हताहत हुए हैं। वेस्ट बैंक में इजराइली सेना की छापेमारी तेज होने के बाद से इजराइलियों के खिलाफ फलस्तीनियों के हमले बढ़ गए हैं। इस साल इजराइल के खिलाफ फलस्तीन के हमलों में 30 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
मोरक्को भूकंप में अबतक 2,012 की मौत
11 Sep, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रबात/माराकेश। मोरक्को में शुक्रवार देर रात आए भूकंप में अब तक 2,012 लोगों की मौत हो चुकी है। 2,059 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें से 1404 की हालत गंभीर है। 3 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। पीडि़तों को खाना, आवास और दूसरी मदद देने का आदेश दिया गया है।
मोरक्को जियोलॉजिकल सेंटर के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 7.2 थी। हालांकि, यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने इसकी तीव्रता 6.8 बताई है। साथ ही कहा कि ये इस इलाके में 120 साल में आया सबसे ताकतवर भूकंप है। हृ यानी संयुक्त राष्ट्र संघ के मुताबिक भूकंप की वजह से 3 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। मोरक्को के स्टेट टेलीविजन ने बताया कि भूकंप की वजह से कई इमारतें ढह गईं हैं। भूकंप का एपिसेंटर एटलस पर्वत के पास इघिल नाम का गांव बताया गया, जो माराकेश शहर से 70 किलोमीटर की दूरी पर है। भूकंप की गहराई जमीन से 18.5 किलोमीटर नीचे थी। पुर्तगाल और अल्जीरिया तक भूकंप के झटके महसूस किए गए।
मोरक्को में भीषण भूंकप से मरने वालों की संख्या 820
10 Sep, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रबात । मोरक्को में शुक्रवार रात आए भीषण भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 820 हो गई है। वहीं 672 लोग घायल हुए हैं। देश के गृह मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। देश की ऐतिहासिक मराकेश शहर से लेकर एटलस पर्वत पर स्थित गांवों तक कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। गृह मंत्रालय ने बताया कि भूकंप के कारण कम से कम 820 लोगों की मौत हो गई है और 672 घायलों को अस्पताल में भर्ती किया है। मंत्रालय ने बताया कि सबसे अधिक नुकसान शहरों और कस्बों के बाहर हुआ है। मोरक्कोवासियों ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए हैं, जिसमें इमारतें ढहकर मलबे में बदली दिखाई दे रही हैं और चारों तरफ धूल नजर आ रही है। मोरक्को के ऐतिहासिक शहर मराकेश के चारों ओर बनी प्रसिद्ध लाल दीवारों के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
मराकेश यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन) के विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल है। भूकंप के केंद्र के पास स्थित एक शहर के प्रमुख ने मीडिया को बताया कि निकटवर्ती शहरों के कई घर आंशिक रूप से या पूरी तरह ढह गए हैं, कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई है और सड़क मार्ग बाधित हो गए हैं। तलत एनयाकूब शहर के प्रमुख अब्दर्रहमान ऐत दाउद ने बताया कि प्राधिकारी प्रांत में सड़कों को साफ कर रहे हैं, ताकि एम्बुलेंस वहां से गुजर सकें और प्रभावित आबादी को सहायता मुहैया कराई जा सके। उन्होंने कहा कि पर्वत पर स्थित गांवों के बीच अत्यधिक दूरी होने के कारण नुकसान का आकलन करने में समय लगेगा। भूकंप के केंद्र के आसपास के पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले सड़क मार्ग बाधित हो जाने के कारण बचाव अभियान धीमा है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया कि रात 11 बजकर 11 मिनट पर आए भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 6.8 थी और भूकंप बाद के झटके कई सेकंड तक जारी रहे। अमेरिकी एजेंसी ने 19 मिनट बाद 4.9 तीव्रता का भूकंप के बाद का झटका आने की सूचना दी। शुक्रवार को आए इस भूकंप का केंद्र मराकेश से लगभग 70 किलोमीटर दक्षिण में अल हौज प्रांत के इघिल शहर में था। यूएसजीएस ने बताया कि भूकंप का केंद्र पृथ्वी की सतह से 18 किलोमीटर गहराई में था, जबकि मोरक्को की भूकंप निगरानी एजेंसी के मुताबिक, इसका केंद्र आठ किलोमीटर गहराई में था। उत्तरी अफ्रीका में भूकंप अपेक्षाकृत कम आते हैं। ‘
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ जियोफिजिक्स में भूकंपीय निगरानी और चेतावनी विभाग के प्रमुख लाहकन म्हन्नी ने कहा कि यह क्षेत्र में आया अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप है। मोरक्को के अगादिर शहर के पास 1960 में 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके कारण हजारों लोगों की मौत हो गई थी। इस भूकंप के बाद मोरक्को में निर्माण संबंधी नियमों में बदलाव किया गया था, लेकिन कई इमारतें, खासकर गांवों में घर भूकंप रोधी नहीं हैं। भूमध्यसागरीय तटीय शहर अल होसेइमा के पास 2004 में आए 6.4 तीव्रता के भूकंप में 600 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। ‘पुर्तगीज इंस्टीट्यूट फॉर सी एंड एटमॉस्फियर और अल्जीरिया की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, भूकंप के झटके पुर्तगाल और अल्जीरिया तक महसूस किए गए।
मोरक्को में 60 साल बाद आया तुर्किये जैसा जलजला, सैकड़ों इमारतें जमींदोज, धरती में पड़ीं दरारें
10 Sep, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रबात । अफ्रीकी देश मोरक्को में शुक्रवार देर रात आई विनाशकारी भूंकप से अब तक 800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हैं। इस विशानकारी भूकंप को पिछले छह दशकों से ज्यादा समय के दौरान मोरक्को में आई भूकंप में सबसे ज्यादा खतरनाक बताया जा रहा है। भूंकप से मोरक्को में सैकड़ों इमारते नष्ट हो गईं है जिससे मोरक्को के प्रमुख शहरों में निवास करने वाले लोगों को अपना घर छोडऩा पड़ा है। इस विनाशकारी भूकंप से यूनेस्को की हेरिटेज साइट को भी नुकसान पहुंचा है।
मोरक्को के गृह मंत्रालय के मुताबिक, भूकंप से मरने वालों की संख्या 822 हो गई है जबकि 672 अन्य लोग घायल हैं। एक स्थानीय अधिकारी ने कहा है कि ज्यादातर मौतें पहाड़ी इलाकों में हुईं हैं जहां राहत-बचाव के लिए पहुंचना मुश्किल था। शुक्रवार देर रात मोरक्को के हाई एटलस पहाड़ों में आई भूकंप की तीव्रता 7.2 थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप से यूनेस्को की हेरिटेज साइट को भी नुकसान पहुंचा है। मोरक्को के माराकेश के पुराने शहर में स्थित यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल में शामिल जेमा अल-फना स्क्वायर में एक मस्जिद की मिनार गिर गई। भूकंप के केंद्र मराकेश शहर में रहने वाले एक शहरी ब्राहिम हिम्मी ने एजेंसी को बताया कि भूकंप के चलते कई पुरानी इमारतें ढह गई और उसने पुराने शहर से एक के बाद एक एम्बुलेंस निकलते हुए देखीं। उन्होंने कहा कि लोग डरे हुए हैं और दूसरे भूकंप की आशंका के चलते घरों से बाहर निकल आए हैं। सोशल मीडिया पर भूकंप से जुड़े हैरान करने वाले फोटो और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।
देश के गृह मंत्रालय ने शनिवार तडक़े बताया कि सबसे अधिक नुकसान शहरों और कस्बों के बाहर हुआ है। तलत एन’याकूब शहर के प्रमुख, अब्दर्रहमान ऐत दाउद ने बताया कि अल हौज क्षेत्र के कस्बों में कई घर आंशिक रूप से या पूरी तरह से ढह गए, कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई और सडक़ मार्ग बाधित हो गए। ऐत दाउद ने बताया कि प्राधिकारी प्रांत में सडक़ों को साफ कर रहे हैं, ताकि एंबुलेंस वहां से गुजर सकें और प्रभावित आबादी को सहायता मुहैया कराई जा सके। उन्होंने कहा कि पर्वत पर स्थित गांवों के बीच अत्यधिक दूरी के कारण नुकसान का आकलन करने में समय लगेगा। मोरक्कोवासियों ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए हैं, जिनमें इमारतें ढहकर मलबे में बदली दिखाई दे रही हैं और चारों तरफ धूल नजर आ रही है। मोरक्को के ऐतिहासिक शहर मराकेश के चारों ओर बनी प्रसिद्ध लाल दीवारों के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मराकेश यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन) के विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल है।
लंदन की जेल से फरार एक संदिग्ध आतंकवादी को पकड़ लिया गया
10 Sep, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लंदन । लंदन की जेल से फरार एक संदिग्ध आतंकवादी को पकड़ लिया गया है। ब्रिटिश पुलिस के मुताबिक, आतंक के आरोपों का सामना कर रहे एक पूर्व सैनिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले ब्रिटेन के हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। धोखाधड़ी के आरोप में भारत में वांछित हीरा व्यापारी नीरव मोदी भी तीन साल से अधिक समय से इसी जेल में बंद है।
आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में दक्षिण-पश्चिम लंदन की वंड्सवर्थ जेल में बंद विचाराधीन कैदी डेनियल अबेद खलीफ सामान पहुंचाने वाली वैन में छिपकर कथित तौर पर फरार हो गया था। आरोपी ब्रिटिश सेना में सेवा भी दे चुका है।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस की आतंकवाद निरोधक कमान ने फरार संदिग्ध का पता लगाने में मदद करने के लिए बुधवार को अपील जारी की थी। आतंकवाद निरोधक कमान के प्रमुख कमांडर डोमिनिक मर्फी ने कहा था कि हमारे अधिकारियों की एक टीम खलीफ का जल्द से जल्द पता लगाने और उसे हिरासत में लेने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है।
उन्होंने कहा था कि जनता की मदद भी महत्वपूर्ण है। यदि किसी को खलीफ दिखाई देता है या उसके बारे में किसी को कोई जानकारी हो तो वह पुलिस को कॉल कर सकता है।
उत्तर कोरिया ने मनाया स्थापना दिवस, किम जोंग-उन अर्धसैनिक परेड में हुए शामिल
9 Sep, 2023 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सियोल । उत्तर कोरिया ने अपने शासन के स्थापना दिवस की 75वीं वर्षगांठ मनाई। इस अवसर पर शनिवार को प्योंगयांग में अर्धसैनिक परेड का आयोजन किया। जिसमें नेता किम जोंग-उन भी मौजूद रहे। सरकारी मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर कोरिया में किम ने स्थापना की सालगिरह का जश्न मनाने के लिए किम इल सुंग स्क्वायर पर शानदार तरीके से आयोजित सैन्य परेड का अवलोकन किया। हालांकि किम ने उस कार्यक्रम में भाषण नहीं दिया, जिसमें उनकी बेटी भी शामिल हुई थी, जिसका नाम जू-ए बताया जा रहा है। बताया गया कि वाइस प्रीमियर लियू गुओझोंग के नेतृत्व में एक चीनी प्रतिनिधिमंडल और रूसी सेना के गीत और नृत्य समूह के सदस्य भी मौजूद थे। हालांकि रूस ने इस बार अलग से प्रतिनिधिमंडल नहीं भेजा! रात के समय होने वाला यह आयोजन इस साल अकेले उत्तर कोरिया द्वारा आयोजित तीसरी सैन्य परेड का प्रतीक है। यह परेड उन अटकलों के बीच हुई कि किम संभावित हथियार सौदे पर चर्चा करने के लिए अगले सप्ताह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने के लिए व्लादिवोस्तोक की यात्रा कर सकते हैं।
रूस की उनकी संभावित यात्रा की एक रिपोर्ट में अटकलें लगाई गई हैं कि उत्तर कोरिया रूस से हथियारों से संबंधित प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के बदले में यूक्रेन के साथ मास्को के युद्ध में उपयोग के लिए तोपखाने के गोले और अन्य गोला-बारूद प्रदान कर सकता है। नवीनतम अर्धसैनिक परेड में उच्च गतिशीलता वाली मोटरसाइकिलों के काफिले और ट्रैक्टरों द्वारा खींचे गए एंटी-टैंक मिसाइल लांचर शामिल थे। परेड का नेतृत्व ज्यादातर वर्कर-पीजेंट रेड गार्ड्स ने किया, जो उत्तर में एक नागरिक रक्षा संगठन है, इसमें लगभग 5.7 मिलियन श्रमिक और किसान शामिल हैं। उत्तर कोरिया के लिए पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेताओं ने वर्षगांठ के अवसर पर किम को बधाई संदेश भेजे हैं।
भारत में जी 20 का आयोजन देख गुस्से में पाकिस्तानी जनता, अपने भष्ट्र राजनेताओं को कोसा
9 Sep, 2023 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इस्लामाबाद । 75 साल पहले भारत से अलग होकर एक इस्लामिक देश बनने वाला पाकिस्तान कंगाली की हालात में है। पाकिस्तान जहां आतंकवाद को पालत-पालते उसी का शिकार हो रहा है। वहीं भारत जी-20 शिखर सम्मेलन करा रहा है। जी-20 में शामिल होने के लिए दुनिया की 19 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेता भारत पहुंचे हैं। पाकिस्तानियों के अंदर लगातार इसका दर्द उठ रहा है। पाकिस्तानियों को इसका अंदाजा नहीं है कि जी-20 दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का ग्रुप है, लेकिन आवाम इस बात पर अफसोस जता रही है कि इसमें उनका देश शामिल नहीं है।
भारत ने बांग्लादेश सहित कई देशों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। इस पर पाकिस्तान के यूट्यूब चैनल ने आवाम से बात की तब उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ऐसी हालात ही नहीं हैं कि भारत उन्हें बुलाए। एक पाकिस्तानी ने कहा कि देश क्रैश कर गया है, बस किसी तरह चल रहा है। एक शख्स ने नहीं बुलाए जाने पर कहा कि भारत और पाकिस्तान एक नहीं हो सकते। इसके साथ पाकिस्तानी युवक ने दूसरा कारण बताते हुए कहा कि हमारे राजनेताओं की इज्जत नहीं है। अगर कोई पावर वाला होता तब बुलाया जाता।
बातचीत में एक पाकिस्तानी शख्स ने कहा, बांग्लादेश हमसे बाद में आजाद हुआ था, लेकिन आज वह हमसे आगे निकल गया है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि हमारे राजनेता भ्रष्ट हैं। अगर इमरान खान प्रधानमंत्री होते तब वह जरूर हमें बुलाते। पाकिस्तानी पत्रकार ने जब कुछ लोगों से इस बारे में पूछा तब उनका जवाब सुनकर आपको हंसी आएगी। उन्होंने कहा कि जी-20 से कोई फर्क नहीं पड़ता, हमने लंबी तैयारियां की हुई हैं। एक समय भारत पाकिस्तान का हिस्सा होगा। हम गजवा ए हिंद करने वाले हैं।
सना अमजद ने कुछ बुद्धिजीवी लोगों से बात की तब उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आइसोलेट होकर रह गया है। इसके साथ उन्होंने उम्मीद जताई कि जी-20 देश जब एक साथ बैठे हैं तब वह भविष्य में दुनिया की अर्थव्यवस्था को बेहतर करने से जुड़ा कोई प्लान निकालेगा। कुछ लोगों ने कहा कि पाकिस्तान अगर अपने अंदरूनी मामले जैसे सुरक्षा और आतंकवाद को हल नहीं करेगा तब तक कोई बड़ी कंपनी पाकिस्तान नहीं आएगी और कभी भी पाकिस्तान में जी-20 का हिस्सा नहीं बन पाएगा।
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ने तोड़ पाकिस्तानियों का दिल, सीधे भारत पहुंचे
9 Sep, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इस्लामाबाद । सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान जी20 सम्मेलन के लिए भारत आए यहां उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उनका भारत में स्वागत में पाकिस्तान के लिए दिल तोड़ने वाला था। सऊदी क्राउन प्रिंस पहले पाकिस्तान जाने वाले थे लेकिन आखिरी मौके पर काऊन प्रिंस दौरा कैंसिल हो गया। अब पाकिस्तान को उम्मीद है कि शायद लौटते समय इस्लामाबाद में रुकते हुए अपने देश वापस लौटे। हालांकि ऐसा लगता है कि क्राउन प्रिंस पाकिस्तान नहीं जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दी है कि एमबीएस का जी20 के लिए भारत आना और फिर एक राजकीय दौरा करना, यह बताता है कि मुस्लिम देशों पर भारत का प्रभाव किस हद तक है। वहीं पाकिस्तान अब अपनी चमक खो चुका है। पाकिस्तान, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की यात्रा के लिए लगातार जोर दे रहा है। पाकिस्तान के विदेश विभाग ने भी इस पर चुप्पी साध ली है। वह न दौरे के बारे में हां कह रहा है और न ही इनकार कर रहा है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया गया है कि अभी तक कुछ आधिकारिक नहीं है। लेकिन इस बात के संकेत है कि सऊदी प्रिंस भारत यात्रा के दौरान ही पाकिस्तान भी आ सकते हैं। दोनों तरफ से हालांकि कोई पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच अंतिम समय तक यात्रा को सीक्रेट रखने की संभावना है। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि अगर यात्रा होती है,तब यह कुछ ही घंटों के लिए होगी। पाकिस्तान के क्राउन प्रिंस को इस्लामाबाद बुलाने के लिए आतुर है। वह चाहता है कि प्रिंस भले ही कुछ घंटों के लिए आएं मगर आएं जरूर।
चीन के शेन्जेन शहर में टूटा बारिश का 71 साल पुराना रिकॉर्ड
9 Sep, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शेन्जेन । चीन में गुआंग्डोंग प्रांत के शेन्जेन शहर में हो रही मूसलाधार बारिश ने 71 साल पुराने रिकार्ड को तोड़ दिया है। नगरपालिका मौसम विज्ञान ब्यूरो ने बताया कि शेन्जेन शहर में शाम पांच बजे से गुरुवार से शुक्रवार सुबह छह बजे तक औसत वर्षा 202.8 मिमी और अधिकतम संचयी बारिश 469 मिमी तक दर्ज की गई है। ब्यूरो ने बताया कि शहर में हो रही बारिश अत्यधिक तेजी, लंबे समय और मूसलाधार बारिश की विस्तृत श्रृंखला है जिसमें चार बारिश के रिकॉर्ड, दो घंटे, तीन घंटे, छह घंटे और 12 घंटे की अधिकतम बारिश शामिल है। इस बारिश से शेन्जेन में 1952 में हुई बारिश का रिकॉर्ड टूट गया है।
यहां भारी बारिश जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। शेन्जेन के बाढ़, सूखा और तूफान नियंत्रण मुख्यालय ने नोटिस जारी कर शहर भर के प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल और किंडरगार्टन नागरिकों की सुरक्षा और संपत्ति के लिए स्कूलों को आज बंद रखने का निर्देश दिया है।उन्होंने कहा कि छह सबवे लाइनों के कुछ हिस्सों में सेवा निलंबित रहेंगी। बारिश से बुरी तरह प्रभावित लुओहू जिले में उद्यम और सार्वजनिक संस्थान और जिले में रहने वाले निवासी भी शुक्रवार को काम बंद रखने वाले हैं। अधिकारियों ने लोगों को पहाड़ों, नदियों, ढलानों और रिटेनिंग दीवारों जैसे खतरनाक क्षेत्रों से दूर रहने के लिए सर्तक किया।