देश (ऑर्काइव)
Air India का पहला बोइंग विमान 'गौरीशंकर' मुंबई में हुआ था क्रैश....
27 Jun, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एयर इंडिया का पहला विमान, जिसका नाम गौरीशंकर था वह आज ही के दिन यानी 26 जून 1982 को मुंबई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह विमान सिंगापुर से कुआलालंपुर और चेन्नई तब के मद्रास के रास्ते मुंबई आ रहा था। विमान के लैंडिंग की घोषणा जब की गई थी उस समय इसके अंदर कुल 111 यात्री सवार थे, जिसमें 12 चालक दल के सदस्य भी शामिल थे। हालांकि, इन सभी यात्रियों में से अधिकांश लोग रात के आगोश में सो रहे थे। विमान की लैंडिंग सुबह 4.37 बजे हुई और यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
चार इंजन वाला बोइंग का विमान 'गौरीशंकर' करीब 400 फीट की ऊंचाई से अचानक घने बादल को चीरते हुए बाहर आया और भारी बारिश एवं तूफानी हवाओं के कारण धराशायी हो गया। बोइंग 707 के इस विमान में लैंडिंग के बाद एक जोरदार धमाका हुआ और इसका एक इंजन फट गया। साथ ही साथ विमान 50 फीट की हवा में अचानक उछल गया। विमान उछले के बाद जब जमीन से टकराया तो इसका एक और इंजन विमान से अगल हो गया।
विमान जब कुछ देर बाद रनवे पर रुका तो वह तीन हिस्सों में टूट चुका था। इस घटना के बाद भी विमान के अंदर सवार 111 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में से करीब 82 लोग सुरक्षित बच गए थे। हालांकि, इस विमान दुर्घटना में 17 लोगों की मौत हो गई थी और 12 लोग घायल हो गए थे। गनीमत ये रही की इतने खतरनाक तरीके से विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद भी आग नहीं लगी। मालूम हो कि उस विमान में भारत के प्रथम परमाणु परीक्षण के सूत्रधार परमाणु ऊर्जा वैज्ञानिक डॉ. राजा रमन्ना भी शामिल थे।
विमान जब दुर्घटनाग्रस्त हुआ उस समय भीषण बारिश हो रही थी। हवाई अड्डा पर व्यवस्था इती खराब थी की विमान से जो यात्री बाहर निकलने में कामयाब हुए उनमें से कई बारिश में भीगते हुए ही पैदल चलकर टर्मिनस तक पहुंचे। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस दुर्घटना की जांच शुरू कर दी और विमान के ब्लैक बॉक्स को अपने कब्जे में ले लिया।
फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड हुआ गिरफ्तार....
27 Jun, 2023 10:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वित्त मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिकारियों ने 569 फर्जी कंपनियों का परिचालन करने वाले और इन कंपनियों के माध्यम से 1,047 करोड़ रुपये के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) की जयपुर जोनल यूनिट ने 14 राज्यों में फर्जीवाड़ा करने वाले इस गिरोह का पता लगाया। यह गिरोह दिल्ली में रहकर फर्जी कंपनियों के जरिये फर्जीवाड़ा करता था। मंत्रालय के मुताबिक, दिल्ली के निवासी रिषभ जैन ने इन फर्जी कंपनियों के संचालन के लिए 10 कर्मचारी रखे हुए थे।
इनकी गतिविधियों पर नजर रखने और आंकड़ों की पड़ताल के बाद अधिकारी इस फर्जीवाड़े में शामिल मास्टरमाइंड का पता लगाने में सफल रहे। जैन को 25 जून को गिरफ्तार किया गया और आर्थिक अपराध न्यायालय, जयपुर में पेश किया गया और सात जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस गिरोह ने फर्जी कंपनियों के जरिये 6,022 करोड़ रुपये के कर-योग्य कारोबार को दिखाने वाले बिल जारी किए और इनकी मदद से 1,047 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा किया गया।
ये फर्जी कंपनियां दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार, झारखंड, गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा, बंगाल, कर्नाटक, गोवा, असम और उत्तराखंड में मौजूद हैं। जीएसटी अधिकारियों ने इस गिरोह और ब्रोकरों के 73 बैंक खातों को जब्त कर लिया है।
भारी बारिश ने मचाई देशभर में तबाही, इन राज्यों में MD का अलर्ट जारी....
27 Jun, 2023 10:31 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश के कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। जहां कुछ दिन पहले भारत के कई राज्यों में लोग गर्मी से परेशान थे तो वहीं अब उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में अगले 2 दिनों तक तेज बारिश, आंधी और तूफान से लोगों को अलर्ट किया है।
देशभर में मानसून ने दस्तक दे दी है, जिसके बाद कुछ राज्यों को जहां भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं, कुछ राज्यों में भारी बारिश के कारण तबाही का मंजर है। फिलहाल, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।
देश में 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र से लेकर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के भी कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। उधर जम्मू, हिमाचल और उत्तराखंड में भी अलर्ट किया गया है। दूसरी तरफ बाढ़ से त्रस्त असम के साथ अन्य कई नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी भारी बारिश की खबरें हैं।
दिल्ली में मानसून पहुंचने के दूसरे दिन देर रात कई इलाकों में भारी वर्षा हुई। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्व-मध्य, उत्तर-पश्चिम और पश्चिमी भारत में चार-पांच दिन तक वर्षा होने की संभावना है। दिल्ली में भी पांच दिन तक हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। मंगलवार को मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसका अर्थ है कि मंगलवार को मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है।
भारत मौसम के मुताबिक, मंगलवार को पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और वायनाड जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि इडुक्की जिले में मंगलवार के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में मंगलवार (27 जून) के लिए विभाग ने कुछ इलाकों के येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले चार दिन ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा की आशंका है।
देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी, चंपावत, हरिद्वार, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज भारी वर्षा हो सकती है। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं।
सड़क हादसा : रत्नागिरी में ट्रक ने रिक्शा को मारी टक्कर, आठ की हुई मौत....
26 Jun, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र में एक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान करीब कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, रत्नागिरी जिले के दापोली-हरने मार्ग पर असुद में एक ट्रक ने रिक्शा को टक्कर मार दी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे पर दुख जताया है और प्रत्येक मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने प्रशासन को घायलों को सरकारी खर्च पर उचित चिकित्सा उपचार मुहैया कराने का भी निर्देश दिया है।
इस बीच मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक दो मंजिला मकान धराशायी हो गया। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे उपनगरीय घाटकोपर की रमाबाई अंबेडकर कॉलोनी की एक चॉल में हुई। घायलों को तुरंत पास के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि इन सभी की हालत स्थिर है। नागरिक अधिकारियों के अनुसार, शहर और उसके उपनगरों में पिछले 24 घंटों में मध्यम से भारी बारिश हुई। इस वजह से ऐसे हादसे हो रहे हैं।
अमेरिका-मिस्र की यात्रा से लौटने के बाद पीएम मोदी की अहम बैठक....
26 Jun, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदेश यात्रा से लौटते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतामरण, शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। पीएम मोदी अमेरिका और मिस्र की राजकीय यात्रा के बाद सोमवार तड़के स्वदेश लौटे हैं।
इससे पहले अमित शाह ने पीएम मोदी से मुलाकात की थी और उन्हें मणिपुर के घटनाक्रम की जानकारी दी थी। रविवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने अमित शाह को राज्य के हालात के बारे में विस्तार से बताया था। उन्होंने कहा था कि राज्य और केंद्र सरकारें हिंसा को नियंत्रित करने में सक्षम हैं।
इससे एक दिन पहले यानी शनिवार को गृह मंत्री ने मणिपुर की स्थिति पर सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की थी। तीन घंटे तक चली बैठक में 18 राजनीतिक दलों, पूर्वोत्तर के चार सांसदों और क्षेत्र के दो मुख्यमंत्री शामिल हुए थे। गृह मंत्री ने सर्वदलीय बैठक में बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले दिन से ही मणिपुर की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और समस्या का समाधान निकालने के लिए पूरी संवेदनशीलता कदम उठा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर बोले अमित शाह....
26 Jun, 2023 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि मोदी सरकार भारत से ड्रग्स को जड़ से खत्म कर देगी और देश में नशीले पदार्थों की तस्करी की अनुमति नहीं देगी। उन्होंने नशीले पदार्थों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर एक वीडियो संदेश में कहा कि गृह मंत्रालय ने नशीले पदार्थों के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता की नीति अपनाई है और इसके परिणाम आने शुरू हो गए हैं।
शाह ने कहा कि हमने तय किया है कि भारत में किसी भी तरह के नशीले पदार्थों के व्यापार की अनुमति नहीं देंगे और न ही भारत के माध्यम से किसी भी नशीले पदार्थ की तस्करी की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हम सबके प्रयासों से नशीले पदार्थों के खतरे को जड़ से खत्म करने में सफल होंगे और नशा मुक्त भारत के अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।
गृह मंत्री ने कहा कि हम तब तक आराम नहीं करेंगे जब तक कि नशीले पदार्थों के खिलाफ यह लड़ाई नहीं जीत ली जाती। उन्होंने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई जारी है। इसके अंतर्गत की गई कार्रवाई का नतीजा साफ देखा जा सकता है। साल 2014 और 2022 के बीच 22,000 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए गए। यह 2006 और 2013 के बीच जब्त किए गए 768 करोड़ रुपये के ड्रग्स से 30 गुना अधिक है।
उन्होंने कहा कि ड्रग तस्करों के खिलाफ मामलों में 181 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। साल 2006 और 2013 के बीच 1,257 मामलों दर्ज किए गए थे, जबकि 2014 और 2022 के बीच 3,544 तस्करों पर शिंकजा कसा है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जून 2022 से देश में छह लाख किलोग्राम नशीले पदार्थ नष्ट किए गए हैं। यह नशा मुक्त भारत के लिए मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गृह मंत्री ने कहा कि नशीले पदार्थों के व्यापार के खिलाफ सफलता मुख्य रूप से मोदी सरकार के दृष्टिकारण के कारण हासिल हुई है, जिसके तहत सरकार की विभिन्न शाखाओं के करीबी समन्वय के साथ नीतियां बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख संगठन, विशेषकर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो नशीले पदार्थों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखे हुए हैं। शाह ने कहा कि गृह मंत्रालय, सभी संबंधित संगठनों और राज्य सरकारों की मदद से नशा मुक्त भारत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहा है। हालांकि, नशीले पदार्थों के खिलाफ यह युद्ध लोगों की भागीदारी के बिना नहीं जीता जा सकता है।
शाह ने कहा कि इस अभियान को मजबूत करने के लिए मंत्रालय ने 2019 में नेशनल नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन पोर्टल (एनसीओआरडी) की स्थापना की और हर राज्य के पुलिस विभाग में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) का गठन किया गया। साथ ही मंत्री ने देश के सभी लोगों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार को भी दूर रखने की अपील की।
दिल्ली-मुंबई में 62 साल बाद एक साथ आया मानसून; महाराष्ट्र में बारिश भारी की चेतावनी
26 Jun, 2023 12:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर पश्चिम भारत समेत लगभग समूचे देश में तेज हवा और गरज के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। इससे तापमान में भारी गिरावट आई और उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई में 62 साल बाद एकसाथ मानसून पहुंचा है। मानसून ने दिल्ली में दो दिन पहले और मुंबई में दो सप्ताह की देरी से दस्तक दी। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में शनिवार रात से ही झमाझम बरसात हुई। बीते 24 घंटे के दौरान 40 से लेकर 80 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, मुंबई में 86 से 176.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। पंजाब, हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों और चंडीगढ़ में भी भारी बारिश हुई है।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र और गुजरात के कच्छ इलाके पर चक्रवाती परिसंचरण की वजह से महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भारी बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी ने रविवार को कहा कि मुंबई और मध्य महाराष्ट्र सहित तटीय क्षेत्र में अगले 48 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को बताया कि 24 घंटे के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड से लेकर असम और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, गोवा और महाराष्ट्र के अधिकतर इलाकों में भारी बारिश हुई है। मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर और झारखंड में कहीं तेज तो कहीं अत्यधिक तेज बरसात हुई। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डीएस पाई ने बताया कि इससे पहले 21 जून, 1961 को दिल्ली और मुंबई में एकसाथ मानसून पहुंचा था। दिल्ली में सामान्य तौर पर 27 जून और मुंबई में 11 जून तक मानसून पहुंचता है।
आईएमडी ने एक बयान में कहा है कि मुंबई समेत महाराष्ट्र के शेष भागों, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात के कुछ हिस्सों, राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों और लद्दाख में भी रविवार से सोमवार तक दक्षिण पश्चिम मानसून पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अगले दो दिन में पश्चिम और उत्तर भारत के कुछ और हिस्सों में मानसून के पहुंचने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
कोल इंडिया के अधिकारियों ने वेतन विवाद पर हड़ताल की दी चेतावनी
26 Jun, 2023 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोल इंडिया लि. के कार्यकारी अधिकारियों के एक संगठन ने रविवार को गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के साथ उनके वेतन विवाद का समाधान नहीं होने तक हड़ताल पर जाने की धमकी दी।
ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ कोल एक्जीक्यूटिव्स (एआईएसीई) के महासचिव पीके सिंह राठौड़ ने कोल इंडिया के चेयरमैन को लिखे पत्र में कहा, गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के लिए नए वेतन समझौते के चलते कार्यकारी अधिकारियों के साथ वेतन विवाद होगा। मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन करना पड़ सकता है। इससे पहले कोयला मंत्रालय ने कहा था, उसने गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के मजदूर संगठनों के साथ हुए वेतन संशोधन समझौते को मंजूरी दे दी है।
विदेश दौरे से लौटते ही पीएम मोदी ने जेपी नड्डा से किया सवाल
26 Jun, 2023 11:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार देर रात विदेश दौरे से स्वदेश लौटे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एयरपोर्ट पहुंचकर पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने जेपी नड्डा से मिलते ही पूछा कि देश में क्या चल रहा है? नड्डा ने भी प्रधानमंत्री को पार्टी द्वारा चलाए जा रहे बीते नौ साल के सरकार के रिपोर्ट कार्ड पेश करने के अभियान के बारे में बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका और मिस्त्र का छह दिवसीय दौरा पूरा कर रविवार रात करीब एक बजे स्वदेश लौटे। दिल्ली एयरपोर्ट पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली के सातों सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। जिनमें मीनाक्षी लेखी, हर्षवर्धन, हंसराज हंस, गौतम गंभीर, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी और प्रवेश वर्मा शामिल रहे। जेपी नड्डा से मिलते ही पीएम मोदी ने उनसे पूछा कि देश में क्या चल रहा है? इस पर नड्डा ने कहा कि देश में उनके दौरे से खुशी का माहौल है। बाकी उन्होंने बताया कि सरकार की नौ साल की उपलब्धियों के बारे में जनता को अवगत कराया जा रहा है।
इस दौरान भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि विदेश दौरों पर प्रधानमंत्री मोदी को जो इज्जत और सम्मान मिला है, यह पूरे देश का सम्मान है। हंसराज हंस ने कहा कि हमने पीएम मोदी को विदेश दौरे क लिए बधाई दी और उनसे कहा कि वह विदेश दौरे पर खूब चमके।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पत्रकारों से बात करते हुए यह जानकारी दी। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी का अमेरिका दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। इस दौरान कई ऐसे रक्षा सौदे हुए, जो भारत की तरक्की और सुरक्षा में मील का पत्थर साबित हो सकते हैं। इनमें एक ड्रोन सौदा और दूसरा फाइटर प्लेन के इंजन की तकनीक साझा करने का सौदा शामिल है।
इससे पहले पीएम मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर अपने पहले मिस्त्र दौरे की झलक दिखाई। इस वीडियो में पीएम मोदी मिस्त्र के एयरपोर्ट पर उतरते, वहां उनके भव्य स्वागत की तस्वीरें हैं। पीएम मोदी ने मिस्त्र में भारतीय मूल के लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने मिस्त्र दौरे को ऐतिहासिक करार दिया और कहा कि दोनों देशों के बेहतर संबंधों से हमारे देशों के लोगों को फायदा होगा। मिस्त्र में पीएम मोदी को वहां के सर्वोच्च राजकीय सम्मान से सम्मानित किया गया है।
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने तबाह किए उग्रवादियों के 12 बंकर, हथियार बरामद
26 Jun, 2023 11:38 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मणिपुर में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उग्रवादियों के 12 बंकर तबाह कर दिए हैं। यह कार्रवाई बीते 24 घंटे में की गई है। मणिपुर पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों ने राज्य के तामेंगलोंग, इंफाल पूर्वी, बिशनुपुर, कांगपोकपी, चुराचांदपुर और काकचिंग जिलों में सर्च अभियान चलाया और 12 बंकरों को तबाह कर दिया। यह बंकर पहाड़ी और घाटी के इलाकों में बनाए गए थे।
पुलिस ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान 51 एमएम के तीन मोर्टार शेल, 84 एमएम के तीन मोर्टार शेल भी धान के खेतों से बरामद किए गए हैं। एक जगह आईईडी भी बरामद किया गया। बम डिस्पोजल टीम ने मौके पर ही सभी मोर्टार शेल और आईईडी को निष्क्रिय कर दिया। मणिपुर पुलिस ने बताया कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं। पुलिस ने कर्फ्यू के उल्लंघन, सुनसान घरों में चोरी, आगजनी के मामले में 135 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि अभी तक कुल 1100 हथियार, 250 बम बरामद किए गए हैं। हिंसा प्रभावित इलाकों में फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं और सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से कहा है कि हालात सामान्य करने में पुलिस पूरी मदद करेगी। सेंट्रल कंट्रोल रूम का नंबर जारी किया गया है, जिस पर फोन करके लोग किसी अफवाह की पुष्टि कर सकते हैं और हथियार पुलिस के पास जमा करने के लिए भी कंट्रोल रूम को सूचना दी जा सकती है।
बता दें कि मणिपुर में बीती 3 मई को हिंसा की शुरुआत हुई थी, जब मैतई समुदाय को जनजातीय आरक्षण देने की मांग के विरोध में ऑल ट्राइबल्स स्टूडेंट यूनियन ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्य में हिंसा भड़क गई। अब तक हिंसा में राज्य में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और बड़ी संख्या में लोग घायल हैं।
ओडिशा के गंजम में भीषण बस दुर्घटना में 12 लोगों की मौत, सात हुए घायल
26 Jun, 2023 11:34 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ओडिशा के गंजम जिले में बीती रात एक भीषण बस दुर्घटना हुई। इसमें 12 लोगों की मौत होने की खबर है और सात अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को बरहमपुर के MKCG मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। गंजम की डीएम दिब्या ज्योति परिदा ने बताया कि दो बसों के बीच टक्कर हुई है। हम घायलों को हर संभव मदद देने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
सीएम ने मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार, सीएम ने घायलों को मुफ्त चिकित्सा उपचार मुहैया कराने का आदेश दिया है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री विक्रम अरुख और गंजम डीपीसीसी के अध्यक्ष और विधायक विक्रम पांडा को तुरंत मौके पर जाकर पीड़ितों की मदद करने का निर्देश दिया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात दिगपहांडी पुलिस सीमा के तहत ओडिशा राज्य सड़क परिवहन निगम (ओएसआरटीसी) की बस सामने से आ रही एक निजी बस से टकरा गई। बेहरामपुर के पुलिस अधीक्षक एम. ने बताया कि हादसा रविवार देर रात यहां से करीब 35 किलोमीटर दूर बेहरामपुर-तप्तापानी मार्ग पर दिगपहांडी इलाके के पास हुआ, जब एक बारात लेकर जा रही बस दूसरी बस से टकरा गई। बेहरामपुर में एक शादी समारोह में शिरकत करने के बाद ये लोग दिगपहांडी के पास खंडादेउली लौट रहे थे, जबकि ओएसआरटीसी की बस रायगढ़ा से भुवनेश्वर जा रही थी।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बचाव दल तत्काल ही मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के पीछे का वास्तविक कारण अभी भी स्पष्ट नहीं है। हमारी जांच जारी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जान गंवाने वाले 12 लोगों में सात लोग एक ही परिवार के थे और बाकी उनके रिश्तेदार थे। सभी निजी बस में सवार थे। ओएसआरटीसी की बस के यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। इस बीच विशेष राहत आयोग ने घायलों को इलाज के लिए 30-30 हजार रुपये देने का एलान किया है।
असम में बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार, फसल भूमि को हुआ भारी नुकसान
26 Jun, 2023 11:23 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
असम में बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन अभी भी 15 जिलों के करीब 2.72 लाख लोग प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, बजाली, बक्सा, बारपेटा, दरांग, धुबरी, डिब्रूगढ़, गोलपारा, गोलाघाट, जोरहाट, कामरूप, लखीमपुर, नागांव, नलबाड़ी और तामुलपुर जिलों में 37 राजस्व मंडलों के अंतर्गत 874 गांव वर्तमान में पानी के नीचे समाए हुए है।
अकेले बारपेटा जिले में 1.70 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि बजाली में 60707, लखीमपुर में 22060 और नलबाड़ी जिले में 10351 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावित जिलों में 5936.63 हेक्टेयर फसल भूमि बाढ़ के चपेट में आ गई।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन ने 61 राहत शिविर और 104 राहत वितरण केंद्र स्थापित किए हैं और 43064 लोग अभी भी राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। पिछले 24 घंटों में, बाढ़ के पानी ने नलबाड़ी जिले में 222 जानवरों को बहा दिया। वहीं, नलबाड़ी और तामुलपुर जिलों में 1290 घर क्षतिग्रस्त हो गए। तटबंधों, सड़कों, पुलों, कई आंगनवाड़ी केंद्रों, कृषि बांध और पुलियों को भी बाढ़ ने क्षतिग्रस्त कर दिया है।
राज्य में समग्र बाढ़ की स्थिति में सुधार हो रहा है, लेकिन बारपेटा जिले में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। निचले असम जिले के 167 गांवों के लगभग 1.70 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बारपेटा जिले में, सार्थेबारी राजस्व सर्कल में 1.20 लाख लोग, बारपेटा राजस्व सर्कल में 44394, चेंगा राजस्व सर्कल में 3255 और बाघबार राजस्व सर्कल में 1743 लोग प्रभावित हुए हैं।
बारपेटा जिले में 382.75 हेक्टेयर फसल भूमि अभी भी बाढ़ के पानी में डूबी हुई है। जिला प्रशासन ने 59 राहत शिविर और 53 राहत वितरण केंद्र स्थापित किए हैं। जिले में लगभग 1.05 लाख घरेलू जानवर भी प्रभावित हुए हैं।
जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच 1477.77 क्विंटल चावल, 248.27 क्विंटल दाल, 74.09 क्विंटल नमक और 7478.88 लीटर सरसों तेल वितरित किया है। साथ ही 1646.20 क्विंटल पशु चारा भी वितरित किया गया है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा कर्मी बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
हर राज्य में किया जाएगा भव्य तिरुपति मंदिर का निर्माण
25 Jun, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तिरुपति । हर राज्य में भव्य तिरुपति मंदिर बनाए जाएंगे, इसको लेकर भारत का सबसे अमीर मंदिर ट्रस्ट योजना पर काम कर रहा है। आंध्र प्रदेश में तिरूपति के पर्याय भगवान वेंकटेश्वर मंदिर की मूर्तियां देश भर में जम्मू, नवी मुंबई, गुजरात और छत्तीसगढ़ जैसे कई राज्यों में बनाई जा रही हैं। यह दुनिया के सबसे अमीर मंदिर ट्रस्ट, तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) की एक महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है। इसके तहत भारत के हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में तिरुपति मंदिर की कम से कम एक प्रतिकृति का निर्माण कर भगवान बालाजी की अखिल भारतीय उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। साल 1933 में स्थापित टीटीडी ट्रस्ट शुरू में केवल कुछ मुट्ठी भर मंदिरों के मामलों का प्रबंधन करता था, जिसमें तिरुमाला में प्रतिष्ठित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर, तिरुचनूर में श्री पद्मावती अम्मावरी मंदिर और तिरुपति में श्री गोविंदराज स्वामी मंदिर शामिल थे। लेकिन ट्रस्ट की स्थापना के बाद से नौ दशकों में, इसने पूरे भारत में भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित 58 मंदिरों की स्थापना की है। हालांकि, उनमें से अधिकांश दक्षिणी राज्यों आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में स्थित हैं।
टीटीडी ने सबसे पहले आंध्र में मंदिरों के निर्माण के लिए अधिग्रहण शुरू किया था। इस क्षेत्र के बाहर पहला मंदिर ट्रस्ट ने साल 1969 में उत्तराखंड के ऋषिकेश में बनाया था। इसके बाद साल 2019 में कन्याकुमारी में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर की स्थापना कर विस्तार किया गया। हाल ही में, 8 जून को जम्मू में एक मंदिर खोला गया था, जहां अभी देश के गृह मंत्री अमित शाह भी दर्शन करने पहुंचे थे। ट्रस्ट गुजरात के गांधीनगर, छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिहार में तीन और मंदिर बनाने पर विचार कर रहा है, जिसको लेकर नीतीश कुमार सरकार के साथ चर्चा भी चल रही है। ट्रस्ट ने हाल ही में महाराष्ट्र में भी भगवान बालाजी मंदिर की नींव रखी है। राज्य सरकार ने नवी मुंबई में लगभग 600 करोड़ रुपए की 10 एकड़ प्रमुख भूमि आवंटित की, जहां टीटीडी मंदिर के निर्माण पर करीब 70 करोड़ रुपए खर्च करेगा।
दूध डेयरी में अमोनिया गैस का रिसाव होने से एक की मौत, दर्जनों बीमार
25 Jun, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना । दूध डेयरी में अमोनिया गैस का रिवास होने से एक व्यक्ति की जान चली गई है, वहीं अनेक लोग बीमार हैं। जानकारी के अनुसार बिहार के हाजीपुर शहर में एक दूध सह आइसक्रीम संयंत्र से अमोनिया गैस का अचानक रिसाव हो गया। जिसके कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक बीमार पड़ गए। यह घटना शनिवार देर रात की है। मृतक दीनानाथ सिंह हाजीपुर शहर में राज दूध और डेयरी उत्पाद संयंत्र के कर्मचारी थे और पटना जिले के मनेर के निवासी थे। संयंत्र में रिसाव रात करीब पौने नौ बजे शुरू हुआ। वहां मौजूद दो दर्जन से अधिक कर्मचारी सांस लेने में दिक्कत के कारण वे बेहोश हो गये। हादसे के बाद स्थानीय निवासी वहां से भागने लगे। कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, लेकिन जिला प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण कर लिया। वैशाली के जिला मजिस्ट्रेट यशपाल मीना ने कहा, हमें संयंत्र से अमोनिया गैस के रिसाव के बारे में पता चला और तुरंत बचाव अभियान चलाया गया। फायर ब्रिगेड और पटना की क्यूआरटी के साथ जिला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बेहोश कर्मचारियों को बाहर निकाला। उन्हें सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही जिला अग्निशमन अधिकारियों ने अमोनिया गैस के प्रभाव को कम करने के लिए प्रभावित क्षेत्र में पानी का छिड़काव किया। घटना को लेकर वैशाली के सिविल सर्जन ने दावा किया कि स्थिति नियंत्रण में है और बीमार व्यक्तियों का इलाज किया जा रहा है।
पत्नी की सर्जरी के फर्जी पेपर लगाकर शख्स को जमानत मांगना पड़ा भारी
25 Jun, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । एक विचाराधीन कैदी को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में फर्जी पेपर लगाकर जमानत मांगना भारी पड़ गया है। उस शख्स ने जेल से जमानत पर छूटने के लिए पत्नी की सर्जरी के जाली दस्तावेज तो गढ़वा लिए, पर किसी ऐसे शख्स से जिसे न तो ढंग से अंग्रेजी आती थी और न ही वह मेडिकल सर्जरी के लिए आमतौर पर अपनाई जाने वाली डॉक्टरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी रखता था। लिहाजा जांच में सर्जरी की सलाह से जुड़े दस्तावेज फर्जी निकले और इसीलिए अदालत ने न केवल आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया, बल्कि पुलिस को मामले की जांच का निर्देश भी जारी किया। वेकेशन जज (एएसजे) पवन कुमार ने धर्मवीर उर्फ कालू की अर्जी खारिज की। इस मामले में अदालत ने कहा कि संबंधित डॉक्टर की रिपोर्ट से दस्तावेजों की वास्तविकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस से इसकी जांच करानी होगी। जांच अधिकारी द्वारा दाखिल संबंधित डॉक्टर की रिपोर्ट के मुताबिक, वेरिफिकेशन के लिए भेजे गए दस्तावेज जाली हैं और उन दस्तावेजों पर मौजूद दस्तखत भी फर्जी पाए गए हैं।
गौरतलब है कि आवेदक स्पेशल सेल पुलिस थाने द्वारा 2020 में दर्ज हत्या के एक मामले में आरोपी है। उसने एडवोकेट शैलेंद्र बब्बर के जरिए इस आधार पर जमानत के लिए अर्जी दी कि उसकी पत्नी की 24 जून को सर्जरी है। अदालत ने पुलिस को दस्तावेजों को वेरिफाई कराने का निर्देश दिया था, जिस पर एडिशनल पीपी(पब्लिक प्रॉसिक्यूटर) विकास के जरिए आईओ की उक्त रिपोर्ट दाखिल की गई। बहरहाल, अदालत ने इस मामले को तिलक मार्ग थाने के एसएचओ के पास भिजवाया है और उन्हें कानून के मुताबिक इसमें उचित कार्रवाई करने के लिए कहा है।