राजनीति
विकसित भारत के लिए विकसित कर्नाटक हमारा लक्ष्य: कृषि मंत्री शिवराज चौहान
19 Jan, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिवसीय कर्नाटक दौरे पर हैं। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने आज बैंगलुरू में राज्य के कृषि, ग्रामीण विकास और राजस्व मंत्री के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शिवराज सिंह ने राज्य में कृषि योजनाओं, ग्रामीण विकास के कार्यों, राजस्व से जुड़ी गतिविधियों और भारत सरकार की योजनाओं पर मंत्रियों व अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। बैठक में उन्होंने कहा कि एक होती है आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति लेकिन हम लोग विकास की राजनीति करते है, जनकल्याण की राजनीति करते हैं। हमारे देश में संघीय लोकतंत्र है, हमारा मकसद है, राज्य सरकार को हम भारत सरकार की योजनाओं के तहत भरपूर सहयोग करें, ताकि किसी भी कीमत पर कर्नाटक का विकास बाधित ना हो।
मंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि हमारा लक्ष्य विकसित कर्नाटक है। केंद्र सरकार ने पहले जो फंड रिलीज किये थे, कर्नाटक सरकार उसे पूरी तरह से जल्द ही यूटिलाइज करें। चौहान ने कहा कि कर्नाटक के राजस्व मंत्री ने वाटरशेड स्कीम के तहत अतिरिक्त फंड का आग्रह किया है, इसलिए हम वाटरशेड स्कीम के लिए कर्नाटक को 97 करोड़ रूपए का अतिरिक्त फंड रिलीज कर रहे हैं।
राज्य के कृषिमंत्री ने मैकेनाइजेशन की स्कीम के तहत अतिरिक्त फंड की मांग की है, उसे भी हमने स्वीकार किया है। साथ ही केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की आत्मा योजना के लिए अतिरिक्त स्टॉफ की भी मांग की गई है जिसे भी हम पूरा करेंगे। इसके अलावा समीक्षा बैठक में तीनों मंत्रियों ने योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर कुछ ज्ञापन सौंपे हैं, इस पर भी हम विचार-विमर्श करेंगे।
मंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमें वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना है और विकसित भारत के लिए विकसित कर्नाटक भी हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम कर्नाटक के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। राज्य सरकार से मेरा आग्रह है कि वो समय पर फंड ठीक ढंग से खर्च करें, यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट भेजे तो भारत सरकार कर्नाटक की बेहतरी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
मंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि हर गरीब को पक्का मकान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद केंद्र सरकार ने गत सितंबर माह में कर्नाटक राज्य को 2 लाख 26 हजार 175 मकान बनाने की स्वीकृति दी थी, जिसके लिए राशि भी अलॉट कर दी गई थी। कर्नाटक में गरीबों के पक्के मकान के लिए हमने फिर से उस लक्ष्य को बढ़ाया है और कर्नाटक को अब तक गरीबों के लिए 4,76,556 मकान और आवंटित किए हैं। कुल मिलाकर, इस वित्तीय वर्ष में 7,02,731 आवासों का लक्ष्य कर्नाटक के लिए रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों की सेवा ही हमारे लिए भगवान की पूजा है। हर गरीब का पक्का मकान बने, यही हमारा संकल्प है। मैंने कर्नाटक सरकार से भी आग्रह किया है कि वह तेजी से मकानों का निर्माण पूरा करें ताकि सभी गरीबों के पक्के मकान बनाए जा सके।
रक्षामंत्री राजनाथ ने कहा- भारतीयता को समझना है तो महाकुम्भ में आईये
19 Jan, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । प्रयागराज महाकुंभ 2025 में संगम तट पर भारतीय संस्कृति के महापर्व महाकुम्भ का आयोजन हो रहा है। महाकुम्भ में भाग लेने केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। बमरौली हवाई अड्डे पर उन्हें विधायक मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने रिसीव किया। राजनाथ सिंह के साथ राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी भी मौजूद रहे। प्रयागराज पहुंच कर रक्षा मंत्री ने सबसे पहले गंगा, यमुना, सरस्वती के पवित्र त्रिवेणी संगम में स्नान किया। उन्होंने संगम तट से अक्षयवट, पातालपुरी और बड़े हनुमान जी का दर्शन कर, महाकुम्भ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महाकुम्भ के दिव्य अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राज्य सभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने पवित्र त्रिवेणी संगम में स्नान किया। रक्षामंत्री राजनाथ ने कहा, मैं इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि आज प्रयागराज, संगम में मैंने स्नान किया। यह भारतीयता का आध्यात्मिक व सांस्कृतिक महापर्व है।
गृहमंत्री शाह ने राजौरी में हुई मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए टीम बनाई
19 Jan, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जम्मू के राजौरी जिले में पिछले 6 सप्ताह में 3 घटनाओं में हुई मौतों के कारणों का पता लगाने के उद्देश्य से प्रभावित गांव का दौरा करने के लिए गृह मंत्रालय की अगुवाई में एक अंतर-मंत्रालयी टीम के गठन का आदेश दिया है।
टीम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, कृषि मंत्रालय, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय और जल संसाधन मंत्रालय के विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसमें पशुपालन, खाद्य सुरक्षा और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं के विशेषज्ञों द्वारा भी सहायता की जाएगी। टीम 19 जनवरी को दौरा शुरू करेगी और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर तत्काल राहत पहुंचाने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाने पर भी काम करेगी। स्थिति के प्रबंधन और मौतों के कारणों को समझने के लिए देश के कुछ सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों की सेवाएं प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है।
आप नेताओं पर बनी डॉक्यूमेंट्री के प्रसारण पर रोक, केजरीवाल का आरोप थिएटर मालिकों को धमकाया गया
18 Jan, 2025 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को दिल्ली पुलिस द्वारा अरविंद केजरीवाल से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री चलाने पर रोक लगाने का दावा किया है। ‘अनब्रेकेबल नाम की डॉक्यूमेंट्री आप प्रमुख केजरीवाल और मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन जैसे बड़े नेताओं की जेल यात्रा पर बनी है। आप सूत्रों ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने भाजपा के कहने पर ही डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी है।
जानकारी के अनुसार, आप की डॉक्यूमेंट्री अनब्रेकेबल का शनिवार सुबह 11:30 बजे स्क्रीनिंग होनी थी। आप सूत्रों का दावा है कि पूरी दिल्ली में थिएटर के मालिकों को स्क्रीनिंग न करने की धमकी दी गई है। स्क्रीनिंग रोककर भाजपा क्या छुपाना चाहती है। हम डॉक्यूमेंट्री दिखाएंगे, भाजपा आवाज नहीं दबा सकती।
वहीं मामले पर डीसीपी सेंट्रल, दिल्ली पुलिस ने कहा कि आप की डॉक्यूमेंट्री अनब्रेकेबल की स्क्रीनिंग के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी और इसकारण यह दिशानिर्देशों का उल्लंघन होगा। हम सभी दलों से चुनाव नियमों और कानूनों का पालन करने का आग्रह करते हैं। चूंकि चुनाव घोषित हो चुके हैं, इसकारण राजनीतिक दलों को डीईओ ऑफिस में सिंगल विंडो सिस्टम के द्वारा से अनुमति के लिए आवेदन करना होगा। चुनाव के दौरान यह एक मानक प्रक्रिया है। इसके अलावा, यह स्पष्ट किया जाता है कि दिल्ली पुलिस वर्तमान में ऐसी अनुमति न तो दे सकती है और न ही अस्वीकार कर सकती है क्योंकि राजनीतिक गतिविधि के लिए सभी तरह की अनुमति संबंधित डीईओ कार्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से दी जाती हैं।
वहीं केजरीवाल ने कहा कि आप पर एक फिल्म बनी है। आज जहां फिल्म को पत्रकारों को दिखाया जाना था, वहां देखिए, कितनी भारी संख्या में पुलिस लगाकर बीजेपी ने फिल्म को दिखाने से रोक दिया। बीजेपी हमारी इस फिल्म से बुरी तरह से डरी हुई है। आखिर क्यों? बीजेपी फिल्म को क्यो रोकना चाहती है? इस फिल्म में आखिर ऐसा क्या है, जिससे बीजेपी डरी हुई है? ये फिल्म पर्दे के पीछे के उन सब रहस्यों को उजागर करती है जब गलत तरीके से ‘आप’ के नेताओं को गिरफ्तार किया गया था। ये बीजेपी सरकार के गैर कानूनी और गैर संवैधानिक कामों को उजागर करती है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री नकवी की अखिलेश का सलाह, गंगा जी में डुबकी लगाएं..भीतर की नकारात्मकता खत्म हो जाएगी
18 Jan, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव को एक सलाह दी है। नकवी के मुताबिक सपा प्रमुख को भी महाकुंभ में जाकर गंगा जी में डुबकी लगानी चाहिए ताकि उनके भीतर की नकारात्मकता खत्म हो जाए। नकवी ने कहा, अखिलेश के ये बयान उनकी बौखलाहट दिखा रहे है। अखिलेश का कहना कि महाकुंभ में लोग नहीं पहुंच रहे हैं, वह गलत है। महाकुंभ में बड़े पैमाने पर लोग पहुंच रहे हैं। जो लोग महाकुंभ पर सवाल खड़े कर रहे हैं, ये वे लोग हैं जो हर काम के रंग में भंग डालने की कोशिश करते हैं। आज आस्था के सबसे बड़े पर्व कुंभ का पर्व मनाया जा रहा है। स्वच्छता और सुरक्षा के साथ यह पूरी सुविधाओं से भरपूर है।
भाजपा नेता नकवी ने कहा, इतना बड़ा आयोजन दुनिया के किसी भी क्षेत्र में, चाहे धार्मिक, आध्यात्मिक और आर्थिक दृष्टि से, देखने को नहीं मिलेगा। करोड़ों लोग कुंभ में सुरक्षित पहुंचे और यहां की स्वच्छता की दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं। इतना ही नहीं करोड़ों लोग इसमें भागीदारी कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं। मेरी उन सभी लोगों से अपील है कि वे महाकुंभ में जाकर डुबकी लगाएं, जिससे उनके मन में भरी नकारात्मकता खत्म होगी।
अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने पर नकवी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, ममता ऐसा दावा करेंगी, अगर बात निकलेगी तो बहुत दूर तक जाएगी। जहां तक मुंबई की बात है, वहां पर जांच एजेंसी और पुलिस काम कर रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।
अपने बयान पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने माफी मांगी
18 Jan, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । ऋतुराज झा के उपनाम के साथ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने माफी मांग ली है। भाजपा प्रवक्ता पूनावाला ने कहा कि वे बिना कोई तर्क वितर्क किए हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं। वे पूर्वांचली समाज का बहुत सम्मान करते हैं। पूनावाला ने अपने एक्स हैंडल पर माफीनामे वाला वीडियो शेयर किया।
पूनावाला ने कहा, जय श्री राम, नमस्कार। मैं सभी पूर्वांचली भाइयों से हाथ जोड़कर माफी मांगना चाहता हूं। मेरे शब्दों से आपको दुख हुआ, आपको पीड़ा पहुंची। मैं कोई भी तर्क नहीं देना चाहता हूं। आपके साथ मेरा बहुत गहरा रिश्ता है। प्यार, सम्मान, स्नेह का रिश्ता है। मैं यूपी बिहार के लोगों को खासकर जो हमारे मेहनतकश हैं उन्हें बहुत सम्मान देता हूं। यह मेरे चरित्र और जिंदगी से बहुत स्पष्ट है। फिर भी मेरे शब्दों से चोट पहुंची है। मैं उन शब्दों के लिए बहुत-बहुत क्षमा मांगता हूं।
दरअसल डिबेट शो के दौरान शहजाद और ऋतुराज झा के बीच तीखी बहस हो गई थी। बहस के दौरान झा ने पहले शहजाद को दो बार ‘चूनावाला’ कहकर संबोधित किया। इसके बाद गुस्साए पूनावाला ने झा के उपनाम को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। आप ने बयान को पूर्वांचल के लोगों का अपमान बताते हुए बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश की।
चुनाव से पहले आप के दो पार्षद रविंद्र सोलंकी और नरेंद्र गिरसा बीजेपी में शामिल
18 Jan, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । दिल्ली में विधानसभा चुनाव के बीच आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लगा है। आप के दो पार्षद रविंद्र सोलंकी और नरेंद्र गिरसा शु्क्रवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। सोलंकी बपरोला वार्ड से नगर निगम पार्षद हैं, जबकि गिरसा ने मंगलापुरी से जीते थे। दोनों नेताओं ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और सांसद कमलजीत सहरावत की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली।
दोनों ही वार्ड सहरावत के लोकसभा क्षेत्र में आते हैं। सांसद ने कहा कि दोनों पार्षद आप के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं। इनका केजरीवाल की राजनीति और नीतियों से मोहभंग हो गया है। सांसद सहरावत ने कहा, सोलंकी और गिरसा ने पाला नहीं बदला, केजरीवाल ने बदला है, जिसकी वजह से वे पार्टी बदलने को मजबूर हुए।
राहुल गांधी-प्रियंका महाकुंभ में आएंगे
18 Jan, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज । दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समागम महाकुंभ में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी आस्था की डुबकी लगाएंगे। राहुल और प्रियंका संगम में स्नान कर पूजा-अर्चना करेंगे। कांग्रेसियों ने बड़े पैमाने पर इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस सेवा दल की ओर से महाकुंभ सेवा शिविर संगम तट के सेक्टर-15 में तुलसी मार्ग पर लगाया जा रहा है।
राहुल और प्रियंका इस शिविर में कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। साथ ही सेवा दल द्वारा महाकुंभ में किए जा रहे सामाजिक, धार्मिक कामों की जानकारी लेंगे। यहां श्रद्धालुओं, कल्पवासियों को कंबल समेत अन्य जरूरी सामान भी बांटेंगे।
1000 कांग्रेसी स्नान कर सकते हैं
हालांकि, अभी राहुल और प्रियंका के आने की तारीख और समय तय नहीं है, लेकिन कांग्रेसी नेता बताते हैं कि 5 से 10 फरवरी के बीच वह संगम स्नान के लिए आ सकते हैं। माना जा रहा है कि राहुल और प्रियंका के साथ ही करीब 1000 कांग्रेसी स्नान करेंगे।
2019 अर्धकुंभ में भी प्रियंका ने संगम स्नान किया था
कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पांडेय का कहना है कि प्रियंका गांधी संगम स्नान की हमेशा ख्वाहिशमंद रही हैं। 2019 के अर्धकुंभ में उन्होंने संगम स्नान किया था। वर्ष 2000 में सोनिया गांधी ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी। गांधी परिवार हमेशा से महाकुंभ स्नान, ध्यान और पूजापाठ करता रहा है। डॉ. प्रमोद पांडेय का कहना है कि शिविर तैयार है। लगातार श्रद्धालुओं की मदद की जा रही है। सभी की ख्वाहिश है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संगम आकर स्नान करें और कांग्रेस सेवा शिविर में शामिल हों।
भाजपा भी देगी मुफ्त बिजली-पानी, होली-दीवाली पर फ्री सिलेंडर
18 Jan, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा का चुनाव होना है और 8 फरवरी को रिजल्ट आना है। ऐसे में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बाद भाजपा ने भी शुक्रवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। जिसे भाजपा ने संकल्प पत्र नाम दिया है। भाजपा ने भी मुफ्त बिजली-पानी, और होली-दीवाली पर फ्री सिलेंडर देने की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि हमें संकल्प से सिद्धि की तरफ जाना है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पॉलिटिकल कल्चर को बदल दिया है। आज से पहले मैनिफेस्टो आते थे लेकिन पॉलिटिकल पार्टीज भूल जाती थीं। लेकिन अब मैनिफेस्टो संकल्प पत्र में तब्दील हो गया है। पार्टी ने 2014 में 500 वादे किए थे जिसमें से 499 वादे पूरे कर लिए गए हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने काह कि हमारा वादा निभाने का रिकॉर्ड अव्वल रहा है। हमारा रिकॉर्ड 99.9 फीसदी है। यह विकसित दिल्ली की नींव का संकल्प पत्र है। दिल्ली की सारी योजनाएं जारी रहेंगी। हम झुग्गी वालों को मुख्यधारा में लेकर आएंगे। आज 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं, जो दिल्ली में जनकल्याण योजनाएं चल रही है वो भाजपा की सरकार आने के बाद भी जारी रहेगी। हम महाराष्ट्र में महिलाओं को सहायता राशि दे रहे हैं। हमने हरियाणा में महिलाओं को 2100 रुपेय देना का तय किया है।
संकल्प पत्र की बड़ी बातें
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करना हमारी प्राथमिकता है। हमारा फोकस समाज के हर वर्ग पर है। एलपीजी सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।
- महिला समृद्धि के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे।
- गर्भवती महिलाओं को 21000 रुपये दिए जाएंगे।
- होली-दिवाली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा।
- एलपीजी सब्सिडी 500 रुपये दी जाएगी।
- गर्भवती महिलाओं को न्यूट्रीशनल किट दिए जाएंगे।
- पांच लाख रुपये तक का अतिरिक्त स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।
- आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली में लागू करेंगे।
- अटल कैंटीन योजना को लॉन्च करेंगे। झुग्गियों में पांच रुपये में राशन दिया जाएगा।
- वरिष्ठ नागरिकों को 3000 रुपये तक की पेंशन दी जाएगी।
दिल्ली में जाट समुदाय की किस मांग पर खुद ही फंसते दिख रहे केजरीवाल
17 Jan, 2025 01:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के बीच आप नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीते सप्ताह जाट समुदाय को दिल्ली में ओबीसी की केंद्रीय सूची में डालने का मुद्दा उठाया था। केजरीवाल का आरोप था कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार बीते 10 सालों से मामले को दबाए बैठी है। वहीं केजरीवाल के आरोपों पर भाजपा ने जवाब दिया था कि दिल्ली सरकार को प्रस्ताव को पहले विधानसभा से पारित कराना चाहिए था। फिर उस प्रस्ताव को केंद्र सरकार को भेजने पर मुहर लगती। इसके बाद अब पिछड़ा वर्ग आयोग ने भी आप के दावों का जवाब दिया है। पिछड़ा वर्ग आयोग का कहना है कि बीते 10 सालों में दिल्ली सरकार से ऐसा कोई प्रस्ताव ही नहीं भेजा गया, जिसमें मांग की गई हो कि राजधानी के जाटों को दिल्ली में केंद्र की सूची में शामिल करे।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज अहीर ने बताया कि बीते 10 सालों में हमें दिल्ली के जाटों को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने का कोई प्रस्ताव नहीं मिला। ऐसा कुछ आता, तब विचार जरूर होता। दिल्ली में विधानसभा चुनाव है और इसके पहले केजरीवाल ने यह मसला उठाया था, लेकिन अब आप खुद ही मामले पर घिरती दिख रही है। दिल्ली के किशनगढ़, मुनिरका, नरेला जैसे इलाकों में जाटों की अच्छी खासी आबादी है। इसके बाद बाहरी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के एक हिस्से में जाट मतदाता नतीजों पर असर डालने का दम रखते हैं। माना जा रहा है कि इसी रणनीति के तहत केजरीवाल ने दिल्ली के जाटों को केंद्रीय ओबीसी लिस्ट में शामिल करने की मांग उठाई है।
अहीर ने साफ कर दिया है कि दिल्ली सरकार से कोई प्रस्ताव नहीं आया। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के समुदाय को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने के लिए राज्य से ही प्रस्ताव भेजा जाता है। उस प्रस्ताव से पहले संबंधित राज्य सरकार उनके पिछड़ेपन को लेकर सर्वें कराती है। इसके बाद विधानसभा में वह प्रस्ताव मंजूर होता है, और इसके बाद केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाता है। उस प्रस्ताव पर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग फैसला लेता है। अहीर ने बताया कि यूपीए के कार्य़काल में दिल्ली से दो बार जाटों को केंद्रीय पिछड़ा सूची में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा गया था। लेकिन तब उस प्रस्ताव को खारिज किया गया था। यह प्रस्ताव पहले 2010 में भेजा गया था और फिर 2014 के आम चुनाव से ठीक पहले गया था, लेकिन दोनों बार प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिल सकी।
जिस शराब नीति के कारण जेल की हवा खा आए केजरीवाल, उस नीति को फिर लागू करेंगी आतिशी
17 Jan, 2025 12:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनने पर उस शराब नीति को दुबारा लागू किया जा सकता है, जिसमें ग्राहकों को एक पर एक बोतल फ्री जैसी स्कीम मिली और घोटाले के आरोपों में अरविंद केजरीवाल को जेल जाना पड़ा। खुद मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना ने इस लेकर साफ संकेत दे दिए हैं। आतिशी ने उस शराब नीति की तारीफ कर कहा है कि कई राज्यों ने इस नीति को अपनाया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री से जब सवाल हुआ कि क्या दिल्ली में आप की शराब नीति फिर से लागू होनी चाहिए? आतिशी ने इस सवाल का जवाब हां में दिया। उन्होंने कहा, बिल्कुल होनी चाहिए। उस नीति को कई राज्यों ने लागू किया। इस नीति से राज्यों का राजस्व बहुत ज्यादा बढ़ा भी। आवंटन में पारदर्शिता बढ़ी। इंटरव्यू करने वाले ने पूछा कि आप कह रही हैं कि जो नीति विवादों में थी उस शराब नीति को फिर लागू करेंगे? आतिशी ने हां की मुद्रा में गर्दन हिलाकर कहा, ‘वह नीति बेहतर नीति है।’
2021-22 में लागू की गई इस ‘नई शराब नीति’ में घोटाले का आरोप है। सीबीआई और ईडी इसकी जांच कर रही है। यह वहीं शराब नीति है, जिसके कारण खुद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और विजय नायर को जेल जाना पड़ा। महीनों तक जेल में रहने के बाद सभी नेता जमानत पर रिहा हुए। सीबीआई का दावा है कि इस शराब नीति के जरिए कारोबारियों को गलत तरीके से अधिक फायदा पहुंचाया गया और बदले में रिश्वत ली गई। हालांकि, दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी आरोपों को सिरे से खारिज करती रही है। इस शराब नीति पर जांच बैठने के बाद दिल्ली सरकार ने इस नीति को वापस ले लिया था।
वहीं आतिशी के ताजा बयान के बाद भाजपा को चुनाव के दौरान फिर हमलावर होने का मौका मिल गया है। भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि केजरीवाल को इस पर सफाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा, आतिशी ने कहा है कि यदि उन्हें सत्ता मिली, तब उस शराब नीति को फिर से लागू करेंगी जिसकी वजह से केजरीवाल और सिसोदिया जेल गए। भाजपा नेता पात्रा ने आप सोचिए जरा जिस नई शराब नीति के हजारों करोड़ों रुपए के घोटाले हुए, ब्लैकमार्केटिंग हुई, मोटी रकम लेकर इसतरह के लोगों को ठेका दिया जिन्हें नहीं मिलना चाहिए था, गली-गली में शराब के ठेके शुरु किए गए और दिल्ली को बार में बदल दिया गया। उसी शराब नीति को लागू करना चाहती हैं, मुख्यमंत्री आतिशी।
ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर की राजधानी बनने जा रहा है भारत - मनसुख मांडविया
17 Jan, 2025 11:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारत जल्द ही “ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर की राजधानी” बनने जा रहा है। देश में इस समय 1,700 से ज्यादा ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स हैं जिनमें 20 लाख से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। यह संख्या 2030 तक काफी बढ़ने की उम्मीद है। ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर नई टेक्नोलॉजी जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, रोबोटिक प्रोसेस ऑटोमेशन, साइबरसिक्योरिटी, ब्लॉकचेन और वर्चुअल रियलिटी का इस्तेमाल करके नवाचार और रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं।
केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के बीच की खाई को पाटने के लिए स्किल डेवलपमेंट (कौशल विकास) बहुत जरूरी है । उन्होंने कहा “हम भारत को एक ग्लोबल टैलेंट हब बना रहे हैं, जहां इनोवेशन और प्रैक्टिकल स्किल्स को बढ़ावा दिया जा रहा है। म्यूचुअल रिकग्निशन ऑफ स्किल्स एंड स्टैंडर्ड्स’ जैसी पहलें दुनिया में वर्कफोर्स की कमी को दूर करने में मदद करेंगी।” डॉ. मांडविया ने यह भी कहा कि उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों को साथ मिलकर भारत की जरूरतों के मुताबिक स्किल डेवलपमेंट मॉडल बनाना चाहिए। उन्होंने कहा, “स्किलिंग का मकसद केवल सर्टिफिकेट देना नहीं बल्कि लोगों को उद्योग और स्वरोजगार के लिए व्यावहारिक ज्ञान से लैस करना होना चाहिए।
आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने किया बड़ा ऐलान- दो से अधिक बच्चे वाले ही लड़ सकेंगे निकाय चुनाव
17 Jan, 2025 10:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तिरुपति। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि, कोई व्यक्ति सरपंच, नगर पार्षद या महापौर तभी बन सकता है, जब उसके दो से अधिक बच्चे हों। इस दौरान उन्होंने संकेत दिया कि इससे जनसंख्या में गिरावट को रोका जा सकेगा। सीएम ने आगे कहा कि, वे लोगों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए नीतियां लाएंगे।
इससे पहले सीएम नायडू ने कहा था कि, राज्य में विकास दर बढऩी चाहिए। सभी को इस बारे में सोचना चाहिए और परिवारों को कम से कम दो या उससे अधिक बच्चे पैदा करने का लक्ष्य रखना चाहिए। दरअसल केंद्र की यूथ इन इंडिया-2022 रिपोर्ट के अनुसार हमारे देश में 25 करोड़ युवा 15 से 25 साल के बीच के हैं। अगले 15 साल में यह और तेजी से गिरेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जनवरी को स्वामित्व योजना के तहत 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित करेंगे
17 Jan, 2025 09:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जनवरी को स्वामित्व योजना के तहत 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित करेंगे। यह वितरण 10 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 50,000 से अधिक गांवों और 230 से अधिक जिलों में संपत्ति मालिकों को किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित होगा।
गौरतलब है कि स्वामित्व योजना का उद्देश्य ग्रामीण भारत में आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देना है। इसके तहत गांवों में बसे हुए क्षेत्रों में घरों के मालिकों को ‘स्वामित्व अधिकार’ प्रदान किए जाते हैं। इस योजना के तहत सर्वेक्षण के लिए नवीनतम ड्रोन तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। यह योजना संपत्तियों के मुद्रीकरण, बैंकों से कर्ज लेने में सहूलियत, संपत्ति से जुड़े विवादों को कम करने, ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति और संपत्ति कर का बेहतर आकलन करने और गांव स्तर की समग्र योजना बनाने में मदद करती है। इसके तहत अब तक 3.17 लाख से अधिक गांवों में ड्रोन सर्वेक्षण पूरा हो चुका है जो लक्षित गांवों का 92% है। वहीं 1.53 लाख गांवों के लिए लगभग 2.25 करोड़ संपत्ति कार्ड तैयार किए गए हैं। स्वामित्व योजना पुदुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, त्रिपुरा, गोवा, उत्तराखंड और हरियाणा में पूरी तरह से लागू हो चुकी है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कई अन्य केंद्र शासित प्रदेशों में ड्रोन सर्वेक्षण पूरा हो चुका है।
वडनगर आगामी समय में अध्ययन, उत्सुकता तथा ज्ञानवर्द्धन का केन्द्र बनेगा : केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह
17 Jan, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद | केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के करकमलों से गुरुवार को वडनगर को विभिन्न विकास कार्यों की भेंट मिली। इस अवसर पर शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अपनी जन्मभूमि वडनगर के साथ नाते का उल्लेख करते हुए कहा कि वडनगर की संतान एवं वैश्विक नेता नरेन्द्र मोदी ने बचपन में जिस गरीबी का अनुभव किया था, उस गरीबी को करुणा भाव में बदल कर देश के करोड़ों गरीबों, बच्चों, महिलाओं, किसानों, आदिवासियों व सुदूरवर्ती मानव के उत्कर्ष का प्रेरणा बल बनाया है। अमित शाह ने कहा कि पूरा विश्व जिन्हें नेता के रूप में स्वीकार करता है; ऐसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर को वैश्विक मानचित्र पर उकेरने वाला आज का कार्यक्रम है। वडनगर की अक्षुण्णता व जीवंतता ने देश की संस्कृति को प्रभावित करने का कार्य किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री की गुजरात के मुख्यमंत्री व देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनहितकारी तथा विकासोन्मुखी कार्य श्रृंखला का वर्णन करते हुए जोड़ा कि वडनगर में पले-बढ़े मोदीजी के जीवन कार्यों का एक भाषण में शब्दों की मर्यादा में वर्णन करना कठिन है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने इस अवसर पर पुरातन नगरी वडनगर की पुरातत्वीय विरासत को उजागर करने वाले आर्कियोलॉजिकल एक्सपीरियेंसल म्यूजियम, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई की थी; उस नवनिर्मित प्रेरणा स्कूल तथा अत्याधुनिक स्पोर्ट्स परिसर का लोकार्पण किया। शाह ने इस अवसर पर हेरिटेज प्रेसिडेंट डेवलपमेंट तथा ब्यूटीफिकेशन के कार्यों का निरीक्षण किया तथा राज्यव्यापी सड़क सुरक्षा अभियान 2025 का प्रारंभ कराया। इसके बाद उन्होंने वडनगर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश से पंच-प्रण का संकल्प करवाया है। इनमें एक प्रण मे विरासत पर गर्व करने को कहा गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विरासत की नींव पर विकास की इमारत बनाने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने गुजरात की गांधीजी, सरदार पटेल तथा स्वामी दयानंद सरस्वती की विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। शाह ने वडनगर की विरासत के विषय में कहा कि वडनगर हिन्दू, बौद्ध व जैन; तीन-तीन धर्मों की तपोभूमि एवं उपासना का केन्द्र रहा है। जैन आगम ग्रंथ कल्पसूत्र का जनता के लिए पहली बार पठन वडनगर में हुआ था। चीनी यात्री ह्वेनसांग ने भी सातवीं शताब्दी के वडनगर का वर्णन किया है। उन्होंने नवनिर्मित म्यूजियम के संदर्भ में कहा कि इतिहास व पुरातत्वीय विरासत को एक साथ निहारने की सुविधा देने वाला पुरातत्व अनुभव संग्रहालय विश्व में और कहीं नहीं है। वडनगर का म्यूजियम वडनगर की केवल पुरातन संस्कृति को ही नहीं; बल्कि वडनगर के व्यापार, नगर रचना, शिक्षा एवं शासन व्यवस्था के योगदान को भी उजागर करता है। इस म्यूजियम ने वडनगर की ढाई हजार वर्षों की यात्रा को जीवंत करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रेरणा स्कूल में देशभर से आए बच्चे पढ़ेंगे और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा प्राप्त करेंगे। वडनगर आगामी समय में अभ्यास, उत्सुकता एवं ज्ञानवर्द्धन का केन्द्र बनेगा। उन्होंने कहा कि वडनगर में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत करे। शाह ने आशा व्यक्त की कि इस संकल्प की पूर्ति में यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खिलाड़ी तैयार करके योगदान देगा। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2027 में विश्व की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेगा। जब स्वतंत्रता प्राप्ति की शताब्दी मनाई जाएगी, तब भारत हम सभी के प्रयासों के फलस्वरूप विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश बनेगा और प्रत्येक क्षेत्र में अग्रिम राष्ट्र के रूप में उभर कर आएगा।
केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने प्रासंगिक संबोधन में कहा कि वडनगर की भूमि आज नया स्वरूप धारण कर रही है। पिछले 2500 वर्षों से यह नगर सभ्यता-संस्कृति-विरासत का केन्द्रबिंदु है। ऐसे में आज 21वीं शताब्दी में देश के प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है। गुजरात ऐतिहासिक भूमि है। नरेन्द्र मोदी वडनगर के अनमोल रत्न हैं। प्रधान ने वडनगर की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि वडनगर की सभ्यता-संस्कृति अकल्पनीय है। भारत में जीवंत पुरातत्वीय शहर केवल 4-5 हैं और वडनगर उनमें से एक है। नरेन्द्र मोदी ने जिस विद्यालय में प्राथमिक शिक्षा प्राप्त की थी, उस विद्यालय में प्रेरणा प्रोजेक्ट अंतर्गत शिक्षा के अनेक आयाम प्रारंभ किए जाएंगे। यहाँ देशभर से 840 विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए लाया जाएगा, जो मानव सभ्यता की प्रतीक समान स्थानीय व्यवस्थाओं का अध्ययन करेंगे।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस अवसर पर कहा कि अनंत अनादि वडनगर का यह कार्यक्रम अनेक आयामों को साकार करने वाला कार्यक्रम है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर आज विश्व स्तर पर प्रस्थापित हुआ है। 2500 से अधिक वर्षों की सांस्कृतिक विरासत के साथ अनंत अनादि वडनगर की आधुनिक यात्रा विरासतों के गौरव समान है। बहुचराजी, अंबाजी, तारंगा जैसी उत्तर गुजरात की पर्यटन विविधताओं में वडनगर जुड़ा है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है। भूपेन्द्र पटेल ने वडनगर को विकास कार्यों की भेंट मिलने का उल्लेख करते हुए कहा कि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री के करकमलों से मिले विकास कार्यों के इन उपहारों के चलते वडनगर प्राचीन नगरियों के इतिहास को स्वर्णाक्षरों में अंकित करेगा। प्रेरणा प्रोजेक्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वडनगर के जिस प्राथमिक विद्यालय में नरेन्द्र मोदी ने पढ़ाई की थी, उसे भारत सरकार द्वारा प्रेरणा प्रोजेक्ट अंतर्गत अत्याधुनिक रूप दिया गया है। मुख्यमंत्री ने साथ ही आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम का उल्लेख करते हुए कहा कि आज लोकार्पित म्यूजियम द्वारा वडनगर की विरासत को अत्याधुनिक स्वरूप में लोगों के समक्ष रखा जाएगा। इसमें टेक्नोलॉजी का बखूबी उपयोग किया गया है, जिससे पर्यटक वडनगर की गलियों में घूम रहे होने का जीवंत अनुभव कर सकेंगे। भारतीय पुरातत्व विभाग ने वडनगर में उत्खनन कर 2500 वर्ष पुराने बौद्ध मठ के अवशेष खोज निकाले हैं। इसके अतिरिक्त; हजारों वर्ष पुरानी कलाकृतियाँ भी इतिहास प्रेमियो के लिए विशिष्ट आकर्षण बनेंगी। उन्होंने आगे कहा कि वडनगर रेलवे स्टेशन का विकास, शर्मिष्ठा तालाब का नवीनीकरण, वडनगर के मकानों व गलियों को हेरिटेज टच, ट्रैफिक मैनेजमेंट तथा ब्यूटीफिकेशन के लिए भी राशि मंजूर की गई है। इसी प्रकार; ताना-रीरी महोत्सव में प्रति वर्ष शास्त्रीय संगीतकारों के सम्मान आदि के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इतना ही नहीं; विकसित गुजरात से विकसित भारत@2047 साकार करने में वडनगर का भी विशेष योगदान रहेगा। इस अवसर पर स्टोरी ऑफ वडनगर नामक पुस्तिका का सभी महानुभावों के करकमलों से विमोचन किया गया।
अजोला से संवरी आजीविका : धमतरी की बिहान दीदियों ने प्राकृतिक खेती और आत्मनिर्भरता का रचा नया इतिहास
पीएम सूर्य घर योजना से राजेंद्र कुमार साहू बने ऊर्जा आत्मनिर्भर
बाघ सप्ताह के अंतर्गत वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में पॉम पेंटिग प्रतियोगिता का आयोजन
सुशासन का ‘सेवा सेतु’: नेतानार के फूलसिंह और रामबती को आवेदन के दिन ही मिला विवाह प्रमाण पत्र
डिजिटल क्रांति से जगमगाया अबूझमाड़
बाहरी आडंबरों से अलग है दादाजी धूनीवाले धाम, जहां आध्यात्मिक शक्ति का होता है अनुभव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से समय पर उपचार ने बचाई 4 वर्षीय मासूम की जान
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से दिव्यांग समझराम साहू को मिली बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्रायसायकल
निशातपुरा रेलवे स्टेशन से भोपाल के विकास को मिलेगी नई रफ्तार : मंत्री सारंग
