महाराष्ट्र (ऑर्काइव)
Budget2023-24: महिलाओं को बस किराये में 50% छूट,बनेंगे 14 मेडिकल कॉलेज..
10 Mar, 2023 11:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र सरकार के वित्तीय-वर्ष 2023-24 के बजट में वित्त मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कई बड़े एलान किए हैं। इनमें महिलाओं को बस किराये में 50 प्रतिशत की छूट, किसानों को किसान सम्मान निधि की तर्ज पर छह हजार रुपये सालाना देने और राज्य में 14 नए मेडिकल कॉलेज खोलने जैसी घोषणाएं शामिल हैं। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दोपहर दो बजे के बाद बजट पेश किया। आइए जानते हैं बजट से जुड़ी प्रमुख बातें-
1.हर व्यक्ति को घर मुहैया कराने का एलान
महाराष्ट्र सरकार के बजट में हर व्यक्ति को घर मुहैया करने का एलान किया गया है। इस वर्ष 10 लाख घर मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया है। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 3 साल में 10 लाख घरों के लिए 'मोदी आवास घरकुल योजना' का क्रियान्वयन होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 लाख घर (2.5 लाख आवास अनुसूचित जाति-जनजाति, 1.5 लाख अन्य वर्ग) बनेंगे। रमई आवास के तहत 1.5 लाख घर बनेंगे जिस पर 1800 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके अंतर्गत मतंग समुदाय के लिए कम से कम 25 हजार घर उपलबध कराए जाएंगे। शबरी, पारधी, आदिम आवास योजना के अंतर्गत 1 लाख घर बनाए जाएंगे इसके लिए 1200 करोड़ रुपये आवंटित किये गए है। यशवंतराव चव्हाण फ्री कॉलोनी योजना के तहत 50,000 घर बनेंगे जिस पर 600 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा।
2.विकास के लिए नई परियोजनाओं की घोषणा
बजट में मुंबई के लिए कई परियोजनाओं की घोषणा की गई है। 9.2 किमी के मुंबई मेट्रो 10 के लिए जो गायमुख से शिवाजी चौक, मीरा रोड के लिए चलेगी उस पर 4476 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुंबई मेट्रो 11-वडाला से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच चलेगी। 12.77 किमी लंबी इस योजना के लिए 8739 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुंबई मेट्रो 12-कल्याण से तलोजा के बीच चलेगी। 20.75 किमी की इस परियोजना पर 5865 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा नागपुर मेट्रो का दूसरा चरण के लिए 43.80 किमी लंबा होगा उस पर 6708 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं पुणे मेट्रो के लिए 8313 करोड़ खर्च का प्रावधान किया गया है। अन्य नई परियोजनाएं के तहत ठाणे सर्कल मेट्रो, नासिक निओ मेट्रो, पुणे मेट्रो के पिंपरी-चिंचवाड़ से निगडी कॉरिडोर और स्वारगेट से कात्रज मेट्रो के विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
3. सोलापुर में श्री फूड सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए 200 करोड़
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बजट 2023-24 में सोलापुर को भी सौगात दिया है। बजट में सोलापुर में श्री फूड सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना का एलान किया गया है। इसके लिए 200 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है।
4. लड़कियों के सशक्तिकरण के लिए भी बजट में की गई घोषणा
लड़कियों के सशक्तिकरण के लिए भी बजट में घोषणा की गई है। बजट के अनुसार लेक लाडकी योजना का कार्यान्वयन अब नए रूप में होगा। इसके तहत पीले और नारंगी रंग के राशन कार्डधारक परिवार की लड़कियों को लाभ दिया जाएगा। इन परिवारों को जन्म के बाद प्रति लड़की 5000 रुपये दिए जायेंगे। पहली कक्षा में पहुंचने पर 4000 रुपये, छठी कक्षा में पहुंचने पर 6000 रुपये जबकि ग्यारहवीं में पहुंचने पर 8000 रुपये दिए जायेंगे। बालिका के 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 75,000 रुपये दिए जायेंगे। वहीं महिलाओं को बस किराये में 50 प्रतिशत छूट देने की भी बात कही गई है।
5. किसान सम्मान निधि की तर्ज पर किसानों को अतिरिक्त छह हजार रुपये देने का एलान
महाराष्ट्र सरकार ने बजट में किसानों के लिए भी कई बड़े ऐलान किए गए हैं। केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि योजना की तर्ज पर अब महाराष्ट्र में नमो शेतकरी योजना चलाई जाएगी। इसके अंतर्गत किसानों को सालाना 6000 रुपये की राशि दी जाएगी। बता दें कि अभी केंद्र सरकार से किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सालाना 6000 रुपये मिलते हैं। महाराष्ट्र सरकार की इस घोषणा के बाद अब महाराष्ट्र के किसानों को साल में कुल मिलाकर 12 हजार रुपये की नकद राशि मिलेगी।
6. महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना का कवरेज 1.5 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किया गया
महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना में बीमा कवर 1.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किया गया। अब आप 5 लाख रुपए तक का इलाज करा सकते हैं। इसमें 200 नए अस्पताल शामिल किए जाएंगे। किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी का लाभ 2.50 लाख से 4 लाख तक किया गया। राज्य भर में 700 स्व. बालासाहेब ठाकरे का अस्पताल शुरू किये जायेंगे।
महाराष्ट्रः अजित पवार का आरोप- 'फडणवीस के शासन काल में हुआ 500 करोड़ का घोटाला....
9 Mar, 2023 04:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र विधानसभा में नेता विपक्ष अजित पवार ने आरोप लगाया है कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार में सूचना एवं प्रचार विभाग में 500 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ था। अजित पवार ने विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान कहा कि सरकारी अधिकारियों ने साल 2019 में 500 करोड़ रुपए से ज्यादा के मीडिया विज्ञापनों को बिना मुख्यमंत्री की मंजूरी के अप्रूवल दे दिया था। अजित पवार ने वर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता ने विधानसभा में कहा कि अधिकारियों ने फाइल में जिक्र किया था कि मुख्यमंत्री को विज्ञापन प्रकाशित करने के लिए 500 करोड़ रुपये के खर्च के बारे में बताया गया, लेकिन मंजूरी नहीं ली गई थी। महाराष्ट्र में 2014-19 के दौरान भाजपा और शिवसेना की गठबंधन सरकार थी। फडणवीस उस वक्त मुख्यमंत्री थे।
अजित पवार ने कहा कि ऐसे दोषियों को निलंबित कर सजा दी जानी चाहिए। मीडिया विज्ञापनों के लिए मुख्यमंत्री की मंजूरी जरूरी होती है। इस मामले में 2019 के दौरान मुख्यमंत्री की मंजूरी के बिना 500 करोड़ रुपये से अधिक के विज्ञापनों को मंजूरी दी गई थी।
महाराष्ट्र : होली के दिन नहीं होगा ड्राई डे,बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर बेंच का फैसला...
7 Mar, 2023 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर बेंच ने सोमवार को यवतमाल कलेक्टर के 7 मार्च को होली के मौके पर शराब की दुकानें बंद रखने के आदेश को रद्द कर दिया है।
यवतमाल में सम्राट वाइन्स ने अपने वकील साहिल देवानी के माध्यम से, महाराष्ट्र मद्यनिषेध अधिनियम के तहत कलेक्टर के 2 मार्च के आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें दावा किया गया था कि अधिनियम की आवश्यकताओं पर विचार किए बिना इसे पारित किया गया था।
पिछले साल भी रद्द हुई थी याचिका
सम्राट वाइन्स के अधिवक्ता साहिल देवानी ने अदालत को यह भी बताया कि पिछले साल अमरावती कलेक्टर द्वारा पारित इसी तरह के एक आदेश को एचसी ने अलग कर दिया था। क्योंकि कलेक्टर ने इस बात का कोई ऐसा संतुष्टि वाला तर्क नहीं दिया था कि आखिर होली के दिन शराब की दुकानें बंद करना सार्वजनिक शांति के लिए कैसे सही रहेगा।
पुलिस ने नहीं दिया कोई मैसेज
जस्टिस एएस चांदुरकर और एमडब्ल्यू चंदवानी की पीठ ने इस मामले में सुनवाई की। उन्होंने यह कहते हुए आदेश को रद्द कर दिया कि पुलिस अधिकारियों ने 7 मार्च को ड्राई डे घोषित करने की मांग करते हुए कोई मैसेज जारी नहीं किया था।
नाबालिग ने यूट्युब की मदद से घर में दिया बच्ची को जन्म, फिर गला घोंटकर की हत्या..
6 Mar, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के नागपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। यहां 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने यूट्युब वीडियो की मदद से एक बच्ची को जन्म दिया फिर नवजात का गला घोंटकर मार डाला। यहीं, नहीं नवजात की हत्या करने के बाद उसने शव को अपने घर में एक डिब्बे में छिपा दिया।
नाबालिग का किया गया यौन शोषण
पुलिस ने 5 मार्च को इसकी जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, नाबालिग से जब पूछताछ की गई तो पता चला की वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी। इसी बीच उसकी जान-पहचान एक रमेश ठाकुर नाम के शख्स से हुई। बातचीत धीरे-धीरे प्यार में तब्दील हो गई और फिर दोनों का मिलना शुरू हो गया। एक दिन लड़की को बहला-फुसलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।
घर पर ऐसे दिया जन्म
नाबालिग जब तक कुछ समझ पाती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घरवालों को पता न चल जाए इसके लिए लड़की अपनी मां से यह कहकर अपने गर्भवती होने की बात छुपायी कि उसे कुछ स्वास्थ्य समस्याएं हैं।
जब 3 मार्च को घर पर कोई भी नहीं था तो उसे दर्द होना शुरू हो गया। उसने यूट्युब वीडियो की मदद से बच्ची को घर पर ही जन्म दिया और बाद में नवजात का गला घोंटकर उसे मार डाला। घर वालों को इसके बारे में पता न चले इसलिए उसने नवजात के शव को एक प्लास्टिक के डिब्बे में डालकर घर में ही छिपा दिया।
परिजनों को ऐसे लगी खबर
जब उसकी मां घर लौटी तो उसने अपनी बेटी से उसके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में पूछा। लड़की ने डर में आकर सारी आपबीती अपनी मां को बताई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद मामला नागपुर के अंबाझरी पुलिस थाना पहुंचा।
पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं नाबालिग की जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर दिया है। अधिकारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हत्या का आरोप लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के चचेरे भाई ने की 81 वर्ष की उम्र में आत्महत्या....
5 Mar, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के लातुर में हैरान कर देने वाली सनसनी खेज घटना सामने आई है। लातुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकर के चचेरे भाई ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। यह घटना रविवार सुबह हुई। इस घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया था। चंद्रशेखर उर्फ हनमंतराव पाटिल चाकुरकर कांग्रेस के नेता शिवराज पाटिल के चचेरे भाई थे। उन्होंने सुबह 81 साल की उम्र में आत्महत्या का कदम उठाया था।
साढ़े आठ बजे रिवॉल्वर से ली जान
पुलिस अधिकारी ने बताया कि चंद्रशेखर उर्फ हनमंतराव पाटिल ने देवघर में स्थित अपने आवास पर सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। हालांकि चंद्रशेखर ने आत्मदाह का कदम क्यों उठाया है। इसकी जानकारी अभी तक नहीं चल पाई है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हनमंतराव, शिवराज पाटिल के 'देवघर' आवास के करीब रहते थे और अक्सर उनसे मिलने आते रहते थे।
कई सालों से बीमारी से पीड़ित थे हनमंतराव
हनमंतराव आदर्श कॉलोनी इलाके में रहते थे। पुलिस उनके घर पहुंच कर पंचनामा कर रही है। पुलिस ने उनका शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। बता दें कि शिवराज पाटिल स्पष्ट रूप से किसी बीमारी से बीते कई वर्षों से पीड़ित थे। इसलिए वह परेशान भी रहते थे। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल राजनीति में सक्रिय हैं। इसलिए उनके भाई के द्वारा आत्महत्या करने से सनसनी मच गई है।
खेतीबाड़ी करते थे हनमंतराव
इस घटना के समय मंत्री का बेटा भी मौजूद था। इस मामले में आगे की जांच के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक दिबेश फीवर, डिप्टी एसपी जितेंद्र जगदाले और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। वह 81 साल के थे और खेतीबाड़ी कर रहे थे। बताया जाता है कि चंद्रशेखर पाटिल के पास बंदूक का लाइसेंस भी था। उनके परिवार में दो बच्चे, बहू, विवाहित बेटी, दामाद, पोते-पोतियां हैं। यह भी पता चला है कि वह पिछले कुछ दिनों से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे।
मुंबई-गोवा रूट पर शुरू की जाएगी वंदे भारत सेमी-हाई स्पीड एक्सप्रेस ट्रेन..
4 Mar, 2023 01:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र | जल्द ही मुंबई-गोवा मार्ग पर एक वंदे भारत सेमी-हाई स्पीड एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की जाएगी। इसकी जानकारी महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य निरंजन डावखरे द्वारा साझा की गई है।महाराष्ट्र के विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने 3 फरवरी को केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे से मुलाकात की। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री ने समूह को बताया कि मुंबई और गोवा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी।
दानवे ने कहा कि यह एक्सप्रेस ट्रेन मुंबई-शिरडी और मुंबई-सोलापुर मार्गों पर हाल ही में शुरू की गई ट्रेनों की तर्ज पर मुंबई और गोवा के बीच संचालित की जाएगी।केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि मुंबई-गोवा रेल मार्ग का विद्युतीकरण पूरा हो गया है और निरीक्षण के बाद नई ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान मंत्री के साथ ठाणे और कोंकण क्षेत्र में रेलवे से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की।
इस बीच रेलवे परियोजना से प्रभावित व्यक्तियों या उनके रिश्तेदारों को स्टालों का आवंटन, किसानों के लिए प्रत्येक रेलवे स्टेशन पर मोबाइल स्टॉल, उनके और ट्रेनों के बीच के अंतर को कम करने के लिए प्लेटफार्मों की ऊंचाई बढ़ाना, रेलवे पुल के कारण बाढ़ को रोकने के उपाय करना जैसे मुद्दे पर भी चर्चा हुआ।
प्रतिनिधिमंडल ने दानवे के साथ सावंतवाड़ी-दिवा ट्रेन सेवा को दादर तक विस्तारित करने, झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) योजना के तहत रेलवे पटरियों के किनारे रहने वालों के पुनर्वास और अन्य मुद्दों पर चर्चा की। विधायकों ने यह भी मांग की कि ठाणे के मुंब्रा स्टेशन का नाम बदलकर मुंब्रा देवी स्टेशन किया जाए। दानवे ने उन्हें आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा इस आशय का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र : पूर्वी एक्सप्रेस हाइवे पर एक कार और दो रिक्शा में जबरदस्त टक्कर,1 की मौत....
2 Mar, 2023 03:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के पूर्वी एक्सप्रेस हाइवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में तेज रफ्तार एक कार और दो रिक्शा की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई है तो वहीं एक घायल हो गया है। हादसे में रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई है तो वहीं कार का ड्राइवर तुरंत ही मौके से फरार हो गया था। ठाणे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।
महाराष्ट्र : पांच सालों के दौरान मुंबई में दोगुने से ज्यादा हुए टीबी के मरीज....
1 Mar, 2023 04:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश की आर्थिक प्रगति में बड़ी हिस्सेदारी रखने वाले मुंबई शहर का देश के कुल टीबी मामलों में भी बड़ा हिस्सा है। टीबी के मामले हालांकि पूरे शहर से दर्ज किए जाते हैं लेकिन घाटकोपर, दादर, मलाड और गोवंडी जैसे क्षेत्रों में टीबी का प्रसार कमोबेश अधिक है। इनमें से घाटकोपर सबसे ऊपर है और अधिकांश टीबी मामले यहीं से सामने आते हैं।
टीबी को समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित
भारत सरकार ने 2025 तक टीबी को समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बीएमसी स्वास्थ्य विभाग भी सतत जांच और उपचार पर बल दे रहा है लेकिन इसके बावजूद शहर में इस रोग के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पिछले 5 वर्षों में लगातार टीबी के मामले सामने आ रहे हैं। सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मिली जानकारी के अनुसार मुंबई में घाटकोपर, मलाड, दादर, और गोवंडी ऐसे क्षेत्र हैं जहां वर्ष दर वर्ष कई हस्तक्षेपों के बाद भी बड़ी संख्या में मामले सामने आ रहे हैं।
पिछले वर्ष के मुकाबले 4 से 14 फीसदी तक बढ़ोतरी
पिछले पांच साल में घाटकोपर में टीबी के रोगियों की संख्या में 147 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। 2017 में टीबी के 1406 मामलों के मुकाबले 2020 में यहां 3416 नए मामले पाए गए। दादर में इस रोग में 127 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। यहां 2017 में 1823 नए मामले सामने थे जबकि पिछले वर्ष 4147 मामले पाए आए। मलाड वार्ड में नए मामलों में 83 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। यहां रोगियों की संख्या 2210 से बढ़कर 2022 में 4055 हो गई। इस बीच गोवंडी में नए मामलों में 38 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यहां 2017 में 2253 रोगियों की संख्या 2022 में बढ़कर 3115 हो गई। अगर पिछले एक वर्ष की बात की जाए तो 2021 के मुकाबले 2022 में एक वर्ष के दौरान टीबी के मामलों में अलग-अलग क्षेत्रों में 4 से 14 फीसदी की वृद्धि हुई है।
भीड़भाड़ और स्वच्छता नहीं होने से बढ़ा टीबी का प्रसार
बीएमसी के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इनमें से 4 वार्डों में बेहद घनी झुग्गियां हैं और खुला स्थान नहीं है। इससे लोग बैक्टीरिया के संक्रमण का शिकार बन रहे हैं। बीएमसी टीबी की जांच पर अधिक ध्यान दे रही है, इसलिए स्वाभाविक रूप से हमें और मामले मिलेंगे और मामलों की संख्या बढ़ सकती है। नगरपालिका संचालित राजावाड़ी अस्पताल में अधीक्षक और बीएमसी परिधीय अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विद्या ठाकुर ने बताया कि अधिक जनसंख्या और लोगों द्वारा एहतियात नहीं बरतने और स्वच्छता के अभाव के कारण यह बीमारी फैल रही है। नए मामलों में बढ़ोतरी के बीच टीबी से जंग के मोर्चे पर आशाजनक खबर भी है। पिछले वर्ष की तुलना में टीबी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या घटी है।
महाराष्ट्र विधानसभा में प्याज की माला लेकर पहुंचे NCP विधायक.....
28 Feb, 2023 04:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक मंगलवार को सिर पर प्याज रखकर और प्याज की माला पहनकर महाराष्ट्र विधानसभा पहुंचे और कीमतों में गिरावट के बीच प्याज की उचित कीमत की मांग की।गले में प्याज की माला और सर पर प्याज की टोकरी लेकर एनसीपी विधायकों ने सरकार का विरोध करते हुए उचित मूल्य की मांग कर रहे हैं। नेता एक दूसरे को प्याज की माला पहनाते हुए देखा जा रहा है।
इससे पहले सोमवार को प्याज के कम थोक मूल्य के कारण किसानों ने नासिक के लासलगांव कृषि उपज बाजार समिति (एपीएमसी) में नीलामी रोक दी थी।
प्याज के दाम को लेकर शुरू हुई राजनीति
फ़िलहाल प्याज के दाम को लेकर अब राजनीति शुरू हो गई है। महाराष्ट्र सरकार और केंद्र सरकार को लेकर विपक्षी दल हमलावर हो गए हैं। इसी क्रम में NCP विधायक (NCP MLA) सिर पर प्याज लेकर महाराष्ट्र विधानसभा पहुंचे हैं। वे प्याज के उचित मूल्य की मांग कर रहे हैं।
प्याज की फसल की भारी पैदावार के कारण अन्य राज्यों में भी इसकी कीमतों में गिरावट आ रही है।
बता दें कि प्याज की लगातार गिरती कीमतों से निराश किसानों ने मंडी में प्याज की बिक्री रोक दी है। महाराष्ट्र के लासलगांव कृषि उत्पादन बाजार समिति में नाराज किसानों ने प्याज की नीलामी रोकने का फैसला किया है। बता दें कि एशिया के सबसे बड़े प्याज बाजार लासलगांव एपीएमसी में प्याज की कीमतें हाल के दिनों में दो से चार रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गईं हैं। इससे प्याज उत्पादकों में नाराजगी बढ़ी है। महाराष्ट्र के लासलगांव कृषि उत्पादन बाजार समिति में नाराज किसानों ने प्याज की नीलामी रोकने का फैसला किया है।
सरकार को किसानों की मदद के लिए बढ़ाना चाहिए हाथ
वहीं एक किसान, जो साइट पर विरोध कर रहा था उसने कहा कि उन्हें प्याज उगाने के लिए 50,000 रुपये प्रति एकड़ की लागत आती है, जबकि वे नीलामी में बेची गई उपज के लिए केवल 10,000 रुपये से 20,000 रुपये कमाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह बात सामने आ गई है कि किसान अब आत्महत्या पर विचार कर रहे हैं क्योंकि यही उन्हें अब बेहतर विकल्प लग रहा है। किसान ने कहा कि मोदी सरकार को किसानों की मदद के लिए हाथ बढ़ाना चाहिए।
मालूम हो कि महाराष्ट्र में प्याज मुख्य फसल है और यह देश के कुल मुख्य सब्जी उत्पादन का 35 से 40 प्रतिशत हिस्सा है।
महाराष्ट्र : 15 मार्च तक तैयार हो जाएगा CST फुट ओवर ब्रिज....
28 Feb, 2023 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के बाहर हिमालय फुट ओवरब्रिज (FoB) 15 मार्च तक तैयार हो जाएगा। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, पुल के लिए तैयार की जा रही सीढ़ी का काम अंतिम चरण में है, जो कि जल्द पूरा हो जाएगा। वहीं, एस्केलेटर के काम में तीन से चार महीने लग सकते है।
तीन साल से अधिक समय तक रुका रहा पुल का काम
इससे पहले, नागरिक निकाय ने ये विचार किया था कि सीएसएमटी के बाहर दो उद्घाटन (फुटपाथ अंत पर) में से एक पर पुल के लिए एस्केलेटर लगाया जाएगा लेकिन जगह की कमी होने के कारण इस आइडिया को नाकार दिया गया।
बाद में बीएमसी ने जून 2021 में बिना एस्केलेटर के एक टेंडर जारी किया। ये काम 5.75 करोड़ रुपये की लागत से 15 महीने के भीतर पूरा किया जाना था लेकिन कई कारणों से पुल का काम तीन साल से अधिक समय तक रुका रहा।
चार महीने बाद लगेगा एस्केलेटर
वर्ष 2022 में, बीएमसी ने फिर से एक अन्य उद्घाटन (आंतरिक सड़क पर) पर एक एस्केलेटर स्थापित करने का निर्णय लिया और इसे वर्तमान टेंडर में जोड़ा गया।
पुल विभाग के एक अधिकारी ने इस संबंध में कहा कि वर्क ऑर्डर कुछ महीने पहले जारी किया गया था, लेकिन इसे कारखाने में तैयार करने में कुछ महीने लगेंगे। एक बार यह पूरा हो जाने के बाद, इसे पुल पर स्थापित करने में अधिक समय नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि पुल के पूरा होने की समय सीमा 15 मार्च है और एस्केलेटर चार महीने बाद लगाया जाएगा।
14 मार्च, 2019 को हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि हिमालय फुट ओवरब्रिज 14 मार्च, 2019 को ढह गया था, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, सात गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस घटना के बाद, बीएमसी को यह तय करने में सात महीने लग गए कि सीएसएमटी के उत्तरी छोर पर एक पुल की जरूरत लोगों को है या नहीं। एक सर्वेक्षण रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि लगभग 50,000 से अधिक यात्रियों ने इस पुल का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद नागरिक निकाय ने पुल के पुनर्निर्माण का फैसला किया।
महाराष्ट्र : बेटे को बचाने पुलिस थाने पहुंचे पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत.....
25 Feb, 2023 05:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में एक 63 वर्षीय बुजुर्ग की पुलिस थाने में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में स्थानीय अदालत ने जांच के आदेश दिए हैं। घटना शुक्रवार की है, जिसमें कोलसेवाडी थाने में बुजुर्ग दीपक भिंगार्डिव थाने में मृत पाए गए।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को पुलिस ने एक मामले में 24 वर्षीय युवक को उठाया था। जब पुलिस उसे लेकर थाने जा रही थी, तो पीछे से उसके पिता दीपक भिंगार्डिव भी थाने पहुंच गए। वह यह जानना चाहते थे कि पुलिस ने किस मामले में उनके बेटे को हिरासत में लिया है। पुलिस उपायुक्त सचिन गुंजाल ने बताया, जब युवक के पिता पुलिस से बहस कर रहे थे, उसी दौरान उनको दौरा पड़ा और वह वहीं गिर गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
पुलिस अधिकारी सचिन गुंजाल ने बताया, यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। हालांकि, इस मामले में खुद थाना पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए सीआईडी को सूचित किया। इस मामले में कोलसेवाडी पुलिस थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।
पोस्टमार्टम की होगी वीडियोग्राफी
मामले की सुनवाई करते हुए स्थानीय अदालत ने घटना की जांच के लिए पंचनामा और मृतक का पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया है। साथ ही थाने ने पोस्टमार्ट की वीडियोग्राफी के भी निर्देश जारी किया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि वह इस पूरे मामले की सीसीटीवी फुटेज जांच एजेंसी को सौंपेंगे।
महाराष्ट्र: घर के बाहर खेल रही एक साल की मासूम का किया अपहरण, आरोपी गिरफ्तार....
23 Feb, 2023 03:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई के नालासोपारा इलाके के पडखलपाड़ा से एक व्यक्ति ने घर के बाहर खेल रही एक साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया था। लेकिन पालघर जिले की अछोले पुलिस ने गुरुवार को सुरक्षा गार्ड को बिहार में उसके गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुंबई, एएनआई। मुंबई के नालासोपारा इलाके के पडखलपाड़ा से एक व्यक्ति ने घर के बाहर खेल रही एक साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया था। लेकिन पालघर जिले की अछोले पुलिस ने गुरुवार को सुरक्षा गार्ड को बिहार में उसके गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि लड़की को सही सलामत बचा लिया गया और परिवार को सौंप दिया गया।
घर के बाह खेल रही थी बच्ची, तब ही किया अपहरण
पुलिस ने बताया कि यह पूरी घटना 15 फरवरी को नालासोपारा क्षेत्र के पडखलपाड़ा के अचोले डोंगरी में हुई थी। जब वह बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान आरोपी सुमेंद्रकुमार सुकलदास मंडल ने उसका अपहरण कर लिया थ। परिजनों के लाख ढूंढने पर भी बच्ची नहीं मिली। जिसके बाद उन्होंने पुलिस में मामले में शिकायत दर्ज कराई थी।
बच्ची के माता-पिता को पहले से जानता था आरोपी
पुलिस ने आईपीसी की धारा 363 के तहत मामला मामले में दर्ज किया। जिसके बाद उन्होंने कई सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की, जिसमें सुरक्षा गार्ड लड़की को ले जाते हुए दिखा। एक अधिकारी ने बताया कि हमने मामले में लीड के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी के फुटेज स्कैन किए थे। आरोपी नालासोपारा (पूर्व) में एक हाउसिंग सोसाइटी में सात से आठ साल तक काम करता था और बच्चे के माता-पिता को जानता था। पुलिस ने बताया कि हमने आरोपी और पीड़िता की तस्वीरों की प्रतियां बनाईं और उन्हें सभी पुलिस थानों को भेज दिया था।
100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए
घटना की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, पुलिस कमिश्नर (मधुकर पांडे) ने एमबीवीवी पुलिस को जल्द से जल्द लड़की की सुरक्षित वापसी का सख्त आदेश दिया। अतिरिक्त कमिश्नर के मार्गदर्शन में कई जांच टीमों ने मिलकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की अपराध शाखा की मदद से इस मामले के संबंध में 100 से अधिक स्थानों से सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई थी।
भागलपुर जिले के तिलक माजी से गिरफ्तार किया गया आरोपी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में यह पता चला कि आरोपी बच्ची को अगवा कर उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जा रहा था। वह हर बार ट्रेन बदल रहा था जिससे पुलिस उसे न पकड़ सके। हालांकि लोकेशन ट्रेस कर यह पता चला की आरोपी बिहार के भागलपुर जिले के तिलक माजी के पास गया था। अंततः पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस ने यह भी बताया है कि अपहरण के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है और आगे की जांच चल रही है।
महाराष्ट्र: नागपुर में किन्नर अब नहीं कर सकेंगे जबरदस्ती वसूली, पुलिस ने लागू की धारा 144....
23 Feb, 2023 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस ने किन्नर समुदाय के लिए कड़ा रूख अख्तियार किया है। पुलिस ने अपने क्षेत्र में प्रेस नोट जारी कर किन्नरों के अवैध जमावड़े को रोकने के लिए नागपुर में धारा 144 लागू करने का निर्देश दिया है।अधिकारियों ने कहा कि महाराष्ट्र के नागपुर शहर में सार्वजनिक स्थानों पर किन्नरों के अवैध जमावड़े पर दो महीने के लिए रोक लगाने के लिए पुलिस ने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लगा दी है।
किन्नरों द्वारा जबरन वसूली को रोकने के लिए उठाया सख्त कदम
नागपुर पुलिस की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस को ऐसी बहुत सी शिकायतें मिली हैं कि किन्नर सार्वजनिक स्थानों, ट्रैफिक सिग्नल, लोगों के घरों, शादी समारोह और अन्य कार्यक्रमों में बिना बुलाए जाते हैं, अश्लील हरकतें करते हैं और नागरिकों को उनसे पैसे ऐंठने की धमकी देते हैं। तो वहीं पैसे न देने पर शर्मनाक हरकतों पर उतर आते हैं। इसलिए यह पूर्ण रूप से गैरकानूनी है। इसलिए नागपुर में किन्नरों के द्वारी की गई इस घटना को रोकने के लिए लिए धारा 144 लागू रहेगी।
दो महीने तक किन्नरों के खिलाफ लागू रहेगी धारा 144
पुलिस आयुक्त (सीपी) अमितेश कुमार ने प्रेस नोट में कहा कि किन्नरों के द्वारा कुछ नागरिकों को दुर्व्यवहार का भी सामना करना पड़ा और उनकी मांगों को पूरा करने की सबसे खराब स्थिति में पीड़ितों पर शारीरिक हमले भी हुए हैं। इसलिए, सीपी कुमार ने 17 फरवरी से 17 अप्रैल, 2023 तक नागपुर में उनकी गैरकानूनी घटनाओं को रोकने के लिए सीआरपीसी की धारा 144 लागू की है।
आदेश का उल्लघंन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
नागपुर पुलिस ने यह भी बताया कि यदि पुलिस के आदेश का उल्लघंन किया जाता है या अब भी इन घटनाओं को अंजाम दिया जाता है तो ऐसे मामले में भारतीय दंड संहिता, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और अन्य कानूनी प्रावधानों की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। नागपुर के पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर की पुलिस ने हाल ही में जबरन वसूली के आरोप में किन्नरों के समूहों के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज किए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के शिवसृष्टि पार्क का किया उद्घाटन....
19 Feb, 2023 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महाराष्ट्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। जहां आज उन्होनें छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर शिवसृष्टि थीम पार्क के पहले चरण का उद्धघाटन किया है। उन्होंने पार्क के पहले चरण का प्रमुख हिस्सा 'सरकारवाड़ा' का उद्घाटन किया है। शिवसृष्टि थीम पार्क शिवाजी महाराज की वीरगाथा पर आधारित है। यहां पर पर्यटक 3 डी तकनीक के माध्यम से शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और वीरगाथा को जान सकेंगे।
अमित शाह ने शिवाजी महाराज के योगदान के लिए किया सलाम
शिवसृष्टि थीम पार्क का उद्घाटन करते हुए अमित शाह बोले की शिवसृष्टि थीम पार्क के लोकार्पण के लिए इससे अच्छा दिन कोई हो ही नहीं सकता है।अमित शाह ने कहा कि मैं छत्रपति शिवाजी महाराज को देश, धर्म और स्वराज में उनके योगदान के लिए सलाम करता हूं। शिवसृष्टि थीम पार्क के उद्घाटन समारोह में उनके साथ महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे थे।
शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे ने दिया था शिवसृष्टि' का विचार
विभिन्न कला रूपों में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन के दृश्यों को प्रदर्शित करने से लेकर आगरा से उनके चमत्कारी पलायन सहित 3डी तकनीक का उपयोग करते हुए, मराठा साम्राज्य के अभिन्न अंग किलों की महिमा को उजागर करने और 'शिवृष्टि' योद्धा राजा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को पेश करने के लिए पार्क के पहले चरण का उद्घाटन हो चुका है। शिवाजी महाराज को समर्पित और पद्म भूषण से सम्मानित 'शिवृष्टि पार्क स्वर्गीय शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे के दिमाग की उपज थी।
21 एकड़ भूमि में फैला हुआ है 'शिवसृष्टि' पार्क
पुणे शहर के अंबेगांव में शिवसृष्टि' पार्क को निर्मित किया गया है। जिसमे पहले चरण का काम पूरा हो गया है। शिवसृष्टि पार्क 438 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इस अनूठी परियोजना का उद्देश्य पर्यटकों को एक शानदार अनुभव देना है। शिवसृष्टि पार्क की परियोजना चार चरणों में पूरी की जाएगी और यह 21 एकड़ भूमि में फैली होगी। यह 17वीं शताब्दी की वास्तुकला को दर्शाती परियोजना की मुख्य संरचना है।
महाराष्ट्र: NCP की सांसद सुप्रिया सुले ने की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तारीफ....
15 Feb, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : NCP सांसद सुप्रिया सुले ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट में नितिन गडकरी ऐसे अकेले सदस्य हैं, जो काम करते हैं। महाराष्ट्र के परभनी में एनसीपी की एक अहम बैठक में बोलते हुए उन्होंने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि बाकियों की तरह अपने दायित्व को निभाते वक्त वह पार्टी को नहीं देखते। वह पूरी ईमानदारी के साथ अपना काम करते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में काम करने वाले एकमात्र मंत्री नितिन गडकरी हैं और मैं इसे ऑन रिकॉर्ड स्वीकार करती हूं।
बारामती से सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता (खासकर महाराष्ट्र के नेता) इतना झूठ बोलते हैं कि उन्हें पुरस्कार दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कौन-सी धार्मिक किताब उन्हें यह सिखाती है, मुझे नहीं पता। उन्हें इसका जवाब किसी दिन देना होगा।