महाराष्ट्र (ऑर्काइव)
मुंबई में 10.50 लाख रुपये मूल्य का मेफेड्रोन जब्त
19 Aug, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नवी मुंबई में पुलिस ने 39 वर्षीय एक व्यक्ति के पास से 10.50 लाख रुपये मूल्य का मेफेड्रोन या एमडी ड्रग जब्त किया है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई के एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने एक गुप्त सूचना के आधार पर तलोजा में जाल बिछाया था, जिसके बाद गुरुवार को गिरफ्तारी की गई।
खारघर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा, "हबीब अजीज चौधरी नाम के आरोपी के पास से 105 ग्राम वजनी मेफेड्रोन जब्त किया गया।" उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।
महाराष्ट्र : सितंबर तक बदल जाएगा सीएम
19 Aug, 2023 03:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र में जो हो रहा है, वह सही नहीं है। उन्होंने दावा कि यह सरकार ज्यादा समय तक नहीं चलेगी।नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि महाराष्ट्र में मुख्य कुर्सी (सीएम) को खतरा है।
मैं कह सकता हूं कि सितंबर तक राज्य का सीएम बदल जाएगा।भाजपा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाला एनसीपी गुट महाराष्ट्र सरकार में सत्तारूढ़ भागीदार हैं। अजित पवार पिछले महीने शरद पवार द्वारा स्थापित एनसीपी से अलग हो गए और सरकार में शामिल हो गए।
पिछले महीने सत्तारूढ़ दल के साथ हाथ मिलाने के बाद अजित पवार दूसरे डिप्टी सीएम बने, जबकि उनकी पार्टी के आठ सहयोगियों ने मंत्री पद की शपथ ली। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस भी डिप्टी सीएम हैं।जून 2022 में, शिंदे द्वारा विद्रोह करने और शिवसेना को विभाजित करने के बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी सरकार गिर गई। इसके बाद शिंदे ने शीर्ष पद पर कब्जा करने के लिए भाजपा के साथ गठबंधन कर लिया।
महाराष्ट्र : पहले चाकू मारकर कर दी लड़की की हत्या, फिर की आत्महत्या कोशिश....
17 Aug, 2023 02:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार को एक लड़की की चाकू मारकर हत्या करने वाले 20 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी पर खुद की जान लेने की कोशिश करने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने जानकारी दी कि कल्याण के तीसगांव इलाके में रहने वाली जब 12 वर्षीय लड़की ने आरोपी आदित्य कांबले के साथ रिलेशनशिप में आने से मना कर दिया तो लड़के ने लड़की पर उसकी मां की उपस्थिति में बार-बार चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। चाकू के वार से घायल लड़की ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि लड़की पर हमला करने के बाद कांबले ने खुद की जान लेने के लिए कीटाणुनाशक फिनाइल पी लिया। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। कोलसेवाडी पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस अधिकारी ने कहा कि कांबले पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 309 (आत्महत्या का प्रयास) के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। शुरुआत में उनके खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पीड़िता के पड़ोसियों के मुताबिक, बुधवार शाम को कांबले उस इमारत में इंतजार कर रहे थे जहां लड़की ट्यूशन क्लास से लौटने का इंतजार कर रही थी। पुलिस ने कहा, जब लड़की और उसकी मां इमारत में पहुंचे, तो कांबले ने उसकी मां को धक्का दिया और नाबालिग पर चाकू से बार-बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 3.4 तीव्रता का आया भूकंप....
16 Aug, 2023 04:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में बुधवार को रिक्टर पैमाने पर 3.4 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी जानकारी दी।
एनसीएस ने कहा कि झटके भारतीय मानक समय (आईएसटी) पर 06:45:05 बजे महसूस किए गए। यह भूकंप 5 किलोमीटर की गहराई पर आया था।
मुंबई के फेमस रेस्टोरेंट में चिकन करी में निकला चूहा, मैनेजर समेत दो गिरफ्तार....
16 Aug, 2023 04:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई के एक रेस्टोरेंट में खाने में मरा हुआ चूहा मिलने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने शिकायत करते हुए बताया कि वे मुंबई के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए गया था, लेकिन इस दौरान उसके खाने में मरा हुआ चूहा मिला।
इस मामले में व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने रेस्टोरेंट के मैनेजर और दो रसोइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
बांद्रा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि ग्राहक एक बैंक में कार्यरत है। रविवार रात खरीदारी के बाद वे उपनगरीय बांद्रा में स्थित रेस्टोरेंट में गया था। पुलिस के अनुसार, उसने रेस्टोरेंट में चिकन डिश ऑर्डर किया था, जिसमें एक मरा हुआ चूहा मिला।
अधिकारी ने बताया कि ग्राहक को शुरुआत में चिकन करी में मरा हुआ चूहा नजर नहीं आया और उसने इसे चिकन का टुकड़ा समझकर खा लिया। अधिकारी ने बताया कि बाद में उन्हें चिकन डिश पर संदेह हुआ और उन्हें पता चला कि यह चूहे का बच्चा है।
इसके बाद ग्राहक ने इस मामले की शिकायत रेस्टोरेंट स्टाफ से की तो उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए माफी भी मांगी। हालांकि, चिकन करी में चूहा मिलने के बाद ग्राहक बीमार महसूस करने लगा और वह डॉक्टर के पास गया।
अधिकारी ने कहा कि उनकी शिकायत के आधार पर रेस्टोरेंट के मैनेजर और दो रसोइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मैनेजर और रसोइयों के खिलाफ धारा-272 (बेचे जाने वाले भोजन में मिलावट) और धारा-336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत केस दर्ज किया है।
फिलहाल मैनेजर और रसोइयों को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया है। बता दें कि जिस रेस्टोरेंट में ग्राहक खाने के लिए गया था, यह रेस्टोरेंट अपने पंजाबी खाने के लिए जाना जाता है।
मुंबई में स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, नौ आरोपित गिरफ्तार....
15 Aug, 2023 03:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आजादी के जश्न से एक दिन पहले किसी शरारती तत्व ने मुंबई पुलिस को फोन कर नालासोपारा स्थित ब्लूमिंग बर्ड हाईस्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दे डाली। सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन तुलिंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्कूल परिसर को खाली कराया। सभी छात्रों के स्कूल बैग की जांच की गई।
फर्जी कॉल से मिली धमकी
पालघर और ठाणे के बम स्क्वायड ने भी मौके पर पहुंचकर बम की तलाश की लेकिन कुछ बरामद नहीं हुआ। जांच में सामने आया कि काल फर्जी था। मामले में नालासोपारा के अछोले पुलिस स्टेशन में एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
स्कूल परिसर को कराया गया खाली
अछोले मंडल के एसीपी ने बताया कि सोमवार दोपहर तकरीबन 3:30 बजे अछोले थाने के लैंडलाइन नंबर पर फोन आया। सूचना पर टीम मौके पर पहुंच गई और स्कूल परिसर को खाली कराया गया। हमने सभी बच्चों के स्कूल बैगों की जांच की लेकिन कुछ नहीं मिला। हमारे पास मीरा-भयंदर-वसई-विरार (एमबीवीवी) क्षेत्र में बम स्क्वैड नहीं है। इस कारण मदद के लिए हमने पालघर और ठाणे के बम स्क्वायड टीम को सूचित किया। दोनों टीमों ने भी मौके पर जांच की लेकिन जांच के बाद सामने आया कि काल फर्जी था।
स्वतंत्रता दिवस के नजदीक आने के साथ ही फर्जी कालों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। गत छह माह में पुलिस ने 25 मामले दर्ज कर नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस ने सोमवार को ही लातूर से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसने गत 12 अगस्त को हेल्पलाइन नंबर 1903 पर काल कर दावा किया था कि 15 अगस्त को दादर क्षेत्र में सीरियल ब्लास्ट होने की धमकी दी थी।
पुलिस ने गत रविवार को शहर को 100 किग्रा आरडीएक्स उड़ाने का धमकी भरा काल करने के आरोपित रुखसार मुख्तार अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित रुखसार अहमद ने गत पांच माह में विभिन्न शिकायतें करने के लिए कंट्रोल रूम में 79 बार काल किया था।
गत मंगलवार को मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र मंत्रालय पर एक-दो दिन में आतंकी हमला होने का धमकी भरा काल करने के आरोपित प्रकाश किशनचंद खेमानी को गिरफ्तार किया था। वहीं छह अगस्त को भी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में लोकल ट्रेनों में सीरियल ब्लास्ट किए जाने धमकी देने के आरोपित विले पार्ले निवासी अशोक मुखियार को गिरफ्तार किया था।
महाराष्ट्र : RSS मुख्यालय में फहराया गया तिरंगा....
15 Aug, 2023 03:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश में आज 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर देश के स्कूल, कॉलेज, सरकारी संस्थानों से लेकर राजनीतिक पार्टियों के दफ्तरों तक विभिन्न जगहों पर तिरंगा फहराया जा रहा है। महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय में तिरंगा झंडा फहराया गया।
आरएसएस नागपुर महानगर संघचालक राजेश लोया और वरिष्ठ प्रचारक रामभाऊ बोंडाले ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक और प्रचारक उपस्थित थे।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत बेंगलुरु में हैं, जहां उन्होंने सुबह एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
आरएसएस ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रेशिमबाग इलाके में डॉ हेडगेवार स्मारक समिति में एक कार्यक्रम का आयोजन किया है। शाम 5 बजे स्वयंसेवक शहर के विभिन्न हिस्सों में पथ संचलन भी करेंगे।
जुहू समुद्री तट पर घूम रह लोगों पर जेलीफिश ने किया हमला....
14 Aug, 2023 04:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई के जुहू समुद्र तट पर जेलीफिश द्वारा काटे जाने के बाद तीन बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए हैं। एक नागरिक अधिकारी ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी है।
बृहन्मुंबई नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि आधी रात के बाद करीब 12.20 बजे समुद्र तट पर पानी के करीब चलने के दौरान यह लोग उस जेलीफिश की चपेट में आ गए।
इलाज के बाद सभी की छुट्टी
अधिकारी ने कहा, "चार से छह साल की उम्र के तीन बच्चे और 20 साल की दो महिलाएं और एक पुरुष घायल हो गए हैं। अधिकारी ने कहा, "उन्हें पास के कूपर अस्पताल ले जाया गया और इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।"
हालांकि, लाइफगार्ड ने समुद्री तट पर आने वाले सभी लोगों को कहा है कि वह यहां अंधेरे में घूमते समय थोड़ा अलर्ट रहे। साथ ही, पानी में उतरने से भी परहेज करने को कहा है।
इससे पहले साल 2018 में भी गणेश चतुर्थी उत्सव के दौरान मूर्तियों के विसर्जन के लिए समुद्र में उतरे गिरगांव चौपाटी पर कई लोगों को जेलीफिश ने डंक मार दिया था।
महाराष्ट्र : सड़क हादसा; ट्रक की टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों की हुई मौत; दो घायल....
14 Aug, 2023 03:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए हैं।
पुलिस ने सोमवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ये दुर्घटनाएं रविवार शाम को चंद्रपुर जिले के राजुरा तहसील में हुई। राजुरा पुलिस थाने के अधिकारी विशाल नगरगोजे ने बताया कि सस्ती से राजुरा की ओर जा रहे ट्रक ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिस पर दो लोग यात्रा कर रहे थे। दोनों को चोटें आईं हैं।
सड़क हादसे में तीन लोगों की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक, थोड़ी दूर जा कर ट्रक ने एक पेट्रोल पंप के समीप एक अन्य मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। अधिकारी ने बताया दोपहिया वाहन से घर लौट रहे राजुरा तहसील के गुरुदेव नगर निवासी निलेश वैद्य, पत्नी रुपाली और उनकी तीन साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने ट्रक चालक को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शरद पवार ने बताया शिंदे गुट और अजित पवार को हटाने का फॉर्मूला.....
31 Jul, 2023 05:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एकबार फिर हलचल मची है। ये हलचल एनसीपी प्रमुख शरद पवार के एक बयान के बाद हुई है। दरअसल, शरद पवार ने कहा है कि अगर उनकी पार्टी, कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) निर्णय लें, तो वे महाराष्ट्र में बदलाव ला सकते हैं। राकांपा, कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) राज्य में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के घटक हैं।
शिंदे सरकार से नहीं जुड़ेगी पार्टी
पवार ने यह भी दावा किया कि वो वर्तमान की शिंदे सरकार के साथ कभी नहीं जुड़ने वाले हैं। वह रविवार को एक पुस्तक विमोचन समारोह में बोल रहे थे, जहां उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट के साथ मंच साझा किया।
MVA ने ठान लिया, तो होगा बदलाव
पवार ने याद किया कि कैसे पिछली सरकारों ने प्राचीन कला और संस्कृति, साहित्य और इतिहास के संरक्षण में मदद की थी।
उन्होंने कहा, "हमारे लिए वर्तमान राज्य सरकार के साथ जुड़ना मुश्किल है, लेकिन कोई न कोई समाधान निकलेगा। अगर हम तीन (एमवीए घटक) ठान लेते हैं, तो बदलाव हो सकता है।"
2 जुलाई के बाद पहली बार आए एकसाथ
2 जुलाई को अजित पवार के विद्रोह के कारण एनसीपी के विभाजन के बाद यह पहली बार था कि एमवीए के तीनों सहयोगियों के नेताओं ने मंच साझा किया।
2 जुलाई को अजित पवार और आठ अन्य एनसीपी विधायक एकनाथ शिंदे-भाजपा सरकार में शामिल हो गए। पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान, शरद पवार ने यह भी कहा कि यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान राजवाड़े इतिहास संशोधक मंडल को 50 लाख रुपये देगा। पवार इस प्रतिष्ठान के प्रमुख हैं।
CM एकनाथ शिंदे के काफिले में कार लेकर घुसने वाला आरोपी गिरफ्तार....
30 Jul, 2023 05:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के काफिले में कार घुसाने के आरोप में बांद्रा पुलिस ने कार ड्राइवर गंगू रजाक को गिरफ्तार किया। 27 जुलाई को मुख्यमंत्री के काफिले में आरोपी ने अपना कार घुसा दिया था। गंगू रजाक के खिलाफ आईपीसी की धारा 188, 279 और 336 के तहत मामला दर्ज किया है। मुंबई पुलिस ने आगे जानकारी दी कि कार ड्राइवर को कोर्ट से जमानत मिल गई है।
नासिक में विरोध मार्च के दौरान 10 पुलिसकर्मियों हुए घायल....
30 Jul, 2023 05:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले के सताना शहर में मणिपुर में दो महिलाओं पर यौन उत्पीड़न के खिलाफ हो रहा विरोध मार्च हिंसक हो गया। इस दौरान हुए पथराव भी किया गया, जिससे 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
कई लोगों को हिरासत में लिया गया
पुलिस अधीक्षक (एसपी) शाहजी उमाप ने कहा कि शनिवार शाम को हुई घटना के संबंध में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाया गया है।
किसने किया मार्च का आयोजन
मार्च का आयोजन एकलव्य आदिवासी संगठन, कुछ अन्य आदिवासी संगठनों और वंचित बहुजन अगाड़ी द्वारा मणिपुर में महिलाओं का यौन उत्पीड़न और उन्हें निर्वस्त्र घुमाने के विरोध में किया गया था। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा, "डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर प्रतिमा से शुरू हुआ मार्च जब तहसील कार्यालय के पास पहुंचा तो कुछ प्रतिभागियों ने सताना पुलिस स्टेशन के सामने धरना शुरू कर दिया और मांग की कि स्थानीय भाजपा विधायक दिलीप बोरसे उनका ज्ञापन स्वीकार करें। इस पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि विधायक उनका ज्ञापन स्वीकार नहीं कर सकते क्योंकि वह मुंबई में विधानसभा सत्र में भाग ले रहे हैं।"
पुलिस को प्रदर्शनकरियों पर करना पड़ा लाठीचार्ज
अधिकारी ने बताया कि तीखी बहस हुई और कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और वहां से गुजर रहे वाहनों पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस को 'हल्का लाठीचार्ज' करना पड़ा। घटना के बाद शहर में तनाव फैल गया और दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
कितने लोगों को हिरासत में लिया गया
एसपी उमाम ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि घटना में दस पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमने पथराव करने वाले 21 लोगों को हिरासत में ले लिया है। यह घटना विरोध मार्च के बाद हुई। तुरंत अतिरिक्त बल बुलाया गया। स्थिति अब शांतिपूर्ण है।
मुंबई पुलिस की गिरफ्त में छोटा शकील गैंग का शूटर लईक शेख.....
29 Jul, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। अंडरवर्ल्ड की दुनिया का एक बड़ा नाम छोटा गैंग के शूटर फिदा हुसैन शेख को गिरफ्तार किया गया। मुंबई पुलिस ने जानकारी दी कि 50 वर्षीय शेख को शनिवार को ठाणे रेलवे स्टेशन के नजदीक से पायधोनी पुलिस ने गिरफ्तार किया। छोटा राजन गिरोह के एक सदस्य की हत्या के मामले में शेख आरोपी है।
पुलिस ने बताया कि लईक शेख हत्या के मामले में 25 साल से भी ज्यादा वक्त से फरार था। जानकारी के मुताबिक, शेख दक्षिणी मुंबई के डोंगरी में रहता था। गुरुवार को पायधोनी पुलिस की टीम ने ठाणे रेलवे स्टेशन के नजदीक से उसे गिरफ्तार किया गया।
सीबीआइ की अदालत ने छोटा राजन को किया बरी
शुक्रवार को सीबीआइ की विशेष अदालत ने गैंगस्टर छोटा राजन को ट्रेड यूनियन लीडर डॉ. दत्ता सामंत की हत्या मामले से बरी कर दिया है। अदालत के अनुसार, अभियोजन पक्ष यह साबित करने में नाकाम रहा है कि इस हत्याकांड की साजिश छोटा राजन ने रची थी।
मुंबई के ट्रेड यूनियन लीडर डा. दत्ता सामंत की 16 जनवरी 1997 को उनके घर के सामने 17 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय वह अपनी टाटा सूमो में बैठकर घाटकोपर स्थित कार्यालय जा रहे थे। सामंत को निकट के अनिकेत नर्सिंग होम ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।
बुलढाणा में सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा....
29 Jul, 2023 05:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शनिवार सुबह दो निजी बसों की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं।
यह दुर्घटना मलकापुर शहर में एक फ्लाईओवर पर देर रात करीब 2.30 बजे हुई। हादसे का शिकार हुई बसों में से एक बस अमरनाथ यात्रा के बाद हिंगोली जा रही थी, जबकि दूसरी निजी बस नासिक की ओर जा रही थी।
दो बस आमने-सामने टकराई
नासिक की ओर जा रही बस ने एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की और दूसरी बस के सामने आ गई, जिससे टक्कर हो गई। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
बुलढाणा जिले में दूसरी बड़ी बस दुर्घटना
मरने वालों में अमरनाथ से लौट रही बस का ड्राइवर भी शामिल है। हाईवे पुलिस के मुताबिक बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। हाल ही में बुलढाणा जिले में यह दूसरी बड़ी बस दुर्घटना है।
हादसे पर जिला कलेक्टर ने दिया अपडेट
बुलढाणा हादसे को लेकर जिला कलेक्टर डॉ एच.पी. तुम्मोड ने कहा कि 'बुलढाणा में दो बसों की टक्कर में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक ने अस्पताल में आकर दम तोड़ दिया। इस हादसे में कुल 6 लोगों की मौत हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है।'
पुणे जा रही एक बस में लगी आग
इस महीने की शुरुआत में, महाराष्ट्र में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर यवतमाल से पुणे जा रही एक बस में आग लगने से 26 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस दुर्घटना में मरने वालों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने भी परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मुंबई में आज भी IMD का रेड अलर्ट....
28 Jul, 2023 05:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई में भारी बारिश का कहर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है, जिसमें शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। महाराष्ट्र के पालघर और ठाणे में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर शुक्रवार को सभी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
मुंबई के लिए 'रेड' अलर्ट जारी
आईएमडी ने शुक्रवार यानी आज सुबह 8:30 बजे तक मुंबई के लिए 'रेड' अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, मुंबई शहर और आसपास के इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मुंबई के सात झीलों में से एक मोदक सागर झील गुरुवार रात 10:52 बजे ओवरफ्लो होने लगी।
बता दें, तुलसी झील, वेहर झील और तानसा झील के बाद मुंबईवासियों के लिए यह चौथी ताजा पानी की आपूर्ति करने वाली झील है। अधिकारियों ने कहा कि जलग्रहण क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण, तानसा बांध ओवरफ्लो होने लगा और इसके 15 गेट खोल दिए गए, जहां से 1,65,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। पड़ोसी पालघर जिले में धामनी बांध से 8,400 क्यूसेक और कवाडास बांध से 21,100 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
बारिश के बीच स्कूल बंद
क्षेत्र में भारी बारिश की भविष्यवाणी के बीच ठाणे और पालघर प्रशासन ने शुक्रवार को स्कूलों, जूनियर कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। महाराष्ट्र में ठाणे जिले के कुछ हिस्सों में गुरुवार को भारी बारिश हुई, जिससे इलाके में जल-जमाव जैसी स्थिति बन गई।
कई परिवारों को आवासीय क्षेत्रों से सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया। वहीं, ठाणे जिले के कलवा कस्बे में तेज बारिश के बीच मछली पकड़ने के दौरान एक 32 वर्षीय व्यक्ति एक खाड़ी के पास उफनते नाले में बह गया। एजेंसी को अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण ठाणे जिले के भिवंडी और मीरा भयंदर के कई निचले इलाके, जबकि पालघर जिले के वसई और विरार जलमग्न हो गए।
रेलवे हुआ प्रभावित
मुंबई में भी गुरुवार को भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक जाम देखने को मिला। वहीं, पश्चिमी और मध्य रेलवे दोनों की उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में देरी हुई।
माटुंगा, डीएन नगर, बायकुला, ट्रॉम्बे, आजाद मैदान, कांदिवली, कालबादेवी, ओशिवारा, दहिसर, मगाथाने में जल-जमाव देखा गया, इनमें से अधिकांश क्षेत्रों में लगभग आधा फीट पानी भर गया था। बारिश के कारण पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं पूरे दिन 10-15 मिनट की देरी से चलीं है।