महाराष्ट्र (ऑर्काइव)
मुंबई के वर्ली इलाके में निर्माणाधीन इमारत की 42वीं मंजिल से गिरे पत्थर, दो लोगों की मौत...
15 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई के वर्ली इलाके में मंगलवार रात एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत से गिरे पत्थर की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना गांधी नगर इलाके में फोर सीजन्स होटल के पास 43 मंजिला फोर सीजन्स रेजिडेंसी के बाहर रात करीब पौने नौ बजे हुई। अधिकारी ने पुलिस के हवाले से बताया कि निर्माण कार्य के दौरान इमारत की 42वीं मंजिल से पत्थर गिरने से दो व्यक्ति घायल हो गये। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस के चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान साबिर अली (36) और इमरान अली (30) के रूप में हुई है।
मुंबई के कुर्ला इलाके की रिहायशी बिल्डिंग में लगीा भीषण आग, बुजुर्ग महिला की मौत...
15 Feb, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई की एक रिहायशी बिल्डिंग में आग लगने से एक बुजुर्ग महिला की मौत की खबर है। घटना मुंबई के कुर्ला इलाके की है, जहां की 13 मंजिला एक इमारत में बुधवार को आग लग गई। कुर्ला की कोहिनूर सिटी इलाके में स्थित इस बिल्डिंग में आग लगने से कई मंजिलों पर धुंआ भर गया, जिससे लोग बिल्डिंग में ही फंस गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने लोगों को छत पर ले जाकर इकट्ठा किया और वहां से उनका रेस्क्यू किया गया।
बिल्डिंग के चौथे फ्लोर से लेकर 10वें फ्लोर तक आग लगी थी। बिल्डिंग में आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है। एक महिला की आग की चपेट में आने से मौत हुई है। महिला की पहचान शकुंतला रमानी के रूप में हुई है। महिला को रेस्क्यू टीम ने नजदीक के राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिल्डिंग में आग सुबह करीब सात बजे लगी। आग की सूचना पाते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें चार फायर इंजन के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
सिद्धिविनायक मेट्रो स्टेशन में लगी आग..
14 Feb, 2023 01:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के मुंबई में स्थित सिद्धिविनायक मेट्रो स्टेशन में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। बताया गया है कि आग को बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। आग लगने की सूचना मिलने ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाडियां मौके पर पहुंच गई हैं। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे है।
बिना सेटटॉप बॉक्स के टीवी पर चल सकेंगे मुफ्त चैनल..
14 Feb, 2023 01:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई | देश में जल्द ही 200 से ज्यादा फ्री टू एयर (एफटीए) सैटेलाइट चैनल बिना सेटटॉप बॉक्स के टीवी पर चलाए जा सकेंगे। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि मंत्रालय टीवी के अंदर ही सैटेलाइट ट्यूनर लगाए जाने की व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर रहा है।ठाकुर ने बताया, देश में मुफ्त टीवी चैनलों का विस्तार किया जा रहा है। टीवी में इनबिल्ट ट्यूनर का प्रस्ताव विचाराधीन है। सरकार फैसला ले लेगी, तो करोड़ों लोग लाभान्वित होंगे। सभी नए टीवी में इनबिल्ट सैटेलाइट ट्यूनर आने लगेगा।
इसका सर्वाधिक लाभ दूरदराज के उन क्षेत्रों में होगा, जहां इंटरनेट व केबल टीवी की पहुंच नहीं है।केपीएमजी की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2015 में देशभर में फ्री डिश के दो करोड़ उपभोक्ता थे। जो मार्च 2021 में बढ़कर 4.3 करोड़ से ज्यादा हो गए। 25 फीसदी घरों में फ्री डिश का इस्तेमाल हो रहा है।पीएम ने कोरोना के दौरान रिकॉर्ड समय में 12वीं कक्षा तक के लिए शैक्षणिक चैनल (स्वयंप्रभा) शुरू कराया। इससे लाखों छात्र-छात्राओं को लाभ हो रहा है। आज ऐसे 55 चैनल हैं।
जल्द दौड़ेगी देश की पहली एसी इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस..
14 Feb, 2023 01:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई | मुंबईवासी जल्द ही देश की पहली वातानुकूलित डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस में सफर कर सकेंगे। नागरिक परिवहन सार्वजनिक निकाय बेस्ट के बेड़े में डबल डेकर बसें को शामिल किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।जनता के लिए सड़क पर उतरने से पहले वेट-लीज्ड ई-बस को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में पंजीकृत किया जाएगा। यह बस उपनगरों में उन मार्गों पर चलने की संभावना है जहां वर्तमान में डीजल पर चलने वाली पारंपरिक डबल डेकर बसें संचालित होती हैं। बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट) उपक्रम के महाप्रबंधक लोकेश चंद्रा ने कहा कि उन्हें अगले 8-10 दिनों में 4 से 5 और डबल डेकर वातानुकूलित ई-बसें और ऐसी कुल 20 बसें मिलने वाली हैं। उन्होंने कहा कि इस साल के अंत तक डबल डेकर ई-बसों की संख्या 200 तक पहुंच जाएगी।
उन्होंने कहा कि नई इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस जल्द ही यात्रियों को समर्पित की जाएगी। दक्षिण मुंबई और शहर के उपनगरों में डबल डेकर बस चलाई जाएगी। नई बसें डिजिटल टिकटिंग, सीसीटीवी कैमरे, लाइव ट्रैकिंग, डिजिटल डिस्प्ले और आपात स्थिति के लिए पैनिक बटन जैसी सुविधाओं से लैस होंगी। इन बसों का किराया वही होगा जो सिंगल डेकर एसी बसों के लिए लागू है।बेस्ट के अनुसार, डबल डेकर ई-बसों की यात्रियों को ले जाने की क्षमता उनके सिंगल डेकर समकक्षों की तुलना में लगभग दोगुनी है। नई बसों में बैठने की क्षमता 65 है और खड़े यात्रियों को मिलाकर ये 90 से 100 यात्रियों को ले जा सकती हैं। बेस्ट ने अक्टूबर 2022 से सार्वजनिक सेवा में डबल-डेकर ई-बस शुरू करने की घोषणा की थी।
सड़क पार कर रही महिलाओं को एसयूवी ने मारी टक्कर,5 की मौत,3 घायल..
14 Feb, 2023 01:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के पुणे में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ। यहां नासिक-पुणे हाईवे पर एक तेज रफ्तार एसयूवी ने सड़क पार कर रहे महिलाओं के समूह को कुचल दिया। इस घटना में पांच महिलाओं की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हुई हैं।पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार रात 10.45 बजे शिरोली गांव के करीब हुई। यहां 17 महिलाएं हाईवे पार करने की कोशिश कर रही थीं। ये सभी 50 किमी दूर पुणे शहर से आई थीं और हाईवे के दूसरी तरफ स्थित मैरिज हॉल में कैटरिंग के काम के लिए जा रही थीं।
जब ये महिलाएं सड़क पार कर रही थीं, ठीक उसी वक्त पुणे की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार एसयूवी उनसे टकरा गई। इस घटना के बाद एसयूवी ड्राइवर ने स्पीड बढ़ा ली और यू-टर्न लेकर वापस पुणे की ओर लौट गया।इस घटना में जहां दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं तीन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके अलावा तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। इस मामले में एसयूवी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
महाराष्ट्र : : पुणे के गूगल ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार...
13 Feb, 2023 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के पुणे में स्थित गूगल के दफ्तर में एक बम लगाने की अफवाह उड़ाने वाले आरोपी को पुलिस ने हैदराबाद से पकड़ लिया है। बताया गया है कि पुलिस ने रविवार को धमकी मिलने के बाद ही गूगल के मुंढवा इलाके में स्थित ऑफिस में छानबीन की थी। हालांकि, दफ्तर में बम की बात अफवाह साबित हुई।
पुलिस के मुताबिक, जब फोन करने वाले ने गूगल दफ्तर में बम रखने की बात कही तो वह कथित तौर पर नशे में धुत था। उसका नंबर ट्रेस करने पर लोकेशन हैदराबाद की मिली और महाराष्ट्र पुलिस ने उसे वहीं जाकर हिरासत में ले लिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
पति की मौत की वजह पूछी तो महिला को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया..
1 Feb, 2023 11:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के नासिक से बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक विधवा को पीटा सिर्फ इतना ही नहीं उसका चेहरा काला करके उसको जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटना 30 जनवरी को नासिक शहर से 65 किलोमीटर दूर चांदवाड़ तालुका के शिवरे गांव में हुई थी।एक अधिकारी ने कहा कि पीड़ित महिला हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थी, जिसके बाद उसके पति ने उसे उसके माता-पिता के घर छोड़ दिया।वह अपनी बेटियों के साथ दो बार उनसे मिलने भी आए थे।
वहीं इसके कुछ दिन बाद जब पीड़िता अपने माता-पिता के घर पर थी, तो उसके ससुराल वालों ने उसे बताया कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली है।अधिकारी ने कहा कि पति के अंतिम संस्कार के लिए वह अपने ससुराल आई। वहीं 30 जनवरी को मृत्यु के बाद की रस्म के दौरान, महिला ने अपने पति की मौत की परिस्थितियों पर संदेह व्यक्त किया, जिससे उसकी भाभी नाराज हो गईं। इसके बाद काफी हंगामा हुआ और गांव की ही कुछ अन्य महिलाओं ने पीड़िता के चेहरे पर कालिख पोत दी और उसे जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया।अधिकारी ने कहा कि पुलिस की एक टीम के मौके पर पहुंचने के बाद उसे बचा लिया। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और बस की हुई टक्कर, 4 लोगों की मौत...
31 Jan, 2023 04:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। पालघर जिले के दहानू इलाके में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर कार और बस की जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पालघर पुलिस के मुताबिक, कार गुजरात से मुंबई जा रही थी। पुलिस ने बताया कि कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था जिससे बस से टक्कर हो गई।
सुबह-सुबह हुआ बड़ा हादसा
कासा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर महालक्ष्मी पुल के पास सुबह करीब साढ़े तीन बजे बस और कार की जोरदार टक्कर हुई। इस दुर्घटना में लग्जरी बस में यात्रा कर रहे दो लोग घायल हो गए। अधिकारी ने कहा कि कार में चार लोग सवार थे और वह गुजरात से मुंबई जा रहे थे। भीषण टक्कर से चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
एक महिला समेत 4 की मौत
पुलिस के मुताबिक, कार चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया जिससे वाहन पीछे से बस में जा घुसा। उन्होंने कहा कि एक महिला समेत चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मानवता हुई शर्मसार, 35 वर्षीय के शख्स ने किया 6 साल की बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार....
31 Jan, 2023 04:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई पुलिस ने मंगलवार को एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में 35 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। घटना मानखुर्द थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी 6 साल की बच्ची को घर में अकेला देखकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की रोते हुए घर गई और अपनी मां को सारी आपबीती सुनाई।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
मां ने नजदीकी थाने में जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच चल रही है।
इससे पहले 27 जनवरी को महाराष्ट्र के ठाणे में खुद को पुलिसकर्मी बताकर 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को 30 जनवरी को न्यायालय में पेश किया गया।
20 महीने की बच्ची के साथ दुष्कर्म
23 जनवरी को सेंट्रल मुंबई के वर्ली इलाके में 20 महीने की बच्ची के साथ एक 35 वर्षीय शख्स ने दुष्कर्म किया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बच्ची के माता-पिता ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कर दिया है। शिकायत के मुताबिक, पीड़ित परिवार किराये के मकान में रहता था और कुछ दिनों पहले ही बच्ची के माता-पिता किसी काम से घर से बाहर गए थे, तभी उसके 35 वर्षीय पड़ोसी ने मौके का फायदा उठाकर बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जब माता-पिता घर आए तो बच्ची काफी ज्यादा रो रही थी। माता-पिता को शक हुआ और बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जब बच्ची की जांच की तो पता चला की मासूम के साथ दुष्कर्म हुआ है। मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद मुंबई पुलिस एक्शन में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तारा की फ्लाइट में नशे में धुत महिला ने क्रू मेंबर से मारपीट के बाद उतारे कपड़े, महिला गिरफ्तार...
31 Jan, 2023 11:38 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : अबु धाबी से मुंबई आ रही विस्तारा एयरलाइन की फ्लाइट (यूके-256) में इटली की रहने वाली एक महिला ने फ्लाइट में कपड़े उतार दिए और इधर-उधर घूमने लगी। रोकने पर महिला ने क्रू मेंबर्स से बदसलूकी की और हाथापाई पर भी उतारू हो गई। मुंबई में फ्लाइट लैंड होते ही क्रू मेंबर की शिकायत पर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी महिला के खिलाफ जांच पूरी करने के बाद चार्जशीट दाखिल की गई है। उस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है, जिसके बाद महिला को जमानत दे दी गई है।
पुलिस ने बताया, इटली की रहने वाली महिला फ्लाइट के दौरान बिजनेस क्लास में जाकर बैठ गई, जबकि उसके पास इकोनॉमी क्लास का टिकट था। जब क्रू मेंबर ने उसे अपनी सीट पर जाने को कहा, तो महिला उनसे बत्तमीजी करने लगी। उसने एक क्रू मेंबर को मुक्का मारा तो एक पर थूका भी। इसके बाद महिला ने कपड़े उतार दिए और इधर-उधर घूमने लगी।
महिला के इस तरह के व्यवहार से फ्लाइट में हंगामा मच गया। इसके बाद कैप्टन के निर्देश पर क्रू मेंबर ने महिला को पकड़ा और उसे कपड़े पहनाए। महिला को एक सीट से बांध दिया गया और फ्लाइट के लैंड होने पर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में विस्तारा एयरलाइंस की ओर से भी बयान जारी किया है।
विस्तारा के प्रवक्ता ने कहा, पायलट ने अन्य यात्रियों की सुरक्षा को लेकर नियमित घोषणाएं कीं। हालांकि, महिला के न मानने पर सुरक्षा एजेंसियों को फ्लाइट लैंड होने पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए सूचित किया गया। उन्होंने कहा, एसओपी के अनुसार घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। विस्तारा अपने यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर दृढ़ है।
भिवंडी में इमारत का एक हिस्सा गिरा, एक व्यक्ति की मौत..
27 Jan, 2023 01:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के भिवंडी में हादसा होने की खबर है। यहां इमारत का एक हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक को सुरक्षित बचाया लिया गया है। ठाणे नगर निगम ने इसकी पुष्टि की है। घटना शहर के खादीपुर इलाके में शुक्रवार सुबह साढ़े तीन बजे के करीब की है। निजामपुरा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि इमारत के भूतल पर सात दुकानें थी। वहीं ऊपरी हिस्से में भी व्यापारिक गतिविधियां होती थी। इमारत के क्षतिग्रस्त होने की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो टीमें मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य में जुट गईं।
हादसे में मारे गए व्यक्ति की पहचान माजी वंसारी के रूप में हुई। हादसे के समय माजी वंसारी इमारत के अंदर सो रहे थे और इमारत के मलबे में दबने से उनकी मौत हुई। मलबे की चपेट में आने से एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। इमारत कितनी पुरानी थी इसके बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
23 लाख रुपये के मेफेड्रोन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार..
23 Jan, 2023 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई पुलिस के नारकोटिक्स रोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) ने शिवाजी नगर इलाके से 23 लाख रुपये की मेफेड्रोन रखने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने कहा कि एएनसी की वर्ली इकाई ने शनिवार को गोवंडी में 27 वर्षीय एक व्यक्ति को 56 ग्राम प्रतिबंधित पदार्थ के साथ पकड़ा। पूछताछ पर आरोपी ने एक सप्लायर के बारे में जानकारी दी, जिसे बाद में शिवाजी नगर से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 60 ग्राम मेफेड्रोन बरामद किया गया। दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
AT-1 Bond मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगा यस बैंक
22 Jan, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : यस बैंक ने कहा है कि टियर-1 बॉन्ड (AT-1) के मामले में वह बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगा। शनिवार को बैंक को दिसंबर तिमाही में 55 करोड़ रुपये का फायदा हुआ जो एक साल पहले इसी अवधि की तुलना में 79 फीसदी कम है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को यस बैंक के उस फैसले को खारिज कर दिया जिसमें उसने एटी-1 बॉन्ड से जुटाए गए 8,400 करोड़ के मामले में निवेशकों का पैसा लौटाने से मना कर दिया था। बैंक ने इस रकम को राइट ऑफ कर दिया था।
साल 2016-2019 के दौरान बैंक ने यह पैसा जुटाया था। इसमें 1300 व्यक्तिगत निवेशक और कई सारे म्यूचुअल फंड एवं अन्य निवेशक थे। बैंक के मुताबिक, इसमें पहले ही यह नियम था कि अगर बैंक असफल होता है या कोई दिक्कत होती है तो रकम राइट ऑफ की जा सकती है। इस फैसले के खिलाफ निवेशकों ने आरबीआई में अपील की थी और आरबीआई भी यस बैंक के फैसले को सही ठहराया था। उसके बाद मामला बॉम्बे हाईकोर्ट में गया जहां शुक्रवार को उसने यस बैंक के निर्णय को खारिज कर 6 हफ्ते में जवाब मांगा था।
महाराष्ट्र : सीएम पद गंवाने के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे का अध्यक्ष पद भी खतरे में...
22 Jan, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : मुख्यमंत्री पद गंवाने वाले शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता उद्धव ठाकरे का अब पार्टी प्रमुख पद भी खतरे में है। 23 जनवरी को उनका शिवसेना अध्यक्ष पद का कार्यकाल खत्म हो रहा है।
उद्धव और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट के बीच शिवसेना पर नियंत्रण की लड़ाई चल रही है। दोनों गुट असली शिवसेना होने का दावा कर रहे हैं। शुक्रवार को चुनाव आयोग में सुनवाई के दौरान उद्धव गुट के वकील ने पार्टी में आंतरिक चुनाव कराने या यथास्थिति बनाए रखने का अनुरोध किया, लेकिन आयोग ने इस पर चुप्पी साध रखी है। आयोग ने दोनों गुटों से 30 जनवरी तक लिखित दलीलें पेश करने को कहा है। बाल ठाकरे के निधन के बाद उद्धव 2013 में और उसके बाद 2018 में शिवसेना प्रमुख बने थे। शिंदे गुट ने चुनाव आयोग में दलील दी है कि बाल ठाकरे के बाद पार्टी का कोई प्रमुख है ही नहीं।