महाराष्ट्र (ऑर्काइव)
एयर इंडिया पेशाब मामला: पायलट के निलंबन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार...
22 Jan, 2023 10:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : एअर इंडिया की फ्लाइट में पिछले नवंबर में हुए पेशाब कांड को लेकर विमान के मुख्य पायलट का लाइसेंस निलंबित करने के मामले में इंडिया पायलट गिल्ड (आईपीजी) कानूनी कदम उठाने पर विचार कर रहा है। आईपीजी के एक वरिष्ठ सदस्य ने कहा कि वह संबंधित पायलट के निलंबन के मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे। आईपीजी एयरलाइन के उन पायलटों का प्रतिनिधित्व करता है, जो बड़े आकार के विमान उड़ाते हैं।
यह घटना 26 नवंबर, 2022 को एअर इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान के दौरान हुई थी। चार जनवरी को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के संज्ञान में यह मामला आया। डीजीसीए ने शुक्रवार को विभिन्न उल्लंघनों के लिए एअर इंडिया पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा उस विमान के पायलट-इन-कमांड का लाइसेंस भी तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है और एअर इंडिया की उड़ान सेवा निदेशक पर भी तीन लाख का जुर्माना लगाया गया है।
क्या पुरानी पेंशन योजना को बहाल करेगी महाराष्ट्र सरकार? सीएम शिंदे ने दिए संकेत...
22 Jan, 2023 10:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : एक तरफ जब कांग्रेस या विपक्ष शासित राज्यों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली हो रही है तो इसका दबाव भी भाजपा शासित राज्यों पर बढ़ता जा रहा है। संकेत मिले हैं कि भाजपा के समर्थन वाली महाराष्ट्र सरकार भी इस दिशा में सकारात्मक हैं। सीएम शिंदे ने कहा है कि शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली पर विचार किया जा रहा है।
आगामी चुनाव को लेकर एक रैली को संबोधित करते हुए सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य का शिक्षा विभाग पुरानी पेंशन योजना पर अध्ययन कर रहा है। उन्होंने कहा, सरकार शिक्षकों सरकारी कर्मचारियों और गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए पुरानी पेंशन योजना के अलावा अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में 25 प्रतिशत आरक्षण के लिए सकारात्मक है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावोस शिखर सम्मेलन के दौरान निवेश प्रस्तावों पर हस्ताक्षर के संबंध में कहा कि सरकार विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों का अपने काम से जवाब देगी।
65 हजार से अधिक लोगों ने किया नई मेट्रो मे सफर..
21 Jan, 2023 04:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को मुंबई मेट्रो रेल लाइन 2ए और 7 राष्ट्र को समर्पित की। इस दौरान मुंबईकरों ने भी मुंबई मेट्रो की लाइन 2ए और 7 पर नए परिचालन का गर्मजोशी से स्वागत किया। पहले दिन दोनों लाइनों पर 65 हजार से अधिक लोगों ने यात्रा की। यात्रियों ने मेट्रों की विश्वस्तरीय सेवाओं की सराहना की। कई लोगों ने अपने नियमित बस, टैक्सी या ऑटोरिक्शा को त्यागने का फैसला किया और मेट्रो में सफर किया।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार शाम को मुंबई मेट्रो के खुलने के तीन घंटे के भीतर ही दोनों लाइनों पर यात्रियों की संख्या दोगुनी हो गई थी। पहले दिन मुंबई मेट्रो की दोनों लाइनों पर 65 हजार से अधिक लोगों ने सफर किया। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने आठ मिनट के अंतराल के साथ सुबह और शाम के पीक आवर्स के दौरान नए रूट्स पर 225 से अधिक सेवाओं को चलाने की योजना बनाई है।
वहीं, मार्केटिंग कंसल्टेंट प्रदीप एस मेनन ने कहा ऑटो या टैक्सी से पीक आवर्स के दौरान हर तरफ 90-125 मिनट तक लगता है। इसके अलावा खर्च भी अधिक होता है। आज मैंने एक आरामदायक यात्रा के लिए 50 रुपये खर्च कि और बोरीवली से अंधेरी का सफर 25 मिनट में तय किया।
Black Magic : बच्चा पैदा करने के लिए महिला को खिलाया इंसानी हड्डियों का पाउडर..
21 Jan, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के पुणे में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक महिला को काले जादू की प्रथा के तहत मृत लोगों की हड्डियों से बने पाउडर को खाने के लिए मजबूर किया गया है। एक तांत्रिक द्वारा गर्भ धारण करने के लिए जब महिला को यह पाउडर खिलाने के लिए मजबूर किया गया तो उसके ससुराल वालों और पति ने इसमें साथ दिया।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं।पहले मामले में पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल वालों ने 2019 में शादी के समय दहेज की मांग की थी जिसमें कुछ नकद, सोने और चांदी के आभूषण शामिल थे।
दूसरे मामले में पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार महिला को शादी के बाद से कई तरह की अंधविश्वास गतिविधियों में जबरन डाला गया और काला जादू में भी शामिल किया गया।पुलिस ने बताया कि मामले में महिला ने बताया कि कई अमावस्या के दौरान पीड़िता के ससुराल वालों ने उसे घर में कुछ अंधविश्वासी गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया और कुछ अन्य रीति-रिवाजों की बात कहकर पीड़िता को जबरन एक अज्ञात श्मशान में ले जाया गया और मानव हड्डियों का पाउडर खाने को कहा।
पुणे शहर के पुलिस उपायुक्त सुहैल शर्मा ने आगे बताया कि ससुराल वाले एक अन्य प्रकार का रिवाज बताकर पीड़िता को महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के किसी अज्ञात इलाके में ले गए थे, जहां उसे एक झरने के नीचे "अघोरी" प्रथा में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया था। इन साधनाओं के दौरान वे वीडियो कॉल के जरिए फोन पर एक तांत्रिक बाबा से निर्देश भी ले रहे थे।
दावोस दौरे पर गए CM Shinde वापस लौटे, महाराष्ट्र को मिले 1.37 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव..
19 Jan, 2023 11:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विश्व आर्थिक मंच (WEF) की सालाना बैठक से इतर महाराष्ट्र ने वैश्विक निवेशकों के साथ 1.37 लाख करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है. महाराष्ट्र में निवेश के लिए निवेशकों को आकर्षित करने दावोस गए शिंदे ने कहा कि इससे राज्य में एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा. विदेशी निवेशकों ने राज्य सरकार पर विश्वास जताया है.
उन्होंने कहा कि ये ‘एमओयू सिर्फ कागज’ पर नहीं रहेंगे.'मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि यह एमओयू उच्च प्रौद्योगिकी वाली अवसंरचना, अक्षय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, इस्पात निर्माण और कृषि खाद्यान प्रसंस्करण के क्षेत्रों में किए गए हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी निवेशकों से ‘मैग्नेटिक महाराष्ट्र’ में निवेश करने की अपील की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत का प्रभाव दावोस में भी अनुभव किया जा रहा है. उन्होंने अपनी यात्रा को सफल बताया.
उन्होंने बताया, ‘‘कुल 1.37 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए. यह संतोषजनक और बड़ी उपलब्धि है. हमारी सरकार आम आदमी की सरकार है. एकल खिड़की भुगतान, पूंजी सब्सिडी, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सब्सिडी से राज्य में भारी निवेश आएगा.’’उन्होंने आगे कहा, ‘‘महाराष्ट्र में औद्योगिक विकास की भारी संभावनाएं हैं और सरकार संभावित निवेशकों का खुले दिल से स्वागत करती है. सरकार निवेशकों को हर प्रकार का सहयोग प्रदान करेगी.’’
कुछ बड़ी औद्योगिक परियोजनाएं गुजरात समेत अन्य राज्यों की झोली में जाने के बाद उनकी सरकार को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है.शिंदे ने कहा कि उच्च प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 54,276 करोड़ रुपये के एमओयू किए गए हैं. इससे 4,300 लोगों को रोजगार मिलेगा. सूचना प्रौद्योगिकी और वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में 32,414 करोड़ रुपये के समझौते हुए हैं, जिनसे 8,700 लोगों को नौकरी मिलेगी, वहीं नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्रों में 46,000 करोड़ रुपये के समझौते हुए हैं, जिनसे 4,500 लोगों को रोजगार मिलेगा. इसके अलावा इस्पात निर्माण क्षेत्र में 2,200 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे 3,000 लोगों को नौकरी मिलेगी और 1,900 करोड़ रुपये का समझौता कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में हुआ है, जिससे 600 लोगों को रोजगार मिलेगी.
नवाब मलिक के बेटे के खिलाफ फर्जीवाडा आरोप का मामला दर्ज..
18 Jan, 2023 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीबीआई और ईडी के आरोपों का सामना कर रहे राकांपा नेता नवाब मलिक की मुसीबत बढ़ती जा रही है। अब उनके बेटे फराज मलिक के खिलाफ कुर्ला थाने में फर्जीवाड़े के आरोप में मामला दर्ज कराया गया है। फराज मलिक के खिलाफ वीजा आवेदन में फर्जी दस्तावेज लगाने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।एक पुलिस अधिकारी ने बताया, एफआरआरओ कार्यालय ने जांच के दौरान पाया कि फराज मलिक और उनकी पत्नी हेमलीन द्वारा जमा किए गए दस्तावेज फर्जी थे, जिसके बाद एफआरआरओ ने इस मामले में कुर्ला थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
पुलिस ने मलिक दंपती के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 465 (जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी), 471 (का इस्तेमाल कर) सहित विभिन्न भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके बाद भाजयुमो के एक पूर्व पदाधिकारी ने नवाब मलिक पर निशाना साधते हुए कहा, जो दूसरों पर धोखा देने का आरोप लगाते हैं, वे खुद कितने झूठे हैं।
पीएम मोदी की मुंबई यात्रा से पहले भाजपा व उद्धव ठाकरे गुट के बीच घमासान तेज..
17 Jan, 2023 08:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीएमसी चुनाव की सुगबुगाहट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जनवरी को मुंबई पहुंच रहे हैं। वह यहां कुछ कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। ऐसे में प्रधानमंत्री के दौरे से पहले भाजपा व उद्धव ठाकरे गुट के बीच घमासान तेज हो गया है।पीएम मोदी के मुंबई दौरे से ठीक दो दिन पहले उद्धव ठाकरे के घर के बाहर भाजपा नेताओं के बड़े कटआउट लगाए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा, बाला साहेब ठाकरे, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कटआउट उद्धव ठाकरे के घर के बाहर दिखाई दिए हैं।उधर, भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और बीएमसी चुनाव के लिए भाजपा और शिंदे की अगुवाई वाली बालासाहेबंची शिवसेना के लिए जमीन तैयार करने में मदद मिलेगी। बता दें, बीएमसी का कार्यकाल पिछले साल मार्च में समाप्त हुआ था।
नासिक-शिर्डी हाईवे पर टूरिस्ट बस की ट्रक से हुई टक्कर, 10 की मौत,35 घायल..
13 Jan, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Accident : महाराष्ट्र में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मुंबई से शिर्डी आ रही टूरिस्ट बस की नासिक-शिर्डी हाईवे पर आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस बस में कुल 45 यात्री सवार थे। 10 की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 7 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। वहीं हादसे में 35 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी साईंबाबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नासिक-शिर्डी हाईवे पर हुए बस हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच के आदेश दिए हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन से आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बस में मुंबई के अंबरनाथ के यात्री सवार थे, जो शिर्डी दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसा पाथेर गांव के पास हुआ जो सिन्नर-शिरडी हाईवे पर पड़ता है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मौके पर मौजूद है।घटना को लेकर अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मुंबई से करीब 180 किलोमीटर दूर नासिक की सिन्नार तहसील में पठारे शिवर के पास सुबह करीब 7 बजे हुई।
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी...
11 Jan, 2023 12:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चीनी मिल में भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में केंद्रीय एजेंसी ईडी ने कार्रवाई की है। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता हसन मुश्रीफ से जुड़े कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी चल रही है। जांच एजेंसी की ओर से इसकी जानकारी दी गई हैं।उधर, एनसीपी नेता हसन मुश्रीफ ने कहा है कि आज सुबह ईडी ने मेरे घर, मेरी बेटी के घर और मेरे रिश्तेदारों के घर पर छापा मारा। मैं अपने कार्यकर्ताओं से अनुरोध करता हूं कि वे शांति बनाए रखें और सरकारी कर्मचारियों को अपना काम करने दें। छापेमारी डेढ़ साल पहले भी हुई थी। मैंने एजेंसी को सारी जानकारी दी थी, पता नहीं फिर से छापे क्यों पड़ रहे हैं।
प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर किया भतीजे का अपहरण..
10 Jan, 2023 06:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई | महाराष्ट्र में एक महिला द्वारा प्रेम प्रस्ताव ठुकराने से नाराज एक व्यक्ति ने उसके आठ साल के भतीजे का अपहरण कर लिया। आरोपी ऐसा करके महिला को सबक सिखाना चाहता था। ये घटना महाराष्ट्र के पालघर जिले की है। मंगलवार को पालघर ग्रामीण के जिला पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने मामले में कार्रवाई सेअवगत कराया।उन्होंने बताया कि पालघर ग्रामीण पुलिस ने अपहरण के चार घंटे के भीतर ही लड़के को छुड़ा लिया। साथ ही कथित आरोपी को सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली के सिलवासा से गिरफ्तार भी कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी अपह्रत लड़के की चाची से प्यार करता था, जिसने उसके प्रेम प्रस्ताव ठुकरा दिया था। इससे नाराज आरोपी ने महिला को सबक सिखाने के लिए तलासरी निवासी लड़के का सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल के मैदान से अपहरण कर लिया। जब लड़का स्कूल से घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
स्कूल में उसके नहीं मिलने पर माता-पिता ने पुलिस से संपर्क किया। परिजनों की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 363 (अपहरण) के तहत तलासरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।पालघर थाने के निरीक्षक अजय वसावे ने बताया कि खुफिया और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने सिलवासा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। लड़के को बचा लिया गया है और उसके माता-पिता के साथ फिर से मिला दिया गया। मामले में जांच की जा रही है।
मुंबई एयरपोर्ट पर 28.10 करोड़ की कोकीन के साथ तस्कर गिरफ्तार...
10 Jan, 2023 11:25 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई कस्टम विभाग ने एयरपोर्ट पर बैग में छुपाकर ले जाई जा रही 2.81 किलोग्राम कोकीन बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि 28.10 करोड़ मूल्य की कोकीन के साथ एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में सामने आया है कि यात्री को हनी ट्रैप में फंसाकर ड्रग तस्करी करवाई जा रही थी। उसे इसके लिए लालच भी दिया गया था। तस्करी करवाने वालों से यात्री केवल सोशल मीडिया पर मिला था।
18 दिन बाद जेल से रिहा हुए चंदा कोचर और उनके पति दीपक कोचर..
10 Jan, 2023 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई । आईसीआईसीआई की पूर्व सीईओ चंदा कोचर बायकुला जेल से और उनके पति दीपक कोचर आर्थर रोड जेल से रिहा हो गए है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने आज कोचर दंपत्ति को जमानत देते हुए कहा, 'गिरफ्तारी कानून के अनुसार नहीं है।'बॉम्बे हाई कोर्ट ने करोड़ों रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग घोटाले में गिरफ्तार कोचर दंपत्ति को 9 जनवरी को अंतरिम राहत देते हुए कहा था कि यह पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह न केवल लिखित में गिरफ्तारी के कारणों को रिकॉर्ड करे, बल्कि उन मामलों में भी, जहां पुलिस ऐसा नहीं करने का विकल्प चुनती है।
बॉम्बे हाई कोर्ट ने कहा कि तथ्यों के अनुसार याचिकाकर्ताओं (कोचर दंपत्ति) की गिरफ्तारी कानून के प्रावधानों के तहत नहीं की गई। गिरफ्तारी करते समय धारा 41(ए) का पालन नहीं किया गया। इसलिए वे रिहाई के हकदार हैं। खंडपीठ ने अपनी टिप्पणी में कहा कि याचिकाकर्ताओं को याचिकाओं पर सुनवाई लंबित रहने और अंतिम निस्तारण होने तक जमानत पर रहने का अधिकार है। इसके साथ ही उच्चन्यायालय ने सुनवाई के लिए छह फरवरी की तारीख तय की है।
अदालत ने पाया कि कोचर दंपति की गिरफ्तारी 'कानून के अनुसार नहीं' हुई थी और इसलिए, वह उन्हें न्यायिक हिरासत से 1 लाख रुपये की नकद जमानत पर रिहा करने की अनुमति दी थी। बता दें कि वीडियोकॉन-आईसीआईसीआई ऋण घोटाला मामले में पिछले साल 23 दिसंबर को दंपति को गिरफ्तार करने वाली केंद्रीय जांच ब्यूरो ने उनकी रिहाई का विरोध किया था।यह मामला 2009 और 2011 के बीच वीडियोकॉन समूह को आईसीआईसीआई बैंक द्वारा वितरित 1,875 करोड़ रुपये के ऋण की मंजूरी में कथित अनियमितताओं और भ्रष्ट आचरण से संबंधित है।
प्रारंभिक जांच के दौरान, सीबीआई ने पाया कि 1,875 करोड़ रुपये के छह ऋण स्वीकृत किए गए थे। एजेंसी ने दावा किया कि ऋण को 2012 में गैर-निष्पादित संपत्ति घोषित किया गया था, जिससे बैंक को 1,730 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।बता दें कि कोचर दंपत्ति को सीबीआई ने 23 दिसंबर, 2022 को गिरफ्तार किया था। दोनों ने अपनी गिरफ्तारी को गैरकानूनी और मनमाना बताते हुए उच्चन्यायालय में चुनौती दी थी, और अपनी अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी।
कोचर दंपत्ति को अंतरिम जमानत देते हुए अपने विस्तृत आदेश में उच्चन्यायालय की खंडपीठ ने सीबीआई को तगड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि यह कहने की जरूरत नहीं है कि हमारे संविधान में किसी व्यक्ति की निजी स्वतंत्रता एक महत्त्वपूर्ण पहलू है। वैयक्तिक स्वतंत्रता का संरक्षण करने एवं जांचकर्ताओं का उपयोग उत्पीड़न के साधन के तौर पर नहीं होने देने में अदालतों की भूमिका बार-बार दोहराई गई है।
मुंबई में मां ने तीन दिन की बच्ची का रुमाल से गला घोंटकर की हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार...
8 Jan, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के लातूर में एक महिला को कथित तौर पर तीन दिन की बेटी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गोटेगांव पुलिस ने कहा, महिला उस्मानाबाद की लोहारा तहसील के होली की रहने वाली है। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही और घटना की जांच जारी है।
अधिकारियों ने बताया, अभी तक जांच में सामने आया है कि महिला की पहले से एक बेटी है और वह बेटा चाहती थी। दूसरी बार भी बेटी पैदा होने से वह परेशान हो गई और रुमाल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। महिला ने कसार ज्वाला गांव के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्ची को जन्म दिया।
Lift Crashed : लिफ्ट गिरने से 20 साल के युवक की दर्दनाक मौत..
5 Jan, 2023 08:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई के उपनगर विक्रोली की एक बहुमंजिला इमारत में बड़ा हादसा हो गया। इमारत में लगी लिफ्ट के साथ चार लोग जमीन पर आ गिरे। हादसे में 20 साल के एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे ने बहुमंजिला इमारतों के मेंटेनेंस की लापरवाही फिर उजागर कर दी है।लिफ्ट गिरने की घटना विक्रोली की सिद्धि विनायक सोसायटी में बुधवार दोपहर करीब 1.30 बजे हुई।
यह इमारत मुंबई के पश्चिमी उपनगर विक्रोली में स्टेशन रोड पर स्थित है। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लिफ्ट खोलकर उसमें फंसे लोगों को निकाला।कांच की बनी लिफ्ट में चार लोग सवार थे, तभी यह अचानक जमीन पर आ गिरी। गंभीर हालत में घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जाएंगे अयोध्या, रामलला के करेंगे दर्शन...
3 Jan, 2023 10:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे। शिंदे ने मंगलवार को कहा वे भगवान राम की पूजा करने अयोध्या आएंगे। हालांकि, वो राम नगरी का दौरा कब करेंगे, इसकी तारीख नहीं बताई है। बता दें कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है।
बता दें, शिवसेना में बगावत से पहले शिंदे समेत शिवसेना के तमाम विधायकों को पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अयोध्या जाने से रोक दिया था। यह शिवसेना में बगावत के बड़े कारणों में से एक बना था। उत्तर प्रदेश के अयोध्या शहर में भगवान राम का विशाल मंदिर बन रहा है। नागपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में शिंदे ने अयोध्या जाने का एलान किया। उन्होंने कहा कि कुछ धार्मिक नेता सोमवार को उनसे मिले थे और उन्हें अयोध्या आकर रामलला के दर्शन का न्योता दिया।
सीएम शिंदे ने कहा, 'अयोध्या पूजा और प्रार्थना का स्थल है। मैं निश्चित रूप से वहां जाऊंगा।' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त 2020 में अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया था। इससे पहले नवंबर 2019 के सुप्रीम कोर्ट ने दशकों से लंबित विवाद हल करते हुए अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ किया था।
शिवसेना में बगावत के वक्त 22 जून 2022 को शिवसेना के बागी विधायकों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को चिट्ठी लिखकर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इन विधायकों ने लिखा था कि उन्हें अयोध्या जाने से रोका गया। कहा गया था कि उन्हें अयोध्या के बीच रास्ते से मुंबई वापस बुलवाया गया था।