महाराष्ट्र (ऑर्काइव)
वंचित बहुजन अघाड़ी पार्टी के नेता परमेश्वर पर हुआ जानलेवा हमला.....
1 Jun, 2023 11:40 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई में बदमाशों के हौसले बुंलद हैं। बीते शनिवार 27 मई को वंचित बहुजन अघाड़ी पार्टी के मुंबई यूथ प्रेसिडेंट परमेश्वर रणशूर पर 4 अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। हमले में पार्टी नेता गौतम हरल भी घायल हो गए थे। बदमाशों ने दोनों पर चाकू और रॉड से हमला किया था। हालांकि, अब पुलिस ने चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
परमेश्वर को मारने के लिए दिया था 5 लाख का इनाम
पुलिस ने गैंगस्टर अबू सलेम के शूटर समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि परमेश्वर रणशूर पर हमला करने के लिए 4 बदमाशों को 5 लाख रुपये का इनाम दिया गया था। चारों लोगों ने उन्हें जान से मारने के उद्देश्य से चाकू और लोहे के रॉड से हमला किया था। इसमें रणशूर बुरी तरह जख्मी हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें केईएम अस्पताल में भर्ती कराया था।
दारुखाना इलाके से किया गिरफ्तार
पुलिस ने रणशूर से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 326 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। वहीं चारों बदमाशों को धर-दबोचा लिया। भोइवाड़ा पुलिस स्टेशन के सूत्रों ने बताया कि पुलिस निरीक्षक संजय निकम और उनकी टीम ने 4 लोगों को ठाणे और दारुखाना इलाके से गिरफ्तार किया है।
रसोइया का अपहरण कर मालिक हुआ गिरफ्तार.....
1 Jun, 2023 10:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक होटल मालिक को पैसे के विवाद में 22 वर्षीय रसोइए का अपहरण करने और उसे 3 दिनों तक बंधक बनाकर रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी एक अधिकारी ने गुरुवार को दी।
निजामपुरा थाने के निरीक्षक नरेश पवार ने बताया कि रसोइया भिवंडी इलाके में स्थित होटल में काम करता था और उसके मालिक के दो भाई थे।
उन्होंने कहा कि रसोइया और होटल मालिकों के बीच पैसों को लेकर विवाद था।
अधिकारी ने कहा कि 26 मई को दो होटल मालिकों ने कथित तौर पर रसोइए का अपहरण कर लिया, उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसे तीन दिनों तक होटल की इमारत के एक कमरे में बंदी बनाकर रखा।
पीड़िता बाद में वहां से भाग निकली और शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत गलत तरीके से बंधक बनाने, अपहरण, जबरन वसूली और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र : शिवाजी राज्याभिषेक समारोह के दौरान सुनाया जाएगा पीएम मोदी का रिकॉर्डेड संदेश
31 May, 2023 11:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र सरकार 2 जून को रायगढ़ में छत्रपति शिवाजी महाराज की 350वीं राज्याभिषेक जयंती मनाएगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पूर्व-रिकॉर्डेड संदेश प्रसारित किया जाएगा। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राज्य सरकार 17वीं शताब्दी के शासक शिवाजी महाराज के 1674 में हुए राज्याभिषेक की याद में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि मोदी के संदेश का प्रसारण रायगढ़ जिले में उद्घाटन समारोह के दौरान किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित अन्य लोग शामिल होंगे। उधर, दो जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
नागपुर के चार मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए 'ड्रेस कोड' हुए लागू
27 May, 2023 02:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नागपुर शहर के चार मंदिरों में शुक्रवार को 'वस्त्र संहिता' (ड्रेस कोड) लागू कर दिया गया। महाराष्ट्र मंदिर महासंघ के समन्वयक सुनील घनवत ने कहा कि भक्तों को आपत्तिजनक कपड़े नहीं पहनने चाहिए।
वहीं, जिन मंदिरों में ड्रेस कोड लागू किया गया है उनमें धंतोली के गोपालकृष्ण मंदिर, बेलोरी (साओनेर) के संकटमोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर, कनोलीबारा के बृहस्पति मंदिर और हिलटाप इलाके के दुर्गामाता मंदिर शामिल हैं।
फरवरी में जलगांव में महाराष्ट्र मंदिर ट्रस्ट परिषद की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया था। घनवट ने कहा कि ड्रेस कोड लागू करने का उद्देश्य मंदिरों की पवित्रता की रक्षा करना है।
उन्होंने कहा कि वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सरकार द्वारा नियंत्रित मंदिरों में ड्रेस कोड लागू करने का भी अनुरोध करेंगे।
छोटे कपड़े पहनकर मंदिर में नहीं मिलेगा प्रवेश
श्री गोपालकृष्ण मंदिर के ट्रस्टी प्रसन्न पातुरकर, मंदिर समिति प्रमुख श्रीमती ममताताई चिंचवडकर और आशुतोष गोटे ने कहा कि मंदिर की पवित्रता की रक्षा और भारतीय संस्कृति का पालन होना चाहिए।
इस उद्देश्य से हमारा आग्रह है कि मंदिर में श्रद्धालु आते समय अंगप्रदर्शन करने वाले और छोटे कपडे़ पहनकर न आएं। भारतीय संस्कृति का पालन कर मंदिर प्रशासन में सहयोग करें।
महाराष्ट्र मंदिर महासंघ के समन्वयक सुनील घनवट ने कहा कि मंदिरों की पवित्रता, शिष्टाचार और संस्कृति संजोने के लिहाज से यहां ड्रेस कोड लागू करने का निर्णय लिया गया है।
सरकारी कार्यालयों, अनेक मंदिरों, गुरुद्वारों, चर्चों, मस्जिदों, स्कूल-कॉलजों, न्यायालयों, पुलिस विभाग में वस्त्र संहिता (ड्रेस कोड) लागू है। इसी आधार पर हमने ये फैसला लिया है।
महाराष्ट्र : बेटे ने की ट्रैक्टर से कुचलकर पिता की हत्या....
25 May, 2023 04:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के सांगली जिले में बुधवार सुबह 32 वर्षीय एक व्यक्ति ने ट्रैक्टर से कुचलकर अपने पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी। एक अधिकारी ने कहा कि मिराज तहसील के बेदाग गांव में हुई इस घटना में दाजी उर्फ दादू गणपति अकाले (70) की मौत हो गई।
धारा 302 के तहत मामला दर्ज
अकाले ने स्पष्ट रूप से अपने बेटे से 70,000 रुपये वापस करने के लिए कहा था , जो उसने दो साल पहले उधार लिया था। इससे दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। अधिकारी ने कहा कि गुस्से में बेटे ने कथित तौर पर अपने पिता को ट्रैक्टर से कुचल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र : अमरावती और बुलढाणा में तेज़ रफ्तार से अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की मौत; 17 घायल....
23 May, 2023 04:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बुलढाणा में बस-ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए हैं।
सड़क हादसे में 6 लोगों ने गंवाई जान
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, राज्य परिवहन की एक बस और एक कंटेनर ट्रक की बीच जोरदार टक्कर हुई थी। इस हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मुंबई-नागपुर राजमार्ग पर आपस में टकराया बस और कंटेनर
पुलिस ने बताया कि ये हादसा राज्य की राजधानी मुंबई से 450 किलोमीटर दूर स्थित बुलढाणा जिले के मुंबई-नागपुर राजमार्ग पर सिंदखेड़ राजा कस्बे के पास हुआ है। अधिकारी ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस पुणे से मेहकर की ओर जा रही थी, जब यह ट्रक से टकरा गई।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
पुलिस ने कहा कि हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। अधिकारी ने कहा कि मरने वालों में चार बस यात्री और दोनों वाहनों के चालक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को सिंदखेड राजा कस्बे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमरावती में 5 लोगों की मौत
वहीं, महाराष्ट्र के अमरावती में भी एक सड़क हादसा देखने को मिला। अमरावती में एक ट्रक की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य घायल हैं।
दरियापुर-अंजनगांव रोड पर देर रात हुआ हादसा
एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हादसा राज्य की राजधानी मुंबई से करीब 650 किलोमीटर दूर अमरावती के खल्लार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरियापुर-अंजनगांव रोड पर सोमवार रात करीब 11 बजे हुआ।
मृतकों में एक ही परिवार के लोग हैं शामिल
अधिकारी ने बताया कि हताहतों में अधिकतर एक ही परिवार के सदस्य हैं। सभी लोग एक पारिवारिक समारोह से दरियापुर लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। फिलहाल घायलों को दरियापुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महाराष्ट्र के ठाणे के शिवाजी नगर में आग भीषण लगी, चार लोग घायल...
22 May, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के ठाणे शिवाजी नगर में आग लगने की घटना में चार लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। ठाणे नगर निगम के मुताबिक, ठाणे शिवाजी नगर में आग लगने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग की घटना में घायल हुए चारों लोगों को आगे के इलाज के लिए कस्तूरबा अस्पताल, मुंबई में स्थानांतरित कर दिया गया है
इस बीच केरल के कन्नूर जिले के कन्नवम पुलिस थाने की सीमा के भीतर किझक्कल में आठ उच्च क्षमता वाले देशी बम पाए गए। बम बोरियों में भरकर पुलिया के नीचे रखे गए थे। बम निरोधक दस्ते ने उन्हें निष्क्रिय कर दिया है। कन्नवम पुलिस ने मामला दर्ज किया है। कन्नवम पुलिस स्टेशन उप-निरीक्षक सतीशन वी ने यह जानकारी दी है।
महाराष्ट्र : बढ़ेगी नवविवाहित जोड़ों के लिए सहायता राशि....
21 May, 2023 05:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि सामूहिक विवाह में शामिल नवविवाहित जोड़ों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता 10,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये की जाएगी। सीएम शिंदे ने पालघर जिले में आयोजित एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम में यह बात कही।
वित्तीय सहायता 25,000 रुपये करेगी सरकार- शिंदे
इस अवसर पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में 325 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह समय की आवश्यकता है, क्योंकि लोग बड़ी शादियों का खर्च नहीं उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सामूहिक विवाह के दौरान पात्र जोड़ों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता 25,000 रुपये करेगी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।
150 बिस्तरों की सुविधा वाला ईएसआइएस अस्पताल बन रहा- शिंदे
सीएम एकनाथ शिंदे ने पालघर जिले में विकास परियोजनाओं के बारे में कहा कि इस क्षेत्र में 150 बिस्तरों की सुविधा वाला ईएसआइएस अस्पताल बन रहा है, जो श्रमिक वर्ग की जरूरतों को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) पालघर को विकसित करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम करेगा।
महाराष्ट्र : पालघर में फंदे से लटका मिला प्रेमी-प्रेमिका का शव....
19 May, 2023 04:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के पालघर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक प्रेमी और प्रेमिका ने सुसाइड कर लिया। जानकारी के मुताबिक, एक 20 वर्षीय महिला और उसके 19 वर्षीय प्रेमी ने गांव में एक पेड़ से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उन्हें डर था कि उनके माता-पिता उन्हें शादी करने की अनुमति नहीं देंगे।
यह घटना पालघर के तलासरी में हुई थी। तलासरी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय वासवे ने कहा कि बीते दिन शाम 4.30 बजे उन्हें घटना की सूचना मिली थी। गांव के एक स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें इस घटना की जानाकारी दी थी। स्थानीय व्यक्ति के मुताबिक गांव के पास एक पहाड़ी पर एक पेड़ से लटक कर प्रेमी और प्रेमिका ने सुसाइड किया था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। तलासरी पुलिस के अनुसार वे दोनों एक ही मोहल्ले में रहते थे और पिछले दो सालों से उनके बीच में प्रेम प्रसंग चल रहा था। वासवे ने कहा कि पिछले हफ्ते महिला के माता-पिता ने उसकी सगाई दूसरे पुरुष से कर दी थी क्योंकि उन्हें उनका रिश्ता मंजूर नहीं था।
इस डर से कि महिला के माता-पिता उसकी शादी दूसरे पुरुष से कर देंगे तो प्रेमी और प्रेमिका ने आत्महत्या करने का फैसला किया और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं, उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस ने दोनों के माता-पिता के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस ने इस संबंध में आकस्मिक मौत (एडीआर) का मामला दर्ज किया गया है और तलासरी पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारी वासवे ने कहा कि हम स्थानीय लोगों और अन्य स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि दंपति की मौत उनके माता-पिता द्वारा बताई गई वजह से हुई है या कुछ और।
महाराष्ट्र : चाय की दुकान पर हुई दोस्तों में मारपीट, एक की मौत, दो घायल....
18 May, 2023 04:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक चाय की दुकान में कथित तौर पर 3 दोस्तों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान 1 की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रकांत जाधव ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हुई, जब नालासोपारा इलाके में स्थित चाय की दुकान में विस्फोट हुआ और उसके बाद आग लग गई।
उन्होंने कहा कि पुलिस अभी तक यह स्थापित नहीं कर पाई है कि चाय केंद्र में वास्तव में क्या हुआ था क्योंकि घटना के समय इसके शटर बंद थे।
पुलिस ने कहा कि पीड़ित की पहचान रौनक तिवारी (27) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने कहा कि चाय की दुकान के अंदर विस्फोट और आग लग गई, जिसके बाद वसई-विरार नगर निगम के दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि उन्हें अंदर एक शव पड़ा हुआ मिला था।
अधिकारी ने कहा कि परिसर में खून के धब्बे भी पाए गए हैं और लड़ाई के सबूत मिले हैं जिसमें लोहे के पाइप का इस्तेमाल किया गया होगा।
उन्होंने कहा कि एक गैस पाइप भी टूटा हुआ पाया गया है।
अधिकारी ने कहा कि उन्हें संदेह है कि घटना के समय 3 व्यक्तियों के बीच कुछ विवाद हुआ था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महाराष्ट्र : बांद्रा की झुग्गी झोपड़ियों में लगी भीषण आग, दो घायल....
17 May, 2023 04:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई के बांद्रा इलाके में आज सुबह भीषण हादसा हो गया। दरअसल, बांद्रा इलाके के नरगिस दत्त रोड के पास झुग्गी झोपड़ियों में भीषण आग गल गई है। झुग्गी झोपड़ियां पूरी तरह से जलकर खाक हो गई हैं। पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है।
इस हादसे में दो लोग घायल हो गए हैं और उन्हें बांद्रा के भाभा अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। हालांकि, उनकी हालत अभी स्थिर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम एक्शन में आई। घटनास्थल पर फिलहाल दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
वहां पर डाइजिंग ऑपरेशन तेज गति से चल रहा है। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि राहत की बात यह है कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के मुताबिक, सुबह 4.40 बजे आग लगी थी।
मुंबई मानसून: अब SMS के जरिए नागरिकों को मिलेगा मौसम का अपडेट....
17 May, 2023 04:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई में आगामी मानसून को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने कमर कस ली है। अब मुंबई के नागरिकों को मौसम के अपडेट के बार में समय-समय पर जानकारी मिलती रहेगी।
बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने बताया कि मानसून के दौरान मुंबई के नागरिकों को एसएमएस के जरिए मोबाइल फोन पर मौसम की जानकारी मिलेगी। 16 मई को एक विज्ञप्ति में बीएमसी ने कहा कि मौसम की स्थिति के बारे में समय पर अलर्ट जारी करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो रीयल-टाइम मौसम अलर्ट जारी करता है।
भेजा जाएगा SMS अलर्ट
इकबाल सिंह ने मंगलवार को आपदा प्रबंधन और मानसून की तैयारियों पर विभिन्न एजेंसियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में बेस्ट, एमएमआरडीए, एमएसआरडीसी, पीडब्ल्यूडी, मुंबई मेट्रो, रेलवे, एनडीआरएफ, आईएमडी, म्हाडा और अन्य एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए। इसमें उन्होंने बताया कि आपात स्थिति के दौरान नागरिकों को एक एसएमएस अलर्ट भेजा जाएगा। चहल ने सभी विभागों और एजेंसियों को मानसून के दौरान संभावित चुनौतियों को कम करने के लिए समन्वय में तेजी लाने का निर्देश दिया।
जलभराव के मद्दनेजर किए जाएंगे ये बदलाव
मुंबई में 480 स्थानों पर डी-वाटरिंग पंप स्थापित किए जाएंगे जहां भारी बारिश के दौरान जलभराव हो सकता है और इन पंपों पर सीसीटीवी कैमरा निगरानी भी होगी। नगर निकाय ने कहा कि 15 मई के बाद आपात स्थिति को देखते हुए मुंबई में सड़कों की खुदाई की अनुमति नहीं दी जाएगी। बीएमसी ने मानसून से संबंधित बिमारियों को देखते हुए मरीजों के लिए 3,000 बिस्तर आरक्षित किए हैं।
खतरनाक इमारतों से लोगों को खाली कराने का नोटिस
चहल ने बताया कि खतरनाक इमारतों में रहने वालों को खाली करने के लिए नोटिस दिया जा रहा है। हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक ऐसी खतरनाक इमारतों में पानी की आपूर्ति बंद कर दी जानी चाहिए। एनडीआरएफ ने मुंबई में मानसून संबंधी आपात स्थिति के लिए तीन टीमों का गठन किया है। आपातकालीन समय के दौरान भारतीय नौसेना भी अपनी टीमों और गोताखोरों को तैयार कर रही है। इसके अलावा मुंबई फायर ब्रिगेड को किसी भी आपात स्थिति के लिए सतर्क रहने का भी निर्देश दिया है।
मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह का निलंबन रद्द
12 May, 2023 09:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के खिलाफ सभी आरोप वापस ले लिए हैं। राज्य सरकार ने दिसंबर 2021 में जारी निलंबन आदेश को भी रद्द कर दिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।सिंह के खिलाफ जबरन वसूली से संबंधित चार प्राथमिकियां मुंबई और उससे सटे ठाणे में दर्ज की गई थीं। अधिकारी ने बताया कि राज्य के गृह विभाग ने बुधवार को उनका निलंबन वापस लेने का आदेश जारी किया।
उन्होंने कहा कि आदेश के अनुसार सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी के निलंबन की अवधि को उसी तरह माना जाना चाहिए जैसे वह ड्यूटी पर थे। सिंह को दिसंबर 2021 में निलंबित कर दिया गया था जब महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार सत्ता में थी।महाराष्ट्र सरकार ने नवंबर 2021 में परमबीर सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी। उनके खिलाफ रंगदारी के आरोपों में एफआईआर दर्ज थी। तब के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने 12 नवंबर को अस्पताल से छुट्टी मिलते ही परमबीर के निलंबन आदेश पर दस्तखत किए थे। इसके साथ उस वक्त के ठाणे शहर के उपायुक्त पराग मनेरे को भी निलंबित कर दिया गया था।
परमबीर सिंह के खिलाफ अनियमितताओं और कर्तव्यों का निर्वहन न करने के मामले में कार्रवाई की गई थी। उन पर आरोप था कि वह महाराष्ट्र होम गार्ड के प्रमुख बनाए जाने के बाद से ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। उन्हें स्वास्थ्य के आधार पर 29 अगस्त 2021 तक की छुट्टी दी गई थी, लेकिन इसके बाद भी वह ड्यूटी पर नहीं लौटे थे।
महाराष्ट : इस्तीफा न देते तो बच जाती उद्धव ठाकरे की कुर्सी, सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया अपना फैसला....
11 May, 2023 02:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एकनाथ शिंदे और उनके गुट के 15 विधायकों की योग्यता पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ गया है। कोर्ट ने कहा कि अभी इस मामले में कोई निर्णय लेना जल्दबाजी होगी इसलिए इसे 7 जजों की बड़ी बेंच को सौंपा जा रहा है।महाराष्ट्र में पिछले साल हुई राजनीतिक उठापटक और सत्ता परिवर्तन से जुड़े मसले पर दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों उद्धव ठाकरे और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से दायर विभिन्न याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने आज फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि अभी इस मामले में कोई निर्णय लेना जल्दबाजी होगी, इसलिए इसे 7 जजों की बड़ी बेंच को सौंपा जा रहा है। बता दें कि पिछले साल एकनाथ शिंदे और उनके गुट के कुछ विधायकों ने बगावत कर ली थी और उसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली तत्कालीन महा विकास आघाड़ी (एमवीए) गठबंधन सरकार गिर गई थी।
शिंदे सरकार को राहत
SC ने अपने फैसले में कहा कि तत्कालीन सीएम उद्धव ठाकरे ने फ्लोर टेस्ट का सामना नहीं किया था इसलिए एमवीए सरकार को बहाल नहीं किया जा सकता है। कोर्ट ने इसी के साथ कहा कि सबसे बड़े दल भाजपा के समर्थन से एकनाथ शिंदे को शपथ दिलाना राज्यपाल द्वारा उचित था।
तो बच जाती उद्धव सरकार
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि वो उद्धव ठाकरे सरकार को वापिस बहाल नहीं किया जा सकता है। इसी के साथ कोर्ट ने कहा कि अगर उद्धव इस्तीफा नहीं देते तो स्थिति कुछ और होती।
सुप्रीम कोर्ट ने फैसला रखा था सुरक्षित
संविधान पीठ ने बीते 16 मार्च को संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई पूरी करने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इस मामले में अंतिम सुनवाई 21 फरवरी को शुरू हुई थी और नौ दिनों तक दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गई थीं।
शीर्ष अदालत ने सुनवाई के अंतिम दिन आश्चर्य व्यक्त किया था कि वह उद्धव ठाकरे की सरकार को कैसे बहाल कर सकती है जबकि तत्कालीन मुख्यमंत्री ने सदन में बहुमत परीक्षण का सामना करने से पहले ही इस्तीफा दे दिया था।
Bombay HC ने 67 वर्षीय व्यक्ति को दुष्कर्म के आरोप से किया बरी
8 May, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुम्बई । बंबई उच्च न्यायालय ने एक वरिष्ठ नागरिक को 2015 में एक 61 वर्षीय महिला द्वारा उसके खिलाफ दर्ज कराए गए दुष्कर्म के मामले से आरोप से बरी कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि उस दौरान संबंध दोनों की सहमति से बनाया गया था और इसमें किसी के साथ जबरदस्ती नहीं की गई थी।न्यायमूर्ति भारती डांगरे की एकल पीठ ने 4 मई को अपने आदेश में कहा कि शिकायतकर्ता और 67 वर्षीय आरोपी 2005 से संबंध में थे और दो वयस्कों को आपसी समझ से बनाए गए संबंध को दुष्कर्म नहीं कहा जा सकता है।
साल 2015 में शिकायतकर्ता ने पुणे पुलिस में एक प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उस व्यक्ति ने 2005 के बाद उसे शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उस व्यक्ति पर दुष्कर्म, छेड़छाड़ और आपराधिक धमकी के लिए भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में उल्लेख किया कि दोनों ने 2005 से 2015 तक सहमति से संबंध बनाए थे। प्राथमिकी दर्ज होने के समय शिकायतकर्ता की उम्र 54 वर्ष थी और आरोपी की उम्र 60 वर्ष थी।
अदालत ने कहा, "यह दो वयस्कों के बीच का रिश्ता था और इसे देखकर बिल्कुल भी नहीं कहा जा सकता है कि शारीरिक संबंध महिला की सहमति के बिना या उसकी इच्छा के विरुद्ध था।" पीठ ने आगे कहा कि महिला अच्छी तरह से जानती थी कि पुरुष पहले से ही शादीशुदा था और उसने इसके बावजूद रिश्ता जारी रखा था। इसमें कहा गया है कि जब महिला की मर्जी के खिलाफ और उसकी सहमति के बिना कोई कृत्य किया जाता है तो, उसे दुष्कर्म का अपराध माना जाता है।