महाराष्ट्र (ऑर्काइव)
मुंबई में पेड़ से लटका मिला था व्यक्ति.....
29 Jun, 2023 03:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई में एक व्यक्ति के पेड़ से लटके पाए जाने के दो महीने बाद, शहर पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट को हत्या के मामले में बदल दिया है और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि 19 अप्रैल को यहां चेंबूर इलाके में एक पेड़ से शव लटका मिला था।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
तिलक नगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि हालांकि शुरू में पुलिस ने ADR दर्ज की थी, लेकिन उन्हें संदेह था कि व्यक्ति की हत्या की गई है क्योंकि शरीर पर कुछ निशान पाए गए थे।
घटना के बाद जब पुलिस ने उस इलाके के निवासियों से पूछताछ की जहां शव मिला था, तो कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि उन्होंने घटना के दिन 2 लोगों को पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए देखा था।
अधिकारी ने बताया कि लोगों ने पुलिस को यह भी बताया कि उन्होंने हस्तक्षेप करने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में वे वहां से चले गए क्योंकि हमलावरों ने उनकी बात नहीं सुनी।
दो आरोपी हुए गिरफ्तार
इनपुट के आधार पर, पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया और अधिक जानकारी एकत्र की।
अधिकारी ने बताया कि सबूतों की मदद से पुलिस ने बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान गौतम बोराडे उर्फ टकलाया (28) और अफजल शेख (20) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने उस व्यक्ति की हत्या कर दी थी और बाद में शव को कपड़े की रस्सी से लटका दिया था।
हमला करने के बाद हो गई मौत
आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना वाले दिन वे तीनों नशे में थे। अधिकारी ने कहा, उस व्यक्ति ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर उस पर गंभीर हमला किया और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 302 (हत्या) समेत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुंबई हिट-एंड-रन में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 76 वर्षीय व्यक्ति की मौत.....
28 Jun, 2023 05:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई के मुलुंड में मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 76 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि हिट-एंड-रन मामले में कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुलुंड पुलिस के अनुसार, दुर्घटना रात 8.45 बजे हुई जब 22 वर्षीय अमरेश यादव ने अपनी कार से सड़क के किनारे चल रहे तुकाराम सावंत और पास में स्कूटर चालक को टक्कर मार दी।
ड्राइवर पर कई धाराओं में मामला हुआ दर्ज
इसके बाद ड्राइवर अपनी कार छोड़कर भाग गया। सावंत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटर चालक बुरी तरह घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। अमरेश यादव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने, चोट पहुंचाने और मौत का मामला दर्ज किया गया है।
Vistara Airlines में फोन पर 'अपहरण' की बात कर रहा था शख्स...
23 Jun, 2023 02:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई पुलिस ने एक यात्री को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान रितेश संजयकुकर जुनेजा के रूप में हुई है। यह व्यक्ति विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट में सवार था। उड़ान चालक दल के सदस्यों की शिकायत पर उसे गिरफ्तार किया गया। सदस्यों ने उस व्यक्ति को फोन पर 'अपहरण' के बारे में बात करते हुए सुना था।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, यात्री ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार है, जिसके चलते उसने फ्लाइट में ऐसी बातचीत की। फ्लाइट और रूट के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
मुंबई की सहार पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 336 (उन अपराधों से संबंधित जो दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डाल सकते हैं) और 505(2) (जो अफवाहें फैलाने या चिंताजनक समाचार फैलाने जैसे अपराधों से संबंधित है) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर रही है। आगे की जांच जारी है।
उद्धव ठाकरे के करीबियों पर ED का एक्शन....
21 Jun, 2023 02:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई में बीएमसी के कोविड सेंटर घोटाले केस को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा कसता जा रहा है। ईडी की टीम ने बुधवार सुबह 16 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की है। ये छापेमारी राजधानी मुंबई में हुई है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के करीबियों पर छापेमारी हुई है। इनमें से कुछ लोग पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे के भी करीबी हैं।
जानकारी के मुताबिक, छापेमारी शिवसेना (यूबीटी) की युवा सेना सचिव सूरज चव्हाण के ठिकाने पर भी हुई है। जिन आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, उनमें बीएमसी अधिकारी, सप्लायर्स और आईएएस अधिकारी भी शामिल हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने उठाए सवाल
राज्य के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र विधानसभा में एक रिपोर्ट पेश की है। फडणवीस का आरोप है कि महानगरपालिका का प्रशासन पूरी तरह अपारदर्शी और भ्रष्ट था। यह रिपोर्ट सिर्फ 12 हजार करोड़ रुपये का काम के बारे में है, लेकिन पूरा काम और चौंकाने वाली चीजें उजागर करेगा।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि कोविड-19 महामारी के दौरान अनियमितताओं के अलावा जांच में यह भी पाया गया कि दो अलग-अलग विभागों में 20 कार्य बिना निविदा के प्रदान किए गए थे।
किरीट सोमैया ने लगाया घोटाले का आरोप
बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने कोरोना काल में कोरोना सेंटर में मेडिकल इक्विपमेंट्स खरीदने के मामले में घोटाले का आरोप लगाया था। इस मामले में बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल से भी पूछताछ की जा चुकी है। चहल पर आरोप है कि उन्होंने कोविड सेंटर के कॉन्ट्रैक्ट बेनामी कंपनियों को दिए थे। इनमें से ज्यादातर कंपनियों को मेडिकल फील्ड में कोई अनुभव नहीं था, फिर भी इन्हें कॉन्ट्रैक्ट दिया गया। ये घोटाला करीब 100 करोड़ रुपये का बताया जाता है।
17 वर्षीय किशोरी ने रची खुद के अपहरण की झूठी कहानी......
19 Jun, 2023 03:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले की 17 वर्षीय एक लड़की कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ अपहरण की झूठी कहानी रचने के बाद कोलकाता भाग गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विरार थाने के वरिष्ठ निरीक्षक कल्याण करपे ने बताया कि यहां विरार इलाके की रहने वाली और एक कंपनी के हाउसकीपिंग सेक्शन में काम करने वाली लड़की शुक्रवार को काम पर गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। इसके बाद उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
अधिकारी ने बताया कि इस बीच, लड़की ने अपने भाई को व्हाट्सअप संदेश में दावा किया कि उसका 'अपहरण' किया गया है। उसके परिवार से शिकायत मिलने के बाद, पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 363 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया।
लड़की ने प्रेमी के साथ कोलकाता के लिए भरी उड़ान
अधिकारी ने कहा कि पुलिस जांच दल ने कई सुरागों पर काम किया और पता चला कि लड़की ने अपने प्रेमी के साथ पश्चिम बंगाल के कोलकाता के लिए उड़ान भरी थी।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस की एक टीम दोनों का पता लगाने के लिए कोलकाता गई है।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा.....
13 Jun, 2023 04:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां एक ऑयल टैंकर दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। यह दुर्घटना कितनी भीषण थी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हादसे के बाद हाईवे में ही आग लग गई। इस घटना में चार लोगों की मौत हुई है, वहीं तीन लोग घायल हैं। हाईवे के एक साइड पर ट्रैफिक को रोक दिया गया है और सिर्फ एक ही तरफ से वाहनों को निकाला जा रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना लोनावाला और खंडाला के बीच घटी। टैंकर में कोई रासायनिक पदार्थ भरा था। उन्होंने कहा कि दुर्घटना होने के बाद टैंकर में आग लगी और रसायन में विस्फोट होने से निकले अंगारे सड़क पर चल रहे वाहनों पर गिरने लगे। लोनावाला थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सड़क पर चल रहे चार वाहन चालक इस घटना में घायल हो गये और तीन की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि मृतकों में एक व्यक्ति टैंकर में सवार था। वहीं टैंकर में सवार दो लोग घायल हो गये। अफसरों ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और आग पर काबू पा लिया गया है।
सोशल मीडिया पर लगाई औरंगजेब की तस्वीर.......
12 Jun, 2023 05:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नवी मुंबई पुलिस ने मुगल बादशाह औरंगजेब की तस्वीर का इस्तेमाल अपनी व्हाट्सएप प्रोफाइल पिक्चर के तौर पर करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। व्यक्ति को वासी से गिरफ्तार किया, जो एक मोबाइल सेवा प्रदाता के आउटलेट में काम करता है। हालांकि, बाद में चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया गया। एक अधिकारी रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा, औरंगजेब की प्रोफाइल पिक्चर का स्क्रीनशॉट एक हिंदू संगठन द्वारा पुलिस को सौंपा गया था, जिसके बाद भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 298 (धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से जानबूझकर किया गया कृत्य) और 153-ए (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है।
औरंगजेब और टीपू सुल्तान के कथित महिमामंडन को लेकर हाल ही में महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं हुई हैं। कोल्हापुर शहर में बुधवार को कुछ स्थानीय लोगों द्वारा टीपू सुल्तान की तस्वीर के कथित इस्तेमाल के साथ-साथ आपत्तिजनक ऑडियो संदेश को सोशल मीडिया 'स्टेटस' के रूप में इस्तेमाल किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पथराव हुआ।
इससे पहले अहमदनगर में एक जुलूस में औरंगजेब की तस्वीरें लगाई गई थीं। संगमनेर शहर में एक लड़के की कथित हत्या के जवाब में सकल हिंदू समाज की रैली के दौरान पत्थर फेंके गए। दो लोग घायल हो गए और पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने बताया कि संगमनेर में ही एक धार्मिक जुलूस के दौरान औरंगजेब का एक पोस्टर लगाया गया था जिसमें आपत्तिजनक नारे लगाए गए थे।
शरद पवार का बड़ा फैसला.....
10 Jun, 2023 01:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी संगठन में दो अहम बदलाव किए गए हैं। पवार ने प्रफुल्ल पटेल और सुप्रिया सुले को NCP का कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की घोषणा की है।
अजित पवार को किया नजरअंदाज
शरद पवार के इस फैसले को अजित पवार के लिए झटका भी माना जा रहा है।
धुले में टीपू सुल्तान के अवैध स्मारक पर बवाल.....
10 Jun, 2023 01:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र| महाराष्ट्र में औरंगजेब और टीपू सुल्तान को लेकर विवाद लगातार जारी है। इस बीच राज्य के धुले में टीपू सुल्तान के एक स्मारक को लेकर विवाद भड़क उठा। बताया गया है कि यहां एक चौक पर टीपू सुल्तान का अवैध स्मारक बना था। इसे लेकर हाल ही में स्थानीय हिंदू संगठन- भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने शिकायत की, जिसके बाद नगरपालिका ने स्मारक को हटाने का निर्देश जारी कर दिया।
धुले के एसपी संजय बारकुंड के मुताबिक, टीपू सुल्तान का स्मारक मुख्य सड़क पर ही बना था, जबकि इसकी कोई मंजूरी नहीं थी। हमें खबर मिली थी कि यह अवैध स्मारक है। हमने इसे हटवाने के लिए बैठक की। इस घटना के सामने आने के बाद ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी के विधायक फारुख शाह खुद विवाद वाले स्थल पर पहुंचे और टीपू सुल्तान का स्मारक हटवाया।
लिव-इन पार्टनर को अपना चाचा बताती थी सरस्वती.....
9 Jun, 2023 01:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के ठाणे में हुए लिव-इन पार्टनर हत्याकांड में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। सरस्वती वैद्य की हत्या के आरोपी मनोज साने ने पुलिस को बताया था कि वो एचआईवी पॉजिटिव है। मनोज ने पूछताछ में ये भी बताया कि उसने सरस्वती की हत्या नहीं की है, बल्कि उसने तीन जून को ही खुदकुशी कर ली थी। पुलिस आरोपी मनोज से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि 56 वर्षीय मनोज साने पर अपनी लिव-इन पार्टनर 36 वर्षीय सरस्वती वैद्य की हत्या का आरोप है। दोनों पिछले कुछ सालों से मीरा रोड के नया नगर क्षेत्र में स्थित गीता आकाशदीप बिल्डिंग में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से मनोज के फ्लैट से बदबू आ रही थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस फ्लैट में घुसी तब इस हत्याकांड का खुलासा हुआ।
मनोज साने ने सरस्वती की लाश के कई टुकड़े किए हुए थे। लाश को वो ठिकाने नहीं लगा पाया तो उसने इन्हें कुकर में उबाल दिया। इसके बाद मिक्सी में पीसा। पुलिस ने घर के बर्तनों में सरस्वती की लाश के अलग-अलग हिस्से बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन के बीच अहम जानकारी हाथ लगी है।
सरस्वती की दोस्त का बड़ा खुलासा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सरस्वती अनाथ थी और वो अनाथालय में रहती थी। सरस्वती की अनाथालय की दोस्त ने पुलिस के सामने बड़ा खुलासा किया है। सरस्वती की दोस्त ने बताया कि उसने हमें बताया था कि वो अपने चाचा के साथ रहती है।
सरस्वती ने कहा था- चाचा के साथ रहती हूं
सरस्वती की दोस्त भी इस हत्याकांड के बाद हैरान है। उसकी दोस्त ने बताया, 'सरस्वती ने कहा था कि वो मुंबई में एक फ्लैट में रहती है। उसके साथ उसका चाचा भी साथ रहता है।'
सरस्वती ने खुदकुशी की: मनोज साने
इससे पहले, मनोज ने बताया कि उसने सरस्वती की हत्या नहीं की, बल्कि सरस्वती ने 3 जून को खुदकुशी कर ली थी। सरस्वती की मौत के बाद वह डर गया था कि उस पर उसकी हत्या का आरोप लगाया जाएगा, इसलिए उसने उसके शरीर को ठिकाने लगाने का फैसला किया। मनोज ने पुलिस को ये भी बताया है कि वह एचआईवी+ है।
शरद पवार और संजय राउत को मिली जान से मारने की धमकी.....
9 Jun, 2023 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार और उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। यह धमकी एक वेबसाइट के जरिए दी गई है। पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने पुलिस से मदद और न्याय की गुहार लगाई है। वह मुंबई पुलिस कमिश्नर से मिलने भी पहुंचीं।
वेबसाइट के जरिए पवार को दी गई धमकी
सुप्रिया सुले ने कहा, ''मुझे व्हाट्सएप पर पवार साहब के लिए एक संदेश मिला। उन्हें एक वेबसाइट के माध्यम से धमकी दी गई है। इसलिए मैं पुलिस के पास न्याय मांगने आई हूं।''
संजय राउत के भाई ने दी जानकारी
शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत और उनके भाई सुनील राउत को गुरुवार से जान से मारने की धमकी भरे फोन आ रहे हैं। उद्धव ठाकरे गुट के विधायक सुनील राउत ने बताया कि धमकी भरे संदेश में मीडिया से बात नहीं करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस आयुक्त और राज्य के गृह मंत्री को इस बारे में जानकारी दे दी है।
''इस तरह की हरकतें निचले स्तर की राजनीति''
सुप्रिया ने कहा, ''मैं महाराष्ट्र के गृह मंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से भी न्याय की गुहार लगाती हूं। इस तरह की हरकतें निचले स्तर की राजनीति हैं, जिसे बंद करना चाहिए।''
ठाणे के किशोर ने हासिल किए 92% स्कोर, फिर भी की आत्मत्या.....
9 Jun, 2023 12:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 10वीं कक्षा की राज्य बोर्ड परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले 15 वर्षीय लड़के ने गुरुवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
उन्होंने बताया कि किशोरी ने वर्तक नगर इलाके में एक बहुमंजिली इमारत की 23वीं मंजिल से छलांग लगा दी, लेकिन आत्महत्या के कारण का पता नहीं चला है।
पुलिस ने कहा कि लड़के ने महाराष्ट्र शिक्षा बोर्ड की एसएससी (कक्षा 10) की परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए थे, जिसके परिणाम पिछले सप्ताह घोषित किए गए थे।
उन्होंने कहा कि ऊंची इमारत के निवासियों ने तेज आवाज सुनी और लड़के को करीब 2 बजे खून से लथपथ देखा।
पुलिस ने बताया कि आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस ने तोड़ा फ्लैट का दरवाजा तो बिखरे दिखे युवती के टुकड़े......
8 Jun, 2023 04:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली में हुए श्रद्धा वालकर हत्याकांड से अभी लोग पूरी तरह उभर नहीं पाए थे कि एक और रोंगटे खड़े कर देने वाला नया मामला सामने आ गया। विचलित कर देने वाला मामला महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में देखने को मिला है। मीरा इलाके में एक शख्स ने अपनी लिव-इन पार्टनर का बेरहमी से कत्ल कर दिया। इतना ही नहीं, दरिंदे ने युवती की लाश को धारदार हथियार से कई टुकड़ों में काट दिया। ये शख्स इतने में ही नहीं रुका उसने शव के टूकड़ों को कुकर में भी उबाला। फिलहाल, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। उससे पूछताछ चल रही है। इस मामले में एक के बाद एक हैरान कर देने वाली रिपोर्ट सामने आ रही है।
फ्लैट से आ रही थी बदबू
बता दें, दिल दहला देने वाला ये मामला मीरा रोड थाने पर स्थित एक सोसाइटी का है। 56 वर्षीय मनोज साहनी अपनी लिव-इन पार्टनर 32 वर्षीय सरस्वती वैद्य के साथ रहता था। सोसाइटी में रहने वाले अन्य लोगों को कुछ दिनों से मनोज के फ्लैट से बदबू आ रही थी। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। लोगों से सूचना मिलते ही नयानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट की जांच की। फ्लैट में घुसते ही पुलिस सन्न रह गई।
एक कमरे से मिले कई टुकड़े
बताया जा रहा है कि पुलिस जब दरवाजा तोड़कर फ्लैट के अंदर घुसी तो उसे एक कमरे में सरस्वती के शरीर के कई टुकड़े बिखरे मिले। वहीं, एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस को देखते ही साहनी ने भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने उसे दबोच लिया। बाद में जब पुलिस फ्लैट के अंदर गई तो देखा कि युवती का कटा हुआ पैर पड़ा था। कहा जा रहा है कि आधे से ज्यादा युवती के शरीर को आरोपी नष्ट कर चुका था।
ऐसे किए सबूत नष्ट
वहीं, आसपास के लोगों ने बताया कि मनोज को पहले कभी कुत्तों के साथ नहीं देखा था। जबकि कुछ दिनों से वो कुत्तों को रोजाना कुछ न कुछ खिलाता हुआ दिखता था। पुलिस बयान से अंदाजा लगा रही है कि आरोपी ने जरूर शव के टुकड़ों को कुत्तों को खिलाया होगा। वहीं, यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि उसने कुछ टुकड़ों को फ्लश भी किया होगा।
रिपोर्ट के अनुसार, युवती के हत्या दो से तीन दिन पहले की गई है। इस बीच वह करीब सात से आठ टुकड़े कुकर में उबाल चुका। जबकि पुलिस को एक कटा पैर और 13 शव के टुकड़े मिले हैं।
सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
वहीं, इस मामले को लेकर अब विपक्ष ने सरकार से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एनसीपी नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने राज्य के गृहमंत्री और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस से अपील करते हुए कहा कि इस मामले पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। जांच एजेंसियों को इस मामले में आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने और उसे मौत की सजा देने की कोशिश करनी चाहिए।
सीएम एकनाथ शिंदे ने अमित शाह से की मुलाकात
5 Jun, 2023 01:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र में शिवसेना और भाजपा आगामी चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह जानकारी दी है। बता दें कि रविवार को सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सीएम शिंदे ने इस मुलाकात की तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा भी की है।
शिंदे ने ट्वीट में लिखा कि 'हमने फैसला किया है शिवसेना और भाजपा आगामी चुनाव जिनमें लोकसभा, विधानसभा, स्थानीय निकाय चुनाव मिलकर लड़ेंगे।' शिंदे ने कहा कि शिवसेना-भाजपा गठबंधन महाराष्ट्र के विकास के लिए बना है और यह मजबूत है। भविष्य में भी हम साथ चुनाव लड़ेंगे और बहुमत से जीतकर महाराष्ट्र के हर क्षेत्र में देश का नंबर एक राज्य बनाना है। साथ ही विकास की दौड़ को भी बरकरार रखना है।
अमित शाह से मुलाकात पर शिंदे पर बताया कि कई मुद्दों जैसे कृषि और सहकारिता आदि पर बात हुई। शिंदे ने कहा कि राज्य में अधूरे पड़े कामों में तेजी लाई जाएगी और जल्द ही उन्हें पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम हमेशा प्रधानमंत्री मोदी से विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर सलाह लेते हैं। सहकारिता के मुद्दे पर भी अमित शाह से बातचीत हुई। बता दें कि अमित शाह और एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस के बीच हुई ये मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब महाराष्ट्र में शिंदे सरकार को सत्ता में आए करीब एक साल होने वाला है।
लगेज के एक्सट्रा पैसे देने पर बोली महिला.....
2 Jun, 2023 03:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बुधवार को एक महिला यात्री ने दावा किया कि वह अपने बैग में बम लेकर जा रही है। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
मेरे बैग में बम है- महिला
मुंबई से कोलकाता जा रही महिला से सामान के लिए अतिरिक्त भुगतान करन को कहा गया था। जिसके बाद उसने बैग में बम होने की बात कही। एक अधिकारी ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि उसके सामान की तलाशी ली गई और उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि यह घटना 29 मई को हुई जब दक्षिण मुंबई की एक महिला अपने पति और बच्चों के साथ अपनी मां से मिलने के लिए कोलकाता जाने वाली थी। चेक-इन काउंटर पर पहुंचने के बाद, उसने एक एयरलाइन कर्मचारी से बोर्डिंग पास मांगा और दो बैग कर्मचारियों को सौंप दिए।
बैग के अधिक वजन के पैसे देने की कही थी बात
एयरलाइन के नियमों के अनुसार, प्रत्येक घरेलू यात्री के लिए अधिकतम 15 किलोग्राम वजन वाले एक बैग को चेक-इन करने की अनुमति है। चूंकि महिला के बैग का वजन कुल 22.05 किलोग्राम था, इसलिए उसे अतिरिक्त सामान के लिए भुगतान करने के लिए कहा गया।
हालांकि, महिला ने कथित तौर पर अतिरिक्त वजन के लिए भुगतान करने से इनकार कर दिया और एयरलाइन कर्मचारियों के साथ बहस करने लगी। अधिकारी ने बताया कि बाद में उसने दावा किया कि उसके एक बैग में बम है।
CISF को बैग में नहीं मिला बम
हालांकि ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के कर्मियों ने उसके बैग की जांच की और उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया, लेकिन महिला के दावे से हवाईअड्डे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। इसके बाद महिला को सहार पुलिस को सौंप दिया गया, जिसने उसके खिलाफ FIR दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने महिला को अगले दिन अदालत में उपस्थित रहने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने मामले में चार्जशीट भी पेश की।