भागलपुर। दीप नगर मोहल्ले में किराये के कमरे में रह रही 22 वर्षीय छात्रा सुलेखा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव दुपट्टे के फंदे से फर्श पर अधलेटा मिला। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। 

एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना जोगसर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस को कमरे से एक चकनाचूर मोबाइल मिला, जिसकी बैटरी अलग पड़ी थी और सिम गायब था। इसके अलावा मृतका के बैग से एक दूसरा बंद मोबाइल, दो आधार कार्ड की फोटो कॉपी, एक डायरी और सिम से संबंधित एक लिफाफा बरामद किया गया है।

तीन महीने से किराए पर रह रही थी युवती

कमरे में सामान बिखरा होने से साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है, साथ ही जबरदस्ती की भी जांच की जा रही है। बताया जाता है कि सुलेखा पिछले तीन महीनों से एक मकान के चौथे तल पर बने सिंगल कमरे में किराये पर रह रही थी।

कैसे खुला मामला?

जानकारी के मुताबिक जब इसी मकान की दूसरी किरायेदार मोटर चलाने के लिए छत पर गई तो उसने मृतका के कमरे का दरवाजा खुला देखा। इसके बाद जब उसने अंदर झांका तो छात्रा फंदे से लटकी मिली।  कमरे में लाश देखकर किरायेदार ने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।

पिता की दिसंबर में हुई थी मौत

मृतका मूल रूप से लोदीपुर के तहबलपुर की रहने वाली थी। उसके पिता की दिसंबर माह में बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद वह किराये पर रहकर काम करने के साथ-साथ बिहार पुलिस की तैयारी भी कर रही थी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।