हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन यार्ड में ट्रेनों के संचालन को अधिक तेज एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से स्थायी गति प्रतिबंधों (पीएसआर) में संशोधन किया गया है। 30 अप्रैल 2026 से लागू इस संशोधन के तहत यार्ड के विभिन्न सेक्शनों में पूर्व निर्धारित 10 किमी/घंटा की गति को बढ़ाकर 15 किमी/घंटा एवं चयनित लाइनों पर 30 किमी/घंटा किया गया है।
संशोधित गति निम्नानुसार लागू की गई है—
लाइन संख्या 11 से अप प्रयागराज लाइन तक: 10 से 30 किमी/घंटा
डाउन प्रयागराज लाइन से प्लेटफॉर्म संख्या 1 तक: 10 से 15 किमी/घंटा
डाउन लखनऊ लाइन से प्लेटफॉर्म संख्या 2 तक: 10 से 15 किमी/घंटा
अप रिलीफ लाइन से प्लेटफॉर्म संख्या 3 तक : 10 से 30 किमी/घंटा
अप मेन लाइन से प्लेटफॉर्म संख्या 3 तक : 10 से 15 किमी/घंटा
प्लेटफॉर्म संख्या 1 से डाउन रिलीफ लाइन तक : 10 से 15 किमी/घंटा
प्लेटफॉर्म संख्या 2 से डाउन मेन लाइन तक : 10 से 15 किमी/घंटा
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि इन संशोधनों के अनुरूप यार्ड में सभी चिन्हित स्थानों पर गति संकेतक (स्पीड बोर्ड) संशोधित कर दिए गए हैं। संबंधित कर्मचारियों, विशेषकर लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर को शेड नोटिस एवं काउंसलिंग के माध्यम से इन परिवर्तनों की जानकारी दी गई है तथा संशोधित गति को काशन ऑर्डर में भी सम्मिलित किया गया है। साथ ही, अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु नियमित फुटप्लेट निरीक्षण किया जा रहा है तथा आगामी दिनों में क्रू की सतत काउंसलिंग एवं मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। इस पहल से यार्ड में ट्रेनों का आवागमन तेज होगा तथा समयपालन में सुधार होगा। इसके अतिरिक्त, यार्ड की क्षमता एवं परिचालन दक्षता में वृद्धि के साथ-साथ सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में भी यह कदम सहायक सिद्ध  होगा।