ख़बर
करनाल में हवलदार ने ऑनलाइन सट्टा हारने के बाद किया अपहरण, 2 करोड़ की मांगी फिरौती
9 Jan, 2025 02:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के गांव खेड़ीनरु के संदीप नरवाल के अपहर्ताओं का रिमांड पूरा होने के बाद सीआईए-टू ने बुधवार को तीनों बदमाशों को शुक्रवार को जेल भेज दिया।
अपहरण में शामिल मधुबन में तैनात हवलदार नरेंद्र ऑनलाइन सट्टे में लाखों रुपये हार चुका था। वह कर्ज में डूब चुका था। इसी कर्ज को उतारने के उसने दो बदमाश दोस्तों के साथ मिलकर साजिश रची। वह संदीप को तीन वर्ष पहले से जानता है।
ऐसे रची थी साजिश
मधुबन में तैनात हवलदार हिसार के गांव कापड़ो निवासी नरेंद्र ने अपने दोस्त सोनीपत के गांव हलालपुर निवासी सुरेंद्र और गांव भैंसवाल निवासी अक्षय के साथ मिलकर चार जनवरी की दोपहर को संदीप नरवाल का अपहरण कर लिया था।
इसके बाद संदीप के मोबाइल से ही उसके पिता को इंटरनेट मीडिया कॉल करके दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस पीछे लगी तो बदमाशों को जहां से रास्ता मिला, वे भागते रहे। गोहाना के गांव बिचपड़ी के पास बदमाशों की कार पलट गई।
ऑनलाइन सट्टे में हार गया था लाखों रुपये
इसके बाद पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार करके संदीप को सकुशल बरामद कर लिया। सीआईए-टू के एसआई मनोज ने बताया कि हवलदार नरेंद्र ऑनलाइन सट्टा खेलता है। इस सट्टे में वह लाखों रुपये हार चुका है। यह रकम उसने अपने परिचितों से ली थी। अब कर्जा चुकाने के लिए उसके पास पैसे नहीं थे।
बदमाश सुरेंद्र और अक्षय से उसकी करीब तीन वर्ष से दोस्ती है। नरेंद्र ने ही दोनों को अपहरण के लिए तैयार किया था। बदमाशों ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी तस्कर से दो पिस्तौल और चार कारतूस 60 हजार रुपये में खरीदे थे।
वारदात से पहले बदली थी कार की नंबर प्लेट
जिस कार में संदीप का अपहरण किया गया, वह बदमाश अक्षय के नाम पर पंजीकृत है। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने कार की नंबर प्लेट बदल दी। बदमाश सबसे पहले जींद पहुंचे और संदीप का सिम अपने मोबाइल में डालकर उसके पिता को फिरौती के लिए कॉल की।
दो करोड़ से शुरू होने के बाद बदमाश 80 लाख रुपये तक आ गए थे। कॉल की जानकारी पुलिस को मिलती रही, जिसके चलते पुलिस समय रहते बदमाशों को पकड़ सकी।
संदीप ने कम समय में की अच्छी कमाई तो बनाया टारगेट
नरेंद्र ने करीब दो वर्ष पहले अपने भाई को अमेरिका भेजने के लिए संदीप नरवाल से संपर्क किया था। तब अमेरिका भेजने का खर्च 40 लाख रुपये बताया गया, लेकिन नरेंद्र रकम का इंतजाम नहीं कर पाया था।
वह संदीप के संपर्क में रहा। नरेंद्र को पता था कि इमीग्रेशन एजेंट के रूप में काम करके संदीप कम समय में काफी रुपये कमा चुका है। संदीप के अपहरण से उसे अच्छी रकम मिल सकती है। इसलिए संदीप का अपहरण किया।
अपहरण से पहले संदीप के घर गया था चाय पीने
नरेंद्र एक जनवरी को संदीप के गांव खेड़ीनरु स्थित घर पहुंचा था। संदीप के स्वजन भी नरेंद्र को अच्छी तरह जानते हैं। उस दिन संदीप घर नहीं मिला। नरेंद्र ने काफी समय उसके घर चाय पी और उसके पिता व पत्नी से बातें की।
नरेंद्र को पता था कि संदीप अपनी बेटी को कोचिंग जाने को छोड़ने के लिए एक से डेढ़ बजे के बीच बस स्टैंड पर आएगा। बदमाशों ने इसी समय को उसके अपहरण के लिए चुना।
26वीं शादी की सालगिरह पर कपल ने की आत्महत्या
9 Jan, 2025 01:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र में नागपुर से एक दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पति-पत्नी ने अपनी शादी की 26वीं सालगिरह पर खुदकुशी कर ली। एक हंसते-खेलते कपल ने दुनिया से इस कदर विदाई ली कि सभी की आंखें नम हो गईं।
बता दें कि 7 जनवरी, 2025 को उनकी शादी की सालगिरह थी। इस दिन उन्होंने आत्महत्या से पहले शादी का जोड़ा पहना, एक वीडियो बनाया और उसे अपने व्हॉट्सएप स्टेटस पर अपलोड किया। इसके बाद उन्होंने घर में नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुसाइड से पहले कपल ने अपनी सालगिरह का जोरदार जश्न मनाया और उसी रात एक साथ आत्महत्या कर ली। पति ने पत्नी को पहले मरने दिया। उसके शव को सफेद चादर से लपेटा और आसपास फूल भी बिखेरे। उसके बाद फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। दोनों ने अंतिम इच्छा जाहिर की थी कि उन्हें एक ही ताबूत में एक साथ दफन किया जाए। कपल की यह दर्दनाक विदाई कई सवाल छोड़ गई है.. जिनका जवाब शायद कभी न मिल सके।
57 वर्षीय जेरिल डैमसन ऑस्कर मॉनक्रिफ का शव रसोई में लटका हुआ पाया गया, जबकि उनकी पत्नी, 46 वर्षीय ऐनी, ड्राइंग रूम में बिस्तर पर बेसुध पड़ी थी। 26 साल पहले पहनी गई अपनी दुल्हन की पोशाक में, एनी का शव बड़े करीने से सफेद कपड़े में लिपटा हुआ था और उस पर फूल बिखरे हुए थे।
पुलिस ने कहा कि जेरिल ने संभवतः अपनी पत्नी को पहले अपनी जान लेने दी। पुलिस ने कहा कि रस्सी से उसके शव को अलग करने के बाद, जेरिल ने उसे कपड़े से ढक दिया और उस पर फूल रखे और फिर छत से दुपट्टे से खुद को लटका लिया।
सोशल मीडिया पर डाले दो सुसाइड नोट
आत्महत्या के की इस घटना के बाद मंगलवार को खास तौर पर मार्टिन नगर इलाके में दुख की लहर पैदा कर दी। निःसंतान दंपति ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस को विदाई संदेश के साथ अपडेट किया और स्टाम्प पेपर पर एक अनौपचारिक वसीयत सहित दो सुसाइड नोट अपलोड किए। जिसके बाद उनके इस कदम को लेकर लोगों में भी कई सवाल पैदा हो गए हैं, लेकिन पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला।
वीडियो में ऐनी ने परिवार से अपने परिजनों के बच्चों की देखभाल करने का आग्रह किया और सुसाइड करने से पहले उन्हें शुभकामनाएं दीं।
दो सुसाइड नोट, जिसमें मूल रूप से उनके कठोर निर्णय के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया था और बड़ों से अनुरोध किया गया था कि वे बाकी लोगों के बीच संपत्तियों का निर्बाध वितरण सुनिश्चित करें। यह उनके स्व-प्रेरित निर्णय को दर्शाता है, लेकिन आत्महत्या के उद्देश्य को नहीं दर्शाता। कोई भी यह नहीं समझ पाया कि उनके मन में क्या था, जब उन्होंने ठीक 12 बजे अपनी सालगिरह का केक काटा और खुशी मनाई।
और उस मार्मिक क्षण को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता था जब उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार, उन्हें मंगलवार की शाम को जरीपटका कैथोलिक कब्रिस्तान में एक ही ताबूत में हाथों में हाथ डाले दफनाया गया।
दोनों के शव के लिए बना एक ही ताबूत
माइकल ने बताया, तीसरी पीढ़ी के अंत्येष्टिकर्ता विजय एलिक माइकल के लिए मोनक्रिफ्स का ताबूत अपनी तरह का पहला था। मैं पिछले पांच दशकों से ताबूत बना रहा हूं, लेकिन यह पहली बार था जब मैंने एक जोड़े के लिए एक ही ताबूत बनाया। उनके रिश्तेदारों ने कहा कि यह दिवंगत की इच्छा थी कि उन्हें एक साथ दफनाया जाए और उसी पोशाक में जिसे उन्होंने 26 साल पहले अपनी शादी के दिन पहना था और वह भी एक-दूसरे का हाथ थामे हुए।
बड़े होटलों में शेफ रह चुके थे जेरल
कोरोना महामारी के दौरान नौकरी छोड़ने से पहले जेरिल कई बड़े होटलों में शेफ के तौर पर काम करते थे। वे होटल की अपनी नौकरी पर वापस नहीं लौटे। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि जेरिल ब्याज पर पैसे उधार देते थे, जबकि एनी गृहिणी थीं।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि सुबह 5.47 बजे सोशल मीडिया पर अपडेट की गई ऐनी की वीडियो को एक रिश्तेदार ने देखा, जो आस-पास रहता है और उसने उसकी माँ को सचेत किया। महिला ने फिर जोड़े के अन्य रिश्तेदारों को सूचित किया, जो मोनक्रिफ जोड़े के निवास पर पहुंचे, लेकिन उन्हें मृत पाया और पुलिस को एक एसओएस भेजा गया।
एक पारिवारिक सूत्र ने कहा, वे बहुत प्यार करते थे और दूसरों के साथ उनके सौहार्दपूर्ण संबंध थे।
जरीपटका थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अरुण शिरशात ने कहा, रिश्तेदारों ने जेरिल के शव को नीचे उतारा और उसे रसोई के फर्श पर लिटा दिया। पत्नी का शव ड्राइंग रूम में था। उन्होंने कहा कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है और अभी तक किसी साजिश का संदेह नहीं है।
शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपने से पहले मेयो अस्पताल में शव परीक्षण किया गया। आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उनके मोबाइल फोन को मूल्यांकन और विश्लेषण के लिए क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में भेजेगी।
कोहरे के कारण तापमान में गिरावट, बालसमंद रहा सबसे ठंडा, ऑरेंज अलर्ट जारी
9 Jan, 2025 01:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिसार। उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलते रात के तापमान में गिरावट हुई है। इसके चलते हिसार के बालसमंद और जींद का क्षेत्र प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। दोनों जगह का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों ने वीरवार को प्रदेश के चार जिलों में कोहरे का ओरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं 11 जनवरी को प्रदेश में वर्षा की संभावना भी व्यक्त की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में ठंडी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 10 जनवरी रात से हवाओं में परिवर्तन होगा और उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। इससे 11 और 12 जनवरी को हल्की वर्षा हो सकती है।
मौसम में बदलाव के चलते अभी प्रदेश में कोहरा छाने की संभावना है। इसके चलते चार जिलों में ओरेंज अलर्ट तो 10 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट रहेगा। प्रशासन की तरफ से कोहरे में आराम से वाहन चलाने का आह्वान किया गया है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो 13 जनवरी के बाद मौसम साफ रहने के साथ ठंड बढ़ सकती है।
ओरेंज अलर्ट : अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, यलो अलर्ट : पंचकूला, यमुनानगर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी
धूप खिली तो बाहर आया शेर
कई दिन बाद बुधवार को धूप खिली। रोहतक में दिल्ली रोड स्थित लघ़ु चिड़ियाघर में जानवर भी अपने िपंजरों से बाहर निकले। इस दौरान शेर ने खूब दहाड़ लगाई। साथ ही शेर को देखकर छोटे बच्चे भी आवाज लगा रहे थे कि देखो-देखो शेर आया।
शाम पांच बजे तक खिली धूप
बता दें कि चरखी दादरी में बीती रात व सुबह तक ठंड का प्रकोप बने रहने के साथ-साथ बर्फीली हवाएं चलती रहीं। लेकिन सुबह आठ बजे के बाद ही पहले हल्की धूप और फिर दो घंटे बाद तेज धूप निकलने से लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड से काफी राहत मिली।
शाम पांच बजे तक धूप खिली रही तथा अधिकतम तापमान में तेजी दिखाई दी। बदले मौसम का असर सामान्य जनजीवन पर नजर आया। खुले मौसम, दिनभर धूप निकलने के कारण नगर के बाजारों, मंडियों, सार्वजनिक स्थानों पर काफी चहल पहल दिखाई दी।
हरियाणा में मनरेगा घोटाला, विदेश गए लोगों के नाम पर बने फर्जी जॉब कार्ड
9 Jan, 2025 01:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कैथल। हरियाणा के कैथल में मनरेगा में गड़बड़ी की आशंका आखिर सच साबित हुई। शुरुआती जांच में गांव ककराला इनायत और ककहेड़ी में अनियमितता मिली हैं।
गांव ककहेड़ी में दो ऐसे लोगों की मस्ट्रोल में हाजिरी लगाई गई है, जो विदेश में रहते हैं। उनके नाम से जॉब कार्ड बना फर्जी हाजिरी दिखाकर रुपये हड़पे जा रहे हैं।
इन लोगों को किया गया निलंबित
इस मामले में मनरेगा के मेट रणधीर सिंह, अनुज और सतपाल को निलंबित कर दिया गया है। सिंचाई विभाग के चार जेई के कार्यों में अनियमितताओं की आशंका जताई गई है। इनमें सरस्वती डिवीजन-3 के जेई सोनू, शुभम धीमान, सलिंद्र कुमार व मुनीष से नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा।
सीवन की खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी नेहा शर्मा ने सिंचाई विभाग की संबंधित डिवीजन को पत्र लिखा है। साथ ही जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में हुआ खुलासा
मंगलवार को जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद नवीन जिंदल के सामने मनरेगा में 11 माह में 18 करोड़ रुपये खर्च होने की रिपोर्ट पेश की गई थी। इस पर सांसद सहित डीसी प्रीति ने भी सवाल उठाए थे।
गुहला के कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस और और पूंडरी से भाजपा विधायक सतपाल जांबा ने बैठक में बताया था कि मनरेगा में उन्होंने जांच की थी, तो सामने आया था कि ऐसे लोगों के नाम से मस्ट्रोल में शामिल करके पैसे हड़पे जा रहे हैं, जो विदेश में हैं।
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
बीडीपीओ नेहा शर्मा ने कहा कि ककराला इनायत गांव से 40 से ज्यादा ऐसे लोगों के नाम मस्ट्रोल में चढ़ाए गए हैं, जो विदेश गए हुए हैं। सरपंच और सचिव से रिपोर्ट मांगी गई है। यह सिंचाई विभाग का कन्वर्जेंस का काम था, लेकिन इसमें लेबर हमारे विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जाती है।
वहीं, एक्सईएन दिग्विजय शर्मा ने कहा कि कमलजीत कौर की तरफ से शिकायत मिली थी, जिसमें तत्काल बीडीपीओ कार्यालय को भेज दिया गया था। जो भी दोषी पाया गया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीडीपीओ रिपोर्ट के अनुसार चार जेई के नाम इस अनियमितता में आए हैं।
गर्लफ्रेंड से झगड़े के बाद बॉयफ्रेंड ने फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोला, गिरफ्तार
9 Jan, 2025 01:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड के बीच झगड़े तो आमतौर पर देखे जाते हैं. लेकिन, अमेरिका के लोगान एयरपोर्ट के बो में GF और BF के बीच झगड़े ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि BF ने फ्लाइट की आपातकालीन खिड़की से कूदने का फैसला ले लिया. एक प्यूर्टो रिकान के यात्री का उसकी GF के साथ बहस हो गया. दोनों कुछ समय तक झगड़ते रहे.
बाद में बॉयफ्रेंड रनवे पर चल रही फ्लाइट की आपातकाली खिड़की को ओर बढ़ा और उसे खोल दिया. कोई हादसा घटित होता उससे पहले ही फ्लाइट में मौजूद दूसरे यात्रियों ने रोक लिया. यात्री की हरकत की वजह से आपातकालीन स्लाइड में हवा भर गई. यात्री की इस हरकत की वजह से घटना के बाद मोरालेस टोरेस नाम के शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. टोरेस पर जेटब्लू फ्लाइट के रनवे के दौरान इमरजेंसी एग्जिट गेट खोलने का आरोप है.
एक यात्री ने पुलिस को बताया कि एक बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड मेरे पीछे बहस कर रहे थे. अचानक से उसका BF गुस्सा हो गया और उठकर बीच की गलियारे में चला गया. उसके बाद उसने आपातकालीन द्वार को पकड़ा और खोल दिया. तभी FBI एजेंट ने उसे पकड़ लिया और हथकड़ी लगा दी. कुछ ही देर बाद वहां पुलिस फ्लाइट में आई और उसे उतार दिया. दूसरे यात्री फ्रेड व्यान ने मीडिया से बातचीत में इसकी जानकारी दी.
जमानत पर रिहा हुए मोरालेस टोरेस
रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल, उसके माता-पिता ने उसकी जमानत जमा करा दी है, लेकिन उन्हें उनके साथ रहने और भविष्य में अदालत में पेश होने के लिए मैसाचुसेट्स के अलावा कहीं और न जाने का आदेश दिया गया है. मोरालेस टोरेस के वकील मोंटेस ने कहा कि यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है. उन्होंने कहा कि मैं इसे आपराधिक मामले से ज़्यादा एक मानसिक बीमारी के तौर पर देखता हूं.
मोरालेस टोरेस को वापस पटरी पर आने के लिए मदद की जरूरत है. वह अभी युवा है, उसके आगे एक बड़ा भविष्य पड़ा हुआ है. एयरलाइन के मुताबिक, इस घटना के बाद इस फ्लाइट को दूसरी फ्लाइट से बदला गया और बाद में सैन जुआन के लिए रवाना किया गया. संघीय विमानन प्रशासन अब घटना की जांच कर रहा है.
लॉस एंजेलिस के जंगलों में लगी भीषण आग, कई बंगले जलकर खाक
9 Jan, 2025 01:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लॉस एंजेलिस। अमेरिका में कैलिफोर्निया का लॉस एंजेलिस क्षेत्र मंगलवार को तेज हवाओं की वजह से फैली पूरी तरह बेकाबू जंगल की आग से जूझता रहा। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 97 किलोमीटर प्रति घंटा होने की वजह से आग की लपटें तेजी से फैलीं। पांच लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। आग से एक हजार से अधिक घर नष्ट हो गए।
हॉलीवुड सितारोंके बंगले जलकर खाक हो गए हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों के लिए भागना पड़ा। चिंगारियां गिरने से हड़बड़ी में लोगों ने अपने वाहन छोड़ दिए, लोग पैदल भागते नजर आए और सड़कों पर जाम लग गया। बुधवार को लास एंजेलिस काउंटी में लगभग 1,88,000 घरों बिजली गुल रही। हवा की रफ्तार भी बढ़कर 129 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई।
खतरा कब टलेगा कुछ नहीं पता
लॉस एंजेलिस के अग्निशमन प्रमुख क्रिस्टन क्रोले ने कहा कि हम अभी खतरे से कतई बाहर नहीं हैं। हजारों अग्निशमन कर्मचारी आग पर काबू पाने में जुटे हुए थे। मंगलवार शाम लास एंजेलिस के उत्तर-पूर्व में स्थित एक प्रकृति संरक्षण क्षेत्र के पास आग लगी और जल्द ही 2,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैल गई।
लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि वरिष्ठ नागरिकों के एक निवास केंद्र के कर्मचारियों को दर्जनों बुजुर्गों को व्हीलचेयर और अस्पताल के बेड्स के जरिये सड़क पर एक पार्किंग स्थल तक ले जाना पड़ा। उन्हें वहां अपने बिस्तर के कपड़ों में ही एंबुलेंस एवं बसों का इंतजार करना पड़ा।
5,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र आग की चपेट में
कुछ घंटे पहले शुरू हुई एक और आग ने शहर के पैसिफिक पालिसैड्स के नजदीकी 5,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया जो समुद्र तट से लगा एक पहाड़ी क्षेत्र है। यह सांता मोनिका और मालिबू के बीच स्थित है। यहां कई फिल्म, टेलीविजन व संगीत सितारे और धनी एवं विख्यात लोग रहते हैं। इस क्षेत्र को 1960 के आसपास की हिट ''सर्फिन यूएसए'' में बीच बायज के लिए याद किया जाता है।
आग के कारण भागने को मजबूर लोगों में जेमी ली कर्टिस, मार्क हमिल, मैंडी मूर और जेम्स बुड्स जैसे सितारे शामिल हैं। सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की हड़बड़ी में लोगों के छोड़े वाहनों के कारण पॉलिसैड्स ड्राइव पर जाम लग गया और आपात सेवा के वाहनों के लिए बुलडोजर से कारों को किनारे कर रास्ता बनाया गया। 56 वर्षों से पॉलिसैड्स निवासी विल एडम्स ने कहा कि वहां रहते हुए उन्होंने कभी ऐसा कुछ नहीं देखा। उन्होंने देखा कि जैसे ही घर जलने लगे, आकाश भूरा और फिर काला हो गया।
अभिनेता जेम्स वुड्स ने डाला आग का वीडियो
उन्होंने जोरदार धमाके सुने, शायद ट्रांसफार्मर फट रहे थे। अभिनेता जेम्स वुड्स ने अपने घर के पास एक पहाड़ी पर झाड़ियों और ताड़ के पेड़ों के बीच जलती हुई आग की लपटों का फुटेज पोस्ट किया। एक्स पर पोस्ट एक छोटे वीडियो में उन्होंने कहा, ''अपने ड्राइववे में खड़ा हूं, निकासी के लिए तैयार हो रहा हूं।''
मंगलवार देर रात तक गेटी विला के मैदान पर कुछ पेड़ और वनस्पति जल गए थे, लेकिन स्टाफ व संग्रहालय संग्रह सुरक्षित थे क्योंकि आसपास की झाडि़यों को काट दिया गया था। विश्व प्रसिद्ध गेटी संग्रहालय प्राचीन ग्रीस और रोम की कला व संस्कृति पर केंद्रित है। रात 10.30 बजे के आसपास जंगल में आग की तीसरी घटना हुई और सैन फर्नांडो घाटी के सिलमार में 500 एकड़ से अधिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। यहां भी तत्काल लोगों को निकालने का काम शुरू करना पड़ा। चौथी आग की सूचना बुधवार सुबह कोचेला, रिवरसाइड काउंटी से मिली, हालांकि यह अपेक्षाकृत काफी छोटे इलाके में फैली। कारणों की जांच की जा रही है।
ड्यूटी पर बुलाने पड़े ऑफ-ड्यूटी कर्मचारी
स्थिति इस कदर विकट थी कि उससे निपटने के लिए लास एंजेलिस अग्निशमन विभाग को अपने उन कर्मियों से भी मदद की अपील करनी पड़ी जो ड्यूटी पर नहीं थे। हवाओं की रफ्तार बहुत तेज होने की वजह से अग्निशमन विमानों को उड़ान भरने में दिक्कतें हुईं। खराब मौसम की वजह से राष्ट्रपति जो बाइडन को इनलैंड रिवरसाइड काउंटी की यात्रा रद करनी पड़ी। वह लास एंजेलिस में रुके रहे, जहां उनके होटल से धुआं दिखाई दे रहा था और उन्हें जंगल की आग के बारे में जानकारी दी गई।
गवर्नर ने लगाया आपातकाल
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 70,000 निवासियों के लिए निकासी के आदेश जारी किए गए थे और 13 हजार से अधिक इमारतें खतरे में थीं। गवर्नर गेविन न्यूजाम ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि कई घर जल गए हैं। उन्होंने वहां आपातकाल की घोषणा कर दी। घायलों में ज्यादातर वे लोग हैं जिन्होंने निकासी आदेशों की अवहेलना की।
प्रियंका चोपड़ा ने पोस्ट किया वीडियो
लॉस एंजेलिस में रहने वाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने वहां के निवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''मेरी संवेदनाएं प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। उम्मीद है कि हम सभी आज रात सुरक्षित रहेंगे।'' उन्होंने आग का वीडियो भी पोस्ट किया।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में दो बहनों ने पिता को जलाकर उतारा मौत के घाट
9 Jan, 2025 01:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार को दो नाबालिग लड़कियों ने अपने पिता को जलाकर मार डाला। लड़कियों ने आरोप लगाया कि उनका पिता दोनों बहनों के साथ यौन उत्पीड़न करता था इसलिए उन्होंने पिता की हत्या कर दी। वहीं, पुलिस ने अब दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की दो पत्नियों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पिता से बदला लेने के लिए उठाया कदम
शहर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रिजवान तारिक ने एएफपी को बताया कि यौन उत्पीड़न का बदला लेने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया। यह घटना सोमवार को लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर गुजरांवाला के मुगल चौक में हुई।
पुलिस ने बताया कि 48 साल के अली अकबर ने तीन शादियां की थीं और उनसे उसके 10 बच्चे हैं, जबकि अकबर की पहली पत्नी का निधन हो गया था, बाकी दो पत्नियाँ और बच्चे किराए के घर में रह रहे थे।
दोनों लड़कियों को हिरासत में ले लिया गया
पुलिस के मुताबिक सोमवार को जब अकबर सो रहा था तो उसकी 12 और 15 साल की बेटियों ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वह गंभीर रूप से जल गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। दोनों लड़कियों को हिरासत में ले लिया गया और उन्होंने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि उनके पिता उनका यौन उत्पीड़न करते थे।
सोते समय पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग
उन्होंने कहा कि हम दोनों ने हमारे साथ यौन उत्पीड़न का बदला लेने के लिए अपने पिता को मारने की योजना बनाई। हमने उनकी (बाइक) से पेट्रोल लिया और उन्हें आग लगाने से पहले उन पर छिड़क दिया। पुलिस ने यह भी कहा कि हत्या का मामला दर्ज करने से पहले वे मृतक की दो पत्नियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
एक साल से बड़ी बहन के साथ कर रहे थे दुष्कर्म
पुलिस को दोनों सौतेली बहनों ने बताया कि उनके पिता एक साल से सबसे बड़ी लड़की के साथ दुष्कर्म कर रहे थे, और दो बार छोटी लड़की के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। बड़ी बात यह है कि उनकी माताएं ये सबकुछ जानती थीं। एक पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि उन्हें कुछ दिनों में अदालत के सामने पेश करेंगे।
रूस ने यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी शहर जापोरिज्जिया पर किए हवाई हमले, 13 लोगों की हुई मौत; 63 घायल
9 Jan, 2025 12:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कीव। रूस ने बुधवार को यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी शहर जापोरिज्जिया पर हवाई हमले किए। इस हमले में कम से कम 13 लोग मारे गए और 63 घायल हो गए। विस्फोट से घायल निवासियों के साथ-साथ सड़क पर शव बिखरे पड़े थे। अधिकारियों ने कहा कि हमले वाली जगह पर बचाव कार्य पूरा हो चुका है।
एक ट्रॉम और एक बस को को बनाया निशाना
यूक्रेन के अभियोजक जनरल कार्यालय ने टेलीग्राम पर कहा कि एक औद्योगिक सुविधा और अन्य बुनियादी ढांचे के साथ ऊंचे अपार्टमेंट ब्लॉक क्षतिग्रस्त हो गए। इसमें बताया गया कि मलबे ने एक ट्रॉम और एक बस को चपेट में ले लिया जिसमें यात्री सवार थे। जैसे ही आपातकालीन कर्मचारियों ने एक व्यक्ति को पुनर्जीवित करने की कोशिश की, पृष्ठभूमि में आग की तेज लपटें, धुआं और जली हुई कारें देखी जा सकती थीं।
यूक्रेन का दावा, स्वदेशी हथियार से रूस के 600 किमी अंदर मौजूद तेल डिपो किया तबाह
यूक्रेन ने रूस के अंदर एंगेल्स शहर में एक तेल डिपो पर हमला बोला। यह रूसी परमाणु बमवर्षक विमानों के लिए ईंधन की आपूर्ति करता था। हमले के बाद डिपो में भीषण आग लग गई। यह हमला इस मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि यूक्रेन का दावा है कि इसके लिए स्वदेशी हथियार का इस्तेमाल किया गया है। रूसी अधिकारियों ने क्षेत्र में बड़े ड्रोन हमले को स्वीकार किया है।
यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने कहा कि सीमा से लगभग 600 किलोमीटर पूर्व में रूस के सेराटोव क्षेत्र में एंगेल्स के पास तेल डिपो स्थित है। यूक्रेनी सेना ने क्रिस्टल तेल डिपो में कई विस्फोटों की सूचना दी। एंगेल्स वोल्गा नदी के बाएं किनारे पर स्थित है। यूक्रेनी राष्ट्रपति के सलाहकार आलेक्जेंडर कामिशिन ने यह संकेत देने के लिए हैशटैग मेड इन यूक्रेन का इस्तेमाल किया कि हमले में इस्तेमाल हथियार पश्चिम द्वारा आपूर्ति नहीं किए गए थे।
यूक्रेन युद्ध में 12,300 से अधिक नागरिक मारे गए
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पिछले साल कहा था कि उनके देश ने ऐसा हथियार विकसित किया है, जो 700 किलोमीटर दूर लक्ष्य पर हमला कर सकता है। कुछ यूक्रेनी ड्रोन हमलों ने 1,000 किलोमीटर से अधिक दूर के लक्ष्यों को निशाना बनाया है।इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि रूस के आक्रमण के बाद से यूक्रेन युद्ध में 12,300 से अधिक नागरिक मारे गए हैं। इसमें कहा गया है कि ड्रोन, मिसाइलों और ग्लाइड बमों के उपयोग के कारण हाल के महीनों में अधिक मौतें हुई हैं।
विकलांग व्यक्ति ने इंश्योरेंस के पैसे के लिए फोड़ ली अपनी आंख
8 Jan, 2025 07:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पेनांग। दुनिया में कई लोग होते हैं जो पैसे की लालच में कुछ भी कर गुजरने को तैयार रहते हैं कई तो हद तक पार कर जाते हैं इसमें दूसरों को नुकसान पहुंचाना हो या फिर खुद को। वहीं कई लोग ऐसे भी होते हैं जो बीमे का पैसा हासिल करने फर्जीवाड़ा करते हैं। तो कुछ परिजनों के इंश्योरेंस का पैसा ही हड़प जाते हैं। वहीं एक ऐसा ही मामला सामने आया है।
मलेशिया के रहने वाले एक शख्स ने इंश्योरेंस के 1 करोड़ 91 लाख रुपए हासिल करने के लिए खुद की आंख फोड़ ली। तीन बच्चों के इस विकलांग पिता को पता नहीं था कि इस मामले में वह खुद ही फंस जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक 52 साल के विकलांग टैन कोक गुआन बेरोजगार हैं। ऐसे में गुआन ने आरएम1 मिलियन यानी लगभग 1 करोड़ 91 लाख रुपए के बीमा को हासिल करने के लिए खुद की बायीं आंख फोड़ ली। बताया जाता है कि यह घटना 8 जून 2023 को मलेशिया के पेनांग के बटरवर्थ में कम्पुंग पाया में घटित हुई थी। इसके बाद टैन ने इंश्योरेंस कंपनी पर क्लेम किया, ताकि पैसे को हासिल कर सकें, लेकिन कंपनी ने उल्टे टैन पर 420 का मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके अलावा अन्य धाराएं भी लगाई गई हैं। इस मामले की सुनवाई बीते 30 दिसंबर 2024 को कोर्ट में हुई थी जहां टैन ने कंपनी द्वारा लगाए आरोपों से इनकार कर दिया था।
कोर्ट में टैन के वकील ने कहा कि वह बेरोजगार हैं और हृदय रोग सहित कई पुरानी स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त हैं। अब उनकी बायीं आंख भी नहीं रही, जिससे उनकी चुनौतियां और बढ़ गई हैं। टैन के वकील ने बताया कि परिवार का सारा खर्च उनकी पत्नी उठा रही हैं, क्योंकि टैन विकलांगता के कारण काम करने में सक्षम नहीं हैं।
वकील ने कोर्ट से सअनुरोध किया कि टैन को उनकी व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण न्यूनतम जमानत राशि पर रिहा किया जाए। वकील ने इस बात पर जोर दिया कि उनके मुवक्कील ने जांच में भी पूरा सहयोग किया। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें जमानत नहीं दी और अब इस मामले की अगली सुनवाई फरवरी 2025 में होगी। दूसरी ओर टैन पर लगे आरोपों की जांच चल रही है।
शपथ ग्रहण से पहले हमास बंधकों को करे रिहा, नहीं तो “सब बर्बाद हो जाएगा”
8 Jan, 2025 06:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाशिंगटन। मिडिल ईस्ट में इस समय जंग जारी है। इजराइल-हमास युद्ध में के बीच गाजा हमलों में आम नागरिक अपनी जान गवां रहे हैं। जहां इजराइल लगातार हमले कर कर रहा है तो वहीं हमास बंधकों को रिहा नहीं कर रहा है। अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से लोगों को उम्मीद है कि वह इस युद्ध में हस्तक्षेप करेंगे। उन्होंने मिडिल ईस्ट में संभावित सैन्य हस्तक्षेप के साथ-साथ अपनी विदेश नीति के एजेंडे पर भी संकेत दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप के 20 जनवरी को अपने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने से ठीक पहले हुआ है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर उनके शपथ ग्रहण तक हमास बंधक बनाए गए लोगों को रिहा नहीं करता है तो “सब कुछ बर्बाद हो जाएगा”। बंधक परिवार फोरम ने भी अपने प्रियजनों की रिहाई के लिए ट्रंप की अटूट प्रतिबद्धता का स्वागत किया। परिवारों ने सभी पक्षों से शपथ ग्रहण से पहले एक समझौता करने का आग्रह किया।
ट्रंप ने मिडिल ईस्ट के लिए अपने नामित राजदूत स्टीव विटकॉफ को वार्ता पर लेटेस्ट जानकारी देने के लिए मंच पर बुलाया। विदेश नीति का कोई अनुभव न रखने वाले रियल एस्टेट निवेशक विटकॉफ हाल ही में मिडिल ईस्ट में संघर्ष विराम वार्ता का हिस्सा रहे थे। विटकॉफ ने कहा कि मुझे लगता है कि हमने कुछ बहुत अच्छी प्रगति की है, और मुझे वास्तव में उम्मीद है कि शपथ तक हमारे पास राष्ट्रपति की ओर से घोषणा करने के लिए कुछ अच्छी चीजें होंगी।
सीरिया में अमेरिकी सैनिकों के भविष्य के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने एक विशिष्ट रूप से रहस्यमय उत्तर दिया। पेंटागन का कहना है कि सशस्त्र समूह आईएसआईएल (आईएसआईएस) पर अंकुश लगाने के मिशन के तहत करीब दो हजार अमेरिकी कर्मी देश में बने हुए हैं, लेकिन दिसंबर की शुरुआत में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद को अपदस्थ किए जाने के बाद सीरिया में लंबे समय के लिए अमेरिकी भागीदारी के बारे में सवाल उठने लगे हैं।
अमेरिकी सैनिकों ने 2014 से पूर्वोत्तर सीरिया में कुर्द नेतृत्व वाली सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेस का समर्थन किया है। क्योंकि देश में एक बहुआयामी गृहयुद्ध छिड़ा हुआ है, लेकिन राष्ट्रपति-चुनाव ने 8 अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजराइल में हमले के बाद हमास द्वारा पकड़े गए शेष बंदियों की रिहाई पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक कठोर रुख अपनाया। इजराइल का अनुमान है कि हमास की हिरासत में करीब 100 लोग बचे हैं।
तालिबान को अमेरिका दे रहा अरबों रुपए की मदद, पाकिस्तान की बढ़ी टेंशन
8 Jan, 2025 05:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करांची। पाकिस्तान दूसरों को टेंशन देना चाहता है लेकिन अब वह खुद ही टेंशन में है। अमेरिकी कांग्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बाइडन प्रशासन तालिबान को अरबों रुपए की मदद दे रहा है, ताकि वह खुद को मजबूत कर दुश्मनों से मुकाबला कर सके। डोनाल्ड ट्रंप के दोस्त टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने भी इस रिपोर्ट पर ट्वीट कर पूछा कि क्या हम सचमुच अमेरिकी टैक्सपेयर्स का पैसा तालिबान को भेज रहे हैं? इसे लेकर सोशल मीडिया में हंगामा मचा गया है, लेकिन इससे पाकिस्तानी आर्मी की सांसें अटक गई हैं।
रिपोर्ट में लिखा है कि आप कल्पना कर सकते हैं कि इन तालिबानियों को हर हफ्ते हमारे टैक्स के पैसे से 40 मिलियन डॉलर दिया जा रहा है? एक यूजर ने लिखा- अमेरिकी होने के नाते हम इससे कैसे सहमत हो सकते हैं? तालिबान हमारा मजाक उड़ा रहा है। हमारे ही हथियारों का इस्तेमाल कर रहा है। ये वह लोग हैं जिन्होंने हजारों लोगों की हत्या की और हम उन्हें लाखों रुपए बांट रहे हैं।
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जब अमेरिका ने अफगानिस्तान छोड़ा था तो 7 बिलियन डॉलर के हथियार वहीं छोड़ दिए थे। इतना ही नहीं, 57.6 मिलियन डॉलर का खजाना भी अमेरिका ने तालिबान को दे दिय था। तब से अब तक अमेरिकी सरकार तालिबान को पैसा भेज रही है। रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त 2021 से अमेरिका एनजीओ के जरिए 2.6 बिलियन डॉलर तालिबान को दे चुका है। अब अमेरिकी कांग्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बाइडन प्रशासन तालिबान को हर हफ्ते 40 मिलियन डॉलर यानी करीब 3.5 अरब रुपए भेज रहा है। तालिबान पाकिस्तान को सीधे चुनौती दे रहा है। अमेरिकी हथियारों के दम पर ही पाकिस्तान में हमले कर रहा है। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को मदद कर रहा है। टीटीपी इन्हीं के दम पर पाकिस्तानी सेना और आईएसआई की नाक में दम कर रखा है। इन्हीं पैसों की बदौलत अफगानिस्तान की मुद्रा काफी मजबूत हो गई है।
लॉस एंजेलिस के जंगल में लगी आग, 30 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला
8 Jan, 2025 04:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाशिंगटन। लॉस एंजेलिस में जंगल में लगी आग से आसपास के इलाके में दहशत पैदा हो गई है। यह आग तेजी से फैल रही है जिससे लोग और प्रशासन दोनों की परेशानी बढ़ गई है। प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षित रहने के लिए करीब 30 हजार लोगों को घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है क्योंकि उनके घर आग की चपेट में आ सकते हैं।
वहीं अमेरिका की बाइडेन सरकार ने आग पर जल्द से काबू पाने के आदेश दिए हैं। राहत और बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं ताकि ज्यादा जान-माल का नुकसान न हो। आग की चपेट में आने वाले इलाकों के आसपास के लोगों को आग से बचने के लिए हर संभव मदद दी जा रही है। अभी तक आग की वजह से कितनी संपत्ति और जानी नुकसान हुआ है इसका पता नहीं चल पाया है लेकिन प्रशासन आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश कर रहा है।
डरो मत, सभी आदेश जल्द ही समाप्त होंगे, ताकत वाला राष्ट्र बनाएंगे
8 Jan, 2025 03:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को अमेरिका के नए राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। वहीं वर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडेन के खिलाफ ट्रंप सख्त रवैया अपनाए हुए हैं। अब ट्रंप ने राष्ट्रपति बाइडेन पर सत्ता हस्तांतरण को कठिन बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने हाल के दिनों में जलवायु और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर बाइडेन प्रशासन के कार्यकारी आदेशों का उदाहरण देते हुए यह आरोप लगाया है।
ट्रंप ने पोस्ट में कहा कि बाइडेन इस बदलाव को जितना संभव हो सके उतना मुश्किल बनाने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं। इसमें कानूनी कार्रवाई से लेकर ग्रीन न्यू स्कैम और अन्य पैसे बर्बाद करने वाले महंगे और हास्यास्पद कार्यकारी आदेश शामिल हैं। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने कहा कि डरो मत, ये सभी आदेश जल्द ही समाप्त हो जाएंगे और हम सामान्य समझ और ताकत वाला राष्ट्र बन जाएंगे। बाइडेन के साथ ही ट्रंप कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो पर भी हमलावर हैं। कनाडाई पीएम ट्रूडो जब अपने इस्तीफे की घोषणा की तो उन्होंने तंज कसते हुए एक बार फिर कनाडा को अमेरिका का राज्य बनाने का ऑफर दिया।
बता दें कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने लिबरल पार्टी के नेता पद और पीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। वह लिबरल पार्टी के नए नेता चुने जाने तक पीएम पद पर रहेंगे। ट्रंप ने ट्रूडो की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद अपने प्रस्ताव को फिर दोहराया। ट्रुथ सोशल पर उन्होंने कहा कि कनाडा में बहुत से लोग 51वें राज्य का हिस्सा बनना पसंद करेंगे।
संयुक्त राज्य अमेरिका अब उस बड़े व्यापार घाटे और सब्सिडी को सहन नहीं कर सकता है जिनकी कनाडा को बने रहने के लिए जरूरत है। ट्रूडो को यह पता था और उन्होंने इस्तीफा दे दिया। ट्रंप ने कहा कि अगर कनाडा अमेरिका के साथ मिलता है तो कोई टैरिफ नहीं होगा। टैक्स बहुत कम हो जाएंगे, वह रूसी और चीनी जहाजों के खतरे से भी पूरी तरह सुरक्षित रहेगा जो लगातार उन्हें घेर रहे हैं। साथ मिलकर यह कितना महान राष्ट्र होगा।
ट्रंप अपनी चुनावी जीत के बाद से ट्रूडो पर आक्रामक रहे हैं। वह पहले भी उन्हें कनाडा के महान राज्य का गर्वनर कहकर मजाक उड़ा चुके हैं। ट्रंप घोषणा कर चुके हैं कि वह जनवरी में अपने पदभार ग्रहण करने के पहले दिन ही ऐसे आदेशों पर हस्ताक्षर करेंगे, जिसके तहत मेक्सिको और कनाडा से आने वाले सभी सामानों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा। यह तब तक लागू रहेगा जब तक कि वे अपने देशों से अमेरिका में अवैध अप्रवासियों और ड्रग्स, खास तौर से फेंटानाइल के प्रवाह को न रोकें।
तनाव के बीच पाकिस्तान में 800 अफगान प्रवासियों को हिरासत में लिया
8 Jan, 2025 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान ने सैंकड़ों अफगानों को गिरफ्तार किया है। तालिबान ने यह दावा किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस्लामाबाद स्थित तालिबान के नेतृत्व वाले अफगान दूतावास ने बताया कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने 800 अफगान प्रवासियों को हिरासत में लिया है।
एक्स पर बयान में अफगान दूतावास ने दावा किया कि हिरासत में लिए गए प्रवासियों में वे लोग शामिल हैं जिनके पास वीजा, पंजीकरण प्रमाण (पीओआर) या अफगान नागरिक कार्ड (एसीसी) दस्तावेज हैं, जो पाकिस्तान में उनके रहने को अधिकृत करने के लिए हैं। दूतावास ने अफ़गान प्रवासियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने में हो रही कठिनाइयों पर प्रकाश डाला, जो हिरासत से बचने के लिए एक शर्त बन गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान का आरोप है कि पाकिस्तान इस्लामाबाद में उन प्रवासियों को निशाना बना रहे हैं जिनके पास एनओसी नहीं है, भले ही उनके पास अन्य वैध दस्तावेज़ हों। तालिबान ने कहा कि अफगानिस्तान वापस भेजे गए लोगों में से 137 के पास वैध वीजा था, लेकिन वे एक्सटेंशन का इंतजार कर रहे थे। तालिबान ने स्थिति को खराब बताया और इस बात पर जोर दिया कि गिरफ्तारियों के दौरान महिलाओं और बच्चों को उनके परिवारों से अलग कर दिया गया है।
तालिबान ने पाकिस्तान से अपनी सीमाओं के भीतर रहने वाले अफ़गान नागरिकों के अधिकारों और सुरक्षा को बनाए रखने का आग्रह किया। संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से हस्तक्षेप करने और अफ़गान प्रवासियों के प्रति पाकिस्तान की नीतियों को संबोधित करने का भी अपील की है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक वर्तमान में करीब तीन मिलियन अफगान प्रवासी पाकिस्तान में रहते हैं। अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने बताया कि 2024 में 1.2 मिलियन से ज्यादा प्रवासी अफगानिस्तान लौट आए हैं।
बात दें अफगानिस्तान और पाकिस्तान तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के मुद्दे पर आमने-सामने हैं। टीटीपी का उद्देश्य पाकिस्तानी सशस्त्र बलों और राज्य के खिलाफ आतंकवादी अभियान चलाकर पाकिस्तान सरकार को उखाड़ फेंकना है। मीडिया रिपोट्स् के मुताबिक यह पाकिस्तान की निर्वाचित सरकार को हटाकर इस्लामी कानून की अपनी व्याख्या के आधार पर एक कट्टरवादी शासन की नींव रखना चाहता है। पाकिस्तान का आरोप है कि तालिबान टीटीपी विद्रोहियों को सुरक्षित पनाहगाह उपलब्ध कराने और उनकी आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करता है लेकिन काबुल इन आरोपों का खंडन करता रहा है।
जस्टिन ट्रूडो को 9 साल पीएम रहने के बाद किस बात का पछतावा?
7 Jan, 2025 05:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कनाडा के 23वें प्रधान मंत्री और एक दशक से अधिक समय तक लिबरल पार्टी के नेता रहे जस्टिन ट्रूडो ने अपने इस्तीफे का एलान किया है। लगभग 9 साल तक अपने कार्यकाल में रहने के बाद ओटावा में एक खचाखच भरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में, 53 साल के नेता ने अपनी उपलब्धियों, चुनौतियों और एक अनोखे अफसोस पर भी बात की।
जस्टिन ट्रूडो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, इस साल देश में होने वाले आम चुनाव से पहले उन्हें पद छोड़ना पड़ा है। इस वजह से उन्हें एक बात का पछतावा रह गया।
देश को अगले चुनाव में एक सही विकल्प मिलना ही चाहिए
ट्रूडो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपना बयान दिया।
अगर मुझे किसी बात का पछतावा है, खासकर जब हम इस चुनाव के करीब पहुंच रहे हैं। तो मैं चाहता हूं कि हम इस देश में अपनी सरकारों को चुनने के तरीके को बदल सकें ताकि लोग एक ही बैलेट पेपर पर अपना दूसरा या तीसरा विकल्प चुन सकें। उन्होंने कहा वो चुनाव की प्रक्रिया में बदलाव चाहते हैं। ट्रूडो ने आगे कहा, देश को अगले चुनाव में एक सही विकल्प मिलना ही चाहिए।
क्यों पीछे हटे ट्रूडो?
जब उन्होंने 2015 में लिबरल्स को पहली बार जीत दिलाई, तो ट्रूडो को एक प्रगतिशील की मशाल लेकर चलने वाला बताया गया।
ट्रूडो ने कई वादे किए जलवायु कार्रवाई और लैंगिक समानता जैसे मुद्दों की वकालत की।
बढ़ती लीविंग कॉस्ट और अपनी ही पार्टी के अंदर पनपे असंतोष के अलावा कई मुद्दों पर आलोचना का सामना करते हुए, ट्रूडो ने एक कठिन चुनाव अभियान का सामना करने के बजाय पीछे हटने का विकल्प चुना।
कैसा वोटिंग सिस्टम चाहते थे ट्रूडो?
ट्रूडो चाहते थे, देश में रैकिंग सिस्टम के हिसाब से वोटिंग हो। उनके प्लान के मुताबिक, वोटों की गिनती के बाद अगर किसी उम्मीदवार को बहुमत नहीं मिला तो इसके बाद उस उम्मीदवार को चुनाव की दौड़ से हटा दिया जाता, जिन्हें वोटर्स ने सबसे कम ऑप्शन के तौर पर चुना है, और उनके बैलट दूसरे स्थान पर रहने वाले उम्मीदवार के मुताबिक ट्रांसफर कर दिए जाते हैं। ये प्रोसेस तब तक चलता जब तक कि किसी एक उम्मीदवार 50 फीसदी प्लस वन वोटों के साथ जीत नहीं जाता।
राशिफल 04 जून 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
हाथियों के साये से सुरक्षित भविष्य तक : प्रधानमंत्री आवास योजना ने करमचन्द्र के परिवार को दिया नया जीवन
टीबी मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में बड़ी पहल: अब गांव-गांव पहुंच रही है हैंड हेल्ड एक्स-रे जांच सुविधा
जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार के लिए प्रदेश में चलाया जा रहा है जन आंदोलन : मंत्री सिलावट
छतरपुर के लकड़ी फर्नीचर उद्योग को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान
समाधान शिविरों से आसान हुई जनसेवाओं की राह, महिलाओं को घर के नजदीक मिल रहा योजनाओं का लाभ
संघर्ष से सम्मान तक: प्रधानमंत्री आवास योजना ने दिव्यांग राम प्रसाद के जीवन में भरी नई रोशनी
