मध्य प्रदेश
मोहन सरकार के कर्मचारियों को सौगात, 14% डीए 3 फीसद इंक्रीमेंट लगेगा
12 Jan, 2024 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राज्य सरकार फरवरी में आने वाले वोट एंड अकाउंट (लेखानुदान) में कर्मचारियों को 7 से 8 प्रतिशत तक डीए बढ़ाए जाने का वित्तीय प्रावधान करने जा रही है। दरअसल, मार्च 2025 तक कर्मचारियों का डीए 14% बढ़ाए जाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके बाद यह 56% हो जाएगा। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में 6000 करोड़ रुपए की अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। वर्तमान में राज्य के साढ़े सात लाख कर्मचारियों को 42% DA का लाभ मिल रहा है, जो केन्द्रीय कर्मचारियों की तुलना में 4 फीसदी कम है। केन्द्रीय कर्मचारियों को 46% डीए दिया जा रहा है। हालांकि, इस भुगतान के लिए वित्त विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री सचिवालय को भेज दिया है, जिस पर मंजूरी मिलना बाकी है।
इधर, 1 जनवरी से केंद्रीय कर्मचारियों का डीए फिर से मूल्य सूचकांक (बढ़ती महंगाई) के अनुसार 4% बढ़ाया जाना प्रस्तावित है, जिसकी जल्द केंद्र घोषणा करेगा। ताकि यह भुगतान लोकसभा चुनाव के पहले कर दिया जाए। राज्य सरकार ने फरवरी में लाए जा रहे लेखानुदान का अनुमान 1 अप्रैल 2023 से 30 नवंबर 2023 के बीच हुई आय के आधार पर तैयार किया है। इसी के अनुसार 1 अप्रैल से 31 जुलाई तक के लिए खर्च की व्यवस्था की जाएगी।
संविदाकर्मियों की वेतन 8% बढ़ेगी
इनके अलावा अगले वित्तीय वर्ष में राज्य के ढाई लाख संविदाकर्मियों के वेतन भत्ते में भी 8 फीसदी का इजाफा करने का प्रस्ताव है। इसके लिए 960 करोड़ ज्यादा का प्रावधान किया जाना है, जिसका अनुमानित खर्च 13,679 करोड़ है।
इन्क्रीमेंट के लिए 2000 करोड़ का अतिरिक्त इंतजाम
राज्य के कर्मचारियों की वेतनवृद्धि की राशि 3% किया जाना प्रस्तावित किया गया है, इस पर 2000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त इंतजाम किया जाएगा। यह खर्च कुल वेतन के लिए तय राशि में शामिल किया जाएगा।
एक युवक ने अपने यहां काम करने वाली महिला का वेतन बढ़वाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया
12 Jan, 2024 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । थाटीपुर इलाके में एक युवक ने अपने यहां काम करने वाली महिला का वेतन बढ़वाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला के गहने हड़प लिए। इन्हें गिरवी रखकर लोन लिया, फिर महिला के ही नाम से स्कूटी भी फायनेंस करवा ली। पीड़िता के फोटो उसने खींच लिए थे, यह बहुप्रसारित करने की धमकी देकर वह दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता की शिकायत पर थाटीपुर थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। मुरार इलाके में रहने वाली महिला थाटीपुर निवासी कविता यादव के यहां काम करती थी। कविता कंसल्टेंसी एजेंसी चलाती है। कविता के बेटे आर्यन से महिला की दोस्ती हो गई। महिला को आर्यन ने वेतन बढ़वाने का झांसा दिया फिर आफिस में ही दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके फोटो खींचकर कई बार गलत काम किया। फोटो बहुप्रसारित करने की धमकी देकर उससे गहने मंगवाए। गहने गिरवी रख लोन ले लिया। कविता ने भी उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। मां-बेटे ने स्कूटी फायनेंस करा ली। इसकी किस्त भी महिला से ही भरवाई। परेशान होकर महिला ने थाटीपुर थाने में शिकायत की। अब पुलिस ने इस मामले में एफआइआर दर्ज की है।
मिस्त्री ने टायलेट क्लीनर पीकर की आत्महत्या
12 Jan, 2024 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मिसरोद थाना इलाके में युवक ने टायलेट क्लीनर पीकर खुदकुशी कर ली। फिलहाल आत्महत्या के सही कारणो का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस के मुताबिक जाटखेड़ी, मिसरोद में रहने वाला 19 साल का दीपक जाटव पिता लीलाकिशन जाटव मिस्त्री का काम करता था। मंगलवार रात करीब 9 बजे अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और वह उल्टियां करने लगा। परिवार वालो ने जब उससे उल्टियां करने का कारण पूछा तब उसने बताया कि उसने टॉयलेट क्लीनर पी लिया है। परिवार वाले उसे तुरंत ही इलाज के लिए एम्स हॉस्पिटल लेकर पहुंचे जहॉ बीती सुबह उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिवार वालो को सौंप दिया है। जॉच टीम ने बताया कि शुरुआती छानबीन में फिलहाल कारणो का खुलासा नहीं हो सका है, पूछताछ में सामने आया है कि मृतक को शराब पीने की लत थी। परिवार वालो के डिटेल बयान दर्ज होने के बाद ही आत्महत्या के सही कारणो का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।
सामूहिक सूर्य नमस्कार के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के शासकीय सुभाष विद्यालय पहुंचे
12 Jan, 2024 10:22 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि आज से सौ वर्ष पहले स्वामी विवेकानंद ने घोषणा कि थी की 21वीं शताब्दी भारत की होगी। आज हम उसी की तरफ अग्रसर हैं। स्वामी विवेकानंद की जीवन के बारे में बताते हुए उन्होंने स्वामीजी के विचारों को आत्मसात करने की बात की। योग के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है, इसलिए योग के माध्यम से हम अपने शरीर को भी स्वस्थ रखें और मन को भी।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की तरफ उठाए गए कदमों की तरफ भी ध्याान आकर्षित किया। उन्होंने मध्यप्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाने की बात कहते हुए कहा कि हमारे पास आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं और हम प्रदेश को सर्वोच्च बनाने के लिए कटिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद रेडियो प्रसारण के जरिए पूरे प्रदेश की समस्त शिक्षण संस्थाओं में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री समेत वहां उपस्थित समस्त गणमान्य नागरिकों ने मंच से ही सूर्य नमस्कार किया। सामूहिक रूप से किए गए इस सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आकाशवाणी के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले-राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में उज्जैन श्री महाकाल मंदिर से 5 लाख लड्डू भेजे जाएंगे
12 Jan, 2024 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन हो रहा है। इसको लेकर पूरे देश में उत्सव मनाने की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में कहा कि हमारा 17 लाख साल पुराना भगवान राम और अयोध्या का प्रसंग हैं। हम तो सौभाग्य शाली है। अयोध्या बुला रही है और भक्त जा रहे हैं। हम वह द्दश्य देखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश दिए है कि 22 तारीख के बाद जब जब जिन राज्यों को तारीख दी जाएगी उसके अनुसार हम जाएंगे। दो हजार साल पहले भी सम्राट विक्रमादित्य ने अयोध्या में में राम का मंदिर बनवाया था। उसी मंदिर को पांच सौ साल पहले बाबर ने तोड़ा है। जब दोबारा मंदिर का निर्माण हो रहा है तो इसमें मध्य प्रदेश कैसे पीछे रह सकता है। हम विक्रमादित्य की नगरी से श्री महाकाल मंदिर उज्जैन से 22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पावन प्रसंग पर 5 लाख लड्डू भेजे जायेंगे। बाबा महाकाल का प्रसाद अयोध्या जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामी विवेकानंद जी की जयंती की सभी को बधाई देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंदौर को स्वच्छता में नंबर वन का पुरस्कार सातवीं बार मिला है। मध्य प्रदेश स्वच्छता में दूसरे स्थान पर आया है। इसके लिए सभी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि 10 से 15 जनवरी तक महिला सशक्तिकरण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम हो रहे हैं। शनिवार को शहडोल में आदिवासी भाई बहनों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा हूं। 14 और 15 को मकर संक्रांति का कार्यक्रम होगा। भारतीय खेल पद्धति के कार्यक्रम होंगे। बता दें राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए विभिन्न स्तर पर तैयारी चल रही है। उज्जैन के उन्हेल रोड पर ग्राम सोंडग में 51 किलो की बड़ी अगरबत्ती बनाई जा रही है। इस अगरबत्ती को प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन अंगारेश्वर मंदिर में प्रज्वलित किया जाएगा। इसका निर्माण काय के गोबर, गाय के घी, चंदन, गूगल फूलों व अन्य सुगंधित पदाथों के प्रयोग से महिला कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। भोपाल में युवा भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन को खास बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। युवाओं ने राम नाम वाले दीपक बना रहे हैं। इन दीपक को 22 जनवरी को घर घर राम के नाम का दीपक जलाने के लिए वितरित किया जाएगा। मंदिरों में पूजा अर्चना का आयोजन किया जाएगा।
राज्यपाल ने परी बाज़ार हेरीटेज फेस्टिवल सीजन-4 का शुभारम्भ किया
12 Jan, 2024 10:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि हस्तशिल्प का सृजन दिल और दिमाग़ के अद्भुत समन्वय का परिणाम होता है। परी बाज़ार में देश भर के उत्कृष्ट कलाकारों के शिल्प के प्रदर्शन का अवसर देना सराहनीय है। उन्होंने नागरिकों का आव्हान किया कि स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन के लिए वोकल हो। पटेल बेगम्स ऑफ भोपाल लेडीज क्लब के तत्वावधान में आयोजित परी बाज़ार के शुभारम्भ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गौहर महल परिसर में परी बाज़ार का शुभारम्भ किया। राज्यपाल पटेल ने सभी से आग्रह किया कि बाज़ार घूमने के लिए आये तो यहॉ से कुछ ना कुछ ज़रूर ख़रीदे। इससे स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने दस्तकारों, हुनरमंद कारीगरों को मंच देने के भोपाल लेडीज़ क्लब के प्रयासों को सार्थक बताया। पटेल ने भोपाल लेडीज़ क्लब द्वारा भारत के एकमात्र महिला बाज़ार को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आयोजन के लिए परी बाज़ार की पूरी टीम को बधाई दी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण का कार्य चल रहा है। स्व सहायता समूह की गतिविधियों ने महिलाओं के जीवन में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रदान की है। अब महिलाएँ आर्थिक रूप से स्वतंत्र होकर आगे बढ़ रही है।
राज्यपाल पटेल ने कहा है कि भोपाल शहर गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल रहा है। यह समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परम्पराओं का मिलन स्थल है। सुल्तान जहाँ बेगम ने अनेक लोकहित कार्यों के साथ महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा देने परी बाज़ार की स्थापना की थी। यह उनका अभिनव और अद्वितीय प्रयास था। राज्यपाल पटेल का कार्यक्रम के प्रारंभ में स्मृति चिन्ह और खादी के परिधान भेंट कर अभिनंदन किया गया। उन्होंने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। पटेल ने कमला पार्क में देशभर से आये कारीगरों के स्टॉल्स का अवलोकन किया। शुभारम्भ कार्यक्रम में स्वागत भाषण चिरायु फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अजय गोयनका ने दिया। नाबार्ड के चेयरमेन सुनील कुमार ने स्थानीय कारीगरों के प्रोत्साहन के लिए नाबार्ड के प्रयासों की जानकारी दी। बेगम्स ऑफ भोपाल लेडीज क्लब की अध्यक्ष सुरक्षा ज़ाहिद ने आभार व्यक्त किया।
सदिंग्ध हालत में महिला की मौत
12 Jan, 2024 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। कमला नगर पुलिस ने इलाके में स्थित माता मंदिर के पास फुटपाथ से एक महिला का शव बरामद किया है। शुरुआती जॉच के आधार पर पुलिस का अनुमान है, कि महिला की मौत बीमारी और ठंड के कारण हुई होगी। थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर माता मंदिर फुटपाथ से अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया था। घटनास्थ्ल पर पहुंची पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से की गई पूछताछ में सामने आया की मृतका महिला का नाम सुनीता कदम है। इसके बाद सूचना मिलने पर उसका पति मोहन मौके पर आ गया। पति उस समय शराब के नशे में था, जिसने पूलिस को बताया कि वह फुटपाथ पर ही रहकर जीवन यापन करते हैं। मर्ग कायम कर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। जॉच टीम का कहना है की पीएम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणो का पता चल सकेगा।
दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नि को दिया तीन तलाक
12 Jan, 2024 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी की महिला थाना पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ तीन तलाक, नदोंई के खिलाफ छेड़छाड़ और ससूराल वालो के खिलाफ दहेज एक्ट सहित अन्य धाराओ में मामला कायम किया है। पुलिस के अनुसार थाना इलाके में शीश महल क्षेत्र में रहने वाली 26 वर्षीय विवाहिता ने अपनी शिकायत में बताया की उसकी शादी साल 2021 के अक्टूबर में शेख एस अहमद से हुई थी। शादी के थोड़े समय बाद ही उसका पति सहित ससूराल वाले दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। परेशान आकर उसने मायके से दहेज लाने की बात से इंकार कर दिया। इसके बाद ससूराल वाले उसे लगातार मानसिक रुप से प्रताड़ित कर रहे थे। बीते दिनो उसके नंदोई ने उसके साथ अश्लील हरकतें कर छेड़छाड़ कर दी। उसने नदोंई की करतूत अपने पति को बताई। लेकिन पति ने नंदोई से कुछ कहने की जगह पत्नी से ही विवाद करना शुरु कर दिया और झगड़े के दौरान पत्नि को तीन तलाक दे डाली। पीड़ीता महिला थाना पहुंची और सारी बात बताई। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित आरोपियों के खिलाफ धारा 498 354, 5056, 34 एवं 3/4 दहेज एंव मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण अधिनियम के तहत मामला कायम कर लिया है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने हिन्दी में एमबीबीएस की समीक्षा की
11 Jan, 2024 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि हिन्दी में एमबीबीएस का संचालन मध्यप्रदेश के छात्रों के लिये महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशानुरूप छात्रों को उनकी ही भाषा में उच्च शिक्षा प्रदान करने हेतु यह अभिनव प्रयास किया गया है। यह गर्व की बात है कि मध्यप्रदेश हिन्दी भाषा में एमबीबीएस की शिक्षा प्रदान करने वाला पहला राज्य है। मेडिकल पाठ्यक्रम को पढ़ाये जाने वाली 16 भाषाओं में अब हिन्दी भी शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आज मंत्रालय में हिन्दी में एमबीबीएस पाठ्यक्रम संचालन संबंधी कार्यक्रम की समीक्षा की।
जनवरी अंत तक हिन्दी लिप्यंतरण द्वितीय एवं तृतीय चरण का कार्य हो जाएगा पूर्ण
बैठक में बताया गया कि अब तक प्रथम वर्ष के तीनों विषयों की पाठ्यपुस्तकें हिन्दी में उपलब्ध करा दी गयी हैं। द्वितीय एवं तृतीय चरण में आगामी वर्षों की पाठ्यपुस्तकों का हिन्दी लिप्यंतरण कार्य प्रगतिरत है। उल्लेखनीय है कि हिन्दी लिप्यंतरण कार्य के द्वितीय एवं तृतीय चरण में 12 विषयों की 13 पुस्तकों में से 9 पुस्तकें हिन्दी भाषा में उपलब्ध हो गयी हैं। शेष 4 पुस्तकें भी जनवरी माह के अंत तक पूर्ण कर ली जायेंगी।
हिन्दी भाषा से एमबीबीएस पहल, छात्रों के लिए लाभप्रद सिद्ध हो रही है
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने हिन्दी भाषा में एमबीबीएस पाठ्यक्रम का लाभ ले रहे छात्रों के फीडबैक के संबंध में जानकारी प्राप्त की। लगभग 10 प्रतिशत विद्यार्थी हिन्दी भाषा की पाठ्यपुस्तकों का लाभ ले रहे हैं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आगामी सत्र से अंग्रेजी के साथ हिन्दी में भी प्रश्नपत्र तैयार करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। हर मेडिकल कॉलेज में हिन्दी प्रकोष्ठ ‘मंदार’ का गठन किया गया है।
चिकित्सकों को समय से इनसेंटिव और दवाओं की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करें
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय, सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल आदि में चिकित्सकों को इनसेंटिव और अन्य हितलाभ समय से उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें। दवाओं एवं अन्य कंज्यूमेबल की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सुनियोजित योजना बनाये। इन कार्यों के लिए बजट उपलब्धता प्राथमिकता से कराई जाए।
हमीदिया में कैथ लैब संचालन की व्यवस्था करें
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने हमीदिया में कैथ लैब संचालन की समस्या पर संज्ञान लेते हुए निर्देश दिये कि शीघ्र संचालन की व्यवस्था करें। बैठक में अवगत कराया गया कि नई बिल्डिंग में कैथ लैब संचालन के लिए स्थान दिया गया है। जब तक नया ओपीडी ब्लॉक नहीं बनता तब तक कैथ लैब यहीं संचालित की जायेगी। जल्द ही लैब की शिफ्टिंग भी की जायेगी।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मो. सुलेमान, संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अरुण श्रीवास्तव, प्रोफेसर श्वसन चिकित्सा विभाग एवं राज्य नोडल अधिकारी हिन्दी प्रकोष्ठ डॉ. लोकेंद्र दवे, अधीक्षक हमीदिया एवं विषय नोडल हिन्दी प्रकोष्ठ डॉ. आशीष गोहिया सहित एसोसिएट प्रोफेसर ईएनटी विभाग और विषय नोडल हिंदी प्रकोष्ठ डॉ. यशवीर जेके, उप कुलसचिव एवं राज्य समन्वयक हिन्दी प्रकोष्ठ श्रीमती अमृता बाजपेयी तथा सलाहकार हिन्दी प्रकोष्ठ चिकित्सा शिक्षा श्रीमती रागिता अग्निहोत्री उपस्थित थे।
सिर्फ बिल्डिंग बनाना नहीं रोजगारमूलक प्रशिक्षण देना है मुख्य उद्देश्य
11 Jan, 2024 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : सिर्फ बिल्डिंग बनाना नहीं रोजगारमूलक प्रशिक्षण देना है विभाग का मुख्य उद्देश्य। कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने यह बात विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि एक टीम के रूप में कार्य कर विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना सुनिश्चित करें।
टेटवाल ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क एवं 10 संभागीय आईटीआई का निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरा करें। वर्तमान एजेंसी द्वारा कार्य समय से नहीं करने पर दूसरी एजेंसी को कार्य देने पर विचार करें। विश्वकर्मा योजना का सरलीकरण करें, जिससे अधिक से अधिक हितग्राही इसका लाभ उठा सकें। टेटवाल ने विभागीय संरचना की समीक्षा करते हुए कहा कि रिक्त पदों की भर्ती जल्द करें।
स्किल, स्केल और स्पीड तर्ज पर काम करें
टेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीन एसएसएस के सूत्र स्किल, स्केल और स्पीड की तर्ज पर विभाग काम करे, जिससे स्किल इंडिया मिशन में मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका बने। मध्यप्रदेश को स्किल इंडिया के हब के रूप में विकसित करना है। विभाग के कार्यों को गति देने के लिये जहाँ से भी तकनीकी सहयोग मिल सकता है, उसे लेने के लिये कार्ययोजना बनाएँ।
बैठक में अपर मुख्य सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मनु श्रीवास्तव ने विभागीय योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
वन विहार राष्ट्रीय उद्यान-जू में अनुभूति शिविर का आयोजन
11 Jan, 2024 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : वन विभाग द्वारा अनुभूति कार्यक्रम के अंतर्गत वन, वन्यप्राणी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से ईको पर्यटन विकास बोर्ड के समन्वय से आयोजित प्रशिक्षण सह जागरूकता शिविर में वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में 11 जनवरी को प्रथम शिविर आयोजित किया गया। जिसमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नाथूबरखेडा भोपाल के 84 विद्यार्थियों एवं 04 विद्यालयीन स्टाफ सहित कुल 88 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
अनुभूति कार्यक्रम के मास्टर ट्रेनर के रूप में ए.के. खरे, सेवा निवृत उप वन संरक्षक डॉ. एस.आर वाघमारे, सेवा निवृत उप वन संरक्षक उपस्थित रहे। कैम्प का संचालन सहायक संचालक वन विहार एस.के. सिन्हा ने किया। विजय नंदवंशी बायोलॉजिस्ट एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
शिविर में सम्मिलित हुये प्रत्येक बच्चे को अनुभूति बैग, केप, पठनीय सामग्री, स्टीकर, पेन, ब्रोशर, वैच प्रदान किये गये। शिविर के प्रारंभ में "मैं भी वाघ' गीत, प्रतिभागियों ने गाया। विद्यार्थियों को पक्षी दर्शन, वन्यप्राणी दर्शन, प्रकृति पथ भ्रमण एवं वन, वन्यप्राणी व पर्यावरण से संबंधित रोचक गतिविधियों कराई गई तथा जानकारी प्रदान कर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया गया। इस अवसर पर राज गौड को कागज की सहायता से सबसे तेजी से बाघ का कटआउट बनाने पर विशेष रूप से पुरस्कार किया गया। स्पॉट क्विज में प्रथम शुभी माली द्वितीय रितिका सिगरोले एवं तृतीय प्रशांत जाटव रहे। विद्यार्थियों को वन्यप्राणियों को कैसे रेस्क्यू किया जाता है. इसके सम्बंध में रेस्क्यू वाहन के माध्यम से रेस्क्यू टीम ने अवगत कराया। कार्यक्रम में विश्व प्रकृति निधि भारत की मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की संचालक संगीता सक्सेना ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को औषधीय पौधों सम्बंधी जानकारी म.प्र. राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा प्रदाय किये गये सेम्पल के माध्यम से दी गई। कार्यक्रम के अंत में शिविर में सम्मिलित बच्चों को शपथ दिलाई और पुरस्कार तथा प्रमाण-पत्र वितरण किये गये।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री, शेखावत से जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भेंट की
11 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एक दिवसीय प्रवास पर इंदौर आये इस दौरान इंदौर एयरपोर्ट पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक रमेश मेंदोला ने उनकी अगवानी कर स्वागत किया।
जल संसाधन मंत्री सिलावट ने सौजन्य भेट कर केंद्रीय मंत्री शेखावत को प्रदेश में चल रही विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं मुख्यतः केन बेतवा राष्ट्रीय परियोजना, ई.आर.सी.पी. परियोजना के संबंध में केन्द्रीय मंत्री शेखावत को जानकारी दी एवं केन्द्र सरकार से इन योजनाओं की समय अवधि में पूर्ण होने के संबंध में चर्चा की।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री शेखावत ने प्रदेश में चल रही समस्त सिंचाई परियोजनाओं के सफल किन्यान्वयन के लिये आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिये आश्वासन दिया।
जल संसाधन मंत्री सिलावट ने केंद्रीय मंत्री को परियोजना का संशोधित एमओयू भी प्रस्तुत किया और केन बेतवा परियोजना से संबंधित क्षेत्र की अन्य नदियों के संबंध में परियोजना की कार्य योजना भी प्रस्तुत की। सिलावट ने बताया कि केन-बेतवा परियोजना के द्वितीय चरण और उससे संबंधित परियोजना के लिये संशोधित कार्ययोजना बनाई जाकर प्रस्तुत की गई है। इससे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में सिंचाई के लिये अतिरिक्त पानी उपलब्ध होगा और उद्योग धंधे लगने से रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री शेखावत को बताया कि संशोधित डीपीआर की मंजूरी से चंबल और ग्वालियर संभाग में रोजगार के साथ औद्योगिक विकास को भी बल मिलेगा। सिंचाई के लिये दबाबयुक्त परियोजना लाने से अतिरिक्त रूप से हजारों हैक्टेयर भूमि को पानी उपलब्ध होगा। केन्द्रीय मंत्री ने कार्ययोजना का विस्तार करने और इसे जल्दी ही मंजूरी दिलाने का आश्वासन दिया।
जल संसाधन मंत्री सिलावट ने बताया कि मध्य प्रदेश द्वारा पार्वती उपकछार के वॉटरबजट में 182 मिघमी पानी का उपयोग कुम्भराज कॉम्पलेक्स में किये जाने से एक बांध के स्थान पर कुम्भराज कॉम्पलेक्स अंतर्गत दो बांध (कुम्भराज- 1 एवं कुम्भराज-2) को संशोधित एमओयू में रखा जाना प्रस्तावित है, दोनों राज्यों के मध्य पूर्व में जल बटवारे के अनुबंध को प्रभावित किये बिना जल का विनिमय कालीसिंध एवं अपर चंबल उप कछार में किया जाना प्रस्तावित है। इससे चंबल घाटी क्षेत्र में विकास की नई संभावना बनेगी। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री शेखावत के संज्ञान में लाए जाने वाले बिन्दुओं में विगत 10 वर्षों में चम्बल नहर प्रणाली में मध्यप्रदेश को पार्वती एक्वाडक्ट पर अनुबंधित 3900 क्यूसेक डिस्चार्ज के विरूद्ध औसतन लगभग 2500-2600 क्यूसेक डिस्चार्ज सिंचाई के लिये प्राप्त हो रहा है।
संशोधित पार्वती कालीसिंध चम्बल लिंक परियोजना की हाइड्रोलाजी केन्द्रीय जल आयोग ने मध्यप्रदेश राज्य को उपलब्ध कराई गई है, जिसका परीक्षण प्रक्रियाधीन है। परियोजना में प्रस्तावित मध्यप्रदेश को लाभांवित करने वाली परियोजनाओं के डीपीआर विभाग द्वारा तैयार कर फरवरी माह के अंत तक प्रस्तुत किया जाना भी प्रस्तावित है।
केन-बेतवा लिंक एक राष्ट्रीय परियोजना
केन-बेतवा लिंक परियोजना को वर्ष 2009 में नदी जोड़ो परियोजना अंतर्गत एक राष्ट्रीय परियोजना घोषित किया गया। परियोजना के लिये 44 हजार 605 करोड़ की राशि प्रदान की गई है। केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय परियोजना प्रथम चरण के अंतर्गत परियोजना को एक राष्ट्रीय परियोजना के रूप में केन्द्र सरकार द्वारा 90 प्रतिशत एवं राज्य सरकार द्वारा 10 प्रतिशत (राज्यों) के अनुपात में व्यय का निर्धारण किया गया है। इस परियोजना से बुन्देलखण्ड क्षेत्र अंतर्गत मध्यप्रदेश केन बेसिन में कुल 6.06 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में वार्षिक सिंचाई तथा उत्तर प्रदेश के 2.51 लाख हेक्टेयर कुल 8.56 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में वार्षिक सिंचाई सुविधा मिलेगी तथा 62 लाख (मध्य प्रदेश 41 लाख और उत्तर प्रदेश 21 लाख) आबादी को पेयजल की सुविधा प्राप्त होगी। परियोजना से केन नदी कछार में मध्य प्रदेश के छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी एवं दमोह जिले लाभांवित होंगे। केन से बेतवा नदी को जोड़ने के लिये दौधन बांध एवं लिंक केनाल का निर्माण किया जायेगा। साथ ही दो टनल एवं दो पावर हाउस भी इसमें शामिल हैं।
केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय परियोजना द्वितीय चरण में बेतवा नदी बेसिन अंतर्गत निर्माणाधीन कोठा-बैराज, बीना कॉम्प्लेक्स एवं लोअर ओर परियोजनाओं के लिये केन्द्र सरकार द्वारा 60 प्रतिशत अंशदान, 30 प्रतिशत केन्द्रीय ऋण तथा 10 प्रतिशत राज्यांश राशि के अनुपात में व्यय का निर्धारण किया गया है। निर्माणाधीन इन परियोजनाओं से मध्य प्रदेश के 2,06,000 हे. सिंचाई क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई पद्धति द्वारा सिंचाई सुविधा वर्ष 2025-26 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। परियोजनाओं से बेतवा नदी कछार में सागर, रायसेन, विदिशा, शिवपुरी एवं दतिया जिले लाभांवित होंगे। परियोजनाओं से 25 मेगावाट विद्युत का उत्पादन किया जाना प्रस्तावित है, जिसमें निविदा आमंत्रण की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत दौधन बांध इसके अनुशांगिक कार्य, दो टनल, पावर हाउस के निर्माण के लिये प्राधिकरण द्वारा निविदा जारी की जा चुकी है, जिसे 25 जनवरी 2024 को खोला जाना सुनिश्चित किया गया है। मध्य प्रदेश में कुल 6.06 लाख हेक्टेयर वार्षिक सिंचाई के लिये छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ एवं दमोह जिले में कमाण्ड क्षेत्र के सर्वेक्षण के लिये निविदा आमंत्रण की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। केन-बेतवा लिंक नहर निर्माण के लिये भू अर्जन की कार्यवाही प्रारंभ की जा रही है।
पन्ना जिले में कृषि भूमि सिंचाई के लिये अतिरिक्त लाभ मिलेगा
जल संसाधन मंत्री सिलावट ने बताया कि पन्ना जिले को सिंचाई सुविधा का अतिरिक्त लाभ प्रदाय किया जा रहा है। इसके लिये विभाग की प्रस्तावित पतने सिंचाई परियोजना लागत रू. 3062 करोड़, सिंचाई क्षेत्र 1 लाख 20 हजार हैक्टेयर को केन-बेतवा परियोजना में शामिल किया जाना प्रस्तावित है। पतने सिंचाई परियोजना के निर्माण होने पर पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र में प्रस्तावित टनल निर्माण की आवश्यकता नहीं होगी। पन्ना जिले का 70 हजार हेक्टर कमाण्ड क्षेत्र पतने सिंचाई परियोजना में शामिल है।
दौधन बांध में म.प्र. के राज्यांश के शेष जल से छतरपुर जिले के बड़ा मलेहरा तहसील में अतिरिक्त सिंचाई क्षेत्र विकसित किया जा सकेगा।
पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के 500 सीटर छात्रावास बनेंगे
11 Jan, 2024 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा है कि पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिये प्रमुख नगरों में छात्रावास बनाये जायेंगे। इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज जिन नगरों में शुरू हुए हैं, वहाँ पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को 500 सीटर छात्रावास का निर्माण कराया जायेगा। छात्रावास निर्माण कराने के कार्य को विभाग की आगामी 5 वर्षों की कार्य-योजना में शामिल किया गया है। राज्य मंत्री श्रीमती गौर गुरुवार को निवास कार्यालय में 100 दिवसीय और 5 वर्षीय विभागीय कार्य-योजना पर अधिकारियों के साथ चर्चा कर रही थीं।
श्रीमती गौर ने कहा कि 100 दिवसीय कार्य-योजना में ऐसे कार्यों को शामिल किया जाये, जिन्हें अगले 100 दिन में पूरा किया जा सके। उन्होंने उज्जैन में निर्माणाधीन पिछड़ा वर्ग के 100 सीटर कन्या छात्रावास के निर्माण को अगले 100 दिन में पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी कार्य-योजना के आधार पर प्रस्ताव तैयार करें। केन्द्र सरकार से प्रस्ताव स्वीकृत कराने के लिये पहल की जायेगी। कार्य-योजना में पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण के विभिन्न कार्यों को शामिल किया गया। बैठक में सचिव पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण स्वतंत्र कुमार सिंह और उप सचिव पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण नारायण नामदेव और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डेयरी किसानों को दूध की सही कीमत दिलाने केलिए सांची और अमूल की संयुक्त बैठक ली
11 Jan, 2024 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के दूध उत्पादकों से दूध की खरीद सुनिश्चित करने और डेयरी किसानों को दूध की सही कीमत दिलाने में मदद करने के लिए सांची और अमूल की संयुक्त बैठक ली। अहमदाबाद में 10 जनवरी को देर रात तक चली बैठक में विभिन्न संभवानाओं पर विचार किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुग्ध उत्पादकों के हितों और सहकारिता प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए दुग्ध संकलन, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रसंस्करण, विपणन, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण, मानव संसाधन, डेयरी किसानों पर केंद्रित कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में मध्य प्रदेश एवं गुजरात के सहकारी दुग्ध महासंघों और दुग्ध संघों की संयुक्त सहभागिता का रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में पशुपालन और डेयरी विकास राज्य मंत्री लखन पटेल, प्रबंध संचालक, गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (अमूल), जयेन मेहता, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री राघवेन्द्र सिंह, प्रमुख सचिव पशुपालन एवं डेयरी विभाग गुलशन बामरा, प्रबंध संचालक एम.पी. स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (सांची) डॉ. सतीश कुमार, गुजरात से अध्यक्ष पंचमहल दुग्ध संघ जेठाभाई भारवाड तथा मितेश मेहता, प्रबंध संचालक, पंचमहल दुग्ध संघ उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अमूल तथा पंचमहल दुग्ध संघ की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
दिल और दिमाग़ के अद्भुत समन्वय से सृजित होता है हस्तशिल्प: मंगुभाई पटेल
11 Jan, 2024 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि हस्तशिल्प का सृजन दिल और दिमाग़ के अद्भुत समन्वय का परिणाम होता है। परी बाज़ार में देश भर के उत्कृष्ट कलाकारों के शिल्प के प्रदर्शन का अवसर देना सराहनीय है। उन्होंने नागरिकों का आव्हान किया कि स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन के लिए वोकल हो। पटेल बेगम्स ऑफ भोपाल लेडीज क्लब के तत्वावधान में आयोजित परी बाज़ार के शुभारम्भ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गौहर महल परिसर में परी बाज़ार का शुभारम्भ किया।
राज्यपाल पटेल ने सभी से आग्रह किया कि बाज़ार घूमने के लिए आये तो यहॉ से कुछ ना कुछ ज़रूर ख़रीदे। इससे स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने दस्तकारों, हुनरमंद कारीगरों को मंच देने के भोपाल लेडीज़ क्लब के प्रयासों को सार्थक बताया। पटेल ने भोपाल लेडीज़ क्लब द्वारा भारत के एकमात्र महिला बाज़ार को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आयोजन के लिए परी बाज़ार की पूरी टीम को बधाई दी।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण का कार्य चल रहा है। स्व सहायता समूह की गतिविधियों ने महिलाओं के जीवन में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रदान की है। अब महिलाएँ आर्थिक रूप से स्वतंत्र होकर आगे बढ़ रही है।
राज्यपाल पटेल ने कहा है कि भोपाल शहर गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल रहा है। यह समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परम्पराओं का मिलन स्थल है। सुल्तान जहाँ बेगम ने अनेक लोकहित कार्यों के साथ महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा देने परी बाज़ार की स्थापना की थी। यह उनका अभिनव और अद्वितीय प्रयास था।
राज्यपाल पटेल का कार्यक्रम के प्रारंभ में स्मृति चिन्ह और खादी के परिधान भेंट कर अभिनंदन किया गया। उन्होंने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। पटेल ने कमला पार्क में देशभर से आये कारीगरों के स्टॉल्स का अवलोकन किया। शुभारम्भ कार्यक्रम में स्वागत भाषण चिरायु फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अजय गोयनका ने दिया। नाबार्ड के चेयरमेन सुनील कुमार ने स्थानीय कारीगरों के प्रोत्साहन के लिए नाबार्ड के प्रयासों की जानकारी दी। बेगम्स ऑफ भोपाल लेडीज क्लब की अध्यक्ष सुरक्षा ज़ाहिद ने आभार व्यक्त किया।