बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं के लिए एक बड़ी और बेहद खुशखबरी वाली खबर है। बिलासपुर के हेमूनगर में आयोजित 'सुशासन तिहार' के भव्य जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। सीएम साय ने मंच से एक सिंगल क्लिक के जरिए 'महतारी वंदन योजना' की बहुप्रतीक्षित 28वीं किस्त की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी है।

68 लाख से अधिक महिलाओं को मिला लाभ

इस कल्याणकारी योजना के तहत मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 68 लाख 54 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में कुल 642 करोड़ 27 लाख रुपये से ज्यादा की राशि सीधे भेजी है। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा हमारी सरकार का मुख्य लक्ष्य राज्य की नारी शक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त, मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है। महतारी वंदन योजना इसी संकल्प को पूरा करने की दिशा में उठाया गया एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे महिलाओं को हर महीने बिना किसी परेशानी के सीधे आर्थिक मदद मिल रही है।"

आपके खाते में पैसे आए या नहीं? ऐसे करें घर बैठे चेक

आमतौर पर योजना की किस्त जारी होते ही लाभार्थियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बैंक का मैसेज (SMS) आ जाता है। यदि आपके मोबाइल पर अभी तक मैसेज नहीं आया है, तो आप नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करके ऑनलाइन अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं:

  1. आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: सबसे पहले योजना के ऑफिशियल पोर्टल https://mahtarivandan.cgstate.gov.in/ को ओपन करें।

  2. टैब पर क्लिक करें: होमपेज पर दिए गए 'आवेदन एवं भुगतान स्थिति' वाले विकल्प पर क्लिक करें।

  3. दर्ज करें जानकारी: अब वहां अपना रजिस्ट्रेशन नंबर (पंजीयन संख्या) या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करें।

  4. स्टेटस देखें: स्क्रीन पर आपके भुगतान की पूरी जानकारी खुलकर सामने आ जाएगी।

  • इसके अलावा महिलाएं गूगल प्ले स्टोर से 'महतारी वंदन योजना मोबाइल ऐप' डाउनलोड करके भी अपने अकाउंट का बैलेंस और स्टेटस चेक कर सकती हैं।

30 जून तक करा लें ई-केवाईसी (e-KYC), वरना रुक जाएगी अगली किस्त

सरकार इस योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लाभार्थियों के ई-केवाईसी (e-KYC) अपडेट करने का काम बेहद तेजी से कर रही है। ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के माध्यम से यह प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेश की सभी हितग्राही महिलाओं से भावुक अपील करते हुए कहा है कि जिन बहनों का ई-केवाईसी अभी तक अधूरा है, वे बिना किसी देरी के इसे तुरंत पूरा करवा लें। यदि समय रहते केवाईसी अपडेट नहीं कराया गया, तो भविष्य में मिलने वाली सहायता राशि रुक सकती है।