विदेश
टोक्यो के हानेडा एयरपोर्ट पर दो विमानों की हुई टक्कर, सफलतापूर्वक रेसक्यू किए गए कुछ यात्रियों ने सुनाई आपबीती।
4 Jan, 2024 03:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नए साल के पहले दिन जापान में भूकंप ने जबरदस्त तबाही मचाई तो दूसरे दिन टोक्यो में एक भीषण विमान हादसा हो गया। विमान दुर्घटना की तस्वीर देखकर दुनिया दंग रह गई। मंगलवार को टोक्यो के हानेडा एयरपोर्ट के रनवे पर दो विमान आपस में टकरा गए।
टक्कर के बाद जापान एयरलाइंस के विमान में आग लग गई। पूरी एयरलाइंस एक आग के गोले में तब्दील हो गई। विमान से धुएं का गुबार उठने लगा। जापान एयरलाइंस की उड़ान जेएएल-516 में कुल 379 लोग सवार थे।
यात्रियों ने जान बचाने के लिए विमान से कूदने का फैसला कर लिया और विमान से यात्री इमरजेंसी दरवाजे से बाहर निकलने लगे। दरवाजे से बाहर निकलने के बाद यात्री खुले मैदान में भागने लगे। गनीमत रही कि विमान में सवार सभी 379 यात्री अपनी जान बचाने में कामयाब रहे।
पांच मिनट के भीतर विमान से बाहर आए सभी यात्री
महज पांच मिनट के भीतर ही सभी यात्रियों को विमान से बाहर रेस्क्यू किया गया। विमान में मौजूद क्रू मेंमबर्स की चौकसी ने यात्रियों की जान बचा दी। हालांकि, यात्रियों को अपने सामना विमान में ही छोड़कर कूदना पड़ा।
विमान में शामिल यात्रियों ने सुनाई आपबीती
जापान एयरलाइंस के विमान में सवार 17 वर्षीय स्वीडिश एंटोन डेइबे ने स्वीडिश अखबार आफ्टनब्लाडेट को बताया," कुछ ही मिनटों में पूरा केबिन धुएं से भर गया। हम खुद फर्श पर लेट गए, फिर आपातकालीन दरवाजे खोले गए और हम बाहर कूद गए।"
विमान में मौजूद 17 वर्षीय यात्री स्वेड एंटोन डेइबे ने कहा,"टक्कर के बाद विमान में अफरा-तफरी मच गई। केबिन के अंदर हर तरफ धुआं फैल गया। आग लगने के बाद हम फर्श पर लेट गए और तुरंत इमरजेंसी दरवाजा खोला गया। विमान से बाहर आने के बाद हम भागने लगे। हालांकि, हमें यह पता नहीं था की हम कहां जा रहे हैं।"
59 वर्षीय यात्री सातोशी यामाके ने जानकारी देते हुए बताया,"मुझे लगा कि शुरुआती टक्कर में हवाई जहाज एक तरफ झुक गया था।" वहीं, एक महिला यात्री ने कहा,"मैं ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगा कि मैं बच नहीं पाऊंगी।"
यात्री श्री यामाके ने कहा,"इतनी अफरातफरी की वजह से सभी को बाहर निकलने में लगभग पांच मिनट लग गए। उन्होंने कहा, "मैंने देखा कि आग ने करीब 10, 15 मिनट में पूरे विमान में फैल गई थी।"
वहीं एक अन्य यात्री ने बताया," हम केवल यह कह सकते हैं कि यह एक चमत्कार था, हम मर सकते थे"।
जापानी तटरक्षक विमान में मौजूद पांच लोगों की हुई मौत
हालांकि, दुर्घटना में शामिल दूसरा विमान जापानी तटरक्षक विमान था। इस विमान में सवार 6 क्रू मेंमबर्स में से पांच की मौत हो गई। कोस्ट गार्ड का विमान भूकंप प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री पहुंचाने जा रहा था। कई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जापान कोस्ट गार्ड के विमान ने यात्री विमान को टक्कर मार दी थी।
टेक्स्ट बुक 90 इवेक्वेशन ट्रेनिंग ने बचाई यात्रियों की जान
कुछ मिनटों में 379 यात्रियों को बाहर निकालने के लिए विमान के क्रू मेंबर्स ने जो सूझबूझ और चतुराई दिखाई उसकी काफी चर्चा हो रही है। सभी यात्रियों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू करना कोई किस्मत की बात नहीं थी बल्कि क्रू मेंमबर्स को मिली टेक्स्ट बुक 90 इवेक्वेशन की ट्रेनिंग थी।
विमान सुरक्षा के जानकार और यूके के क्रैनफील्ड विश्वविद्यालय में सुरक्षा और दुर्घटना जांच के प्रोफेसर ग्राहम ब्रेथवेट ने बताया कि आमतौर पर विमान को इस तरह से डिजाइन किया जाता है कि आपात कालीन स्थिति में पूरे विमान को 90 सेकंड में खाली किया जा सके।
जेएएल के एक पूर्व फ्लाइट अटेंडेंट ने बीबीसी को बताया कि क्रू मेंमबर्स को कमर्शियल फ्लाइट्स में सर्विस की इजाजत देने से पहले उन्हें तीन सप्ताह तक कठोर ट्रेनिंग से गुजरनी पड़ती है। इस दौरान क्रू मेंमबर्स की लिखित परीक्षा और टेक्स्ट बुक 90 इवेक्वेशन प्रोसेस की ट्रेनिंग दी जाती है।
श्रीलंका में चीन के जासूसी जहाजों को एंट्री नहीं
4 Jan, 2024 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलम्बो। भारत ने हिंद महासागर क्षेत्र में बड़ी कूटनीतिक जीत हासिल की है। श्रीलंका ने चीन के जासूसी जहाजों की एंट्री पर एक साल के लिए रोक लगा दी है। चीन का जासूसी जहाज शियांग सेंग हॉन्ग 3 इस महीने के अंत में श्रीलंका के हंबनटोटा बंदरगाह में आने वाला था।
पिछले दो साल के दौरान चीन के दो बड़े जासूसी जहाजों ने श्रीलंका के हंबनटोटा और कोलंबो बंदरगाहों पर लंगर डाला था। कोलंबो के डिफेंस स्टाफ कॉलेज के अटॉर्नी इंदिका परेरा का कहना है कि चीन के जासूसी जहाजों की श्रीलंका में आवाजाही और लंगर डालने के बारे में भारत कई बार विरोध दर्ज करा चुका है। अमेरिका ने भी श्रीलंका को चेताया था। परेरा के अनुसार श्रीलंका ने भारत और अमेरिका की तरफ से कड़ी आपत्ति दर्ज कराने के बाद चीन के जहाजों पर रोक का कदम उठाया है।
जहाज हिंद महासागर क्षेत्र की मैपिंग करते हैं
चीन के जासूसी जहाज हिंद महासागर की मैपिंग के लिए श्रीलंका में लंगर डालते हैं। श्रीलंका के दक्षिण में हिंद महासागर के अथाह विस्तार में पेट्रोलियम, गैस और मिनरल के भंडार हैं। चीन इनका डेटा जमा करता है। जहाजों से डेटा सैटेलाइट के जरिए चीन पहुंचता है। वहां से डेटा को प्रोसेस करके नेवी को दिया जाता है।
समुद्र में पहुंच बढ़ाने का चीन का बड़ा गेम प्लान
चीन का पूर्वी क्षेत्र प्रशांत महासागर में खुलता है। शेष चीन का 70 प्रतिशत हिस्सा लैंड लॉक है। हिंद महासागर के व्यापारिक और सामरिक क्षेत्र में चीन का गेम प्लान श्रीलंका और पाकिस्तान के ग्वादर के जरिए समुद्र में पहुंच बढ़ाना है। 2023 में चीन के 25 जासूसी शिप ने हिंद महासागर में लंगर डाले थे।
16 साल की लडक़ी से वर्चुअल गैंगरेप
4 Jan, 2024 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लंदन। ब्रिटेन में पहली बार एक 16 साल की लडक़ी से मेटावर्स में रेप का मामला सामने आया है। ब्रिटिश पुलिस के मुताबिक,पीडि़ता का आरोप है कि एक वर्चुअल रिएलिटी गेम में कुछ अनजान लोगों ने उसके अवतार के साथ गैंगरेप किया। इस दौरान उसे शारीरिक तौर पर तो कुछ नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक उसके दिमाग पर रेप पीडि़ता जितना ही गहर असर पड़ा है। पीडि़ता ने वर्चुअल रिएलिटी हेडसेट पहन रखे थे। मेटावर्स में रेप के बाद ये पहला मामला है, जिसमें पुलिस जांच कर रही है।
जापान में अब लैंडस्लाइड का खतरा
4 Jan, 2024 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
टाकियो। जापान में 1 जनवरी को आए 7.6 तीव्रता के भूकंप के बाद अब भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। जापान के मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि भूकंप से कई सडक़ें, इमारतें तबाह हुई हैं। ऐसे में बारिश से मलबा निचले इलाकों में बह सकता है। जिससे लैंडस्लाइड हो सकती है। इशिकावा में नए साल के पहले दिन आए भूकंप के बाद सुनामी आ गई थी। वाजिमा शहर में करीब 4 फीट ऊंची (1.2 मीटर) लहरें उठीं थीं। हालांकि 1 जनवरी की शाम को सरकार ने सुनामी की हाईएस्ट वॉर्निंग वापस ले ली थी। वहीं, भूकंप से अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है।
ईरान में 2 धमाके, 81 लोगों की मौत, 171 घायल
4 Jan, 2024 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेहरान । ईरान के केरमन शहर में बुधवार को दो धमाकों में 81 लोग मारे गए। 171 घायल हुए हैं। यह धमाके रिवोल्यूशनरी गाड्र्स (ईरान की सेना) के पूर्व जनरल कासिम सुलेमानी के मकबरे पर हुए। पुलिस ने कहा- यह फिदायीन हमला था। इसकी जांच की जा रही है।
बुधवार को कासिम सुलेमानी की मौत की चौथी बरसी थी। दरअसल, 3 जनवरी 2020 को बगदाद हवाई अड्डे पर अमेरिकी हवाई हमले में शीर्ष ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की मौत हो गई थी। इसी लिए बुधवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान एक के बाद एक दो बड़े धमाके हुए।
हर तरफ चीख-पुकार मच गई
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, पहला धमाका साहेब अल-जमान मस्जिद के पास हुआ। इसके थोड़ी देर बाद ही दूसरा विस्फोट भी हुआ। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटनास्थल पर धुएं का अंबार देखा गया। थोड़ी ही देर में इलाका मृतकों और घायलों से पट गया। हर तरफ चीख-पुकार मच गई। यह वही जगह है, जहां कासिम सुलेमानी को दफनाया गया था।
भगदड़ में भी कई लोग घायल हुए
दावा किया गया कि कासिम सोलेमानी की कब्र के पास धमाके हुए। हालांकि, विस्फोट के कारण के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। विस्फोटों के बाद मची भगदड़ में भी कई लोग घायल हुए हैं। बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस साल दिल्ली को मिलेगा एक और म्यूजियम
3 Jan, 2024 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । अमेरिका से भारत वापस लाए गए 300 से अधिक पुरावशेष जल्द ही जनता पुराना किला में देख सकेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर पिछले साल अमेरिका ने अलग अलग हिस्सों में इन्हें भारत को सौंप दिया था। इन पुरावशेष में अधिकतर मूर्तियां हैं।इन ऐतिहासिक मूर्तियों को पुराने किले में रखा जाएगा जिसकी तैयारियां की जा रही हैं।अप्रैल तक यहां म्यूजियम शुरू कर देने की भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) की योजना है। पुराना किला में पहले से भी इसी तरह का एक म्यूजियम है। जहां विदेश से वापस लाईं गई कई मूर्तियों को रखा गया है। पुराना किला की बात करें तो यह किला भी अपने आप में एक इतिहास है। दिल्ली का यह पहला किला है जिसका मुगलों से बहुत पहले का लंबा इतिहास है और यह बात हवा हवाई में नहीं की जा रही है, इसके पूरे प्रमाण हैं। पुराना किला के टीले पर कभी बने महल से पांडवों ने अपनी राजधानी चलाई है। धार्मिक ग्रंस्थों के अनुसार यह वही स्थान है जहां पांडवों की राजधानी थी। इस समय को पांच हजार साल पुराना माना जा रहा है। इसी से संबंधित साक्ष्य जुटाने के लिए पुराना किला में 1955 से अब तक छह बार खोदाई हुई है। आजादी के बाद से लेकर अभी तक छह बार इसके इतिहास को लेकर साक्ष्य जुटाने के लिए खोदाई हुई है।अभी तक करीब 3100 साल पहले से यहां बसावट के प्रमाण मिल चुके हैं। अमेरिका से लाई गईं मूर्तियों की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर न्यूयार्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास को कुछ साल पहले अमेरिकी अधिकारियों ने जो मूर्तियां लौटाई थीं, वे भारत आ चुकी हैं और पुराना किला में पहुंचा दी गई हैं। बहुत सी कलाकृतियां 11वीं शताब्दी से 14वीं शताब्दी की अवधि के बीच की हैं। कुछ पुरावशेष 2000 ईसा पूर्व के हैं। टेराकोटा का एक फूलदान दूसरी शताब्दी का है। करीब 45 पुरावशेषष ईसा पूर्व दौर के हैं। कांस्य संग्रह में मुख्य रूप से लक्ष्मी नारायण, बुद्ध, विष्णु, शिव पार्वती और 24 जैन तीर्थंकरों की प्रसिद्ध मुद्राओं की अलंकृत मूर्तियां हैं। देवताओं के अलावा कंकलामूर्ति, ब्राह्मी और नंदीकेश की भी मूर्तियां हैं।इन कलाकृतियों में तीन सिर वाले ब्रह्मा, रथ पर आरूढ़ सूर्य, शिव की दक्षिणामूर्ति, नृत्य करते गणेश की प्रतिमा भी है।इसी तरह खड़े बुद्ध, बोधिसत्व मजूश्री, तारा की मूर्तियां हैं। जैन धर्म की मूर्तियों में जैन तीर्थंकर, पद्मासन तीर्थंकर, जैन चौबिसी के साथ अनाकार युगल और ढोल बजाने वाली महिला की मूर्ति शामिल हैं।
देश में पिछले पांच दशक में सबसे ज्यादा बरोजगारी: प्रियंका कक्कड़
3 Jan, 2024 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने रोजगार और बेरोजगारी के स्तर को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल में देश में बेरोजगारी दर पिछले पांच दशक में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयानों और बेरोजगारी के स्तर को लेकर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर यह दावा किया है। मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने झारखंड में पीएम मोदी की 2014 में एक जनसभा में दिए भाषण को लेकर कहा कि उस समय उन्होंने झारखंड की महिलाओं की दुर्दशा, युवाओं में व्याप्त बेरोजगारी और उनकी महानगरों में स्थिति का जिक्र करते हुए चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि बीजेपी की सरकार बनी तो वो झारखंड में ही रोजगार के अवसर पैदा करेंगे। ताकि यहां की महिलाओं व अकुशल श्रमिकों को दूसरे शहरों जाकर रहने के की जलालत न झेलनी पड़े। प्रिंयका कक्कड़ ने मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल के दौरान स्थिति सुधरने के बजाय और ज्यादा खराब हुए हैं। उन्होंने कहा कि 2023 में दिल्ली में टैक्सी ड्राइवर, पनवारी की दुकान या घर में वर्तन मांजने वाली माताओं और बहने आज भी राजधानी से बाहर के ही हैं। मोदी सरकार ने साल 2014 में मेक इन इंडिया योजना की शुरुआत की थी। इस योजना पर 450 करोड़ का खर्च भी किया। इसके पीछे मोदी सरकार ने दो मकसद तय किए थे। पहला साल 2022 तक मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर का जीडीपी में योगदान 25 प्रतिशत तक पहुंचाना। 10 करोड़ जॉब्स पैदा करना। प्रियंका कक्कड़ ने सवाल उठाते हुए पूछा कि साल 2014 में मैन्यूपफक्चरिंग सेक्टर का जीडीपी में 17 फीसदी योगदान था। साल 2019 में घटकर 13.6 प्रतिशत हो गया। साल 2022 में यह और घटकर 13.32 प्रतिशत रह गया। यह दिखाता है कि हमारे देश में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर भारी संकट में है। उन्होंने कहा कि मोदी राज में जितना योगदान मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का जीडीपी में योगदान है, उतना योगदान तो 1970 में भी था। साफ है कि मोदी सरकार के कार्यकल में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का योगदान पिछले पांच दशक में सबसे कम है।
संपर्क में रहने की अवधि बढ़ा सकती कोविड संक्रमण की संभावना को
3 Jan, 2024 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लंदन । एक्सपोज़र के बाद सार्स-कोव-2 ट्रांसमिशन की संभावना को समझने के लिए ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने इंग्लैंड और वेल्स में 70 लाख संपर्कों के साथ एनएचएस कोविड ऐप के डेटा का उपयोग किया। ताजा अध्ययन से पता चला है कि निकटता से अधिक, कोविड वाले लोगों के संपर्क में रहने की अवधि संक्रमण की संभावना को बढ़ा सकती है।
अधिक दूरी पर लंबे एक्सपोज़र से नजदीकी दूरी पर कम एक्सपोज़र के समान जोखिम है। रिपोर्ट किए गए सकारात्मक परीक्षण से पुष्टि किए गए संचरण की संभावना शुरू में एक्सपोज़र की अवधि (1.1 प्रतिशत प्रति घंटा) के साथ रैखिक रूप से बढ़ी और कई दिनों तक बढ़ती रही। हालांकि अधिकांश संपर्क कम अवधि के थे, ट्रांसमिशन आमतौर पर एक घंटे से लेकर कई दिनों तक चलने वाले एक्सपोज़र के परिणामस्वरूप हुआ था।
संपर्कों में परिवारों का योगदान लगभग 6 प्रतिशत था, पर प्रसारण में हिस्सेदारी 40 प्रतिशत थी। ऑक्सफोर्ड के मेडिसिन विभाग के लुका फेरेटी ने कहा, “पर्याप्त तैयारी के साथ, डिजिटल संपर्क अनुरेखण के आधार पर सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों को सूचित करने वाले जोखिम के गोपनीयता-संरक्षण वाले सटीक विश्लेषण, एक नए रोगज़नक़ के उभरने के कुछ सप्ताह के भीतर किए जा सकते हैं।” अध्ययन में अप्रैल 2021 और फरवरी 2022 के बीच ऐप से 70 लाख कोविड संपर्कों का विश्लेषण किया गया, जिसमें 2.3 करोड़ घंटे का एक्सपोज़र और 2,40,000 सकारात्मक परीक्षण शामिल थे।
आतंकवादियों ने छह नाईयों का अपहरण कर हत्या की
3 Jan, 2024 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पेशावर । पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में अज्ञात आतंकवादियों ने छह नाईयों का अपहरण कर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना अफगानिस्तान की सीमा से लगे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मीर अली इलाके में हुई। पुलिस ने कहा कि पीड़ित पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के थे।
स्थानीय बाजार में नाई की दुकानें चलाते थे। उन्होंने कहा कि उनका एक दिन पहले अपहरण कर लिया गया और उनके शव मंगलवार को बरामद किए गए। हालांकि, किसी ने तुरंत हत्याओं की जिम्मेदारी नहीं ली।
छह नाइयों की गोली मारकर हत्या करने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। उत्तरी वजीरिस्तान की ताजा घटना तब हुई जब उसी प्रांत में अज्ञात आतंकवादियों ने पांच मजदूरों की हत्या कर दी, जब वे अपने तंबू में थे। यह वीभत्स कृत्य उस समय में हुआ है, जब प्रांत बढ़ते आतंकवाद के कारण बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति से जूझ रहा है। आतंकवादी कृत्यों में वृद्धि विशेष रूप से पूर्व आदिवासी क्षेत्र में बढ़ रही हैं, जिसमें सेना और पुलिस पर हमलों के साथ-साथ लक्षित हत्याएं भी शामिल हैं। हालांकि, बन्नू और डेरा इस्माइल खान के आसपास का क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ है।
रनवे पर दो विमानों की टक्कर, पांच की मौत
3 Jan, 2024 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
टोक्यो । टोक्यो के हनेडा हवाई अड्डे पर तटरक्षक विमान के साथ संभावित टक्कर के बाद जापान एयरलाइंस के एक विमान में आग लग गई। एयरलाइन ने कहा कि सभी 379 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया है। तटरक्षक विमान के चालक दल के छह सदस्यों में पांच की मौत हो गई है। हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने बताया कि घटना के बाद हनेडा ने सभी रनवे बंद कर दिए हैं।
जापान टाइम्स के मुताबिक, तटरक्षक विमान सोमवार को मध्य जापान में आए 7.6 तीव्रता के भूकंप से प्रभावित क्षेत्र की मदद के लिए आपूर्ति ले जाने के मिशन पर था। एनएचके के फुटेज में विमान के इंजन क्षेत्र के पास से आग की लपटें निकलती दिख रही हैं और दमकलकर्मी आग पर काबू पा रहे हैं। दमकल की करीब 70 गाडिय़ों को भेजा गया। लेकिन, शाम साढ़े छह बजे (स्थानीय समय) तक विमान लगभग पूरी तरह आग की लपटों में घिर चुका था। हनेडा के सभी रनवे शाम करीब छह बजे बंद कर दिए गए। कुछ उड़ानों को चिबा प्रांत के नरिता हवाई अड्डे की ओर मोड़ा जा रहा है।
मामले की जांच कर रहा परिवहन मंत्रालय
देश की समाचार एजेंसी क्योदो न्यूज के मुताबिक, जापान एयरलाइंस ने बताया कि यात्री विमान या तो रनवे पर दूसरे विमान से टकरा गया या उतरने के बाद टैक्सीवे से टकरा गया। भूमि, बुनियादी ढांचा, परिवहन और पर्यटन मंत्रालय ने कहा कि वह मामले की जांच कर रहा है।
जापान के भूकंप में अब तक 48 की मौत
3 Jan, 2024 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
टोक्यो । जापान के इशिकावा में नए साल के दिन 7.6 की तीव्रता का भूकंप आया। जापान टुडे के मुताबिक इससे अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है, वहां 140 आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं। इनकी तीव्रता 3.4 से 4.6 के बीच रही है।
इशिकावा में 200 इमारतें जलकर खाक हो चुकी हैं। 32,500 घरों में बिजली नहीं है। यहां एक और भूकंप की चेतावनी जारी की गई है। जापान में भूकंप के बाद कई ट्रेन, फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं। नोटो इलाके में सबसे ज्यादा तबाही मची है। यहां एयरपोर्ट के रनवे, टर्मिनल और एक्सेस रोड को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते यहां से सारी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
भूकंप से 1.3 मीटर खिसकी जमीन
भूकंप से जापान के नोटो इलाके की जमीन एपिसेंटर से 1.3 मीटर तक पश्चिम की तरफ खिसक गई है। ये जानकारी जापान की जीएसआई ने दी है। भूकंप प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद करने के लिए जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स के 10 हजार कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। फोर्स को सबसे पहले नोटो इलाके में भेजा जाएगा।
एक लाख लोगों से घर खाली कराए
जापान की सरकार ने एक लाख लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए। इन्हें सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। हालांकि, सुनामी की चेतावनी वापस लिए जाने के बाद काफी लोग अपने घर लौट रहे हैं।
जापान में दो विमानों के बीच हुई टक्कर से एक प्लेन में लगी आग, यात्रियों को निकाला गया सुरक्षित
2 Jan, 2024 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जापान में जोरदार भूकंप के बाद एक बार फिर एक बड़ी अनहोनी की खबर सामने आ रही है। जापान एयरलाइंस के एक विमान के साथ एक तटरक्षक विमान के बीच टक्कर के बाद टोक्यो के हानेडा हवाई अड्डे के रनवे पर आग लग गई। निप्पॉन टीवी ने इसकी जानकारी दी। सार्वजनिक प्रसारणकर्ता एनएचके पर लाइव फुटेज में विमान की खिड़कियों से आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। जापान एयरलाइंस के एक प्रवक्ता ने कहा कि होक्काइडो के शिन-चिटोस हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाला विमान 300 से अधिक यात्रियों को ले जा रहा था।
स्थानीय टीवी वीडियो में दिखाया गया कि जापान एयरलाइंस का एक विमान जब रनवे पर चढ़ रहा था तो उसमें से बड़ी मात्रा में आग निकली। इसके बाद विंग के आसपास के क्षेत्र में आग लग गई।
विमान में आग लगने के बाद यात्रियों को निकाला गया सुरक्षित
एयरलाइन ने कहा कि सभी 379 यात्रियों और चालक दल को निकाल लिया गया है। सार्वजनिक प्रसारणकर्ता एनएचके पर लाइव फुटेज में दिखाया गया कि विमान सड़क से नीचे फिसलते ही आग की लपटों में घिर गया और अग्निशमन दल आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे।
जापान में एक दिन में 155 बार हिली धरती, भूकंप से अब तक 24 लोगों की हुई मौत
2 Jan, 2024 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जापान में नए साल के दिन आए शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने मंगलवार तड़के भूकंप के कारण ढही हुई इमारतों के मलबे से शव को बाहर निकाला। समाचार एजेंसी रायटर ने यह जानकारी दी है। मालूम हो कि जापान में नए साल के दिन सोमवार को 7.6 की तीव्रता वाला भूकंप आया, जिसमें कई इमारतें जमींदोज हो गईं।
हजारों घरों की बिजली गुल
वहीं, भूकंप के कारण हजारों घरों की बिजली गुल हो गई और कई तटीय क्षेत्रों के निवासियों को ऊंचे स्थानों पर भागने के लिए मजबूर होना पड़ा। भूकंप के कारण जापान के पश्चिमी समुद्री तट के साथ-साथ पड़ोसी दक्षिण कोरिया में भी एक मीटर से ऊंटी लहरें उठीं।
रनवे में दरार आने से हवाई संचालन बंद
भूकंप के कारण रनवे में दरार आने के बाद एक स्थानीय हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया है। रायटर ने स्थानीय ब्रॉडकास्टर एनटीवी के हवाले से बताया कि इशिकावा प्रान्त के शिका टाउन में एक इमारत ढहने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, क्योडो न्यूज ने प्रीफेक्चुरल क्राइसिस मैनेजमेंट टीम का हवाला देते हुए कहा कि इशिकावा में चार लोगों की मौत हो गई है, जिसमें 50 साल के एक पुरुष और महिला, एक युवा लड़का और 70 साल का एक आदमी शामिल है।
शाम चार बजे के बाद लगे 21 झटके
मालूम हो कि इशिकावा तट और नजदीकी प्रांतों में शाम चार बजे के बाद चार से अधिक की तीव्रता वाले 21 झटके लगे। इनमें से एक की तीव्रता 7.6 रही। भूकंप के बाद सुनामी की एक मीटर तक ऊंची लहरें उठ रही हैं। प्रभावित क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। वहीं,
अगले तीन दिनों में आ सकते हैं बड़े भूकंप
जापानी सार्वजनिक प्रसारक एनएचके टीवी ने चेतावनी दी कि सुनामी की लहरें पांच मीटर ऊंचाई (16.5 फीट) तक पहुंच सकती हैं। लोग जितनी जल्दी हो सके ऊंचे स्थानों या इमारतों में शरण ले लें। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी का कहना है कि अगले दो या तीन दिनों में इस क्षेत्र में और बड़े भूकंप आ सकते हैं।
97 हजार लोगों को सुरक्षित पर जाने की दी गई सलाह
जानकारी के मुताबिक, 1 दिन में 155 बार भूकंप महसूस किए गए, जिसमें 7.6 की तीव्रता वाला भूकंप सबसे खतरनाक साबित हुआ। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने मुताबिक, भूकंप की वजह से लगभग 33,000 घरों में बिजली नहीं है और प्रमुख राजमार्गों सहित देश भर में कई महत्वपूर्ण मार्ग बंद हैं। होंशू द्वीप के पश्चिमी तट पर नौ प्रान्तों में रह रहे 97 हजार लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है।
अमेरिका के लॉस एंजिल्स में न्यू ईयर पार्टी में हुई फायरिंग, तीन लोगों की मौत
2 Jan, 2024 11:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नए साल का आगाज होते ही अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। लॉस एंजिल्स में अलग-अलग क्षेत्रों में हुई गोलीबारी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है।
न्यू ईयर पार्टी के दौरान गोलीबारी
अधिकारियों ने बताया कि लॉस एंजिल्स शहर के एक व्यावसायिक इलाके में न्यू ईयर पार्टी चल रही थी। पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात करीब एक बजे गोलीबारी की आवाजें सुनाई दी थी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को भागते हुए देखा। इस दौरान कई लोग घायल अवस्था में सड़क पर ही पड़े मिले।
महिला और व्यक्ति की हुई गोलीबारी में मौत
पुलिस ने बताया कि एक पुरुष और महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने शुरुआत में बताया था कि तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि, बाद में आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि यह गोलीबारी एक पार्टी में विवाद के कारण हुई। फिलहाल किसी भी संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
हॉथोर्न में एक महिला की हुई मौत
इस बीच, लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग ने बताया कि एक अन्य गोलीबारी की घटना हॉथोर्न शहर में सामने आई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। बता दें कि पीड़ितों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और तीन अन्य की हालत स्थिर है।
दक्षिण कोरिया के विपक्षी नेता ली जे-म्युंग पर हमलावर ने चाकू से गर्दन पर किया वार, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
2 Jan, 2024 11:23 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दक्षिण कोरिया के विपक्षी नेता ली जे-म्युंग पर मंगलवार को दक्षिणपूर्वी शहर बुसान की यात्रा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बुसान के आपातकालीन अधिकारियों ने कहा कि ली पर उस समय हमला किया गया, जब वह शहर में एक नए हवाई अड्डे के निर्माण स्थल का दौरा कर रहे थे।
अधिकारियों की ओर से कहा गया कि मुख्य विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रमुख ली होश में हैं लेकिन उनकी सटीक स्थिति क्या है। इसकी अभी जानकारी नहीं है। दक्षिण कोरियाई मीडिया ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा कि व्यक्ति ने ली की गर्दन को घायल करने के लिए चाकू जैसे हथियार का इस्तेमाल किया। ली 2022 का राष्ट्रपति चुनाव राष्ट्रपति यूं सुक येओल से मामूली अंतर से हार गए थे।
गंभीर हालत में ली को ले जाया गया अस्पताल
पार्टी के एक अधिकारी और अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ली को गंभीर हालत में स्थानीय विश्वविद्यालय अस्पताल ले जाया गया है। न्यूज एजेंसी योनहैप के मुताबिक, हमलावर की उम्र 50 से 60 साल के बीच थी। योनहैप ने कहा कि ली पर एक प्रस्तावित हवाईअड्डे की साइट का दौरा करते समय एक अज्ञात व्यक्ति ने हमला किया था। रिपोर्ट के अनुसार, हमले में उनकी गर्दन पर लगभग 1 सेमी की चोट आई है। योनहैप के मुताबिक, जिस अज्ञात हमलावर ने ली पर हमला किया था, उसने उनके नाम का कागज का मुकुट पहना था। बताया जा रहा है कि हमलावर ऑटोग्राफ मांगने के लिए ली के पास आया, फिर अचानक आगे बढ़ा और ताबड़तोड़ चाकू से उनपर हमला कर दिया।
योनहैप ने कहा कि तुरंत एक्शन दिखाते हुए हमलावर को घटनास्थल पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। वाईटीएन टेलीविजन पर और एक्स पर पोस्ट किए गए एक अन्य वीडियो क्लिप में एक शख्स को ली पर हमला करते हुए देखा गया। इस हमले के बाद विपक्षी नेता जमीन पर गिर पड़े। सामने आई तस्वीरों में ली आखें बंद किए जमीन पर लेटे हुए देखे जा रहे हैं। वहीं, उनके साथ मौजूद लोग उनकी गर्दन को रूमाल से साफ करते हुए दिख रहे हैं। ली तो घायल हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने हमले की निंदा की
विपक्षी नेता ली पर हुए हमले की राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने निंदा की है। राष्ट्रपति ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह एक अस्वीकार्य कृत्य है। राष्ट्रपति कार्यालय ने ली के लिए गहरी चिंता व्यक्त की और सर्वोत्तम देखभाल करने का निर्देश दिया है, ताकि वह शीघ्र स्वस्थ हो सकें।
विपक्षी नेता पर रिश्वतखोरी का चल रहा मुकदमा
बता दें कि, ली जब पर इस समय एक विकास परियोजना के लिए कथित रिश्वतखोरी का मुकदमा चल रहा है। यह मामला उस समय का है, जब वह सियोल के निकट सेओंगनाम के मेयर थे। ली ने आरोपों को "काल्पनिक" और "राजनीतिक साजिश" बताते हुए किसी भी गलत काम से इनकार किया था। ली ने अगस्त 2022 से मुख्य विपक्षी दल का नेतृत्व किया है। दक्षिण कोरिया के अगले संसदीय चुनाव अप्रैल में होने हैं। हालांकि, बंदूक रखने पर सख्त प्रतिबंध है। दक्षिण कोरिया में अन्य हथियारों से जुड़ी राजनीतिक हिंसा का इतिहास रहा है।
ली के पूर्ववर्ती सोंग यंग-गिल पर 2022 में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में एक हमलावर ने हमला किया था। उस समय हमलावर ने उनके सिर पर एक कुंद वस्तु घुमा दी थी, जिससे उनके सिर पर घाव हो गया था। वहीं, तत्कालीन रूढ़िवादी विपक्षी दल की नेता पार्क ग्यून-हे पर भी 2006 में एक कार्यक्रम में चाकू से हमला किया गया था। जिससे उनके चेहरे पर घाव हो गया था। बाद में उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी। पार्क ग्यून-हे राष्ट्रपति भी रह चुकी हैं।